सुलतान औफ दिल्ली (वेब सीरीज रिव्यू)

सुलतान औफ दिल्ली (वेब सीरीज रिव्यू) – भाग 4

मिलन लूथरिया निर्मातानिर्देशक के साथ गीतकार भी इस वेब सीरीज के लिए बने हैं. फिल्म में संगीत अनु मलिक, अमाल मलिक, संगीत और सिद्धार्थ ने दिया है. संगीत दर्शकों को सुनने में काफी अच्छा भी लगेगा. सस्पेंस और थ्रिलर के दौरान बजने वाला संगीत आप को 1978 में रिलीज हुई फिल्म ‘डान’ से मेल खाता हुआ नजर आएगा.

ताहिर राज भसीन

फिल्म के मुख्य किरदार ताहिर राज भसीन अभिनय का आजमाया हुआ चेहरा है. भसीन ने इस वेब सीरीज से पहले 2014 में ‘मर्दानी’ में नेगेटिव रोल किया है. मल्टीस्टारर फिल्म 2019 में आई ‘छिछोरे’ में भी उस ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.

इस के अलावा रणवीर कपूर अभिनीत पहले वर्ल्ड कप क्रिकेट कप्तान कपिल देव की बायोपिक फिल्म ’83’ में ताहिर राज भसीन ने सुनील गावस्कर की भूमिका निभाई थी. भसीन का जन्म दिल्ली के पंजाबी परिवार में हुआ था. भसीन ने टीवी सीरियलों में भी काम किया था.

इतने सफल कलाकार होने के बावजूद वेब सीरीज की सफलता के लिए भसीन को अंग प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ा. वेब सीरीज में एक अन्य अभिनेता निशांत दहिया को भी सफल कलाकार बनने के लिए अंग प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ा. अभी तक वेब सीरीज में महिला कलाकारों से अंग प्रदर्शन का करार कर के उसे हिट कराने का काम डायरेक्टर करते चले आए हैं.

यह ओटीटी जगत में पुरुषों की फूहड़ता के बढ़ रहे चलन की तरफ इशारा कर रहा है. इस से पहले ओटीटी के लिए सैफ अली खान ने ऐसा किया था. इन दोनों कलाकारों ने जहां अपने कपड़ों को उतारा, वहां ऐसे कोई भी हालात नहीं बन रहे थे. इस के बावजूद फिल्म डायरेक्टरों ने प्रचार के लिए इस फूहड़ सीन को बना कर उसे प्रमोशन एजेंडा में शुमार कराया, ऐसा प्रतीत होता है.

इन दोनों शौट के दौरान शानदार डायलौग डिलीवरी होनी थी, जो नहीं हुई. अगर यहां डायलौग डिलीवरी होती तो डायरेक्टर को पुरुषों के न्यूड सीन के सक्सेस रेट की नहीं सूझती.

अंजुम शर्मा

फिल्म में ताहिर राज भसीन का करीबी दोस्त और वेब सीरीज के अंत में दर्शकों को काफी सदमा देने वाला चरित्र अंजुम शर्मा का है. यह अभिनेता भी अपने फिल्मों में बेहतर काम के चलते सुर्खियां बटोर रहा है. मुंबई में जन्मे अंजुम शर्मा ने वेब सीरीज में नीलेंदु बंगाली की भूमिका निभाई है.

वह पूरी फिल्म में 60 के दशक में रहने वाले स्मार्ट बौय के लुक में हैं. मिलन लूथरिया के साथ काम करने का उस के लिए यह दूसरा मौका था. इस से पहले वह ‘वंस अपान ए टाइम इन मुंबई’ में काम कर चुका है. इस के अलावा ‘मिर्जापुर’ में उस ने शरद शुक्ला की भूमिका निभाई थी.

अंजुम शर्मा ने ‘स्लम डौग मिलिनेयर’ से बौलीवुड में कदम रखा था. उसे काफी अरसे से सफलता की तलाश थी. वह अमिताभ बच्चन के साथ 2016 में बनी ‘वजीर’ में भी भूमिका निभा चुका है. ‘सुलतान औफ दिल्ली’ वेब सीरीज अर्जुन भाटिया और नीलेंदु बंगाली के आसपास बनाई गई है.

अनुप्रिया गोयनका

इस वेब सीरीज में अनुप्रिया गोयनका ने कई जगह संभोग और आलिंगन होने वाले शौट दिए हैं. मूलरूप से कानपुर की रहने वाली अनुप्रिया गोयनका ने जिस तरह से खुल कर फूहड़ता का प्रदर्शन किया, वह उस के लिए निकट भविष्य में काफी घातक साबित होगा. क्योंकि उस ने अपने बौलीवुड करिअर की शुरुआत विज्ञापनों से की थी, जिस में यूपीए सरकार के लिए बनाए गए विज्ञापनों में वह जगहजगह दिखाई गई थी. तब और अभी फिल्म के शौट उसे परेशान कर सकते हैं.

वेब सीरीज से पूर्व अनुप्रिया सलमान खान अभिनीत फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ में नर्स की महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी है. पिता कपड़ा कारोबारी रहे हैं. वह शाहिद कपूर की पत्नी का भी रोल संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में निभा चुकी है. फिल्म जगत में भाग्य आजमाने वह 2008 में मुंबई पहुंची थी. इस वेब सीरीज से पहले ‘असुर 2’ और ऋतिक रोशन अभिनीत फिल्म ‘वार’ में भी अनुप्रिया काम कर चुकी है.

मौनी राय

‘सुलतान औफ दिल्ली’ में चौथा चेहरा मौनी राय के रूप में नयनतारा का दिखाया गया है. वह कोलकाता में बार डांसर दिखाई गई हैं. वेब सीरीज के आखिर में नीलेंदु बंगाली की पत्नी बनती है. लेकिन यह कब और कैसे हुआ, वह दर्शक पता नहीं कर सकेंगे.

इस के अलावा उस के बच्चा होने की भी जानकारी अचानक दर्शकों को मिलेगी. मौनी राय के साथ वेब सीरीज का मुख्य किरदार अर्जुन भाटिया संबंध बनाते हुए दिखेगा. यह भी कैसे हुआ, इस में सस्पेंस है. मौनी राय अपने हौट लुक के कारण सोशल मीडिया में काफी लोकप्रिय रहती है. उस ने अनेक टीवी सीरियलों में काम किया है.

वह एकता कपूर की छत्रछाया में बने सीरियल ‘सास भी कभी बहू थी’ और ‘नागिन’ में महत्त्वपूर्ण किरदार निभा चुकी है. इसी किरदार के कारण वह टेलीविजन जगत का काफी चर्चित चेहरा है. इस के अलावा 2011 में प्रदर्शित सीरियल ‘देवों के देव महादेव’ में भी अभिनय के कारण लोगों की निगाह में आ चुकी है.

मौनी राय का पश्चिम बंगाल में जन्म हुआ था. वह दिल्ली स्थित जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन का कोर्स कर चुकी है. उन्होंने पहली बार अक्षय कुमार के साथ ‘गोल्ड’ फिल्म में उस की पत्नी का किरदार निभाया था. यह फिल्म 2018 में प्रदर्शित हुई थी. इस के बाद 2022 में प्रदर्शित ‘ब्रह्मïास्त्र’ फिल्म में भी काम कर चुकी है.

प्रस्तुति: केशव राज पांडे

सुलतान औफ दिल्ली (वेब सीरीज रिव्यू) – भाग 3

राजेंद्र प्रताप सिंह को फिल्म डायरेक्टरों ने पूरी तरह से नग्न दिखाया है. उसे नग्न हालत में संजना भी देख कर वहां से चली जाती है. इस के बाद वह सीधे अर्जुन भाटिया के घर पहुंचती है, जहां उसे प्रीति मिलती है. उधर, इटावा पहुंचने पर अर्जुन भाटिया और नीलेंदु बंगाली को पुलिस दबोच लेती है.

पुलिस दोनों का एनकाउंटर करती, उस से पहले जेल से जिसे छुड़ाया गया था, वह उन्हें बचाने में कामयाब हो जाता है. यहां पुलिस अधिकारी राज भी उजागर करता है कि उसे मारने के लिए जगन सेठ से टिप मिली थी. यह सब कुछ दर्शकों के सामने बहुत जल्दीजल्दी में बिना निरंतरता के साथ परोसा गया है. इसलिए सातवें एपिसोड में भी कहानी दर्शकों को जोड़ने में कामयाब नहीं रहती है.

इटावा जाते वक्त पुराने भाप के इंजन को दिखाया गया है, जिसे 90 के दशक में चलने वाली डीजल इंजन के जरिए चलते हुए आसानी से देख सकते हैं.

‘सुलतान औफ दिल्ली’ वेब सीरीज का आठवां एपिसोड ‘फ्यूड’ नाम से बनाया गया है, जिस में दिल्ली के स्थानीय माफिया मना करने के बावजूद दबाव में उस की छत्रछाया में काम करने के लिए राजी हो जाते हैं. अब जगन सेठ के बजाय दिल्ली की माफिया मंडी में अर्जुन भाटिया का सिक्का चलने लगता है. यह सब कुछ अर्जुन भाटिया की पत्नी की गोद भराई में होता है.

इसी कार्यक्रम में रक्षा सचिव को भी बुलाया जाता है. वह उसे पटना में उस का एक काम करने के लिए बोलता है, जिसे पूरा करने की जिम्मेदारी नीलेंदु बंगाली को मिलती है. लेकिन इस दौरान वह कुछ ऐसा बोलता है कि रक्षा सचिव को वह बात चुभती है. अफसर के जाने के बाद थोड़ी नोंकझोंक अर्जुन भाटिया के साथ नीलेंदु की होती है.

उसी दौरान कार्यक्रम में बुलाए गए राजेंद्र प्रताप सिंह नीलेंदु को उस के साथ काम करने का प्रस्ताव देता है, जिसे वह एक सिरे से खारिज कर देता है.

जगन सेठ के लिए काम करने वाला अर्जुन भाटिया एबी प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी चलाता है, जिस में उस का पार्टनर नीलेंदु भी होता है. वह काम करने के लिए पटना जाता है. वहां पहुंचने से पहले नीलेंदु शराब पी लेता है. जिस कारण नशे में बनता हुआ काम भी बिगड़ जाता है.

इधर, राजेंद्र प्रताप सिंह का शिप जिस में हथियारों का कंसाइनमेंट होता है, वह खराब हो जाता है. उसे ले जाने वाले को चुप रहने के लिए राजेंद्र प्रताप सिंह कहता है. उधर, उस की पत्नी एक बच्ची को जन्म देती है, जिस से वह नाखुश नजर आता है.

वह बेटी का मुंह देखने के बजाय पत्नी को अस्पताल में छोड़ जाता है. इस एपिसोड में भी दर्शकों के लिए दोनों डायरेक्टर बेवकूफी के अलावा कोई उत्साह पैदा करने में कामयाब नहीं हो पाते हैं. एपिसोड के अंत में अर्जुन और नीलेंदु की कट्टर दोस्ती को आसानी से टूटते हुए दिखाया गया है.

वेब सीरीज का नौवां एपिसोड दर्शकों को पसंद आने के बजाय मातम मनाने वाला ज्यादा है. नीलेंदु बंगाली जो अपने करीबी दोस्त अर्जुन भाटिया का मुखबिर हो जाता है, वेब सीरीज में उस का अचानक एक ट्रक जिस में लड़की सप्लाई और चरस बेचने की बात सिर्फ सुनाई दी है.

यह धंधा कब और कैसे करने लगता है, पहले से आठवें एपिसोड में यह साफ नहीं होता है. उस का ट्रक पलट जाता है, जिस में सारी लड़कियां बेवजह मारी जाती हैं. इस का आरोप वह संधू पर लगा देता है और पुलिस को सौंप देता है. अर्जुन भाटिया को यह भी पता चल जाता है कि संधू और नीलेंदु मिल कर राजेंद्र प्रताप सिंह के लिए मुखबिरी कर रहे होते हैं.

नीलेंदु कोलकाता पहुंच जाता है, उस को राजेंद्र के एक आदमी डेनियल को बौर्डर पार कराने की जिम्मेदारी उसे देता है. इस की जानकारी अर्जुन भाटिया को लग जाती है. इधर, अचानक संजना भी अर्जुन के लिए आवेश में आने लगती है. उस की झड़प राजेंद्र प्रताप सिंह से होती है और फिर धक्का लगने से गिर कर वह मर जाती है.

मरने के बाद उपजे कोई हालात वेब सीरीज में देखने को नहीं मिलेंगे. कोलकाता में फिल्म डायरेक्टर की मदद से अर्जुन भाटिया वहां पहुंच जाता है जहां डेनियल को छिपा कर नीलेंदु बंगाली रखता है. यहां डायरेक्टर फिर एक मूर्खता दिखाई है. एक तरफ डेनियल को वह अपने काबू में करना दिखाते हैं. इसी बीच कब नीलेंदु किन हालात में भाग जाता है, यह रहस्य दर्शकों को नहीं मिलेगा.

इस के बाद सीधा फोन राजेंद्र प्रताप सिंह को लगता है. अर्जुन भाटिया कहता है कि उसे डेनियल के बदले में नीलेंदु चाहिए. दोनों रेलवे क्रासिंग पर मिलते हैं. यहां अर्जुन बांह फैला कर नीलेंदु को गले लगाता है और अचानक उसे ट्रेन के सामने फेंक देता है.

उस के मरने की जानकारी उस की पत्नी नयनतारा को देता है. साथ में वह नीलेंदु के हिस्से की रकम भी देता है. इधर, दूसरे सीन में शंकरी देवी कहती है कि अर्जुन के दोस्त की जगह आज वह होता.

यह बात सुनने के बाद राजेंद्र प्रताप सिंह बाथटब में डुबो कर उसे भी मार देता है. उधर, एक बार फिर अचानक अर्जुन भाटिया अपने दोस्त नीलेंदु की पत्नी के पास पहुंचता है और उस के साथ शारीरिक संबंध बनाने लगता है. यानी डायरेक्टरों ने एक बार फिर फूहड़ता दिखाई है. यहां एपिसोड खत्म हो जाता है.

आखिर 2 डायरेक्टरों ने मिल कर दर्शकों की भावनाओं को काफी ठेस पहुंचाई है. उन्हें वेब सीरीज में कोई भी मसाला या संदेश नहीं मिलता. दर्शकों को सिर्फ साढ़े 5 घंटे तक बोझ में बनाए रखा कि आखिर वह उसे देख क्यों रहे हैं.

सुपर्ण एस. वर्मा एवं मिलन लूथरिया

सुलतान औफ दिल्ली वेब सीरीज अर्णब रे की किताब पर आधारित है, जिस का स्क्रीनप्ले सुपर्ण एस. वर्मा ने लिखा है. वेब सीरीज का डायरेक्शन सुपर्ण एस. वर्मा और मिलन लूथरिया ने मिल कर किया है. यह वेब सीरीज हिंदी के अलावा 6 अन्य भाषाओं तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और मराठी में भी रिलीज हुई है. वेब सीरीज की शूटिंग मुंबई के साथसाथ पंजाब और गुजरात में भी हुई है.

सुपर्ण एस.वर्मा काफी संवेदनशील फिल्म डायरेक्टर रहे हैं. वह ‘फैमिली मैन’ के दूसरे सीजन के 5 एपिसोड को भी डायरेक्ट कर चुके हैं. वे उसी वेब सीरीज के दूसरे एपिसोड में वह मुख्य कलाकार मनोज बाजपेयी के सामने जर्नलिस्ट उमेश जोशी बन कर आते भी हैं. करीब 2 मिनट के इस अंश में उन्होंने पत्रकार के जीवन को साकार करने का प्रयास किया.

सुपर्ण एस. वर्मा वास्तविक जीवन में पत्रकार रहे थे. इस के बाद वह फिल्म डायरेक्शन के क्षेत्र में आए. इस के पहले वह 2023 में ही ‘राणा नायडू’ और ‘द ट्रायल’ वेब सीरीज को भी डायरेक्ट कर चुके हैं. वेब सीरीज के दूसरे डायरेक्टर मिलन लूथरिया महेश भट्ट के भतीजे हैं. यह उन की असली पहचान नहीं है. वह क्राइम बेस्ड फिल्मों को बनाने के जानकार माने जाते हैं.

लूथरिया ने 1993 में आई ‘लुटेरा’ फिल्म से करिअर की शुरुआत की थी. उन्होंने 2007 में ‘वंस अपान ए टाइम इन मुंबई’ अजय देवगन और सैफ अली खान अभिनीत 1999 में बनी फिल्म ‘कच्चे धागे’, अमिताभ बच्चन और संजय दत्त, अक्षय खन्ना अभिनीत 2014 में प्रदर्शित ‘दीवार’ फिल्म बना चुके हैं.

इस के अलावा जौन अब्राहम, नाना पाटेकर के साथ 2006 में ‘टैक्सी नंबर 9211’ जैसी कई सफल फिल्मों का निर्माण किया है. ऐसे 2 धुरंधरों से ‘सुलतान औफ दिल्ली’ वेब सीरीज को बनाने में कई तरह की तकनीकी चूक हुई है.

‘सुलतान औफ दिल्ली’ वेब सीरीज डेढ़ दरजन कलाकारों को ले कर बनाई गई है.  इस में करीब 70 स्टंटमैन और 11 लोकेशन मैनेजर लिए गए, जिन्होंने शौट को फिल्माने में बखूबी काम किया. सभी लोकेशन शानदार थे और मुठभेड़ कहीं से सतही नहीं मान सकते. लेकिन, वे दर्शकों को जोड़ने में संवादहीनता के कारण पिट गए.

सुलतान औफ दिल्ली (वेब सीरीज रिव्यू) – भाग 2

जब अर्जुन भाटिया और नीलेंदु बंगाली हीरा ले रहे होते हैं, तब पुलिस वहां छापा मार कर सभी को गिरफ्तार कर ले जाती है. जहां गिरफ्तारी होती है वहां गुप्त स्थान पर दोनों छिपे होते हैं. अर्जुन और नीलेंदु यह जान जाते हैं कि पुलिस के पास उन के हुलिए का स्कैच मौजूद है.

हालांकि स्कैच बनाते वक्त हीरा कारोबारी फिल्मी मैग्जीन के चेहरे देख कर हुलिया पुलिस को नोट करा देता है. यह बात छिपे अर्जुन और नीलेंदु नहीं जानते थे. इस कारण नीलेंदु फोन लगा कर एयरहोस्टेस से वापस जाने का समय पूछता है. उसी वक्त दोनों भी एयरपोर्ट पहुंच जाते हैं.

यहां एयरहोस्टेस के पर्स में मौका मिलते ही अर्जुन भाटिया हीरा छिपा देता है, जिसे नीलेंदु हवाई जहाज के शौचालय में ही एयरहोस्टेस के पर्स से निकाल लेता है. वह उस के साथ ही एयरहोस्टेस के घर जाता है.

यह बात अर्जुन भाटिया फोन कर के जगन सेठ को बता देता है. उस वक्त राजेंद्र प्रताप सिंह भी वहां मौजूद होता है. यहां शंकरी देवी उस को कहती है कि जगन सेठ के सामने वह कमजोर साबित हो रहा है. इसलिए कोई चालाकी करनी होगी. जिस के बाद पुलिस की रेड पड़ती है. जहां रेड पड़ती है, वहां नीलेंदु बंगाली एयरहोस्टेस के कमरे में होता है. पुलिस को आते हुए अर्जुन भाटिया देखता है और वह नीलेंदु को बचाने के लिए कूद पड़ता है.

अर्जुन भाटिया पुलिस वालों के पैरों में गोली मारता है. इसी बीच एक गोली पुलिस वाले के सिर पर जा कर लगती है. लेकिन, वह अर्जुन भाटिया की गन से नहीं चलती. वह कुछ समझता, तब तक नीलेंदु तो भाग जाता है और अर्जुन भाटिया पुलिस की पकड़ में आ जाता है.

वेब सीरीज का पांचवां एपिसोड मध्यांतर तक काफी बोरियत भरा है. डायरेक्टर अर्जुन भाटिया की कहानी के साथ न्याय नहीं कर सके. इस में कोई दोराय नहीं है कि कास्ट किए गए कलाकार नाम के लिए मोहताज हैं, लेकिन डायरेक्टरों का नजरिया उन के अभिनय को कमजोर करता चला गया.

पांचवें एपिसोड का शीर्षक ‘रूल्स औफ द गेम’ है. हालांकि रूल और गेम दर्शकों को अमूमन हर एपिसोड में सोचसोच कर तलाशने पड़ेंगे.

पांचवें एपिसोड में अर्जुन भाटिया की प्रेमिका संजना पर राजेंद्र प्रताप सिंह डोरे डालने लगता है. इधर, अर्जुन को जेल से छुड़ाने के लिए जगन सेठ वकील से ले कर तमाम दांवपेंच लगाता है. लेकिन, इन्हें डायरेक्टर सटीक तरीके से पेश करने में कामयाब नहीं हुए.

वेब सीरीज में जान डालने के लिए डायरेक्टर के नजरिए पुलिस का थर्ड डिग्री अर्जुन भाटिया पर फिल्माया गया. यह काफी बोझिल है, जिस में जान फूंकना संभव ही नहीं है. डायलौग डिलीवरी से ले कर सीन क्रिएशन में चुतियापा किया है.

हवालात और पुलिस के बीच में कोई तालमेल नहीं रहा. जबकि अर्जुन भाटिया ने कई पुलिस वालों को गोली मारी थी, उसे बेहद हलके में प्रस्तुत कर दिया गया. जबकि मीडिया और जगन सेठ पर उस की आंच डायरेक्टर दिखा ही नहीं सके.

डायरेक्टरों की सब से ज्यादा बेवकूफी तब लगी, जब जगन सेठ की परछाई बने रहने वाले संधू का राज वह अचानक खोल देते हैं. दरअसल, अर्जुन अपनी प्रेमिका की शादी राजेंद्र प्रताप सिंह के साथ होने को ले कर नाराज चल रहा होता है. वह उस से बदला लेना चाहता है, जिसे बड़ी आसानी से जगन सेठ भांप लेता है. वह उसे समझता है कि अभी बदला लेने का वक्त नहीं है.

तब अर्जुन कहता है कि पुलिस वाले को दूसरी गोली किस ने मारी, यह पता लगाया जाना चाहिए. ऐसा कहते ही डायरेक्टर संधू की तरफ कैमरा ले जाते हैं और पूरा राज बड़ी आसानी से खोल देते हैं.

पांचवें एपिसोड में यह साफ हो जाता है कि संधू सोचीसमझी रणनीति के तहत राजेंद्र प्रताप सिंह के लिए काम कर रहा है. इधर, राजेंद्र प्रताप सिंह सुहागरात की सेज पर संजना के सामने अर्जुन का नाम ले कर यह बता देता है कि वह उस के सारे राज जानता है.

‘सुलतान औफ दिल्ली’ वेब सीरीज के छठें एपिसोड की शुरुआत बिना मतलब बैंक डकैती से होती है. इस एपिसोड का नाम ‘नाइट्स इन वाइट सैटिन’ दिया गया है.

जगन सेठ के कहने पर कोलकाता के फिल्म डायरेक्टर को हथियारों की डिलीवरी देने अर्जुन भाटिया और नीलेंदु बंगाली जाते हैं. वहां फिल्म डायरेक्टर बैंक लूटने के लिए प्रपोजल रख देता है. बैंक लूटने से पहले अर्जुन और नीलेंदु एक क्लब में पहुंचते हैं.

यहां बार डांसर के रूप में नयनतारा दर्शकों के सामने आती है. वह आइटम सांग गाती है जिस के बोल दर्शकों के जेहन पर कोई प्रभाव नहीं डाल सके. वहीं संगीत आर.डी. बर्मन पैटर्न पर बना कर काफी आकर्षक जरूर लगा है. यहां नयनतारा नीलेंदु से दोस्ती करती है, लेकिन निगाहें अर्जुन पर रहती हैं. वह फिल्म डायरेक्टर के शूटिंग में पहुंचती है.

यहां वास्तविक फिल्म डायरेक्टर ने पुलिस प्रशासन की व्यवस्था को बौना साबित किया है. वह भी कोलकाता जैसे शहर में, पुलिस कमिश्नर के सामने डाकघर में जमा सारी नकदी लूटी जाती है. उस के बावजूद एक बार फिर यहां मीडिया का हंगामा और किसी तरह का कवरेज नहीं दिखाया गया.

बैंक डकैती के बाद आसानी से अर्जुन भाटिया दिल्ली लौट आता है. उसे लौटने के लिए जगन सेठ कहता है. क्योंकि उसे इस बात का अहसास हो जाता है कि राजेंद्र प्रताप सिंह उस के साथ कोई गेम खेल रहा है. वहीं जगन सेठ अपना चुनाव हार जाता है.

इधर, राजेंद्र प्रताप सिंह अपने इरादे खुल कर जगन सेठ को बता देता है. ऐसा करते वक्त उस के सामने शंकरी देवी आती है, जिस को जगन सेठ पहले से जानता है लेकिन अर्जुन भाटिया बेखबर होता है. शंकरी देवी सुनियोजित तरीके से जगन सेठ को कहती है कि उस के एंपायर पर अर्जुन भाटिया बैठने जा रहा है. यह सब कुछ बेहद हलके तरीके से दोनों डायरेक्टरों ने पेश किया है.

फिल्म में दर्शकों के लिए उत्साह पैदा करने के लिए एपिसोड के मध्यांतर से पहले संजना के साथ शारीरिक संबंध बनाते हुए राजेंद्र प्रताप सिंह को दिखाया गया है. इस से ऐसा लगता है कि डायरेक्टर इंटीमेट सीन के लिए पगलाए हुए हैं. यानी उन के भेजे में यही फूहड़ता भरी हुई है. ऐसा करते वक्त शंकरी देवी भी वहां आती है. यह एपिसोड भी दर्शकों में कोई प्रभाव नहीं डाल सका.

सुलतान औफ दिल्ली वेब सीरीज के सातवें एपिसोड में दर्शक हैरान रह जाएंगे. दरअसल, 3 साल पहले का बता कर एक अचंभित करने वाला दृश्य सामने आता है. अर्जुन भाटिया को अपना पिता मिलता है. वह पिता जिस को उस ने पहले एपिसोड में जला दिया था. हालांकि यह नहीं बताया गया था कि वह मरा है कि जीवित.

इस सस्पेंस को दोनों डायरेक्टर सातवें एपिसोड में खोलते हैं. पिता उसे दोबारा मिलता है, जिस को शराब पीने की बुरी लत लगी होती है. वह अपने बेटे से कहता है कि उसे मार दे. ऐसा कहने पर अर्जुन भाटिया उसे उठा कर डैम में फेंक देता है.

इधर, राजेंद्र प्रताप सिंह के कहने पर जमुना प्रसाद जो सरकारी अधिकारी है और गन बनाने के ठेके देता है, वह जगन सेठ के ठिकानों पर छापे मारता है. हालांकि उस से पहले अर्जुन भाटिया उन अवैध हथियारों को फारुख मस्तान के ठिकानों पर छिपाने में कामयाब हो जाता है.

उस वक्त जश्न में नीलेंदु और अर्जुन को जगन सेठ के गुर्गे बौस बोल कर गोद में उठा लेते हैं. यह बात उसे चुभती है और शंकरी देवी की बोली बात याद आती है. इसी एपिसोड में जगन सेठ दोनों को सुनियोजित तरीके से ठिकाने लगाने के बहाने इटावा भेज देता है, जहां रास्ते में जाते वक्त अर्जुन और नीलेंदु अपना राज बताते हैं. जबकि पूरे एपिसोड में उन की घनिष्ठता बताने के लिए डायरेक्टर ने दूसरा एपिसोड बनाया था.

नीलेंदु बताता है कि वह कोलकाता की बार डांसर नयनतारा को पत्नी बनाने वाला है. वहीं अर्जुन कहता है कि वह उस गैरेज मालिक की बेटी प्रीति से शादी करने जा रहा है, जिस के यहां पर वह पहले नौकरी करता था. इधर, राजेंद्र प्रताप सिंह की चाल जब खरी नहीं उतरती है तो वह शंकरी देवी के साथ शारीरिक संबंध आवेश में बनाता है.

ऐसा करते वक्त शंकरी देवी काफी चीखती है और उसे रोकना चाहती है. वह जब नहीं रुकता है तो शंकरी देवी कहती है कि वह भविष्य में उस की मरजी के बिना उसे टच भी नहीं कर सकेगा. तभी वहां जबरिया राजेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी संजना पहुंच जाती है.

सुलतान औफ दिल्ली (वेब सीरीज रिव्यू) – भाग 1

डायरेक्टर: सुपर्ण एस. वर्मा, मिलन लूथरिया

लेखक: सुपर्ण एस. वर्मा

कलाकार: ताहिर राज भसीन, निशांत दहिया, अनुप्रिया गोयनका, मौनी राय, मेहरीन पीरजादा, विनय पाठक, अंजुम शर्मा, अनिल जार्ज, सुनील पलवल, हरलीन सेठी

सुलतान औफ दिल्ली वेब सीरीज भारत की आजादी के बाद बने हालात पर केंद्रित है, जिस में अर्जुन भाटिया नाम के एक पात्र से जुड़े विषयों पर इसे लिखा गया है. कहानी  की शुरुआत अर्जुन भाटिया की जवानी से शुरू होती है. अर्जुन भाटिया का रोल ताहिर राज भसीन ने निभाया है.

वेब सीरीज अर्जुन के बचपन के आधा घंटा फ्लैशबैक में जाती है. इस दौरान सीरीज से जुड़े अन्य पात्रों के बचपन को दिखाते हुए दूसरे बाल कलाकार के रूप में राजेंद्र प्रताप सिंह को दिखाया जाता है. राजेंद्र प्रताप सिंह की भूमिका निशांत दहिया ने निभाई है. उस के पिता अपने मनोरंजन के लिए शंकरी देवी को साथ में रखते हैं.

शंकरी देवी का अभिनय अनुप्रिया गोयनका ने निभाया है. वह पिता के साथसाथ बचपन से ही राजेंद्र प्रताप सिंह पर डोरे डालने लगती है. वेब सीरीज को 2 डायरेक्टरों सुपर्ण एस. वर्मा और मिलन लूथरिया ने मिल कर बनाया है. अर्जुन भाटिया का परिवार आजादी के बाद हुए बंटवारे में भारत आता है. पाकिस्तान में रहते वह काफी संपन्न रहता है, वहीं राजेंद्र प्रताप सिंह का परिवार भारत में संपन्न रहता है.

फिल्म डायरेक्शन के दौरान पहले एपिसोड में डायरेक्टरों की भारी कमियां आप सहज महसूस कर सकेंगे. इस में अर्जुन के बचपन में पिता के अचानक अय्याश होने की बात, फिर उस के अपराध जगत की तरफ जाने के किस्से बहुत जल्दीजल्दी में फिल्माए गए हैं.

यहां दर्शक बोर न हो जाएं तो शंकरी देवी की आड़ में 2 बार डायरेक्टरों ने राजेंद्र प्रताप सिंह के बाल कलाकार के रूप में इंटीमेंट सीन बनाने का प्रयास किया है. पहले एपिसोड में जगह जगह डायलौग डिलीवरी तो है, लेकिन वह दर्शकों में प्रभाव डालने वाली नहीं है.

इस में शंकरी देवी और राजेंद्र प्रताप सिंह पर डोरे डालते वक्त बोला गया डायलौग. शंकरी देवी यहां राजेंद्र प्रताप सिंह से कहती है कि उसे जो चाहिए वह उस के पिता के पास है. वह देने के लिए उसे बड़ा होना पड़ेगा. अर्जुन को जब बड़ा होते दिखाया गया, तब दोनों डायरेक्टर उस पल पर फिल्माए गए सीन के साथ न्याय नहीं कर पाए.

पहले एपिसोड में 1962 लिखा है, लेकिन उस में आज के जमाने की रौयल एनफील्ड दिखाई गई है. शायद उस समय डायरेक्टरों की अकल घास चरन गई होगी. इसी तरह जगन सेठ के इशारों पर हथियारों की डिलीवरी ले जाते वक्त हुई मुठभेड़ के फिल्मांकन में भी दोनों डायरेक्टर मात खा गए. जगन सेठ की भूमिका मशहूर हास्य कलाकार विनय पाठक ने निभाई है. वे पात्र के अनुरूप अपने चरित्र को ढाल नहीं सके.

इस के अलावा अर्जुन भाटिया और नीलेंदु बंगाली, जो हथियार चलाते हुए दिखाए गए, वे सारे आधुनिक हथियार हैं. यह इंसास, एके47 अमेरिकन मेड पिस्टल से मेल खाते हुए हैं. यहां भी डायरेक्टरों ने कमअक्ल होने का सबूत दिया है. नीलेंदु बंगाली की भूमिका अंजुम शर्मा ने निभाई है. वह अर्जुन का करीबी यार दिखाया गया है, जिस का मकसद सिर्फ जगन सेठ के लिए काम करना है.

वेब सीरीज में जगहजगह जबरिया ड्रामा और सस्पेंस पैदा करने का असफल प्रयास किया गया है. यह आप को नीलेंदु बंगाली और अर्जुन भाटिया की पहली मुलाकात में भी देखने को मिलेगा. इस के अलावा जगन सेठ और अर्जुन भाटिया की जब मुलाकात होती है तब भी आप को वेब सीरीज में किसी न किसी बात की कमी स्वयं महसूस कर सकेंगे.

एपिसोड में राजेंद्र प्रताप सिंह और जगन सेठ एकदूसरे को फायदा पहुंचाने के लिए हाथ मिलाते हैं. पहले एपिसोड में निर्मम हत्या, बाल कलाकारों पर किए जा रहे यौन शोषण के किस्से आप को कोई रोमांच पैदा नहीं कर सकेंगे.

सुलतान औफ दिल्ली वेब सीरीज के दूसरे एपिसोड को दोनों डायरेक्टरों ने मिल कर क्यों बनाया, यह आप को पूरा देखने के बाद भी समझ में नहीं आएगा. अर्जुन भाटिया और नीलेंदु बंगाली के बीच दोस्ताना संबंध को स्थापित करने के लिहाज से कई सीन डाले गए, जो काफी बोझिल हैं.

जगन सेठ के लिए काम करने वाले इन 2 खास सिपहसालारों की जानकारी राजेंद्र प्रताप सिंह पहले से रखता है. वह पार्टी में जब उन की मुलाकात कराता है तो यह बात वह बोलता भी है, लेकिन दोनों डायरेक्टर इस बात को साबित करने में नाकाम साबित हुए.

पहली हथियारों की डिलीवरी देने की खुशी में आयोजित पार्टी में मुठभेड़ भी दिखाई गई. यह किस ने और किस के इशारों पर अंजाम दी गई, यह साफ नहीं होता है. इस से पहले हथियारों की डिलीवरी लेने वाले के कहने पर अर्जुन और नीलेंदु बंगाली जेल से उस के बेटे को छुड़ाते हैं.

यह सीन भी डायरेक्टर ने काफी बोझिल बनाया. उस में निरंतरता की काफी कमी दर्शकों को दूसरे एपिसोड में दिखाई देगी. इधर, शंकरी देवी के जरिए राजेंद्र प्रताप सिंह दूसरे एपिसोड में पार्टनर बने जगन सेठ को मंत्री बनाने के लिए चुनाव में टिकट दिलाने की बात पहुंचाता है. यहां भी डायरेक्टर अचानक एक ऐसे नेता को दर्शकों को सामने ला देते हैं, जिस के बारे में दूसरे एपिसोड में स्थिति साफ नहीं होती.

दूसरे एपिसोड में 60 के दशक के संगीत को आधुनिक बना कर पेश किया गया है. यह बैकग्राउंड म्यूजिक है, लेकिन दर्शकों को मनोरंजन देने में बिलकुल नाकाम साबित हुआ. जगन सेठ पर हुए हमले के बाद की परिस्थितियों को भी बेहद हलके अंदाज में डायरेक्टर ने प्रदर्शित किया. दूसरे एपिसोड का शीर्षक ही अचरज में डालने वाला है.. इस कहानी का शीर्षक ‘स्वीट स्मेल आफ सक्सेस’ है.

सुलतान औफ दिल्ली वेब सीरीज के तीसरे एपिसोड को काफी अव्यवहारिक बनाया गया है. वेब सीरीज के मुख्य किरदार को इस एपिसोड के लिए पूरी तरह से नग्न होना पड़ता है. वह भी वेब सीरीज में फारुख मस्तान और उस के साथ बैठी फरीदा बी के सामने.

फारुख मस्तान की भूमिका अनिल जार्ज ने निभाई है. वह काफी मंझे हुए कलाकार हैं, लेकिन दोनों डायरेक्टर अपने हुनर का लोहा उस से नहीं मनवा पाते.

तीसरे एपिसोड को ‘किस औफ लव’ नाम दिया गया है. फारुख के बेटे शाहिद के पास जाने की टिप जगन सेठ का ही दाहिना हाथ और उस के साथ परछाईं की तरह रहने वाला संधू देता है. यह भूमिका सुनील पलवल ने निभाई है. वह ही उसे उकसाता है कि जगन सेठ का करीबी बनने के लिए फारुख मस्तान के बेटे शाहिद से पूछताछ की जानी चाहिए.

जगन सेठ पर हुए हमले को ले कर पूछताछ करने के लिए अर्जुन भाटिया वहां जाता है. हालांकि वह कुछ कहता, उस से पहले संधू ही उसे गोली मार देता है. जब यह बात जगन सेठ को पता चलती है तो गलती को अर्जुन भाटिया अपने सिर पर ले लेता है. उसे ही सुधारने के लिए अर्जुन भाटिया फारुख मस्तान के सामने नंगा होता है.

फारुख का दिल जीतने पर जगन सेठ खुश हो कर अर्जुन भाटिया को अपनी कार देता है, जिस में वह कारोबारी हरीश कुमार की बेटी संजना को लिफ्ट देता है. यहां से दोनों के प्यार की शुरुआत दिखाई गई है. संजना का किरदार मेहरीन पीरजादा ने निभाया है. वह उस को बंगले पर ले जाता है.

यह बंगला उसे कैसे मिला, वेब सीरीज में यह साफ नहीं है. डायरेक्टर ने वेब सीरीज में संजना और अर्जुन भाटिया के लव सीन और गाने को एक ही जगह पर फिल्माया है. इधर, जगन सेठ को टिकट देने की सिफारिश शंकरी देवी इंडिया विकास पार्टी के नेता से करती है. जब वह तैयार नहीं होता है तो शंकरी देवी दि क्राउन रायल होटल के मैनेजर को कहती है.

शंकरी देवी के कहने पर नेता को कई लड़कियों के साथ हनीट्रैप में फंसाया जाता है, जिस कारण इंडिया विकास पार्टी का नेता जगन सेठ को अपना उम्मीदवार घोषित कर देता है.

तीसरे एपिसोड में यह सब कुछ काफी बिखरा हुआ नजर आता है. दर्शकों के सामने डायरेक्टर सीधे परिणाम देते हैं. जबकि परिणाम के पहले होने वाले संघर्ष और उस की वजह को ले कर कोई भी बात पता नहीं चली.

वेब सीरीज का चौथा एपिसोड फिर जगन सेठ के आसपास घूमता है. इस बार जगन सेठ के लिए नीलेंदु बंगाली और अर्जुन भाटिया मुंबई जाते हैं. इस कारण इस एपिसोड का नाम ‘बांबे कांफिडेंशियल’ रखा गया है.

लेकिन दोनों डायरेक्टर पहले की तरह हर सीन में कोई भी बात कांफिडेंशियल नहीं रहने देते. क्योंकि जिस शीर्षक पर यह एपिसोड बनाया गया है, वह डायरेक्टरों की लापरवाही उजागर करता है. दरअसल, अर्जुन भाटिया हीरे लेने के बाद काल कर के जगन सेठ को बताता है कि माल उस के पास है.

इस एपिसोड में डायरेक्टरों ने बिना वजह का हवाई जहाज के भीतर शौचालय में एयरहोस्टेस के साथ सैक्स करते हुए फूहड़ता भरा सीन क्रिएट किया है. इस से डायरेक्टरों की सोच भी नंगी हो जाती है.

यहां 3 एपिसोड में डायरेक्टर की नीयत से पहले ही साफ हो जाता है कि एयरहोस्टेस की हीरा डिलीवरी के वक्त महत्त्वपूर्ण भूमिका होगी. क्योंकि बिना रोमांच और सस्पेंस के नीलेंदु बंगाली उस के पास जाता है और वह उसे शौचालय में संबंध बनाने के लिए तैयार कर लेता है.