Dream Home Story. जेम्स ली हाउस में 5 सुइट हैं. इन में एक सुइट पहली मंजिल पर है, जबकि बाकी 4 सुइट दूसरी मंजिल पर हैं.
अमेरिका के जोस और जेनिफर को महज एक डौलर यानी लगभग 60 रुपए में अपने सपनों का घर मिल गया है. यह बात सपने जैसी जरूर
लगती है, लेकिन है सच. इस कपल को यह घर मिला है, टेनेसा के मेम्फिस में. इस का नाम है जेम्स ली हाउस. दरअसल जेम्स ली हाउस की मालकिन ने अपनी मौत के समय अपने शानदार बंगले की जिम्मेदारी सिटी काउंसिल को सौंप दी थी. लेकिन सिटी काउंसिल ने इस की देखरेख और रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया. फलस्वरूप यह बंगला 60 सालों तक वीरान पड़ा रहा.
60 साल गुजर जाने के बाद करीब 2 साल पहले सिटी काउंसिल ने इस बंगले की मरम्मत और पुनर्निर्माण की योजनाओं के कुछ प्रस्ताव मंगाए. जोस और जेनिफर को अपने एक दोस्त के माध्यम से जानकारी मिली कि राष्ट्रीय ऐतिहासिक भवनों की सूची में शामिल 150 साल पुराने एक बंगले के पुनर्निर्माण के प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं.
स्थानीय डेवलपर रहे जोस ने इस बंगले के पुनर्निर्माण के लिए 21 लाख डौलर की योजना की रिपोर्ट सिटी काउंसिल के सामने पेश की. साथ ही जोस और जेनिफर ने अपनी मंशा भी जाहिर कर दी कि वे लोग इस बंगले का उपयोग व्यवसाय और अपने घर के लिए करना चाहते हैं. हालांकि काउंसिल की ओर से इस की अनुमति मिलने की संभावना नहीं थी, पर काउंसिल ने उन का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया.
अपने काम को आगे बढ़ाने और सही अंजाम तक पहुंचाने के लिए जोस ने काउंसिल को अपना पक्ष बता कर बंगला महज एक डौलर में अपने नाम ट्रांसफर करा लिया, साथ ही आर्किटेक्ट और कौन्ट्रैक्टर्स के साथ एक बांड भी साइन किया कि इस प्रौपर्टी का पुनर्निर्माण किया जाएगा और जरूरत के हिसाब से समयसमय पर मरम्मत भी होगी. शर्तों के अनुसार जोस को 12 महीने में निर्माण कार्य पूरा कर के व्यवसाय शुरू करना था.
बंगला चूंकि पिछले 60 सालों से वीरान पड़ा था, इसलिए एक साल में काम निपटाना जोस और जेनिफर के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था. फिर भी दोनों ने सपनों के घर के नाम पर इस चुनौती को स्वीकार कर लिया.
बंगले के पुनर्निर्माण के लिए पतिपत्नी ने एक बेहतरीन टीम की खोज शुरू की. टीम भी ऐसी, जिस में पुनर्निर्माण के ऐसे विशेषज्ञ हों, जो एक साल में काम पूरा कर सकें. यह काम भी आसान नहीं था, लेकिन जोस और जेनिफर अपनी टीम बनाने में सफल रहे. अंतत: एक साल में काम पूरा हो गया.
काम पूरा होने के बाद इसी साल अप्रैल से जेम्स ली हाउस बेड ऐंड ब्रेकफास्ट को आधिकारिक रूप से लोगों के लिए खोल दिया गया. जेम्स ली हाउस में 5 सुइट हैं. इन में एक सुइट पहली मंजिल पर है, जबकि बाकी 4 सुइट दूसरी मंजिल पर हैं. इन सुइट में एक रात गुजारने का खर्च 245 से 250 डौलर है यानी करीब 26-27 हजार रुपए. जोस और जेनिफर अपने सपनों के इस घर की तीसरी मंजिल पर रहते हैं. Dream Home Story
— 2014 में प्रकाशित






