Agra Murder Case. उत्तर प्रदेश के आगरा से सामने आई एक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या करने के बाद उस का शव घर के बाथरूम में दफना दिया और उस पर नया पक्का फर्श बनवा दिया. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि करीब डेढ़ महीने तक वह उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही. आखिर उस ने ऐसा कदम क्यों उठाया और इतने दिनों तक यह राज कैसे छिपा रहा, आइए जानते हैं पूरी घटना.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी महिला रूबी का कहना है कि वह लंबे समय से पति सुरेंद्र शर्मा की शराबखोरी और मारपीट से परेशान थी. लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आ कर उस ने पति की हत्या की योजना बनाई. बताया जा रहा है कि 17 मई, 2026 की रात रूबी ने पति को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिला दीं. इस के बाद वह पति के बेहोश होने का इंतजार करने लगी.

रात करीब 3 बजे उस ने उठकर देखा तो सुरेंद्र के शरीर में कोई हरकत नहीं थी. संतुष्टि के लिए उस ने उसे हिलाकर देखा, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और सांसें भी नहीं चल रही थीं. अर्थात उस की मौत हो चुकी थी. उसी कमरे में उस की 13 साल और 9 साल की बेटीयां सो रही थीं, जबकि दूसरे कमरे में सुरेंद्र की मां यानी रूबी की सास कमला मौजूद थीं.

सुबह होने पर रूबी ने पहले दोनों बेटियों और अपनी सास को किसी बहाने घर से बाहर भेज दिया. इस के बाद उस ने अपने जेठ को भी घर आने से मना कर दिया, ताकि किसी को शक न हो.
घर में अकेली होने के बाद उस ने बाथरूम के फर्श को खोदा और पति के शव को घसीटकर उस में दबा दिया.

इस के बाद उस ने खुद ही शव के ऊपर मिट्टी और गिट्टी डाली. बाद में सीमेंट, मोरंग और अन्य निर्माण सामग्री मंगवाकर बाथरूम का फर्श दोबारा पक्का करा दिया, जिस से किसी को कोई शक न हो.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूबी ने दहतोरा निवासी राजमिस्त्री रवि को फोन कर बाथरूम का फर्श बनाने के लिए बुलाया. शाम करीब साढ़े 6 बजे रवि अपने साथ एक मजदूर को ले कर पहुंचा.

उस समय बाथरूम की मिट्टी बराबर करने का काम भी रूबी ने खुद किया. राजमिस्त्री और मजदूर ने सामान्य निर्माण कार्य समझकर फर्श तैयार कर दिया.

बाद में पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, लेकिन उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि फर्श के नीचे शव दफनाया गया है. जांच के बाद पुलिस ने दोनों को निर्दोष मानते हुए छोड़ दिया.

करीब डेढ़ महीने तक यह मामला किसी की नजर में नहीं आया. बाद में पुलिस को मिली सूचना के आधार पर जांच शुरू हुई. शुक्रवार को रूबी की निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया, जहां से सुरेंद्र शर्मा का कंकाल बरामद हुआ. पहचान की पुष्टि के लिए कंकाल का डीएनए सैंपल भी लिया गया है.
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने रूबी को हिरासत में लेकर करीब 14 घंटे तक पूछताछ की. पूछताछ के दौरान वह कई बार भावुक हो कर रोती रही और आत्मग्लानि भी जताई.

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. Agra Murder Case

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...