Bihar Crime News. बिहार के किशनगंज से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पति की हत्या के बाद पत्नी ने ही शोक मनाने का नाटक किया. वह लोगों के सामने आंसू बहाती रही, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि उन्हीं आंसुओं के पीछे एक खौफनाक साजिश छिपी थी. पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और वारदात को चोरी के दौरान हुई हत्या का रूप देने की कोशिश की. हालांकि पुलिस ने महज 36 घंटे के अंदर पूरे मामले का खुलासा कर दिया.
मामला किशनगंज जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र का है. यहां 42 साल के रिजवान आलम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. पति की मौत के बाद पत्नी डेजी परवीन ने पुलिस को बताया कि रात में घर में चोर घुसे थे और उन्होंने उस के पति की हत्या कर दी. घर का सामान भी बिखरा हुआ था और मोबाइल फोन गायब था, जिस से शुरुआती तौर पर मामला चोरी का लग रहा था.
लेकिन पुलिस को घटनास्थल और पत्नी के बयानों में कुछ गड़बड़ी नजर आई. पूछताछ के दौरान डेजी परवीन बारबार अपनी बात बदल रही थी. जांच आगे बढ़ी तो पुलिस का शक गहरा गया. तकनीकी जांच और मोबाइल रिकौर्ड खंगालने पर सामने आया कि घटना के समय डेजी लगातार गांव के रहने वाले अनवर हुसैन के संपर्क में थी.
जांच में पता चला कि डेजी और अनवर के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. अनवर पहले रिजवान के घर में बने लॉज में रहता था, जहां दोनों की पहचान हुई थी. बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. जब रिजवान को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उस ने विरोध करना शुरू कर दिया था. इसी वजह से दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.
पुलिस के मुताबिक, वारदात वाली रात डेजी ने अलग मोबाइल से अपने प्रेमी अनवर को घर बुलाया. योजना के अनुसार अनवर देर रात घर पहुंचा, जहां रिजवान सो रहा था. आरोप है कि अनवर ने लोहे की रौड से उस के सिर पर कई वार किए, जिस से उस की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद दोनों ने कमरे का सामान बिखेर दिया और मोबाइल फोन ले कर फरार हो गया, ताकि पुलिस को लगे कि चोरी के दौरान हत्या हुई है.
दोनों ने सबूत मिटाने के लिए मोबाइल फोन को गांव की बांसबाड़ी में जमीन के अंदर छिपा दिया और हत्या में इस्तेमाल रौड नदी में फेंक दी.
पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया. हत्या में इस्तेमाल लोहे की रौड और छिपाया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया. पुलिस आरोपी डेजी परवीन और उस के प्रेमी अनवर हुसैन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.Bihar Crime News.






