Haryana Love Crime. हरियाणा के सोनीपत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की बेरहमी से लाठीडंडों से पीट कर हत्या कर दी गई. मृतक के पापा का आरोप है कि उन के बेटे को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं. आइए जानते हैं इस सनसनीखेज वारदात की पूरी कहानी.
यह घटना सोनीपत के जठेड़ी गांव की है. मेरठ निवासी विशाल की कथित प्रेम संबंध के शक में कुछ लोगों ने लाठीडंडों से पीटपीट कर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी शव को खेत में फेंक कर फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले कर जांच शुरू कर दी.
मृतक के पापा का कहना है कि हत्या के बाद आरोपियों ने फोन कर कहा, “तुम्हारे बेटे को मार दिया है, आ कर उठा लो.” फोन पर विशाल की चीखें भी सुनाई दे रही थीं, जिस से परिवार सदमे में आ गया.
विशाल राई क्षेत्र स्थित एक बेसन कंपनी में काम करता था और जठेड़ी गांव में किराए के मकान में रहता था. पड़ोस में रहने वाले ओमवीर और उस के परिवार से उन के अच्छे संबंध थे तथा दोनों परिवारों का एकदूसरे के घर आनाजाना था. फेमिली वालों के अनुसार, मार्च महीने से ओमवीर को अपनी पत्नी और विशाल के बीच प्रेम प्रसंग का शक था. इसी को ले कर उस ने विशाल के परिवार को चेतावनी दी थी कि यदि बेटे को नहीं समझाया गया तो वह उसे जान से मार देगा.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. जठेड़ी-राठधाना रोड स्थित खेत से विशाल का खून से लथपथ शव बरामद किया गया. घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी और 2 बांस के डंडे भी साक्ष्य के रूप में जब्त किए गए.
पुलिस ने मृतक के पापा शिव कुमार की शिकायत पर तनुज उर्फ अनुज और उस के अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है. Haryana Love Crime






