दोस्त की इज्जत से खिलवाड़ – भाग 3

उस ने तपन से बदला लेने की ठान ली थी. एक बार तो उस के मन में आया कि वह रात में सोते समय तपन की हत्या कर दे. लेकिन दिल्ली में ऐसा करने पर वह फंस सकता था, इसलिए वह ऐसी योजना बनाने लगा, जिस में सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे. इसी वजह से वह अपनी इस योजना में किसी को शामिल नहीं करना चाहता था. उस के मन में क्या चल रहा है, यह उस ने तपन को महसूस नहीं होने दिया. वह पहले की ही तरह रोजाना अपने काम पर जाता रहा.

उस ने तपन को सबक सिखाने की जो योजना बनाई थी, उस के दिसंबर, 2015 के पहले हफ्ते में वह मथुरा गया. वहां वह कोसी में रहने वाले अपने दोस्त पाल सिंह से मिला. उस के सहयोग से उस ने 2 हजार रुपए में एक देशी तमंचा और 2 कारतूस खरीदे, जिन्हें ले कर वह दिल्ली लौट आया. अपनी योजना के बारे में उस ने अपनी पत्नी तक को कुछ नहीं बताया था. अब वह अपनी योजना को सुरक्षित तरीके से अंजाम देने की सोचने लगा.

12 दिसंबर, 2015 की सुबह साढ़े 9 बजे वह नोएडा अपने काम पर पहुंचा. तमंचा और कारतूस वह साथ ले गया था. थोड़ी देर बाद तपन भी वहां पहुंचा. दिन भर दोनों वहीं रहे. शाम को तपन के साथ ही वह कमरे पर लौटा.

कमरे पर आते ही उस ने कहा, “भाईसाहब, मेरी सास की तबीयत बहुत ज्यादा खराब है. मुझे उन से मिलने के लिए अभी जाना है. आप मोटरसाइकिल से मेरे साथ चले चलें, हम सुबह लौट आएंगे.”

रात को तपन मथुरा नहीं जाना चाहता था, लेकिन उमेश ने जिद की तो वह उस के साथ जाने को तैयार हो गया. इस के बाद उमेश ने पत्नी से कहा कि कुछ काम से वह तपन के साथ मथुरा जा रहा है, सुबह लौट आएगा. जाते समय उस ने पत्नी को अपना मोबाइल दे दिया.

तपन अपनी मोटरसाइकिल यूपी16ए एच3937 पर उमेश को बैठा कर राधाकुंड मथुरा के लिए चल पड़ा. रात करीब साढ़े 10 बजे मोटरसाइकिल अकबरपुर शेरपुर रोड पर नहर के पास पहुंची तो उमेश ने पेशाब करने के बहाने मोटरसाइकिल रुकवा ली. मोटरसाइकिल खड़ी कर के दोनों उतर गए. तपन एक ओर खड़े हो कर पेशाब करने लगा. सडक़ उस समय सुनसान थी. उमेश को ऐसे ही मौके का इंतजार था. उस ने तमंचे में कारतूस पहले से ही भर रखा था.

उमेश धीरेधीरे तपन के पीछे पहुंचा. पेशाब कर रहे तपन को उस के आने का अहसास नहीं हुआ. उस ने पीछे से तपन की गरदन से तमंचा सटा कर फायर कर दिया. गोली लगते ही तपन जमीन पर गिरा और बिना कोई आवाज किए मर गया. उमेश ने फटाफट उस की जेबों की तलाशी ली. एक जेब में पर्स और दूसरी में उस का मोबाइल मिला. उमेश ने उन्हें निकाल कर अपनी जेब में रख लिए. बचे हुए एक कारतूस और कट्टे को उस ने वहीं झाडिय़ों में फेंक दिया.

तपन को ठिकाने लगा कर वह अपने गांव दलोता चला गया. वहां उस ने तपन का पर्स देखा तो उस में ढाई हजार रुपए नकद के अलावा उस का वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, मेट्रो कार्ड और एक भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम कार्ड था. अगले दिन वह मोटरसाइकिल को गांव में ही खड़ी कर के दिल्ली लौट आया और पत्नी को ले कर गांव चला गया.

अगले दिन कुछ लोगों ने नहर के पास लाश देखी तो इस की सूचना थाना छाता पुलिस को दे दी. थानाप्रभारी यशकांत सिंह वहां पहुंचे. उन्होंने लाश की शिनाख्त करानी चाही, पर कोई उसे पहचान नहीं सका. तब लाश के फोटो करा कर उन्होंने उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया.

मृतक के फोटो के पैंफलेट चिपकवाने के बाद भी जब शिनाख्त नहीं हुई तो छाता पुलिस ने लावारिस मान कर उस का अंतिम संस्कार करा दिया. जब छाता पुलिस तपन की लाश की शिनाख्त नहीं करा सकी तो उमेश को लगा कि जब पुलिस लाश की शिनाख्त ही नहीं करा सकी तो मामले का खुलासा कैसे होगा?

उमेश का कुछ सामान दिल्ली में तपन के कमरे पर था. कहीं दिल्ली पुलिस उस सामान के जरिए उस तक न पहुंच जाए, यह सोच कर 24 दिसंबर, 2015 की रात के अंधेरे में वह अपना सामान ले कर भागना चाहता था, लेकिन मुखबिर की सूचना ने उस की इस योजना पर पानी फेर दिया और वह क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ गया.

उमेश कुमार से पूछताछ के बाद इंसपेक्टर अशोक कुमार ने मथुरा के थाना छाता के थानाप्रभारी यशकांत सिंह को पूरी बात बता कर उस के गिरफ्तार करने की सूचना दे दी. अगले दिन क्राइम ब्रांच ने उसे रोहिणी कोर्ट में ड्ïयूटी मजिस्ट्रेट विपुल डबास के समक्ष पेश किया.

उस समय तक यशकांत सिंह वहां पहुंच चुके थे. उसी समय उन्होंने कोर्ट में एक दरख्वास्त दे कर उमेश कुमार को 24 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया. थाना छाता पुलिस पूछताछ के लिए उमेश को अपने साथ ले गई. उस की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक की मोटरसाइकिल, पर्स, एटीएम कार्ड, वोटर आई कार्ड, आधार कार्ड और हत्या में प्रयुक्त तमंचा व एक जीवित कारतूस बरामद कर लिया.

विस्तार से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. मामले की जांच यशकांत सिंह कर रहे हैं.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

सवा करोड़ के गहनों की लूट – भाग 3

महेंद्र को कहीं से पता चला कि चांदनी चौक में ऐसे तमाम लोग हैं, जो यहां से लाखों रुपए के गहने गुजरात ले जाते हैं और वहां से भी उसी तरह गहने दिल्ली आते हैं. उस ने सोचा कि अगर उन्हीं में से किसी को शिकार बना लिया जाए तो एक ही झटके में लाखों रुपए हाथ लग सकते हैं.

इस के बाद वह यह पता लगाने लगा कि यह काम कौनकौन करते हैं. किसी जानकार ने उसे बताया कि दिल्ली के कूचा घासीराम में कई आंगडि़ए हैं, जो दिल्ली से बाहर गहने भेजते हैं. वहीं एक सरजू पंडित नाम का आदमी है, जो उन आंगडिय़ों के बारे में अच्छी तरह से जानता है. क्योंकि वह उन्हें चायपानी पिलाता है. अगर सरजू पंडित को विश्वास में ले लिया जाए तो मोटा माल हाथ लग सकता है.

महेंद्र कूचा घासीराम के सरजू पंडित के पास पहुंच गया. उस ने पहले तो किसी जरिए उस से जानपहचान की. इस के बाद वह रोजाना उस से मिलने लगा. धीरेधीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई. जब दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई तो एक दिन महेंद्र ने सरजू को अपनी योजना के बारे में बता कर पैसों का लालच दे कर कि जो भी माल हाथ लगेगा, उस में से एक हिस्सा उसे दिया जाएगा, के बाद आंगडि़ए के बारे में पूछा.

सरजू पंडित लालच में आ गया. 60 वर्षीय सरजू पंडित ने महेंद्र को प्रवीण कुमार के बारे में बताया ही नहीं, उसे पहचनवा भी दिया. प्रवीण कूचा घासीराम स्थित राजेश कुमार अरविंद कुमार आंगडिय़ा की फर्म में काम करता था. यह फर्म गहनों की कूरियर का काम करती थी. दिल्ली के कुछ ज्वैलर्स इस फर्म द्वारा पुराने गहने अहमदाबाद भेज कर वहां से नए डिजाइन के तैयार गहने मंगाते थे. यह काम इस फर्म का कूरियर बौय भरतभाई करता था. वह हर 2 दिन बाद दिल्ली आता था.

सरजू पंडित ने महेंद्र को पूरी बात बता तो दी, लेकिन महेंद्र यह फैसला नहीं कर सका कि कूरियर बौय भरतभाई से माल कैसे झटका जाए. महेंद्र का एक दोस्त था रोशन गुप्ता, जो विवेक विहार की झिलमिल कालोनी में रहता था. वह पेशे से ड्राइवर था. उस के 2 बच्चे थे, जो बड़े हो चुके थे. उन की शादी को ले कर वह काफी परेशान था. कुछ दिनों पहले उस ने मकान बनवाया था, जिस से उस पर ढाई लाख रुपए का कर्ज हो गया था. उसे इस बात की भी चिंता रहती थी कि वह कर्ज कैसे चुकाएगा.

महेंद्र ने लूट की योजना रोशन को समझाई तो पैसों की सख्त जरूरत की वजह से वह भी उस के साथ यह काम करने को तैयार हो गया. इस के बाद दोनों ने एक महीने तक उस रूट की रेकी की, जिस रूट से भरतभाई और प्रवीण माल ले कर नई दिल्ली स्टेशन आतेजाते थे. रेकी में रोशन ने अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का उपयोग किया था.

रूट को अच्छी तरह समझने के बाद बात हुई कि वारदात को कैसे अंजाम दिया जाए, क्योंकि इस में रिस्क था, इसलिए हथियारबंद लोगों का भी इस में शामिल होना जरूरी था. रोशन मनीष शर्मा और मोहम्मद आरिफ नाम के बदमाशों को जानता था. दोनों ही गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद के रहने वाले थे.

मनीष शार्पशूटर था तो मोहम्मद आरिफ शातिर चाकूबाज. रोशन ने दोनों से बात की. वे राजी हो गए तो उन्हें भी योजना में शामिल कर लिया. दोनों बदमाशों को शामिल करने के बाद उन के दिमाग में बात आई कि ज्वैलरी लूटने के बाद मोटरसाइकिल से तुरंत भागना होगा. इस के लिए उन्हें भीड़भाड़ वाली जगह में भी तेजी से मोटरसाइकिल चलाने वाले 2 लोग चाहिए.

इस बारे में आपस में चर्चा हुई तो मनीष शर्मा ने बताया कि वह जसपालदास उर्फ रिंकू को जानता है. वह भी साहिबाबाद में रहता है. पहले वह दिल्ली में क्लस्टर बस चलाता था. कुछ दिनों पहले उस ने नौकरी छोड़ा है. वह एक अच्छा बाइक रेसर है. जसपाल को एक खतरनाक जानलेवा बीमारी थी, उसी के इलाज के लिए उसे पैसों की जरूरत थी.  मनीष ने उसे लूट की योजना बताई तो वह भी तैयार हो गया. उस के पास चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल भी थी.

उन्हें एक मोटरसाइकिल चलाने वाला मिल गया था, एक की अभी और जरूरत थी. इस के लिए जसपाल ने अरुण नागर उर्फ बौबी से बात कराई. अरुण नागर मोटरसाइकिल से स्टंट करता था. वह बेरोजगार था. पैसों के लालच में वह भी उन के साथ काम करने को तैयार हो गया. अरुण ने भी किसी की अपाचे मोटरसाइकिल चुरा रखी थी, जिस की नंबर प्लेट बदल कर वह उसे खुद ही चलाता था.

पूरी टीम तैयार हो गई तो सभी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से कूचा घासीराम बाजार तक का कई बार चक्कर लगाया. इस के बाद इस बात पर विचार किया जाने लगा कि घटना को किस जगह अंजाम दिया जाए, जहां से वे आसानी से भाग सकें.

काफी सोचनेविचारने के बाद कुतुब रोड पर तांगा स्टैंड के पास वारदात को अंजाम देना निश्चित किया गया. क्योंकि वहां जो दुकानें बनी थीं, वे सुबह के समय बंद रहती थीं और सामने की पार्किंग भी खाली रहती थी.  सुनसान रहने की वजह से वहां से यूटर्न ले कर भागना आसान था.  वारदात की जगह निश्चित करने के बाद इस बात का भी कई बार रिहर्सल किया गया कि बैग को छीन कर किस तरह वहां से भागना है.

महेंद्र और रोशन गुप्ता को इस बात की पुख्ता जानकारी मिल गई थी कि अहमदाबाद से माल ले कर भरतभाई अहमदाबाद- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रैस से 2 जनवरी को नई दिल्ली स्टेशन पर उतरेगा. उसे पता ही था कि भरतभाई को लेने प्रवीण कुमार आता है. वहां से दोनों औटो से औफिस जाते हैं.

पूरा प्लान तैयार कर के महेंद्र, मनीष शर्मा, अरुण नागर उर्फ बौबी, रोशन गुप्ता, जसपाल उर्फ रिंकू और मोहम्मद आरिफ पल्सर और अपाचे मोटरसाइकिलों से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच गए. महेंद्र ने सब से पहले रेलवे स्टेशन की इनक्वायरी से यह पता लगाया कि अहमदाबाद से नई दिल्ली आने वाली राजधानी एक्सप्रैस कब आ रही है.

वहां से उसे पता चला कि ट्रेन स्टेशन पर 8 बजे पहुंचेगी. भरतभाई को लेने के लिए सुबह 7 बज कर 40 मिनट पर प्रवीण स्टेशन पहुंच गया था. महेंद्र प्रवीण को पहचानता था, इसलिए वह कुछ दूरी से उस पर नजर रखने लगा, क्योंकि भरतभाई को ट्रेन से उतर कर उसी के पास आना था.

कुछ देर बाद अहमदाबाद से चल कर नई दिल्ली आने वाली राजधानी एक्सप्रैस के दिल्ली पहुंचने की घोषणा हुई, महेंद्र सतर्क हो गया. स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्रियों को महेंद्र गौर से देख रहा था. जब उसे भरतभाई दिखा तो वह खुश हो गया. भरत के हाथ में एक बैग था. भरत को पहले से ही पता था कि प्रवीण कहां खड़ा हो कर उस का इंतजार करता है, इसलिए वह स्टेशन से बाहर सीधे उसी स्थान पर पहुंच गया, जहां प्रवीण खड़ा था.

दिल मांगे मोर – भाग 3

इरफान की पत्नी को पता नहीं था कि पति के किसी दूसरी औरत से भी संबंध हैं. पत्नी के इसी विश्वास का इरफान फायदा उठा रहा था. यही नहीं, अब वह नूर फातिमा से निकाह करने की भी सोचने लगा था. उस ने इस बारे में उस से बात की तो वह भी तैयार हो गई. रही बात नबी मोहम्मद की तो उस ने भी सहमति जता दी.

इस के बाद इरफान ने नबी मोहम्मद की मौजूदगी में नूर फातिमा से निकाह कर लिया. यह एक साल पहले की बात है. नूर फातिमा ने इरफान से निकाह जरूर कर लिया था, लेकिन रहती वह नबी मोहम्मद के साथ ही थी. इरफान 1-2 दिन के अंतर पर फातिमा के पास आता रहता था. इस तरह इरफान की 2 नावों की सवारी चलती रही.

चूंकि इरफान का कपड़ों की सेल का काम अच्छा चल रहा था, इसलिए उस ने मारुति कार नबी मोहम्मद को दे दी और अपने लिए सेंट्रो कार खरीद ली. दोनों ही अलगअलग जगहों पर सेल लगाने लगे. कपड़ों की सेल से जो पैसे आते थे, नबी उन्हें इरफान को दे देता था. बदले में इरफान उसे उस की मजदूरी दे देता था.

धीरेधीरे नबी मोहम्मद का स्वभाव बदलने लगा. वह चिड़चिड़ा हो गया. इरफान उस के यहां आता तो वह शराब के नशे में उसे गालियां देता और मारपीट करने पर उतारू हो जाता. इस के अलावा वह इरफान से पैसे ऐंठता. इरफान उस के मुताबिक पैसे देने में आनाकानी करता तो वह उस की पत्नी शहनाज के सामने उस की पोल खोलने की धमकी देता. मजबूरी में इरफान को उस के द्वारा मांगे गए पैसे देने के लिए मजबूर होना पड़ता.

इरफान की इसी कमजोरी का नबी मोहम्मद फायदा उठा रहा था. आए दिन की इस ब्लैकमेलिंग से इरफान परेशान रहने लगा था. उस ने नबी को कई बार समझाया भी, लेकिन उस ने उस की बात पर ध्यान नहीं दिया. इरफान को डर लगा रहता था कि कहीं नबी मोहम्मद शहनाज को फातिमा के बारे में बता न दे.   यही वजह थी कि वह इस डर को हमेशा के लिए खत्म करना चाहता था.

इस के 2 ही रास्ते थे. पहला यह कि वह हमेशा के लिए फातिमा से संबंध खत्म कर ले और दूसरा यह कि नबी मोहम्मद का मुंह हमेशा के लिए बंद कर दे. नबी मोहम्मद को पैसे देने के बाद भी उसे इस बात का विश्वास नहीं था कि वह अपना मुंह बंद रखेगा. इस के लिए उस के दिमाग में एक ही आइडिया आया कि वह नबी मोहम्मद को ठिकाने लगा दे. ऐसा करने से उस की परेशानी हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी.

नबी मोहम्मद को ठिकाने लगाने वाली बात उस ने नूर फातिमा को भी नहीं बताई. इस काम को वह अकेला अंजाम नहीं दे सकता था, इसलिए उस ने अपने साथ काम करने वाले राकेश और सूरज हाशमी से बात की. राकेश मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के नगला भवानी गांव का रहने वाला था और दिल्ली में कच्ची कालोनी, मदनपुर खादर में रहता था. जबकि सूरज हाशमी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के शुक्लागंज का रहने वाला था. वह भी दिल्ली में रह कर इरफान के साथ कपड़ों की सेल लगाता था.

इरफान ने दोनों साथियों के साथ नबी मोहम्मद को ठिकाने लगाने की योजना बना डाली. योजनानुसार इरफान ने 9 दिसंबर की शाम को नबी मोहम्मद को फोन कर के दिल्ली में जैतपुर के पुश्ते पर बुलाया. नबी मोहम्मद शराब के नशे में था. नबी मोहम्मद इस से पहले भी इरफान के बताए गए पते पर पहुंचता रहता था. इसलिए फोन आने पर 9 दिसंबर की रात करीब साढे़ 9 बजे मारुति कार नंबर डीएल 2सी आर 5093 से नोएडा से वह दिल्ली के लिए चल पड़ा.

उधर इरफान भी राकेश और सूरज हाशमी को अपनी सेंट्रो कार नंबर एचआर 26पी 6738 में बिठा कर जैतपुर पुश्ता की तरफ चल पड़ा. श्रीराम चौक से निकलने के बाद यमुना खादर में उन्होंने कार एक किनारे खड़ी कर दी और नबी मोहम्मद का इंतजार करने लगे. नबी मोहम्मद की गाड़ी दिखते ही इरफान ने उसे रुकवा लिया. फिर वे उसे यमुना खादर की तरफ ले गए. नबी मोहम्मद कुछ समझ पाता, तीनों ने उस की पिटाई करनी शुरू कर दी.

नबी मोहम्मद ने खुद को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन 3 लोगों के बीच वह अकेला निहत्था क्या कर सकता था. तीनों उसे पीटते हुए झाडि़यों में ले गए. पिटतेपिटते नबी लगभग अधमरा हो गया तो उसे जमीन पर गिरा कर वहीं पड़ी ईंट से उस के सिर और चेहरे को कुचलने लगे. थोड़ी देर में नबी मोहम्मद की मौत हो गई. वह जिंदा न रह जाए, इस के लिए इरफान ने साथ लाए छुरे से उस का गला भी काट दिया.

इरफान ने नबी मोहम्मद का मोबाइल फोन निकाल लिया. काम हो जाने के बाद सभी अपनेअपने घर चले गए. लाश खादर में पड़ी थी, इसलिए जंगली जानवरों ने उस की गरदन और चेहरे का मांस खा लिया. अगले दिन इरफान मारुति कार से कुलेसरा नूर फातिमा के पास गया और उस ने नबी मोहम्मद का मोबाइल फोन उसे देते हुए कहा कि वह किसी काम से 2-3 दिनों के लिए बाहर गया है. मारुति कार फातिमा के यहां खड़ी कर के वह दिल्ली वापस आ गया.

पुलिस ने 11 दिसंबर की रात को ही इरफान के साथियों राकेश और सूरज हाशमी को भी गिरफ्तार कर लिया. इन की निशानदेही पर पुलिस ने मारुति कार और सेंट्रो कार के अलावा मृतक और उन के मोबाइल फोन, छुरा आदि बरामद कर लिए. इस के बाद सभी को साकेत कोर्ट में महानगर दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. मामले की विवेचना इंसपेक्टर रविंद्र कुमार तोमर कर रहे हैं.द्य

—कथा पुलिस सूत्रों और जनचर्चा पर आधारित

साधु के वेश में 23 साल बाद मिला कातिल प्रेमी – भाग 3

प्रेम प्रसंग बढ़ने लगा तो पदम अब शादी के लिए रुपए भी जोड़ने लगा था. वह रजनी को पत्नी बना कर अपने घर ओडिशा ले जाना चाहता था, लेकिन एक दिन उस का ख्वाब बिखर गया.उस ने रजनी को एक युवक के साथ हाथ में हाथ डाले शौपिंग माल में खरीदारी करते हुए देखा. पदम वहां अपने लिए शर्ट खरीदने के लिए गया था. वह रजनी को चोरीछिपे देखता रहा.

शाम को उस ने रजनी से उस युवक के बारे में पूछा तो उस ने बड़ी बेशरमी से कहा, “वह विजय साचीदार है. तुम से अच्छा कमाता है. मैं उस के साथ खुश रह सकती हूं.”

“लेकिन तुम ने मेरे साथ शादी करने का वादा किया है रजनी, मुझे तुम छोड़ कर किसी दूसरे से दिल नहीं लगा सकती.”

“दिल मेरा है पदम…” रजनी कंधे झटक कर बोली, “मैं इसे कहीं भी लगाऊं. फिर तुम्हारे पास है भी क्या? किराए का कमरा है, फुटपाथ पर भजिया तलते हो. मैं एक ठेली वाले से शादी कर के अपनी जगहंसाई नहीं करवाना चाहती. अब तुम अपना रास्ता बदल लो.”

“नहीं. मैं अपना रास्ता नहीं बदलूंगा. रास्ता तुम्हें बदलना होगा रजनी. तुम मेरी थी, मेरी ही रहोगी.”

“कोई जबरदस्ती है तुम्हारी.” रजनी गुस्से से चीखी, “मैं विजय से शादी करूंगी, समझे.”

“मैं उस हरामी विजय को काट डालूंगा.” पदम गुस्से से बोला, “देखता हूं तुम कैसे उस से शादी करती हो.”

पदम कहने के बाद गुस्से में भरा वहां से चला गया. वह रात उस ने अपने ठेले पर फुटपाथ पर बिताई. वह विजय साचीदार के विषय में सोच रहा था जो उस के प्यार की राह में कांटा बन गया था. वह कब सोया उसे पता नहीं चला

रजनी के प्रेमी विजय की मिली लाश

4 सितंबर, 2001 दिन मंगलवार को मयूर विहार सोसायटी के शांतिनगर थाने में रजनी ने विजय साचीदार के लापता हो जाने की रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए पुलिस के सामने बयान दिया कि विजय साचीदार को जान से मारने की धमकी पदम चरण ने दी थी. पदम चरण शांतिनगर सोसायटी में तीसरी मंजिल पर किराए पर रहता है और गांधी चौक पर भजिया की ठेली लगाता है. विजय साचीदार को लापता करने में पदम चरण का हाथ हो सकता है. उसे गिरफ्तार कर के पूछताछ की जाए.

रजनी द्वारा लिखित रिपोर्ट के आधार पर पुलिस शांतिनगर सोसायटी में पदम चरण के कमरे पर पहुंची. वहां ताला बंद था. पदम चरण की तलाश में उस की भजिया की ठेली (गांधी चौक) पर पुलिस पहुंची तो ठेली पर कोई नहीं था. पदम चरण दोनों जगह से लापता था. इस से उस पर शक गहरा गया कि उस ने विजय साचीदार का अपहरण किया है और कहीं दुबक गया है.

पुलिस पदम चरण का मूल पता लगाने का प्रयास कर ही रही थी कि उसे उधना क्षेत्र (खाड़ी) में विजय साचीदास की लाश मिलने की सूचना कंट्रोल रूम द्वारा दी गई. उधना क्षेत्र की पुलिस को खाड़ी में एक युवक की लाश पड़ी मिली थी. उस युवक की तलाशी में आधार कार्ड मिला, जिस में उस का नाम विजय साचीदार, उस का फोटो और एड्रेस था.

आधार कार्ड से पता चला कि विजय साचीदार शांतिनगर थाना क्षेत्र में रहता था, इसलिए कंट्रोल रूम द्वारा इस थाने को सूचित किया गया. शांतिनगर थाने ने उधना क्षेत्र थाने से यह लाश अपने अधिकार में ले कर जांच की. विजय को गला दबा कर मारा गया था. विजय का पोस्टमार्टम करवा कर लाश उस के घर वालों को सौंप दी गई. इस मामले को भादंवि की धारा 302 में दर्ज कर के पदम चरण की तलाश शुरू कर दी गई.

पदम चरण के बारे में रजनी से बहुत कुछ मालूम हो सकता था. पुलिस ने रजनी को थाने में बुला कर पूछताछ की तो रजनी ने बताया कि पदम का ओडिशा के गंजाम जिले में बरहमपुर इलाके में घर है. इस से अधिक वह कुछ नहीं जानती. रजनी ने पदम से प्रेम करने के दौरान जो फोटो खींचे थे, वे भी उस ने पुलिस को दे दिए.

शांतिनगर थाने की पुलिस पदम की तलाश में ओडिशा गई. वहां उस के मांबाप को श्रीराम नगर में ढूंढ निकाला गया. उन्होंने बताया पदम कई दिनों बाद घर आया था, लेकिन एक रात रुक कर वह चला गया. वह कहां गया, यह उन्हें नहीं मालूम. पुलिस ओडिशा से खाली हाथ वापस आ गई. इस के बाद पदम को सालों पुलिस यहांवहां ढूंढती रही, लेकिन वह कहां छिप गया, पुलिस को पता नहीं चला.

पदम के ऊपर घोषित हुआ ईनाम

पुलिस द्वारा उस के ऊपर 45 हजार का ईनाम भी घोषित कर दिया गया, लेकिन सब व्यर्थ. हताश हो कर विजय साचीदास हत्या केस की फाइल पुलिस को ठंडे बस्ते में डालनी पड़ी. जून 2023 को पुलिस कमिश्नर अजय कुमार तोमर ने सूरत शहर के भगोड़े व मोस्टवांटेड अपराधियों को पकडऩे की लिस्ट तैयार करवाई तो उस में 23 सालों से फरार चल रहे पदम चरण उर्फ चरण पांडा का भी नाम था. उस पर 45 हजार का ईनाम भी घोषित था.

पदम को पकडऩे का जिम्मा अपराध शाखा के एएसआई सहदेव, एएसआई जनार्दन हरिचरण और हैडकांस्टेबल अशोक को सौंपा गया. इस टीम की पहली सफलता यह थी कि 23 साल से फोन बंद कर के बिल में छिपे पदम ने मोबाइल फोन से अपने परिजनों से संपर्क किया था.

ओडिशा के गंजाम जिले में श्रीराम नगर इलाके से गोपनीय जानकारी अपराध शाखा को मिली तो पदम के परिजनों से पदम का नया नंबर ले कर सर्विलांस पर लगा दिया गया. उस की लोकेशन ट्रेस की गई तो वह मथुरा के बरसाना की थी.

क्राइम ब्रांच को बनना पड़ा साधु

अपराध शाखा की टीम मथुरा के बरसाना पहुंची. वहां से टोह लेती हुई नंदगांव पहुंच गई. यहां की पुलिस चौकी के इंचार्ज सिंहराज की मदद से साधु वेश बना कर 8 दिन आश्रमों, मठों में पदम को तलाश करती रही. अपने असली नाम छिपा कर 100 से ज्यादा धार्मिक स्थलों में उसे खोजा गया, फिर कुंजकुटी आश्रम में तलाश करने पंहुचे तो उन्हें साधु वेश में रह रहे पदम चरण को पकडऩे में सफलता मिल गई.

पदम चरण को शांतिनगर थाना (सूरत) में ला कर पूछताछ की गई तो उस ने बताया कि विजय साचीदास उस के और रजनी के प्रेम में बाधा बन गया था. उसे समझाने पर भी वह नहीं माना तो उस का अपहरण कर के वह उद्यान खाड़ी क्षेत्र में ले गया और वहां गला दबा कर उस की हत्या करने के बाद वह ओडिशा भाग गया.

एक रात रुक कर वह मथुरा आया, यहां नंदगांव के कुंजकुटी में साधु वेश बना कर रहने लगा. उसे लगा कि विजय की हत्या हुए 23 साल गुजर गए हैं, पुलिस खामोश बैठ गई है तो उस ने मोबाइल खरीद कर परिजनों से बात की. इसी क्लू द्वारा पुलिस उस तक पहुंची और वह पकड़ा गया.

पुलिस ने पदम उर्फ गोरांग चरण पांडा को सक्षम न्यायालय में पेश कर के जेल भेज दिया गया.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित. कथा में रजनी परिवर्तित नाम है.

ठगी का बड़ा खिलाड़ी

सरकार से ज्यादा शक्तिशाली ड्रग्स तस्कर – भाग 3

अमेरिका में बढ़ रही है ड्रग्स की मांग

मैक्सिकन गिरोह कोलंबियाई आपराधिक संगठनों के लिए संदेशवाहक और मालवाहक के तौर पर थोक व्यापारी बनने के लिए स्थानांतरित हो गए. उन में कुख्यात कैली और मेडेलिन कार्टेल शामिल हैं. मैक्सिकन कार्टेल ने 2007 तक अमेरिका में प्रवेश करने वाले कोकीन के अनुमानित 90 प्रतिशत को नियंत्रित कर लिया. अमेरिकी सरकार द्वारा ‘ड्रग्स पर युद्ध’ छेडऩे और विदेशों में अन्य मादक द्रव्यों के खिलाफ अभियानों के प्रयास के बावजूद ड्रग्स की मांग में कमी नहीं आई.

साल 2017 में अमेरिकियों ने कोकीन, हेरोइन, मारिजुआना और मेथामफेटामाइन सहित अवैध दवाओं पर 153 बिलियन डालर खर्च किए. फेंटेनाइल सहित सिंथेटिक ओपिओइड के बढ़ते उपयोग से सार्वजनिक स्वास्थ्य के बिगडऩे जैसा संकट भी बढ़ गया. अमेरिका में आने वाली अधिकांश अवैध दवाएं, जो अधिकारियों द्वारा जब्त की जाती हैं, उन्हें 300 से अधिक बंदरगाहों पर अमेरिकी प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा खोजी जाती हैं.

समुद्री और स्थल की सीमा पर अमेरिकी अधिकारियों द्वारा पता लगाने से बचने के लिए तस्कर विभिन्न हथकंडे अपनाते हैं. इन में वाहनों या समुद्री जहाजों में ड्रग्स को छिपाना है. इस के लिए भूमिगत सुरंगों का इस्तेमाल करते हुए अमेरिका में तस्करी करते हैं. नए तरीकों में सीमा पर ड्रोन या अन्य विमानों का उपयोग भी शामिल हो गया है. तस्करों द्वारा अमेरिका में नशीली दवाओं के थोक शिपमेंट की तस्करी के बाद इसे स्थानीय समूह और स्ट्रीट गैंग चप्पेचप्पे में फैलाने का प्रबंधन करते हैं.

ऐसा भी नहीं है कि मैक्सिको ने कार्टेल के खिलाफ कुछ नहीं किया. फेलिप काल्डेरोन (2006-2012) ने राष्ट्रपति पद संभालने के तुरंत बाद कार्टेल पर युद्ध की घोषणा कर दी थी. अपने 6 साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने कार्टेल की गतिविधियों पर नकेल लगाने के लिए हजारों सैन्यकर्मियों को तैनात कर दिया था.

कई मामलों में वैसे स्थानीय पुलिस बलों को बदल दिया था, जिन्हें भ्रष्ट माना गया था. अमेरिकी सहायता से मैक्सिकन सेना ने मैक्सिको में शीर्ष 37 ड्रग किंगपिनों में से 25 को पकड़ कर मार डाला था. सैन्य काररवाई काल्डेरोन के कार्यकाल का केंद्रबिंदु थी.

कारोबार रोकने में सरकार भी नाकाम

इस अभियान पर काल्डेरोन आलोचनाओं से घिर गए थे. आलोचकों का कहना था कि काल्डेरोन की सिर काटने की रणनीति ने दरजनों छोटे और अधिक हिंसक ड्रग गिरोह बना लिए हैं. कई लोग यह भी तर्क देते हैं कि मैक्सिको की सेना पुलिस कार्यों को करने के लिए तैयार नहीं थी. सरकार ने काल्डेरोन के कार्यकाल के दौरान 1,20,000 से अधिक हत्याओं की जानकारी दी, जो उन के पहले की सरकारों के कार्यकाल के दौरान हुई हत्याओं की लगभग दोगुनी थी.  इस बारे में विशेषज्ञों का अनुमान है कि मैक्सिको में एकतिहाई से डेढ़ गुना हत्याएं कार्टेल से जुड़ी हुई थीं.

काल्डेरोन के उत्तराधिकारी एनरिक पेना नीटो ने कार्टेल के नेताओं को हटाने की तुलना में नागरिकों और व्यवसायियों के खिलाफ हिंसा को कम करने पर अधिक ध्यान केंद्रित करने की बात कही. फिर भी राष्ट्रपति पेना नीटो ने कार्टेल से लडऩे के लिए संघीय पुलिस के साथ मिल कर काम करने लिए सेना पर भरोसा किया. उन्होंने कई हजार अधिकारियों का एक खास तरह का नया राष्ट्रीय पुलिस बल भी बनाया.

इस का प्रभाव दिखा और नीटो के राष्ट्रपति पद के पहले वर्षों में हत्याओं में कमी आई, लेकिन 2015 में फिर तेजी देखी गई. उन के कार्यकाल के अंत तक आधुनिक मैक्सिकन इतिहास में हत्याओं की संख्या शिखर पर जा पहुंची थी. विशेषज्ञ इस का श्रेय सरगना रणनीति, क्षेत्रीय झगड़ों और कार्टेल टूटने में आई लगातार गिरावट को देते हैं.

उस के बाद साल 2018 में एंड्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रेडोर ने राष्ट्रपति पद ग्रहण करने के कुछ समय बाद ही घोषणा की कि उन की सरकार कार्टेल नेताओं को पकडऩे के सैन्य प्रयासों से दूर हो जाएगी और इस के बजाय क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग में सुधार और हत्या की दरों को कम करने पर ध्यान केंद्रित करेगी. राष्ट्रपति मैनुअल को एएमएलओ के नाम से भी जाना जाता है.

वह चाहते हैं कि ‘हग्स नौट बुलेट्स’ दृष्टिकोण अपनाते हुए रोजगार के अवसर पैदा कर संगठित अपराधियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाए. इस के लिए साल 2018 से उन के प्रशासन ने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान शुरू किया है और कार्टेल की आमदनी को बाधा पहुंचाने की हरसंभव कोशिश की है. इस ने सभी अवैध दवाओं को अपराध से मुक्त करने और निम्नस्तरीय कार्टेल सदस्यों को माफी की पेशकश करने का भी प्रस्ताव दिया है.

हालांकि एएमएलओ ने अपनी रणनीति को एक नए दृष्टिकोण के रूप में तैयार किया है, जिस पर कुछ विशेषज्ञों ने नकारात्मक टिप्पणी की है. उन का कहना है कि सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक नए सैन्य नेतृत्व वाले राष्ट्रीय गार्ड को तैनात करने सहित उस के कार्य पहले जैसी ही रणनीति हैं, जो असफल होते रहे हैं. यह भी सच है कि हत्या की दर में कोई कमी नहीं आई है.

नागरिक स्वतंत्रता समूहों, पत्रकारों और विदेशी अधिकारियों ने वर्षों से कार्टेल के साथ मैक्सिकन सरकार के युद्ध की आलोचना की है, जिस में सेना, पुलिस और कार्टेल पर व्यापक मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है. उन का कहना है कि इस युद्ध में यातनाएं, न्यायिक अधिकार एवं मुकदमे से हट कर की गई हत्याएं और जबरन गायब होने जैसी वारदातें शामिल हैं.

मानवाधिकारों का हो रहा है उल्लंघन

साल 2006 के बाद से 79 हजार से अधिक लोग गायब हो गए हैं. वे मुख्यरूप से कार्टेल जैसे आपराधिक संगठनों के कारण गायब हुए हैं, लेकिन उन में सरकारी बल भी एक भूमिका निभाते हैं. लापता लोगों को खोजने और उन पर मुकदमा चलाने के लिए स्थानीय तलाशी के प्रयासों को कार्टेल से संबंधित हिंसा,
सरकारी अक्षमता और भ्रष्टाचार जैसी वजहों से बाधा पहुंचती है.

इस का एक बड़ा उदाहरण 2014 में दक्षिणी राज्य ग्युरेरो में तब देखने को मिला था, जब 43 छात्र प्रदर्शनकारियों का अपहरण कर लिया गया था और उन के मारे जाने की आशंका जताई गई थी. हालांकि बाद में केवल 3 छात्रों के अवशेषों की निश्चित रूप से पहचान की गई थी.

इस घटना के बाद बड़े पैमाने पर प्रदर्शनों का दौर चला था. प्रदर्शनकारियों ने अपहरण के बारे में जवाब मांगते हुए मैक्सिको के स्थानिक भ्रष्टाचार, हिंसा और अन्य अपराध पर अंकुश लगाने की मांग की थी. छात्रों के लापता होने की जांच में कथित तौर पर जो सबूत मिले, उस में पुलिस और सेना सहित अधिकारियों द्वारा अपराधों में कार्टेल सदस्यों के साथ साजिश रचने की बात आई.

छात्रों के परिवारों, मानवाधिकार समूहों और स्वतंत्र विशेषज्ञों द्वारा पिछली जांच के संचालन पर सवाल उठाने के बाद सरकार ने एक नई जांच शुरू की है. इसे ले कर अगस्त 2022 में एक न्यायाधीश ने पूर्व अटार्नी जनरल को आदेश दिया है कि मूल जांच की देखरेख के लिए जबरन गायब होने, यातना की रिपोर्ट करने में विफलता और कदाचार के आरोपों पर मुकदमा चलाया जाए.

सीमा हैदर : प्रेम दीवानी या पाकिस्तानी जासूस – भाग 3

सचिन के गांव में चर्चा का विषय बन गई थी खूबसूरत सीमा

अगले दिन से जब लोगों ने नेत्रपाल के घर में एक खूबसूरत महिला व 4 बच्चों को देखा तो गांव में खुसरफुसर होने लगी. मांग में सिंदूर और सिर पर साड़ी का पल्लू डाल कर रखने वाली सीमा बेहद खूबसूरत थी. लोगों ने जब नेत्रपाल व उस के परिवार वालों से घर में आई अंजान महिला के बारे में पूछा तो परिवार ने बताया कि ये उन की बहू सीमा है, जिस के साथ सचिन ने प्रेम विवाह किया है.

परिवार ने गांव वालों को बताया कि सीमा का अपने पति से तलाक हो चुका है, इसलिए वह अपने चारों बच्चों के साथ सचिन के साथ रहने आ गई है, लेकिन अचानक सामने आई इस प्रेम कहानी को ले कर गांव में रहस्यभरी बातें होने लगीं. सीमा और सचिन अपनी शादी को वैध करना चाहते थे. इसलिए उन्होंने नोएडा कोर्ट में मैरिज के लिए आवेदन किया तो पुलिस ने वैरीफिकेशन के लिए सचिन व सीमा के दस्तावेज पुलिस को सौंपे गए.

पुलिस ने गांव में जा कर जब सचिन व उस की पत्नी के बारे में पड़ताल शुरू की तो किसी ने बताया कि उसे शक है कि जिस लडक़ी से सचिन ने शादी की है वो मुसलिम है और शायद पाकिस्तानी भी. क्योंकि जिस शख्स ने पुलिस को ये जानकारी दी, उस ने सीमा को ईद के दिन घर में नमाज पढ़ते देख लिया था.

बस फिर क्या था, 4 जून को सीमा को रबूपुरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. नोएडा पुलिस के साथ इंटैलीजेंस के अधिकारियों ने भी सीमा से पूछताछ शुरू कर दी. सचिन मीणा के साथ रबूपुरा में अवैध रूप से रह रही पाकिस्तान की सीमा हैदर को पुलिस, स्वाट व सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आ कर कस्बा रबूपुरा के मोहल्ला अंबेडकरनगर में 13 मई, 2023 से सचिन के साथ अवैध रूप से रहने के आरोप में धारा 14 विदेशी अधिनियम, 120 बी, 34 भादंवि एवं 3/4/5 द पासपोर्ट (एंट्री इंटू इंडिया) एक्ट 1920 के तहत गिरफ्तार कर लिया.

लेकिन अगले दिन ही उन दोनों को जमानत मिल गई. पुलिस ने सचिन और उस के पिता नेत्रपाल उर्फ नित्तर को भी महिला को संरक्षण देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि नोएडा कोर्ट ने उन्हें अगले ही दिन जमानत दे दी थी, लेकिन उन की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले ने तूल पकड़
लिया.

सोशल मीडिया पर वायरल हो गई पाकिस्तानी बहू

जमाना सोशल मीडिया और अभिव्यक्ति की आजादी का है. वैसे भी हिंदुस्तान में पाकिस्तान से जुड़ी हर चीज को संदेह की नजर से देखा जाता है. एक दुश्मन देश की महिला अपना घरबार बेच कर एक साधारण से नौजवान से शादी करने के लिए अवैध रूप से कई देशों की सीमा लांघ कर देश में आ गई तो पूरे देश के लोगों में कौतूहल पैदा होना ही था.

एक तरफ जहां पाकिस्तान वाली भाभी कह कर दूरदूर से लोग सीमा को देखने के लिए सचिन के रबूपूरा स्थित घर पहुंचने लगे तो कुछ लोगों ने उसे पाकिस्तानी जासूस कह कर सवाल भी उठाने शुरू कर दिए.
जब बात शक और संदेह की होती है तो लोग सवाल भी पूछते हैं. लोग सीमा को विषकन्या कह कर कई तरह के सवाल पूछने लगे. सीमा अचानक भारत में अखबारों व टीवी की हैडलाइन बन गई. जाहिर है जिस मुल्क की रहने वाली थी, उस पाकिस्तान में भी उस की चर्चा शुरू होनी थी.

इधर भारत की जांच एजेंसियां सीमा के जासूस होने के शक में उस की छानबीन करने लगीं तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर भी सीमा को ले कर नित नए सवाल खड़े होने लगे. पुलिस ने सीमा हैदर के पास से पासपोर्ट के अलावा उस का मैरिज सर्टिफिकेट, 3 आधार कार्ड, गवर्नर औफ पाकिस्तान नैशनल डाटाबेस ऐंड रजिस्ट्रैशन अथारिटी (मिनिस्ट्री औफ इंटीरियर) की एक सूची भी बरामद की है. महिला के पास 5
वैक्सीनेशन कार्ड और काठमांडू से दिल्ली तक की यात्रा के बस टिकट भी बरामद किए गए.

सीमा और उस के बच्चों के पासपोर्ट पर नेपाल का वीजा भी मिला है. इतना ही नहीं, सीमा की पहली शादी के 2 वीडियो कैसेट भी मिले, वो अपनी शादी से जुड़े सभी दस्तावेज और सबूत ले कर भारत आई है. पबजी से शुरू हुई ये लव स्टोरी ग्रेटर नोएडा में आ कर खत्म हो गई है. पुलिस की सीमा पर शक की वजह भी थी. अकसर हनीट्रैप या ऐसे ही दूसरे मामलों में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी अपने जासूसों को भारत भेजती रही है. अब पुलिस इसी बात की जांच कर रही है कि सीमा सच में मोहब्बत की मारी है या फिर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी का कोई मोहरा.

फिलहाल उत्तर प्रदेश पुलिस की एटीएस व केंद्रीय जांच एजेंसियों को कोई भी सबूत नहीं मिला है, जिस से सीमा को पाकिस्तानी जासूस साबित किया जा सके, लेकिन उस के बयानों में इतने विरोधाभास हैं कि उस ने पुलिस को सीमा पर शक के लिए मजबूर कर दिया है.

सचिन की शुरुआती जांच के बाद ऐसा ही लगता है कि वो भी इश्क का ही शिकार है. सचिन का कोई पुराना क्रिमिनल रिकौर्ड नहीं मिला है, लेकिन बगैर वीजा और कानूनी यात्रा दस्तावेज के सीमा और उस के बच्चों के भारत आने और ये सब कुछ जानते हुए भी सचिन का उस को पनाह देना कानून की नजर में जुर्म है. जांच एजेंसियों का कहना है कि कानूनन सीमा को पाकिस्तान तो वापस जाना ही होगा.

बुझ गया आसमान का दीया – भाग 3

हरिदत्त शर्मा के यहां मोहल्ले वालों का तांता लगा था. सभी को दुख के साथसाथ गुस्सा भी आ रहा था. अगले दिन हरिदत्त शर्मा 15-20 लोगों के साथ आईपीएसआर के छतरपुर औफिस पहुंचे तो वहां उन लोगों में से कोई नहीं मिला, जिन से उन की बात होती थी. पहलवान जैसा एक आदमी मिला, जिस का नाम प्रमोद राणा था. उसी जैसे 6-7 लोग और उस के साथ थे. उस ने खुद को संस्थान का निदेशक बता कर मामले को रफादफा करने को कहा.

हरिदत्त ने बेटे को विदेश से वापस बुलाने को कहा तो प्रमोद राणा को लगा कि मामला सुलझने वाला नहीं है. उस ने अपने साथियों से हरिदत्त और उन के साथ आए लोगों को धक्के मार कर निकलवा दिया. बाद में पता चला वह हौस्टल का इंचार्ज था.

प्रमोद राणा के इस व्यवहार से क्षुब्ध हो कर हरिदत्त ने 100 नंबर पर फोन कर दिया. जो पुलिस वाले आए वे भी हरिदत्त पर समझौता के लिए दबाव बनाने लगे. उन का आरोप है कि प्रमोद राणा ने पुलिस वालों की जेब गरम कर दी थी, इसलिए वे उसी का पक्ष ले रहे थे.

हरिदत्त शर्मा थाना महरौली पहुंचे और आईपीएसआर के कर्मचारियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करानी चाही. तब थानाप्रभारी रमन लांबा ने सबइंसपेक्टर एस.पी. समारिया को जांच करा कर रिपोर्ट दर्ज करने को कहा.

बेटे को ले कर हरिदत्त शर्मा काफी परेशान थे. पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कर रही थी. ऐसी स्थिति में वह डीसीपी बी.एस. जायसवाल और उपराज्यपाल नजीब जंग से मिले. इस के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई. हरिदत्त को फोन कर के धमकी जरूर दी जाने लगी कि अगर वह समझौता नहीं करते तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.

हरिदत्त ने इस की भी शिकायत की. जब लोगों ने देखा कि पुलिस रिपोर्ट नहीं दर्ज कर रही है तो 20 मई, 2014 को बुराड़ी के लोग 2-3 बसों में भर कर दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी कार्यालय पहुंच गए और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग करते हुए वे धरने पर बैठ गए. उन के साथ आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा भी थे. जिस शैलेंद्र शर्मा ने हरिदत्त शर्मा को फोन पर धमकी दी थी, उसी ने फोन कर के कहा कि धरना मत दो, प्रदीप की लाश भारत आ रही है.

हरिदत्त शर्मा ने उस की बात नहीं मानी और हाथों में तरहतरह के नारों की तख्तियां लिए वे धरने पर बैठे रहे. भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी, इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों ने आ कर उन्हें समझाने की कोशिश की. लेकिन वे लोग तभी माने जब थाना महरौली पुलिस ने आईपीएसआर मेरिटाइम के कर्मचारियों के खिलाफ भादंवि की धारा 370 (मानव तस्करी) के तहत मुकदमा दर्ज किया.

पुलिस ने इंस्टीट्यूट पर दबाव बनाया. इस के बावजूद लाश नहीं आई. तब 29 मई को सैकड़ों लोग भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय के बाहर पहुंच कर नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रदीप की लाश भारत लाने और अभियुक्तों के खिलाफ काररवाई की मांग करने लगे. वहां से वे विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के कार्यालय गए. वह वहां नहीं थीं, तब उन के पीए मनीष गुप्ता से हरिदत्त ने अपनी व्यथा सुनाई और उचित काररवाई करने की गुहार लगाई. मनीष गुप्ता ने इमिग्रेशन जांच कराने का भरोसा उन्हें दिया.

हरिदत्त शर्मा सैकड़ों लोगों के साथ जंतरमंतर पर धरना देने जा रहे थे, तभी उन्हें भारतीय विदेश मंत्रालय से फोन द्वारा सूचना दी गई कि प्रदीप शर्मा की लाश तेहरान से फ्लाइट नंबर ईके-0972 द्वारा दुबई और वहां से फ्लाइट नंबर ईके-0514 से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आएगी. यह फ्लाइट रात तकरीबन 8 बज कर 20 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी.

सभी लोग हवाईअड्डे पहुंच गए. महरौली के थानाप्रभारी भी भारी पुलिस बल के साथ वहां मौजूद थे. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जैसे ही प्रदीप शर्मा की लाश का ताबूत पहुंचा, वहां मौजूद दिल्ली पुलिस ने उस ताबूत को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए एम्स ले गई.

चूंकि मामला बहुचर्चित हो चुका था, इसलिए पोस्टमार्टम के लिए 3 डाक्टरों डा. असित कुमार सिकरी, चितरंजन बेहेरा और डा. रजनीकांत स्विम का पैनल बनाया गया.

जब प्रदीप शर्मा की लाश ताबूत से निकाली गई तो उस के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था. वो भी एकदम नया था. उस की जींस सिर के नीचे रखी थी. हरिदत्त शर्मा ने लाश की शिनाख्त अपने बेटे प्रदीप शर्मा के रूप में कर दी.

पोस्टमार्टम से पहले लाश का निरीक्षण किया तो उस के कंधे और बाएं हाथ पर एकएक घाव पाए गए. सिर, घुटनों और जांघों पर भी चोट के निशान थे. होंठ सूजे थे और दांत टूटे थे. पेट पर खून का थक्का जमा था. कागजों से पता चला कि उस का पोस्टमार्टम ईरान के किसी अस्पताल में हुआ था, जिस के अनुसार उस के फेफड़ों पर कैविटी थी. उसी की वजह से उस की मौत हुई थी.

एम्स के डाक्टरों ने प्रदीप की लाश खोली तो उस की शर्ट उस के पेट से मिली. पोस्टमार्टम के बाद लाश हरिदत्त शर्मा को सौंप दी गई.

पुलिस अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं कर रही थी इसलिए हरिदत्त और उन के शुभचिंतकों ने पुलिस मुख्यालय के सामने लाश रख कर पुलिस के ढीलेपन पर नाराजगी जताई. उन का कहना था कि प्रदीप की मौत टीबी से नहीं, बल्कि शिप में बुरी तरह पिटाई से हुई है. उस के शरीर पर घाव भी उसी मारपीट के हैं. इसलिए इस मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए. पुलिस अधिकारियों के समझाने पर उसी दिन निगमबोध घाट पर प्रदीप शर्मा का अंतिम संस्कार कर दिया गया.

इस मामले में हम ने आईपीएसआर मेरिटाइम के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की लेकिन उन से संपर्क नहीं हो सका.

मूलरूप से उत्तरांचल के अल्मोड़ा जिले के सल्ट ब्लौक के अंतर्गत रिठा गांव के रहने वाले हरिदत्त शर्मा 1992 में दिल्ली आए थे. तब उन्होंने सोचा भी नहीं होगा कि उन्हें जीवन में इतने दुखद दिन देखने होंगे. जिस एकलौते बेटे का कैरियर बनाने के लिए उन्होंने अपना आशियाना तक बेच दिया, उस की यह गति होगी.

—कथा हरिदत्त शर्मा और उन के परिजनों से की गई बातचीत पर आधारित

तुझे राम कहें या राक्षस

दोस्त की इज्जत से खिलवाड़ – भाग 2

उसी दौरान उस की मुलाकात उमेश कुमार से हुई, जो दिल्ली के आजादपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में चपरासी था. उमेश कुमार उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा की तहसील छाता के दलोटा गांव के रहने वाले चंद्रपाल का बेटा था. करीब 2 साल पहले उमेश ने इंटर किया, तभी उस के पिता की मौत हो गई.

पिता की मौत के बाद घर की सारी जिम्मेदारी उमेश पर आ गई. उस के पिता ने बैंक से एक लाख रुपए का लोन ले रखा था. उन्होंने उस की कुछ किस्तें ही दी थीं. आगे की किस्तें जमा न होने से लोन की राशि बढ़ कर एक लाख रुपए से ज्यादा हो गई थी.

आरसी कट जाने से संग्रह अमीन उस के यहां बारबार वसूली का तकादा करने आने लगा, जिस से उस के परिवार की गांव में बेइज्जती होने लगी. उमेश बहुत परेशान था. उस के पास इतने पैसे नहीं थे कि वह लोन अदा कर देता. पैसे न होने की वजह से वह बीए में दाखिला भी नहीं ले सका था. उस के गांव के कई लडक़े दिल्ली में नौकरी करते थे.

नौकरी की लालसा में वह भी उन के साथ करीब डेढ़ साल पहले दिल्ली चला आया. दिल्ली में किसी के माध्यम से उसे आजादपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में अस्थाई तौर पर चपरासी की नौकरी मिल गई. वहां से उसे जो तनख्वाह मिलती थी, उसी में से कुछ बचा कर वह गांव में अपनी मां के पास भेज देता था.

तपन कुमार को जब उमेश ने अपने घर के हालात के बारे में बताया तो उसे उमेश से सहानुभूति हो गई. उमेश को अपने साथ काम के लिए एक आदमी की जरूरत थी. उस ने उस के सामने अपने साथ काम करने का प्रस्ताव रखा तो वह तैयार हो गया. तब तपन ने उसे साढ़े 6 हजार रुपए महीने की तनख्वाह पर अपने साथ लगा लिया.

तपन शकूरपुर गांव में किराए का कमरा ले कर रहता था. उमेश को भी उस ने अपने कमरे पर रख लिया. इस से उमेश का मकान का किराया और खानेपीने का खर्च बच रहा था, जिस से वह ज्यादा से ज्यादा पैसे मां के पास भेज देता था. तपन धीरेधीरे उमेश को भी बिजली फिटिंग का काम सिखा रहा था.

एक दिन उमेश ने बातोंबातों में तपन से अपने बैंक के लोन के बारे में बता कर कहा कि अमीन हर हफ्ते उस के घर तकादा करने आता है, तरहतरह की धमकियां देता है. तपन को उस पर दया आ गई उस ने बैंक का लोन अदा करने के लिए उसे एक लाख 20 हजार रुपए दे दिए.

उमेश ने पैसे जमा कर के लोन से छुटकारा पा लिया. तपन द्वारा यह बहुत बड़ी मदद थी. इस के बाद उमेश और उस के घर वालों की नजरों में तपन की इज्जत बहुत बढ़ गई. इस के बाद वह उमेश के साथ जब कभी उस के घर जाता, उस का बड़ा आदरसत्कार होता.

मथुरा में गोवद्र्धन परिक्रमा के रास्ते में एक जगह है राधा कुंड. यहीं की रहने वाली इंदिरा से उमेश कुमार की शादी तय हो गई और जून, 2015 में उन का विवाह भी हो गया. उमेश की शादी में भी तपन ने उमेश को 50 हजार रुपए दिए थे. जिस की वजह से तपन की उस शादी में एक वीआईपी की तरह आवभगत हुई. यहां तक तो सब ठीकठाक चलता रहा. शादी के 2 महीने बाद उमेश जब पत्नी को दिल्ली ले आया तो इस के बाद तपन और उमेश के संबंधों में ऐसी दरार पैदा हुई कि दोनों में से किसी ने कल्पना नहीं की होगी.

दरअसल, उमेश ने एक बड़ी गलती यह कर दी कि अपनी नवविवाहिता को दिल्ली लाने के बाद अलग कमरा किराए पर नहीं लिया. तपन के कहने पर वह उसी के कमरे में पत्नी के साथ रहने लगा. यानी तीनों एक ही कमरे में रहते थे. इस से तपन को सहूलियत यह हो गई थी कि उसे दोनों टाइम का खाना बनाबनाया मिल जाता था.

तपन के पास पैसों की कमी तो थी नहीं, वह उमेश की पत्नी इंदिरा के लिए खानेपीने की चीजें तो लाता ही था, उस के लिए अच्छेअच्छे कपड़े भी ला कर देता था, इस से इंदिरा तपन से बहुत खुश रहती थी. तपन का दिल्ली और नोएडा में कई जगहों पर काम चल रहा था.

वह उमेश को पहले तो काम पर अपने साथ ही रखता था, लेकिन अब वह उसे दूसरी जगहों पर काम के लिए भेजने लगा था. उमेश नहीं समझ पा रहा था कि तपन ऐसा क्यों कर रहा है? लेकिन उसे तपन की नौकरी करनी थी, इसलिए तपन उसे जहां भेजता था, वह वहां चला जाता था. इस की वजह यह थी कि पैसे और अपनी बातों के बूते पर उस ने उमेश की नवविवाहिता इंदिरा को अपने प्रेमजाल में फांस लिया था.

इस का पता उमेश को तब चला, जब एक दिन वह शाम 6 बजे के करीब कमरे पर लौटा. उस समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. उस ने सोचा कि तपन के काम पर जाने के बाद इंदिरा सो रही होगी. उस ने दरवाजा खटखटाया. थोड़ी देर तक अंदर से न तो कोई आवाज आई और न ही दरवाजा खुला. उस ने पत्नी को आवाज देते हुए दोबारा दरवाजा खटखटाया.

इस बार भी दरवाजा नहीं खुला तो उस ने खिडक़ी से झांकने की कोशिश की. खिडक़ी पर जाली लगी थी, इसलिए जाली पर आंख लगा कर कमरे में झांका. अंदर का नजारा देख कर वह चौंक गया. इंदिरा और तपन जल्दीजल्दी कपड़े पहन रहे थे. बंद कमरे में उन्हें उस हालत में देख कर उसे मामला समझते देर नहीं लगी. उसे गुस्सा आ रहा था. वह तपन को एक भला आदमी समझता था और बड़े भाई की तरह उस की इज्जत करता था. उस ने कभी सोचा भी नहीं था कि तपन इतना घटिया काम भी कर सकता है.

दरवाजा खुला तो सामने पति को देख कर इंदिरा के होश उड़ गए. उमेश ने पत्नी से कुछ कहने के बजाय तपन से कहा, “भाईसाहब, मुझे आप से ऐसी उम्मीद नहीं थी…”

“जो होना था, सो हो गया, अब बात को आगे बढ़ाने से कोई फायदा नहीं है, इस में बदनामी तुम्हारी ही होगी.” तपन ने बात खत्म करने की गरज से कहा.

“इतनी बड़ी गलती कर के आप मुझे चुप रहने को कह रहे हैं.” उमेश नाराज हो कर बोला.

“चुप रहने में ही तुम्हारी भलाई है, वरना जान से भी हाथ धो सकते हो.” तपन ने धमकी दी तो उमेश चुप हो गया.

तपन ने उमेश की जो आर्थिक मदद की थी, वह उसी के एहसान से दबा हुआ था. वह उस की हैसियत को जानता था, इसलिए उस समय तो उस ने मुंह बंद कर लिया, लेकिन मन ही मन खुंदक रखने लगा. उस ने तय कर लिया कि वह उसे इस का सबक जरूर सिखाएगा.

उस ने तपन से बदला लेने की ठान ली थी. एक बार तो उस के मन में आया कि वह रात में सोते समय तपन की हत्या कर दे. लेकिन दिल्ली में ऐसा करने पर वह फंस सकता था, इसलिए वह ऐसी योजना बनाने लगा, जिस में सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे. इसी वजह से वह अपनी इस योजना में किसी को शामिल नहीं करना चाहता था.