Detective Story in Hindi. पुश्तैनी जायदाद पर कब्जा जमाने के लिए विक्टर ने साजिश कर अपनी सौतेली बहन ऐना और अन्य को चोरी व हत्या के आरोप में जेल भिजवा दिया. लेकिन एक ईमानदार चोर निक वेल्वेर ने अपनी सूझबूझ से पूरी साजिश का ऐसा परदाफाश किया कि साजिशकर्ता विक्टर सलाखों के पीछे पहुंच गया.
निक वेल्वेर एक अलग तरह का चोर था. वह एक दिन सुबह साढ़े 10 बजे पब्लिक लाइब्रेरी में बैठा हुआ पिछले 2 घंटे से मैगजीन पढ़ रहा था. इसी दौरान उस के दिमाग में एक आइडिया आया कि क्यों न वह चोरी के टौपिक पर एक किताब लिखे, जिस का शीर्षक हो ‘चोरी एक आर्ट’.
इस विषय पर क्याक्या लिखा जाए, इस बारे में वह सोच ही रहा था, तभी एक मोटा सा आदमी आ कर उस के पास वाली कुरसी पर बैठ गया. उस के बैठते ही निक उठने लगा. तभी वह मोटा आदमी बोला, ‘‘हैलो मिस्टर निक, शायद तुम मुझे नहीं जानते होगे लेकिन मैं तुम्हें जानता हूं. किसी के रेफरेंस से ही तुम्हारे पास तक पहुंचा हूं. मेरा नाम विक्टर एलियानोफ है.’’
निक विक्टर को गौर से देखने लगा तभी विक्टर ने कहा, ‘‘मैं तुम से मिलने यहां इसलिए आया हूं कि मैं तुम से एक ट्रंक चोरी करवाना चाहता हूं.’’
इतना सुनते ही वेल्वेर ने कहा, ‘‘जब आप को किसी ने मेरे पास भेजा है तो यह भी बताया होगा कि मैं सिर्फ फालतू और मामूली चीजों की ही चोरी करता हूं. ऐसी चीजों के चुराने में किसी को दुख भी नहीं होता.’’
‘‘हां, मैं जानता हूं. जिस संदूक के बारे में मैं बात कर रहा हूं वह पुराना और जंग लगा है. वह कोई 70-80 साल पुराना है.’’
‘‘जब इतना पुराना है, तब तो यह ऐतिहासिक महत्त्व की चीज होगी?’’
‘‘नहीं ऐसा कुछ नहीं है. यह एक फालतू पुराना ट्रंक है. उसे कोई कबाड़ी भी लेना पसंद नहीं करेगा, डेढ़ फीट ऊंचा 2 फीट चौड़ा और 4 फीट लंबा है.’’
‘‘जब किसी महत्त्व का नहीं है, तो आप इसे चोरी करवाना क्यों चाहते हैं?’’
‘‘मैं समझता हूं कि इस बात से तुम्हें कोई मतलब नहीं होना चाहिए. तुम अपना काम करो और काम के जो पैसे बनते हैं लो.’’
‘‘मेरी फीस पता है, मैं 25 हजार डालर लेता हूं.’’
विक्टर ने एक लिफाफा निकाल कर उस के सामने रखते हुए कहा, ‘‘ये रहे 10 हजार डालर बाकी काम होने के बाद.’’
निक ने लिफाफा देखे बगैर पूछा, ‘‘अब यह बताओ कि ये ट्रंक किस जगह पर है?’’
विक्टर एलियानोफ ने एक कागज उस के सामने रखते हुए कहा, ‘‘ये है उस जगह का पता. उस इमारत के तहखाने में तुम्हें यह संदूक मिल जाएगा.’’
निक ने कागज को देखते हुए कहा, ‘‘ये जगह कस्बा ‘न्यूपालिट’ में है, जो यहां से करीब 100 मील दूर है.’’
‘‘तुम्हें ट्रंक चोरी करने में ज्यादा दिक्कत पेश नहीं आएगी. जिस घर में यह रखा है, उस घर के लोग न्यूयार्क गए हुए हैं. बस एक बूढ़ा चौकीदार वहां होता है. मुझे यकीन है कि तुम उस चौकीदार की आंखों से बच कर आसानी से अपना काम कर लोगे.’’ विक्टर ने कहा.
‘‘मुझे अपना काम करना आता है. तुम यह बताओ कि ट्रंक पहुंचाना कहां है?’’
विक्टर ने एक पता लिखी परची उसे देते हुए कहा, ‘‘ट्रंक इस अपार्टमेंट में पहुंचाना होगा. ये रही अपार्टमेंट की चाबी. काम खत्म होने के बाद तुम मुझे फोन कर देना, मैं मिल लूंगा.’’ विक्टर ने निक को अपना फोन नंबर देते हुए कहा.
उस समय मौसम सुहाना था. निक ने अपनी दोस्त ग्लोरिया को फोन किया, ‘‘ग्लोरिया हम न्यूपालिट घूमने चलेंगे. वहां मछली का शिकार और बोटिंग करेंगे.’’
न्यूपालिट एक बहुत खूबसूरत जगह थी इसलिए वहां जाने की बात सुनते ही ग्लोरिया बहुत खुश हुई, उस ने निक के साथ घूमने के लिए हामी भर ली. थोड़ी देर बाद निक अपनी कार से एक निर्धारित जगह पर पहुंच गया. वहां उसे ग्लोरिया उस का इंतजार करती मिली.
ग्लोरिया को कार में बैठा कर वह न्यूपालिट की ओर चल दिया. ग्लोरिया निक के बारे में सब जानती थी. निक ने उसे नए केस के बारे में बता दिया. ग्लोरिया तो वहां जाने से खुश थी. न्यूयार्क की भीड़भाड़, उमस से दूर वे चले जा रहे थे.
दोपहर साढ़े 12 बजे वे लोग न्यूपालिट पहुंच गए. झील के किनारे मशहूर होटल माउंटेन हाऊस में उन्होंने कमरा बुक कराया. खाना खा कर दोनों घूमने निकल गए. उसी दौरान निक उस मकान को एक नजर देख लेना चाहता था, जहां से उसे ट्रंक चुराना था.
कुछ देर बाद वह उस अपार्टमेंट के पास पहुंच गया. वह अपार्टमेंट लाल पत्थरों से बना था. अपार्टमेंट के चारों तरफ पेड़ और हरियाली थी. बाहर लोहे का बड़ा सा गेट लगा था. सीढि़यों के पास बैठा एक बूढ़ा चौकीदार सिगरेट पीता नजर आया. उस के कंधे पर स्टेनगन टंगी थी. अपार्टमेंट की चारदीवारी ज्यादा ऊंची नहीं थी. पीछे की चारदीवारी एक पहाड़ी ढलान से मिली हुई थी.
अपार्टमेंट का मुआयना करने के बाद पूरे दिन प्रेमिका के साथ घूमता रहा. दोनों ने बोटिंग की, शिकार किया. अपना काम करने के लिए निक रात 10 बजे अकेला उस अपार्टमेंट की तरफ रवाना हो गया. रात सुनसान और अंधेरी थी. निक ने अपनी कार एक पेड़ के नीचे खड़ी कर दी. फिर वह बड़ी आसानी से दीवार कूद कर अपार्टमेंट की तरफ बढ़ ही रहा था कि सन्नाटे में किसी कार की आवाज आई. निक पौधों की आड़ में हो गया.
एक कार फाटक पर आ कर रुकी. 3 बार हार्न बजाने पर गेट पर लगी बड़ी लाइट जला कर स्टेनगनधारी चौकीदार गेट के पास पहुंच गया. तभी कार में से एक लड़की उतरी उस ने चौकीदार से कुछ कहा. वह लाइट में खड़ी थी. चौड़े भारी बदन की वह लड़की तंग जींस और स्कीवी पहने हुई थी. वह चौकीदार से हाथ हिलाहिला कर कुछ कह रही थी. इस के बाद वह वापस मुड़ कर चली गई. गेट पर खड़ा चौकीदार बड़े गौर से उसे देखता रहा.
निक को फ्लैट में घुसने का यह सही मौका लगा, वह फुरती से चुपचाप खुले दरवाजे से अंदर दाखिल हो गया. अंदर गहरा अंधेरा था. निक ने जेब से पेंसिल टौर्च निकाली पर जलाई नहीं. दाईं तरफ कोने के कमरे में हलकी रोशनी हो रही थी.
वह ऊपरी मंजिल की सीढि़यों पर झुक कर खड़ा हो गया. तभी उसे ऊपरी मंजिल से कुछ आहट महसूस हुई. 2-3 मिनट वह चुपचाप खड़ा रहा. फिर उसे दरवाजा बंद करने की आवाज आई. एक साया, जो शायद चौकीदार, हलकी लाइट वाले कमरे में चला गया. उस के बाद वहां की लाइट भी बंद हो गई.
निक दबेपांव वहां से निकला और तहखाने की सीढि़यां ढूंढ कर धीरेधीरे नीचे उतरने लगा. तहखाने में उस ने टौर्च जला कर देखा. वहां पुराना सामान, टूटा फरनीचर, रद्दी अखबार वगैरह पड़े थे. सब चीजों पर धूल चढ़ी हुई थी और वहां मकडि़यों के जाले थे. यह सब देख कर ऐसा लग रहा था जैसे वहां कोई काफी दिनों से नहीं आया हो. एक कोने में पुराना, जंग लगा एक ट्रंक पड़ा था. निक समझ गया कि यही वह ट्रंक है.
अजीब बात यह थी कि ट्रंक पर धूल नहीं थी. जबकि वहां रखे हर सामान पर धूल चढ़ी हुई थी. निक ने उसे उठा कर सिर पर रखा. सीढि़यों के ऊपर पहुंच कर जरा रुक वह यह देखने लगा कि बाहर निकलने में उसे कोई खतरा तो नहीं है.
पूरी तरह सन्नाटा होने पर वह धीरे से दरवाजा खोल कर फ्लैट से बाहर निकल गया. आराम से चारदीवारी फांद कर वह बाहर पहुंचा. कार की डिक्की खोल कर ट्रंक उस में रखने लगा तभी उसे ट्रंक के अंदर से किसी चीज के खड़खड़ाने की आवाज आई. वैसी ही आवाज उसे ट्रंक उठाते समय भी आई थी. उस ने सोचा ट्रंक खोल कर देखा जाए कि उस में क्या है.
वह ट्रंक खोलने को हुआ उसी वक्त अपार्टमेंट के अंदर से कुछ उठापटक की आवाजें आने लगीं. ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने जोर से दरवाजा बंद किया हो. फिर किसी के दौड़ने की आवाज, कुछ शोर, कुछ भारी चीज गिरने की आवाज के साथ फायर होने की 2 आवाजें सुनाई दीं. निक ने ट्रंक खोलने का इरादा छोड़ दिया. उस ने वहां से जल्द खिसकने में भलाई समझी.
उस ने फटाफट कार की डिक्की बंद की और कार ले कर वहां से निकल गया. कार चलाते समय वह बारबार साइड मिरर में देख रहा था कि कहीं कोई उस का पीछा तो नहीं कर रहा. उस के दिमाग में बारबार यही बात घूम रही थी कि अपार्टमेंट में रहने वाले सभी लोग बाहर गए हुए थे तो वहां फायर किस ने किए?
वह रात उस ने होटल माउंटेन हाऊस में गुजारी और सुबह जल्दी न्यूयार्क के लिए रवाना हो गया. ट्रंक में क्या चीज रखी है, यह जानने के लिए उस की जिज्ञासा बढ़ती जा रही थी. न्यूयार्क पहुंचते ही उस ने डिक्की में रखे ट्रंक को खोला. अंदर एक सोने की अंगूठी मिली. उस पुरानी अंगूठी में एक बड़ा हीरा और उस के आसपास कई छोटे हीरे जड़े थे.
वह अंगूठी बहुत कीमती लग रही थी. निक ने अंगूठी जेब में रखी और ट्रंक डिक्की में ही बंद कर दिया. अंगूठी देख कर ग्लोरिया के मन में लालच आ गया. वह उस अंगूठी को अपने पास रखना चाहती थी, लेकिन निक ने यह कह कर उस से अंगूठी ले ली कि यह क्लाइंट या मालिक की अमानत है, वह उन्हें लौटा देगा.
रात साढ़े 9 बजे वह दिए गए पते पर ट्रंक पहुंचाने निकल गया. वह एक 4 मंजिला इमारत थी. अपार्टमेंट के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था. उसे विक्टर ने एक चाबी दे रखी थी. निक ने वह चाबी ताले में लगाई तो वह खुल गया. फिर दरवाजा खोल कर उस ने वह ट्रंक कमरे में रख दिया. जिस कमरे में ट्रंक रखा था वह हौलनुमा था और बेहद खूबसूरती से सजाया हुआ था.
ट्रंक रखने के बाद वह अपनी कार के पास पहुंचा तो वहां उसे विक्टर एलियानोफ मिला, जो कार से टेक लगा कर सिगरेट पी रहा था. निक को देखते ही बोला, ‘‘निक तुम अपने हुनर में माहिर हो. जी चाहता है कि तुम्हारे हाथ चूम लूं.’’
‘‘हाथ चूमने की जरूरत नहीं है. मुझे जो काम सौंपा गया था, पूरा कर दिया.’’
निक ने उस अंगूठी के बारे में विक्टर को कुछ नहीं बताया. उस ने सोचा कि विक्टर को अंगूठी के बारे में कुछ मालूम नहीं होगा. विक्टर ने एक मोटा लिफाफा निकाल कर उस की तरफ बढ़ाते हुए कहा, ‘‘ये हैं तुम्हारे बाकी के 15 हजार डालर.’’
लिफाफा लेते हुए निक बोला, ‘‘मुझे ट्रंक में एक कीमती चीज मिली है.’’
विक्टर ने चौंक कर उसे देखते हुए कहा, ‘‘मेरी जानकारी के अनुसार ट्रंक खाली था तो तुम्हें उस में क्या चीज मिली?’’
‘‘हीरे जड़ाऊ एक अंगूठी थी उस में.’’
‘‘कहां है वो अंगूठी?’’
‘‘वह मेरे पास है मैं उसे उस के मालिक को वापस दूंगा. क्योंकि मैं केवल फालतू चीजें ही चोरी करता हूं, कोई कीमती चीज नहीं. यदि मैं अंगूठी रख लूंगा तो मुझ में और दूसरे चोरों में क्या फर्क रह जाएगा?’’
‘‘अगर तुम इतने ही शरीफ बनते हो तो लाओ अंगूठी मुझे दो, मैं उसे मालिक तक पहुंचा दूंगा.’’
‘‘नहीं, जब इसे चुरा कर मैं लाया हूं तो मैं ही पहुंचाऊंगा.’’
अगले दिन निक अखबार में छपी एक खबर पढ़ कर चौंक उठा. खबर में लिखा था कि न्यूपालिट में डकैती की वारदात कर लाखों रुपए के बहुत पुराने हीरेजवाहरात के जेवर लूट लिए. वारदात के समय डकैतों ने अपार्टमेंट के चौकीदार की गोली मार कर हत्या कर दी. इस मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है जिन में एक लड़की भी शामिल है. पुलिस ने उन के पास से ट्रंक और कुछ लूटे हुए जेवरात बरामद कर लिए.
खबर पढ़ कर निक समझ गया कि यह सब विक्टर का ही कराधरा होगा. यानी विक्टर ने इस अपराध में उसे भी शामिल कर लिया. उस ने सोचा कि जिन 3 जनों को उसने फंसाया है वह उस के करीबी रिश्तेदार होंगे.
निक ने विक्टर को फोन लगाया और मिलने के लिए कहा. विक्टर ने उसे बर्कशायर होटल के कमरा नंबर 787 में मिलने के लिए बुला लिया.
निक फटाफट तैयार हो कर होटल बर्कशायर पहुंच गया. विक्टर कमरे में बैठा टीवी देख रहा था. निक ने बैठते ही कहा, ‘‘मिस्टर विक्टर मैं यह जानना चाहता हूं कि जिन 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उन से आप का क्या रिश्ता है? चौकीदार को किस ने मारा?’’
यह सुनते ही विक्टर ने चेकबुक निकाली और 5 हजार डालर का एक चेक काट कर उसे देते हुए कहा, ‘‘मिस्टर निक ये 5 हजार रखो और भूल जाओ कि तुम ने कोई ट्रंक चोरी किया था और कोई घटना घटी थी. हां, वह कीमती अंगूठी भी तुम रख लो.’’
उस की बात सुन कर निक चौंक गया. वह बोला, ‘‘अच्छा, तो वह मकान आप का ही है. मुझे पहले ही शक था.’’
‘‘हां, मकान मेरा ही है मगर मैं कह रहा हूं कि उन सब बातों को भूलने के लिए ही ये 5 हजार हैं.’’
निक ने सोचा कि विक्टर रकम के बूते उसे चुप कराना चाहता है. वह लालच में नहीं आया. उस ने वह चेक फाड़ दिया और कहा, ‘‘मामला 3 बेगुनाह लोगों का है जिन्हें आप ने कत्ल और डकैती के जुर्म में जेल भिजवाया है.’’
‘‘मिस्टर निक, अक्ल से काम लो अगर वो तीनों छूट जाएंगे तो फांसी का फंदा तुम्हारी गरदन में ही पड़ेगा. मैडिकल रिपोर्ट के मुताबिक चौकीदार की मौत का जो वक्त है उसी वक्त तुम मेरे घर में मौजूद थे. इसलिए कत्ल और डकैती के इल्जाम से तुम निकल नहीं पाओगे.’’
विक्टर की बात में दम था. निक सोचने पर मजबूर हो गया. तभी विक्टर बोला, ‘‘तुम्हें बहुत उत्सुकता है जानने की तो सुन लीजिए, जिस मकान में तुम ने चोरी की, वह हमारा पुश्तैनी मकान है. ऐना एलियानोफ मेरी सौतेली बहन है. मेरे पुरखे रूसी थे. मेरे दादा ऐलेक्स एलियानोफ फौज में जनरल थे. लेनिन के साथ कुछ गलतफहमी होने पर उन्हें रूस छोड़ना पड़ा था. 1921 में वह रूस से इस्तांबुल आ गए. वह खानदानी रईस थे. उन के पास काफी कीमती हीरेजवाहरात थे.
‘‘वह 1932 में न्यूपालिट आ गए. यहां मकान बना कर रहने लगे. सारा कीमती खजाना एक मजबूत संदूक में बंद कर के तहखाने में रख दिया. उस के बारे में किसी को कुछ पता नहीं था. लेकिन अपनी मौत से पहले दादा ने मेरे पापा को खजाने का राज बता दिया था. इस के बाद मेरे पिता ने एक अमेरिकन महिला से दूसरी शादी कर ली थी. ऐना एलियानोफ उस अमेरिकन महिला से पैदा हुई हमारी सौतेली बहन है.’’
निक ने टोका, ‘‘ऐना की मां कहां है?’’
‘‘ऐना की मां ने मेरे पिता से करीब 20 साल पहले तलाक ले लिया था. तलाक के बाद वह ऐना को ले कर न्यूयार्क चली गई थी. बाद में उसने किसी शख्स से दूसरी शादी कर ली.’’
‘‘फिर ये कीमती जेवर की चोरी का क्या मामला है?’’ निक ने पूछा.
‘‘मेरे पिता की मौत करीब एक हफ्ता पहले हुई थी. मरने से पहले उन्होंने खानदानी खजाने के बारे में मुझे बता दिया था. मुझ से गलती यह हुई कि सारी बातें मैं ने एक डायरी में नोट कर ली थीं. पिता की मौत की खबर सुन कर सौतेली बहन ऐना भी आ गई थी.
‘‘मैं यह देख कर हैरान रह गया कि पिता के अंतिम संस्कार के बाद ऐना घर में रखी अलमारियां और दराजें खंगालने लगी. वह शायद कोई दस्तावेज तलाश रही थी. इसी बीच उसे मेरी डायरी हाथ लग गई. डायरी पढ़ कर उस ने ट्रंक के खजाने का रहस्य जान लिया था. 2 रोज बाद उस ने अपने 2 साथियों के साथ मिल कर ट्रंक का ताला तोड़ कर सारे जेवर चुरा लिए.’’
‘‘आप के पास इस चोरी का क्या सुबूत है?’’ निक ने पूछा.
‘‘यही तो सारी मुसीबत है. मेरे पास कोई सुबूत नहीं है, पर मुझे पक्का यकीन है कि चोरी उसी ने की, मैं ने उसे अपनी डायरी पढ़ते देख लिया था.’’ उस ने बेबसी से कहा.
‘‘और आप ने ट्रंक मुझ से चोरी करवा कर ऐना के अपार्टमेंट में रखवा दिया. बाद में आप ने पुलिस को खबर कर दी. लेकिन एक बात समझ में नहीं आई कि चौकीदार का कत्ल किस ने किया?’’ निक बोला.
‘‘जाहिर है यह काम ऐना के साथियों ने किया होगा.’’ विक्टर एलियानोफ बोला.
‘‘यह बात मेरी समझ में नहीं आ रही कि जब ऐना और उस के साथी चंद रोज पहले चोरी कर चुके थे, तो फिर दोबारा वहां जा कर कत्ल करने की क्या जरूरत थी?’’
‘‘उन्हें शक हुआ होगा कि चौकीदार ने चोरी करते देख लिया है या शायद वो कुछ और चुराने आए हों.’’ निक चुप रह गया. उस ने जेब से हीरे की अंगूठी निकाल कर विक्टर के हाथ पर रख दी और बाहर निकल गया.
निक अब जेल में बंद ऐना से मुलाकात करना चाहता था. वह उस से मिलने जेल में पहुंच गया. जेल में ऐना को देख कर वह पहचान गया कि यह वही लड़की है जिसे उस ने विक्टर के घर के फाटक पर देखा था जब वह ट्रंक चुराने गया था.
‘‘मेरा नाम निकोलस वेल्वेट है.’’ निक ने अपना परिचय दिया.
‘‘हमें किसी वकील की जरूरत नहीं है. हमारे पास वकील है.’’ उस की बात सुनते ही ऐना बोली.
‘‘देखिए, हम ने कोई चोरी नहीं की, हमें इस केस में फंसाया गया है.’’ उस का साथी थामस बोल उठा.
तभी ऐना ने निक से पूछा, ‘‘क्या मैं जान सकती हूं कि तुम कौन हो? तुम्हारा इस मामले से क्या ताल्लुक है?’’
‘‘फिलहाल इतना जान लो कि मैं आप लोगों का दोस्त हूं और जानता हूं तुम्हें किस ने फंसाया है?’’ निक ने समझाते हुए कहा, ‘‘दरअसल, बात यह है कि मैं तुम्हारी मदद करना चाहता हूं. विक्टर का कहना है कि तुम लोगों ने टं्रक से कीमती जेवर चुराए हैं और तुम्हारे अपार्टमेंट से कुछ सामान भी मिला है. अगर यह इलजाम सही है तो तुम तीनों चोरी के साथ कत्ल के भी गुनहगार बन सकते हो.’’
हत्या की बात सुनते ही ऐना बोली, ‘‘कत्ल, किस का कत्ल?’’
‘‘विक्टर के चौकीदार का कत्ल. मिस ऐना, परसों रात तुम न्यूपालिट में अपने पुश्तैनी मकान में देखी गई थीं. चौकीदार का कत्ल भी परसों ही हुआ, इस तरह तुम शक के घेरे में हो.’’
‘‘परसों मैं विक्टर के बुलाने पर वहां गई थी. उस ने कहा था कि जायदाद के बारे में कुछ बात करनी है. मैं जब न्यूपालिट गई तो गेट पर चौकीदार ने बताया कि वह घर पर नहीं है, इसलिए गेट से ही लौट आई थी.’’
निक समझ रहा था कि वह सच बोल रही है क्योंकि उस ने खुद उन लोगों को वापस जाते देखा था. उस ने उस से पूछा, ‘‘तुम्हारे विक्टर से कैसे संबंध हैं?’’
‘‘ठीकठाक हैं.’’ वह बोली, ‘‘मेरा खयाल था कि मुझे पापा अपनी जायदाद में से हिस्सा नहीं देंगे, पर उन की वसीयत के अनुसार मैं कुल जायदाद के तीसरे हिस्से की मालिक हूं.’’
निक चौंक उठा, उसे साजिश की वजह समझ में आने लगी. उस ने पूछा, ‘‘मिस ऐना क्या तुम ने विक्टर को अपने अपार्टमेंट की चाबी दे रखी है?’’
‘‘मैं ने चाबी तो नहीं दी पर कुछ दिन पहले मेरी चाबी का दूसरा सेट गुम हो गया था.’’ ऐना बोली.
‘‘क्या तुम्हें जेवर के बारे में पता था कि वह ट्रंक में बंद हैं?’’
‘‘ये बात मुझे पापा ने अपनी मौत से 2 हफ्ते पहले बताई थी.’’ उस ने कहा.
‘‘विक्टर का कहना है कि तुम लोगों ने जेवर चुराए और चौकीदार का कत्ल कर दिया. अगर इस इलजाम में तुम्हें सजा हो गई तो तुम जायदाद से वंचित हो जाओगी और विक्टर सारी जायदाद पर हक जमा लेगा. मैं उस की साजिश को बेनकाब कर सकता हूं, मगर तुम लोगों को मेरी मदद करनी होगी.’’
‘‘कैसी मदद?’’
‘‘मेरी मदद फीस दे कर, अगर मैं तुम लोगों को इस मुसीबत से बचा लूं तो तुम मुझे 15 हजार डालर दोगी. वैसे मेरी फीस 25 हजार डालर है, पर तुम्हें मैं 10 हजार डालर की छूट दे रहा हूं. ये फीस मैं उस वक्त लूंगा जब तुम बाइज्जत छूट जाओगे.’’ निक ने अपनी बात कही.
‘‘मुझे मंजूर है, वरी होने पर मैं आप की फीस अदा कर दूंगी.’’ ऐना बोली.
‘‘अच्छी बात है, ऐना मुझे तुम से अकेले में कुछ बात करनी है.’’ वह अलग हट कर एक तरफ आ गई. निक धीरेधीरे उस से बात करने लगा. इस बीच जेल में मुलाकात का वक्त कब खत्म हो गया पता ही न चला. वक्त खत्म होने पर निक जाने लगा तो उन तीनों के चेहरों पर उम्मीद और खुशी थी.
निक ने विक्टर से बात करने के लिए बर्कशायर होटल का नंबर मिलाया तो पता चला कि वह होटल छोड़ चुका है. इस के बाद उस ने विक्टर के न्यूपालिट स्थित घर का नंबर मिलाया. फोन विक्टर ने ही उठाया था. निक की आवाज सुनते ही विक्टर बोला, ‘‘अच्छा हुआ कि निक तुम ने फोन कर लिया. शायद तुम 5 हजार डालर का चेक ले कर सबकुछ भूलने के लिए राजी हो गए हो?’’
‘‘हां, मैं सोच रहा हूं कि सौदा बुरा नहीं है. तुम्हारे साथ मुलाकात कहां हो सकती है?’’ निक ने बुझीबुझी आवाज में कहा.
‘‘यहां न्यूपालिट आ जाओ. तुम ने घर तो देख रखा है.’’
‘‘हां, वो तो देखा है, पर क्या तुम न्यूयार्क नहीं आ सकते? यहां आ जाते तो ठीक रहता.’’
‘‘ठीक है, रात 8 बजे बर्कशायर होटल में मिलूंगा.’’ कहने के बाद विक्टर ने फोन काट दिया.
रात 8 बजे निक न्यूपालिट में विक्टर के फाटक से दूर गाड़ी से उतरा. उस ने गाड़ी की बत्तियां बंद कर दी थीं. चुपचाप घने अंधेरे में दीवार फांद कर वह अंदर पहुंच गया. वहां सन्नाटा था. निक सावधानी से अपार्टमेंट में दाखिल हो गया. पेंसिल टौर्च की रोशनी के सहारे वह महल नुमा मकान के एकएक कमरे को चेक करने लगा. उम्मीद थी कि जो वह चाहता है, यहीं कहीं मिल जाए.
उस ने सोचा था कि विक्टर बर्कशायर होटल में उस का इंतजार कर रहा होगा. अगर उसे शक हो गया तो वह तुरंत यहां के लिए रवाना हो जाएगा. इस बीच करीब डेढ़दो घंटे में उसे अपना काम खत्म करना होगा. उस ने नीचे के सारे कमरे खोलखोल कर बारीकी से देखे, लेकिन कहीं कुछ न मिला.
वह किचन में पहुंच गया. उस की नजर फ्रिज पर पड़ी. उस ने फ्रिज खोल कर देखा. डिब्बों में खाने की चीजें भरी हुई थीं. उस ने फ्रिज का दूसरा डोर खोला तो उस की आंखें हैरत से फैल गईं. पूरा खाना कीमती जवाहरात और जेवरों से भरा हुआ था.
यकीनन ये वही खजाना था, जो पुश्तैनी ट्रंक से चोरी हुआ था. इस खजाने की चोरी के इलजाम में ऐना और उस के 2 साथी जेल में थे. निक ने उसी समय किचन में रखे फोन से पुलिस का नंबर मिला दिया. फोन सार्जेंट ब्रुल्स नाम के पुलिस अधिकारी ने उठाया.
निक ने उस से कहा, ‘‘मैं एक महत्त्वपूर्ण केस के बारे में इत्तला देना चाहता हूं.’’
‘‘तुम्हारा नाम क्या है और कहां से बोल रहे हो?’’
‘‘मेरा नाम रिचर्ड निक्सन है. मैं न्यूपालिट में विक्टर के घर से बोल रहा हूं, विक्टर एलियानोफ के यहां हीरेजवाहरातों की चोरी और चौकीदार की हत्या की जो वारदात हुई थी, उसी के बारे में बताना चाहता हूं.’’
‘‘तुम इस बारे में क्या कहना चाहते हो? 3 अभियुक्त इस केस में पकड़े जा चुके हैं?’’ पुलिस अधिकारी बोला.
‘‘आप ने जिन 3 जनों को गिरफ्तार किया था वे निर्दोष हैं. बाकी हकीकत यह है कि इस मामले का अभियुक्त कोई और ही है. जो गहने चोरी हुए थे वह सब विक्टर के यहां फ्रिज में रखे हुए हैं.’’
पुलिस ने 3 जनों को गिरफ्तार तो कर लिया था, लेकिन उन से चोरी गया सामान बरामद नहीं हो पाया था. इसलिए यह खबर पाते ही पुलिस अधिकारी खुश हो गया. वह बोला, ‘‘मिस्टर निक्सन, तुम वहीं रुको, मैं वहीं तुम्हारे पास पहुंच रहा हूं.’’
निक ने फोन रखा और वहां से निकलने के लिए मुड़ा तभी अचानक किचन की लाइट जल गई. दरवाजे पर विक्टर हाथ में रिवौल्वर लिए खड़ा था.
वह गुस्से में बोला, ‘‘तुम ने बेवकूफी की मिस्टर निक, मैं ने कहा था 5 हजार डालर ले कर सब कुछ भूल जाओ, पर तुम्हारी समझ में नहीं आया. तुम अपने आप को मुसीबत में डालना चाहते हो.’’
‘‘पहली बात तो यह है कि मैं कभी कातिलों से समझौता नहीं करता, तुम ने 3 बेगुनाह लोगों को चोरी और कत्ल के इलजाम में गिरफ्तार करवा दिया, ये बात मुझे बिलकुल पसंद नहीं.’’ निक ने कहा.
‘‘कई बातें लोगों को पसंद नहीं आतीं पर बरदाश्त करनी पड़ती हैं. यह बताओ कि तुम फोन पर किस से बातें कर रहे थे?’’
यह सुन निक को तसल्ली हुई कि उस ने उसे पुलिस से बातें करते नहीं सुना है. निक ने उसे बातों में उलझाते हुए कहा, ‘‘मैं न्यूयार्क में अपनी दोस्त ग्लोरिया से बात कर रहा था,’’ वह फौरन टापिक बदल कर बोला, ‘‘तुम्हें यह जान कर खुशी होगी कि आज सुबह मैं तुम्हारी सौतेली बहन ऐना से मिला था. उस का कहना है कि उस ने तुम्हारी डायरी नहीं पढ़ी थी. बल्कि तुम्हारे पिता ने उसे जेवरात के बारे में बताया था और वसीयत के अनुसार वह तीसरे हिस्से की हकदार है. इस के अलावा मैं न्यूपालिट की पुलिस के चीफ से भी मिला था.
‘‘मैं जब उस से मिला, तो उस ने बताया कि आलविन नाम के एक नामी बदमाश से तुम्हारे गहरे संबंध हैं. जिस रोज मैं यहां ट्रंक चोरी करने आया था तुम ने उसे और उस के साथियों को यहां बुलाया था, और खुद न्यूयार्क चले गए थे. ऐना को यहां बुलाना तुम्हारी ही साजिश का एक प्लान था. उस दिन ऊपरी मंजिल पर मुझे भी कदमों की आहट सुनाई दी थी. मैं ने उसे अपना भ्रम समझा था. लेकिन मुझे अब पता चला है कि वह भ्रम नहीं था. उस ने ही चौकीदार की हत्या की होगी. जरूर ही आलविन ऊपरी मंजिल पर था.’’
निक के मुंह से यह सचाई सुन कर विक्टर गुस्से से बोला, ‘‘बके जाओ जो तुम्हारे दिल में है. आखिरी मौका तुम्हें भी मिलना चाहिए. निक तुम इन सब बातों को साबित नहीं कर सकते.’’
‘‘हां, यह तो तुम ठीक कहते हो. सुबूत नहीं है?’’ निक ने चालाकी से हां में हां मिलाई. उस के कान पुलिस के सायरन पर लगे हुए थे.
‘‘अब मैं चाहता हूं कि तुम्हारा मुंह हमेशा के लिए ही बंद कर दिया जाए. तुम्हें किसी मुनासिब जगह पर गोली मारना चाहता हूं. इसलिए अपने हाथ ऊपर कर के यहां से बाहर चलो. तुम्हारे मरने के बाद जब पुलिस यहां आएगी तो कह दूंगा कि तुम चोरी के मकसद से यहां घुसे थे और अपनी हिफाजत में गोली चला दी.’’
निक ने हाथ ऊपर उठाए और उस के आगे चल पड़ा. उसी वक्त पुलिस साइरन की आवाज गूंजी. विक्टर चौंक उठा. फिर भारी कदमों की गूंज अपार्टमेंट में होने लगी. 2 पुलिस अफसर तेज कदमों से किचन की तरफ आ गए. इस से पहले कि पुलिस वाले कुछ कहते विक्टर बोल पड़ा, ‘‘यह आदमी चोरी करने की नीयत से मेरे घर में घुसा था. इसे जल्दी पकड़ लीजिए.’’
‘‘रिचर्ड निक्सन किस का नाम है?’’ एक पुलिस अफसर ने पूछा.
‘‘सर, ये मेरा नाम है. आप को फोन मैं ने ही किया था.’’ निक जल्दी से बोला.
‘‘फोन किया था?’’ सुन कर विक्टर एलियानोफ के चेहरे पर घबराहट आ गई.
‘‘रिवौल्वर नीचे करो,’’ पुलिस अफसर ने डपट कर विक्टर से कहा. फिर निक से बोला, ‘‘तुम ने फोन पर जिन जेवरातों का जिक्र किया था वह कहां हैं?’’
निक ने पीछे मुड़ कर फ्रिज की तरफ इशारा किया, ‘‘इस पुराने फ्रिज में हैं.’’
उसी दौरान फुरती से विक्टर ने पुलिस वालों पर रिवौल्वर तानते हुए कहा, ‘‘खबरदार, कोई भी किचन में कदम न रखे.’’
‘‘रिवौल्वर फेंक दो.’’ एक अफसर ने हुक्म दिया.
‘‘मैं कहता हूं कि मेरे घर से बाहर निकल जाओ तुम लोग बिना सर्च वारंट के किसी चीज को हाथ नहीं लगा सकते.’’ थोड़ा पीछे हट कर उस ने तीनों को रिवौल्वर से कवर कर लिया.
‘‘रिवौल्वर नीचे फेंक दो.’’ दूसरा अफसर गरजा. उस के साथ ही एक फायर हुआ और विक्टर का रिवौल्वर हाथ से छूट कर नीचे गिर गया.
पुलिस अफसर ने उस के हाथ पर गोली चलाई थी. पहले अफसर ने फुरती से रिवौल्वर उठा लिया और रूमाल निकाल कर विक्टर एलियानोफ के हाथ पर बांध दिया. विक्टर को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने जब फ्रिज खोल कर देखा तो उस में रखे जेवरात देख कर वह हैरान रह गए.
जेवरात बरामद कर के विक्टर को कत्ल और धोखा देने के इलजाम में गिरफ्तार कर लिया. निक ने अपना बयान नोट कराया और न्यूयार्क के लिए निकल गया.
पुलिस ने विक्टर से जब पूछताछ की तो उस ने अपनी सारी साजिश पुलिस के सामने उगल दी.
इस के बाद पुलिस को पुष्टि हो गई कि ऐना और उस के साथी बेकुसूर हैं. उन के बेकुसूर होने की रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी. जिस के बाद उन्हें रिहा कर दिया. ऐना ने निक को धन्यवाद दिया. और वायदा किया कि जायदा मिलते ही सब से पहले उस के 15 हजार डालर देगी. Detective Story in Hindi






