Amazing Science Facts. ब्राजील के सेराडो क्षेत्र में वैज्ञानिकों ने चींटियों द्वारा जमीन के नीचे बनाई गई एक विशाल और अनोखी ‘अंडरग्राउंड सिटी’ की खोज की है. प्रोफेसर लुइज कार्लोस फोर्टी और उन की टीम ने चींटियों के एक विशाल, खाली पड़े बांबी में 10 टन लिक्विड सीमेंट भरा, जिस से 26 फीट गहरी एक हैरान कर देने वाली भयानक संरचना का खाका सामने आया.

जब इसे खोला गया, तब चींटियों के राज का पता चला. ब्राजील के शोधकर्ताओं ने ‘अट्टा लेविगाटा’ प्रजाति की चींटियों के एक विशाल बांबी में लगभग 10 टन तरल सीमेंट डाला. सीमेंट को बांबी के छोटे से छोटे रास्तों और सुरंगों तक पहुंचने में करीब 10 दिनों का समय लगा.

जब ये सीमेंट अंदर जा कर जम गया तो वैज्ञानिकों ने आसपास की मिट्टी हटा कर पूरी संरचना को बाहर निकाला. पारंपरिक खुदाई के बजाए सीमेंट कास्टिंग की इस तकनीक से बांबी का एकएक रास्ता और कमरा बिलकुल सुरक्षित बाहर आ गया. वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस तरीके से चींटियों की बनाई पूरी ‘अंडरग्राउंड सिटी’ का नक्शा पहली बार इतने साफ रूप में सामने आया है.

यह अंडरग्राउंड संरचना लगभग 500 वर्गफीट के विशाल क्षेत्र में फैली हुई थी और जमीन के अंदर 8 मीटर गहरी थी. पूरा परिसर लाखोंकरोड़ों चींटियों के रहने और उन के काम करने के लिए बहुत ही व्यवस्थित तरीके से बनाया गया था. बांबी के सब से निचले और सब से सुरक्षित हिस्सों में रानी चींटी और उस के अंडोंबच्चों के रहने का खास इंतजाम था. इतनी गहराई में बने होने के बावजूद यहां का पूरा ढांचा जमीन के दबाव को आसानी से झेल सकता था. वैज्ञानिकों ने इस विशालकाय निर्माण की तुलना इंसानों द्वारा बनाई गई चीन की महान दीवार से की है.

इस विशाल शहर के निर्माण के दौरान चींटियों की कालोनी ने मिल कर लगभग 40 टन मिट्टी को खोद कर जमीन से बाहर निकाला. मिट्टी की ताकत और उस की बनावट की चींटियों को इतनी गजब समझ थी कि सुरंगें कभी धंसती नहीं थीं. उन्होंने अपनी सुरंगों को इस तरह डिजाइन किया था कि ऊपर की भारी मिट्टी का वजन आसानी से बंट जाए.

यह ढांचा साबित करता है कि चींटियों में एक संयुक्त बुद्धिमत्ता पाई जाती है. इंसानी सिविल इंजीनियरिंग के बेहतरीन ढांचों की तरह ही चींटियों का यह शहर भी बेहद मजबूत और टिकाऊ था.

चींटियों ने इस शहर में सिर्फ रहने के रास्ते ही नहीं बनाए थे, बल्कि भोजन के लिए खास ‘फंगस चैंबर्स’ भी तैयार किए थे. इन अंडाकार कमरों में चींटियां पत्तियां जमा करती थीं और उन पर अपनी मुख्य खुराक यानी फंगस उगाती थीं. इन कमरों का तापमान और नमी का संतुलन ऐसा रखा जाता था, जिस से फंगस की खेती में कोई रुकावट न आए. चींटियों का पूरा समुदाय अपनी मुख्य खाद्य आपूर्ति के लिए इन्हीं विशेष कमरों पर निर्भर रहता था. ये दिखाता है कि चींटियां इंसानों की तरह ही व्यवस्थित ढंग से खेती और भोजन का प्रबंधन करना जानती हैं.

बांबी को बीमारियों और परजीवियों से बचाने के लिए चींटियों ने कचरा फेंकने की अलग जगह बनाई थी. इन कमरों को ‘रिफ्यूज चैंबर्स’ कहा जाता है, जो मुख्य कालोनी से काफी दूर या एकदम नीचे बनाए गए थे. सड़ीगली पत्तियों, मृत चींटियों और पुराने फंगस को इसी कचरा घर में डाल कर बंद कर दिया जाता था. कचरे को दूर रखने की इस समझदार रणनीति से पूरी कालोनी में संक्रमण और खतरनाक बीमारियां नहीं फैलती थीं. चींटियों का यह सैनिटेशन और वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम वाकई इंसानों के आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम जैसा था.

चींटियों द्वारा खोदी गई सुरंगें कोई बेतरतीब रास्ते नहीं थे, बल्कि वे किसी हाईस्पीड हाईवे की तरह सीधी और चौड़ी थीं. इन सुरंगों का मुख्य काम पत्तियों को आसानी से ढोना और पूरे बांबी में औक्सीजन का प्रवाह बनाए रखना था. लाखों चींटियों और फंगस खेती से पैदा होने वाली गरमी को बाहर निकालने के लिए एक प्राकृतिक चिमनी इफेक्ट काम करता था. गर्म हवा ऊपर की तरफ मुख्य रास्तों से बाहर निकल जाती थी, जिस से बाहर की ताजा और ठंडी हवा अपने आप अंदर खिंच आती थी. इस नेचुरल थर्मो-रेगुलेटरी वेंटिलेशन की बदौलत जमीन के 26 फीट नीचे भी तापमान हमेशा ठंडा और सुहावना बना रहता था.

चींटियों का यह ढांचा दिखाता है कि बिना किसी नक्शे या मशीनों के भी एक विशाल, सुरक्षित और स्मार्ट शहर कैसे बसाया जा सकता है. शोधकर्ता अब इस बात का अध्ययन कर रहे हैं कि चींटियों की मिट्टी इंजीनियरिंग की यह तकनीक इंसानी निर्माण में कैसे काम आ सकती है. Amazing Science Facts

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...