Agra Double Death Case. पतिपत्नी के संबंध प्यार और विश्वास पर टिके होते हैं. जिस दिन इन में से एक भी खत्म हो जाता है, उसी दिन से घर में कलह शुरू हो जाती है. ऐसा ही सुनील और अंशु के बीच भी हुआ. घर में सब कुछ था, लेकिन पतिपत्नी के बीच प्यार और विश्वास नहीं रह गया था. उस का नतीजा इतना बुरा होगा, शायद किसी ने कल्पना नहीं की थी.
डा. टी.एन. राजपाल आगरा के एक जानेमाने डाक्टर माने जाते हैं. जयपुर हाउस में उन की आलीशान कोठी है. उसी कोठी के ग्राउंड फ्लोर पर उन का नर्सिंगहोम है, जिसे वह और उन की पत्नी डा. मधु संभालती हैं. ज्यादातर नर्सिंगहोम वाले अपने नर्सिंगहोम के एक हिस्से में मैडिकल स्टोर खुलवा देते हैं. डा. राजपाल ने भी अपने नर्सिंगहोम में छोटे भाई सुनील राजपाल को मैडिकल स्टोर खुलवा दिया था.
चूंकि वहां मुनासिब दामों पर दवाएं मिल जाती थीं, इसलिए नर्सिंगहोम में इलाज कराने वाले लोग ही नहीं, बाहर से लोग दवाएं खरीदने आते हैं. मैडिकल स्टोर काफी चलता था, इसलिए उस पर कई लड़के काम करते थे. राजपाल बंधुओं की गिनती शहर के धनाढ्य और प्रतिष्ठित लोगों में होती थी. दोनों भाई उसी कोठी में अपनीअपनी पत्नियों के साथ रहते थे.
दोनों भाइयों के बच्चे बाहर थे. डा. राजपाल का बेटा अमेरिका में डाक्टर है, जबकि बेटी रवीना चीन से एमबीबीएस कर रही है. छोटे भाई सुनील राजपाल का एकलौता बेटा संभव गुड़गांव में नौकरी कर रहा है. उस ने न्यूजीलैंड से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी. पढ़ाई पूरी होने के बाद अभी जल्दी उस की नौकरी लगी थी.
डा. राजपाल का सब से छोटा भाई सुशील राजपाल दिल्ली में इंजीनियर है. उन का बेटा कुवैत में नौकरी करता है. कुल मिला कर राजपाल भाइयों की गिनती बड़े लोगों में होती थी. चूंकि नर्सिंगहोम कोठी के ग्राउंड फ्लोर पर था, इसलिए डा. राजपाल और उन की पत्नी डा. मधु सुबह 8 बजे ही नीचे नर्सिंगहोम में आ जाते थे. 9 बजे के करीब सुनील भी मैडिकल स्टोर पर आ जाता था.
लेकिन मैडिकल स्टोर पर काम करने वाले लड़के पहले ही आ कर साफसफाई कर लेते थे. मैडिकल स्टोर के बराबर में सुनील की पत्नी अंशु ने बुटीक खोल रखा था. वह भी 9 से 10 बजे के बीच अपना बुटीक खोल देती थी. लेकिन 17 अप्रैल, 2017 को निर्धारित समय पर न तो सुनील अपने मैडिकल स्टोर पर आया और न ही उन की पत्नी अंशु अपने बुटीक पर पहुंची.
दोपहर के 12 बज गए. दोनों ही दुकानों पर काम करने वाले लड़के काम में लगे थे. अचानक मैडिकल स्टोर पर सुनील राजपाल की जरूरत पड़ी तो मैडिकल स्टोर पर काम करने वाला अमित सुनील को बुलाने गया. दरवाजा खटखटाने पर अंदर से ही सुनील ने कहा कि उस की तबीयत ठीक नहीं है तो अमित लौट आया.
दोपहर 2 बजे के करीब सुनील से मिलने एकाउंटैंट आया तो अमित एक बार फिर अपने मालिक को बुलाने पहुंचा. उस ने दरवाजा खटखटा कर सुनील को एकाउंटैंट के आने की खबर दी. इस बार सुनील ने दरवाजा खोले बगैर कह दिया कि तबीयत अभी भी ठीक नहीं है. आराम कर रहा हूं. एकाउंटैंट से कह देना कि वह फिर आ जाएगा.
कुछ देर बाद सुनील के गुड़गांव में नौकरी करने वाले बेटे संभव का फोन अमित के मोबाइल पर आया. उस ने कहा, ‘‘मैं मौमडैड से बात करना चाहता हूं, लेकिन दोनों के ही मोबाइल बंद हैं. तुम उन में से किसी एक से मेरी बात करा दो.’’
इस बार अमित ने मैडिकल स्टोर पर ही काम करने वाले दूसरे लड़के हरिओम को भेजा. हरिओम भी जब सुनील के कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा बंद था. दरवाजा खटखटा कर सुनील को को कई आवाजें दीं, पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई. हरिओम को कुछ आशंका हुई तो उस ने दरवाजे को धीरे से धकेला. दरवाजा खुल गया.
दरवाजा खुलने पर वह अंदर दाखिल हुआ तो उस ने वहां जो देखा, उस से उस के होश उड़ गए. उस के मालिक सुनील राजपाल गले में फंदा डाले पंखे से लटके हुए थे.
चीखता हुआ हरिओम नीचे आया और सभी को यह बात बताई. इस के बाद वह भागता हुआ क्लिनिक में पहुंचा और डा. टी.एन. राजपाल और उन की पत्नी को भी बताया. पतिपत्नी और वहां काम करने वाले कुछ लोग सुनील के कमरे पहुंचे. सचमुच सुनील की लाश पंखे से लटकी हुई थी. डा. राजपाल ने तुरंत इस की सूचना थाना लोहामंडी पुलिस को दी.
खबर मिलते ही थानाप्रभारी जगदंबा सिंह पुलिस टीम के साथ जयपुर हाउस स्थित डा. राजपाल की क्लिनिक पर पहुंच गए. पुलिस पहली मंजिल स्थित सुनील के बैडरूम में पहुंची तो वहां पंखे से सुनील की लाश लटक रही थी. कमरे में पड़े बैड पर काफी मात्रा में खून फैला था. खून से सनी एक ईंट भी वहां पड़ी थी. पुलिस सोचने लगी कि अगर सुनील ने सुसाइड किया है तो बैड पर यह खून किस का है.
यह पता करने के लिए पुलिस दूसरे कमरे में पहुंची तो वहां सुनील की पत्नी अंशु की लहूलुहान लाश फर्श पर पड़ी थी. अंशु का सिर फटा हुआ था. शरीर पर भी पिटाई के निशान थे. लाश के पास ही एक बड़ा सा बैग पड़ा था. उसी के पास खून से सना एक तकिया भी रखा था. इस से अंदाजा लगाया गया कि बैड पर हत्या कर के लाश यहां ला कर डाली है.
जगदंबा सिंह ने फोरैंसिक टीम को बुलवा लिया था. जांच में पता चला कि अंशु का खून बैड पर ही किया गया था. उस के बाद लाश घसीट कर बाथरूम के सामने से दूसरे कमरे में ले जाई गई थी. पुलिस को कमरे की तलाशी में एक सुसाइड नोट मिला था, जो शायद सुनील राजपाल ने लिखा था.
उस ने उस में लिखा था, ‘मैं ने अपनी पत्नी अंशु राजपाल का आज सुबह 10 बजे मर्डर कर दिया है, जिस का जिम्मेदार मैं हूं. मैं खुद भी सुसाइड करने जा रहा हूं. मैं इस जिंदगी से तंग आ चुका हूं. कोई भी इस का जिम्मेदार नहीं है. मैं अपने बेटे से बहुत प्यार करता हूं. डाक्टर साहब उस का ध्यान रखिएगा.’
पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया. फोरैंसिक टीम का काम खत्म हो गया तो पुलिस ने घर वालों से पूछताछ शुरू की. लेकिन कोई कुछ बता नहीं पा रहा था. डा. टी.एन. राजपाल ने बताया था कि वह तो अपनी पत्नी के साथ कोठी के ग्राउंड फ्लोर पर अपने क्लिनिक में थे. किसी को भी इस घटना की भनक तक नहीं लग पाई.
अब तक की जांच में पुलिस को लगा कि सुनील ने पहले पत्नी की हत्या की है, उस के बाद खुद आत्महत्या कर ली है. अब सवाल यह था कि उन्होंने ऐसा क्यों किया. पुलिस यह पता करने के लिए जांच करने लगी.
पुलिस ने मौके की काररवाई पूरी कर के दोनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. पुलिस को घटनास्थल से अंशु का मोबाइल फोन नहीं मिला था. पूछताछ में घर वाले भी मोबाइल के बारे में कुछ नहीं बता सके थे.
पुलिस की जांच में जो जानकारी सामने आई थी, वह इस प्रकार थी. डा. टी.एन. राजपाल से 2 छोटे भाई हैं सुनील राजपाल और सुशील राजपाल. डा. राजपाल ने कोठी के निचले हिस्से में नर्सिंगहोम बना रखा है, जिसे पतिपत्नी मिल कर चलाते हैं. सुनील वहीं पर कैमिस्ट की दुकान चलाता था. सब से छोटा सुशील राजपाल दिल्ली में इंजीनियर है.
सुनील की शादी अंशु लांबा से हुई थी. अंशु एक खातेपीते परिवार से थी. वह बेहद महत्त्वाकांक्षी और जिंदादिल थी. सुनील और अंशु का दांपत्यजीवन सुखद था. जयपुर हाउस की कोठी में डा. राजपाल और सुनील का परिवार ही रहता था. दोनों परिवार अपनीअपनी दुनिया में मस्त थे. व्यावसायिक व्यस्तता की वजह से कोई किसी के जीवन में दखल नहीं देता था. हां, सुखदुख में जरूर इकट्ठा हो जाते थे.
सुनील राजपाल का बेटा कुछ साल पहले होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने न्यूजीलैंड चला गया. बेटे के जाने के बाद अंशु घर पर अकेली रह गई. उसे लगने लगा कि उसे भी कुछ करना चाहिए. अंशु बेहद खूबसूरत महिला थी. बढ़ती हुई उम्र का उन की खूबसूरती पर कोई असर नहीं पड़ा था. वह आजादखयाल महिला थी, इसलिए आधुनिक पहनावा पहनती थी.
एक दिन अंशु ने सुनील से कहा कि वह दिन भर घर में बैठीबैठी बोर हो जाती है, अत: कुछ करना चाहती है. सुनील ने सहज भाव से उसे इजाजत दे दी. बिंदास स्वभाव की अंशु की दोस्ती महिलाओं के साथसाथ पुरुषों से भी थी. फेसबुक और वाट्सऐप के जरिए दोस्तों की संख्या और बढ़ गई थी.
सुनील को अपने कारोबार से थोड़ाबहुत जो समय मिलता था, वह पत्नी के साथ बिताता था. इसी बीच अंशु ने अपना बुटीक खोल लिया. धीरेधीरे बुटीक चल निकला. बुटीक पर आनेजाने वाले लोगों की संख्या बढ़ने लगी तो उस ने काम करने के लिए कई लड़के रख लिए. अब वह भी व्यस्त रहने लगी.
धीरेधीरे वह पति सुनील को इग्नोर कर दोस्तों के साथ डिनर पार्टी या अन्य तरह के प्रोग्रामों में जाने लगी. शुरूशुरू में तो सुनील को पत्नी के खुले विचारों और लोगों से दोस्ती पर ऐतराज नहीं था, पर धीरेधीरे उसे लगने लगा कि पत्नी की व्यस्तता के कारण वह उस से दूर होता जा रहा है. उस के अंदर एक तरह का एकाकीपन घर करने लगा, जिस से वह तनाव में रहने लगा.
एक दिन उस ने अंशु से कहा, ‘‘लगता है, अब तुम मुझ से प्यार नहीं करती?’’
अंशु ने उसे एकटक देखते हुए हंस कर कहा, ‘‘तुम किस प्यार की बात कर रहे हो? उम्र देखी है अपनी? 55 साल के हो गए हो, कम से कम अब तो इस तरह की बात मत करो?’’
‘‘तुम भी 50 की हो, पर दोस्तों के साथ सैरसपाटा करती रहती हो.’’ सुनील ने कहा.
‘‘दोस्त ऐसे ही नहीं बन जाते, गट्स के साथ अपनी फिगर पर भी ध्यान देना पड़ता है. तुम क्यों नहीं खुद पर ध्यान देते?’’ अंशु ने कहा.
अंशु की इस बात पर सुनील को गुस्सा आ गया. उस ने कहा, ‘‘मुझे जवान बनने का शौक नहीं है.’’
उस दिन के बाद सुनील और अंशु के बीच दूरियां बढ़ने लगीं. अंशु दोस्तों के साथ कुछ ज्यादा ही व्यस्त रहने लगी. उसे सुनील की कोई परवाह नहीं रह गई थी. दुनिया को दिखाने के लिए तो वे सुखी दंपति थे, पर दोनों के बीच की कड़वाहट बढ़ती जा रही थी.
अंशु को अब पति की भावनाओं की कोई परवाह नहीं रह गई थी, जिस की वजह से सुनील तनाव में रहने लगा था. दिन भर अपनी कैमिस्ट की दुकान पर बैठने के बाद थकामांदा वह लौटता तो सुखदुख की बातें पत्नी के साथ बांटना चाहता, लेकिन अंशु तो उस की तरफ से पूरी तरह से लापरवाह हो चुकी थी.
दुनिया को दिखाने के लिए पतिपत्नी दोस्तों की पार्टियों में जाते, उन के सामने हंसहंस कर बातें भी करते, जबकि दोनों के निजी जीवन में काफी कड़वाहट थी. यह किसी को मालूम नहीं था.
हद तो तब हो गई, जब अंशु ने अपने लिए कुछ ऐसे कपड़े सिलवाए, जिन्हें देख कर सुनील भड़क उठा. उस ने कहा, ‘‘अब ये कपड़े किसे दिखाने के लिए पहनना है?’’
अंशु भी गुस्से में बोली, ‘‘जैसा मेरा मन करेगा, वैसे कपड़े पहनूंगी. किसी को अच्छा लगे या न लगे, इस की मुझे परवाह नहीं है. मेरी आजादी पर किसी को भी ऐतराज नहीं होना चाहिए.’’
सुनील को पत्नी का यह जवाब बहुत बुरा लगा. बात बढ़ाने के बजाय वह चुप हो गया. सुनील अब सोतेजागते यही सोचता रहता कि पत्नी को कैसे सुधारे. एक दिन सुनील ने अंशु का मोबाइल देखना चाहा तो अंशु भड़क उठी. उस ने चीखते हुए उस के हाथ से मोबाइल छीन लिया. सुनील ने गुस्से में उस की पिटाई कर दी. इस के बाद दोनों के बीच बात इतनी बढ़ी कि पुलिस तक पहुंच गई. पुलिस ने समझाबुझा कर मामले को शांत किया. लेकिन बुझी हुई राख में चिंगारी सुलगती रही.
इसी बीच बेटा संभव अपना होटल मैनेजमेंट का कोर्स पूरा कर के न्यूजीलैंड से घर आ गया. वह जौब की कोशिश करने लगा. जल्दी ही उसे गुड़गांव में नौकरी मिल गई. हालांकि पिता दवा के बड़े कारोबारी थे, वह चाहता तो पिता के बिजनैस में मदद कर सकता था, पर संभव बिजनैस नहीं करना चाहता था.
संभव को गुड़गांव जाना था, अंशु ने उस के जाने की तैयारी कर दी. सुनील बेटे के साथ जाने को तैयार था. उसे वहां किराए का मकान ले कर देना था. सभी कुछ ठीक था, पर अचानक वक्त करवट लेने लगा. वक्त उन पर क्या कहर ढाने वाला था, कोई नहीं जानता था. संभव जो खुशी और ऊर्जा से भरपूर था, उस ने कल्पना तक नहीं की थी कि वह पलभर में सारी खुशियां खो देगा.
संभव ने गुड़गांव में नौकरी जौइन कर ली. सुनील 3-4 दिन बेटे के साथ रहा. उस के बाद बेटे को समझाबुझा कर 16 अप्रैल, 2017 को आगरा आ गया. बेटे के साथ गुड़गांव में बिताए गए 3-4 दिन सुनील के लिए यादगार थे, पर घर में कदम रखते ही क्लेश फिर शुरू हो गया.
सुनील के घर लौटने पर अंशु ने ध्यान नहीं दिया. वह मोबाइल पर अपने दोस्तों से बातें करती रही. सुनील मन ही मन जलता रहा. कुछ देर बाद अंशु तो सो गई, पर सुनील की आंखों में नींद नहीं थी. बेटा नौकरी पर लग ही चुका था. उसे लगा कि अब तक वह बेटे के लिए ही जी रहा था. पत्नी से अब दुखसुख की कोई बात नहीं होती थी. वह जब भी बात करते झगड़ा ही होता था. वह प्यार के दो बोल के लिए तरस रहे थे. सोचतेसोचते उन का दिल भर आया. फिर न जाने कब नींद आ गई.
सुबह फ्रैश होने के बाद सुनील नाश्ता कर रहा था. अंशु उस समय तैयार हो कर मोबाइल पर किसी से हंसहंस कर बातें कर रही थी. उस का दिल जल उठा. नाश्ता कर के वह बैडरूम में आ गया. कुछ देर में अंशु भी बैडरूम में आ कर लेट गई. मोबाइल अभी भी उस के हाथ में था. अचानक सुनील के अंदर की नफरत उबलने लगी. खून उस के सिर पर सवार हो रहा था.
सुनील के दिलोदिमाग में क्या चल रहा था, इस से अंशु पूरी तरह से अनजान थी. अंशु आराम से पलंग पर लेटी थी. सुनील उठा और बाहर से ईंट उठा लाया. इस से पहले कि अंशु कुछ समझ पाती, सुनील अंशु के सिर पर दनादन ईंट से वार करने लगा. खून का फव्वारा फूट पड़ा और कुछ ही देर में उस की मौत हो गई.
पत्नी की मौत के बाद सुनील का गुस्सा शांत हो गया. अब उसे पुलिस और कानून का डर सताने लगा. बैड से लाश उतार कर वह दूसरे कमरे में ले गया. इस के बाद उस ने फर्श का खून साफ किया. अब क्या किया जाए, वह यही सोच रहा था कि साढ़े 11 बजे के करीब दुकान के एक कर्मचारी अमित ने दरवाजे पर दस्तक दी. सुनील ने उस से कह दिया कि तबीयत ठीक नहीं है, थोड़ी देर में आऊंगा.
पत्नी की लाश से कैसे छुटकारा मिले, यह उस के सामने बड़ा सवाल था. सुनील ने लाश को ठिकाने लगाने की योजना बना कर एक बड़ा सा बैग निकाला. उसे लाश के पास रख कर वह बैठ कर सोचने लगा. इस बीच दुकान के नौकर कई बार दरवाजा खटखटा चुके थे. सुनील ने हर बार यही कहा था कि तबीयत ठीक नहीं है. सुनील अंधेरा होने का इंतजार कर रहा था. उस ने अपना और अंशु का फोन स्विच्ड औफ कर दिया था.
उसी बीच संभव का फोन दुकान के नौकर अमित के मोबाइल पर आया. उस ने बताया कि मौमडैड का फोन स्विच्ड औफ आ रहा है, जरा देखो तो क्या बात है? अमित ने उसे बताया था कि साहब की तबीयत खराब है, मेमसाहब से उस की बात नहीं हुई थी.
संभव ने अमित से कहा था कि वह जा कर देखे क्या बात है? अमित ने हरिओम को सुनील के यहां भेजा. हरिओम जब सुनील के कमरे में पहुंचा तो उसे सुनील पंखे से लटका मिला.
पुलिस को वहां से शराब का एक हाफ और एक प्लेट तथा चम्मच मिला था, जिस से अनुमान लगाया गया कि फांसी लगाने से पहले सुनील ने शराब पी थी. उसी कमरे में उस का सुसाइड नोट भी मिला था.
संभव को अनहोनी की खबर मिली तो वह गुड़गांव से आगरा पहुंचा. वह हैरान था कि डैड ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया? आसपास रहने वाले लोग भी हैरान थे कि इतने प्रतिष्ठित परिवार में ऐसा क्यों हुआ?
—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित
— मनोहर कहानियां, 2017 में प्रकाशित






