Women Success Story. जब मजबूत इरादों के साथ कदम बढ़ाया जाता है तो सफलता कदम चूमती है. कानपुर की रहने वाली गृहिणी ममता ने इसे सच साबित कर दिखाया.
बिजनैस की एबीसीडी तक न जानने वाली ममता ने जब बच्चों को भूखे देखा तो उन के अंदर ऐसा जुनून पैदा हुआ कि आज वह एक सफल उद्योगपति बन गई हैं और उन की मेहनत की बदौलत उन के बिजनैस का सालाना टर्नओवर 5 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है.
ममता शुक्ला मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कन्नौज शहर के रहने वाले एक मशहूर ट्रांसपोर्टर की बेटी हैं. 3 भाई और 2 बहनों में ममता सब से छोटी हैं. 1976 में हाईस्कूल करने के बाद उन की शादी कानपुर के रहने वाले प्रदीप शुक्ला से हो गई थी. प्रदीप शुक्ला होमियोपैथी डाक्टर हैं और उन के पिता रविंद्र शुक्ला अपने समय के मशहूर वैद्य रहे थे. शादी के बाद ममता ने गृहस्थी की जिम्मेदारी संभाल ली और 2 बेटों और एक बेटी की मां बन गईं.
प्रदीप शुक्ला होमियोपैथी डाक्टर थे, डाक्टरी करने के बजाय उन के दिमाग में होमियोपैथी दवा बनाने का विचार आया. भारतीय स्टेट बैंक और दूसरी जगह से लोन ले कर उन्होंने सन 1989 में अपने घर में ही एक छोटी फैक्ट्री डाल ली. उस समय फैक्ट्री लगाने में करीब 20 लाख रुपए खर्च हुए थे.
होमियोपैथी दवा बनाने की फैक्ट्री तो लगा ली, लेकिन मुनाफे की बजाय उलटे घाटा होने लगा. इस की वजह यह थी कि प्रदीप शुक्ला ने पहले मार्केट में रिसर्च नहीं की थी. लिहाजा उन का पैसा मार्केट में फंस गया और मार्केट से उन का माल रिजैक्ट किया जाने लगा. इस का नतीजा यह हुआ कि 3 साल बाद सन 1992 में फैक्ट्री बंद हो गई.
बैंक से जो लोन लिया था, उस का ब्याज बढ़ता जा रहा था और आमदनी का कोई स्रोत नहीं था. अच्छेभले घर की माली हालत खस्ता होती जा रही थी. उसी समय ममता के ससुर ने बिजनैस की कमान ममता के हाथों में सौंप दी. यह बात प्रदीप शुक्ला को बहुत बुरी लगी. और तो और बात यहां तक पहुंच गई कि वह ममता से चिढ़ने लगे. वह ताने मारते कि हम से तो संभली नहीं अब देखते हैं तुम कैसे संभालोगी.
ममता के सामने अचानक विकट स्थिति आ गई थी. एक तरफ उधार वाले तकाजा कर रहे थे तो दूसरी तरफ बच्चों के सामने भूखों रहने के हालात बन गए थे. ऊपर से पति ताने मार रहे थे. पति ने एक तरह से सभी जिम्मेदारियों से खुद को किनारे कर लिया था.
ऐसी स्थिति में भी ममता ने अपना आत्मविश्वास नहीं खोया. उन्होंने तय कर लिया कि बाबूजी ने जब उन्हें यह जिम्मेदारी दी है तो वह इसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाएंगी. ऊपर से बच्चों की हालत और पति ने तानों ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए उकसाया. ममता को मार्केट की भी जानकारी नहीं थी.
जब कुछ कर गुजरने की ललक खुद ब खुद पैदा होती है तो सफलता के रास्ते भी बनते जाते हैं. ममता ने ठान लिया था कि वह फेल हो चुके अपने बिजनैस को फिर से खड़ा करने में जीजान लगा देंगी. लिहाजा सब से पहले आयुर्वेदिक कैमिस्टों से संपर्क कर यह जानने की कोशिश की कि उन की बनाई हुई दवा फेल क्यों हुई. पता चला कि पति ने जो दवाइयां बनाई थीं, वह ज्यादा असरकारक नहीं थी.
पति ने जो दवाएं बनाई थीं, उन में कुछ सुधार कर ममता ने सीनियर डाक्टरों से मुलाकात की और उन्हें बनाई हुई दवा को मरीजों पर इस्तेमाल करने के लिए तैयार कर लिया. इत्तफाक से ये दवाएं कारगर साबित हुईं. इस के बाद दवा की डिमांड बढ़ गई. दवा को दोबारा मार्केट में उतारने से पहले एक जानेमाने डाक्टर शरद कुमार से ममता ने संपर्क किया.
अब एक और समस्या यह सामने आई कि दवा को मार्केट में कहां बेचें? क्योंकि कानपुर शहर में तो वह पहले ही रिजैक्ट हो चुकी थीं. इलाहाबाद में ममता के एक भाई रहते थे. उन्होंने अपने भाई से संपर्क किया. दोनों भाईबहनों की 3 महीने की कोशिश के बाद इलाहाबाद की 2 दुकानों से 80 हजार रुपए का और्डर मिला. यह और्डर मिलने पर ममता बहुत खुश हुईं. इस के बाद 6 महीने के अंदर उन्हें इलाहाबाद से ही 2 दरजन से ज्यादा केमिस्टों से और्डर मिले.
इस से ममता की हिम्मत बढ़ी तो उन्होंने सुलतानपुर, भदोही, जौनपुर, बनारस, मीरजापुर आदि इलाकों में खुद घूमना शुरू कर दिया, उन की मेहनत रंग लाई. इन इलाकों से भी उन्हें और्डर मिलने शुरू हो गए. एक साल के अंदर उन्हें 8 लाख रुपए से अधिक की दवा के और्डर मिल गए.
पति ने जो 11 तरह की दवाएं बनाई थीं, ममता उन्हीं पर मेहनत कर रही थीं. ममता ने 1994 में एक नया प्रोडक्ट ‘स्पीड हाइट’ लांच किया. कुछ ही दिनों में यह प्रोडक्ट उत्तर भारत की मार्केट में छा गया. इस के अलावा गैस के लिए गैस्ट्रोलेक्स, फीवर की फेवोरेक्स, ल्यूकोरिया के लिए लिकोरेक्स नामक प्रोडक्ट की मांग भी बढ़ने लगी.
अब चूंकि ममता द्वारा बनाई जाने वाली दवाओं की मांग लगातार बढ़ती जा रही थी. इस से ममता के पैर और ज्यादा गतिशील हो गए. जिस घर में फैक्ट्री लगी थी, वह भी अब छोटा पड़ने लगा. तब ममता ने सन 2008 में पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में नई फैक्ट्री लगा ली. काम और बढ़ा तो इसी इंडस्ट्रियल एरिया में एक और दवा फैक्ट्री खोल ली. छोटी बेटी पारुल के नाम पर खोल उन्होंने इस फैक्ट्री का नाम पारुल होमियोपैथी लैबोरेट्री प्रा.लि. रखा.
ममता का कहना है कि उन्होंने बिजनैस को दोबारा से स्थापित करने के लिए बड़ा स्ट्रगल किया है. शुरुआती दौर में वह पैदल चल कर माल के और्डर लेती थीं. खाने को भी तरस जाती थीं, कई बार तो पानी पीने तक के लिए पैसे नहीं होते थे. ऐसी परिस्थितियों में संघर्ष कर के उन्होंने अपनी कार्यक्षमता दिखा कर जता दिया कि यदि किसी भी काम को करने को ठान लिया जाए तो कुछ भी मुश्किल नहीं होता.
वर्तमान में ममता की दोनों फैक्ट्रियों का टर्नओवर करीब 5 करोड़ रुपए सालाना है. अपने बिजनैस के काम की जिम्मेदारी उन्होंने अपने बच्चों पर भी डाल रखी है. उन का बड़ा बेटा अमित प्रोडक्शन देखता है, जबकि छोटे बेटे सुमित को मार्केटिंग की जिम्मेदारी दे रखी है. सफल बिजनैसमैन होने के बाद ममता ने समाजसेवा भी करनी शुरू कर दी है. इस के लिए उन्होंने एक होमियोपैथी डिस्पेंसरी खोली है, जहां लोगों का मुफ्त इलाज होने के साथ दवा भी मुफ्त में दी जाती है. तमाम लोग इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं. ममता आम गृहिणी से एक सफल उद्योगपति बन चुकी हैं. वह तमाम स्त्रीपुरुषों के लिए एक मिसाल बन गई हैं. Women Success Story
— 2017 में प्रकाशित






