Conjoined Twins. सोहना-मोहना सचमुच किसी आश्चर्य से कम नहीं है, इस की वजह यह है कि दोनों इस तरह जुड़े हैं कि 2 हो कर भी वे एक हैं. 

किसी आश्चर्य से कम नहीं था नन्हे बच्चों का वह जोड़ा. लेकिन यह कोई पहली बार नहीं हुआ था. दुनिया भर के अनेक मामलों की तरह यह भी कंजोइंड ट्विंस (आपस में जुड़े हुए जुड़वां बच्चे) का एक मामला था, जो लोगों के लिए सहज ही आकर्षण का केंद्र बन जाता है.

एक सच्चाई यह भी है कि इस तरह के जुड़वां बच्चे बहुत कम जीवित बचते हैं. ये दोनों बच्चे भी आपस में पूरी तरह से जुड़े हुए 14 जून, 2003 को दिल्ली के सुचेता कृपलानी अस्पताल में जन्मे थे. इन के पिता का नाम सुरजीत कुमार और मां का कामिनी देवी था.

सुरजीत टैक्सी चलाते थे. पहले ही से परिवार में 3 बेटियां थीं. घर का खर्च बड़ी मुश्किल चलता था. ऐसे में तमाशा लगने वाले इन 2 बच्चों के पैदा होने से वह परेशान हो उठे थे.

बच्चों के पैदा होने के बाद शुरुआती जांच में ही पता चल गया था कि इन बच्चों के 2 दिल, 2 गुर्दे और 2-2 बांहों के अलावा अलगअलग स्पाइनल कोर्ड हैं, वहीं लिवर, गौल ब्लैडर और स्पलीन (ब्लड सेल्स को बनाने और नष्ट करने वाला अंग) एक होने के साथ 2 ही पैर हैं.

जन्म के तुरंत बाद ही मांबाप को ये बच्चे बोझ लगे थे, इसलिए उन्होंने डाक्टरों से स्पष्ट कह दिया था कि वे किसी भी कीमत पर इन्हें नहीं अपनाएंगे. यही नहीं, वे इस बारे में लिख कर देने को भी तैयार थे.

लिखापढ़ी कर के डाक्टरों ने इस मामले को अपने हाथों में ले कर इस बात पर विचार करने लगे कि क्या इन बच्चों को औपरेशन कर के अलग किया जा सकता है? लेकिन तमाम कोशिश के बाद भी सुचेता कृपलानी अस्पताल के डाक्टर इस में सफल नहीं हुए तो उन्होंने इस मामले को आल इंडिया इंस्टीट्यूट औफ मैडिकल साइंसेज (एम्स) को रैफर कर दिया.

वहां के डाक्टरों ने इसे चुनौती के रूप में ले कर गंभीरता से इस मामले का अध्ययन किया. लेकिन तमाम परीक्षण के बाद वहां के डाक्टरों ने भी हाथ खड़े कर दिए. क्योंकि औपरेशन में न केवल एक बच्चे की जान निश्चित रूप से जाती, दूसरा बच्चा भी मंदबुद्धि हो कर कभी भी अपना जीवन सामान्य रूप से नहीं जी सकता था.

एम्स ने भी हाथ खड़े कर दिए तो समस्या यह आई कि इन्हें अपनाएगा कौन? इस अवस्था में इन की देखभाल कौन करेगा? तब डाक्टरों को पिंगलवाड़ा की याद आई.

निराश्रितों, दुखियों और बेसहारों को आश्रय देने वाले पिंगलवाड़ा की स्थापना भगत पूर्ण सिंह ने की थी. कभी उन्होंने गुरु अर्जुनदेव की याद में लाहौर में बने गुरुद्वारा डेहरा साहिब में अदना से सेवादार के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी. वहीं रहते हुए वह एक लूला एवं गूंगा बच्चा उठा लाए थे और उस की सेवा करने लगे थे. इस के बाद तो वह इस तरह के बच्चों को लाला कर उन की सेवा करने लगे थे.

देश का बंटवारा हुआ तो वह 25 हजार शरणार्थियों को साथ ले कर अमृतसर के खालसा कालेज कैंप में आ गए. उन्हें यह देख कर बड़ा दुख हुआ कि जख्मी, लूले, लंगड़े, बेसहारा रोगी शरणार्थियों का हाल पूछने वाला कोई नहीं है. लोगों की मदद से वह खुद उन की सेवा करने लगे.

दिसंबर, 1947 में वह कैंप बंद हो गया तो वह खालसा कालेज के सामने विक्टोरिया जुबली अस्पताल के नजदीक तंबू गाड़ कर शरणार्थियों के साथ रहने लगे. लोगों की मदद से उन्होंने अमृतसर में जीटी रोड पर तिमंजिला इमारत बनवाई, जिसे पिंगलवाड़ा नाम दिया गया.

आल इंडिया पिंगलवाड़ा चैरिटेबल सोसाइटी नाम से अब यह विश्वस्तर की एक बहुत बड़ी सामाजिक संस्था बन चुकी है. करोड़ों के बजट वाली इस संस्था में जीवन सुधारने वाले तमाम लोग रहते हैं.

इसी पिंगलवाड़ा में दिल्ली के सुचेता कृपलानी अस्पताल में पैदा उन जुड़वां बच्चों को तमाम कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर के 15 अगस्त, 2003 को लाया गया. सोसाइटी की अध्यक्षा इंदरजीत कौर ने भाई वीर सिंह रचित ऐतिहासिक फिक्शन के 2 चरित्रों के आधार पर उन का नामकरण किया था सोहना और मोहना.

देखतेदेखते लंबा अरसा गुजर गया. पिंगलवाड़ा में रहते हुए सोहना-मोहना की भी अन्य बच्चों की तरह परवरिश होने लगी. पढ़ाईलिखाई, खेलकूद, मौजमस्ती और गीतसंगीत में रुचि रखते हुए ये बच्चे सब का मन लगाए रखते हैं. इन दिनों इन्हें जिला अमृतसर के ही कस्बे मानावाला स्थित पिंगलवाड़ा कैंप में रखा गया है, जहां के केयरटेकर योगेश सूरी से ये बहुत घुलेमिले हुए हैं.

घूमनेफिरने का भी सोहना-मोहना को काफी शौक है, जिसे पूरा करने के लिए गाहेबगाहे इन्हें इधरउधर ले जाया जाता है. चंडीगढ़ का जाकिर रोज गार्डन इन्हें विशेष रूप से पसंद है. सोहना-मोहना किसी जीतेजागते आश्चर्य से कम नहीं हैं. चलतेफिरते, उठतेबैठते, खातेपीते, पढ़तेलिखते और खेलतेकूदते इन का तारतम्य देखने लायक है.

वैसे तो दोनों के स्वभाव में काफी अंतर है. एक हंसता है तो दूसरा गंभीर हो जाता है. एक खाएगा तो दूसरा पीने लग जाएगा और एक बात शुरू करेगा तो दूसरा उसे खत्म करने की कोशिश करेगा.

इसी 14 जून को सोहना-मोहना 14 साल के हो गए हैं. पिंगलवाड़ा पर ही बनी पंजाबी फिल्म ‘ऐहो हमारा जीवणा’ में इन दोनों ने अभिनय भी किया है. पिंगलवाड़ा वालों ने इन्हें अनऔफिशियल न्यूज चैनल का नाम दे रखा है. इस की वजह यह है कि सवेरे पंजाबी अखबार पढ़ने और टीवी देखने के बाद ये उन खबरों को दिन भर दोहराते रहते हैं. Conjoined Twins

— 2017 में प्रकाशित

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...