Jharkhand Crime.गुमला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. वहां 3 साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद मामले को दबाने की कोशिश की गई. पंचायत ने आरोपी पर जुरमाना लगाया और उस के पैसे से जश्न मनाया, लेकिन पुलिस ने काररवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

3 साल की बच्ची से रेप में पंचायत का यह शर्मनाक फैसला सुन कर हर कोई हैरान है.
झारखंड के गुमला जिले के पलमा गांव में 3 साल की बच्ची से रेप के मामले में आरोपी पर एक लाख रुपए का जुरमाना लगाया. रिपोर्ट्स के अनुसार, फिर आरोपी से मिले 20 हजार रुपए की चिकन और शराब पार्टी की गई. इस के बाद दुष्कर्म की घटना को दबाने का प्रयास किया गया.

पंचायत के फैसले के बाद आरोपी ने 20 हजार रुपए दिए. उस पैसे से पंचायत के सदस्यों ने मीट के साथ दारू की पार्टी की. जबकि आरोपी को एक सप्ताह के अंदर 80 हजार रुपये और देने का फरमान सुनाया.
गांव में जब दुष्कर्म की घटना के बाद जश्न मन रहा था, तभी पुलिस गांव पहुंची और आरोपी सुनील लोहरा को गिरफ्तार कर लिया.

बात शनिवार की शाम 4 बजे की है. सुनील लोहरा गांव की ही एक महिला के घर पहुंचा. घर में महिला अपनी 3 वर्षीय बेटी के साथ थी. तभी सुनील ने महिला से कहा कि लाओ तुम्हारी बेटी को मैं पकड़ लेता हूं. तुम अपना काम करो.

महिला ने अपनी बच्ची उसे दे दी. इस के बाद सुनील लोहरा बच्ची को कमरे में ले गया. जहां उस ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया.

जब बच्ची खून से लथपथ हो कर रोने लगी तो उस की मां कमरे में गई और बच्ची की हालत देख कर उसे मामले को समझते देर न लगी. तभी सुनील वहां से रफू चक्कर हो गया. वह महिला भागते हुए पंचायत के सदस्यों के पास पहुंची, और बच्ची के साथ दरिंदगी करने की सारी जानकारी दे दी.

इस के बाद मामला पंचायत के पास पहुंचा. पंचायत के कुछ सदस्यों ने मामले को गांव में ही दबाने की योजना बनाई.

पहले बच्ची को एक निजी डॉक्टर को दिखाया गया. इस के बाद रविवार को गांव में पंचायत आयोजित की गई. जिस में मामले को दबाने के लिए आरोपी पर एक लाख रुपए का जुरमाना लगाया गया.

थाना घाघरा के एसएचओ मोहन कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि 3 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी के मामले को पंचायत कर गांव वाले दबाने का प्रयास कर रहे हैं. गांव के दबाव के चलते मामला थाने तक नहीं पहुंच रहा था. इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस को यह सूचना दी, जिस के बाद पुलिस ने गांव जा कर पीड़िता की मां के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है.

रविवार को पुलिस टीम जिस वक्त गांव पहुंची, उस वक्त आरोपी द्वारा पंचायत को दिए गए जुरमाने के 20 हजार रुपए से गांव में पार्टी मनाई जा रही थी. पुलिस ने पार्टी मना रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं पीड़िता बच्ची की मां का बयान लिया.

अरंगी पंचायत के मुखिया लोदो एक्का ने कहा है कि पलमा गांव में एक बच्ची से दुष्कर्म के बाद कुछ लोगों ने बैठक की थी. इस बैठक की मुझे कोई सूचना नहीं दी गई. जब पुलिस गांव पहुंची और मामला उजागर हुआ, तब मुझे गांव में बैठक करने की सूचना मिली.

-साक्षी जायसवाल

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...