Family Mass Murder. अपनी बिगड़ैल प्रवृत्ति, संपत्ति के लालच व नफरत में हरमीत इतना अंधा हो गया कि मांबाप ही नहीं, सौतेली बहन और भांजी की हत्या कर दी.
दीपावली के ठीक अगले दिन यानी 24 अक्टूबर, 2014 को सवेरा होते ही उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के लोग अपनी दिनचर्या में लीन होना शुरू हो गए थे. आर्थिक रूप से काफी संपन्न सरदार जय सिंह के घर भी सवेरा होते ही चहलपहल शुरू हो जाती थी, लेकिन उस दिन उन के यहां इस तरह खामोशी छाई थी, जैसे वहां कोई रहता ही न हो.
व्यवहारकुशल जय सिंह का खुशहाल परिवार थाना कैंट के चकराता रोड स्थित पौश इलाके आदर्शनगर में रहता था. उन की विज्ञापन एजेंसी तो थी ही, होर्डिंग्स का भी काफी बड़ा कारोबार था. उन के घर काम करने वाली नौकरानी राजो सुबह ही काम करने के लिए आ जाती थी. उस दिन भी 7 बजे के करीब वह काम करने के लिए आ गई थी.
घर का मुख्य दरवाजा देख कर उसे आश्चर्य हुआ, क्योंकि रोजाना उसे दरवाजा खुला मिलता था. लेकिन उस दिन बंद था. घर के अंदर से किसी तरह की आवाज भी नहीं आ रही थी. ऐसा लग रहा था, जैसे घर खाली पड़ा है. उस की समझ में नहीं आ रहा था कि घर के लोग इतनी देर तक सोए क्यों पड़े हैं, लेकिन ऐसा हो नहीं सकता था.
जय सिंह सुबह ही मार्निंग वौक के लिए निकल जाते थे, लेकिन राजो के आने से पहले ही वह आ जाते थे. दरवाजे पर बाहर ताला नहीं लगा था, इसलिए राजो ने दरवाजे पर दस्तक दी. कोई बाहर नहीं आया तो उस ने कौलबेल बजाई. कौलबेल बजाने के थोड़ी देर बाद जय सिंह का 21 वर्षीय युवा बेटा हरमीत दरवाजे पर आया.
‘‘सब ठीक तो है बाबूजी, आज दरवाजा क्यों बंद है?’’ राजो ने पूछा.
उस की बात का जवाब देने के बजाय हरमीत ने कहा, ‘‘आज यहां तुम्हारा कोई काम नहीं है.’’
उस का यह जवाब राजो को अटपटा सा लगा, क्योंकि घर की साफसफाई का काम वही करती थी. जब से उस ने वहां काम शुरू किया था, एक भी दिन ऐसा नहीं बीता था, जब उस ने काम न किया हो. इसलिए उस ने दबी जबान से सवाल किया, ‘‘क्यों?’’
‘‘आज पानी ही नहीं आर हा है तो तुम साफसफाई कैसे करोगी, इसलिए लौट जाओ.’’ हरमीत ने बेरुखी से कहा.
राजो को हरमीत का व्यवहार कुछ बदलाबदला सा लग रहा था. उस ने ध्यान से देखा तो हरमीत के बाएं हाथ पर रूमाल बंधा था, जिस में खून लगा था. चूंकि वह नौकरानी थी, इसलिए उस की ज्यादा सवालजवाब करने की हिम्मत नहीं हुई. लिहाजा वह लौट गई.
राजो लौट तो पड़ी, लेकिन उसे लगा कि हरमीत के इस तरह कह देने से लौटना ठीक नहीं है. बाद में वह बाबूजी और माताजी को क्या जवाब देगी. यह बात मन में आते ही वह पड़ोस में रहने वाले जय सिंह के भतीजे अजीत सिंह के घर जा पहुंची. अजीत सिंह बाहर ही मिल गए तो बोली, ‘‘साहब, मैं बाबूजी के घर काम करने गई थी, लेकिन हरमीत ने मना कर दिया. वह काम नहीं करने दे रहा.’’
‘‘क्यों?’’ ‘‘पता नहीं, उस ने घर का दरवाजा बंद कर रखा था, इसलिए कोई दिखाई भी नहीं दिया.’’
‘‘ठीक है, तुम रुको. मैं बात करता हूं.’’ कहने के साथ ही अजीत ने जय सिंह का मोबाइल नंबर मिलाया. लेकिन फोन हरमीत ने ही रिसीव किया. अजीत ने पूछा, ‘‘चाचाजी कहां हैं हरमीत?’’
‘‘वह घर में नहीं हैं, कहीं गए हैं.’’ ‘‘ठीक है, आ जाएं तो मेरी बात कराना. और सुनो, राजो को घर का काम करने दो.’’
अजीत सिंह के कहने पर राजो दोबारा गई तो हरमीत ने दरवाजा खोल दिया और खुद जा कर बरामदे में बैठ गया. राजो ड्राईंगरूम में पहुंची तो वहां की हालत देख कर उस के होश उड़ गए. ड्राईंगरूम में खून ही खून फैला था.
खून देख कर राजो चीखते हुए बाहर भागी. राजो इतने जोर से चीखी थी कि उस की वह चीख आसपास रहने वालों ने सुन ली थी. पलभर में सब भाग कर आ गए. अजीत सिंह भी आ गए थे. राजो के चेहरे पर हवाईयां उड़ रही थीं. आते ही उन्होंने पूछा, ‘‘क्या हुआ राजो?’’ ‘‘अंदर खून ही खून फैला है और मेमसाहब की लाश पड़ी है.’’
खून और लाश पड़ी होने की बात से सभी के रोंगटे खड़े हो गए. हरमीत बेहाल हालत में सिर थामे बरामदे में बैठा था. कुछ लोगों ने पूछा, ‘‘क्या हुआ हरमीत?’’ ‘‘सब बरबाद हो गया भाईजी.’’ हरमीत ने बस इतना ही कहा.
लोग कुछ और पूछते, तभी घर के अंदर से 5-6 साल का एक बच्चा रोता हुआ बाहर आया. वह बहुत घबराया हुआ था और उस की पीठ में चोट के निशान थे. वह जय सिंह का नाती कंवलजीत था. कंवलजीत की हालत देख कर कुछ लोग उस की ओर दौड़े, ‘‘क्या हुआ बेटा?’’
डर के मारे कंवलजीत की घिग्घी बंधी हुई थी. कोई जवाब देने के बजाय उस ने अंगुली से अंदर की ओर इशारा कर दिया.
किसी ने कहा, ‘‘चलो अंदर चल कर देखते हैं, क्या बात है?’’
इस के बाद कुछ लोग हिम्मत कर के अदंर गए तो पता चला, सचमुच सब बरबाद हो चुका था. घर के अंदर एक नहीं, बल्कि 4 लाशें पड़ीं थीं और पूरे घर में खून ही खून फैला था. खून और लाशें देख कर सब गम में डूब गए. किसी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि अंदर इस तरह का दिल दहला देने वाला नजारा देखने को मिलेगा.
किसी ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी. यह ऐसी सूचना थी, जिस से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. तुरंत यह सूचना संबंधित थाना कैंट पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थानाप्रभारी वी.के. जेठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. घर के अंदर की स्थिति दिल दहला देने वाली थी. सरदार जय सिंह, उन की पत्नी कुलवंत कौर, बेटी हरजीत कौर और नातिन सुखमणि की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी.
बेटे हरमीत के हाथ में चोट लगी थी और नाती कंलवजीत भी घायल था. हरजीत कौर गर्भवती थी, जिस का समय पूरा हो चुका था. पुलिस ने तुरंत हरजीत को इस उम्मीद में दून अस्पताल पहुंचाया कि शायद गर्भ में पल रहा बच्चा बच जाए. लेकिन जांच के बाद पता चला कि बच्चा मर चुका है.
मामला काफी गंभीर था, इसलिए थानाप्रभारी ने घटना की सूचना एसएसपी अजय रौतेला समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी थी. त्योहार के अगले दिन की सुबह इतनी भयानक होगी, किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. 4-4 हत्याओं की खबर से समूचे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था.
सूचना मिलते ही एसएसपी अजय रौतेला, एसपी सिटी अजय सिंह और एसपी देहात मणिकांत मिश्रा के अलावा अन्य थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. मामला 4 हत्याओं का था, इसलिए इस की सूचना आला अधिकारियों को भी दे दी गई थी. इसी सूचना के आधार पर डीजीपी बी.एस. सिद्धू, एडीजी राम सिंह मीना, डीआईजी संजय गुंज्याल भी आ गए थे. इस घटना से पुलिस अधिकारी हैरानपरेशान थे.
बाहर के कमरे में दरवाजे के पास खून से लथपथ 60 वर्षीय जय सिंह की लाश पड़ी थी. ड्राइंगरूम में उन की पत्नी 55 वर्षीया कुलवंत कौर, 27 वर्षीया हरजीत कौर, जिसे अस्पताल भेजा गया था और 3 वर्षीया सुखमणि की लाशें पड़ी थीं. सभी कत्ल बेहद कू्ररता से किए गए थे.
पुलिस ने लाशों का निरीक्षण किया तो सभी के पेट, छाती, गर्दन, चेहरे और हाथों पर चाकू के घाव थे. सभी लाशों से खून निकल कर फर्श पर फैला हुआ था. इस तरह कू्ररता से की गई हत्याएं देख कर पुलिस अधिकारी भी सकते में थे. फ्रिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम बुलवा ली गई थी.
निरीक्षण में घर के अंदर ही हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू और खून लगी एक शर्ट मिल गई थी. एक मेज पर शराब की खुली बोतल, स्टील का गिलास और पानी की बोतल रखी मिली थी. फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने जरूरी नमूने उठा कर संदिग्ध सामान को सुबूत के तौर पर कब्जे में ले लिया था. इस के अलावा पुलिस को वहां कोई अन्य सुबूत नहीं मिला था. घटनास्थल को देख कर लगता था कि हत्याओं को पूरी प्लानिंग के साथ निर्दयतापूर्वक देर रात अंजाम दिया गया था.
मरने से पहले मृतक जय सिंह और कुलवंत कौर ने विरोध किया था. उन के हाथों पर आए घाव इस बात की गवाही दे रहे थे. खास बात यह थी कि घर का सामान यथास्थान रखा था. इस से जाहिर होता था कि मामला लूट का नहीं था. हरमीत गफलत की सी स्थिति में था. यह सदमा भी हो सकता था और नाटक भी. इसी बात को ध्यान में रख कर पुलिस ने पूछा, ‘‘क्या तुम कुछ बता सकते हो कि यह सब कैसे और कब हुआ?’’
हरमीत ने कोई जवाब नहीं दिया तो डीजीपी बी.एस. सिद्धू ने उस की पीठ सहलाते हुए कहा, ‘‘बेटा, हम तुम्हारा दुख अच्छी तरह समझते हैं. लेकिन कातिल को पकड़ने के लिए जांच तो करनी ही होगी. जांच में तुम्हारा सहयोग जरूरी है. तुम सहयोग करोगे, तभी हम कातिल तक पहुंच पाएंगे.’’
‘‘वे लोग बहुत खतरनाक थे सर.’’ डूबे लहजे में हरमीत ने कहा. ‘‘वे कौन थे?’’
‘‘मैं पहचानता नहीं सर. सभी नकाब बांधे हुए थे. एकएक कर के उन्होंने सब को मार दिया. वे मुझे भी मारना चाहते थे, लेकिन मैं भाग कर बाथरूम में छिप गया. कंवलजीत को भी मैं ने अपने पास छिपा लिया था. वह मेरे पास आ रहा था तो किसी बदमाश ने पीछे से चाकू मार दिया था.’’ इतना कह कर हरमीत सिर पकड़ कर रोने लगा.
उस समय ऐसी स्थिति थी कि हरमीत से ज्यादा पूछताछ नहीं की जा सकती थी. पुलिस ने डरेसहमे कवंलजीत को पुचकार कर हत्यारों के बारे में पूछा तो वह डरतेडरते बोला, ‘‘अंकल नकाब वाले 3 आदमी थी.’’
कंवलजीत बहुत डरा हुआ था, इसलिए उस से ज्यादा पूछताछ नहीं की जा सकती थी. पुलिस उस के पिता के आने का इतजार करने लगी. हरमीत और कंवलजीत ही थे, जिन से पूछताछ कर के जांच आगे बढ़ाई जा सकती थी.
मामला सामूहिक हत्याओं का था. पौश इलाके में 4 हत्याओं की यह सनसनीखेज खबर बहुत जल्दी जंगल की आग की तरह पूरे शहर में फैल गई. देखते ही देखते सैंकड़ों लोग एकत्र हो गए. इस हत्याकांड से समूची राजधानी दहल तो उठी ही थी, लोगों में आक्रोश भी था.
सूचना पा कर जय सिंह के नातेरिश्तेदार आ गए थे. उन के आने के बाद माहौल काफी गमगीन हो गया था. हत्याओं का हर किसी को अफसोस था, लेकिन हत्या किस ने की, यह किसी की समझ नहीं आ रहा था.
घटनास्थल की तमाम काररवाई निपटाने के बाद पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए थे. इस के बाद मृतक जय सिंह के भतीजे अजीत सिंह की तहरीर पर थाना कैंट में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ अपराध संख्या 187/14 पर धारा 302 व 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया था.
घटना कानूनव्यवस्था को चुनौती देने वाली थी. एडीजी राम सिंह मीना ने अधीनस्थों को मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया. मृतकों के नातेरिश्तेदारों और पड़ोसियों से की गई शुरुआती पूछताछ में जो सामने आया, उस के अनुसार, जय सिंह अपनी पत्नी कुलवंत कौर और बेटे हरमीत के साथ इस घर में रहते थे. हरमीत आवारा प्रवृत्ति का युवक था. उस की इस प्रवृत्ति से घर के सभी लोग परेशान थे.
हरजीत कौर जय सिंह गोद ली हुई बेटी थी. वह हरियाणा के यमुनानगर में ट्रांसपोर्टर अरविंदर सिंह को ब्याही थी. दीवाली का त्योहार मनाने और प्रसव कराने वह अपने दोनों बच्चों कंवलजीत और सुखमणि के साथ पिता के घर आई थी. 2-4 दिनों में ही प्रसव होना था. डाक्टरों ने समय भी दे रखा था. उस के पति को भी घटना की सूचना दे दी गई थी.
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, जय सिंह की पत्नी कुलवंत कौर की कोई संतान नहीं थी. हरमीत जय सिंह की दूसरी पत्नी अनीता का बेटा था. अनीता अपने छोटे बेटे पारस के साथ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में रहती थी. चौंकाने वाली बात यह थी कि आसपड़ोस के किसी ने भी सिंह परिवार की चीखपुकार नहीं सुनी थी. सुरक्षा की दृष्टि से कालोनी के बाहर गेट लगा था. उस पर चौकीदार भी रहता था. पूछताछ में पुलिस को पता चला कि कालोनी का गेट रात साढ़े दस बजे बंद हो जाता था तो सुबह 6 बजे खुलता था. यह काम चौकीदार खुद करता था. सुबह गेट खोल कर वह अपने घर चला जाता था.
पुलिस ने इस बारे में सोचा कि अगर ऐसा था तो फिर हत्यारे अंदर कैसे आए? कहीं चौकीदार की मिलीभगत तो नहीं थी. थानाप्रभारी वी.के. जेठा ने उसे बुलवा कर पूछताछ की तो उस ने दावे के साथ कहा कि वह मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर था और उस रात कोई भी बाहरी आदमी कालोनी के अंदर नहीं आया था. चौकीदार की बातों से पुलिस को लगा कि वह सच बोल रहा था.
अब पारिवारिक पृष्ठभूमि और चौकीदार के बयानों से हरमीत की भूमिका संदिग्ध हो गई. सोचने वाली बात यह थी कि हत्यारों ने लूटपाट नहीं की थी. घर में रखी नगदी और कीमती सामान के अलावा कुलवंत और हरजीत कौर ने जो गहने पहन रखे थे, वे सुरक्षित थे.
सोचने वाली बात यह थी कि अगर हत्यारे पूरे परिवार को खत्म करना चाहते थे तो हरमीत को जिंदा क्यों छोड़ दिया. वह युवा था. सब से ज्यादा विरोध वही कर सकता था. इस से भी प्रमुख वजह यह थी कि उस ने रात से ले कर सुबह तक शोर मचा कर किसी को कुछ नहीं बताया था. यहां तक की नौकरानी को भी उस ने टरकाने की कोशिश की थी.
पुलिस ने हरमीत को हिरासत में ले लिया. इसी बीच मृतका हरजीत कौर का पति अरविंदर आ गया. उस ने बेटे कंवलजीत को ढांढस बंधा कर प्यार से पुचकार कर पूछा तो वह रोते हुए बोला, ‘‘पापा, सभी को मामा ने मारा है.’’
अब गुंजाइश की कोई बात ही नहीं रह गई थी. लेकिन पुलिस पूछताछ में वह अपने नकाबपोशों द्वारा हत्या किए जाने वाले बयान पर अड़ा था और अजीबअजीब हरकतें कर रहा था. कभी वह रोने लगता तो कभी हंसने लगता. खीझ कर थानाप्रभारी ने पूछा, ‘‘सचसच बताओ तुम ने हत्याएं क्यों कीं.’’
इस पर हरमीत ने राजदाराना अंदाज में कहा, ‘‘सरजी, मैं ने कुछ नहीं किया, कराने वाला तो कोई और है.’’
‘‘कौन?’’ ‘‘2 भूत, जो खिड़की के रास्ते आए और मेरे अंदर प्रवेश कर गए. उन में एक औरत थी और एक आदमी. दोनों मुझ से कहते गए और मैं हत्याएं करता गया.’’
पुलिस समझ गई कि हरमीत नाटक कर रहा है. इस के बाद उस के साथ थोड़ी सख्ती की गई तो उस पर सवार भूत को उतरते देर नहीं लगी. चारों हत्याओं का राज भी खुल गया. उस परिवार का कातिल कोई और नहीं, हरमीत ही था. हरमीत से की गई पूछताछ में जो कुछ पुलिस के सामने आया, उसे सुन कर पुलिस वालोें के भी रोंगटे खड़े हो गए. कोई बेटा इतना भी कू्रर हो सकता है, ऐसा किसी ने नहीं सोचा था.
मूलत: पंजाब के रहने वाले जय सिंह मिलनसार स्वभाव के मेहनती आदमी थे. वर्षों पहले उन का विवाह कुलवंत कौर के साथ हुआ था. जिंदगी हंसीखुशी से गुजर रही थी. सब कुछ ठीक था, लेकिन कुलवंत कौर को कोई संतान नहीं हुई. तमाम इलाज के बाद भी जब कोई समाधान नहीं हुआ तो 25 साल पहले उन्होंने अपने भतीजे अजीत सिंह की बेटी हरजीत कौर उर्फ हन्नी को गोद ले लिया था.
हरजीत को गोद लेने के बाद घर में खुशियां आ गईं. हरजीत को पा कर दोनों ही खुश थे. वे उसे खूब प्यार भी करते थे. जय सिंह के परिवार में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं थी. वह आर्थिक रूप से काफी संपन्न थे. कारोबार के लिए उन्होंने पल्टन बाजार में अपना औफिस बना रखा था. सब कुछ ठीक चल रहा था.
भविष्य की चिंता किए बिना जय सिंह ने एक गलती कर डाली. कभीकभी आदमी सोचता कुछ है और होता कुछ और है. जिंदगी की हर राह वैसी नहीं होती, जैसी वह अपने हिसाब से सोचता है.
जय सिंह के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. किसी समारोह में उन की मुलाकात अनीता से हुई. अनीता उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही थी. पहली ही मुलाकात में दोनों का झुकाव एकदूसरे की तरफ हो गया. अनीता खूबसूरत थी, जबकि जय सिंह दौलत वाले. जल्दी ही दोनों नजदीक आ गए.
हालांकि अनीता शादीशुदा थी, लेकिन उस के पति की मौत हो चुकी थी. पहले पति से उसे एक बेटा लक्की था. कुछ महीनों की मुलाकातों के बाद जय सिंह और अनीता ने एक होने का फैसला कर लिया. जय सिंह जानते थे कि सार्वजनिक रूप से यह संभव नहीं है, इसलिए उन्होंने चोरी से अनीता से विवाह कर लिया और किराए पर मकान ले कर उस के रहने की व्यवस्था कर दी. घर में बहाना कर के वह अनीता के यहां पहुंच जाते. अनीता का सारा खर्चा वही उठाते थे.
विवाह के बाद अनीता ने पुलिस की नौकरी छोड़ दी थी. जय सिंह खुद इतने संपन्न थे कि अनीता को नौकरी करने की जरूरत ही नहीं थी. जय सिंह से अनीता को 2 बेटे, हरमीत सिंह और पारस पैदा हुए, इंसान लाख कोशिशें करें, परंतु ऐसे रिश्ते छिप नहीं पाते. कई साल बीत गए थे. बच्चे भी बड़े हो गए थे, लेकिन बात खुली तो जय सिंह की पहली पत्नी कुलवंत विरोध करने लगी, जिस से घर में कलह रहने लगी.
समय अपनी गति से चलता रहा. उसी दौरान जय सिंह का दूसरी पत्नी अनीता से भी मनमुटाव रहने लगा. बात हद पार कर गई तो अनीता और जय सिंह ने हमेशाहमेशा के लिए अलग होने का निर्णय कर लिया. यह 9 साल पहले की बात थी. उसी दौरान जय सिंह ने हरजीत कौर का विवाह हरियाणा के यमुनानगर निवासी अरविंदर सिंह के साथ धूमधाम से कर दिया. हरजीत को कभी इस बात का अहसास नहीं हुआ था कि उसे गोद लिया गया था. उस की हर ख्वाहिश जय सिंह ने पूरी की थी.
दूसरी ओर अनीता को ले कर जय सिंह की परेशानी बढ़ गई थी. दोनों ने अलग होने का निर्णय तो ले लिया था, लेकिन हक लेनेदेने की बात पर आपसी सहमति नहीं बन पा रही थी. मामला थाने से होता हुआ अदालत तक पहुंचा, जहां हुए समझौते के अनुसार जय सिंह ने अनीता को 25 लाख रुपए दिए. समझौते के अनुसार बड़े बेटे हरमीत को जय सिंह के साथ रहना था और छोटे पारस को अनीता के साथ.
हरमीत को अपने पास रख कर जय सिंह अपना वंश चलाना चाहते थे. अनीता अलग हो कर सहारनपुर में रहने लगी. जय सिंह का वहां भी 55 गज का एक मकान था, जिसे उन्होंने अनीता को दे दिया था. हरमीत बचपन से ही बिगड़ैल प्रवृत्ति का था. सातवीं तक पढ़ाई करने के बाद पढ़ाई से उस का मन उचट गया. वह पिता के पास आया तो उन्होंने उसे पढ़ाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उस ने साफ मना कर दिया.
जय सिंह और कुलवंत कौर गोद ली हुई हरजीत को बहुत चाहते थे. वे उस का हर तरह से खयाल रखते थे. हरमीत को यह बात अंदर ही अंदर बहुत खलती थी. अब वह चाहता था कि हर तरह का हक सिर्फ उस का हो. यह बात अलग थी कि वह विरोध करने लायक नहीं था. पिता के पास रहते हुए उस का अपनी मां से संपर्क बना रहा था. कभीकभी वह उस के पास चला भी जाता था.
एक तो वह आवारा था, दूसरे इन बातों ने उस के दिमाग पर खासा प्रभाव छोड़ा था. हरमीत युवा हो चला था. पिता ने उसे अपने साथ काम पर लगा लिया. क्योंकि जय सिंह नहीं चाहते थे कि उन के बेटे के मन में सौतेला होने जैसी कोई बात आए. इसलिए वह उस की हर मांग पूरी करते थे.
कहते हैं, प्रवृत्ति एक बार बिगड़ जाए तो बहुत मुश्किल से काबू में आती है. हरमीत के साथ भी यही हुआ. वह लगातार गलत संगत में पड़ता चला गया, जिस की वजह से कभीकभी शराब भी पीने लगा. इस से जय सिंह परेशान रहने लगे. उन्होंने डांटफटकार कर हरमीत को समझाया. लेकिन हरमीत का ध्यान काम पर कम, आवारागर्दी पर ज्यादा होता था. तब जय सिंह ने हरमीत को बैठा कर प्यार से समझाया, ‘‘बेटा कुछ करोगे, तभी यह जीवन चल पाएगा. बाप की कमाई पर कब तक ऐश करोगे.’’
‘‘मैं अलग काम करना चाहता हूं. मैं आप के साथ काम नहीं कर सकता.’’ ‘‘लापरवाही से कुछ भी करोगे, सफल नहीं हो पाओगे.’’
‘‘मुझे जिम्मेदारी उठाने का मौका तो दो पापा.’’ हरमीत ने आत्मविश्वास से कहा तो जय सिंह को लगा कि शायद उसे गलतियों का अहसास हो गया है और यह वाकई कुछ करना चाहता है. देर आए दुरुस्त आए वाली कहावत उन्होंने सुनी थी, लिहाजा उन्होंने हरमीत को गारमेंट्स की दुकान खुलवा दी.
अगर आदमी का आचरण अच्छा न हो तो उसे कोई भी काम करने को दे दिया जाए, उस का परिणाम अच्छा नहीं निकलता. यही वजह थी कि हरमीत ने दुकान को घाटे में पहुंचा दिया. 2 साल बाद जय सिंह ने मजबूरन दुकान बंद करा दी.
इस के बाद हरमीत ने बुलेट मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी. उस की इच्छा के अनुसार जय सिंह ने उस की मनपसंद की मोटरसाइकिल दिला दी. हरमीत के पास सब कुछ था. पिता पैसा लगा रहे थे और आजादियां भी दे रहे थे. इस से अच्छी किस्मत क्या हो सकती थी. हरमीत को यह सब आसान लग रहा था. उस की ख्वाहिशों को पंख लगते जा रहे थे. अब वह नई कार की मांग करने लगा.
ऐसे में जय सिंह विरोध कर के समझाने की कोशिश करते तो वह एक ही बात कहता, ‘‘मैं सौतेला हूं, इसलिए मेरी बात नहीं मान रहे हैं.’’
जय सिंह उसे प्यार से समझाते, ‘‘ऐसी बात बिल्कुल नहीं है. हरमीत तुम मेरे बेटे हो. तुम अपना आचरण सही कर लोगे तो सारी शिकायतें अपने आप ही दूर हो जाएंगी. प्रौब्लम यह है कि तुम कुछ समझना ही नहीं चाहते.’’
बेटे की जिद पर जय सिंह ने कार भी दिला दी. हरमीत ने जिंदगी में पिता की कमाई का स्वाद ही चखा था, इसलिए चीजों की कद्र कम करता था. कभी शराब का नशा तो कभी लापरवाही के चलते कार दो बार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. बेटे की हरकतों से जय सिंह अपने पुराने निर्णयों पर पछता रहे थे.
जय सिंह अनीता से भी बेटे को समझाने के लिए कहते थे. वह भले ही अनीता से अलग रहते थे, परंतु समयसमय पर उस की तरहतरह से मदद करते रहते थे. उस के पास रह रहे अपने बेटे पारस और पहले पति के बेटे लक्की को भी उन्होंने महंगीमहंगी मोटरसाइकिलें दिलाई थीं. दोनों उन से मिलने भी आया करते थे. जय सिंह दिल के अच्छे आदमी थे. वह चाहते थे कि सब हंसीखुशी से रहें.
बस, हरमीत से ही वह परेशान थे. बिगड़े आचरण ने हरमीत को जिद्दी बना दिया था. शराब के अलावा वह स्मैक जैसे खतरनाक नशे भी करने लगा था. उसे इस लत से निकालने के लिए जय सिंह ने एक नशा मुक्ति केंद्र में भी भर्ती कराया था, परंतु इस का कोई लाभ नहीं हुआ था. उस के आचरण से हर कोई दुखी था. हरमीत हरजीत कौर को फूटी आंख नहीं पसंद करता था. वह जब भी मायके आती थी, वह उस से झगड़ता रहता था.
अक्टूबर के दूसरे सप्ताह की बात थी. जय सिंह को विश्वास हो गया कि बेटा अब किसी भी हाल में सुधरने वाला नहीं है. उसे ले कर वह अक्सर परेशान रहते थे. काफी सोचविचार कर उन्होंने अपनी संपत्ति के बंटवारे का निर्णय कर लिया. उन्होंने सोचा कि बेटे को बढि़या फ्लैट दिला कर उसे घर बसाने के लिए आजाद छोड़ देंगे और बेटी को उस का हिस्सा दे देंगे.
जय सिंह का यह निर्णय हरमीत को पसंद नहीं आया. हरमीत का मानना था कि हरजीत तो गोद ली हुई है, जबकि वह पिता का खून है, ऐसे में हरजीत का हक कैसे हो सकता है. दीपावली का त्यौहार आ रहा था. हरजीत चाहती थी कि उस का प्रसव देहरादून में हो. इसलिए जय सिंह ने उसे अपने पास बुलवा लिया था. सभी चाहते थे कि पूरा परिवार दीपावली भी साथ मना ले और डिलीवरी भी हो जाए.
हरजीत के आने से हरमीत का माथा ठनका. उसे लगा कि हो न हो, अब संपत्ति दो हिस्सों में बंट जाएगी. इस से उस के मन में नफरत और बढ़ गई. उस ने तय कर लिया कि वह अपनी संपत्ति को किसी भी हाल में बंटने नहीं देगा. जबकि जय सिंह के जिंदा रहते यह संभव नहीं था. होता वही, जो जय सिंह चाहते.
हरमीत दिनरात इसी उधेड़बुन में रहने लगा कि पिता की संपत्ति का अकेला मालिक कैसे बना जाए. वह हमेशा घंटों इसी बारे में सोचता रहता. अंत में उस ने सब की हत्या करने का खतरनाक निर्णय ले लिया. उस के पास 10 इंची लंबा रामपुरी चाकू पहले से ही था.
21 अक्टूबर को हरमीत अंसारी मार्ग पर चाकू की धार तेज कराने गया, लेकिन दुकानदार ने मना कर दिया. हरमीत अपनी संपत्ति से जुड़े हर शख्स को निपटाना चाहता था. उस ने अपने जीजा अरविंदर को भी फोन कर के दीपावली पर देहरादून आने को कहा था, लेकिन अरविंदर ने काम की अधिकता होने के चलते आने से मना कर दिया था.
दीपावली से एक दिन पहले हरजीत कौर ने मोबाइल की इच्छा जाहिर की तो जय सिंह ने उसे 25 हजार रुपए का मोबाइल फोन दिला दिया. इस पर हरमीत भड़क उठा और उस ने भी मोबाइल की मांग की, ‘‘मुझे भी इसी तरह का महंगा मोबाइल फोन चाहिए.’’
‘‘तेरी हर मांग तो पूरी की है, उस का नतीजा क्या निकला है, सोचा है कभी तू ने.’’ जय सिंह ने उसे झिड़क दिया.
‘‘जब यह मोबाइल ले सकती है तो मुझे क्यों नहीं दिला सकते. मैं भी बेटा हूं आप का.’’
‘‘बेटा है, लेकिन नालायक. लायक बन जा, मोबाइल क्या पूरी मोबाइल कंपनी दिला दूंगा तुझे.’’ जय सिंह ने कहा.
इस बात को ले कर घर में तनातनी हो गई तो कुलवंत कौर ने पति को समझाया. उस के बाद वह नरम हो कर बोले, ‘‘ठीक है, दीपावली के बाद तुझे भी ऐसा ही मोबाइल दिला दूंगा.’’
बात सिर्फ मोबाइल की नहीं थी. हरमीत के दिमाग में तो पहले ही बहुत कुछ पक चुका था. मोबाइल ने तो आग में घी का काम किया था. उस के दिल में प्रतिशोध की आग दहक रही थी. अपने निकम्मेपन और गलत आचरण की वजह से उसे लगने लगा था कि पिता सब कुछ बेटी को दे कर एक दिन उसे बाहर का रास्ता दिखा देंगे. यह नौबत कभी भी आ सकती थी. इसलिए किसी भी सूरत में वह अपने निर्णय पर अमल करना चाहता था.
हरमीत ने सोचा कि शराब पी कर वारदात करने में आसानी रहेगी. शराब की एक बोतल ला कर उस ने घर में रख दी. 23 अक्टूबर को पूरा शहर दीपावली का त्योहार मना रहा था.
जय सिंह उन लोगों में से थे, जो सभी से बना कर चलते हैं. मोहल्ले में उन की किसी से अनबन नहीं थी. हर कोई उन के व्यवहार का कायल था. उन का सभी के यहां आनाजाना था. दीपावली की शाम को भी वह आसपड़ोस में सब के यहां गए और दीपावली की बधाई दी. रात में नाती और नातिन के साथ पटाखे भी चलाए. हरमीत भी साथ रहा. तब कोई नहीं जानता था कि इस खुशी के बाद सहन न होने वाला दुख आने वाला है.
रात में सभी सो गए, जबकि हरमीत अपने कमरे में जागता रहा. सब के सो जाने के बाद उस ने शराब पी. वह हत्याओं के बारे में सोचने लगा. शराब के नशे के चलते करीब 12 बजे उस की आंख लग गई. दिमाग में चूंकि हत्या का भूत सवार था, इसलिए 3 बजे आंख खुल गई. हरमीत ने एक बार फिर शराब पी और 4 बजे के करीब जय सिंह बाथरूम जाने के लिए उठे तो उसे आहट से पता चल गया.
उस ने ठान लिया कि अब वह एकएक को मार कर ही रहेगा. जय सिंह बाथरूम से वापस आए तो अचानक हरमीत उन के कमरे में पहुंच गया और चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा.
बेटे का यह रूप देख कर जय सिंह हक्केबक्के रह गए. उन्होंने बचाव के लिए हाथ उठाए तो उस ने हाथों पर भी चाकू मारे. उम्र का तकाजा था, जय सिंह ज्यादा विरोध नहीं कर सके. हरमीत ने पेट से ले कर गर्दन तक कई वार किए तो लहूलुहान हो कर वह दरवाजे के पास गिर गए और दम तोड़ दिया. पिता की हत्या करने के बाद उसे घबराहट होने लगी तो वह अपने कमरे में गया और शराब का एक पैग बना कर पिया.
उस के सिर पर खून सवार था. इस के बाद वह ड्राइंगरूम कम बेडरूम में पहुंचा और वहां सो रही कुलवंत कौर पर हमला बोल दिया. जागने पर वह हरमीत से भिड़ गईं. मामूली संघर्ष के बाद उस ने उन्हें भी मौत के घाट उतार दिया. उसी बेडरूम में हरजीत भी अपने दोनों बच्चों के साथ सो रही थी. हरमीत ने अगला निशाना उसे बनाया. गर्भवती होने के कारण वह ज्यादा विरोध नहीं कर सकी.
उस की 3 साल की मासूम बेटी सुखमणि को भी उस ने मार दिया. उसी बीच 6 साल के कंवलजीत की आंख खुल गई तो वह बिस्तर से उतर कर रोता हुआ भागा. हरमीत किसी को भी जिंदा नहीं छोड़ना चाहता था. उस ने भागते कंवलजीत की पीठ पर 2 वार किए. दोनों ही वार हलके थे. वह 2 सोफों के बीच छिप कर रोते हुए गिड़गिड़ाने लगा, ‘‘प्लीज मामा, मुझे मत मारो.’’
हरमीत कंवलजीत को प्यार तो करता था, परंतु उस वक्त वह भी उसे अपना दुश्मन नजर आ रहा था. अचानक उसे ख्याल आया कि कंवलजीत को जिंदा छोड़ कर अपने पक्ष में गवाह बनाया जा सकता है कि हत्याएं किसी और ने की हैं. मन में यह ख्याल आते ही उस ने कंवलजीत से गुर्राकर कहा, ‘‘रोना बंद कर और मेरी बात सुन. तुझ से कोई पूछे तो बताना कि 3 नकाबपोश लोगों ने ये हत्याएं की हैं. तू ने सच बताया तो तेरा भी यही हाल करूंगा.’’
कंवलजीत थरथर कांप रहा था, उस ने रोते हुए कहा, ‘‘ठीक है मामा, मैं ऐसा ही कहूंगा. मुझे मत मारो.’’
हरमीत ने उसे छोड़ दिया. लेकिन डर की वजह से वह वहीं छिपा रहा. हरमीत ने सोचा कि सुबह लेगों को बताएगा कि 3 नकाबपोश बदमाशों ने पूरे परिवार की हत्या की है. गवाह के तौर पर वह कंवलजीत को सामने कर देगा. कहानी को सच बनाने के लिए उस ने अपने हाथ पर चाकू मार लिया.
घर में खून का दरिया बहाने वाले का अपना थोड़ा खून बहा तो उस ने हाथ पर रूमाल बांध लिया. अपनी खून सनी कमीज उस ने उतार कर रख दी और चाकू भी फेंक दिया. हरमीत अपने कमरे में गया और एक बार और शराब पी. नशा अधिक होने के चलते हरमीत आगे की कोई प्लानिंग नहीं कर सका. उसे किसी अंजाम की परवाह भी नहीं रही. इसी बीच वह सो गया.
सुबह नौकरानी आई तो वह हड़बड़ा कर उठा और राजो को टालने की कोशिश की. परंतु वह दोबारा आई तो वह सिर पकड़ कर बरामदे में बैठ गया. लोग आए तो कंवलजीत भी बाहर आ गया. लोगों के पूछने पर उस ने कुछ नहीं बताया. पुलिस को भी उस ने हरमीत द्वारा समझाई गई बात ही बताई, लेकिन पिता के आने पर उस का डर कम हुआ तो उस ने सच बता दिया.
इस के बाद निर्दयी हरमीत को हिरासत में ले लिया गया. पुलिस ने उस की मां अनीता और भाई को भी हिरासत में ले कर पूछताछ की, लेकिन हत्या या षडयंत्र में उन का कोई हाथ नहीं निकला. जांच के लिए हरमीत के फिंगरप्रिंट व खून का नमूना ले कर प्रयोगशाला भिजवा दिया, ताकि घटनास्थल पर मिले सुबूतों से उस का मिलान किया जा सके.
पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों को भी हरमीत की कू्ररता चौंका गई. जय सिंह के शरीर पर 24, कुलवंत के शरीर पर 9, हरजीत के शरीर पर 7 और सुखमणि के शरीर पर चाकू के 5 घाव पाए गए थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हरजीत के गर्भ में पलने वाला बच्चा लड़का था.
अगले दिन लक्खीबाग श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में सभी का अंतिम संस्कार कर दिया गया. हत्याओं के चश्मदीद गवाह मासूम कंवलजीत के बाल मन पर डरावने मंजर का गहरा असर पड़ा था. वह गुमशुम था. हरमीत के प्रति लोगों में गुस्सा था. हर कोई उसे कोस रहा था, जबकि हरमीत को इन हत्याओं का कोई अफसोस नहीं था.
पुलिस ने गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में उस के खिलाफ धारा 316 भी लगा दी थी. पुलिस ने उसे विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया. उसे देखने के लिए अदालत में काफी भीड़ लगी थी. लोगों के गुस्से को देखते हुए सुरक्षा की काफी व्यवस्था थी. इस के बावजूद लोगों ने उसे पीटने का प्रयास किया. अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
अपनी बिगड़ैल प्रवृत्ति, संपत्ति के लालच व नफरत में हरमीत इतना अंधा हो गया कि अपनों का ही हत्यारा बन बैठा. कथा लिखे जाने तक वह सलाखों के पीछे था.
—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित
— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.
— 2014 में प्रकाशित






