Rajasthan Crime News : शादी से पहले बैंक मैनेजर ने बैंक में कराई 1 करोड़ 13 लाख की डकैती

Rajasthan Crime News : बैंक मैनेजर सुशील कुमार की 10 नवंबर को शादी होनी थी. कार उस ने खरीद  ली थी. लोन ले कर आलीशान मकान भी बनवा लिया था. वह शानोशौकत से शादी करना चाहता था. इस के लिए उस ने अपने ममेरे भाई नितेश, उस के 2 दोस्तों सतपाल व सुखविंद्र के साथ मिल कर साजिश रची और अपने ही बैंक में 1 करोड़ 13 लाख की डकैती करा दी, लेकिन…

‘हैं डसअप’. मुख्य गेट का शटर डाल कर अंदर घुसे तीनों युवकों ने बैंक भवन के अंदर मेज पर रखी रखी फाइलों में उलझे बैंक प्रबंधक सुशील कुमार व केशिय परमपाल सिंह को हथियारों की नोक पर लेते हुए कर्कश आवाज में कहा था. आगंतुकों के चेहरे के हावभाव व आंखों से उगलती आग दर्शा रही थी कि विरोध करने पर वे किसी भी हद तक जा सकते थे. अचानक आई आफत को देख दोनों बैंककर्मियों की घिग्घी बंध गई. हाथों में हथियार व 2 युवकों के कंधे पर लटकते पिट्ठू बैग देख उन को आभास हो गया था कि वे लोग बैंक लूटने आए हैं. दो पगड़ीधारी युवकों के हाथों में पिस्टल व तीसरे के हाथ में लंबे फल वाला का चाकू था.

दोनों बैंककर्मियों ने कोई प्रतिरोध न कर के आत्मसमर्पण कर दिया. तीनों लुटेरे केशियर व बैंक मैंनेजर को धकिया कर बैंक के स्ट्रांग रूम में ले गए. वहां तीनों ने तिजोरी में रखी 2 हजार, 5 सौ व एक सौ रुपयों की गड्डियां दोनों बैगों में ठूंसठूंस कर भर ली. दोनों बैंक अफसरों के मोबाइल पहले ही छीन लिए गए थे. मैनेजर व कैशियर को स्ट्रांगरूम में बंद कर ताला लगा दिया गया. एक लुटेरे ने मैनेजर की मेज पर रखी कार की चाबी उठा ली थी. स्ट्रांग रूप की चाबी लुटेरों ने स्ट्रांग रूम के सामने ही फेंक दी. नकदी भरे बैग उठाए तीनों युवक फुर्ती से बाहर निकल गए. जाते समय मुख्य गेट का शटर बंद कर तीनों लुटेरे बैंक मैनेजर की बाहर खड़ी गाड़ी आई10 नंबर आरजे 13 सीसी 1283 में भाग निकले.

आधा घंटा बाद स्ट्रौगरूम में बंद मैनेजर व कैशियर कुछ सहज हुए. दोनों ने मिल कर स्ट्रौंगरूम में लगी प्लास्टिक की एक पाइप को उखाड़ा और जैसेतैसे स्ट्रांगरूम से बाहर निकले. लूट की इस बड़ी बारदात को महज 7 मिनट में अंजाम दे दिया गया था. बैंक गार्ड आधा घंटा पहले ही छुट्टी कर घर चला गया था. लूट की यह सनसनीखेज घटना 17 सितंबर, 2020 को राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले की प्रमुख मंडी संगरिया की धान मंडी स्थित एक्सिस बैंक शाख में रात तकरीबन 8 बजे हुई थी. बैंक प्रबंधन की सूचना मिलते ही संगरिया थाना के टीआई इंद्र कुमार ने मौकामुआयना कर अविलंब उच्च अधिकारियों को सूचना प्रेषित कर दी.

बैंक मैनेजर ने हथियारों की नोक पर एक करोड़ 13 लाख रुपए लूट ले जाने के आरोप में 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कर दिया. पुलिस ने मुकदमा आईपीसी 292 व 34 के तहत दर्ज कर लिया. संयोग से सवा करोड़ की लूट की यह वारदात संभवत: मंडी सांगरिया की पहली घटना थी. सूचना मिलते ही बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार जिला पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों को बताया गया कि कई दिनों से बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरा सिस्टम गड़बड़ था. पुलिस जांच में यह तथ्य भले ही परेशानी साबित हो सकता था पर एसपी राशि डोगरा ने कैमरों के गड़बड़झाले को जांच में एक अहम क्लू माना. आईजी प्रफुल्ल कुमार ने इस लूट प्रकरण को जल्दी से ट्रेस आउट करने का आदेश दे दिया.

एसपी राशि डोगरा ने एकएक बिंदु को देखा, परखा जिला मुख्यालय से महज 30 किलोमीटर दूर घटित बैंक लूट की इस घटना को युवा आईपीएस राशि डोगरा ने एक चैलेंज के रूप में लिया. एसपी डोगरा ने एएसपी जस्साराम बोस और स्वयं के सुपरविजन में जिला क्षेत्र के सीओ दिनेश एजोश, सीओ प्रशांत कौशिक, सीओ नारायण सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर इंद्रकुमार, एसआई फूल सिंह और राजाराम व सुरेश के नेतृत्व में दर्जनभर हैड कांस्टेबलों को लगाया. इस के तहत 8 टीमों का गठन कर जांच में लगा दिया गया. साइबर व सीसीटीवी कैमरा एक्सपर्ट भी लगाए गए.

अपराधी कितना भी शातिर हो, अनजाने में कोई न कोई भूल कर घटनास्थल पर कोई न कोई क्लू जरूर छोड़ जाता है. इसी तथ्य को स्वीकारकर राशि डोगरा ने अपने अनुभव इस वारदात को खोलने में लगा दिए. शुरुआती जांच व बैंक के नजदीक स्थित दुकानों पर लगे कैमरों से यह साबित हो गया था कि जाते समय लुटेरे मैनेजर की कार में भागे थे. लेकिन आते समय बैंक तक पैदल ही आए थे. पुलिस की आठो टीम पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश सहित हनुमानगढ़ व श्री गंगानगर जिला क्षेत्र में उतर गई थीं. 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली थे. एक दुकान के बाहर लगे कैमरों में तीनों लुटेरों की कदकाठी नजर आ रही थी पर पगड़ी के पल्लु व कैप लगी होने के कारण तीनों में से एक का भी चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था.

सीसीटीवी कैमरा एक्सपर्ट ने जांच कर खुलासा कर दिया था कि बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में हाल ही में छेड़छाड़ की गई थी. जांचपड़ताल में मिल रहे मामूली क्लू बैंक प्रबंधन के खिलाफ जा रहे थे. पर पुख्ता साक्ष्य के अभाव में पुलिस प्रमुख राशि डोगरा कोई रिस्क नहीं लेना चाहती थीं. बड़ी रकम का मामला था. अन्य प्रदेशों व स्थलों पर गई टीमों के भी हाथ खाली थे. बैंक मैनेजर सुशील व कैशियर परमपाल सिंह से अलगअलग व संयुक्त रूप से कई दौर में पूछताछ की गई पर नतीजा शून्य रहा. दूसरे दिन मैनेजर सुशील की कार संगरिया से 30 किलोमीटर दूर हरियाणा के डबवाली शहर में लावारिस हालात में मिल गई.

पूछताछ में पता चला कि 2 दिन पहले कार की जगह एक मोटर साइकिल कई घंटे खड़ी रही थी. राशि डोगरा की नजर में बैंक मैनेजर सुशील कुमार चढ़ चुका था. उन्होंने सुशील की जन्म कुंडली खंगालना शुरू कर दी. उन्हें बताया गया कि सुशील को कुछ अरसा पहले ही बैंक परीक्षा पास करने पर मैनेजर की नौकरी मिली थी. इसी 10 नवंबर को सुशील की शादी होनी थी. उन का रिहायशी आलीशान बंगला बिना कर्ज लिए बनना मुश्किल था. सुशील की ननिहाल पंजाब के जनखुआ (राजपुरा) में है. एसपी डोगरा ने संगरिया के तेजतर्रार सर्किल इंस्पेक्टर इंद्रकुमार को टीम के साथ जनसुआ भेज दिया. हाईकमान के आदेशानुसार 4 सदस्यीय टीम ने यूनिफार्म की जगह ग्रामीणों के वेश धर लिए.

खुद इंद्रकुमार ने शरीर पर सफेद कुरता और व लुंगी पहना. पैरों में चमड़े की जूती व सिर पर चैकदार साफा. सीआई ने टीम के साथ सुशील के ननिहाल में रैकी शुरू कर दी थी. वहीं 3 अन्य पुलिसकर्मी शराब ठेकों व बाजार की रैकी में लग गए थे. इस पुलिस टीम का टारगेट था एक्सिस बैंक संगरिया के नजदीक सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हुए लुटेरों की चालढाल व कदकाठी वाले युवकों की तलाशना. टीम ने 2 लोगों की कदकाठी व चाल को पहचान लिया. एक तो सुशील के नाना के घर आजा रहा था. दूसरे को शराब ठेके पर शराब की महंगी बोतल खरीदते समय पहचाना गया. सीओ इंद्रकुमार ने डेली रिपोर्ट के रूप में इस प्रोगेस को एसपी राशि डोगरा से साझा किया. एसपी के आदेश पर इंद्रकुमार की टीम संगरिया लौट आई.

टीम की मेहनत रंग लाई इंद्रकुमार की टीम ने दोनों संदिग्धों के चोरीछिपे विडियो मोबाइल कैमरे में कैद कर लिए थे. कैमरों व वीडियो में कैद फोटोज लुटेरों से मिल रहे थे. शक की गुंजाइश नहीं थी. बैंक मैनेजर वारदात के बाद से लगातार ड्यूटी पर आ रहा था. 21 अक्तूबर को पुलिस ने अपराधियों को एक साथ उठाने का निर्णय लिया. सब से पहले जांच अधिकारी इंद्रकुमार ने मैनेजर सुशील को पूछताछ के बहाने पुलिस थाने बुलाया. एक मुस्तैद सिपाही जो डंडा लिए था की तरफ इशारा करते हुए सीओ ने कहा, ‘मैनेजर साहब, आप  बिना लागलपेटे सारा कुछ सचसच उगल दो. वरना इन डंडे वालों को संभालना मुश्किल हो जाएगा.’’

‘‘सर, मैं सब कुछ सचसच बता दूंगा,’’ सुशील ने कहा.

बिना लागलपेट सुशील कुमार ने बयां किया, ‘‘बैंक परीक्षा पास करने के बाद मुझे बैंक में नौकरी मिल गई थी. मैं ने कर्जा उठा कर भव्य मकान बनवा लिया. अब 10 नवंबर को मेरी शादी होनी थी. शानोशौकत की चाह भावी दांपत्य जीवन को मनमोहक बना देती है. इसी इच्छा के चलते बैंक की तिजौरी में रखी नोटों की गड्डियों ने मेरा इमान डोला दिया. मैं ने अपने ममेरे भाई नितेश को बुला कर उस से गुफ्तगू की. मेरी रजामंदी के चलते नितेश ने अपने 2 दोस्तों सतपाल व सुखविंद्र को शामिल कर लिया. कुछ दिन पहले नितेश अपने दोस्तों के साथ बैंक आया था. तीनों ने गहनता से बैंक भवन व आसपास का जायाजा लिया था.

वारदात के दिन तीनों दोस्त मोटरसाइकिल से डबवाली पहुंचे. डबवाली के बाजार से एक काली व एक रंगीन पगड़ी खरीदी गई. पिट्ठू बैग भी यहीं से खरीदे गए थे. दो जनों ने पगड़ी इसलिए बांधी कि पुलिस भ्रमित हो जाए. मोटरसाइकिल डबवाली में रोड़ पर खड़ी कर तीनों बस से 6 बजे शाम संगरिया पहुंच गए थे. निर्धारित प्रोग्राम के मुताबिक गार्ड को छुट्टी दे दी गई थी. बैंक में लगे कैमरे कई दिन पहले ही डिस्टर्ब कर दिए थे. दोनों बैंककर्मियों को स्टं्रागरूम में बंद कर चाबी वहीं डाल दी गई थी ताकि स्ट्रांगरूम का दरवाजा तोड़ने की नौबत न आ जाए. मैनेजर की कार प्लानिंग के अनुसार ली गई थी. तीनों सहयोगियों की पहचान भी सुशील ने जाहिर कर दी थी.

सुशील के बताए अनुसार तीनों लोग उसी दिन नकदी के साथ कुल्लू-मनाली पहुंच गए. तीनों ने वहां महंगे होटलों व शराबखोरी में दोतीन दिनों में 3 लाख रुपए उड़ा दिए. पुलिस सांगरिया में साजिशकर्ता सुशील निवासी भूना जिला फतेहाबाद से पूछताछ कर रही थी. वहीं 2 टीमें जनसुआ तहसील राजपुरा में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी थीं. जनसुआ से पुलिस ने सुशील के ममेरे भाई नितेश जो 8वीं तक पढ़ा और अविवाहित है, अंबाला का सुखविंद्र एमए तक शिक्षित व 2 बेटों का पिता है. सतपाल 5वीं तक पढ़ा था, वह जनसुआ में हैयर ड्रैसिंग का काम करता था, गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने चारों से अलगअलग व आमनेसामने बिठा कर पूछताछ शुरू की.

पर चारों रिकवरी के बिंदु पर पुलिस को गच्चा देते रहे. जांच अधिकारी इंद्रकुमार ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया. दोबारा पूछताछ में चारों ने अपने घरों में छिपा कर रखी एक करोड़ 5 लाख रुपयों की बरामदगी करवा दी थी. अदालत में दोबारा पेश करने पर अदालत ने तीनों को जेल भिजवा दिया. मुख्य साजिशकर्ता सुशील को पुलिस ने रिकवरी के लिए दोबारा 2 दिनों के रिमांड पर ले लिया था. इस अवधि में सुशील ने अपने घर से 5 लाख रुपए और बरामद करवाए. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, कार व अन्य साक्ष्य जुटा लिए. आईजी बीकानेर ने एसपी साहित अन्य अधकारियों की दिल खोल कर हौसलाअफजाई की. एसपी राशि डोगरा ने सीआई इंद्रकुमार की विशेष सराहना की.

चारों आरोपियों ने रूपयों की खनकदमक के आगे पहली बार अपराध किया था ताकि उन का व उन के परिवार का भविष्य संवर जाए. पर हकीकत में चारों ने न केवल खुद को बल्कि परिवार को भी अंधेरे की गहराइयों में धकेल दिया है.

 

Madhya Pradesh News : बिजनैसमैन को फसाया और मांगे 20 लाख

Madhya Pradesh News : पिछले दिनों इंदौर और भोपाल में हनीट्रैप के जो मामले सामने आए, उन में बड़ेबड़े लोगों को ब्लैकमेल कर के करोड़ों रुपए वसूले गए थे. पिंकी ने भी इसी तर्ज पर जावरा के बिजनैसमैन मोहित पोरवाल को ब्लैकमेल करने की योजना बनाई. लेकिन तयशुदा रकम मिलने से पहले ही…

घटना मध्य प्रदेश के रतलाम जिले की है. 29 नवंबर, 2019 को दोपहर के 2 बजे का समय था. रतलाम के पास अलकापुरी क्षेत्र में स्थित हनुमान ताल के पास कस्बा जावरा के एक प्रसिद्ध व्यापारी मोहित पोरवाल हाथ में सूटकेस लिए खड़े थे. वह काफी घबराए हुए थे, चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थीं, डर की छाया साफ दिखाई दे रही थी. चेहरे पर आ रहे पसीने को वह बारबार रूमाल से पोंछ रहे थे. उन की नजर सुनसान सड़क पर लगी हुई थी. जबकि वहां से कुछ दूर सुनसान जगह पर सादा कपड़ों में मौजूद 10 पुलिस वालों की नजरें मोहित कुमार पर जमी हुई थीं. साथ ही वहां आनेजाने वाले व्यक्तियों पर भी थीं.

उसी समय एक पुलिसकर्मी थाना औद्योगिक नगर के टीआई शिवमंगल सिंह सेंगर से संपर्क बनाए हुए था. मोहित के आसपास फैले पुलिसकर्मी उस समय सतर्क हो गए, जब उन्होंने 3 व्यक्तियों को चौकन्ने भाव से मोहित की तरफ आते देखा. वे तीनों मोहित के पास आ कर कुछ पल के लिए रुके और मोहित के हाथ से सूटकेस ले कर जाने के लिए तेजी से मुड़े. वे तीनों भाग पाते उस से पहले ही आसपास छिपे पुलिसकर्मियों ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया. उन युवकों ने पूछताछ में अपने नाम शिव उर्फ भोला निवासी लक्ष्मणपुरा, कालू उर्फ अविनाश, दिनेश टका निवासी बिरयाखेड़ी, रतलाम बताए. उन तीनों को पकड़ कर पुलिसकर्मी टीआई शिवमंगल सिंह सेंगर के पास ले आए.

टीआई शिवमंगल सेंगर ने उन से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने कबूल कर लिया कि उन के गिरोह की सरगना पिंकी शर्मा उर्फ प्रियांशी है, जिस ने व्यापारी मोहित को अपने जाल में फंसाया था. साइबर सेल से मिली जानकारी के बाद एसपी रतलाम को पहले से ही शक था कि पिंकी शर्मा उर्फ प्रियांशी इस गिरोह में शामिल है. जब उस का नाम सरगना के तौर पर सामने आया, तो महिला पुलिस के साथ गई टीम ने उसे एमबी नगर स्थित उस के घर से गिरफ्तार कर लिया. पकड़े जाने पर पिंकी शर्मा ने स्वीकार किया कि पिछले दिनों इंदौर में चर्चाओं में रहे हनीट्रैप कांड की तरह उस ने मोहित को लालच दे कर शिकार बनाया था.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट में प्रयुक्त एक स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोहित की सोने की अंगूठी और नकद 2 हजार रुपए के अलावा सोने की बाली, चांदी का कड़ा, खिलौना रिवौल्वर एवं एक चाकू बरामद कर लिया. उन से की गई पूछताछ के बाद ब्लैकमेलिंग करने की पूरी कहानी इस प्रकार सामने आई—

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के रहने वाले 45 वर्षीय मोहित जावरा के जानेमाने अनाज व्यापारियों में से एक हैं. जमा हुआ खानदानी कारोबार है. शहर के रईसों में इन का नाम भी शुमार है. मोहित छोटी उम्र से ही परिवार का बिजनैस संभाल रहे थे. व्यापार के अलावा वह सोशल मीडिया में भी एक्टिव रहते थे. इसी के चलते कुछ महीने पहले वाट्सऐप पर उन की मुलाकात रतलाम की एमबी कालोनी निवासी आधुनिक विचारों वाली 22 वर्षीय सुंदरी पिंकी शर्मा से हुई. धीरेधीरे यह जानपहचान दोस्ती में बदल गई और समय के साथ इस दोस्ती में वे सब बातें भी होने लगीं, जिन्हें बेहद निजी कहा जा सकता है. धीरेधीरे वह पिंकी में काफी रुचि लेने लगे.

बताते हैं पिंकी से उन की 1-2 मुलाकातें सार्वजनिक स्थानों पर हुईं. फिर वह मोहित को अकेले में मिलने के लिए बुलाने लगी. अब तक परिवार के प्रति ईमानदार रहे मोहित, उस से अकेले में मिलने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे थे. लेकिन जवान और खूबसूरत दोस्त का खुला आमंत्रण वह भला कब तक ठुकराते, इसलिए न न करते हुए भी वह एक दिन उस की बताई जगह पर मिलने को तैयार हो गए. मिलने के लिए तारीख तय हुई 24 नवंबर की दोपहर और स्थान था विरियाखेड़ी के ईंट भट्ठों का सुनसान इलाका. मन में कुछ आशंकाएं और ढेर सारे सपने ले कर मोहित तय वक्त पर विरियाखेड़ी पहुंच गए. उन के मन में एक शंका थी कि शायद ही पिंकी उन से मिलने आए. लेकिन यह देख कर उन का दिल खुश हो गया कि पिंकी उन के पहुंचने से पहले ही वहां खड़ी उन का इंतजार कर रही थी.

‘‘कितनी देर कर दी जनाब आने में. क्या इसी तरह इंतजार करवाओगे?’’ पिंकी मुसकरा कर बोली.

‘‘नहीं यार,बस आतेआते टाइम लग गया.’’ मोहित ने कहा.

‘‘ओके चलो, पहली बार देर हुई है, इसलिए माफ करती हूं. मालूम है लड़कों को अपनी गर्लफ्रैंड से मिलने उस से पहले पहुंचना चाहिए.’’ वह बोली.

‘‘लड़कों को न, लेकिन मैं लड़का नहीं हूं.’’ मोहित ने कहा.

‘‘तो क्या हुआ, मेरे बौयफ्रैंड तो हो. लेकिन मैं आप को एक बात बताऊं कि मुझे लड़कों के बजाए परिपक्व मर्दों में रुचि है.’’ पिंकी ने बताया.

‘‘वो क्यों?’’ मोहित ने पूछा.

‘‘सब से बड़ी बात तो यह है कि वह इस मामले में अनुभवी होते हैं. दूसरे लड़कों की तरह ज्यादा परेशान भी नहीं करते.’’ पिंकी ने तिरछी नजरों से मोहित की तरफ देखते हुए कहा, ‘‘अब ज्यादा समय खराब मत करो. वहां सामने एक घर है, वहां कोई नहीं आताजाता. चलो, वहीं चल कर बात करते हैं.’’

मोहित उस के साथ उस मकान में जाने से मना करना चाहते थे, लेकिन पिंकी को देखने के बाद वह उसे मना नहीं कर सके और उसे साथ ले कर उस के बताए मकान में चले गए. दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई. पिंकी की सैक्सी बातों और हरकतों से मोहित अपना होश खोने लगे. इस से पहले कि वह अपनी हसरतें पूरी कर पाते, तभी दरवाजे पर लात मार कर अंदर घुस आए 3 युवकों को देख कर मोहित घबरा गए. उन का गीला गला एक झटके में रेगिस्तान बन गया.

‘‘क्या हो रहा है बुड्ढे, बेटी की उम्र की लड़की के साथ अय्याशी की जा रही है.’’ उन में से एक युवक ने मोहित से कहा तो उन से कोई जवाब देते नहीं बना.

‘‘चल कर ले अय्याशी, हम तेरा लाइव शो देखेंगे.’’ दूसरा बोला.

‘‘देखिए, ऐसा कुछ नहीं है. हम लोग यहां यूं ही आए थे.’’ मोहित ने थूक गटकते हुए किसी तरह कहा.

लेकिन वे तीनों नहीं माने. उन्होंने चाकू की नोंक पर मोहित और पिंकी के पूरे कपड़े उतरवा दिए और फिर उसी अवस्था में दोनों के अश्लील फोटो और वीडियो अपने कैमरे में कैद करने के बाद बोले, ‘‘अब जाओ, यह वीडियो हम तुम्हारे बीवीबच्चों को भेज देंगे. फिर आराम से बैठ कर सब के साथ देखना.’’

‘‘देखिए, मैं आप के हाथ जोड़ता हूं. हम यहां ऐसा कुछ भी नहीं कर रहे थे. आप वीडियो और फोटो डिलीट कर दें.’’ मोहित ने उन तीनों से कहा तो उन्होंने इस के बदले में 20 लाख रुपयों की मांग की. उस वक्त मोहित के पास इतना रुपया नहीं था, सो तय हुआ कि हफ्ते भर में मोहित 20 लाख रुपए बदमाशों को दे कर उन से वीडियो और फोटो वापस ले लेंगे. मामला सुलट गया तो पिंकी और मोहित के वहां से जाने के पहले बदमाशों ने मोहित की सोने की अंगूठी और जेब में रखे 2 हजार रुपयों के अलावा पिंकी के जेवर भी लूट लिए.

मोहित जैसेतैसे वापस जावरा पहुंच तो गए लेकिन उन के दिल को पलभर का भी सुकून नहीं था. पिंकी के चक्कर में उन्हें पीढि़यों से बनाई बापदादाओं की इज्जत धूल में मिलती दिखाई दे रही थी. मामला अगर दुनिया के सामने आ जाता तो समाज और अपने परिवार के सामने नजरें ऊंची नहीं कर पाते. इन्हीं सब खयालों से डरे हुए मोहित को रात में नींद भी नहीं आई. पिंकी को याद करने का तो सवाल ही नहीं था. लेकिन अगले ही दिन सुबहसुबह पिंकी का फोन आ गया. उन्होंने बेमन से पिंकी से बात की तो उस ने कल की घटना पर दुख जताया लेकिन उस की बातों से ऐसा नहीं लग रहा था कि उसे इस बात की कोई टेंशन है. उस समय उन्होंने पिंकी की इस बेफिक्री पर ज्यादा गौर नहीं किया.

इधर दोपहर होते ही बदमाशों का फोन आ गया, जिस में कहा गया कि वह जल्द से जल्द उन्हें 20 लाख रुपए दे दें. इस के कुछ देर बाद पिंकी का भी फोन आ गया. उस ने बताया कि बदमाशों ने उसे भी फोन कर जल्द से जल्द 20 लाख रुपए की मांग की है. साथ ही उस ने सलाह भी दी कि वह जल्द से जल्द बदमाशों की मांग पूरी कर दें वरना अपनी दोस्ती खतरे में पड़ जाएगी. यहां पूरी बनीबनाई इज्जत खतरे में पड़ी थी और पिंकी को अब भी प्यारमोहब्बत की बातें सूझ रही थीं. मोहित को पिंकी पर बहुत गुस्सा आ रहा था लेकिन यह मौका गुस्सा दिखाने का नहीं था, इसलिए वह किसी तरह अपने गुस्से को काबू में किए रहे.

दूसरी तरफ एक के बाद एक तीनों बदमाश उन्हें बारबार फोन कर 20 लाख रुपयों की मांग करते हुए पिंकी के साथ बनाया उन का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे. जितनी बार बदमाशों का फोन आता, उतनी ही बार पीछे से पिंकी का फोन आ जाता. वह हर बार मोहित को सलाह देती कि जैसे भी हो, बदमाशों की मांग जल्द पूरी कर दें. इस से मोहित को शक होने लगा कि कहीं पिंकी भी इन बदमाशों से मिली हुई तो नहीं है. क्योंकि वह जानते थे कि अगर बदमाशों ने वीडियो वायरल कर भी दी, तो पिंकी का कुछ नहीं बिगड़ेगा. लेकिन उन की पूरी इज्जत धूल में मिल जाएगी. मीडिया में न तो पिंकी का नाम आएगा और न फोटो लेकिन उन के नाम के तो पोस्टर छप जाएंगे. फिर पिंकी क्यों इतना डर रही है. वह बारबार बदमाशों को रुपए देने का दबाव क्यों बना रही है.

काफी सोचविचार के बाद मोहित ने 4 दिन बाद पूरी कहानी रतलाम के एसपी गौरव तिवारी को बता दी. मोहित की बात सुन कर एसपी साहब समझ गए कि मोहित किसी ब्लैकमेल कराने वाले गिरोह के शिकार बन गए हैं. इसलिए उन्होंने इस गिरोह को गिरफ्तार करने के लिए औद्योगिक क्षेत्र के टीआई शिवमंगल सिंह सेंगर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम बना दी. पुलिस की साइबर सेल ने पिंकी के मोबाइल की काल डिटेल्स निकाली तो पता चला कि बदमाश जिन फोन नंबरों से मोहित से बात कर रहे थे, उन नंबरों पर काफी दिनों से पिंकी की बारबार बात होती रही है. इस से यह साफ हो गया कि पिंकी ने ही मोहित को हनीट्रैप में फंसा कर ठगने की साजिश रची है. इसलिए एसपी के निर्देश पर जांच अधिकारी शिवमंगल सिंह सेंगर ने योजना बना कर मोहित से आरोपियों को पैसों का इंतजाम हो जाने का फोन करवाया.

बदमाशों ने उन्हें 29 नवंबर, 2019 की दोपहर 2 बजे पैसा ले कर हनुमान ताल पर बुलाया. जिस के बाद योजना अनुसार एसपी रतलाम ने सुबह से ही हनुमान ताल पर सादा लिबास में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए. दोपहर में जैसे ही तीनों बदमाश शिव, कालू और दिनेश मोहित से फिरौती के 20 लाख रुपए लेने के लिए आए, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पिंकी के बारे में बताया जाता है कि वह मूलरूप से किला मैदान, झाबुआ की रहने वाली थी. वह रतलाम में एक फाइनैंस कंपनी में नौकरी करती थी. उस कंपनी में राकेश (परिवर्तित नाम) भी नौकरी करता था. वहीं पर दोनों की दोस्ती हुई. राकेश रतलाम के ही  जावरा का रहने वाला था. चूंकि दोनों ही जवान थे, इसलिए जब उन की दोस्ती प्यार में बदली, तब उन्होंने शादी का फैसला कर लिया.

दोनों ने घर वालों की मरजी के बिना लवमैरिज कर ली. लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद ही दोनों के बीच मतभेद हो गए. हालांकि इस दौरान पिंकी एक बेटी की मां बन चुकी थी. जब दोनों के बीच ज्यादा ही कलह रहने लगी तो वह बेटी को पति के पास छोड़ कर चली आई. इस दौरान पिंकी की मुलाकात रतलाम के ही रहने वाले सन्ना नाम के बदमाश से हुई. वह सन्ना के साथ रतलाम के चांदनी चौक क्षेत्र में रहने लगी. सन्ना के जरिए पिंकी की जानपहचान लक्ष्मणपुरा, रतलाम के रहने वाले भोला, हाट की चौकी के कालू और बीरियाखेड़ा के दिनेश से हुई. ये सभी आपराधिक सोच वाले युवक थे.

पिछले दिनों इंदौर में हनीट्रैप के मामले में हाईफाई लोगों के फंसने का मामला सामने आया था. उसी से प्रेरित हो कर पिंकी और उस के इन साथियों ने मोटा पैसा कमाने के लिए प्लान बनाया. लिहाजा पिंकी के जरिए वे सब मोटी आसामी को अपने जाल में फांस कर उन्हें ब्लैकमेल करने लगे. पिंकी पिछले 5 सालों से शहर के युवकों को अपने रूपजाल में फंसा कर ठगने का काम कर रही थी. इसी योजना के तहत उस ने मोहित से दोस्ती की और एकांत जगह पर स्थित भट्ठों पर बने कमरे में ले गई और उन्हें अपने रूपजाल में फंसाने का जतन करने लगी. तभी उस के तीनों साथियों ने आ कर मोहित के साथ उस की अश्लील फिल्म बना ली.

मोहित को उस के ऊपर शक न हो इसलिए मोहित के साथ उन्होंने पिंकी के साथ भी लूटपाट का नाटक किया था. लेकिन रतलाम पुलिस ने जल्द ही इस गिरोह के नाटक का परदा गिरा दिया. आरोपी शिव उर्फ भोला, कालू, दिनेश और पिंकी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

 

 

Gay Apps संबंधों की लालसा में लुट रहे युवा

Gay Apps गे ऐप्स आजकल अपराधियों का अड्डा बनते जा रहे हैं. इन ऐप्स के जरिए गे कैटेगरी के लोग इतनी आसानी से अपराधियों के चंगुल में फंस जाते हैं कि उन्हें आभास ही नहीं हो पाता. आप भी जानें कि अपराधी इन ऐप्स के जरिए अपने शिकार को कैसे फांसते हैं?

गुजरात के महानगर राजकोट के गोकुलधाम रोड पर स्थित बापा सीताराम सोसायटी का रहने वाला 23 साल का जिग्नेश (बदला हुआ नाम) सोसायटी के पास ही एक मैडिकल स्टोर में नौकरी करता था. युवा हो चुके जिग्नेश का मन अब एक पुरुष साथी यानी समलैंगिक संबंध के लिए बेचैन रहने लगा था. उस ने अपने आसपास ऐसे किसी साथी की बहुत तलाश की, पर शरम और संकोच की वजह से उस की यह तलाश पूरी नहीं हो सकी.

जब जिग्नेश को इस तरह कोई पुरुष साथी नहीं मिला तो उस ने अपने मोबाइल पर पुरुषों को पुरुष से यानी समलैंगिक लोगों को मिलाने के लिए प्लेस्टोर पर जो ऐप्स दिए गए हैं, उन में से हीसे (॥द्गद्गह्यड्ड4) ऐप डाउनलोड किया. इसी ऐप के जरिए उस ने ऐसे पुरुष साथी की तलाश शुरू की, जो उस के शहर या आसपास के जिले का रहने वाला हो. इसी ऐप के माध्यम से उस की चैट यानी संदेश द्वारा बातचीत रुद्र गोस्वामी नाम के युवक से शुरू हुई. रुद्र गोस्वामी रहने वाला तो गुजरात के जिला जूनागढ़ का था, पर उस ने जिग्नेश को बताया था कि वह भी राजकोट का ही रहने वाला है. एकदूसरे का परिचय लेने के बाद जिग्नेश ने पूछा, ”तुम्हें क्या पसंद है?’’

जवाब में रुद्र ने कहा, ”मैं तो टौप हूं और तुम?’’

जिग्नेश को अभी तक कोई अच्छा पुरुष पार्टनर नहीं मिला था, इसलिए उस ने कहा, ”मुझे तो दोनों पसंद है. आप टौप हैं, कोई बात नहीं. मैं आप से मिलना चाहूंगा. आप को खुश कर के मुझे खुशी मिलेगी.’’

”सच, मुझे आप जैसा ही साथी चाहिए, जो मुझे खुश कर सके. मुझे आप से मिल कर खुशी होगी. तो बताओ, कब मिल रहे हो?’’ रुद्र ने पूछा.

”जब आप की इच्छा हो, बता दीजिएगा. पर मेरे पास जगह (मिलने के लिए एकांत स्थान, जहां दोनों शारीरिक संबंध बना सकें) नहीं है. इसलिए जगह की व्यवस्था आप को ही करनी होगी.’’ जिग्नेश ने कहा.

रुद्र ने तुरंत जवाब दिया, ”आप को जगह की चिंता करने की जरूरत नहीं है. उस सब की व्यवस्था मेरे पास है.’’ रुद्र ने कहा, ”पर यार, आप ने अपना नंबर तो दिया नहीं.’’

”आप न मांगा ही कहां. अब मांगा है तो यह लीजिए.’’ इसी के साथ जिग्नेश ने अपना फोन नंबर भी मैसेज कर दिया.

जिग्नेश के नंबर भेजने के अगले पल ही जिग्नेश के मोबाइल फोन की घंटी बज उठी. नंबर देख कर उसे लगा कि यह रुद्र का ही फोन होगा. फोन रिसीव कर के उस ने कहा, ”हाय रुद्र.’’

”आप को कैसे पता चला कि मैं ने ही फोन किया है?’’ रुद्र ने कहा.

”पहली बात तो यह कि अब यह आप वाला संबोधन बंद कर के तुम पर आ जाइए. अब तुम मेरे हो गए हो, इसीलिए मुझे पता चल गया कि फोन तुम्हारा ही है.’’ जिग्नेश ने कहा.

”बड़ी जल्दी तुम ने तो मुझे अपना मान लिया, जबकि अभी हम मिले भी नहीं.’’ दूसरी ओर से रुद्र ने कहा.

”यार, जब तक अपना नहीं मानेंगे, मिलेंगे कैसे. कोई किसी अंजान से थोड़े ही मिलता है. फिर हमारा मिलन तो खालीखाली मिलना नहीं होगा. जब भी मिलना होगा, दिल का ही नहीं, शरीर का भी मिलन होगा.’’ जिग्नेश ने कहा.

”भई, तुम तो बहुत रोमांटिक लगते हो. लगता है, मिलने के लिए बहुत उतावले हो?’’ रुद्र ने कहा.

जवाब में मदहोश आवाज में जिग्नेश ने कहा, ”मेरी चले तो मैं अभी आ जाऊं तुम से मिलने. अब मुझ से रहा नहीं जा रहा. मेरा मन और शरीर दोनों बेचैन हो रहा है तुम से मिलने के लिए.’’

”तो ठीक है, मैं तुम से जल्दी ही मिलता हूं और तुम्हारी इच्छा पूरी करता हूं.’’ रुद्र ने कहा, ”अब बाकी बातें बाद में.’’

”वैसे फोन काटने का मन तो नहीं हो रहा, पर मजबूरी है, नौकरी पर जो हूं. लेकिन रात को फिर फोन करूंगा. तब फ्री रहूंगा. खूब बातें करेंगे.’’ कह कर जिग्नेश ने फोन काट दिया.

इस के बाद जब भी जिग्नेश को मौका मिलता, वह रुद्र को फोन लगा देता और खूब बातें करता. अब दोनों के बीच समलैंगिक सैक्स को ले कर ही बातें होती थीं. मैसेज भी बहुत अश्लील करते थे दोनों. 20 अक्तूबर, 2024 को जिग्नेश मैडिकल स्टोर पर अपनी नौकरी पर था, तभी रुद्र का फोन आया. जैसे ही जिग्नेश ने फोन रिसीव किया, रुद्र ने कहा, ”यार जिग्नेश, मेरा बड़ा मन कर रहा है तुम से मिलने का. मैं ने स्थान की व्यवस्था कर ली है. अगर तुम फ्री हो तो आ जाओ.’’

जिग्नेश तो रुद्र से मिलने के लिए कब से बेचैन था. उस ने कहा, ”मैं फ्री हूं. बताओ, कहां आना है?’’

समलैंगिक संबंध बनाने के अरमानों पर क्यों फिरा पानी

रुद्र ने जिग्नेश को पास के बसस्टैंड पर मिलने के लिए बुला लिया. मैडिकल स्टोर के मालिक से जरूरी काम की बात कह कर जिग्नेश वहां से निकला और थोड़ी देर में बसस्टैंड पर पहुंच गया. रुद्र ने जो स्थान बताया था, वह वहीं पर खड़ा था. जिग्नेश पहुंचा तो उस के साथ एक युवक और था. रुद्र ने उस का परिचय अपने मित्र राजदीप गोस्वामी के रूप में कराया.

रुद्र अपनी बाइक से आया था. 2-4 बातें कर के रुद्र ने जिग्नेश से बाइक पर बैठने को कहा तो वह उस के पीछे बाइक पर बैठ गया. उस के पीछे राजदीप बैठ गया. रुद्र जिग्नेश को बाइक पर बैठा कर चल पड़ा. जिग्नेश के मन में मजे लेने के लड्डू फूट रहे थे. वह आंखें बंद करता तो उसे स्वर्गिक आनंद के सपने दिखाई देते. रुद्र बस स्टैंड से निकल कर कटारिया चौराहे से होते हुए मुंजका चौराहे के पास पहुंचा तो वहां स्थित एक खुले मैदान के पास बाइक रोक दी. बाइक के रुकते ही सब से पीछे बैठा राजदीप उतर कर जिग्नेश के पास आ गया. जिग्नेश ने जब उस की ओर देखा तो उस के चेहरे के भाव ही बदले हुए थे. लग रहा था कि उस का इरादा वह नहीं है, जिस के लिए जिग्नेश उन लोगों के साथ आया था.

राजदीप ने गुस्से से जिग्नेश का कौलर पकड़ कर कहा, ”तुझे शरम नहीं आती मेरे भाई को इस तरह के मैसेज करते हुए. तू क्यों भेजता है मेरे भाई को इस तरह के गंदे मैसेज?’’

”तुम्हारा भाई भी तो भेजता है मुझे उसी तरह के मैसेज. मै तो सिर्फ जवाब देता हूं.’’ जिग्नेश ने कहा.

”लेकिन शुरुआत तो तू ही करता है. अगर तू उस तरह के मैसेज न भेजे तो वह तुझे क्यों करेगा उस तरह के गंदे मैसेज. बड़ी आग लगी है न तेरी उस में… अभी ठंडी किए देता हूं.’’ कह कर राजदीप ने जिग्नेश को बाइक से खींच कर नीचे गिरा दिया और लातघूंसों से उस की पिटाई शुरू कर दी. रुद्र ने भी बाइक स्टैंड पर खड़ी कर दी और राजदीप के साथ जिग्नेश को मारने लगा. बात यहीं खत्म नहीं हुई. रुद्र और राजदीप ने जिग्नेश का आईफोन-8 मोबाइल छीनने के साथ उस के पर्स में रखे करीब एक हजार रुपए भी छीन लिए. इसके बाद उन्होंने जिग्नेश को फिर बाइक पर बैठाया और कटारिया चौराहे की ओर चल पड़े.

रास्ते में ट्रैफिक की वजह से बाइक थोड़ी धीमी हुई तो जिग्नेश कूद पड़ा. जिग्नेश को चोट तो बहुत लगी, पर रुद्र और जयदीप से उस की जान छूट गई, वरना पता नहीं वे उसे कहां ले जाते और क्या करते. जिग्नेश जहां कूदा था, वहां काफी भीड़भाड़ थी, इसलिए रुद्र और जयदीप रुकने के बजाय अपनी बाइक भगा कर निकल गए. जिग्नेश को काफी चोट आई थी. लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया था, इसलिए पुलिस कंट्रोल रूम ने एंबुलेंस बुला कर जिग्नेश को अस्पताल पहुंचाया.

प्राथमिक चिकित्सा के बाद जब पुलिस ने उस से पूछा कि यह सब कैसे हुआ तो उस ने पूरी कहानी पुलिस को सुना दी. यह एक तरह से आपराधिक मामला था, इसलिए पुलिस कंट्रोल रूम ने इस घटना की सूचना स्थानीय थाना गोकुलधाम पुलिस को दे दी. सूचना पाते ही थाना गोकुलधाम के एसएचओ बी.आर. पावडिया अस्पताल पहुंच गए. वह जिग्नेश को थाना गोकुलधाम ले आए और उस के बयान के आधार पर रुद्र गोस्वामी तथा राजदीप गोस्वामी के खिलाफ अपहरण और लूटपाट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर के इस घटना की सूचना राजकोट शहर के डीसीपी (जोन-2) जगदीश बांगरवा को दे दी.

इस के बाद डीसीपी जगदीश बांगरवा के आदेश पर रुद्र और राजदीप को टैक्निकल सोर्स और मुखबिर की सूचना के आधार पर 150 फुट रिंग रोड से गिरफ्तार कर लिया गया. थाने ला कर डीसीपी जगदीश बांगरवा की उपस्थिति में एसएचओ बी.आर. पावडिया ने दोनों आरोपियों रुद्र गोस्वामी और राजदीप से पूछताछ की तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन का यह पहला अपराध था. उन्होंने अखबार में समाचार पढ़ा था कि गे ऐप्स से लड़कों को बुला कर उन का फोन भी ले लिया और पैसे भी. इतना ही नहीं, उस के एकाउंट में जितने रुपए थे, उन्हें अपने एकाउंट में ट्रांसफर करा लिए. उस के बाद लड़के की अश्लील वीडियो बना कर उसे धमकी दी कि अगर उस ने किसी को यह बात बताई या पुलिस को सूचना दी तो वे उस का वीडियो वायरल कर देंगे.

यह समाचार पढऩे के बाद उन के मन में भी आया कि पैसे कमाने का यह अच्छा आइडिया है. बस, उन्होंने भी ‘हीसे ऐप’ Gay Apps डाउनलोड कर लिया, जिस के द्वारा उन का संपर्क जिग्नेश से हुआ. वे जिग्नेश का फोन और उस के पास जो रुपए थे, उन्हें ले कर उस का अश्लील वीडियो बनाने के लिए ले जा रहे थे. पर उन का दुर्भाग्य था कि बाइक धीमी होते ही वह कूद गया, जिस की वजह से वे पकड़े गए. बाकी उन्हें समलैंगिक संबंधों में कोई रुचि नहीं है. पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था.

दोस्ती के जरिए कैसे हुई ठगी

ऐसा ही कुछ अहमदाबाद शहर के बोपल के रहने वाले जयराज के साथ हुआ था. 5 सितंबर, 2024 को जयराज ने अपने मोबाइल में ‘ग्रींडर’ नामक ऐप इंस्टाल किया. इस ऐप में किसी का मोबाइल नंबर नहीं दिखाई देता. पर अगर नजदीक के किसी ने इस ऐप को इंस्टाल किया हो तो उस की आईडी जरूर दिखाई देती है. 8 सितंबर को जयराज के मोबाइल पर ग्रींडर ऐप के माध्यम से किसी का मैसेज आया. जयराज ने उस का नाम पूछा तो अपना नाम बताने के बजाए उस ने एक फोटो भेजी. इस के बाद जयराज और उस युवक के बीच मैसेज द्वारा बातचीत होने लगी.

कुछ दिनों बाद दोनों ने बागबान चौराहे के पास स्थित एक कैफे में मिलने का निर्णय लिया. मैसेज करने वाला युवक कार ले कर आया था. जयराज को उस ने अपनी कार में बैठाया और चल पड़ा. थोड़ी दूर जाने के बाद एक जगह उस ने कार रोकी तो अन्य 2 लोग आ कर कार में पिछली सीट पर बैठ गए. जयराज ने जब कार चला रहे युवक से उन दोनों के बारे में पूछा कि ये लोग कौन हैं तो कार में बैठे उन दोनों युवकों ने जयराज पर हमला बोल दिया. कार चला रहे युवक ने जयराज की पिटाई करते हुए उस का मोबाइल छीन लिया. इस के बाद गूगल पे से 16 हजार रुपए यूपीआई नंबर पर ट्रांसफर कर लिए. फिर जयराज को कार से उतार कर सभी भाग गए.

जयराज ने अपने साथ घटी इस घटना की रिपोर्ट थाना बोपल में दर्ज कराई है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. लेकिन कथा लिखे जाने तक जयराज का अपहरण कर उस के मोबाइल से 16 हजार रुपए ट्रांसफर करने वाले युवक पकड़े नहीं गए थे. जयराज को लूटने वाले आरोपी भले ही न पकड़े गए हों, पर 5 अगस्त, 2024 को सूरत के दीपेश रत्नकलाकार से ग्रींडर ऐप से दोस्ती कर के एक लाख 80 हजार रुपए लूटने वाले आरोपी पकड़े जा चुके हैं. सूरत की तहसील कामरेज के मोहल्ला पासोदरा के रहने वाले 35 साल के दीपेश रत्नकलाकार ने प्लेस्टोर से ‘ग्रींडर नियरबौय गे डेटिंग ऐंड चैटिंग’ ऐप Gay Apps इंस्टाल किया था. इस के बाद वह इसी ऐप के माध्यम से अनेक दोस्त बना कर उन से चैटिंग करने लगा था.

पहली अगस्त को दीपेश के मोबाइल पर एक अनजान व्यक्ति का मैसेज आया. थोड़ी बातचीत के बाद उस अनजान व्यक्ति ने समलैंगिक संबंध बनाने के लिए दीपेश को वराछा इलाके में मिलने के लिए बुलाया. दीपेश जब वराछा पहुंचा तो वह व्यक्ति उसे जगदीशनगर स्थित एक मकान में ले गया. दीपेश ने समलैंगिक संबंध बनाने के लिए जैसे ही कपड़े उतारे, 3 लोग कमरे में घुस आए. शायद जिस व्यक्ति ने दीपेश को बुलाया था, उस ने दरवाजा बंद नहीं किया था. उन तीनों में से एक व्यक्ति दीपेश की वीडियो बनाने लगा तो एक ने पूछा, ”तुम यहां क्यों आए हो और यह क्या कर रहे हो? तुम्हारा पर्स कहां है?’’

दीपेश ने कहा कि उस के पास पर्स नहीं हो तो उन में से एक व्यक्ति ने दीपेश का मोबाइल फोन छीन कर कहा, ”अगर तुम्हें अपनी इज्जत बचानी है तो इस का पासवर्ड बता दो. वरना तुम्हारा यह वीडियो हम वायरल कर देंगे.’’

दीपेश ने पासवर्ड बता दिया तो उन्होंने दीपेश के मोबाइल से ग्रींडर नियरबौय गे डेटिंग ऐंड चैटिंग ऐप डिलीट कर दिया और गूगल पे का पासवर्ड ले कर अलगअलग यूपीआई नंबरों पर कुल एक लाख 80 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए. रुपए ट्रांसफर करने के बाद उन लोगों ने दीपेश को धमका कर भगा दिया. लुटापिटा दीपेश सीधे थाना वराछा पहुंचा और अपने साथ घटी घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी. इस के बाद पुलिस ने सीधे उसी मकान में छापा मारा, जिस मकान में दीपेश को बुलाया गया था. संयोग से वहां पुलिस को 2 आरोपी मिल गए. इस तरह पुलिस ने घटना घटने के बाद कुछ ही घंटे में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. उन्हीं की शिनाख्त पर बाकी के भी 2 आरोपी पकड़े गए थे.

गुजरात के ही जूनागढ़ में एंटरटेनमेंट ऐप के माध्यम से जो हुआ था, वह चौंकाने वाला था. जूनागढ़ के गलियावाड़ गांव के रहने वाले 24 साल के आशीष ने अपने मोबाइल में हीसे ऐप इंस्टाल किया. इसी ऐप के माध्यम से उस का संपर्क विशाल लोलाडिया से हुआ. कुछ दिनों तक दोनों के बीच इसी ऐप के माध्यम से मैसेज द्वारा बातचीत होती रही. जबकि दूसरी ओर आशीष इस बात से अंजान था कि वह एक बड़ी साजिश का शिकार होने वाला है. 9 सितंबर, 2024 की रात 11 बजे फोन कर के विशाल ने आशीष को मिलने के लिए बुलाया. आशीष विशाल से मिलने के लिए बेचैन था, इसलिए उतनी रात को ही बाइक ले कर वह विशाल से मिलने के लिए चल पड़ा. विशाल उसे ले कर वीरपुर-गलियावाड़ा के बीच स्थित नदी के पुल के नीचे पहुंचा था कि विशाल के अन्य साथी शाहनवाज, वारिस और असलम पहुंच गए.

पहले तो चारों ने मिल कर आशीष को खूब मारा. इस के बाद देर रात आशीष को बाइक पर बैठा कर माखीयाडा और वडाल के बीच सड़क से काफी अंदर स्थित एक मंदिर के पास ले गए. यहां भी पहले तो विशाल और उस के साथियों ने आशीष की जम कर पिटाई की, उस के बाद उस की जेब से जबरदस्ती 500 रुपए निकाल लिए. फिर आशीष के गले पर चाकू रख कर उस के सारे कपड़े उतरवाए और विशाल ने उस के साथ कुकर्म करते हुए वीडियो बनवाई.

इस के बाद विशाल और उस के साथी उसी वीडियो के माध्यम से आशीष को ब्लैकमेल करने लगे. वीडियो डिलीट करने के लिए विशाल और उस के साथियों ने आशीष से पहले 20 हजार रुपए मांगे. उन्होंने धमकी भी दी कि अगर उस ने रुपए नहीं दिए तो उस की वीडियो वायरल कर देंगे, साथ ही यह भी कहा कि अगर उस ने यह बात किसी को बताई तो वे उसे जान से मार देंगे.

विशाल और उस के साथियों से परेशान आशीष ने जूनागढ़ के तालुका थाने में विशाल, शाहनवाज, वारिस और असलम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी. पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. थाने ला कर जब चारों की खातिरदारी करते हुए पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस को विशाल के मोबाइल से वह वीडियो भी मिल गया था, जिसे विशाल ने अपने साथियों से आशीष के साथ कुकर्म करते हुए बनाया था. सबूत के तौर पर पुलिस ने विशाल का फोन जब्त कर लिया था.

पूछताछ के बाद पुलिस ने विशाल, शाहनवाज, वारिस और असलम को अदालत में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है.

एंटरटेनमेंट ऐप बन रहे हैं समस्या

साइबर एक्सपर्ट के अनुसार आजकल डिजिटल प्लेटफार्म पर एंटरटेनमेंट के लिए तमाम विकल्प मौजूद हैं, जिस में डेटिंग ऐप्स Gay Apps भी हैं. जिन का खूब उपयोग हो रहा है. इस तरह ऐप्स यूजर से कौन्टैक्ट नंबर, मैसेज, लाइव लोकेशन जैसे सेंसटिव डाटा ले लेते हैं. इस डाटा का दुरुपयोग होने की संभावना अधिक रहती है. इस तरह ऐप्स के उपयोग से यूजर को होने वाले नुकसान का निराकरण होने की संभावना कम ही रहती है.

ये ऐप्स इसलिए ज्यादा खतरनाक हैं, क्योंकि इन का सर्वर देश के बाहर होता है. जिस की वजह से इन के खिलाफ कोई काररवाई नहीं की जा सकती. इस के अलावा यूजर का गोपनीय डाटा भी बाहर के सर्वर में चला जाता है. कम्युनिकेशन के लिए यूजर किसी अनजान व्यक्ति से कौन्टैक्ट करता है. उस अनजान व्यक्ति की सही पहचान मिल नहीं पाती, इसलिए इस तरह के ऐप्स का उपयोग करना और खतरनाक हो जाता है. ऐप्स की व्यापकता को इसलिए नहीं रोका जा सकता, क्योंकि एंटरटेनमेंट की वजह से लोगों में इस का उपयोग बढ़ता जा रहा है. जागरूकता का अभाव, ठीक से समझ न होने के कारण लोग अपनी पर्सनल जानकारी जानेअनजाने में दे देते हैं.

भारत में इस तरह के ऐप्स को मान्यता नहीं है, क्योंकि यूजर द्वारा दी गई जानकारी किस हद तक सही है, इस का कोई मापदंड नहीं होता. इस का सर्वर दूसरे देश में होता है, इसलिए ऐप वहां के नियमकानून के अनुसार बनाया जाता है. सामान्य रूप से युवा कुछ नया जानने की चाहत और नए मित्रों के संपर्क में आने की इच्छा के कारण इस तरह के ऐप का उपयोग करते हैं. इस समय टास्क बेस्ड फ्रौड, डिजिटल अरेस्ट जैसे मामले बढ़ रहे हैं. दिमाग वाले ऐप का नाम बदल देते हैं और कोई न कोई लोभलालच दे कर अपराधी इस तरह का ऐप इंस्टाल करा देते हैं और फिर यूजर के फोटो, वीडियो, कौन्टैक्ट, ओटीपी और मैसेज जैसी जानकारी ले लेते हैं.

दरअसल, ऐप Gay Apps डाउनलोड करते समय वह जो परमीशन मांगता है, उस का खास ध्यान रखना चाहिए. लोकेशन एक्सेस, कैमरा एक्सेस और कौन्टैक्ट एक्सेस मांगे तो इस की मंजूरी देने के पहले सोचना चाहिए.

किसी के विश्वास में आ कर कोई भी ऐप इंस्टाल नहीं करना चाहिए. जिसे पहचानते न हों, उस से या नेट से चाहे जहां से ऐप इंस्टाल नहीं करना चाहिए. इस तरह के अपराध विदेश से औपरेट होते हैं. ऐसे अपराध रोकने के लिए केवल जागरूकता की जरूरत है.

 

 

Honeytrap Gang में शामिल पत्रकार और वकील

Honeytrap Gang बलोदा बाजार भाटापारा के इस हनीट्रैप गैंग में एडवोकेट से ले कर पत्रकार तक शामिल थे. ये लोग शहर के नामी व्यक्तियों को अपने जाल में इतनी आसानी से फांस लेते थे कि शिकार को लाखों रुपए ढीले करने पर मजबूर होना पड़ता था. जैसे ही यह बात पुलिस तक पहुंची तो…

रघुवीर सहाय की जब से कोमल से फेसबुक पर फ्रेंडशिप हुई थी, वह बहुत बेचैन हुए जा रहा था. वह उस से मिलने के लिए लालायित था. रघुवीर सहाय ने आखिर एक दिन कोमल से रिक्वेस्ट करते हुए कह दिया, ”हां तो कोमलजी, हम लोग कब मिल रहे हैं?’’

”मिलेंगे, मगर आप इतना जल्दी क्यों कर रहे हैं?’’ दूसरी तरफ से इठला कर कोमल ने कहा.

”देखो भाई, आज हम मिलें या फिर कल, मिलना तो है. ऐसे में आज के काम को आज ही क्यों न निपटा लें.’’

”वाह! आप का तो कोई जवाब नहीं. आप से बातों में मैं भला कहां जीत पाऊंगी.’’ कोमल ने कहा तो रघुवीर सहाय हंसते हुए बोला, ”तो फिर ठीक है, बताओ कहां आऊं?’’

”ठीक है, मैं आप को एक घंटे में बताती हूं कि हम को कहां मिलना चाहिए.’’

”ओके… जरा जल्दी बताना. मैं तुम से मिलने को बेताब हूं.’’

यह सुन कर कोमल हंसने लगी फिर बोली, ”अभी 4 दिन ही तो हुए हैं हमें फेसबुक पर मुलाकात किए हुए और आप इतनी जल्दी मिलना चाहते हैं. सच कहूं तो मैं भी आप से मिलने को आतुर हूं. मगर…’’ यह बात कर के कोमल चुप हो गई.

”कहो न क्या बात है, तुम्हारी

यही अदा मुझे बहुत अच्छी लगती

है. बातोंबातों में एक ऐसा रहस्य खड़ा कर देती हो कि बस पूछो मत.’’

”दरअसल , मेरा पति मुझे परेशान करता है, मैं उसे जल्द छोड़ दूंगी.’’

”ठीक है. अच्छा मिल कर बात करेंगे, तुम मुझे बताना मैं अपना कुछ काम भी निपटा लेता हूं तब तक.’’

आखिरकार रात को 10 बजे कोमल ने अपने घर पर ही मिलने का मैसेज रघुवीर सहाय को भेज दिया. उस ने बताया कि पति महाशय रायपुर गए हुए हैं और अब अगले दिन ही लौटेंगे, इसलिए हम यहां बड़े आराम से मिल सकते हैं. रघुवीर सहाय कोमल के यहां पहुंच गया और उसे वहां पहुंचे हुए अभी 15 मिनट ही हुए थे कि बाहर होहल्ला मचने लगा. वह कुछ करते, एक व्यक्ति और 2 वरदीधारी पुलिस वाले भीतर आ गए और एक शख्स रघुवीर सहाय को गालियां देते हुए मारने लगा. उस व्यक्ति ने कहा, ”मैं इस का पति हूं और मुझे इस हरामजादी पर पहले से शक था.’’

फिर उस ने मोबाइल निकाल कर के वीडियो बनानी शुरू कर दी और चिल्ला कर बोला, ”तुम को तो मैं जेल भिजवाऊंगा.’’

एक पुलिस वाले ने घुड़क कर कहा, ”चलो थाने! वहां तुम्हारी ठीक से खातिरदारी करेंगे.’’

यह सुन कर रघुवीर सहाय घबरा गया और हाथ जोड़ कर माफी मांगने लगा. एक पुलिस वाले ने कोमल के पति को शांत करते हुए कहा, ”देखो, यह इज्जतदार आदमी लगता है और थाने पुलिस से तुम्हारी भी इज्जत मिट्टी में मिल जाएगी.’’

”हांहां, यह सच है…’’ रघुवीर सहाय ने कहा.

”इसे यहीं दंड दो और भगा दो.’’ दूसरे पुलिस वाले ने सलाह देते हुए कहा.

”चलो ठीक है, मुझे 10 लाख रुपए तुम अभी के अभी दो.’’

”मैं…मैं दे दूंगा.’’ रुपए देने का वादा कर रघुवीर सहाय घिघियाते हुए किसी तरह जान बचा कर वहां से नौ दो ग्यारह हो गया. यह बात छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार भाटापारा जिले की है.

पीडि़त ने एसपी को सुनाई आपबीती

दोपहर के यही कोई 12 बजे थे. बलौदा बाजार भाटापारा के एसपी सदानंद कुमार अपने औफिस में रोजमर्रा के काम निपटाते हुए फाइलों पर दस्तखत कर रहे थे और मिलनेजुलने वालों से बातें भी कर रहे थे कि तभी रघुवीर सहाय उन के समक्ष हाथ जोड़ कर खड़ा हुआ और बोला, ”सर, मैं आप से कुछ अकेले में कुछ बात करना चाहता हूं?’’

एसपी सदानंद कुमार ने एक नजर उस शख्स पर डाली फिर मामले की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने कुछ देर में वहां मौजूद अन्य लोगों को बाहर भेज कर उस से रूबरू हुए तो रघुवीर सहाय रुआंसा होते हुए बोला, ”सर, मैं बरबाद हो गया हूं. दरअसल, मुझ से 20 लाख रुपए कुछ लोगों ने डराधमका कर ले लिए हैं.’’

यह सुन कर के सदानंद कुमार उस की ओर गौर से देखने लगे और बैठा कर पानी पीने को कहा और फिर कहा, ”अपनी बात को विस्तार से बताओ.’’

इस के बाद रघुवीर सहाय ने जो बातें पुलिस कप्तान के समक्ष रखीं तो उन के मुंह से बरबस निकला, ”ओह, तो यह सब (Honeytrap) हनीट्रैप का मामला है.’’

‘हनीट्रैप’ शब्द सुनते ही वह आश्चर्यचकित हो कर एसपी साहब का मुंह ताकता रह गया.

”देखो, तुम निश्चिंत रहो, इस के पीछे जो लोग भी हैं, पुलिस और कानून से बच नहीं सकते.’’ सदानंद कुमार ने उसे आश्वस्त कर के वहां से भेज दिया.

 इस के बाद उन्होंने अपने तरीके से जब जिला बलौदा बाजार भाटापारा के कुछ अन्य महत्त्वपूर्ण लोगों और सूत्रों से बातचीत की तो यह बातें सामने आ गईं कि शहर में ऐसी  लगभग 10 घटनाएं घटित हो चुकी हैं और नगर के गणमान्य लोग इस में अपनी इज्जत बचाने के चक्कर में पुलिस के समक्ष शिकायत करने नहीं आ रहे हैं. एसपी सदानंद कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की 5 टीमें बनाईं. उन्होंने सभी टीमों को निर्देश दिए कि वह जल्द से जल्द इस मामले को सौल्व कर हनीट्रैप के आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजें.

कोतवाली, बलौदा बाजार के टीआई अजय झा और पुलिस की टीमों ने एसपी के निर्देशन में जांच शुरू कर दी और बहुत जल्द आरोपियों को सबूत के साथ गिरफ्त में भी ले लिया. एसडीओपी निधि नाग ने 31 मार्च, 2024 को मामले का खुलासा करते हुए पत्रकारों को बताया कि मामले की जांच में मुख्य आरोपी प्रत्यूष मरैया उर्फ मोंटी, कनक टंडन, पूर्व विधायक प्रतिनिधि शिरीष पांडेय, एडवोकेट महान मिश्रा समेत दूसरे आरोपियों के नाम सामने आए हैं.

ये सभी आरोपी गैंग की महिलाओं को जाल में फांसे गए लोगों के घर भेजते थे, जहां महिलाएं जा कर संबंधित शख्स को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देती थीं. धमकी के बाद बदनामी के डर से आरोपी पीडि़त से मोटी रकम की उगाही करते थे. इस के बाद सर्च वारंट जारी कर पुलिस ने आरोपियों के निवास और दूसरे ठिकानों में सर्च अभियान चलाया. मुख्य आरोपी कनक टंडन, मोंटी उर्फ प्रत्यूष मरैया, शिरीष पांडेय फरार थे. कनक टंडन के घर के बाहर पुलिस बल लगाया गया और सरगना की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार पतासाजी करने लगीं.

पुलिस लगातार छापेमारी करती रही. शहर के नामी लोगों को टारगेट बना कर गिरोह लगातार ब्लैकमेल करता रहा.

मंत्री की दखल से तेज हुई पुलिस काररवाई

यह चर्चित सैक्स स्कैंडल जब कुछ समय तक ठंडे बस्ते में चला गया और आरोपी नहीं पकड़े गए तो शहर में इस की चर्चा होने लगी. समाचार पत्रों में यह मामला सुर्खियां बटोरने लगा. ऐसे में छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बनी थी. हनीट्रैप मामले की जानकारी स्थानीय विधायक और राज्य सरकार में खेल और युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा को हुई तो उन्होंने एसपी को शीघ्र काररवाई के लिए कहा. आखिरकार कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली.

बलौदा बाजार के इस सैक्स स्कैंडल मामले में टारगेट को फंसा कर रकम वसूल करने में जनप्रतिनिधि, पुलिस और कथित पत्रकार की भी भूमिका सामने आई. मंगलवार 9 जुलाई, 2024 को आखिरकार  लंबे समय से चर्चा में रहे हनीट्रैप मामले में एक महिला आरोपी को पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद कोर्ट के पास गिरफ्तार कर लिया तो यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया. पकड़ी गई महिला विनीता (27 वर्ष) शिव मंदिर, बलौदा बाजार की रहने वाली थी.

पूछताछ में विनीता ने पुलिस के सामने आखिर हथियार डाल दिए और सारेघटनाक्रम को सिलसिलेवार बयान किया. एसपी सदानंद कुमार के निर्देश पर पुलिस ने 3 युवतियों और एक युवक को पहले गिरफ्तार किया था. आरोपियों में कई नामचीन लोग शामिल थे. ये सभी एक रैकेट बना कर धनवान, शासकीय एवं प्राइवेट नौकरी से रिटायर्ड लोगों को हनीट्रैप में फंसा रहे थे. फिर उन्हें बदनाम करने की धमकी दे कर उन से मोटी रकम वसूल रहे थे.

जांच के दौरान पुलिस ने अनेक पीडि़तों से विस्तार से पूछताछ की गई, जिस में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य सरगना शिरीष पांडे, गीतांजलि फेकर, मोंटी उर्फ प्रत्यूष मरैया, कनक टंडन, महान मिश्रा व अन्य इस सैक्स स्कैंडल में शामिल थे. पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. उन्होंने हनीट्रैप (Honeytrap) के जरिए 41 लाख रुपए की वसूली करने की बात कुबूल कर ली.

गैंग में वकील और पत्रकार भी शामिल

यह गिरोह बड़े ही शातिर तरीके से अपने काम को अंजाम दिया करता था तथा गिरोह के सभी सदस्यों के काम अलगअलग थे. गिरोह का मुख्य सरगना एवं मास्टरमाइंड शिरीष पांडे एवं विनीता थे. शिरीष पांडे एवं विनीता द्वारा बलौदा बाजार नगर में मोटे पैसे वाले लोगों को चिह्निïत किया जाता था. उस के बाद शिरीष पांडे द्वारा खुद की पहुंच अपनी राजनीतिक दखल एवं पहचान का प्रभाव दिखाते हुए टारगेट से मेलजोल बढ़ा कर उन को लड़की उपलब्ध करने का झांसा दिया जाता था.

दोनों मुख्य आरोपी स्थानीय बलौदा बाजार के निवासी हैं. ये दोनों ही लड़कियों के शहर में रहने, खानेपीने एवं अन्य सुविधाओं का इंतजाम करते थे. इस के बाद उन लड़कियों को अपने टारगेट के पास भेजते थे. लड़की के जाने के थोड़ी देर बाद खुद दोनों आरोपी मौके पर पहुंच कर स्वयं को लड़की के परिजन बता कर टारगेट को ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करते थे. इस दौरान पीडि़त उन से डर कर पैसे देने के लिए तैयार हो जाता था. इन में दीप्ति बंजारे नाम की महिला टारगेट को फंसाने के लिए लड़कियों का इंतजाम करती थी.

यही गिरोह से संपर्क के माध्यम से लड़कियों को बुला कर टारगेट के पास भी भेजती थी. खुद को पत्रकार बताने वाला आशीष शुक्ला पत्रकारिता की आड़ में हनीट्रैप (Honeytrap) में फंसे व्यक्ति को धमकाने का काम करता था. आरोपी शुक्ला धमकी देता था कि यह अपराध प्रैस के माध्यम से लोगों तक प्रसारित कर दिया जाएगा. इस प्रकार डर दिखा कर वसूली करने का काम चल रहा था. आशीष शुक्ला द्वारा एक टारगेट से सवा लाख रुपए की मांग की गई थी, जिस में पीडि़त व्यक्ति ने 75 हजार रुपए का भुगतान आरोपी आशीष शुक्ला की दुकान में जा कर किया था.

बताया जाता है कि एक आरोपी महान मिश्रा पेशे से वकील है. यह अपनी पहुंच एवं पहचान का रौब दिखा कर उगाही की गई रकम को संभालने एवं आपस में बंटवारा करने का काम करता था. पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर जुडिशियल रिमांड पर भेजा गया तथा अन्य फरार आरोपी दीप्ति बंजारे, आशीष शुक्ला, शिरीष पांडे की तलाश की जा रही थी.

पुलिस ने यह कथा लिखे जाने तक आरोपी कनक टंडन (30 साल), उस के पति प्रत्यूष उर्फ मोंटी मरैया (28 साल), डा. अब्दुल कलाम बलोदा बाजार, साकिन अब्दुल कलाम बलौदा बाजार, प्रत्यूषा (22 साल) निवासी बिल्हा जिला बिलासपुर सहित एक अन्य आरोपी महान मिश्रा को गिरफ्तार किया था.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित. कथा में पात्रों के नाम परिवर्तित है.

 

 

तोते की गवाही : सजा उम्रकैद

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की एक अदालत में 23 मार्च, 2023 को काफी गहमागहमी थी. उस रोज एक बहुचर्चित मामले की सुनवाई होने वाली थी. केस आगरा से प्रकाशित होने वाले अखबार ‘स्वराज्य टाइम्स’के संपादक विजय शर्मा की पत्नी नीलम शर्मा की हत्या और उन के घर में लूटपाट का था. विशेष न्यायाधीश (दस्यु प्रभावी क्षेत्र) मोहम्मद राशिद के जरिए उस बहुचर्चित केस का फैसला सुनाया जाना था.

दोनों आरोपियों को न्यायालय में कड़ी सुरक्षा के बीच लाया जा चुका था. पीडित पक्ष के लोग पहले ही आ चुके थे. कोर्टरूम के बाहर बड़ी तादात में मीडिया की निगाहें भी उन पर टिकी हुई थीं. न्यायाधीश मोहम्मद राशिद कोर्टरूम में अपनी कुरसी पर बैठ चुके थे.

अखबार के संपादक के घर हुई वारदात

जिस मामले की सुनवाई होनी थी, वह वारदात दरअसल 9 साल पुरानी 20 फरवरी, 2014 की थी. उस रोज गंगे गौरीबाग, बल्केश्वर क्षेत्र के रहने वाले ‘स्वराज्य टाइम्स’ के संपादक विजय शर्मा अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए फिरोजाबाद गए हुए थे. अपने साथ बेटी निवेदिता और बेटे अंजेश को भी ले गए थे.

घर पर उन की 48 वर्षीया पत्नी नीलम शर्मा और वृद्ध पिता आनंद शर्मा रह गए थे. शर्मा को अपने बच्चों समेत उसी रोज आधी रात तक वापस लौट आना था. तय कार्यक्रम के अनुसार शर्मा बच्चों समेत लौट आए. घर का दरवाजा खटखटाते ही वह अपनेआप खुल गया. अंदर दाखिल हुए तो भीतर का दृश्य देख कर सन्न रह गए. सामने जो दिखा, उसे देख उन के होश उड़ गए. घर का सामान जहांतहां बिखरा पड़ा था. पत्नी नीलम के कमरे का दरवाजा भी खुला था. कमरे की लाइट जल रही थी.

शर्मा और बच्चे जैसे ही दरवाजे पर पहुंचे, बेटी निवेदिता और बेटे की चीख निकल गई. शर्मा कमरे घुसे. वहां पालतू जरमन शैफर्ड डौग ‘टफी’ भी खून से लथपथ पड़ा था. वहीं नीलम भी पास में ही मृत पड़ी थीं. उन के शरीर से बहुत सारा खून निकल कर पूरे फर्श पर फैल चुका था.

मां की लाश देख कर दोनों भाईबहन रोने लगे. शर्मा तो जड़वत बन गए थे. वे समझ नहीं पा रहे कि यह सब कैसे हो गया? ऐसा किस ने किया? पिता आनंद शर्मा का ख्याल आते ही उन के कमरे की ओर गए. उन के कमरे की बाहर से कुंडी लगी थी. कुंडी खोली तो भीतर अंधेरा था. संभवत: वह सो रहे थे. आनंद शर्मा बेसुध सोए हुए थे. सांस चलने की आवाज आ रही थी.

दोबारा अपने कमरे में आ कर ध्यान से देखा तो पाया कि पत्नी की धारदार हथियार से हत्या की गई थी. कुत्ते पर भी कई हमले की जाने का निशान था. अलमारी की तिजोरी के खुले होने पर गहने, नकदी आदि लूट के भी सबूत मिले. कमरे से बाहर पालतू तोते ‘हीरा’का पिंजरा शाल से ढंका हुआ था. बच्चों के द्वारा शाल हटाते ही तोता जोरजोर से पंख फडफ़ड़ाता हुआ चीखने लगा.

वारदातके मिटा दिए थे सबूत

शर्मा परिवार ने इधरउधर नजर दौड़ाई. उन्होंने पाया कि वारदात के सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की गई थी. दीवारों, फर्श आदि पर खून के दागधब्बे मिटाए जाने के निशान दिख रहे थे. फर्श की सफाई की गई थी. विजय शर्मा के घर से बच्चों के रोने और शोरशराबे की आवाज सुन कर कुछ पड़ोसी आ गए थे. वे भी घर का दृश्य देख कर दंग रह गए.

शर्मा ने इस बारे में पुलिस को सूचित कर दिया. संपादक की पत्नी के मर्डर की सूचना पा कर कुछ मिनटों में ही थाना न्यू आगरा से पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. शर्मा ने उन्हें अज्ञात बदमाशों द्वारा पत्नी और पालतू कुत्ते की हत्या के साथसाथ ज्वैलरी, नकदी, घड़ी व अन्य सामान लूट की आशंका जताई.

इस जानकारी को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने गहन जांच की, लेकिन फिंगरप्रिंट्स मिटाए जाने और दूसरे साक्ष्य खत्म किए जाने के चलते वारदात की तह तक जाने के सबूत नहीं मिले. हालांकि फोरैंसिक टीम को कुछ सबूत जमा करने में सफलता मिल गई थी

पुलिस के सामने हत्या और लूट की जांच एक बड़ी चुनौती थी. वे उलझन में पड़ गए थे कि हमलावर कितने लोग होंगे? घर में कैसे घुसे होंगे? इस के पीछे लूटपाट के अलावा और क्या कारण हो सकता है? इस पर पुलिस ने अनुमान लगाया कि संभव है नीलम या उस वक्त घर में मौजूद परिवार के दूसरे किसी ने सोने से पहले दरवाजा अंदर से बंद नहीं किया होगा. यह भी आशंका जताई गई कि पूरी वारदात को अंजाम देने वाला कोई परिचित भी हो सकता है.

पुलिस जांच टीम पालूत कुत्ते को धारदार हथियार से बेरहमी से मार दिए जाने को ले कर हैरान थी. नीलम की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी हत्या संबंधी कुछ जानकारियां मिल गई थीं. कुत्ते के शव का पोस्टमार्टम करवा कर उस की रिपोर्ट जुटा ली गई थी. पड़ोसियों ने कुत्ते के बारबार भौंकने की आवाजें सुनी थीं, लेकिन उन्होंने इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया था. कारण पालतु कुत्ता बीचबीच में अकसर भौंकता रहता था. उन्होंने पुलिस को घटना के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया.

पुलिस को नहीं मिला सुराग

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार नीलम के शरीर पर धारदार हथियार से 14 और पालतू कुत्ते ‘टफी’ पर 9 वार किए गए थे. गहरी चोटें और अत्यधिक खून बहने से दोनों की मौत हो गई थी. इस संबंध में थाना न्यू आगरा में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लूट व हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था.

नीलम शर्मा मर्डर केस के सबूत जुटाने और सुराग के लिए जांच टीम ने विजय शर्मा के घर को 3 दिनों तक सील कर दिया था. उन से पूछताछ के बाद पुलिस को 3 लोगों पर संदेह हुआ था, लेकिन सबूत के बिना उन के खिलाफ काररवाई नहीं हो पाई थी. विजय शर्मा ने भी अपने बयान में उन्हीं 3 लोगों पर शक जताया था, जिन पर पुलिस को संदेह था.

संदिग्धों में से एक व्यक्ति का संबंध जमीन खरीद को ले कर था. इस सिलसिले में उस के साथ रुपए के लेनदेन में कुछ ज्यादा ही विवाद हो गया था. उस से पूछताछ करने पर उस ने हत्या से इनकार कर दिया, लेकिन पैसे को ले कर शर्मा के साथ विवाद की बात मान ली.

कई दिन बीत जाने के बावजूद मामले को सुलझाया नहीं जा सका था. मामला एक अखबार के संपादक से जुड़ा हुआ था. इस कारण मीडिया में जांच की देरी को ले कर कई सवाल उठने और पुलिस पर दबाव भी बनने लगा था. तत्कालीन एसएसपी शलभ माथुर ने पुलिस की टीमें बनाईं और जल्द से जल्द इस घटना का परदाफाश करने के निर्देश दिए.

तोता ‘हीरा’ने दिया हत्यारे का सुराग

शर्मा परिवार को अपने पालतु कुत्ते ‘टफी’ और तोते ‘हीरा’ से काफी प्यार था. दोनों ही परिवार के सभी सदस्यों को अच्छी तरह पहचानते थे. तोता तो घर वालों की बातों को समझता भी था. श्रीमती शर्मा खुद और उन के दोनों बच्चे तोते से बातें भी किया करते थे. वह तुरंत बोल देता था.

नीलम शर्मा तोते को अपने हाथों से छोटाछोटा निवाला दिया करती थीं. तोता पिंजरे से नुकीली चोंच बाहर निकाल कर निवाला मुंह में ले लेता था. तुरंत गटकने के बाद खुशी से पंख फडफ़ड़ा देता था. नीलम शर्मा भी खुशी से बोल देती थीं, ‘‘चलो हो गया! बस बस!!’’

यही हाल टफी का भी था. उसे भी परिवार के सदस्यों के हाथों से परोसा गया उस का खाना या उस के लिए बाजार से मंगवाया गया खाना ही पसंद था. घटना को हुए 3 दिन बीत चुके थे, लेकिन पुलिस अभियुक्तों को पकडऩा तो दूर, उन का सुराग तक नहीं लगा पाई थी.

उधर मालकिन की मौत के बाद तोता ‘हीरा’ सुस्त हो गया था. उस ने खानापीना छोड़ दिया था. कारण उस से बात करने वाला कोई नहीं था. हत्यारे ने तोते के पिंजरे पर शाल डाल दी थी. पुलिस ने जांच के सिलसिले इस बात पर भी गौर किया. मतलब निकाला गया कि बदमाशों ने टफी की तो हत्या कर दी, लेकिन तोते ने भी शोर मचाया होगा, इस कारण उस के पिंजरे को शाल से ढंक दिया होगा.

पूछताछ में शर्मा ने जब किसी परिचित पर संदेह जताया तब उन्हें एक पड़ोसी ने तोते से बात करने की सलाह दी. शायद उस से कोई सुराग मिल सके. शर्मा और उन के बच्चों को यह बात सही लगी और वे पिंजरे के पास जा कर तोते से बात करते हुए कहा, ‘‘हीरा, हीरा! घर में मालकिन का कत्ल हो गया और तुम देखते रहे! बताओ, क्यों नहीं बचाया?’’

यह सुनते ही तोता अपना पंख तेजी से फडफ़ड़ाने लगा. पिंजरे में ही इधरउधर, ऊपरनीचे करने लगा. इस हालत से उस की बेचैनी साफ झलक रही थी. उस के शांत होने पर बेटी प्यार से बोली, ‘‘मेरे मिट्ठू! मेरे हीरा!! मम्मी को किस ने मारा? आशु ने मारा?’’

यह नाम सुनते ही तोता ‘आशु आशु’ कह कर तेजी से गरदन हिला कर चीखने लगा. ऐसा कई बार हुआ. आशुतोष उर्फ आशु विजय शर्मा का भांजा था. इस की जानकारी विजय शर्मा ने पुलिस को दी. यह भी बताया कि पत्नी के अंतिम संस्कार के दिन आशु घर आया था. उस के बाद वह एक बार भी घर नहीं आया. शर्मा के कहने पर पुलिस ने भी घर आ कर इस बात को देखा कि तोता आशु के नाम पर अपना गरदन ऊपर नीचे हिला कर ‘आशुआशु’ चीखने लगता था.

तोते की गवाही पर आशु हुआ गिरफ्तार

पुलिस ने 25 फरवरी, 2014 को अर्जुन नगर, थाना शाहगंज निवासी आशुतोष गोस्वामी उर्फ आशु को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उस ने इस घटना से इनकार किया, किंतु पूछताछ के दौरान उस के दाएं हाथ पर कई जख्म दिखाई दिए. इस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन जख्मों के बारे में जानना चाहा. इस पर आशु सकपका गया. चोट के संबंध में पुलिस के सवालों के आगे आशु टिक नहीं पाया. उस ने इस अपराध को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली. पुलिस के सामने जो कुछ बताया उस से काफी चौंकाने वाला सच सामने आया.

उस ने बताया कि इस घटना में उस का दोस्त रोनी मैसी भी शामिल था. उस की भी तुरंत गिरफ्तारी हो गई. दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कटार (चाकू), हत्या के दौरान लूटे गए गहने, नकदी व घड़ी समेत वारदात में प्रयोग किया गया स्कूटर बरामद कर लिया गया. हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने माल बरामदगी के साथ पूरा क्राइम सीन रीक्रिएट कर साक्ष्य जुटाए. आशु ने बताया कि उस ने अपने दोस्त रोनी मैसी के साथ मिल कर ही इस घटना को अंजाम दिया था. पहले वह मामामामी के घर में ही रहता था.

दरअसल, विजय शर्मा का बेटा अजेश मानसिक रूप से बीमार रहता था. तब उन्होंने अपने सगे भांजे आशुतोष गोस्वामी उर्फ आशु को बेटे की तरह पाला था, लेकिन उस के गलत आचरण की वजह से उन्होंने उसे अलग रहने को कह दिया. तब वह अपने दोस्त रोनी मैसी के साथ अर्जुन नगर में रहने लगा. लेकिन उस का अपने मामा के यहां आनाजाना लगा रहता था. उसे उन के घर की हर चीज की जानकारी थी.

आशु को मामा के पास घर में काफी गहने व नकदी मौजूद होने की जानकारी थी. उसे वारदात वाली रात को मामा के फिरोजाबाद में शादी में जाने और मामी के घर में अकेले होने की जानकारी थी. उसे रुपयों की जरूरत थी. इसी लूट के इरादे से उस ने अपनी योजना में दोस्त रोनी मैसी को भी शामिल कर लिया.

भांजा बना आस्तीन का सांप

योजना के अनुसार दोनों रात को स्कूटर से मामा के घर पहुंचे. आशु ने आवाज दे कर दरवाजा खुलवाया. आवाज पहचान कर मामी नीलम शर्मा ने दरवाजा खोल दिया. दोनों घर में घुस आए. पालतू कुत्ता टफी भौंका, लेकिन आशु ने उसे पुचकार कर शांत कर दिया. वह आशु को पहचानता था. रोनी मैसी नकाब में था. उस ने नीलम शर्मा को कमरे में ले जा कर उन्हें धमकाते हुए कहा कि यदि अपनी जान की खैर चाहती हो तो कैश और गहने निकाल कर दे दो.

पीछे से आशु भी कमरे में पहुंच गया. इस पर नीलम की नजर उस पर पड़ी. उन्होंने आशु से नाराज हो कर ऐसा करने से मना किया. इस पर आशु भी गुस्से में आ गया और साथ लाए तेज धार वाले कटार (चाकू) से नीलम शर्मा के ऊपर ताबड़तोड़ हमले कर दिए. वह तुरंत जमीन पर गिर पड़ीं.

नीलम पर हमला होते देख पालतू कुत्ता ‘टफी’ आशु पर झपट पड़ा. अपने बचाव में आशु ने कटार से कुत्ते पर भी तेजी से लगातार वार कर दिया. उसे भी वहीं मार डाला. यह देख कर पिंजरे में बंद तोते ने शोर मचाया तो उन्होंने पिंजरा वहां पड़े शाल से ढक दिया. मामी और कुत्ते की हत्या के बाद गहने, नकदी आदि लूट कर दोनों फरार हो गए. फरार होने से पहले दोनों ने सारे सबूत भी मिटा दिए.

आशु और रोनी के इन बयानों के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ भादंवि की धारा 394, 302, 429, 411, 4/25 आम्र्स ऐक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश कर दिया. कोर्ट में सुनवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया.

9 साल बाद मिला न्याय

इस सनसनीखेज केस की सुनवाई आगरा जिले के विशेष न्यायाधीश (दस्यु प्रभावी क्षेत्र) मोहम्मद राशिद की कोर्ट में 9 साल तक चली. पुलिस ने जो चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी, उस में जुटाए गए साक्ष्य ज्यादा ठोस नहीं थे, लेकिन अभियोजन टीम ने इन को मजबूत साक्ष्यों के रूप में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया. इस मामले में फोरैंसिक टीम जांच के बाद किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी थी.

अभियोजन पक्ष के पास परिस्थितिजन्य साक्ष्य के अलावा गवाह भी थे, लेकिन वह बहुत अधिक मजबूत नहीं लग रहे थे. ऐसे में अभियोजन पक्ष के सामने उन्हीं साक्ष्यों के आधार पर दोषियों का दोष सिद्ध कर उन्हें सजा दिलाने की कड़ी चुनौती थी.

अभियोजन टीम ने इस संबंध में आगरा के संयुक्त निदेशक अभियोजन महेंद्र कुमार दीक्षित से सलाहमशविरा किया. अभियोजन पक्ष, जिस में वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी जय नारायण गुप्ता, अभियोजन अधिकारी मनीष कुमार तथा एडीजीसी (क्राइम) आदर्श चौधरी शामिल थे, ने ठोस साक्ष्यों के अभाव के बावजूद अथक परिश्रम कर मौजूद साक्ष्यों की छोटी से छोटी कडिय़ों को जोड़ कर दमदार पैरवी की.

दोषियों को हुई उम्रकैद

9 साल तक केस का ट्रायल चला. बहस के दौरान अभियोजन टीम ने अपना पक्ष न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया. इस केस में वादी संपादक विजय शर्मा की कोरोना के दौरान 2021 में मृत्यु हो चुकी थी. अभियोजन पक्ष की ओर से 14 गवाह पेश किए गए. इन में वादी की बेटी निवेदिता तथा 3 अन्य गवाह लोकेश शर्मा, हरेश पचौरी व सुनील शर्मा के बयानों को आधार बनाया.

अभियोजन टीम ने बहस के दौरान कहा कि गवाह लोकेश शर्मा ने आरोपी आशुतोष गोस्वामी व उस के दोस्त रोनी मैसी को स्कूटर पर विजय शर्मा के घर की ओर जाते देखा था. वहीं हरेश पचौरी ने उसी स्कूटर पर आशुतोष गोस्वामी व उस के दोस्त को निकलते देखा था. जबकि गवाह सुनील शर्मा ने घटना के बाद जब मृतका नीलम शर्मा की डैडबौडी पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए घर पर आई तो उस समय आरोपी आशुतोष गोस्वामी उर्फ आशु, जिसे वे पहले से जानते थे, को वहां देखा. आशुतोष के हाथ पर चोट के निशान थे, जो मृतका नीलम की हत्या के समय उन के पालतू डौगी द्वारा आशुतोष पर हमला किए जाने के दौरान आए थे.

बहस के दौरान अभियोजन अधिकारियों ने कहा कि उस के बाद आरोपी आशुतोष व उस का दोस्त रोनी मैसी फरार हो गए. बाद में पुलिस ने दोनों को उसी स्कूटर सहित गिरफ्तार कर लिया और उन की निशानदेही पर मृतका नीलम के घर से लूटे गए आभूषण, नकदी तथा हत्या में प्रयुक्त (आलाकत्ल) कटार को बरामद कर लिया गया.

घटना के समय नीलम शर्मा के वफादार पालतू जरमन शैफर्ड डौग टफी तथा तोते ने अपनी अपनी तरह से आरोपियों का प्रतिरोध किया था. इस दौरान आशुतोष के शरीर पर चोटें आई थीं. इस पर आशुतोष ने डौग टफी को मार दिया गया व तोते के शोर मचाने पर पिंजरे को शाल से ढंक दिया गया था. इस के बाद हत्या व लूट को अंजाम दिया. इन आरोपियों के अलावा यह अपराध अन्य किसी ने नहीं किया है. अभियुक्तों की ओर से एक गवाह पेश किया गया. जिस की गवाही न्यायालय ने नहीं मानी. वहीं बचाव पक्ष की दलीलों को भी नकार दिया गया.

कोर्ट में पेश किए गए गवाहों, सबूतों और दोनों ओर के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश मोहम्मद राशिद ने दोनों आरोपियों आशुतोष गोस्वामी उर्फ आशु और रोनी मैसी को दोषी मानते हुए उम्रकैद व 72 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई.

दोनों आरोपियों को 4 मामलों में सजा सुनाई गई. आशुतोष और रोनी मैसी को धारा 394 भादंवि लूट के मामले में 10 वर्ष के कठिन कारावास और 10 हजार रुपए का जुरमाने की सजा मिली, वहीं धारा 302 आईपीसी में आजीवन कारावास और 20 हजार रुपए जुरमाना था. धारा 429 आईपीसी में 4 वर्ष कारावास, 3 हजार रुपए जुरमाना, धारा 411 आईपीसी में लूटा गया माल बरामदगी में 3 वर्ष के कारावास और 2 हजार रुपए का जुरमाना तथा आशुतोष को धारा 4/25 आयुध अधिनियम में 2 वर्ष के कारावास और 2 हजार रुपए जुरमाने की सजा सुनाई गई. कोर्ट ने कहा कि सभी सजाएं साथसाथ चलेंगी.

दोनों अभियुक्तों आशुतोष गोस्वामी उर्फ आशु और उस के दोस्त रोनी मैसी जमानत पर थे. वे दोनों कोर्ट में मौजूद थे. पुलिस ने फैसला सुनाए जाने के बाद दोनों को हिरासत में ले कर जेल भेज दिया.

एडीजीसी आदर्श चौधरी ने बताया कि इस केस में तोता ‘हीरा’ पुलिस की विवेचना का हिस्सा रहा था, लेकिन वह साक्ष्य का हिस्सा नहीं हो सका, क्योंकि कोर्ट में पक्षी की गवाही के लिए कोई कानूनन विधि नहीं है.

ऐसे अपराधी सोचते हैं कि वे मौके से साक्ष्य मिटा कर के अपना गला बचा लेंगे. सजा मिलने से ऐसे अपराधियों को खौफ होगा और न्याय की देवी पर लोगों का भरोसा कायम रहेगा.

अंकुश पर अंकुश लगाना पड़ गया भारी

पृथ्वी हांडा परिवार के साथ पंजाब प्रांत के जालंधर शहर के मौडल टाउन में अपनी विशाल कोठी में रहते थे. उन के परिवार में पत्नी सुजाता के अलावा एकलौता बेटा जतिन था. कोठी से कुछ दूरी पर मेनमार्केट में उन की 2 दुकानें थीं. एक में हांडा डेयरी थी, जिस में शुद्ध देसी घी का थोक कारोबार होता था तो दूसरी में रेडीमेड गारमेंट्स का. क्वालिटी के लिए उन की दोनों ही दुकानें शहर भर में प्रसिद्ध थीं. दोनों दुकानें घर से ज्यादा दूर नहीं थीं, इसलिए बापबेटा कोठी से दुकानों तक पैदल टहलते हुए चले जाते थे. हांडा डेयरी का काम पृथ्वी हांडा खुद देखते थे, जबकि हांडा कलेक्शन यानी गारमेंट्स की दुकान उन का बेटा जतिन संभालता था. बापबेटे के दुकानों पर चले जाने के बाद घर में सुजाता हांडा के अलावा 17 साल का नौकर हरीश ही रह जाता था. शरीर भारी होने की वजह से सुजाता को चलनेफिरने में दिक्कत होती थी, इसलिए घर के कामों में मदद के लिए उन्होंने हरीश को रखा हुआ था. 20 सितंबर, 2016 की शाम 5 बजे पृथ्वी हांडा ने जतिन की दुकान पर जा कर कहा, ‘‘बेटा, आज मंगलवार है. थोड़ी देर में तुम घर चले जाना और घर में रखा प्रसाद ले जा कर हनुमान मंदिर में चढ़ा देना.’’

‘‘ठीक है पिताजी, मैं थोड़ी देर बाद चला जाऊंगा.’’ जतिन ने कहा, इस के बाद पौने 6 बजे वह घर के लिए निकला तो करीब 15 मिनट बाद 6 बजे के करीब वह कोठी पर पहुंच गया. उस ने कोठी का मेन गेट अंदर से बंद देखा तो उसे हैरानी हुई, क्योंकि कोठी का मुख्य गेट केवल रात को ही बंद होता था.

बहरहाल, कुछ सोचनेविचारने के बजाय जतिन ने डोरबैल बजाई. कई बार डोरबैल बजाने के बावजूद अंदर से कोई आहट सुनाई नहीं दी तो उसे चिंता हुई. पड़ोसी मि. कपूर ने जतिन को लगातार बैल बजाते देखा तो पास आ कर कहा, ‘‘बेटा, यह गेट लगभग आधे घंटे से बंद है और कुछ देर पहले कोठी के अंदर से चीखने की आवाज आई थीं. अंदर क्या हो रहा है, यह पता करने के लिए मैं ने भी खूब बैल बजाई थी, पर गेट नहीं खुला था.’’

‘‘ऐसा कैसे हो सकता है ’’ जतिन बुदबुदाया.

वह मि. कपूर से बातें कर ही रहा था कि तभी कोठी के अंदर खड़ी इनोवा कार के स्टार्ट होने की आवाज आई. जतिन चौंका. उसे लगा कि अंदर जरूर कुछ गड़बड़ है. समय न गंवा कर वह कोठी के 15 फुट ऊंचे मुख्यगेट पर चढ़ गया. जब वह अंदर कूदा तो 2 लड़के इनोवा कार से उतर कर कोठी के अंदर भागते दिखाई दिए.

वे लड़के इतनी तेजी से अंदर की ओर भागे थे कि वह उन्हें देख नहीं पाया. सिर्फ एक लड़के के कपड़े दिखाई दिए थे. वह नीली जींस और पीली शर्ट या टीशर्ट पहने था. लड़कों को कोठी के अंदर जाते देख जतिन उन के पीछे भागा, पर ड्राइंगरूम की ओर जाने वाली गैलरी में उसे नौकर हरीश खून से लथपथ पड़ा मिल गया तो वह उस के पास रुक गया. वह उसे झुक कर देखने लगा, तभी उसे छत पर जाने वाली सीढि़यों पर किसी की आवाज सुनाई दी.

हरीश को छोड़ कर जतिन सीढि़यों की ओर बढ़ा तो उस ने देखा कि जो लड़के कार से निकल कर अंदर आए थे, वे सीढि़यों से छत पर जा रहे थे. उन का पीछा करने के बजाय उस ने सीढि़यों का दरवाजा बंद कर के अंदर से कुंडी लगा दी और भाग कर हरीश के पास आया और उस की नब्ज टटोली तो पता चला कि उस की मौत हो चुकी है.

जतिन घबरा गया. मां को आवाज देते हुए वह ड्राइंगरूम में पहुंचा तो वहां मां को खून से लथपथ पड़ी देख कर वह उस से चिपट कर रोने लगा. तभी उसे लगा कि मां की सांसें चल रही हैं. अब तक उस के रोने की आवाज सुन कर कई पड़ोसी आ गए थे. जतिन ने खुद को संभाला और पड़ोसियों से पिता को फोन करवाने के साथ उन्हीं की मदद से मां को नजदीक के एक अस्पताल ले गया.

वहां के डाक्टरों ने सुजाता का प्राथमिक उपचार कर के उन्हें पटेल अस्पताल ले जाने को कहा. लेकिन पटेल अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन की मौत हो गई. उस समय तक पृथ्वी हांडा भी अस्पताल पहुंच गए थे. जब उन्हें पत्नी की मौत का पता चला तो दुखी हो कर वह बेहोश हो गए.

सूचना पा कर थाना डिवीजन नंबर-6 के थानाप्रभारी इंसपेक्टर सतेंद्र चड्ढा भी अस्पताल पहुंच गए थे. उन्होंने जरूरी काररवाई कर सुजाता की लाश को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिया. इस के बाद उन्होंने पृथ्वी हांडा की कोठी पर आ कर नौकर हरीश की लाश को भी पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.

दिनदहाड़े हुई इन हत्याओं से शहर में सनसनी तो फैल ही गई थी, खबर पा कर शहर के तमाम व्यापारी पृथ्वी हांडा की कोठी पर जमा हो गए थे. सभी में दहशत का माहौल था. एसीपी, डीसीपी, एडीसीपी (क्राइम) तथा पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला भी आ गए थे. फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, डौग स्क्वायड, क्राइम टीम अधिकारियों के साथ ही एवं फोटोग्राफर ने भी आ कर अपना काम शुरू कर दिया था.

घटनास्थल यानी कोठी की जांच में पुलिस ने हांडा की कोठी के कंपाउंड में खड़ी इनोवा कार से एक सेफ बरामद की थी, जो कोठी के अंदर से ला कर कार में रखी गई थी. इस का मतलब था सुजाता और नौकर हरीश की हत्या लूटपाट के लिए की गई थी. जाहिर है, हत्यारे सेफ को कार से अपने साथ ले जाना चाहते थे.

कोठी के अंदर जिस कमरे में सेफ रखी थी, उस में एक अलमारी भी थी, जिस का सारा सामान कमरे में बिखरा पड़ा था. अलमारी को देख कर पृथ्वी हांडा ने बताया कि अलमारी से ढाई, पौने 3 लाख रुपए नकद और करीब 10 लाख रुपए के गहने गायब हैं. इस के अलावा वे सुजाता के पहने गहने भी उतार ले गए थे.

पूछताछ में पुलिस को ऐसा कोई सुराग नहीं मिला, जिस से लुटेरों तक पहुंचा जा सकता. लेकिन पुलिस ने इतना जरूर अंदाजा लगा लिया था कि जिस ने भी वारदात को अंजाम दिया था, उसे हांडा परिवार की दिनचर्या और कोठी के कोनेकोने की जानकारी थी.

पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों की मीटिंग कर के थानाप्रभारी सतेंद्र चड्ढा के नेतृत्व में एसआई नरेंद्र सिंह, जसवंत कौर, एएसआई महावीर सिंह, लखविंदर सिंह, हैडकांस्टेबल जागीरी लाल, सुखविंदर सिंह, संदीप कौर तथा स्पैशल स्टाफ के एएसआई सुरजीत सिंह और सुनीत को मिला कर एक टीम बनाई और जरूरी निर्देश दे कर टीम को इस मामले की जांच सौंप दी.

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को एक्टिवा स्कूटर की एक चाबी और टोपी मिली, जो शायद लुटेरों से हड़बड़ी में छूट गई थी. गली में लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस को कोई मदद नहीं मिल सकी. चाबी मिलने से यह अंदाजा लगाया गया कि हो सकता है कोठी के आसपास कोई एक्टिवा स्कूटर खड़ी हो.

सतेंद्र चड्ढा ने कोठी के आसपास तलाश की तो हांडा की कोठी से कुछ दूरी पर एक एक्टिवा स्कूटर लावारिस हालत में खड़ी मिल गई. उन्होंने कोठी में मिली चाबी उस में लगाई तो वह स्टार्ट हो गई. इस का मतलब वह एक्टिवा स्कूटर लुटेरों की थी. पुलिस ने रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उस के मालिक के बारे में पता किया तो पता चला कि एक्टिवा मिट्ठापुर के रहने वाले विजय कुमार के नाम रजिस्टर्ड थी.

विजय कुमार से जब स्कूटर के बारे में पूछा गया तो उस ने बताया कि एक्टिवा को ज्यादातर उस का 20 साल का बेटा अंकुश चलाता था. एक दिन पहले उस ने बताया था कि बाजार से उस की स्कूटर चोरी हो गई थी, जिस की उस ने रिपोर्ट लिखवा दी थी.

सतेंद्र चड्ढा ने अंकुश के बारे में पूछा तो विजय कुमार ने बताया कि वह पिछली रात से घर नहीं आया था. उन्होंने अंकुश की फोटो और मोबाइल नंबर ले लिया. पुलिस ने उस का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगवा कर उस की फोटो की कौपी बनवा कर पुलिस वालों के अलावा मुखबिरों को भी दे दीं ताकि वे उस के बारे में पता कर सकें.

2 दिनों बाद यानी 25 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर बसअड्डे के पास से अंकुश को एक लड़के के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. थाने ला कर पूछताछ की गई तो पता चला उस के साथ पकड़े गए लड़के का नाम सतीश था. उन दोनों ने ही अन्य 2 साथियों अजय और मलकीत के साथ मिल कर सुजाता हांडा और नौकर हरीश को हौकी और स्टिकपैन से जख्मी कर के लूटपाट को अंजाम दिया था.

इस के बाद दोनों की निशानदेही पर अजय और मलकीत को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े गए चारों अभियुक्तों को अदालत में पेश कर के पूछताछ एवं सामान बरामद करने के लिए 4 दिनों के पुलिस रिमांड पर ले लिया गया. रिमांड अवधि के दौरान अंकुश की निशानदेही पर रुपए तो अजय और मलकीत की निशानदेही पर गहने बरामद कर लिए गए. पूछताछ में पृथ्वी हांडा की पत्नी सुजाता और नौकर हरीश की हत्या तथा लूट की जो वजह सामने आई, वह मात्र बेइज्जती का बदला लेने के लिए किया गया अपराध था.

मिट्ठापुर के रहने वाले विजय कुमार की कपड़ों की सिलाई की दुकान थी, जो खास नहीं चलती थी. फिर भी रातदिन मेहनत कर के उस ने अपने दोनों बेटों अंकुश और विशाल को पढ़ाने की पूरी कोशिश की थी कि वे पढ़लिख कर कुछ बन जाएं. लेकिन उस का यह सपना पूरा नहीं हुआ. अंकुश तो आवारा निकला ही, उस ने छोटे भाई को भी अपने सांचे में ढालने की कोशिश की. लेकिन इस मामले में वह पूरी तरह सफल नहीं हुआ. इस की वजह यह थी कि विशाल थोड़ीबहुत बुद्धि का इस्तेमाल कर लेता था.

अंकुश अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए छोटेमोटे काम कर लिया करता था. इसी क्रम में वह पृथ्वी हांडा के यहां काम करने गया था. शुरू में उस ने मेहनत और ईमानदारी से काम किया, जिस से पृथ्वी हांडा को उस पर विश्वास हो गया. इस के बाद अंकुश ने घर की कोई जरूरत बता कर पृथ्वी हांडा से 10 हजार रुपए उधार ले लिए. उस ने 2 महीना बाद से 2 हजार रुपए महीना तनख्वाह से कटवाने को कहा था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी उस ने न तो रुपए लौटाए और न ही वेतन से रुपए काटने दिए.

हर महीने वह कोई न कोई बहाना कर के रुपए काटने से रोक देता था. इसी बीच पृथ्वी हांडा को अंकुश के बारे में पता चला कि वह जैसा दिखाई देता है, वैसा है नहीं. अंकुश की सच्चाई जान कर उन्हें बड़ा दुख हुआ और उन्होंने तय कर लिया कि वह उन के रुपए दे या न दे, अब वह उसे अपने यहां काम पर नहीं रखेंगे.

वेतन वाले दिन पृथ्वी हांडा ने वेतन देते समय अंकुश से पूछा, ‘‘तुम उधार के 10 हजार रुपए लौटा रहे हो या तुम्हारे वेतन से काट लूं ’’

‘‘इस महीने रहने दीजिए, क्योंकि भाई का एडमीशन कराना है और पिताजी भी बीमार हैं.’’

पृथ्वी हांडा को पता था कि अंकुश झूठ बोल रहा है, इसलिए उन्होंने गुस्से में अंकुश की तनख्वाह उस के मुंह पर मार कर नफरत से देखते हुए कहा, ‘‘झूठा कहीं का, यहां से दफा हो जा. तू कभी नहीं सुधर सकता.’’

पृथ्वी हांडा ने अंकुश को जो भी कहा था, दुकान के सभी नौकरों के सामने कहा था, जिस से ये बातें उसे बहुत बुरी लगी थीं. उन की इन बातों से नाराज हो कर उस ने उन्हें सबक सिखाने का निश्चय कर लिया. उसी दिन से वह हांडा परिवार का ऐसा दुश्मन बन गया, जिस के बारे में उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था.

अंकुश पृथ्वी हांडा को सबक सिखाने की योजना बनाने लगा. लेकिन यह काम वह अकेला नहीं कर सकता था, इसलिए उस ने अपने सहपाठियों सतीश, मलकीत और अजय को यह कह कर अपनी योजना में शामिल कर लिया कि हांडा के घर लूट में करोड़ों रुपए मिलेंगे. सभी नादान उम्र कि युवक थे, इसलिए बिना सोचेसमझे वे अंकुश की बातों में आ गए. अंकुश ने अपने भाई विशाल को भी योजना में शामिल कर लिया. इस के बाद अंकुश ने 28 मई, 2016 को अपने इन्हीं साथियों के साथ मिल कर पृथ्वी हांडा की दुकानों में आग लगा दी. उस ने सोचा था कि आग से ताले और शटर पिघल जाएंगे तो वे अंदर जा कर लूट कर लेंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

इस योजना में असफल होने के बाद 20 सितंबर को अंकुश ने साथियों के साथ पृथ्वी हांडा की कोठी पर लूट की योजना बनाई. लेकिन इस में विशाल शामिल नहीं हुआ. योजना के अनुसार, अंकुश मलकीत के साथ ठीक साढ़े 5 बजे पृथ्वी हांडा की कोठी में दाखिल हुआ.

कोठी में दाखिल होने से पहले उस ने अपनी एक्टिवा स्कूटर कोठी से थोड़ी दूरी पर खड़ी कर दी थी. सतीश को उस ने बाहर खड़ा कर दिया था ताकि कोई खतरा दिखाई दे तो वह उसे आगाह कर सके. अंकुश अपने साथ एक हौकी ले कर आया था. कोठी के अंदर जाने से पहले उन्होंने मुख्य गेट को अंदर से बंद कर के ताला लगा दिया था.

कोठी में दाखिल होते ही अंकुश का सामना नौकर हरीश से हुआ तो बिना कोई बातचीत किए उस ने हरीश के सिर पर हौकी से अंधाधुंध वार कर किए. हरीश का सिर फट गया, जिस से खून बहने लगा. वह चीख कर फर्श पर गिर पड़ा था. उसी बीच मलकीत रसोई में से स्टिकपैन उठा लाया और उस ने भी उस के सिर पर कई वार किए. इस मारपीट से हरीश बेहोश हो गया.

हरीश चीखा तो उस की चीख सुन कर ड्राइंगरूम में बैठी सुजाता उठ कर उसे देखने आईं. उसी वक्त अंकुश और मलकीत उन पर भी टूट पड़े. वह भी खून से लथपथ हो कर फर्श पर गिर पड़ीं.

इस के बाद अंकुश ने फटाफट सुजाता के शरीर के गहने उतारे और अंदर अलमारी में रखा कैश और आभूषण अपने कब्जे में ले लिए. वहां रखी सेफ को उठा कर वे बाहर ले आए और इनोवा कार में रख दिया. कार की चाबी कहां रखी रहती है, यह अंकुश को पता था. सेफ में काफी दौलत रखी है, यह भी उसे पता था.

उन्होंने सेफ रख कर जैसे ही कार स्टार्ट की, उसी समय जतिन कोठी के अंदर कूदा. उसे देख कर अंकुश और उस के साथी कार छोड़ कर कोठी के अंदर गए और सीढि़यों से छत पर जा कर पीछे से कूद कर भाग गए. भागने में अंकुश की एक्टिवा स्कूटर की चाबी गिर गई, जिस से वे पकड़े गए. रिमांड अवधि समाप्त होने पर इंसपेक्टर सतेंद्र चड्ढा ने अंकुश, मलकीत, सतीश और अजय को अदालत में पेश किया, जहां से सभी को जिला जेल भेज दिया गया.

– कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित