आखिरी गुनाह करने की ख्वाहिश

आखिरी गुनाह करने की ख्वाहिश – भाग 4

2 दिनों तक दोनों आपस में खिंचे खिंचे रहे. तीसरे दिन चुनन शाह ने कहा, ‘‘भावल, मैं मानता हूं कि मैं ने गलती की है. लेकिन वादा करता हूं कि अब आगे कभी इस तरह का घटिया काम नहीं करूंगा.’’

चुनन शाह की इस बात से भावल खान खुश हो गया. सुगरा छिपछिप कर दोनों की बातें सुनती रहती थी. उस ने भावल से कई बार कहा था कि चुनन शाह से पीछा छुड़ा ले. वह कहती थी कि चुनन शाह अच्छा आदमी नही है. तब वह जवाब में कहता, ‘‘सुगरा, मैं भी अच्छा आदमी नहीं हूं.’’

एक दिन अचानक चुनन शाह ने भावल खान से कहा, ‘‘भावल, इस बार तुम्हारी पसंद का काम मिला है. लेकिन काम थोड़ा जटिल है.’’

भावल खान को ऐसे ही काम करने में मजा आता था. वह तैयार हो गया. चुनन शाह ने अपने किसी पुराने साथी के साथ डकैती की योजना बनाई थी. बहुत बड़ी रकम हाथ लगने वाली थी. लेकिन काम सचमुच जटिल था.

उन्हें करेंसी से भरी वैन को लूटना था. उस वैन का ड्राइवर उन की पहचान का था, जो उन की मदद कर रहा था. योजना के अनुसार, वैन से नोटों के बैग उतार कर एक कार से फरार होना था. चुनन शाह ने कार की भी व्यवस्था कर ली थी. भावल खान सुगरा से 2 दिन बाद लौटने की बात कह कर चुनन शाह के साथ चला गया.

अगले दिन सुबह योजना को अंजाम देना था. लेकिन रात को जिस होटल में वे ठहरे थे, वहां पुलिस ने छापा मार कर उन्हें पकड़ लिया. थाने पहुंचने पर पता चला कि उन का तीसरा साथी, जो पहले से ही किसी मामले में वांछित था, उसे दोपहर में ही आते समय पुलिस ने रास्ते से पकड़ लिया था. उसी ने अगले दिन वैन लूटने के बारे में बता कर बाकी लोगों को गिरफ्तार करवा दिया था.

पकड़े जाने के बाद भावल खान को अपने मरहूम बाप की वह बात याद आ गई कि चोर हमेशा अकेला ही कामयाब होता है. लेकिन इस बार भावल खान शहरी लोगों के चक्कर में फंस गया था. उस ने कहा था कि वह इन लोगों को जानता ही नहीं. पुलिस ने जिस आदमी को गिरफ्तार किया था, वह उसे आज ही मिला था.

पुलिस वाले 7 दिनों का रिमांड ले कर भावल खान की धुनाई करते रहे, लेकिन उस से कुछ नहीं उगलवा सके. हार कर उन्होंने उस पर आवारागर्दी का मुकदमा कायम कर जेल भेज दिया. वहां उस की कोई जमानत लेने वाला नहीं था. उसे सुगरा की चिंता थी, लेकिन वह मन को तसल्ली देता कि चुनन शाह तो है ही.

6 महीने बाद भावल खान जेल से बाहर आया. जेल में उस से मिलने न चुनन शाह आया था, न सुगरा. इसलिए उसे चिंता हो रही थी कि कहीं कोई गड़बड़ तो नहीं हो गई. इसलिए जेल से बाहर आते ही वह सीधे उस मकान पर जा पहुंचा, जहां वह रहता था. वहां दोनों नहीं थे. पड़ोसियों से पूछने पर पता चला कि चुनन शाह पंजाब जाने की बात कर रहा था.

भावल खान पंजाब जा पहुंचा. बुआ के घर गया तो पता चला कि सुगरा वहां भी नहीं आई थी. भावल का दिल धक से रह गया. वह समझ गया कि चुनन शाह अपना काम कर गया.

बुआ से पैसे ले कर भावल खान चल पड़ा. शकल सूरत काफी हद तक बदल गई थी, इसलिए वह आसानी से पहचाना नहीं जा सकता था. वह सुगरा और चुनन शाह को गली गली ढूंढ़ता रहा, लेकिन दोनों में से कोई नहीं मिला. इस तरह उसे 5 साल बीत गए.

एक दिन वह शहर के रेडलाइट एरिया से गुजर रहा था तो एक दलाल उस से टकरा गया. उस के लिए यह दुनिया नई नहीं थी. दलाल उसे उस कोठे पर ले गया, जहां उस के जीवन की सब से दर्दनाक स्थिति उस का इंतजार कर रही थी.

भावल खान के सामने बहुत सारी लड़कियां खड़ी थीं, उन में एक सुगरा भी थी. वह हड्डियों का ढांचा बन चुकी थी. उसे देख कर भावल की आंखें फटी की फटी रह गईं. भावल उस की ओर लपका तो वह पागलों की तरह भागी. उस ने लपक कर उस का बाजू पकड़ लिया. उस के मुंह से मुश्किल से निकला, ‘‘सुगरा, तुम यहां?’’

‘‘भावल, खुदा के लिए मेरा नाम मत लो. मुझे छुओ भी मत. सुगरा मर चुकी है.’’

पता नहीं सुगरा क्याक्या बकती रही. भावल उस के साथ एक कमरे में बैठा था. दलाल अपना काम कर के चला गया था. सुगरा ने रोरो कर उसे बताया कि चुनन शाह ने आ कर उस से कहा था कि वह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. अब पुलिस यहां छापा मारने वाली है.

इस के बाद चुनन शाह घर पहुंचाने के बहाने सुगरा को कार से इस अड्डे पर पहुंचा गया था. यहां आने पर उसे पता चला कि वह औरतों का पुराना दलाल था और मुद्दत से औरतों का अपहरण कर के बेचने का धंधा कर रहा था.

सुगरा की कहानी उन बदनसीब लड़कियों से मिलती जुलती थी, जो ऐसे अड्डों तक पहुंचा दी जाती थीं. उस ने भावल को यह भी बताया था कि उस ने 3 बार आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन यहां के लोगों ने उसे मरने भी नहीं दिया था.

भावल ने जब सुगरा से साथ चलने को कहा तो वह बोली, ‘‘भावल, यहां बहादुरी से काम नहीं चल सकता. ये बड़े असरदार लोग हैं. तुम कल दोपहर को गली के अगले वाले चौराहे पर जो डाक्टर है, उस के यहां मिलना. मैं वहां दवा लेने के बहाने जाती हूं. वहां से हम निकल चलेंगे.’’

मजबूर हो कर भावल खान वापस आ गया. रात उस ने करवटों में काटी. योजना के मुताबिक वह डाक्टर के यहां पहुंच गया. लेकिन सुगरा नहीं आई. शाम तक वह उस का इंतजार करता रहा. रात में वह उस के अड्डे पर पहुंचा तो पता चला कि उस ने रात को ही नींद की गोलियां खा कर आत्महत्या कर ली थी. उसे एक लावारिस के रूप में दफना दिया गया था.

इस खबर ने भावल खान को बेचैन कर दिया था. उस की समझ में आ गया था कि उस हालत में सुगरा उस के साथ जाना नहीं चाहती थी. इस के बाद भावल के जीवन का एक ही मकसद रह गया था कि कैसे भी हो, वह उन लोगों को चुनचुन कर मार दे, जिन्होंने उस की सुगरा को और उसे जीतेजी मार डाला था. इस के बाद वह अपने मकसद को पूरा करने के लिए निकल पड़ा.

एक हफ्ते के अंदर भावल ने 10 लोगों को मार दिया था. ये सब वे लोग थे, जिन का सुगरा की बरबादी में किसी न किसी रूप में हाथ था. चुनन शाह न जाने कहां गायब हो गया था. भावल उसे ढूंढ़ता रहा. पुलिस उस के पीछे हाथ धो कर पड़ी थी.

अचानक भावल खान ने रूप बदल कर अपराधों से तौबा कर के दुकान खोल ली. अब वह एक आखिरी गुनाह करने के लिए खुदा से दुआ मांग रहा था कि किसी तरह चुनन शाह मिल जाए और वह उस दुष्ट से इस दुनिया को छुटकारा दिला दे.

भावल ने जो पाप किए थे, उन की माफी मांगने और मन की शांति के लिए कभीकभी वह धर्मगुरुओं के यहां भी चला जाता था. यही उस के लिए फायदेमंद साबित हुआ. एक दिन उसे एक धर्मगुरू के गांव में आने के बारे में पता चला तो वह उन से मिलने पहुंच गया. वहीं भावल को मंजिल मिल गई. उसी पीर के चेलों में चुनन शाह भी था. वह अपना रूप बदले हुए था.

लोग उसे बाबा चुनन शाह के नाम से पुकार रहे थे. भावल समझ गया कि उस ने यह रूप भी अपने धंधे को आगे बढ़ाने के लिए बना रखा है. भावल ने पीछा कर के उस के ठिकाने का पता लगा लिया. फिर एक दिन उस ने उस के साथियों के सामने ही उसे कुत्ते की मौत मार दिया.

भावल ने उस की हत्या कुल्हाड़ी से काट कर की थी. उसे काटते हुए वह चिल्ला चिल्ला कर कह भी रहा था, ‘‘सुगरा का बदला ले रहा हूं. मैं बहराम खान का बेटा भावल खान हूं, जिस ने भी मेरी इज्जत से खेला है, उसे जिंदा रहने का कोई अधिकार नहीं है.’’

भावल खान को रोकने की कोई हिम्मत नहीं कर सका था. वहां से वह सीधे अपने गांव गया. पिता की कब्र पर हाजिरी दी. कानूनी दस्तावेज तैयार करा कर अपनी सारी जमीन बुआ के बेटों को दे दी.

इस के बाद वहां पहुंचा, जहां नियाज अली के रूप में रह रहा था. वहीं से उसे पुलिस ने पकड़ लिया. उस का कहना था कि अगर वह चाहता तो पुलिस उसे कभी न पकड़ पाती. लेकिन अब उस की जिंदगी का कोई मकसद नहीं रह गया था, क्योंकि उस की आखिरी गुनाह करने की जो ख्वाहिश थी, वह पूरी हो गई थी.

आखिरी गुनाह करने की ख्वाहिश – भाग 3

2 हथियारबंद लोगों ने बहराम खान का पीछा किया और वहां से लगभग एक फरलांग की दूरी पर उसे घेर लिया. निहत्था और घायल होने के बावजूद बहराम ने कायर की मौत मरने के बजाय एक पर छलांग लगा दी. उस की गरदन उस के कब्जे में आ गई. बहराम कुछ कर पाता, उस के पहले ही उस के साथी ने बहराम के सिर में एक के बाद एक कर के 6 गोलियां उतार कर अपने साथी को बचा लिया.

इस हमले में भावल खान के पिता तथा उम्मीदवार के साथ 2 अन्य लोग मारे गए. बाकी लोग गंभीर रूप से घायल हुए. विरोधी उम्मीदवार पुलिस की मिलीभगत से पहले ही जेल जा चुका था, इसलिए उस का इस मामले में बाल भी बांका नहीं हो सका.

भावल खान ने अपने पिता को दफनाते समय कसम खाई थी कि वह बाप की मौत का बदला जरूर लेगा. इस के लिए उसे कितनी ही कीमत क्यों न चुकानी पड़े.

बहराम खान ने उसे सिखाया था कि चोर हमेशा अकेला ही कामयाब होता है. लेकिन उस ने बाप का यह नियम चुनन शाह पर विश्वास कर के तोड़ दिया था.

चुनन शाह से भावल खान की दोस्ती हो गई थी. था तो वह भी अपराधी, लेकिन वह दूसरे तरह के अपराध करता था. वह औरतों को बहला फुसला कर ले जाता और कोठों पर बेच देता था. लेकिन उस ने भावल खान को कभी इस की भनक नहीं लगने दी थी. उस ने उस से बताया था कि वह तसकरी करता है.

जिस आदमी ने बहराम खान को मारा था, उसे पता था कि इस इलाके में भावल खान के अलावा कोई दूसरा उस का कुछ नहीं बिगाड़ सकता. शायद इसीलिए उस ने भावल से दोस्ती करने के लिए खूब कोशिश की. लेकिन भावल को तो उस से बदला लेना था. वह दोस्ती कर के उस से बदला नहीं ले सकता था. क्योंकि किसी के साथ धोखेबाजी करना उसे पसंद नहीं था.

चुनन शाह बहुत ही कमीना आदमी था. समय के साथ वह अपने रूप बदलता रहता था. भावल खान के साथ वह इसलिए लगा रहता था, क्योंकि उसे उस के विरोधियों से भावल के अलावा और कोई नहीं बचा सकता था. भावल भी उसे इसलिए साथ रखता था, क्योंकि उस ने उसे नएनए हथियार दिलाए थे. फिर दूसरे इलाकों में भी चुनन शाह की अच्छी जानपहचान थी, इसलिए जरूरत पड़ने पर वह छिपने की व्यवस्था करा सकता था.

आखिर वह मौका आ गया, जिस का भावल खान को बेचैनी से इंतजार था. मध्यावधि चुनाव की घोषणा हो गई. चुनाव प्रचार भी शुरू हो गया. विरोधी उम्मीदवार एक गांव से चुनाव सभा कर के लौट रहा था तो रात हो गई. भावल चुनन शाह के साथ रास्ते में घात लगा कर बैठा था. जैसे ही उस उम्मीदवार की जीप उन के सामने आई, उन्होंने गोलियों की बौछार कर दी, साथ ही हथगोले भी फेंके.

किराए के लोग ऐसे मौकों पर मरना नहीं चाहते. उस विरोधी उम्मीदवार के साथी भी अपनी जान बचाने के लिए गाडि़यों से कूदकूद कर भागे. उम्मीदवार और उस के 2 साथी मारे गए. उन की मौत की पुष्टि हो गई तो भावल चुनन शाह के साथ भाग निकला. भागने की तैयारी उन्होंने पहले से ही कर रखी थी.

अगले दिन भावल चुनन शाह के साथ एक सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया. वहां चुनन शाह की जानपहचान काम आई. उस ने वहां रहने के लिए एक कमरा किराए पर ले लिया. चुनन शाह के साथ भावल वहां 3 महीने तक रहा. एक दिन चुनन शाह को बिना बताए ही भावल अपनी बुआ के यहां चला गया. उस के पिता ने बचपन में ही उस की शादी बुआ की बेटी से तय कर दी थी. बुआ उसे देख कर हैरान रह गई.

‘‘बुआजी, आप को घबराने की जरूरत नहीं है.’’ भावल खान ने कहा, ‘‘मैं पिताजी की बात का मान रखने आया हूं, क्योंकि वह चाहते थे कि मेरी शादी सुगरा से हो. मेरे बारे में आप को सब पता ही है. अगर तुम मना भी कर दोगी तो मुझे कोई ऐतराज नहीं होगा. फिर भी मैं चाहता हूं कि पिताजी की आत्मा को दुख न हो.’’

‘‘तू मेरे भाई की निशानी है,’’ बुआ ने भावल के गालों को चूमते हुए कहा, ‘‘तू अच्छा हो या बुरा, बेटियों का भाग्य ईश्वर लिखता है. सुगरा तेरी अमानत है, तू इसे ले जा.’’

तीसरे दिन एक साधारण से समारोह में सुगरा और भावल खान की शादी हो गई. चुनन शाह ने हर काम में एक सगे भाई की तरह बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया. चुनन शाह की सलाह पर भावल सुगरा को ले कर कराची आ गया.

कराची की भीड़भाड़ में भावल खान समा गया. उस ने अपना नाम नियाज अली रख लिया. इसी नाम से उस ने अपना पहचान पत्र भी बनवा लिया और 3 कमरों का बड़ा सा मकान ले लिया था. आगे वाले कमरे में चुनन शाह रहता था, बाकी के पीछे के 2 कमरों में नियाज अली सुगरा के साथ रहता था. यहां उन की जिंदगी आराम से कट रही थी.

समय के साथ बड़ेबड़े खजाने खाली हो जाते हैं. यही भावल खान के साथ भी हुआ. कुछ दिनों में उस की जमापूंजी खत्म हो गई. इस बीच सुगरा उस से कहती रही कि वह पुरानी जिंदगी भूल कर कोई छोटामोटा काम कर ले. लेकिन उसे जो चस्का लग चुका था, वह जल्दी छूटने वाला नहीं था. उस ने कभी भी मामूली चोरी तक नहीं की थी.

चुनन शाह बहुत ही कमीना आदमी था. उस ने देखा कि भावल खान परेशान है तो एक दिन बोला, ‘‘भाईसाहब, इस तरह कब तक काम चलेगा. कहीं न कहीं हाथ मारना ही पड़ेगा.’’

‘‘मैं तैयार हूं. लेकिन शहर वाले काम मैं ने कभी किए नहीं, हम ने तो मर्दों वाले काम किए हैं.’’ भावल खान ने कहा.

‘‘ठीक है, मैं ही बाहर निकलता हूं. शायद कोई पुरानी जानपहचान काम आ जाए.’’ चुनन शाह ने कहा.

‘‘जैसी तुम्हारी इच्छा. मैं तुम्हारे साथ हूं.’’ भावल खान ने कहा.

चुनन शाह चला गया. 3 दिनों बाद वह लौटा तो अकेला नहीं था. उस के साथ एक जवान लड़की थी. भावल खान ने हैरानी से पूछा, ‘‘यह कौन है?’’

चुनन शाह ने आंख से गंदा सा इशारा किया. भावल को गुस्सा आ गया. उस का हाथ उठता, उस के पहले ही चुनन शाह बोल पड़ा, ‘‘भावल यह तुम्हारा गांव नहीं, कराची शहर है. तुम जानते हो, हम दोनों फरार हत्यारे हैं. दिमाग को ठंडा रखो और हां, अगर होशियारी दिखाई तो हम दोनों मारे जाएंगे.’’

भावल खान ने खुद को कभी इतना बेबस और मजबूर नहीं महसूस किया था. शायद सुगरा से शादी कर के वह डरपोक हो गया था. उस ने चुनन शाह की इस बात का कोई जवाब नहीं दिया. अगले दिन चुनन शाह उस लड़की को ले कर गया तो शाम तक वापस आया. भावल ने अंदाजा लगाया कि उस ने उसे ठिकाने लगा दिया है.

आखिरी गुनाह करने की ख्वाहिश – भाग 2

भावल का बाप उसूलों वाला डाकू था. एक दिन उस ने कहा, ‘‘बेटा, इधर के लोग तो हमें पहचानते हैं, इसलिए हम अपना काम सरहद पार करेंगे.’’

बहराम खान जानवरों की चोरी का उस्ताद माना जाता था. उस ने कभी मामूली जानवर पर हाथ नहीं डाला था. उस ने कभी भी सैकड़ों रुपए से कम की घोड़ी नहीं खोली थी. मजे की बात यह थी कि खोजी उस का खुरा तक नहीं उठा पाते थे. इस की वजह यह थी कि वह खुरा छोड़ता ही नहीं था.

भावल बाप के साथ मिल कर सरहद पार चोरियां करता था. जल्दी ही बाप बेटे का नाम दोनों ओर गूंजने लगा. उन दिनों गाय भैसों की चोरी आम बात थी. पुलिस वालों ने कई बार बहराम खान को गिरफ्तार किया था, लेकिन पुलिस कभी कोई चोरी उस से कुबूल नहीं करवा पाई थी.

भावल खान उस समय 15 साल का था, जब पहली बार पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था. पुलिस उसे ले कर जाने लगी तो बहराम ने कहा, ‘‘बेटा, तू पहली बार पुलिस के चक्कर में फंसा है. मर्द बन कर हालात का मुकाबला करना. पुलिस को भी पता चल जाए कि तू बहराम खान का बेटा है.’’

भावल ने कहा था, ‘‘बाबा, तेरा यह बेटा जीतेजी ताना देने लायक कोई काम नहीं करेगा.’’

भावल 15 दिनों तक रिमांड पर रहा. थाने में घुसते ही पुलिस वाले उस पर पिल पड़े थे. लेकिन जल्दी ही उन की समझ में आ गया था कि उन का वास्ता किसी ऐरेगैरे से नहीं, बल्कि बहराम के बेटे भावल से पड़ा है.

15 दिनों तक पुलिस भावल को सूली पर लटकाए रही. कोई भी ऐसा अत्याचार बाकी नहीं रहा, जो पुलिस ने उस के ऊपर नहीं किया. रिमांड खत्म होने वाले दिन थानेदार ने उस की पीठ थपथपा कर कहा था, ‘‘तू ने साबित कर दिया कि तू बहराम का बेटा है.’’

पुलिस वालों ने मजिस्ट्रेट से और रिमांड की मांग की तो मजिस्ट्रेट ने भावल की ओर ध्यान से देखते हुए कहा, ‘‘15 साल के इस बच्चे से तुम लोग 15 दिनों में कुछ नहीं उगलवा सके तो अब 15 साल में भी कुछ नहीं उगलवा सकते.’’

मजिस्ट्रेट ने रिमांड देने से मना कर दिया था और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. जेल में उस का इस तरह स्वागत हुआ, जैसे वह कोई बड़ा नेता हो. उस जेल के तमाम कैदी उस के पिता को अच्छी तरह जानते थे.

अगले दिन भावल को जमानत मिल गई थी, क्योंकि पुलिस उस से कुछ भी बरामद नहीं कर सकी थी. वह जेल से बाहर आया तो बहराम ने उसे गले लगा कर कहा था, ‘‘बेटा, तू ने मेरा सिर गर्व से ऊंचा कर दिया. पूरी बिरादरी को तुझ पर नाज है.’’

बाप के नाम के साथ भावल के नाम की भी चर्चा होने लगी थी. जहां बापबेटे रहते थे, वहां का बच्चाबच्चा उन्हें जान गया था. भावल की मां बचपन में ही मर गई थी. बाप ही उस का सब कुछ था.

बहराम ने गांव में अच्छीखासी जमीन कब्जा रखी थी. लेकिन ढंग से खेती न होने की वजह से खास पैदावार नहीं होती थी. जबकि आमदनी का स्रोत वही मानी जाती थी. गांव में ऐसा कोई नहीं था, जिस की मदद बहराम खान ने न की हो. गांव की हर लड़की की शादी में वह दिल खोल कर मदद करता था.

उम्र ढलने के साथ बहराम खान की सत्ता का सूरज चढ़ने लगा था. भावल अब तक 30-32 साल का गबरू जवान हो गया था. उस इलाके के नेता और सरकारी अधिकारी बापबेटे की मुट्ठी में थे. चुनाव के दौरान उन के घर के सामने लंबीलंबी कारें और जीपें आ कर खड़ी होती थीं. क्योंकि आसपास के लोग उसी को वोट देते थे, जिसे बहराम कहता था. इस की वजह यह थी कि वह सब की मदद करता था.

चुनाव की घोषणा हुई तो इलाके के एक नेता ने बहराम खान से संपर्क कर के कहा कि वह उन के लिए काम करे. चुनाव में दौड़धूप के लिए वह मोटी रकम भी दे गया था. अंधे को क्या चाहिए, 2 आंखें. बापबेटों को यह काम आसान लगा. उन के लिए एक जीप भी भिजवा दी गई थी.

भावल खान जीप पर सवार हो कर हथियारबंद गार्डों के साथ राजाओं की तरह घूमता और अपने उम्मीदवार के लिए प्रचार करता. हर दूसरे तीसरे दिन खर्च के लिए उस के पास नोटों के बंडल पहुंच जाते थे.

चुनन शाह से भावल की मुलाकात इसी चुनाव प्रचार के दौरान हुई थी. वह उम्मीदवार का खास आदमी था. वह अपने इलाके का जानामाना गुंडा था. लेकिन चुनन शाह जो अपराध करता था, उस से भावल घृणा करता था.

भावल का उम्मीदवार काफी पैसे वाला था. लेकिन वह जिस के खिलाफ चुनाव लड़ रहा था, वह पैसे वाला तो था ही, जानामाना गुंडा भी था. इस के अलावा वह पहले से ही असेंबली का मेंबर था. लोग उस से काफी परेशान थे, इसलिए भावल खान का प्रत्याशी जीत गया था.

यह सीट पुराने प्रत्याशी की खानदानी सीट थी. इसलिए उस की हार से लोग हैरान थे. जीत की खुशी में भावल खान के प्रत्याशी ने रैली निकाली और हारे हुए उम्मीदवार के घर के सामने बमपटाखे फोड़े.

उस समय तो हारने वाला प्रत्याशी चुप रहा. लेकिन वह भी कोई साधारण आदमी नहीं था. जिस दिन भावल खान के उम्मीदवार को शपथ लेने जाना था, विरोधियों ने उसी दिन बदला लेने का निर्णय लिया.

विजयी उम्मीदवार बहराम खान तथा दो बौडीगार्ड के साथ एक जीप में था, जबकि बाकी लोग दूसरी जीप में बैठे थे. जैसे ही जीप उस जगह पहुंची, जहां वे घात लगाए बैठे थे, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी.

किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. बहराम खान आसानी से मरने वालों में नहीं था. उसे जैसे ही गोली लगी, उस ने जीप से छलांग लगा दी और दूर तक लुढ़कता चला गया. विरोधियों को पता था कि अगर बहराम जिंदा बच गया तो एक एक को चुनचुन कर मारेगा.

आखिरी गुनाह करने की ख्वाहिश – भाग 1

नियाज अली से ज्यादा सीधासादा आदमी मैं ने अपनी जिंदगी में इस से पहले नहीं देखा था. उस की उम्र 50 से ऊपर रही होगी, मगर  स्वास्थ्य ऐसा था कि जवान भी देख कर लजा जाए. उसे इस गांव में आए 5-6 साल ही हुए थे. लेकिन अपने स्वभाव और सेवाभाव की वजह से गांव के सभी लोग उसे बहुत पसंद करते थे.

गुजारे के लिए उस ने अपने घर के एक कोने में किराने की छोटी सी दुकान खोल रखी थी. हफ्ते में एक दिन शहर जा कर वह दुकान के लिए सामान ले आता था, बाकी 6 दिन वह गांव में ही रहता था.

अपनी ईमानदारी और सेवाभाव की वजह से वह गांव में ही नहीं, आसपास के गांवों में भी लोकप्रिय हो गया था. इसी वजह से उस की दुकान भी बढि़या चल रही थी. उस का अपना कोई नहीं था. पूछने पर भी उस ने कभी किसी को अपने घर परिवार के बारे में कुछ नहीं बताया था. बाद में लोगों ने इस बारे में पूछना ही छोड़ दिया था.

एक दिन नियाज अली शहर गया तो पूरे एक हफ्ते बाद लौटा. गांव वालों ने पूछा तो उस ने बताया कि वह एक मेले में चला गया था. जिस दिन वह गांव लौटा था, उस के अगले दिन गांव में एक ट्रक, पुलिस एक जीप के साथ आ पहुंची.

इस से पहले गांव में इस तरह पुलिस कभी नहीं आई थी. अगर कोई जरूरत पड़ती थी तो थानेदार 2 सिपाहियों से नंबरदार को खबर भिजवा कर जिस आदमी की जरूरत होती थी, उसे थाने बुलवा लेता था.

इतनी अधिक पुलिस देख कर गांव वाले डर गए. जीप सीधे नंबरदार के दरवाजे पर आ कर रुकी तो ट्रक से आए सिपाहियों ने फुर्ती से पूरे गांव को घेर लिया. नंबरदार दरवाजे पर ही खड़ा था. उस ने हिम्मत कर के पूछा, ‘‘क्या बात है इंसपेक्टर साहब, यह सब क्या है?’’

‘‘नबी खान, मुझे अफसोस है कि आज इस गांव की रीति टूट गई है. लेकिन मैं मजबूर हूं. हमें एक खतरनाक फरार हत्यारे को गिरफ्तार करना है.’’

‘‘कौन है वह?’’ नंबरदार ने पूछा.

‘‘नियाज अली.’’ इंसेक्टर ने जैसे ही यह नाम लिया, नंबरदार हैरान रह गया. उस ने कहा, ‘‘साहब, आप का दिमाग तो ठीक है?’’

‘‘मैं सच कह रहा हूं. मैं नियाज अली को ही गिरफ्तार करने आया हूं.’’

‘‘आइए मेरे साथ. साहब, आप जरूर किसी भ्रम में हैं.’’ नंबरदार ने कहा.

नंबरदार के साथ इंसपेक्टर को अपने घर की ओर आते देख नियाज अली दुकान से निकल कर बाहर आ गया. करीब आने पर उस ने आगे बढ़ कर कहा, ‘‘इतनी बड़ी फौज ले कर आने की क्या जरूरत थी थानेदार साहब. शाम को तो मैं खुद ही आ कर हाजिर होने वाला था. क्योंकि अब मेरा काम खत्म हो गया है.’’

नियाज अली के सामने इंसपेक्टर इस तरह सिर झुकाए खड़ा था, जैसे वह खुद अपराधी हो. नियाज अली नंबरदार से मुखातिब हुआ, ‘‘नंबरदार साहब, इस गांव में इस तरह पुलिस के आने का मुझे दुख है. इस के लिए मैं माफी मांगता हूं. आप लोगों को पता ही है, मैं यहां किस तरह रहा. मैं आज शाम को इस खेल को खत्म कर देता, लेकिन थानेदार साहब सरकार को दिखाने के लिए सुबह ही चले आए.’’

‘‘नियाज अली, तुम…’’ नंबरदार ने उसे हैरानी से देखते हुए कहा.

नंबरदार की बात बीच में ही काट कर नियाज अली बोला, ‘‘नहीं नंबरदार साहब, यह मेरा आखिरी रूप था. मेरा नाम नियाज अली नहीं, भावल खान है, बाकी आप को यह थानेदार साहब बता देंगे.’’

नियाज अली नंबरदार से अपनी बातें कह रहा था, तभी गांव की मसजिद के मौलवी साहब भी आ गए. नियाज अली उन से मुखातिब हुआ, ‘‘मियांजी, आज से मेरे मकान और दुकान के मालिक आप हैं. अगर जिंदा रहा तो आऊंगा अन्यथा यह सब आप का.’’

‘‘हम तुम्हारे घर की तलाशी लेना चाहते हैं.’’ इंसपेक्टर ने कहा.

‘‘शौक से लीजिए.’’ नियाज अली ने कहा.

मौलवी साहब और नंबरदार हैरानी से नियाज अली का मुंह ताक रहे थे. इंसपेक्टर के इशारे पर नियाज अली को हिरासत में ले लिया गया. मकान और दुकान की तलाशी में कोई भी ऐसी चीज नहीं मिली, जिसे गैरकानूनी कहा जाता.

इंसपेक्टर ने बताया था कि यह नियाज अली नहीं, बल्कि फरार अपराधी भावल खान है. इसे पीर चुनन शाह की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया जा रहा है. पुलिस नियाज अली को साथ ले कर चली गई थी.

मैं अगले दिन उस गांव पहुंचा तो मुझे नियाज अली की गिरफ्तारी के बारे में पता चला. मैं उस गांव का रहने वाला नहीं था. लेकिन उस गांव में हमारी कुछ जमीन थी, जिस की देखभाल के लिए मैं वहां अकसर जाता रहता था. इसी आनेजाने में नियाज अली से मेरी अच्छी दोस्ती हो गई थी. एक बार वह हमारे शहर वाले घर पर भी आया था. मेरे पिताजी उस से मिल कर बहुत खुश हुए थे.

गांव वालों ने जब बताया कि नियाज अली एक फरार अपराधी था, जिसे पुलिस ने पीर चुनन शाह की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था. यह जान कर मुझे धक्का सा लगा. हैरानी की बात यह थी कि वहां कोई भी उसे हत्यारा मानने को तैयार नहीं था. उन लोगों में मैं भी शामिल था.

मैं जब भी गांव आता था, 2-4 दिन रुक कर जाता था. लेकिन इस बार मैं एक रात भी वहां नहीं रुक सका. मैं यह जानना चाहता था कि क्या सचमुच नियाज अली फरार अपराधी था. गांव वालों ने भी मुझ से सच्चाई के बारे में पता करने को कहा था.

यह सब मैं ने पिताजी को बताया तो उन्होंने दिमाग पर जोर दे कर कहा कि भावल खान नाम का एक फरार अपराधी था. उस का नाम उन्होंने किसी थाने में सुना था. लेकिन पुलिस रिकौर्ड में उस का कोई फोटो नहीं था, इसलिए वह उसे पहचानते नहीं थे.

जेलर पिताजी के मित्र थे, इसलिए नियाज अली यानी भावल खान से मिलने में मुझे कोई दिक्कत नहीं हुई. मैं जेल की कोठरी में उस से मिलने पहुंचा तो वहां मुझे देख कर वह हैरान रह गया. उस ने कहा, ‘‘बेटा, तुम यहां कहां? यह जगह तुम जैसे पढ़े लिखे लोगों के लिए नहीं है. तुम्हें यहां नहीं आना चाहिए था.’’

‘‘ऐसा न कहो चचा. तुम जहां भी होते, मैं तुम से मिलने जरूर आता.’’

इधर उधर की बातें करने के बाद मैं ने पूछा, ‘‘क्या, आप सचमुच फरार अपराधी भावल खान हैं, जिस के कारनामों से पुलिस फाइलें भरी पड़ी हैं?’’

‘‘हां बेटा, मैं वही भावल खान हूं. लेकिन पुलिस फाइलों में मेरे बारे में जो लिखा है, वह हकीकत नहीं है.’’ इतना कह कर वह चुप हो गया.

इस के बाद नियाज अली उर्फ भावल खान ने अपने बारे में जो बताया था, वह कुछ इस तरह था.

भावल खान का संबंध एक पिछड़े इलाके से था. उस के पिता बहराम खान अपने जमाने के नामी डाकू थे. बंटवारे से पहले वह भारत के एक सरहदी इलाके में रहते थे. बंटवारे के बाद वह पाकिस्तान आ गए. लेकिन वह सरहदी इलाके मे ही रहते रहे. उन दिनों भावल की उम्र 12-13 थी. होश संभालने तक उस के बाप ने उसे अपनी कला में निपुण कर दिया था.