IAS Officer Death. आईएएस अफसर पर घर परिवार की ही नहीं, इतनी प्रशासनिक जिम्मेदारियां होती हैं कि वह हमेशा काफी तनाव में रहता है. शायद इसीलिए उस की इतनी कड़ी परीक्षा ली जाती है. उस के बाद उसी तरह ट्रेनिंग भी दी जाती है कि वह इस सब से निपट सके. ऐसे में अगर कोई अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल हो जाए तो क्या कहा जा सकता है.  

30 वर्षीय मुकेश कुमार पांडेय ने जब 3 अगस्त, 2017 को जिला बक्सर के जिलाधिकारी का पदभार संभाला था तो सरकारी विभागों और राजनैतिक गलियारों में उन के नाम की चर्चा होने लगी. इस की वजह यह थी कि वह ईमानदार, बेदाग और तेजतर्रार अधिकारी थे. इस से पहले वह जिला बेगूसराय के बलिया अनुमंडल के उपजिलाधिकारी तथा कटिहार में डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर रहे थे. वहां उन्होंने दलालों को अपने पास तक फटकने नहीं दिया था. वह फरियादियों के साथ विनम्रता से तथा लापरवाह अफसरों के साथ सख्ती से पेश आते थे. वहीं से उन की पहचान ईमानदार और सख्त अफसर के रूप में हुई.

आईएएस बनने के बाद जिलाधिकारी के पद पर उन की यह पहली नियुक्ति थी. इसलिए उन के घर और ससुराल वालों के अलावा जानपहचान वाले भी खुश थे. दिल्ली के कुछ दोस्तों ने डीएम बनने पर उन्हें बधाई दी तो उन्होंने उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा था कि दिल्ली आ कर वह उन्हें अच्छी सी पार्टी देंगे. डीएम बनने के एक हफ्ते बाद 9 अगस्त को उन्होंने 2 दिन की छुट्टी ली.

छुट्टी लेते समय उन्होंने कमिश्नर को बताया था कि उन के मामा को हार्टअटैक आया है. उन का इलाज पटना में चल रहा है. उन्होंने यह भी बताया था कि इन 2 दिनों में उन की लोकेशन पटना की ही रहेगी. छुट्टी जाने से पहले उन्होंने अपना चार्ज एडीएम तौकीर अहमद को सौंपा था.

डीएम ने भेजा सुसाइड का मैसेज

मुकेश कुमार पांडेय के बड़े भाई भारतीय विदेश सेवा में हैं. इन दिनों वह मौस्को में एंबेसी प्रभारी हैं. 10 अगस्त, 2017 की शाम करीब 6 बजे उन के वाट्सऐप पर एक मैसेज आया. मैसेज पढ़ कर उन के होश उड़ गए. वह बुरी तरह से घबरा गए. मैसेज किसी और ने नहीं, उन के छोटे भाई मुकेश कुमार पांडेय ने भेजा था. वह मैसेज नहीं, बल्कि सुसाइड नोट था.

मैसेज में उन्होंने लिखा था, ‘मैं पश्चिमी दिल्ली स्थित जनकपुरी के एक होटल की 10वीं मंजिल से छलांग लगा कर आत्महत्या कर रहा हूं. मैं जीवन से निराश हो चुका हूं और मानवता से मेरा विश्वास उठ चुका है. मेरा सुसाइड नोट दिल्ली के होटल लीला पैलेस में नाइक के बैग में रूम नंबर 742 में रखा है. मैं आप सब से बहुत प्यार करता हूं. कृपया मुझे माफ कर देना.’

मैसेज पढ़ते ही उन का दिमाग घूम गया. वह छोटे भाई मुकेश के कुछ ऐसे दोस्तों को जानते थे, जो दिल्ली में रहते थे. तुरंत उन्होंने वह मैसेज उन के दोस्तों को फारवर्ड कर दिया, साथ ही उसे अपने फैमिली मेंबर्स के वाट्सऐप ग्रुप में भी भेज दिया. परिवार वालों को जब पता चला कि मुकेश सुसाइड करने के लिए दिल्ली के जनकपुरी पहुंच गए हैं तो सभी परेशान हो गए कि इस स्थिति में क्या किया जाए.

मुकेश कुमार की साली पूनम दिल्ली में रह कर पढ़ाई कर रही थी. वह दक्षिणी दिल्ली के मुनिरका में रह रही थी. पूनम को भी यह वाट्सऐप मैसेज भेज दिया गया था.

मुकेश कुमार के दिल्ली वाले दोस्तों को वह मैसेज मिला तो उन में से एक दोस्त पश्चिम दिल्ली के डीसीपी विजय के पास पहुंच गया. उस ने उन्हें बताया कि उन के दोस्त मुकेश कुमार पांडेय, जो बक्सर के डीएम हैं, वह सुसाइड करने के लिए जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सैंटर के पास किसी होटल में गए हैं.

डीएम की तलाश में पुलिस

डीएम के सुसाइड करने की बात सुन कर डीसीपी ने थाना जनकपुरी, विकासपुरी, तिलकनगर की पुलिस को सूचना की बाबत बताते हुए निर्देश दिए कि वह डिस्ट्रिक्ट सैंटर, मौल व आसपास के होटलों में जा कर जरूरी काररवाई करें. इस के बाद वह खुद भी डिस्ट्रिक्ट सैंटर की तरफ चल पड़े. कुछ ही देर में पुलिस वहां पहुंच गईं और उन की खोजबीन करने लगी. अचानक भारी मात्रा में पुलिस देख कर लोग तरहतरह की बातें करने लगे.

उधर मुनिरका में रह कर पढ़ाई कर रही मुकेश कुमार की साली पूनम थाना सरोजनी नगर पहुंच गईं. होटल लीला पैलेस इसी थाने के अंतर्गत आता था. पूनम ने जब वाट्सऐप पर भेजा गया सुसाइड नोट थानाप्रभारी को दिखाया तो वह भी पुलिस टीम के साथ होटल लीला पैलेस पहुंच गए. वहां उन्होंने जांच की तो पता चला कि मुकेश कुमार पांडेय 7वीं मंजिल पर स्थित कमरा 742 में ठहरे थे.

पुलिस ने जब उन का कमरा खोल कर देखा तो वास्तव में नाइक कंपनी का एक बैग वहां रखा था. बैग खोला गया तो उस में कई पेजों का सुसाइड नोट मिला.

होटल के मैनेजर ने बताया कि वह 7वीं मंजिल पर खिड़कियों को खोलने की कोशिश कर रहे थे, पर ये खिड़कियां खुलती नहीं हैं. उन की संदिग्ध गतिविधियों पर वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड को शक हुआ तो वह सीढि़यों से ऊपर की तरफ जाने लगे. गार्ड ने उन्हें ऊपर जाने से मना कर दिया. इस के बाद वह अपने रूम में जा कर बैठ गए. मैनेजर ने बताया कि गार्ड ने उन के बारे में बताया तो उन्होंने उन के कमरे में जा कर उन्हें समझाया.

पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो मुकेश कुमार पांडेय काफी अपसेट दिख रहे थे. थाना सरोजनी नगर पुलिस को समझते देर नहीं लगी कि होटल लीला पैलेस में सुसाइड करने का मौका न मिलने पर ही मुकेश कुमार पांडेय जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सैंटर की तरफ गए हैं. थानाप्रभारी ने मुकेश कुमार पांडेय के बैग से बरामद सुसाइड नोट की जानकारी थाना जनकपुरी के थानाप्रभारी को दे दी. पूनम की तरफ से थाना सरोजनी नगर में मुकेश कुमार पांडेय की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई.

उधर जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सैंटर और अन्य जगहों पर भारी संख्या में पुलिस मुकेश कुमार पांडेय की तलाश कर रही थी. ऐसे में डिस्ट्रिक्ट सैंटर के सिक्योरिटी गार्ड सोनू यादव ने बताया, ‘‘एक आदमी सीढि़यों से ऊपर की की ओर जा रहा था. मैं ने उस से पूछा कि कहां जा रहे हो तो वह कुछ नहीं बोला. उस समय वह बहुत परेशान दिख रहा था. मेरे टोकने के बाद वह नीचे उतर गया.’’

पुलिस सिक्योरिटी गार्ड के साथ उस जगह गई तो तीसरी मंजिल पर खिड़की के पास एक मोबाइल फोन रखा मिला. इस के बाद पुलिस ने डिस्ट्रिक्ट सैंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी. वह फुटेज मुकेश कुमार पांडेय के दोस्त को दिखाई गई तो उस ने पहचान लिया कि सीढि़यों पर चढ़ने वाले और डिस्ट्रिक्ट सैंटर से निकल कर बाहर जाने वाले मुकेश कुमार पांडेय ही थे. जांच के बाद वह फोन डीएम मुकेश कुमार पांडेय का निकला.

डिस्ट्रिक्ट सैंटर से निकल कर डीएम मुकेश कुमार पांडेय कहां गए, यह पता लगाना आसान नहीं था. उन के मोबाइल फोन से शायद उन की लोकेशन मिल सकती थी, पर वह मोबाइल वहीं छोड़ गए थे. इस के बाद दिल्ली पुलिस की तरफ से सभी थानों को यह मैसेज प्रसारित कर दिया गया कि दिल्ली में जितनी भी बहुमंजिली इमारतें हैं, उन पर चौकसी बरती जाए. इस के अलावा दिल्ली में यमुना नदी पर जो पुल हैं, उन पर भी पुलिस तैनात हो गई.

मुकेश कुमार पांडेय के बारे में कोई जानकारी न मिलने से मौस्को में बैठे उन के बड़े भाई तो परेशान थे ही, साथ ही उन के मातापिता, पत्नी और ससुराल वाले भी चिंतित थे. कोई समझ नहीं पा रहा था कि वह जनकपुरी से कहां चले गए.

10 अगस्त को रात साढ़े 8 बजे के करीब किसी ने गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर स्थित थाना जीआरपी को सूचना दी कि कोटगांव फाटक की तरफ एक आदमी लाइन पर कटा पड़ा है. इस खबर पर जीआरपी के सिपाही कोटगांव फाटक की तरफ गए तो सचमुच वहां एक आदमी कटा पड़ा था. उस का सिर धड़ से 2-3 मीटर दूर पड़ा था. लाश की तलाशी ली गई तो मृतक की जेब से एक पत्र मिला, जिस में लिखा था, ‘मैं मुकेश कुमार पांडेय बक्सर (बिहार) का डीएम हूं. मैं अपनी मरजी से आत्महत्या कर रहा हूं. इस के लिए मेरे अलावा कोई और जिम्मेदार नहीं है.’

उस पत्र में कुछ फोन नंबरों के साथ लिखा था, ‘मेरी मौत की सूचना इन नंबरों पर फोन कर के दे दी जाए.’ डीएम के सुसाइड करने की खबर जीआरपी के सिपाहियों ने थानाप्रभारी को दे दी. थाने से यह सूचना डीएसपी (जीआरपी) रंधीर सिंह को दी गई. मामला एक जिलाधिकारी के आत्महत्या का था, इसलिए जीआरपी के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए. सूचना पा कर एसपी (सिटी) आकाश तोमर और एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए थे.

कर ही लिया डीएम ने सुसाइड

जेब में मिले लेटर में जो फोन नंबर लिखे थे, पुलिस ने उन पर संपर्क किया तो उन में से एक नंबर गुवाहाटी में रह रहे मृतक के पिता डा. सुदेश्वर पांडेय का था और दूसरा उन के ससुर का. ससुर बिहार में रहते थे. गाजियाबाद रेलवे पुलिस ने उन्हें घटना की सूचना दे दी. डा. सुदेश्वर पांडेय ने रेलवे पुलिस को बताया कि उन की गुमशुदगी दिल्ली के थाना सरोजनी नगर में दर्ज है.

इस पर रेलवे पुलिस ने थाना सरोजनी नगर में फोन कर के डीएम मुकेश कुमार पांडेय द्वारा ट्रेन से कट कर आत्महत्या करने की सूचना दे दी. इस सूचना पर थाना सरोजनी नगर पुलिस गाजियाबाद पहुंच गई. जब मीडिया को पता चला कि बिहार के जिला बक्सर के डीएम ने सुसाइड कर लिया है तो थोड़ी ही देर में वहां पत्रकारों की भीड़ लग गई. समाचार चैनलों द्वारा यह खबर पूरे देश में फैल गई. जिस ने भी टीवी पर यह खबर देखी, वह हैरान था कि इतने बड़े ओहदे पर नौकरी करने वाले व्यक्ति ने आखिर आत्महत्या क्यों की?

मृतक के सासससुर, पत्नी और साला पटना से फ्लाइट से रात में ही दिल्ली और फिर वहां से गाजियाबाद पहुंच गए. अगले दिन गुवाहाटी से उन के मातापिता और संबंधी भी गाजियाबाद आ गए.

चूंकि मुकेश कुमार पांडेय की गुमशुदगी थाना सरोजनी नगर में दर्ज थी, इसलिए रेलवे पुलिस ने यह मामला सरोजनी नगर पुलिस को सौंप दिया. दिल्ली पुलिस ने मृतक के घर वालों और ससुराल वालों से इस बारे में पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि मुकेश कुमार पांडेय को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी. बस उन की पत्नी आयुषि जरूर तेजतर्रार थीं. आयुषि की अपनी सास गीता से नोकझोंक होती रहती थी. बाकी वह बड़ी हंसमुख थीं.

बक्सर के जिलाधिकारी मुकेश कुमार पांडेय बहुत होशियार और जुझारू व्यक्ति थे. प्रशासनिक पद पर होने के बावजूद आखिर ऐसा क्या हुआ कि उन्हें अपनी जीवनलीला खत्म करने के लिए मजबूर होना पड़ा? इस संबंध में थाना सरोजनी नगर के एसआई हेमंत कुमार ने जांच की तो जो कहानी सामने आई, वह इस प्रकार थी—

डीएम का घरपरिवार

30 वर्षीय मुकेश कुमार पांडेय मूलरूप से बिहार के छपरा के रहने वाले थे. उन के पिता डा. सुदेश्वर पांडेय गुवाहाटी में नौकरी करते थे, इसलिए मुकेश कुमार और इन के बड़े भाई की परवरिश वहीं हुई थी. मुकेश कुमार पांडेय ने गुवाहाटी के फैकल्टी हायर सेकेंडरी स्कूल से 10वीं अच्छे नंबरों से पास की थी. इस के बाद इन्होंने यहीं के मारिया पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट किया था.

मुकेश कुमार पांडेय पढ़ाई में बहुत तेज थे. अंगरेजी भाषा पर उन की अच्छी पकड़ थी, इसलिए गुवाहाटी के प्रतिष्ठित कौटन कालेज से उन्होंने इंगलिश लिटरेचर से ग्रैजुएशन किया. चूंकि इन के बड़े भाई भारतीय विदेश सेवा के लिए चुन लिए गए थे, इसलिए इन्होंने भी सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी. वह मन लगा कर पढ़ाई करने लगे. इस का नतीजा यह हुआ कि सन 2012 की सिविल सर्विस परीक्षा उन्होंने पास कर ली और भारतीय प्रशासनिक सेवा में उन का चयन हो गया. वह पढ़ाई में कितने मेधावी थे, इस का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि आईएएस में उन का रैंक 14वां था.

आईएएस बनने के बाद परिवार के लोगों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था. मुकेश कुमार पांडेय की ट्रेनिंग पूरी हो जाने के बाद उन की पहली पोस्टिंग बिहार के बेगूसराय जिले के बलिया अनुमंडल में उपजिलाधिकारी पद पर हुई. मुकेश कुमार पांडेय ने सिविल सर्विस परीक्षा के इंटरव्यू में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा था कि व्यक्ति जब मानसिक रूप से सक्षम होता है तो वह किसी भी ऊंचाई को छू सकता है.

इसी मानसिकता को ध्यान में रख कर मुकेश कुमार पांडेय ने अपने पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए जनता के हित में काम करना शुरू किया. वह फरियादियों की समस्या को ध्यान से सुनते थे और लापरवाह सरकारी कर्मचारियों के प्रति सख्त रहते थे. उन की छवि क्षेत्र में ऐसी बनी कि वह आम लोगों के प्रिय बन गए. इसी दौरान बिहार के जानेमाने कारोबारी और मारुति कारों के बड़े डीलर की बेटी आयुषि से उन का विवाह हो गया.

इस के बाद सन 2015 में उन्हें संयुक्त सचिव रैंक में प्रमोशन मिला. उन्हें कटिहार जिले का डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर बना दिया गया. वह जिस पद पर रहे, वहां उन्होंने अपनी पहचान छोड़ी. ईमानदार और सख्त अधिकारी के रूप में उन की पहचान बन गई. यही वजह थी कि जब 31 जुलाई, 2017 में उन्हें बक्सर जिले का डीएम बनाया गया तो बक्सर के सरकारी विभागों में उन के नाम की चर्चाएं होने लगीं.

क्यों किया डीएम ने सुसाइड

मुकेश कुमार पांडेय अपने काम के प्रति भले ही सख्त थे, लेकिन परिवार में वह काफी विनम्र थे. वह अपने मातापिता को तो चाहते ही थे, पत्नी को भी बहुत प्यार करते थे. चूंकि पत्नी बड़े कारोबारी की बेटी थी, इसलिए पता नहीं क्यों उन की अपनी सास से नहीं बनती थी. मां और पत्नी के बीच मतभेद होने की वजह से मुकेश परेशान रहते थे. वह पत्नी को समझाने की कोशिश करते, लेकिन आयुषि पर कोई फर्क नहीं पड़ता था. पत्नी की इस आदत से मुकेश परेशान रहने लगे. करीब 3 महीने पहले पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया था. मुकेश ने सोचा कि मां बनने के बाद आयुषि को घरगृहस्थी की समझ आ जाएगी, लेकिन इस के बाद भी घर का माहौल सामान्य नहीं हुआ.

31 जुलाई, 2017 को मुकेश कुमार पांडेय की पोस्टिंग जब बक्सर के जिलाधिकारी के रूप में हुई तो वह काफी खुश थे. इस पद पर उन की यह पहली पोस्टिंग थी. उन्होंने जब 4 अगस्त को जिलाधिकारी का पदभार संभाला तो जिले के सरकारी विभागों में उन के तेजतर्रार होने और ईमानदारी के चर्चे होने लगे. करीब एक सप्ताह तक उन्होंने वहां काम किया. इस बीच उन के घर में न जाने क्या हुआ कि उन्होंने आत्महत्या का फैसला ले लिया.

पुलिस ने उन का जो फोन बरामद किया है, उस में उन का एक वीडियो भी मिला है. 5 मिनट का वह वीडियो उन्होंने बक्सर के गेस्टहाउस में रिकौर्ड किया था. अंतरमुखी मुकेश कुमार पांडेय इस वीडियो में दार्शनिक अंदाज में कह रहे हैं कि वह जिंदगी में जितना समय समाज को देना चाह रहे थे, वह नहीं दे पा रहे हैं.

एक बार तो उन्होंने यह भी सोचा कि कहीं पहाडि़यों पर जा कर एकांत जीवन बिताया जाए. समाजसेवा करने की भी सोची, लेकिन लगा कि यह सब व्यर्थ है. वह कह रहे हैं कि मेरी एक छोटी बच्ची भी है. मैं अपनी बेटी और पत्नी को बहुत प्यार करता हूं. पत्नी भी मुझे बहुत चाहती है. लेकिन अब जिंदगी इस मोड़ पर है कि अलग होना ही ठीक है.

पत्नी और मां के बीच पिसते डीएम

मेरे मांबाप और पत्नी में तनातनी रहती है. दोनों हमेशा उलझते रहते हैं, जिस से मेरा जीना दुश्वार हो गया है. दोनों गलत नहीं हैं, वे भी एकदूसरे को प्यार करते हैं, लेकिन हर बार अति अच्छी नहीं होती. मेरी जिंदगी में उथलपुथल मची है. सुसाइड का मेरे ऊपर कोई दबाव नहीं है. मैं जिंदगी से परेशान हूं. उन्होंने वीडियो में भी अपने भाईबहनों, मातापिता, सासससुर के फोन नंबरों का जिक्र किया है.

पुलिस ने होटल लीला में मुकेश कुमार पांडेय के कमरे से जो लैपटौप बरामद किया था, उस की वेबसर्फिंग की हिस्ट्री को सर्च किया गया तो पता चला कि उन्होंने करीब एक घंटे तक सुसाइड करने के तरीके सर्च किए थे. इस से पता चलता है कि वह अपनी जिंदगी से कितना टूट चुके थे.

एक उम्दा दर्जे के प्रशासनिक अधिकारी छोटी सी पारिवारिक समस्या से परेशान हो कर इतना बड़ा कदम उठा लेंगे, यह किसी ने सोचा भी नहीं होगा. पारिवारिक समस्याएं अमूमन हर घर में होती हैं, इस का मतलब यह नहीं होता कि सुसाइड कर लिया जाए. कुछ रिश्तेदारों, परिजनों के साथ बैठ कर इस समस्या को सुलझाया जा सकता था.

आईएएस परीक्षा पास करने के बाद सरकार ने भी उन की ट्रेनिंग पर लाखों रुपए खर्च कर के प्रशासनिक व्यवस्था संभालने के काबिल बनाया था. इस के अलावा उन के परिजनों को भी उन से तमाम उम्मीदें रही होंगी. कायरतापूर्ण कदम उठा कर उन्होंने सभी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. ऐसा कर के समस्या का समाधान कहां निकला, बल्कि उन की 3 महीने की बेटी पिता के प्यार से वंचित रह गई. केस की जांच एसआई हेमंत कुमार कर रहे हैं.  IAS Officer Death

— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.

— मनोहर कहानियां, 2017 में प्रकाशित

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...