RBI Treasury Theft. बैंक से लूट और सेंधमारी की घटनाएं कोई नई बात नहीं है. दुनिया में इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं. लूट के लिए हैरान करने वाले तरीके अपनाए जाते रहे हैं. सेंधमार कड़ी से कड़ी सुरक्षा को तोड़ कर रुपए या जेवरात ले भागने में सफल हो चुके हैं. किंतु हाल की घटना ने भारत की आरबीआई की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पर भी सवाल खड़ा कर दिया है.

गुजरात के अहमदाबाद की आरबीआई यानी रिजर्ब बैंक औफ इंडिया की शाखा, जो बैंक औफ बड़ौदा की शाखा में है, से मोटी रकम  की लूट हुई. लूटने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि वहीं का कर्मचारी था. वह 8.70 करोड़ रुपए नोटों से भरा बक्सा ही ले गया था.

रुपए चोरी करने के बाद वह लगातार बैंक आता रहा, ताकि किसी को शक न हो.  किंतु 98 दिनों के बाद वह पकड़ा गया. चोरी के पैसों से उस ने मकान और गाड़ी खरीदी. शेयर मार्केट में निवेश किया. बचने के लिए उस ने कई तरीके अपनाए, किंतु उस की एक चूक ने उसे पकड़वा दिया.

उस ने पैसे भी बड़ी सफाई से तब चुराए, जब 13 जनवरी को 2 मजदूरों के साथ सफाई के लिए आरबीआई खजाने में गया था. वहां से कचरे के बौक्स में करोड़ों के नोट भर कर बैंक से निकल गया. किसी को शक न हो, इसलिए वह लगातार औफिस भी आता रहा.

वह जानता था कि सीसीटीवी की फुटेज 90 दिन बाद डिलीट हो जाती है. इसलिए चोरी के बाद 20 अप्रैल यानी करीब 98 दिनों तक औफिस आता रहा. फिर उस ने मैडिकल लीव ले ली और लंबी छुट्टी पर चला गया.

उस के बाद उस ने चोरी के पैसों से मकान खरीदा, गाड़ी खरीदी. यही नहीं, एक महिला सहकर्मी को भी मकान खरीदने के लिए 23 लाख रुपए दिए. कुछ पैसे शेयर मार्केट में भी लगाए. इसी बीच खजाने में आरबीआई द्वारा कैश की जांच की गई. जब भारी कैश का हिसाब नहीं मिला तो मामला खुल गया.

जांच होने लगी और बैंक का सीसीटीवी चैक किया गया. उस के बाद चोरी का पूरा मामला सामने आ गया. उस कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी घूमने के लिए मनाली निकल गया है.

पुलिस ने उस के घर पर छापा मारा. घर के बाहर खड़ी गाड़ी में 2 करोड़ 20 लाख रुपए कैश मिले. पुलिस ने पैसा जब्त कर आरोपी को 22 मई को गिरफ्तार कर लिया.

सख्ती से पूछताछ पर आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया. उस ने बताया कि 15 साल से वह बैंक में काम कर रहा था. उस ने ऐशोआराम के लिए चोरी की थी. खबर लिखे जाने तक वह चोरी के पैसों में से 4 करोड़ रुपए खर्च कर चुका था.

कुछ पैसा पुलिस ने बरामद कर लिया है,  बाकी पैसे को ले कर जांच जारी थी. आरोपी की पत्नी रेलवे पुलिस में सिपाही है. चोरी में उस की मिलीभगत की भी जांच की जा रही है. RBI Treasury Theft

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...