Chambal Dacoit Queen. चंबल के बीहड़ों में जब डाकुओं का नाम सुन कर लोग कांप उठते थे, तब मुजरे के घुंघरुओं को उतार कर चंबल के बीहड़ों में पहुंची पुतलीबाई को देख कर कई गिरोह चौंक गए थे. एक साधारण महिला से खूंखार डकैत बनने तक का उस का सफर संघर्ष, प्रतिशोध, साहस और अपराध की कई परतें खोलता है. आखिर कौन थी पुतलीबाई और किन परिस्थतियों ने 18 साल की उस कमसिन को बंदूक उठाने के लिए मजबूर किया? उस की कहानी आज भी रहस्य और रोमांच से भरी है.
चंबल की घाटियों में पहली बार जिस महिला ने बंदूक उठा कर कानून को चुनौती दी और जिस से चंबल में दस्यु सुंदरी बनने की परंपरा शुरू हुई, वह पुतलीबाई एक वेश्या की बेटी थी. जिस माहौल में वह पलीबढ़ी थी, वहां के हिसाब से उसे मुलायम बिस्तर और महकती शामें मिलनी थीं, लेकिन उस की बदनसीबी ने बमुश्किल 18 साल की कमसिन उम्र में उसे चंबल के धूल भरे पथरीले बीहड़ों में ला पटका, जहां से वह चाह कर भी कभी वापस अपने घर नहीं लौट पाई.
एक ओर उसे जीते जी कोई घर नहीं मिला तो दूसरी तरफ मरने के बाद उसे दफन होने को 2 गज जमीन भी मयस्सर नहीं हुई. वरदी वालों ने मार कर उस की लाश को चंबल की किसी नदी में फेंक दिया था, जहां मछलियों और कछुओं ने उस के जवान जिस्म को नोच खाया. पुलिस के रिकौर्ड में यह भी दर्ज नहीं है कि उस की गोलियों से बिंधी लाश को किस नदी में फेंका गया था.
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की अंबाह तहसील को तोमर घार कहा जाता है. तोमर ठाकुर यहीं के मूल निवासी माने जाते हैं. यहां का बरबाई गांव अमर शहीद रामप्रसाद बिस्मिल और दस्यु सुंदरी पुतलीबाई का पैतृक गांव है. इसी बरबाई गांव की रहने वाली असगरीबाई ने 3 बच्चों को जन्म दिया था. पहला बेटा अल्लाहदीन, दूसरी बेटी तारा और सब से आखिर में 1930 के आसपास पैदा हुई बेटी का नाम उस ने पुतली रखा था.
असगरी को उम्मीद थी कि उस की दोनों बेटियों के सहारे उस का बुढ़ापा आसानी से कट जाएगा, लेकिन बड़ी बेटी तारा बचपन से ही टीबी (क्षयरोग) की शिकार हो गई. ऐसे में असगरी की सारी उम्मीदें पुतली पर आ कर टिक गई थीं.
जैसेतैसे पुतली को उम्र का सोलहवां साल लगा. तब तक उस की जवानी के सौदागरों ने उस के घर की दहलीज खोदनी शुरू कर दी थी. मां को भी जल्दी थी, अत: 16 साल की होतेहोते पुतली हुस्न के बाजार में बैठा दी गई.
उस समय तवायफें गुजारे के लिए नाचगाना भी करती थीं. लोगों के सामने मुजरा करना आमदनी का एक बड़ा जरिया था. संपन्न लोग शादीविवाह के मौके पर बारात के साथ तवायफों को भी ले जाते थे. पुतली भी शादियों में मुजरा करने जाने लगी थी.
उम्र का 17वां साल लगतेलगते पुतली गर्भवती हुई और उस ने एक बेटी को जन्म दिया, जिस का बचपन में मुन्नी नाम रखा गया था. बाद में वह तन्नो बनी.
पुतली के समय की चंबल घाटी में डाकुओं के कई बड़ेबड़े गिरोह मौजूद थे. इन में डाकू मानसिंह का नाम सब से ऊपर था. भिंड का रहने वाला फौज से रिटायर हो कर डाकू बना सुलतान सिंह गुर्जर का भी एक बड़ा गिरोह चंबल में सक्रिय था, उस का नाम 1920 के आसपास चंबल में सक्रिय रहे और आज तक एक किंवदंती की तरह मशहूर सुलताना डाकू से मिलताजुलता था.
इस सुलताना को 1920 में अंग्रेज सरकार ने फांसी दे दी थी. नया सुलतान सिंह गुर्जर उर्फ सुलताना मूलरूप से भिंड जिले के थाना गोरमी के गांव सुकंड का रहने वाला था. आकर्षक नैननक्श, मजबूत कदकाठी का धनी सुलतान सेना में नौकरी करता था. वहां से रिटायर होने के बाद उस के सामने ऐसी परिस्थितियां बनीं कि वह बागी हो गया था. उस का गांव और पुतली का गांव पासपास होने के चलते पुतली के बारे में उस ने काफी पहले से सुन रखा था.
1951 की बात है. पुतली एक शादी में नाचनेगाने धौलपुर गई थी. बड़ा भाई अल्लाहदीन उस के साथ था. उस समय 3 दिन की शादियां होती थीं, जिन में रात में महफिलें सजती थीं. पुतली जिस शादी में गई थी, उस गांव में उस के नाचगाने की जो धूम मची, उस की चर्चा सुलताना डाकू के कानों तक भी पहुंच गई.
एक दिन वह अचानक उस बारात में आ धमका. पुतली के हुस्न को देख कर बारात लूटने आया सुलताना खुद लुट गया. वह सब कुछ छोड़ कर केवल पुतली को उठा कर भाग गया. लगभग 6 महीने पुतली सुलताना के कब्जे में रही. अपने को इस तरह किडनैप कर के जंगल में ला पटकने से नाराज पुतली ने पहले तो सुलतान को कोई भाव नहीं दिया, लेकिन फिर मजबूरी के चलते उसे अपने को सुलतान को समर्पित करना पड़ा.
पुतली सुलतान के साथ रह जरूर रही थी, लेकिन उसे अपनी बेटी और परिवार की बहुत याद आती थी, इसलिए उस ने जैसेतैसे सुलतान को इस बात के लिए राजी किया कि वह उसे वापस उस के घर छोड़ आए. सुलतान ने उस की बात मानी और उसे उस के गांव छोड़ गया. इस बीच उस की मां असगरी ने भी उस की वापसी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी.
इलाके के प्रभावशाली लोगों से ले कर धौलपुर मुरैना पुलिस के अधिकारियों तक से उस ने बेटी की रिहाई की गुहार लगाई थी. पुतली को वापस पा कर उस की खुशी का ठिकाना न रहा, लेकिन बरबाई में उसे खतरे का एहसास था, इसलिए वह पुतली और अपने बाकी बच्चों को ले कर मुरैना आ गई और यहां एक मकान ले कर उस में रहने लगी. पुतली का यह मकान मुरैना में आज भी मौजूद है.
पुतली के जानकारों का कहना है कि मुरैना पुलिस के लोग पुतली से सुलतान के बारे में पुछताछ करने कभी भी आ धमकते थे. इस से पूरा परिवार तो परेशान था ही, उन का धंधा भी ठप हो गया था.
लगभग 6 महीने मुरैना में रहने के बाद पुतली एक बार फिर बरबाई आने को मजबूर हुई, जहां उसे उम्मीद थी कि उस का शादी विवाह में नाचनेगाने का धंधा फिर चल निकलेगा, लेकिन ऐसा हो पाता, इस से पहले सुलतान एक बार फिर बरबाई पहुंच गया और एक बार फिर पुतली को अपने साथ ले गया.
बाबू लोहार हुआ फिदा
1953 में पुतली दोबारा सुलतान के गिरोह में पंहुची. इस के तुरंत बाद ही धौलपुर के राजई गांव के पास सुलतान गैंग से पुलिस की मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ से गिरोह को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा. गिरोह के लोगों को शक था कि पुलिस से इस की मुखबिरी पुतली ने की थी.
गिरोह का एक सदस्य बाबू लोहार भी पुतली से मिला हुआ था. वह पुतली पर दिलोजान से फिदा था. सुलतान जहां अधेड़ उम्र का था, वहीं बाबू तब नई चढ़ती उम्र का युवा था. पुतलीबाई भी शायद उसे पसंद करने लगी थी.
सुलतान गिरोह के कुछ लोग पुतलीबाई को संदेह की नजर से देखते थे, इसलिए धौलपुर की मुठभेड़ के बाद पुतली गिरोह से अलग हो गई. उस ने आगरा जा कर अपनी मां के एक परिचित जैन परिवार के मुखिया की सहायता से पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. तब पुलिस ने उसे जेल भेज दिया.
पुतलीबाई जिस समय आगरा की जेल में बंद थी. 5 मई, 1955 को मुरैना के नगरा थाने के पास ससकापुरा में हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने सुलतान को मार गिराया था. इस के कई महीने बाद इसी जैन परिवार ने पुतली की अदालत से जमानत कराई और उसे मुरैना भेज दिया.
26 मई, 1955 को आगरा न्यायालय से पुतली को जमानत मिली थी. जमानत पर छूट कर वह मुरैना आई, लेकिन यहां पुलिस ने उस का जीना हराम कर दिया. इस से परेशान हो कर वह फिर सुलतान के गैंग में पहुंच गई. सुलतान के मरने के बाद आगरा के फतेहाबाद थाना के गांव लोहारी का रहने वाला बाबू गुर्जर उर्फ बाबू लोहार तब सुलतान गिरोह का सरदार बन गया था.
बाबू तो पुतली का पहले से ही आशिक था, उस ने तुरंत पुतली को शरण दे दी और पुतली पर अपनी दावेदारी भी ठोंक दी. सुलताना के मारे जाने के 4 महीने बाद ही 6 सितंबर, 1955 को मुरैना पुलिस ने पुतली के दूसरे आशिक बाबू लोहार को सरायछोला थाने के गांव मृगपुरा के पास एक मुठभेड़ में मार गिराया.
बाबू लोहार के मरने के बाद इस गिरोह के सामने फिर नेतृत्व का संकट खड़ा हो गया, जिस की वजह से गैंग तितरबितर हो गया, लेकिन फिर भी कुछ लोग पुतली के साथ बने रहे. एक दिन इन सब को ले कर पुतली डाकू मानसिंह के पास पहुंच गई.
मानसिंह ने उस समय तो पुतली को शरण दे दी, लेकिन वह खुद और उस के गिरोह के तमाम लोग औरतों को गिरोह में रखने के खिलाफ थे. इसलिए मानसिंह ने खुद पुतली को कल्ला गुर्जर के पास भेज दिया.
कल्ला उर्फ कल्याण सिंह गुर्जर सुलताना का जाति भाई था और सुलताना के गांव से लगे कछनावा गांव का रहने वाला था. नयानया बना उस का गिरोह ज्यादा बड़ा नहीं था. पुतलीबाई और उस के गिरोह को उस ने अपने गिरोह में शामिल कर लिया. धीरेधीरे यह गिरोह कल्ला-पुतली के नाम से पुलिस फाइलों में दर्ज होने लगा. एक समय इस के सदस्यों की संख्या 35 तक पहुंच गई थी.
14 दिसंबर, 1956 को गोरमी के पास इस गिरोह के होने की सूचना थानेदार आर.के. तिवारी को मिली. इस पर वह अपने थाने में मौजूद लगभग 17-18 जवानों के साथ गिरोह को घेरने पहुंच गए. दोनों तरफ से जम कर गोलियां चलीं. एक गोली पुतलीबाई की बाईं बांह पर लगी थी. जैसेतैसे गिरोह वहां से भाग पाने में सफल हुआ.
घायल पुतलीबाई को जब तक डौक्टरी मदद मिलती, उस के हाथ का घाव सड़ चुका था. जान बचाने के लिए डौक्टरों ने उस का कोहनी से ऊपर तक का हाथ काट दिया. महीनों के इलाज के बाद उस की जान तो बच गई, लेकिन पुतली खुद बंदूक चलाने के काबिल नहीं रह गई थी.
27 मार्च, 1957 को भिंड पुलिस को कल्ला-पुतली गिरोह के खिटौली गांव से लगे जंगल में रात गुजारने का पता मुखबिरों से लगा. उस समय पूरा गिरोह तो जंगल में ठहरा था, लेकिन कल्ला और पुतली खिटौली गांव के एक मकान में ठहरे थे.
भिंड पुलिस का एक सबइंसपेक्टर भेज कर अपने साथ एक सिपाही को ले कर इस गांव के हर घर की तलाशी ले रहा था. तभी एक मकान से आई गोली ने उस सबइंसपेक्टर का भेजा उड़ा दिया. एक गोली सिपाही को भी लगी. वह घायल हो कर वहीं गिर गया.
पुतलीबाई और कल्ला इस के बाद गांव से भाग गए. जंगल में सर्च अभियान में लगी पुलिस पार्टी सब छोड़ कर गांव लौट आई. इस का फायदा उठा कर गिरोह भी जंगल से भाग गया. भागते समय गिरोह के लिए खाना बन रहा था. बाद में पुलिस ने जंगल से रोजाना के उपयोग का ढेरों सामान बरामद किया, जिस में अधबना खाना भी था.
पुतलीबाई जिस समय दस्यु सुंदरी के तौर पर बीहड़ों में सक्रिय थी, उस समय कुछ डकैतों के बंबई आनेजाने की सूचनाएं पुलिस तक पहुंचती रहती थीं. ऐसी एक सूचना पुतलीबाई को ले कर भी तत्कालीन पुलिस आईजी के पास पहुंची थी.
31 मई, 1957 को एक पत्र लिख कर उन्होंने एसपी (मुरैना) को इस की जानकारी भेजने को कहा था. इस के जवाब में 14 जून, 1957 को मुरैना के एसपी सुरजीत सिंह ने उन्हें सूचित किया था कि पुतलीबाई के बंबई भाग जाने की खबर अफवाह है. वह कल्ला के साथ कछनवा गांव में मौजूद है.
नदी में फेंकी लाशें
14 दिसंबर, 1957 को कल्ला-पुतली गिरोह सबलगढ़ तहसील के गांव खुल्होली पहुंचा. वहां उस ने एक घर में डकैती डाली, जिस में उसे 40 हजार रुपए नकद मिले. उस समय के हिसाब से यह एक बड़ी रकम थी.
16 दिसंबर, 1957 का गिरोह ने थाना पहाडग़ढ़ के गांव कन्हार और गुलारी में डकैतियां डालीं. वहां जब पुलिस पीछे पड़ी तो 5 जनवरी, 1958 को यह गिरोह जंगल में घूमताफिरता जौरा सुमावली, नूराबाद, शनीचरा होता हुआ कोंथर खुर्द पहुंचा और वहां से किर्रायंच होता हुआ अंबाह की तरफ बढ़ा.
23 जनवरी, 1958 की सुबह पुलिस अंबाह तहसील में क्षेत्र के आसन और क्वारी नदी से लगे बीहड़ों के इलाके में लाखन गिरोह के मूवमेंट की खबर पर जंगलों में सर्च अभियान चला रही थी. तभी एक टुकड़ी को अचानक कल्ला-पुतली गैंग दिखाई दिया, जो अंबाह की तरफ बढ़ रहा था.
इस सूचना पर पुलिस की कई टुकडिय़ों ने इस इलाके की घेराबंदी शुरू की. थोड़ी देर बाद कल्ला-पुतली गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ शुरू हो गई. कल्ला ने गिरोह को 2 हिस्सों में बांट दिया. एक हिस्सा उस के साथ था, जबकि 9 लोगों की दूसरी टुकड़ी पुतलीबाई के साथ थी.
कल्ला तो गोलीबारी करता हुआ पुलिस की घेरेबंदी से निकल भागने में सफल रहा, लेकिन पुतलीबाई और उस के साथ के 9 लोग चारों तरफ से पुलिस से घिर गए. इन्होंने गोलीबारी कर के भागने का पूरा प्रयास किया, लेकिन पुलिस की ज्यादा तादाद के चलते वे भाग नहीं सके और पुतलीबाई सहित सभी 10 लोग इस मुठभेड़ में मारे गए.
बताते हैं कि मुठभेड़ में लगे पुलिस वालों का ध्यान भटकाने के लिए पुतलीबाई ने अपने पास मौजूद हजारों रुपए के नोट हवा में फेंके, लेकिन पुलिस ने ये नोट उन्हें मारने के बाद ही उठाए. पुलिस को मारे गए डकैतों के पास से 303 बोर की 3 राइफलें, 3 माउजर, 3 बारह बोर की दुनाली बंदूकें और भारी मात्रा में कारतूस आदि मिले.
चूंकि पुतली बंदूक चलाने में समर्थ नहीं थी, इसलिए उस के पास से कोई हथियार नहीं मिला था. पुलिस पुतलीबाई और उस के सभी 9 साथियों की लाशों को मुरैना लाई. यहां के सिविल अस्पताल में (जो आज भी जैन मंदिर रोड पर मौजूद है) डौक्टरों ने सब का पोस्टमार्टम किया. बाद में इन की लाशों को पुलिस लाइन के सामने पड़े एक खाली मैदान में चारपाइयों से बांध कर प्रर्दशनी के लिए रख दिया. इन्हें देखने के लिए पूरे दिन लोगों का तांता लगा रहा.
बाद में पुलिस ने पुतलीबाई सहित सभी 10 लाशों को लावारिस के तौर पर चंबल या क्वारी नदी में फिंकवा दिया. किसी भी डकैत की लाश को उस के परिवार को नहीं सौपा गया. पुतलीबाई को भी नहीं, जबकि उस की मां और उस का पूरा परिवार थोड़ी ही दूर पर स्थित अपने घर में मौजूद था.
सुलताना-पुतली और बाद में बना कल्ला- पुतली गिरोह भिंड जिले के गोरमी पवई, एंडोरी, गोहद, अमायन, भारोली, लहार और दबोह थाना क्षेत्रों में मुरैना जिले के पोरसा, अंबाह सबलगढ़ और पहाडग़ढ़ थाना क्षेत्रों में ग्वालियर जिले के बेहट, बिजोली तिघरा और उत्तर प्रदेश के भिंड से लगे बाह और जैतपुर इलाके में अपनी गतिविधियां संचालित करता था. इन्हीं इलाकों के गांवों में इस गिरोह को शरण मिलती थी.
पुलिस के पास ऐसे 200 लोगों की सूची थी, जो गिरोह के मददगार थे. पुलिस ने इन सब के खिलाफ आईपीसी की धारा 212 के तहत काररवाई की थी. पुतलीबाई के मारे जाने के बाद पुलिस का दबाव पुतलीबाई के परिवार से हट गया. बाद में पुलिस ने कल्ला डकैत को भी मार गिराया. इस तरह पूरा गिरोह खत्म करने में पुलिस सफल रही.
पुतलीबाई के मरने के कुछ सालों बाद उस की बड़ी बहन तारा की भी टीबी से मौत हो गई. बुढ़ापे और 2-2 कमाऊ बेटियों के मरने से दुखी असगरी ने भी एक दिन इस दुनिया को अलविदा कह दिया.
शेष बचे मामा और भांजी अल्लाहदीन और तन्नो में से अल्लाहदीन ने तो मुरैना को ही अपना ठिकाना बनाए रखा, लेकिन तब तक जवान हो चुकी तन्नो उर्फ तनवीर बानो अपनी अन्य हमपेशा लड़कियों की मदद से सोनागाछी पहुंच गई. आज भी वह वहीं रहती है.
पुतलीबाई के मारे जाने के बाद हुई जांच में पुलिस इस मुठभेड़ को आत्मरक्षार्थ किया गया कृत्य सिद्ध नहीं कर पाई, क्योंकि पुतलीबाई हाथ न होने की वजह से खुद बंदूक चला नहीं सकती थी, इसलिए पुतलीबाई को मारने पर पुलिस को कभी कोई इनाम या मैडल नहीं मिला.
यह भी कहा जाता है कि पुतलीबाई को जिन पुलिस अफसरों ने अपनी मुखबिर के तौर पर इस्तेमाल किया था, वे उसे मारने के पक्ष में नहीं थे. पुतलीबाई को हमेशा पुलिस ने जबरदस्ती गिरोह में वापस भेजा और फिर उस की सूचना पर गिरोह को घेर कर मार गिराया. सुलतान, बाबू लोहार और खुद कल्ला डकैत को पुतलीबाई की मुखबिरी के चलते ही पुलिस मार पाने में सफल हुई थी.
गिरोह के कुछ सदस्य उस पर पुलिस का मुखबिर होने का शक करते थे, लेकिन सरदार की मरजी के आगे बेबस रहते थे. पुलिस भी पुतलीबाई को बचाने और मारने को ले कर विभाजित थी. बदकिस्मती से मारने वाले अपने मिशन में सफल हो गए और उन्होंने पुतलीबाई को मार गिराया.
मध्य प्रदेश के तत्कालीन पुलिस आईजी ने उस के गिरोह से बरामद हथियार और पुतलीबाई का एक फोटो सागर स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र को भिजवा दिया था, जहां के संग्रहालय में वह आज भी मौजूद है.
—आदर्श गुप्ता






