एक गुनाह मोहब्बत : क्यों बनी बेटी पिता की कातिल

मध्य प्रदेश के शहर ग्वालियर के थाना थाटीपुर के थानाप्रभारी आर.बी.एस. विमल 5 अगस्त की रात करीब 3 बजे इलाके की गश्त लगा कर थोड़ा सुस्ताने के मूड में थे. तभी उन के पास किसी महिला का फोन आया. महिला ने कहा, ‘‘सर, मैं तृप्तिनगर से बोल रही हूं. मेरे पति रविदत्त दूबे का मर्डर हो गया है. उन की गोली मार कर हत्या कर दी गई है,’’ इतना कहने के बाद महिला सिसकने लगी. अपना नाम तक नहीं बता पाई.

थानाप्रभारी ने उस से कहा भी, ‘‘आप कौन बोल रही हैं? घटनास्थल और आसपास की लोकेशन के बारे में कुछ बताइए. वहां पास में और कौन सी जगह है, कोई चर्चित दुकान, शोरूम या स्कूल आदि है तो उस का नाम बोलिए.’’

‘‘सर, मैं भारती दूबे हूं. तृंिप्तनगर के प्रवेश द्वार के पास ही लोक निर्माण इलाके में टाइमकीपर दूबेजी का मकान पूछने पर कोई भी बता देगा.’’

महिला बोली.  घटनास्थल का किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की सख्त हिदायत देने के कुछ समय बाद ही थानाप्रभारी पुलिस टीम के साथ घनी आबादी वाले उस इलाके में पहुंच गए. थानाप्रभारी आर.बी.एस. विमल और एसआई तुलाराम कुशवाह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों को अल सुबह देख कर वहां के लोग चौंक गए.

लोगों से भारती दूबे का घर मालूम कर के वह वहां पहुंच गए. जब वह पहली मंजिल पर पहुंचे तो एक कमरे में भारती के पति रविदत्त दूबे की लाश पड़ी थी. पुलिस के पीछेपीछे कुछ और लोग भी वहां आ गए. उन में ज्यादातर परिवार के लोग ही थे.

थानाप्रभारी ने लाश का मुआयना किया तो बिस्तर पर जहां लाश पड़ी थी, वहां भारी मात्रा में खून भी निकला हुआ था. उन के पेट में गोली लगी थी.

मुंह से भी खून निकल रहा था, लाश की स्थिति को देख कर खुद गोली मार कर आत्महत्या का भी अनुमान लगाया गया, किंतु वहां हत्या का न कोई हथियार नजर आया और न ही सुसाइड नोट मिला.

घर वालों ने बताया कि उन्हें किसी ने सोते वक्त गोली मारी होगी. हालांकि इस बारे में सभी ने रात को किसी भी तरह का शोरगुल सुनने से इनकार कर दिया. थानाप्रभारी ने मौके पर फोरैंसिक टीम भी बुला ली.

पुलिस को यह बात गले नहीं उतरी. फिर भी थानाप्रभारी ने हत्या के सुराग के लिए कमरे का कोनाकोना छान मारा. उन्होंने घर का सारा कीमती सामान भी सुरक्षित पाया. इस का मतलब साफ था कि बाहर से कोई घर में नहीं आया था.

अब बड़ा सवाल यह था कि जब बाहर से से कोई आया ही नहीं, तो रविदत्त  को गोली किस ने मारी? फोरैंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव ने रविदत्त के पेट में लगी गोली के घाव को देख कर नजदीक से गोली मारे जाने की पुष्टि की.

जांच के लिए खोजी कुत्ते की मदद ली गई. कुत्ता लाश सूंघने के बाद मकान की पहली मंजिल पर चक्कर लगाता हुआ नीचे बने कमरे से आ गया. वहां कुछ समय घूम कर बाहर सड़क तक गया, फिर वापस बैडरूम में लौट आया. बैड के इर्दगिर्द ही घूमता रहा. उस ने ऐसा 3 बार किया. फिगरपिं्रट एक्सपर्ट की टीम ने बैडरूम सहित अन्य स्थानों के सबूत इकट्ठे किए.

इन सारी काररवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. साथ ही भादंवि की धारा 302/34 के तहत अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया. पुलिस को दूबे परिवार के बारे में भारती दूबे से जो जानकारी मिली, वह इस प्रकार थी—

ग्वालियर के थाटीपुर के तृप्तिनगर निवासी 58 वर्षीय रविदत्त दूबे अपनी पत्नी भारती, 2 बेटियों और एक बेटे के साथ रहते थे. रविदत्त लोक निर्माण विभाग में टाइमकीपर की नौकरी करते थे. उन की नियुक्ति कलेक्टोरेट स्थित निर्वाचन शाखा में थी.

साल 2006 में पहली पत्नी आभा की बेटे के जन्म देते वक्त मौत हो गई थी. उस के बाद उन्होंने साल 2007 में केरल की रहने वाली भारती नाम की महिला से विवाह रचा लिया था. वह अहिंदी भाषी और भिन्न संस्कार समाज की होने के बावजूद दूबे परिवार में अच्छी तरह से घुलमिल गई थी.

दूबे ने भारती से कोर्टमैरिज की थी. शादी के बाद भारती ने दिवंगत आभा के तीनों बच्चों को अपनाने और उन की देखभाल में कोई कमी नहीं रहने दी थी. बड़ी बेटी कृतिका की शादी नयापुरा इटावा निवासी राममोहन शर्मा के साथ हो चुके थी, किंतु उस का ससुराल में विवाद चल रहा था, इस वजह से वह पिछले 3 सालों से अपने मायके में ही रह रही थी. छोटी बेटी सलोनी अविवाहित थी.

पुलिस ने इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए कई बिंदुओं पर ध्यान दिया. मृतक की पत्नी भारती और बड़ी बेटी कृतिका समेत छोटी बेटी सलोनी ने पूछताछ में बताया कि 4-5 अगस्त की आधी रात को तेज बारिश होने कारण लाइट बारबार आजा रही थी.

रात तकरीबन 9 बजे खाना खाने के बाद वे अपने घर की पहली मंजिल पर बने बैडरूम में सोने के लिए चली गई थीं. घटना के समय परिवार के सभी बाकी सदस्य एक ही कमरे में सोए हुए थे.

भारती और बड़ी बेटी कृतिका को रात के ढाई बजे हलकी सी आवाज सुनाई दी थी तो उन्होंने हड़बड़ा कर उठ कर लाइट का स्विच औन किया. इधरउधर देखा. वहां सब कुछ ठीक लगा. वह तुरंत बगल में रविदत्त दूबे के कमरे में गई. देखा बैड पर वह खून से लथपथ पड़े थे. उन के पेट से खून निकल रहा था.

कृतिका और भारती ने उन्हें हिलायाडुलाया तब भी उन में कोई हरकत नहीं हुई. नाक के सामने हाथ ले जा कर देखा, उन की सांस भी नहीं चल रही थी. फिर भारती ने दूसरे रिश्तेदारों को सूचित करने के बाद पुलिस को सूचित कर दिया.

थानाप्रभारी को दूबे हत्याकांड से संबंधित कुछ और जानकारी मिल गई थी, फिर भी वह हत्यारे की तलाश के लिए महत्त्वपूर्ण सबूत की तलाश में जुटे हुए थे. घटनास्थल पर तहकीकात के दौरान एसआई तुलाराम कुशवाहा को दूबे की छोटी बेटी पर शक हुआ था.

कारण उस के चेहरे पर पिता के मौत से दुखी होने जैसे भाव की झलक नहीं दिखी थी. उन्होंने पाया कि सलोनी जबरन रोनेधोने का नाटक कर रही थी. उस की आंखों से एक बूंद आंसू तक नहीं निकले थे.

घर वालों के अलगअलग बयानों के कारण दूबे हत्याकांड की गुत्थी सुलझने के बजाय उलझती ही जा रही थी. उसे सुलझाने का एकमात्र रास्ता काल डिटेल्स को अपनाने की योजना बनी. मृतक और उस के सभी परिजनों के मोबाइल नंबर ले कर उन की काल डिटेल्स निकलवाई गई.

कब, किस ने, किस से बात की? उन के बीच क्याक्या बातें हुईं? उन में बाहरी सदस्य कितने थे, कितने परिवार वाले? वे कौन थे? इत्यादि काल डिटेल्स का अध्ययन किया गया. उन में एक नंबर ऐसा भी निकला, जिस पर हर रोज लंबी बातें होती थीं.

पुलिस को जल्द ही उस नंबर को इस्तेमाल करने वाले का भी पता चल गया. रविदत्त दूबे की छोटी बेटी सलोनी उस नंबर पर लगातार बातें करती थी. पुलिस ने उस फोन नंबर की जांच की तो वह नंबर परिवार के किसी सदस्य या रिश्तेदार का नहीं था बल्कि ग्वालियर में गल्ला कठोर के रहने वाले पुष्पेंद्र लोधी का निकला.

पुलिस इस जानकारी के साथ पुष्पेंद्र के घर जा धमकी. वह घर से गायब मिला. इस कारण उस पर पुलिस का शक और भी गहरा हो गया. फिर पुलिस ने 14 अगस्त की रात में उसे दबोच लिया.

उस से पूछताछ की. पहले तो उस ने पुलिस को बरगलाने की कोशिश की, लेकिन बाद में सख्ती होने पर उस ने दूबे की हत्या का राज खोल कर रख दिया.

साथ ही उस ने स्वीकार भी कर लिया कि रविदत्त दूबे की हत्या उस ने सलोनी के कहने पर की थी. उन्हें देशी तमंचे से गोली मारी थी. पुष्पेंद्र ने पुलिस को हत्या की जो वजह बताई, वह भी एक हैरत से कम नहीं थी. पुलिस सुन कर दंग रह गई कि कोई जरा सी बात पर अपने बाप की हत्या भी करवा सकता है.

बहरहाल, पुष्पेंद्र के अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उस की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल .315 बोर का तमंचा भी बरामद कर लिया. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पुष्पेंद्र लोधी ने बताया कि वह पिछले एक साल से सलोनी का सहपाठी रहा है. सलोनी के एक दूसरे सहपाठी करण राजौरिया से प्रेम संबंध थे. दोनों एकदूसरे को दिलोजान से चाहते थे. उस की तो सलोनी से केवल दोस्ती थी.

उस ने बताया कि एक बार करण के साथ सलोनी को रविदत्त दूबे ने घर पर ही एकदूसरे की बांहों में बांहें डाले देख लिया था.

अपनी बेटी को किसी युवक की बांहों में देखना रविदत्त को जरा भी गवारा नहीं लगा. उन्होंने उसी समय सलोनी के गाल पर तमाचा जड़ दिया. बताते हैं कि तमाचा खा कर सलोनी तिलमिला गई थी.

उस ने अपने गाल पर पिता के चांटे का जितना दर्द महसूस नहीं किया, उस से अधिक उस के दिल को चोट लगी. उस वक्त करण तो चुपचाप चला गया, लेकिन सलोनी बहुत दुखी हो गई. यह बात उस ने अपने दोस्त पुष्पेंद्र को फोन पर बताई.

फोन पर ही पुष्पेंद्र ने सलोनी को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह उस की सलाह सुनने को राजी नहीं हुई. करण के साथ पिता द्वारा किए गए दुर्व्यवहार और उस के सामने थप्पड़ खाने से बेहद अपमानित महसूस कर रही थी. अपनी पीड़ा दोस्त को सुना कर उस ने अपना मन थोड़ा हलका किया.

उस ने बताया कि उस घटना से करण भी बहुत दुखी हुआ था. उस के बाद से उस ने एक बार भी सलोनी से बात नहीं की, जिस से उसे कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा था. सलोनी समझ रही थी कि उस के पिता उस की मोहब्बत के दुश्मन बन बैठे हैं.

इस तरह सलोनी लगातार फोन पर पुष्पेंद्र से अपने दिल की बातें बता कर करण तक उस की बात पहुंचाने का आग्रह करती रही. एक तरफ उसे प्रेमी द्वारा उपेक्षा किए जाने का गम था तो दूसरी तरफ पिता द्वारा अपमानित किए जाने की पीड़ा. सलोनी बदले की आग में झुलस रही थी. उस ने पिता को ही अपना दुश्मन समझ लिया था.

कुछ दिन गुजरने के बाद एक दिन पुष्पेंद्र की बदौलत सलोनी की करण से मुलाकात हो गई. उस ने मिलते ही करण से माफी मांगी, फिर कहा, ‘‘तुम अब भी दुखी हो?’’

‘‘मैं कर भी क्या सकता था उस वक्त?’’ करण झेंपते हुए बोला.

‘‘सारा दोष पापा का है, उन्होंने तुम्हें बहुत भलाबुरा कहा,’’ सलोनी बोली.

‘‘तुम्हें भी तो थप्पड़ जड़ दिया. कम से कम वह तुम्हारी राय तो जान लेते, एक बार…’’ करण बोला.

‘‘यही तकलीफ तो मुझे है. आव न देखा ताव, सीधे थप्पड़ जड़ दिया. मां रहती तो शायद यह सब नहीं होता. मां सब कुछ संभाल लेती.’’ कहती हुई सलोनी की आंखें नम हो गईं.

‘‘कोई बात नहीं, मैं उन से एक बार बात कर लूं?’’ करण ने सुझाव दिया.

‘‘अरे, कोई फायदा नहीं होने वाला, दीदी को ले कर वह हमेशा गुस्से में रहते हैं. दीदी की मरजी से शादी नहीं हुई थी. नतीजा देखो, उस का घर नहीं बस पाया. न पति अच्छा मिला और न ससुराल. 3 साल से मायके में हमारे साथ बैठी है.’’ सलोनी बिफरती हुई बोली.

‘‘तुम्हारी भी शादी अपनी मरजी से करवाना चाहते हैं क्या?’’ करण ने पूछा.

‘‘ऐसा करने से पहले ही मैं उन को हमेशा के लिए शांत कर दूंगी,’’ सलोनी गुस्से में बोली. ‘‘क्या मतलब है तुम्हारा?’’ करण ने पूछा.

‘‘मेरा मतलब एकदम साफ है. बस, तुम को साथ देना होगा. उन के जीते जी हम लोग एक नहीं हो पाएंगे. हमारा विवाह नहीं हो पाएगा.’’ सलोनी बोली.  ‘‘मैं इस में क्या मदद कर सकता हूं?’’ करण ने पूछा.

इस पर सलोनी उस के कान के पास मुंह ले जा कर धीमे से जो कुछ कहा उसे सुन कर करण चौंक गया, अचानक मुंह से आवाज निकल पड़ी, ‘‘क्या? यह क्या कह रही हो तुम?’’

‘‘हां, मैं बिलकुल सही कह रही हूं, पापा को रास्ते से हटाए बगैर कुछ नहीं होगा. और हां, यह काम तुम्हें ही करना होगा.’’ सलोनी बोली.

‘‘नहींनहीं. मैं नहीं कर सकता हत्या जैसा घिनौना काम.’’ करण ने एक झटके में सलोनी के प्रस्ताव पर पानी फेर दिया. उस ने नसीहत देते हुए उसे भी ऐसा करने से मना किया.

सलोनी से दोटूक शब्दों में उस ने कहा कि भले ही वह उस से किनारा कर ले, मगर ऐसा वह भी कतई न करे. उस के बाद करण अपने गांव चला गया. उस ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया. करण से उस का एक तरह से संबंध खत्म हो चुका था. यह बात उस ने पुष्पेंद्र को बताई.

पुष्पेंद्र से सलोनी बोली कि करण के जाने के बाद उस का दुनिया में उस के सिवाय और कोई नहीं है, इसलिए दोस्त होने के नाते वह उस की मदद करे.

उस ने तर्क दिया कि अगर उस ने साथ नहीं दिया तो उस का हाल भी उस की बड़ी बहन जैसा हो जाएगा. एक तरह से सलोनी ने पुष्पेंद्र से हमदर्दी की उम्मीद लगा ली थी.

पुष्पेंद्र सलोनी की बातों में आ गया. वह उस की लच्छेदार बातों और उस के कमसिन हुस्न के प्रति मोहित हो गया था. मोबाइल पर घंटों बातें करते हुए सलोनी ने एक बार कह दिया था वह उसे करण की जगह देखती है. उस से प्रेम करती है.

करण तो बुजदिल और मतलबी निकला, लेकिन उसे उस पर भरोसा है. यदि वह उस का काम कर दे तो दोनों की जिंदगी संवर जाएगी. उस ने पुष्पेंद्र को हत्या के एवज में एक लाख रुपए भी देने का वादा किया.

पुष्पेंद्र पैसे का लालची था. उस ने सलोनी की बात मान ली और फिर योजनाबद्ध तरीके से 4 अगस्त, 2021 की रात को तकरीबन 10 बजे उस के घर चला गया. सलोनी ने उसे परिवार के लोगों की नजरों से बचा कर नीचे के कमरे में छिपा दिया, जबकि परिवार के लोग पहली मंजिल पर थे.

कुछ देर बाद जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो गए तो रात के ढाई बजे सलोनी नीचे आई और पुष्पेंद्र को अपने साथ पिता के उस कमरे में ले गई, जहां वह सो रहे थे.

रविदत्त अकेले गहरी नींद में पीठ के बल सो रहे थे. पुष्पेंद्र ने तुरंत तमंचे से रविदत्त के पास जा कर गोली मारी और तेजी से भाग कर अपने घर आ गया.

पुलिस के सामने पुष्पेंद्र द्वारा हत्या का आरोप कुबूलने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया. सलोनी को भी तुरंत थाने बुलाया गया. उस से जैसे ही थानाप्रभारी ने उस के पिता की हत्या के बारे में पूछा, तो वह नाराज होती हुई बोली, ‘‘सर, मेरे पिता की हत्या हुई है और आप मुझ से ही सवालजवाब कर रहे हैं.’’

यहां तक कि सलोनी ने परेशान करने की शिकायत गृहमंत्री तक से करने की धमकी भी दी.

थानाप्रभारी बी.एस. विमल ने जब पुष्पेंद्र लोधी से मोबाइल पर पिता की हत्या से पहले और बाद की बातचीत का हवाला दिया, तब सलोनी के चेहरे का रंग उतर गया. तब थानाप्रभारी विमल ने पुष्पेंद्र द्वारा दिए गए बयान की रिकौर्डिंग उसे सुना दी.

फिर क्या था, उस के बाद सलोनी अब झूठ नहीं बोल सकती थी. अंतत: सलोनी ने भी कुबूल कर लिया कि पिताजी की हत्या उस ने ही कराई थी.

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को रविदत्त दूबे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया. वहां से उन्हें हिरासत में ले कर जेल भेज दया गया.

10 दिन का खूनी खेल : जौनी ने क्यों किये इतने अपराध

अपराध चाहे जैसा भी हो, अपराध ही होता है, सामाजिक समन्वय के विरुद्ध उठाया हुआ कदम. मानवीयता पर प्रहार. हर अपराध की सजा होती है. एक दिन से ले कर आजीवन तक. कालकोठरी से ले कर फांसी तक. वैसे यह भी सही है कि कुछ अपराधी कानून के बारीक छिद्रों का सहारा ले कर बच निकलते हैं और कई अपने दांवपेंचों से कानून की चौखट तक जाते ही नहीं. अश्विनी उर्फ जौनी ऐसा तो नहीं था, लेकिन उस की सोच जरूर कुछ ऐसी ही थी अपने बारे में.

अश्विनी उर्फ जौनी जिला बिजनौर के कस्बा बढ़ापुर का रहने वाला था. पढ़ालिखा, स्वस्थ सुंदर युवक. पिता सुभाष धामपुर की गन्ना सहकारी समिति में नौकरी करते थे. शिक्षा के महत्त्व को समझने वाले सुभाष ने अश्विनी को एमकौम तक पढ़ाया था. उस ने इंटरमीडिएट श्योहारा के स्कूल से किया. आगे की पढ़ाई के लिए उस के पिता सुभाष ने जौनी को उस के मामा हर्ष के घर दौलताबाद भेज दिया था. वहीं रह कर जौनी ने नजीबाबाद के कालेज से बीकौम और एमकौम की डिग्रियां हासिल कीं.

इस के अलावा मामा के घर रह कर उस ने कई डिप्लोमा भी किए, ताकि मौका मिलने पर किसी अच्छी नौकरी में निकल जाए. पढ़ाई के दौरान ही निकिता से उस की घनिष्ठता बढ़ी. निकिता दौलताबाद की रहने वाली थी. मतलब उस के मामा के गांव की. जौनी और निकिता की निकटता कई सालों तक बनी रही. बाद में यह बात भी सामने आई कि जौनी ने निकिता को प्रपोज किया था, लेकिन उस ने मना कर दिया था.

करीब 4-5 साल पहले की बात है, जब जौनी को कोई अच्छी नौकरी नहीं मिली तो वह दिल्ली से सटी औद्योगिक नगरी नोएडा चला गया था. वहां उसे एक बिल्डर के यहां नौकरी मिल गई. अगले 4 साल उस ने नोएडा में ही गुजारे. बीचबीच में घर भी चला जाता था. इस बीच निकिता को एयरहोस्टेस की नौकरी मिल गई थी और वह दुबई चली गई. कहते हैं जौनी और निकिता की फोन पर बराबर बातें होती थीं.

अश्विनी उर्फ जौनी दादा बीचबीच में बढ़ापुर स्थित अपने घर आता रहता था. करीब डेढ़ साल पहले अश्विनी जब घर आया हुआ था, तो उस के साथ एक बड़ा पंगा हो गया था. दरअसल, बढ़ापुर के ही मोहल्ला नोमी में भाजपा नेता भीमसेन का घर था. नेता होने के नाते भीमसेन की इलाके में तो दबंगई तो चलती ही थी, पुलिस विभाग में भी अच्छी पैठ थी.

भीमसेन के बेटे राहुल ने एक अनुसूचित जाति की लड़की से प्रेम विवाह किया था. जौनी और राहुल हमउम्र थे. साथसाथ उठनेबैठने और खानेपीने वाले. जौनी कभीकभी मजाक में राहुल की शादी को ले कर कमेंट कर देता था, जो गलत था. यह बात राहुल को बुरी लगती थी. इसी बात को ले कर एक दिन दोनों में विवाद हो गया.

बात बढ़ी तो राहुल और उस का चचेरा भाई कृष्णा जौनी से उलझ गए. दोनों ओर से मारपीट हुई. एक तरफ 2 भाई थे, दूसरी तरफ अकेला जौनी. इस के बावजूद जौनी दोनों पर भारी पड़ा तो भीमसेन के परिवार के लोग भी झगड़े में कूद पड़े और अश्विनी को नंगा कर के पिटाई कर दी.

बात थाने तक गई. पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न कर के दोनों पार्टियों को थाने बुलाया. यहां भीमसेन की नेतागिरी काम आई. पुलिस ने नेताजी के साथ आए लोगों, उन के बेटे राहुल और भतीजे कृष्णा को सम्मानपूर्वक कुरसियों पर बैठाया, जबकि अश्विनी को न केवल फर्श पर बैठाया गया, बल्कि 2-4 पुलिसिया हाथ भी जमाए गए. बातचीत के बाद पुलिस ने दोनों पार्टियों का लिखित समझौता करा दिया. इतना ही नहीं, पुलिस ने अश्विनी से नेताजी के पैर छू कर माफी भी मंगवाई.

अश्विनी को इस बेइज्जती से गहरी चोट पहुंची. उसे लगा कि इस बेइज्जती को ले कर वह गांव में नहीं रह पाएगा. इसलिए अपनी बेइज्जती का बोझ उठाए वह अपनी नौकरी पर नोएडा चला गया. नोएडा में फिर से काम शुरू करते हुए अश्विनी ने तय किया था कि गालों पर पड़े बेइज्जती के थप्पड़ को वहअपनी मेहनत के बोझ के नीचे दबा देगा.

अश्विनी कालेज टाइम से ही निकिता से प्यार करता था. हो सकता है यह उस का एकतरफा प्यार रहा हो लेकिन यह भी सच है कि उस की उम्मीद टूटी नहीं थी. वजह यह कि निकिता उस से बराबर बात करती थी. दोनों की बातचीत तब भी चलती रही, जब वह एयरहोस्टेस बन कर दुबई चली गई.

अश्विनी को अपनी मां से बहुत प्यार था. वह मां की हर बात मानता था. इसी साल जून में जब अश्विनी की मां का निधन हो गया तो उसे गांव आना पड़ा. मां की मृत्यु के बाद अश्विनी को लगने लगा था कि वह अनाथ हो गया है. यही वजह थी कि घर में उस का मन नहीं लगता था.

कभी वह कस्बा श्योहारा चला जाता, कभी नजीबाबाद तो कभी नगीना. या फिर वह गांव के हमउम्र लड़कों के साथ उठताबैठता. इस बीच उस ने उन राहुल और कृष्णा से भी दोस्ती गांठ ली थी, जिन की वजह से उस की बेइज्जती हुई थी और वह गांव छोड़ कर नोएडा चला गया था. अश्विनी को जब भी राहुल और कृष्ण मिलते तो वह उन से घुलमिल कर बातें करता, उन्हें नोएडा और दिल्ली की कहानियां सुनाता.

अश्विनी को घर आए 3 महीने हो गए थे. इस बीच उस ने निकिता को कई बार फोन किया, लेकिन उस ने फोन नहीं उठाया. निकिता दौलताबाद की थी. उस की जानकारी रखने के लिए अश्विनी ने उसी गांव की एक लड़की को बहन बना रखा था.

जब निकिता ने बात नहीं की तो अश्विनी ने अपनी तथाकथित बहन से उस के बारे में पूछताछ की. पता चला कि वह कई महीने पहले दुबई से लौट आई है. उसे यह भी जानकारी मिली कि निकिता की शादी मुरादाबाद के एक लड़के से तय हो गई है.

जौनी के खतरनाक इरादे  इस जानकारी से अश्विनी के दिल को गहरी चोट लगी. उस ने मन ही मन फैसला किया कि निकिता की शादी से पहले उस से एक बार मिलेगा जरूर. 26 सितंबर, 2019 को अश्विनी और कृष्णा की मुलाकात हुई तो उस ने कृष्णा से कहा, ‘‘मैं पुरानी बातें भूल चुका हूं, तुम भी भूल जाओ. शाम को पीनेपिलाने की महफिल जमाते हैं. राहुल को भी बुला लो.’’

‘‘पार्टी होगी कहां?’’ कृष्णा ने पूछा तो अश्विनी बोला, ‘‘उस की जिम्मेदारी मुझ पर छोड़ दो. खानेपीने और जगह का इंतजाम मैं खुद कर लूंगा. बस तुम लोग पहुंच जाना. जगह के बारे में मैं फोन कर के बता दूंगा.’’

बातचीत के बाद कृष्णा चला गया. उस ने राहुल से मिल कर कहा, ‘‘जौनी काफी पैसे कमा कर लौटा है. पुरानी बातें भुला देना चाहता है. शाम को पार्टी देने की बात कर रहा था. क्यों न हम भी सब भूलभाल कर उस की पार्टी में शामिल हों, चलेगा न?’’

‘‘ठीक है, पुरानी बातों को भुला देना ही बेहतर है. बता देना, कब कहां चलना है.’’ राहुल ने उस की बातों पर मुहर लगा दी.

शाम को अश्विनी ने फोन कर के कृष्णा को जगह बता दी, साथ ही कह दिया कि उस ने खानेपीने का सारा इंतजाम कर लिया है. अश्विनी ने जो जगह बताई थी, वह बढ़ापुर-जाखरी मार्ग किनारे के जंगल में थी.

नशा सिर चढ़ कर बोला कृष्णा और राहुल अपने चाचाताऊ के लड़कों दीपक और रवि को ले कर अश्विनी की बताई जगह पर पहुंच गए. अश्वनी उन सब को मुख्यमार्ग से करीब 200 मीटर अंदर जंगल में ले गया. वहां शराब, बीयर और खानेपीने की चीजों का पूरा इंतजाम था.

थोड़ी देर में पीनापिलाना शुरू हो गया. सब ने जम कर नशा किया. इस बीच छोटीछोटी बातों को ले कर अश्विनी और राहुल में झगड़ा होने लगा. धीरेधीरे बात इतनी बढ़ी कि नौबत मारपिटाई की आ गई. दोनों ओर के लोग बीयर की बोतलें तोड़ कर खूनखराबे पर उतर आए.

यह देख कृष्णा और राहुल को छोड़ कर बाकी युवक भाग खड़े हुए. ज्यादा नशे की वजह से राहुल और कृष्णा के पैर लड़खड़ा रहे थे. इसी बीच अश्विनी ने कमर से पिस्तौल निकाल कर पहले राहुल को 4 गोलियां मारीं, जिन में से 2 गोलियां उस के सिर में, एक सीने में और 1 पेट में लगी. फिर उस ने 3 गोलियां कृष्णा को मारीं, जो उस के सिर, सीने और पेट में लगीं. कृष्णा और राहुल को मौत के घाट उतार कर अश्विनी वहां से भाग गया.

खूनखराबे में लिपटी इस घटना की जानकारी दीपक ने पुलिस और कृष्णा राहुल के घर वालों को दी. सूचना मिलते ही थाना बढ़ापुर की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. घटनास्थल पर पड़ी शराब, बीयर की बोतलों, 2 लाशों और बिखरे खून से अनुमान लगाया जा सकता था कि वहां क्या और कैसे हुआ होगा.

घटना की सूचना मिलने पर नगीना की सीओ अर्चना सिंह और बिजनौर के एसपी (देहात) विश्वजीत श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंच गए. घटनास्थल की भयावहता को देख कर उन्होंने कई थानों की पुलिस को जंगल में अश्विनी उर्फ जौनी को तलाशने का काम सौंपा.

प्राथमिक काररवाई से निपटने के बाद पुलिस ने राहुल और कृष्णा की लाशें पोस्टमार्टम के लिए भेज दी. इस बीच भीमसेन ने थाना बढ़ापुर में राहुल और कृष्णा की हत्या का केस दर्ज कराया, जिस में अश्विनी उर्फ जौनी, उस के भाई रंजीत, पिता सुभाष, जौनी के चचेरे भाई रवि और मुरादाबाद निवासी बहनोई को नामजद किया गया.

घटना के अगले दिन बिजनौर के एसएसपी संजीव त्यागी और मुरादाबाद रेंज के आईजी रमित शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. जिस जगह हत्याएं हुई थीं, उस से पुलिस अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि हर जगह पुलिस तैनाती की वजह से अश्विनी भाग नहीं पाया होगा. संभावना थी कि वह कहीं जंगल में छिपा होगा.

आईजी के निर्देश पर बिजनौर के 20 थानों की पुलिस को अश्विनी को खोजने के लिए लगा दिया गया. जंगल को खंगालने के लिए ड्रोन कैमरे का भी सहारा लिया गया. लेकिन घरपरिवार और रिश्तेदारियों में कहीं भी अश्विनी का कोई सुराग नहीं मिला. दरअसल दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड ने बिजनौर के पुलिस महकमे को हिला दिया था. ऊपर से दोनों मृतक भाजपा नेता के सगेसंबंधी थे, जिस से धरनेप्रदर्शनों का डर था.

पुलिस ने अश्विनी को पकड़ने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन इस कवायद से हासिल कुछ नहीं हुआ. अश्विनी एक तरह से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था. पुलिस ने शराब पार्टी में शामिल दीपक से भी हर तरह से पूछताछ की लेकिन वह कुछ नहीं बता पाया.

जौनी ने निकिता को उतारा मौत के घाट  पुलिस हर तरह की कोशिशों में लगी थी. इस बीच 5 दिन बीत गए. 30 सितंबर को अश्विनी श्योहारा के निकटवर्ती गांव दौलताबाद पहुंचा और एयरहोस्टेस निकिता के घर में घुस गया. निकिता उस वक्त घर में बैठी टीवी देख रही थी. अंदर जा कर अश्विनी ने निकिता को गोलियों से भून डाला.

निकिता सोच भी नहीं सकती थी कि अश्विनी ऐसा कुछ कर सकता है. गोलियां चलाते समय उस ने सिर्फ इतना ही कहा कि तू मेरी नहीं हो सकती तो किसी और की भी नहीं बनने दूंगा. अश्विनी के पिस्तौल की 7 गोलियां लगने के बाद निकिता दूसरे गेट की ओर भागी, लेकिन गिर पड़ी. जातेजाते उस ने धमकी दी कि वह पूरे परिवार को खत्म कर देगा.

निकिता पर गोलियां बरसाने के बाद अश्विनी दूसरे गेट से बाहर निकल कर पास ही सड़क पर जाते हुए एक बैटरी रिक्शा में बैठ गया. थोड़ा आगे जा कर वह उतरा और गन्ने के खेत में घुस गया.

निकिता 2 महीने पहले ही शादी के लिए दुबई से घर लौटी थी. उस की शादी मुरादाबाद के मोहल्ला कांशीराम नगर में रहने वाले नीतीश कुमार से तय हुई थी. नीतीश सीआईएसएफ में सबइंसपेक्टर हैं और विशाखापट्टनम में तैनात हैं. नीतीश के कहने पर निकिता ने अपनी नौकरी से भी इस्तीफा दे दिया था.

निकिता के पिता हरिओम शर्मा श्योहारा के विदुर ग्रामीण बैंक में नौकरी करते थे. घर वालों ने  इस घटना की सूचना हरिओम शर्मा को दी. शर्माजी की बैंक के पास ही थाना था. उन्होंने थाने जा कर यह बात थानाप्रभारी उदय प्रताप को बताई. उदय प्रताप उसी समय पुलिस टीम के साथ दौलताबाद के लिए रवाना हो गए.

बुरी तरह घायल निकिता को श्योहारा के एक प्राइवेट डाक्टर को दिखाया गया. उस डाक्टर ने निकिता को तुरंत बड़े अस्पताल ले जाने की राय दी. इस के बाद उसे मुरादाबाद के मशहूर कौसमोस अस्पताल ले जाया गया.

भरती होने के बाद अस्पताल के मशहूर डाक्टर अनुराग अग्रवाल ने निकिता का इलाज शुरू किया. उसे 7 गोलियां लगी थीं, जिन में गले में फंसी एक गोली घातक थी. बहरहाल, डा. अनुराग अग्रवाल के तमाम प्रयासों के बावजूद रात 9 बजे निकिता ने दम तोड़ दिया.

दूसरी ओर पुलिस ने ईरिक्शा के ड्राइवर द्वारा बताए गए गन्ने के खेत के साथसाथ आसपास के सभी गन्ने के खेतों में कौंबिंग की. लेकिन अश्विनी का कोई पता नहीं चला. उसी दिन आईजी (मुरादाबाद जोन) रमित शर्मा ने अश्विनी उर्फ जौनी को पकड़ने या पकड़वाने पर 50 हजार रुपए का ईनाम घोषित कर दिया.

पुलिस ने आसपास के शहरों के बसअड्डों, रेलवे स्टेशनों के अलावा अन्य तमाम जगहों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखीं. लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला.

जब 2 दिन और बीत गए तो मुरादाबाद, बरेली परिक्षेत्र के एडीजे अविनाश चंद्र ने अश्विनी पर ईनाम राशि 50 हजार से बढ़ा कर एक लाख कर दी. इस के बाद पुलिस ने जौनी से जुड़ी छोटी से छोटी जानकारियां जुटानी शुरू कर दीं. उस के फोन की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की गई. लेकिन उस का फोन 26 सितंबर से ही बंद था.

जब पुलिस की सभी कोशिशें बेकार गईं तो बिजनौर के एसएसपी संजीव त्यागी ने जिले के सभी पुलिस अफसरों के साथ मीटिंग की, जिस में तय हुआ कि बसअड्डों, रेलवे स्टेशनों और आटोरिक्शा, ईरिक्शा के अड्डों पर विशेष रूप से नजर रखी जाए. इस अभियान में संजीव त्यागी खुद भी शामिल हुए.

3 अक्तूबर को किसी मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि अश्विनी उर्फ जौनी को नगीना के तुलाराम हलवाई की दुकान पर रसगुल्ले खाते देखा गया है. तुलाराम के रसगुल्ले जिला भर में मशहूर हैं.

सूचना मिलते ही पुलिस चौराहे के पास स्थित तुलाराम की दुकान पर पहुंच गई, लेकिन तब तक जौनी वहां से जा चुका था. पूछताछ में पता चला कि जौनी ने वहां बैठ कर 8 रसगुल्ले खाए थे. बाद में वह बराबर में स्थित मोहन रेस्टोरेंट में भी गया था, जहां वह काफी देर बैठा रहा.

पुलिस ने रात में ही तुलाराम हलवाई की दुकान के आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखीं. इस से यह जानकारी मिली कि चौराहे से जौनी हरिद्वार जाने वाली बस में सवार हुआ था. पुलिस ने हरिद्वार वाली बस को रुकवा कर चैक किया.

साथ ही पूरे नगीना को भी छान मारा. लेकिन अश्विनी का कोई सुराग नहीं मिला. वह एक बार फिर पुलिस को चकमा दे गया था. अश्विनी को पकड़ने के लिए बिजनौर पुलिस जो भी कर सकती थी, उस ने किया. फिर भी रही खाली हाथ ही.

5/6 अक्तूबर की रात को बढ़ापुर के थानाप्रभारी कृपाशंकर सक्सेना ने बढ़ापुर की ओर आने वाले वाहनों की चैकिंग के लिए बैरिकेड लगा रखे थे. रात करीब 12 बजे पुलिस ने दिल्ली से आ रही एक बस को रोका. ड्राइवर ने बस सड़क किनारे लगा दी. बस में करीब एक दरजन यात्री थे.

10 दिन के खेल के बाद

कृपाशंकर सक्सेना ने 2 सिपाहियों मोनू यादव और बादल पंवार से बस की चैकिंग करने को कहा. चैकिंग के दौरान यात्री अलर्ट हो कर बैठ गए. कंडक्टर के आगे वाली सीट पर एक व्यक्ति मुंह पर कपड़ा लपेटे बैठा था. बस के किसी यात्री, यहां तक कि पुलिस ने भी नहीं सोचा था कि वह एक लाख का ईनामी अश्विनी उर्फ जौनी हो सकता है.

मुंह पर कपड़ा लपेटे बैठा युवक नींद में था, नींद में उस का सिर एक ओर को झुका हुआ था. सिपाही मोनू और बादल ने उस के कंधे पर हाथ रख कर मुंह से कपड़ा हटाया तो वह चौंक कर जागा. वह अश्विनी ही था.

सामने पुलिस को देख अश्विनी को लगा कि उस का खेल खत्म हो गया है. उस ने बिना देर किए कमर से पिस्तौल निकाली और दाईं कनपटी पर रख कर ट्रिगर दबा दिया. एक धमाके के साथ खून का फव्वारा छूटा और वह एक ओर को लुढ़क गया. पुलिस वाले समझ गए कि वह अश्विनी उर्फ जौनी ही था.

आंखों के सामने एक युवक को सुसाइड करते देख पूरी बस के यात्री सन्न थे. वैसे असलियत यह थी कि अगर अश्विनी के चेहरे पर कपड़ा न होता तो निस्संदेह पुलिस वाले उसे पहचान ही नहीं पाते. वजह यह कि वह पिछले 10 दिनों से छिपताछिपाता घूम रहा था, न खानापीना और न आराम. नहानाधोना तो दूर की बात थी.

बहरहाल, बस खाली करा कर पुलिस ने कंडक्टर से पूछताछ की. उस ने बताया कि जौनी नगीना रेलवे फाटक पर पैट्रोलपंप चौराहे से बस में सवार हुआ था. वह कंडक्टर से आगे वाली सीट पर बैठ गया. उस के पास केवल एक छोटा सा बैग था. कंडक्टर से टिकट लेते समय उस ने कहा था कि उसे बढ़ापुर से पहले उतरना है. इस पर कंडक्टर ने कहा, ‘‘जहां उतरना हो, उतर जाना लेकिन टिकट बढ़ापुर का ही लगेगा.’’

कंडक्टर से टिकट लेने के बाद उस ने मुंह पर सफेद कपड़ा लपेट लिया था.  पुलिस ने जौनी की लाश की तलाशी ली तो उस के पास यूएस मेड पिस्तौल के अलावा एक बैग मिला. उस के बैग में जैकेट व एक जोड़ी कपड़े थे. साथ ही सैमसंग का मोबाइल, 67 रुपए, 16 कारतूस, आधार कार्ड, पैन कार्ड और इनकम टैक्स का एक सर्टिफिकेट भी बैग में मिले.

दरअसल, जौनी कहीं से पिस्तौल हासिल कर के अकेला ही अपने दुश्मनों को खत्म करने निकला था. लेकिन उस के सामने 2 दिन में ही कई समस्याएं आ खड़ी हुई थीं. न उस के पास खाना खाने को पैसा था और न सोनेछिपने की जगह. किसी से उसे कोई मदद भी नहीं मिल पा रही थी. 26 सितंबर के बाद से उस ने अपना मोबाइल फोन भी इस्तेमाल नहीं किया था. कह सकते हैं कि वह किसी के भी संपर्क में नहीं था.

बहरहाल, जौनी की मौत के बाद पुलिस ने चैन की सांस ली. यह रहस्य ही रहा कि जौनी ने अपनी बेइज्जती के मामले को इतनी लंबी अवधि तक क्यों पाले रखा. जाहिर है जरूर कोई ऐसी बात रही होगी जो उस के दिल में कांटे की तरह नहीं चुभी, बल्कि छुरी बन कर दिल में उतरी होगी. वरना उच्चशिक्षा प्राप्त जौनी इतना बड़ा खूनी खेल नहीं खेलता.

जो भी हो, जौनी ने 3 कत्ल किए थे. पकड़ा जाता तो निस्संदेह या तो उस की पूरी जिंदगी जेल में बीतती या फिर उस के गले में फांसी का फंदा पड़ता.

लगता है कि इस बात को जौनी अच्छी तरह समझता था और उस ने अपनी मौत की राह पहले ही तय कर ली थी.

जौनी के 2 पत्र

26 सितंबर को राहुल और कृष्णा की हत्या के बाद भीमसेन कश्यप की शिकायत पर पुलिस ने अश्विनी उर्फ जौनी के अलावा उस के पिता, भाई और अन्य को भले ही केस में शामिल कर लिया था, लेकिन हकीकत यह थी कि जौनी खुद अपने घर वालों के व्यवहार से आहत था.

पुलिस को जौनी के लिखे 2 पत्र मिले थे, जिन में से एक उस की पैंट की जेब से मिला था और दूसरा उस के घर से. घर से मिले पत्र में यह बात साफ हो गई कि घर वाले उसे पसंद नहीं करते थे. उसे इस बात का दुख था कि घर वालों ने भी उस की भावनाओं को नहीं समझा.

घर से मिले पत्र में जौनी ने लिखा, ‘मेरी बहन को एक युवक ने छेड़ा तो मैं ने उसे सबक सिखाया. डांस करते हुए बहन की वीडियो बना ली गई तो मैं वीडियो बनाने वाले से भिड़ गया. बहन की शादी में जो बाइक दी गई, वह मैं ने अपने पैसों से, अपने नाम से खरीदी थी. बहन ने दूसरी जगह शादी की तब भी मैं ने पूरी तरह उस का साथ दिया. इस के बावजूद बहन ने मुझे गलत ठहराया.’

इस पत्र में जौनी ने और भी कई मामलों का जिक्र करते हुए घर वालों के गिलेशिकवों का जिक्र किया था. जबकि वह शुरू से ही उन की मदद करता आया था. जौनी की जेब से जो पत्र मिला, उस पत्र को वह पुलिस थाने तक पहुंचाना चाहता था. इस पत्र में उस ने लिखा कि वह जानता है कि उस ने 3 हत्याएं की हैं. लेकिन इस अपराध के लिए वह सरेंडर करना चाहता है.

उस ने आगे लिखा, बढ़ापुर थाने के कुछ पुलिसकर्मी बहुत अच्छे हैं. उन की वह इज्जत करता है. वह सरेंडर करना चाहता है, लेकिन उस के साथ मारपीट न हो, बेइज्जत न किया जाए. पुलिस अच्छा काम कर रही है, मुझे ढूंढ रही है. मैं सरेंडर करने को तैयार हूं.

लेकिन वह अपने इस पत्र को पुलिस तक पहुंचा नहीं पाया. हो सकता है, सुसाइड वाली रात वह सरेंडर करने के लिए ही बढ़ापुर जा रहा हो.

जो भी हो, मामला पत्रों का हो या फेसबुक का, अश्विनी उर्फ जौनी ने स्वयं को पीडि़त साबित करने की कोशिश की. लेकिन पीडि़त होने का मतलब यह नहीं है कि अपराधों की राह पर उतर जाओ.

2 करोड़ की प्रीत : चेतन हुआ ब्लैकमेलिंग का शिकार

25 सितंबर, 2019 तक मध्यप्रदेश में उजागर हुए सैक्स स्कैंडल जिसे मीडिया ने हनीट्रैप नाम दिया था, का मुकम्मल बवाल मच चुका था. हर दिन इस स्कैंडल से जुड़ी कोई खबर सनसनी पैदा कर रही थी. राजनैतिक और प्रशासनिक गलियारों में काम कम इस देशव्यापी स्कैंडल और उस से जुड़े अधिकारियों और नेताओं की चर्चा ज्यादा हो रही थी कि इस में कौनकौन फंस सकते हैं.

लेकिन जब सरकार ने इस स्कैंडल की जांच के बाबत विशेष जांच दल का गठन कर दिया तो चर्चाएं और खबरें धीरेधीरे कम होने लगीं और दीवाली आतेआते लोगों की जिज्ञासा भी खत्म होने लगी.

जो लोग यह जानने को उत्सुक थे, उन नेताओं और अधिकारियों के असल चेहरे और नाम उजागर होंगे, जिन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा था, उन की उत्सुकता भी ठंडी पड़ गई थी.

लोगों ने मान लिया कि इस कांड का हाल भी व्यापमं घोटाले जैसा होना तय है, जिस में कोई नहीं फंसा था और जो फंसे थे वे सीबीआई जांच के बाद दोषमुक्त हो गए थे.

अगर यही होना था तो इतना बवंडर क्यों मचा, इस सवाल का सीधा सा जवाब यही निकलता है कि मकसद चूंकि इस में फंसे शौकीन रंगीनमिजाज राजनेताओं और अधिकारियों को और ज्यादा ब्लैकमेलिंग से बचाना था, इसलिए इंदौर नगर निगम के एक इंजीनियर हरभजन सिंह को बलि का बकरा बनाया गया और आरोपियों को जेल भेज कर बाकियों को कुछ इस तरह बचा लिया गया कि सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे.

इस सैक्स स्कैंडल की सनसनी का इकलौता फायदा यह हुआ कि जो दूसरे मर्द इस तरह की ब्लैकमेलिंग का शिकार हो रहे थे, उन में से कुछ को हिम्मत बंधी कि अगर पुलिस में रिपोर्ट लिखाई जाए तो ब्लैकमेलिंग से छुटकारा मिल सकता है. क्योंकि इंदौर भोपाल के सैक्स स्कैंडल में काररवाई ब्लैकमेल करने वाली बालाओं के खिलाफ हुई थी और पीडि़त पुरुष साफ बच गए थे.

मुमकिन है कि आने वाले वक्त में कुछ बड़े नाम सामने आएं, लेकिन यह अंजाम कांड के आगाज जैसा हाहाकारी तो कतई नहीं होगा.

ऐसे ही एक शख्स हैं छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के युवा हार्डवेयर व्यापारी चेतन शाह, जिन्हें मध्य प्रदेश की सनसनी से लगा कि अगर पुलिस की मदद ली जाए तो ब्लैकमेलिंग से मुक्ति मिल जाएगी. शर्त बस इतनी सी है कि पहले पुलिस को ईमानदारी से सच बता दिया जाए कि वे प्रीति तिवारी नाम की खूबसूरत बला के बिछाए प्रीत जाल में कैसे फंसे थे और अब तक कितना पैसा उस पर उड़ा चुके थे या फिर ब्लैकमेल हो कर मजबूरी में दे चुके थे.

अक्ल आई तो चेतन पहुंचे एसपी के पास  रायपुर के पौश इलाके वीआईपी एस्टेट तिराहा के पास पाम बेलाजियो बी-201, मोहबा पंढरी में रहने वाले चेतन की दुकान का नाम बाथ स्टूडियो है जो देवेंद्र नगर में है.

25 सितंबर की शाम कोई पांच साढ़े पांच बजे चेतन मन में उम्मीदें और आशंकाएं दोनों लिए रायपुर के सिटी एडीशनल एसपी के औफिस पहुंचे. चेतन की रायपुर में अपनी एक अलग साख और पहचान है, जिस से हर कोई वाकिफ है.

बीते 5 सालों से उन पर क्या गुजर रही थी, इस का अंदाजा किसी को नहीं था. यह दास्तां सिलसिलेवार उन्होंने एडीशनल एसपी प्रफुल्ल ठाकुर को सुनाई तो उन की आंखें चमक उठीं कि कहीं ऐसा तो नहीं कि प्रीति के तार भी मध्य प्रदेश के सैक्स स्कैंडल और गिरोह से जुड़े हों.

चेतन ने प्रफुल्ल ठाकुर को जो बताया, वह भोपाल इंदौर के मामलों से मेल खाता हुआ था, जिन में सैक्सी सुंदरियों ने पूरी दबंगई से अच्छेअच्छे अफसरों और रसूखदार नेताओं को अपनी अंगुलियों पर नचाया था, क्योंकि उन के पास वे वीडियो थे जिनमें ये नेता, अधिकारी उन्मुक्त हो कर रंगरलियां मना रहे थे. ये वीडियो अगर उजागर हो जाते तो ये लोग समाज में कहीं मुंह दिखाने के काबिल नहीं रह जाते.

यही हाल चेतन का था, 6 साल पहले जिन की दोस्ती प्रीति तिवारी से फेसबुक पर हुई थी. 28 वर्षीय चेतन का करोड़ों का कारोबार था और घर में या जिंदगी में किसी चीज की कमी नहीं थी. वे दिनरात अपने कारोबार में डूबे रहते थे और बचा वक्त पत्नी और नन्ही बेटी के साथ गुजारते थे.

आमतौर पर ऐसा होता है कि जब आदमी कामयाबियों की सीढि़यां चढ़ रहा होता है तो उस के सामने कई तरह के प्रलोभन आते हैं, जिन से समझदार आदमी तो बच कर आगे बढ़ जाता है, जबकि नासमझ इस में फंस कर अपना सब कुछ गंवा बैठते हैं. यही चेतन के साथ भी हुआ था.

20 वर्षीय प्रीति तिवारी मूलत: अनूपपुर की रहने वाली है, जहां उस के पिता कांट्रेक्टर हैं. उन की बड़ी इच्छा थी कि बेटी डाक्टर बने लेकिन प्रीति पढ़ाईलिखाई में औसत थी. इसलिए वह मैडिकल की एंट्रेस परीक्षा पास नहीं कर सकी.

पिता ने भागादौड़ी कर यह सोचते हुए उसे बिलासपुर के एक डेंटल कालेज में दाखिला दिला दिया था कि चलो डेंटिस्ट ही बन जाएगी तो प्रीति के नाम के आगे डाक्टर तो लग जाएगा. फिर उस की शादी भी किसी डाक्टर या दूसरे काबिल लड़के से कर वह अपनी जिम्मेदारी पूरी कर लेंगे.

जिस माहौल में प्रीति की परवरिश हुई थी, उस में कोई खास बंदिशें नहीं थीं और नसीहतें भी उतनी ही थीं जितनी आम मध्यमवर्गीय लड़कियों को हर घर में मिलती हैं. उसे कभी पैसे की कमी भी महसूस नहीं हुई थी. अनूपपुर में तो वह सलीके से रही लेकिन जब बिलासपुर आई तो न केवल खुद बदल गई बल्कि उस की जिंदगी भी बदल गई.

पिता ने पैसे और पहुंच के दम पर उसे डेंटल कालेज में दाखिला तो दिला दिया था, लेकिन प्रीति का मन पढ़ाई में बिलकुल नहीं लगता था. वह दिनरात सोशल मीडिया पर व्यस्त रहती थी, नतीजतन फेल होने लगी. चैटिंग के दौरान उस ने कई पुरुष मित्र बना डाले थे. इन की दीवानगी और बेताबी देख प्रीति को मजा आने लगा था. हर कोई उस से अंतरंग यानी सैक्सी बातें करना चाहता था.

अब तक उस का इरादा केवल टाइम पास करना और मजे लूटना था, इसलिए वह किसी के साथ हद से ज्यादा नहीं बढ़ी थी लेकिन 4 साल फेल होतेहोते जब यह तय हो गया कि वह और आगे पढ़ाई नहीं कर पाएगी तो वह घबरा उठी. इस घबराहट की पहली वजह उस आजादी का छिन जाना था जो बिलासपुर आ कर उसे मिली थी, दूसरा थोड़ा डर या लिहाज मातापिता का था कि उन्हें कैसे बताएगी कि लगातार सब्जेक्ट ड्राप लेतेलेते उसे कालेज से बाहर किया जा रहा है.

ऐसे में उस के दिमाग में एक खतरनाक खयाल आया और आया तो उस ने इस पर अमल भी कर डाला. इसी दौरान उस से चेतन की दोस्ती हुई थी. दोनों हल्कीफुल्की चैटिंग भी करते थे. इसी बातचीत में प्रीति को पता चला कि चेतन करोड़ों की आसामी है. तब उस ने सिर्फ इतना भर सोचा कि अगर चेतन उस के हुस्न जाल में फंस जाए तो जिंदगी ऐशोआराम से कटेगी.

प्रीति थी भी ऐसी कि उसे देख कर कोई भी उस पर न्यौछावर हो जाता. भरेपूरे गदराए बदन की मालकिन, तीखे नैननक्श, गोरा रंग, रहने का अपना शाही स्टाइल और माशाअल्लाह अदाएं. वह अकसर इतने टाइट कपड़े पहनती थी कि उस के उन्नत उभार बरबस हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच ही लेते थे.

कुल जमा प्रीति नए जमाने की एक ऐसी तितली थी जिस ने बिलासपुर में रहते कोर्स को तो न के बराबर पढ़ा लेकिन औनलाइन प्यार और सैक्स का सिलेबस इतना पढ़ डाला था कि अगर कोई यूनिवर्सिटी इस में डाक्टरेट की उपाधि देती होती तो प्रीति का नाम उस की लिस्ट में सब से ऊपर होता.

फेसबुक से हुई शुरुआत   प्रीति ने मौजमस्ती की जिंदगी गुजारने का जो प्लान तैयार किया था, उस में चेतन उस के निशाने पर थे. प्रीति से चैट करतेकरते उन्हें नएपन और रोमांस की जो फीलिंग आती थी, वैसी तो शायद जवानी में और शादी के पहले भी नहीं आती थी.

धीरेधीरे दोनों सोशल मीडिया पर खुलने लगे तो चेतन को भी मजा आने लगा कि एक निहायत खूबसूरत मैडिकल स्टूडेंट उन्हें प्यार करने लगी है और वह भी इतने उतावलेपन से कि उन पर अपना सब कुछ न्यौछावर करने को तैयार है.

जब चैटिंग से बजाय सुकून मिलने के बेकरारी बढ़ने लगी तो दोनों का दिल मिलने को मचलने लगा. चेतन उस से बातें तो हर तरह की कर रहे थे लेकिन यह कहने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे कि जानू और मत तड़पाओ अब ये दूरियां बरदाश्त नहीं होतीं, मन तो मिल ही चुके हैं अब तन भी मिल जाएं तो इश्क मुकम्मल हो जाए.

ऐसा शायद इसलिए था कि चेतन पर कारोबारी और पारिवारिक दबाव था और वे प्रीति के सामने अपनी इमेज पाकसाफ रखना चाहते थे. लेकिन स्क्रीन पर उस की कसी और गदराई देह देख खुद को जब्त भी नहीं कर पा रहे थे.

फिर एक दिन प्रीति ने उन की कशमकश यह कहते दूर कर दी कि आ जाओ बिलासपुर. इस खुली पेशकश पर वे और घबरा उठे. शायद यही नहीं तय है कि चेतन की हिम्मत अपनी प्रतिष्ठा, मर्यादा और संस्कार तोड़ने की नहीं हो रही थी और प्रीति इस कमजोरी को बखूबी समझ रही थी.

चेतन की इस कमजोरी में ही उसे अपना सुनहरा भविष्य नजर आ रहा था, क्योंकि कोई और छिछोरा, लंपट या मजनूं टाइप का आयटम होता तो पैरों के बल दौड़ता, लार टपकाता बिलासपुर आता और अपनी जरूरत या हवस पूरी कर चला जाता.

इस समीकरण को भांपते खुद प्रीति ही एक दिन रायपुर पहुंच गई और वहां के एक महंगे नामी होटल में रूम ले कर ठहरी. चेतन को जब उस ने फोन किया तो उन की बांछें खिल गईं और दिल में नएनए प्रेमियों जैसा डर भी बैठ गया कि न जाने क्या होगा पहली मुलाकात में. शाम को जब वे प्रीति के होटल पहुंचे तो आलीशान और भव्य कमरे में जो हुआ वह उन की कल्पना से परे था. प्रीति केवल बेपनाह खूबसूरत ही नहीं थी, बल्कि सैक्स के खेल में भी उतनी ही उन्मुक्त थी, जितनी कि रहनसहन में थी.

वह एक ऐसी शाम थी जिस पर चेतन अपना सब कुछ लुटा देने को तैयार हो गए. हालांकि जब वे यह सोच रहे थे कि प्रीति से उन की प्रीत या दोस्ती यहीं तक सीमित रहेगी लेकिन प्रीति जो सोच रही थी, उस का वे अंदाजा भी नहीं लगा सकते थे.

मनचाहा मजा दे कर प्रीति रायपुर से वापस बिलासपुर लौट तो गई लेकिन चेतन के दिल और जिंदगी में मुकम्मल खलबली मचा गई. जाने के बाद दोनों के बीच फोन और सोशल मीडिया पर बातचीत होती रही और दोनों उस रात की यादें और अनुभव साझा करते रहे.

फंसे फिर धंसते गए  चेतन का मन अब चैटिंग से नहीं भर रहा था, लिहाजा उस रात जैसा लुत्फ हर कभी उठाने के लिए वे खुद बिलासपुर जाने लगे. वे भी वहां के महंगे होटलों में ठहरते थे, इस से एक फायदा यह था कि ऐसे होटलों में कोई आप के प्राइवेट मामलों में दखल नहीं देता कि कौनकौन आजा रहा है और कमरे के अंदर क्या हो रहा है. प्रीति होटल के उन के रूम में आती थी दोनों मौजमस्ती भरा मनचाहा सैक्स करते थे और एकाध दो दिन बाद चेतन रायपुर लौट जाते थे.

जाने से पहले वे प्रीति को बेशकीमती तोहफे दिलाते थे और उस पर दिल खोल कर खर्च करते थे. यही प्रीति चाहती भी थी. उस का मकसद मुफ्त के मजे लेना और पैसा हथियाना था. लेकिन इस दौरान वह चेतन को यह अहसास जरूर कराती रहती थी कि वह कोई ऐसीवैसी बाजारू लड़की नहीं है, बस उसे तो उन से प्यार हो गया है.

चेतन के मन में कोई संशय न रहे इस बाबत भी प्रीति ने साफ कर दिया था कि वह जानती है कि उन की पत्नी है, छोटी सी बेटी है, अपनी इज्जत है, घरगृहस्थी और कारोबार है. वह इस में कभी अड़ंगा नहीं बनेगी, उसे तो बस अपने हिस्से का वक्त और प्यार चाहिए.

बिस्तर में कुलांचे भरने वाली प्रीति की यह अदा भी चेतन को आश्वस्त करती थी कि वह उन्हें चाहती है. खुद के बारे में भी वह बता चुकी थी कि उस के पिता मनेंद्रगढ़ में ठेकेदारी करते हैं और उन के पास पैसों की कोई कमी नहीं है.

वह चेतन को बताती थी कि तुम में जाने क्या है जो मैं कइयों को ठुकरा कर तुम पर मर मिटी. खैर, मर ही मिटी हूं तो जब तक तुम चाहोगे तुम्हारी रहूंगी और नहीं चाहोगे तो भी तुम्हारे नाम की माला जपती रहूंगी.

चेतन के पास पैसों की कोई कमी तो थी नहीं, कारोबार मुनाफे में चल रहा था लिहाजा लाख 2 लाख रुपए तो वे अपनी इस समर्पित प्रेमिका पर यूं ही उड़ा देते थे. देखा जाए तो प्रीति एक तरह से चेतन की रखैल बन गई थी. उधर चेतन को बेफिक्री यह थी कि इस से उन का कुछ नहीं बिगड़ रहा था, बल्कि स्वर्ग जैसा जो सुख मिल रहा था, उस का कोई मोल नहीं था. लिहाजा प्रीति पर पैसे लुटाने की तादाद बढ़ती जा रही थी.

अब तक शायद प्रीति के मन में भी यही था कि जितना हो सके मालमत्ता लपेट लो बाद की बाद में देखी जाएगी. वह चेतन को अपने हुस्न जाल और सैक्सी अदाओं से फंसाए रखने का कोई टोटका नहीं छोड़ती थी. उस के लिए चेतन एक तरह से सोने का अंडा देने वाली मुर्गी था.

प्रीति की पैसों की जरूरत तो पूरी हो रही थी, लेकिन वह जानती थी यह अस्थाई है और अगर यह स्थाई हो जाए तो फिर जिंदगी भर कुछ नहीं करना पड़ेगा. इधर कालेज छोड़ने का वक्त भी नजदीक आ रहा था. ऐसे में अगर वह अनूपपुर वापस चली जाती तो चेतन के साथसाथ उस की दौलत भी छूट जाती.

लिहाजा उस ने एक दिन दुखी होने का नाटक करते हुए चेतन को वे बातें बता दीं जिन का अपना एक मकसद भी था. चेतन को भी यह जान कर झटका लगा कि अगर प्रीति घर वापस चली गई तो सब कुछ आज जैसा आसान नहीं रह पाएगा. लेकिन क्या किया जाए, इस का हल उन्हें नहीं सूझ रहा था.

प्लान के मुताबिक यह समस्या भी प्रीति ने ही यह कहते हुए दूर कर दी कि अगर तुम मुझे रायपुर में फ्लैट दिला दो तो मैं वहीं रह जाऊंगी. फिर हमारी मौजमस्ती में कोई अड़चन पेश नहीं आएगी. इस सुझाव पर चेतन को भी लगा कि सौदा घाटे का नहीं है क्योंकि अभी वे होटलों में ठहरने, खानेपीने और तोहफों पर जो खर्च कर रहे हैं, वह बच जाएगा और प्रीति से मिलने जाने में कोई डर नहीं रहेगा.

लिहाजा उन्होंने प्रीति को रायपुर के गायत्री नगर इलाके में 50 लाख रुपए का फ्लैट दिला दिया और अपनी एक हुंडई कार भी दे दी, जिस से उसे उन की गैरहाजिरी में घूमनेफिरने में कोई परेशानी न हो. प्रीति फ्लैट में शिफ्ट हो गई और चेतन के पैसों पर ऐश की जिंदगी गुजारने लगी. जब भी जरूरत होती वह चेतन से खर्च के नाम पर पैसे मांग लेती थी और चेतन भी मांगा हुआ पैसा उसे दे देते थे.

जिंदगी अब मजे से गुजर रही थी, चेतन का जब मन होता था तब वे प्रीति के साथ मौजमस्ती करने चले जाते थे. अब मन में रहासहा डर भी खत्म हो गया था. क्योंकि लंबे समय से वे यही कर रहे थे और किसी को हवा भी नहीं लगी थी. प्रीति भी इस बात का ध्यान रखती थी कि जब चेतन कारोबार में व्यस्त हों या फिर घर पर हों, तब उन्हें डिस्टर्ब नहीं करना है.

मांबाप भी जान गए प्रीति की हकीकत  अब तक मांबाप से झूठ बोल कर तरहतरह के बहाने बनाने वाली प्रीति को अब अपना भविष्य गारंटीड दिख रहा था, इसलिए साल 2015 में उस ने अपनी मम्मीपापा को भी रायपुर बुला लिया. इन दोनों ने बेटी से उस की आलीशान जिंदगी के बारे में क्या पूछा और जवाब में उस ने क्या बताया यह तो पता नहीं, लेकिन उन की समझ यह जरूर आ गया था कि यह सब चेतन की मेहरबानियां हैं, लिहाजा जब यह नाजायज दामाद आए और प्रीति के बैडरूम में जाए तब उन्हें उन को डिस्टर्ब नहीं करना है.

चेतन के लिए यह सोने पे सुहागा जैसी बात थी, क्योंकि प्रीति अब परिवार सहित रह रही थी जो उन के लिए एक तरह का सुरक्षा कवच ही था.

चेतन प्रीति के लिए एक ऐसी एटीएम मशीन बन गया था जिस में वह अपनी सैक्सी अदाओं का पासवर्ड डाल कर मनचाहा पैसा निकाल लेती थी, जिस पर अब उस के मांबाप भी ऐश कर रहे थे.

अब तक चेतन प्रीति की प्रीत पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए उड़ा चुके थे और 5 साल का लंबा वक्त गुजर जाने के बाद उन्हें लगने लगा था कि प्रीति के चक्कर में अब व्यापार पहले सा नहीं चल रहा है और घाटा लगातार बढ़ता जा रहा है.

दूसरी ओर प्रीति की मांगें और फरमाइशें कम होने के बजाय बढ़ती जा रही थीं. आखिर वह चेतन की ब्याहता पत्नी तो थी नहीं, जो इस और ऐसी बातों का खयाल रखती. उसे तो बस पैसों से मतलब था.

जब चेतन इस मतलब को और पूरा करने में असमर्थता जताने लगे तो प्रीति को समझ आ गया कि अब वक्त आ गया है कि आखिरी दांव खेला जाए. एक दिन जब चेतन ने उस के फ्लैट पर और पैसे देने से कुछ गिड़गिड़ाते और कुछ सख्ती दिखाते हाथ खड़े कर दिए तो प्रीति ने अपना असली रंग दिखाते हुए उन के सामने वे वीडियो दिखा दिए, जिन में दोनों तरहतरह से रतिक्रीड़ाएं करते नजर आ रहे हैं. ये वीडियो वक्तवक्त पर प्रीति छुपे कैमरे से बनाती रही थी.

चेतन के होश उस वक्त और फाख्ता हो गए, जब प्रीति ने खुली धौंस दे डाली कि अगर पैसे नहीं दिए तो ये वीडियो तुम्हारी पत्नी को दिखा दूंगी और पूरे रायपुर में वायरल भी कर दूंगी. मेरा जो बिगड़ेगा मैं भुगत लूंगी, तुम अपनी सोचो और बताओ क्या करना है.

अब चेतन की चेतना जागी कि वे सरासर ब्लैकमेल किए जा रहे हैं. साथ ही यह बात भी उन की समझ में आ रही थी कि कल तक रखैल की तरह खुशीखुशी तैयार रहने वाली प्रीति क्यों कुछ महीनों से उन से शादी करने को कह रही थी. वह जानती थी कि चेतन पत्नी, बच्ची और सामाजिक प्रतिष्ठा की वजह से कभी शादी के लिए तैयार नहीं होंगे, लिहाजा उन पर मानसिक दबाव बनाया जाए.

एंट्री रिंकू शर्मा की  आज नहीं तो कल, चेतन पैसे देना बंद कर देगा यह बात भी प्रीति को समझ आ गई थी. लिहाजा कुछ दिन पहले ही उस ने फेसबुक पर एक दूसरा मुर्गा खोज लिया था. इस नए आशिक का नाम था रिकचंद शर्मा उर्फ रिंकू. हरियाणा के इस कारोबारी को भी प्रीति ने वैसे ही फांसा था जैसे 6 साल पहले चेतन को फांसा था.

अब तक प्रीति चेतन को इतना निचोड़ चुकी थी कि यह करोड़पति कंगाली के कगार पर आ पहुंचा था. चेतन ने प्रीति की मांग पूरी करने के लिए रिश्तेदारों से भी पैसा उधार लिया था और व्यापारियों से भी. इतना ही नहीं, उन्होंने शंकरनगर के इलाके का अपना आलीशान मकान भी 1 करोड़ 42 लाख रुपए में बेच दिया था, जिस का बड़ा हिस्सा उधारी चुकाने में चला गया था.

इस के बाद भी वह फाइनल सेटलमेंट के तौर पर आखिरी किस्त के 50 लाख रुपए की मांग कर यह भरोसा दिला रही थी कि इस के बाद वह विदेश चली जाएगी और फिर कभी चेतन को ब्लैकमेल नहीं करेगी.

दरअसल, प्रीति रिंकू को भी रायपुर बुलाने लगी थी और वही मौजमस्ती उस के साथ कर रही थी, जिस का सिलसिला कभी बिलासपुर से चेतन के साथ शुरू हुआ था. रिंकू को बुलाते वक्त वह इस बात का ध्यान रखती थी कि उस का और चेतन का आमनासामना न हो.  वह यह भी नहीं चाहती थी कि चेतन और उस के संबंधों का राज रिंकू पर खुले, क्योंकि रिंकू भी उस पर खुले हाथ से पैसा खर्च कर रहा था.

रिंकू भी प्रीति की कसी देह और अदाओं पर मर मिटा था. उस का इरादा विदेश में कहीं बस कर कारोबार करने का था. यह बात जान कर प्रीति को लगा कि अब वक्त आ गया है कि चेतन से जितना हो सके, पैसा झटक लो और फिर रायपुर से उड़नछू हो जाओ.

लेकिन एक दिन उस वक्त गड़बड़ हो गई जब सरप्राइज देने की गरज से रिंकू हरियाणा से बिना बताए प्रीति के घर जा पहुंचा और वह भी सीधे बैडरूम में, जहां चेतन और प्रीति गुत्थमगुत्था पड़े थे.

पोल खुल गई तो प्रीति घबरा उठी कि रिंकू अब पता नहीं क्या करेगा. चेतन बहुत कुछ समझने की कोशिश करते हुए चुपचाप कपड़े पहन कर चले गए तो प्रीति ने रिंकू को सब कुछ साफसाफ बता देने में ही बेहतरी समझी.

उसे उम्मीद या डर था कि रिंकू उस पर गरजेगाबरसेगा, बेवफाई का इल्जाम लगा कर उलटे पांव हरियाणा लौट जाएगा लेकिन रिंकू उस का भी उस्ताद निकला. उस ने उसे अपनी बांहों के शिकंजे में कस कर धीरे से कहा कि जब उसे लूट ही रही हो तो पूरा लूट लो फिर हम दोनों इत्मीनान से विदेश में जा कर बस जाएंगे.

देखतेदेखते बंटी और बबली की इस नई जोड़ी ने मिल कर चेतन को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. प्रीति ने चेतन से यह कहा था कि 50 लाख और दे दो क्योंकि मुझे वीजा बनवाना है. विदेश जा कर तुम्हारामेरा रिश्ता और सब कुछ खत्म हो जाएगा फिर तुम इत्मीनान से अपना घर और कारोबार देखना. क्योंकि मैं रिंकू से शादी करने वाली हूं.

लेकिन चेतन के पास अब कुछ नहीं बचा था. प्रीति की प्रीत की असलियत सामने थी और अब तो उस में रिंकू भी शामिल हो गया था. पाईपाई को मोहताज हो चले चेतन को मध्य प्रदेश के सैक्स स्कैंडल से हिम्मत बंधी तो वह सीधे एडीशनल एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के चैंबर में जा पहुंचे और अपनी आपबीती सुना कर इंसाफ की मांग की.

यूं फंसी पुलिसिया जाल में  प्रफुल्ल ठाकुर ने चेतन की कहानी इत्मीनान और विस्तार से सुनी और उन्हें उस पर तरस और गुस्सा दोनों आए. चूंकि अपनी कहानी के साथसाथ चेतन ब्लैकमेलिंग के सारे सबूत उन्हें दे चुके थे कि उन्होंने कबकब कितने पैसे प्रीति को दिए, इसलिए उन्होंने प्रीति के खिलाफ रायपुर के पंडरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा कर जाल बिछा दिया.

दरअसल, प्रीति ने चेतन को 50 लाख रुपए की आखिरी किस्त के बाबत 26 सितंबर की तारीख दी थी, इसलिए उसे रंगेहाथों पकड़ने का मौका पुलिस ने नहीं छोड़ा. इस के पहले प्रीति चेतन की 2 और महंगी कारें रिंकू के सहयोग से छीन कर अपने कब्जे में ले चुकी  थी. जाहिर है, विदेश जाने से पहले वह इन्हें भी बेच देने का मन बना चुकी थी.

26 सितंबर को पुलिस के प्लान के मुताबिक चेतन ने प्रीति को फोन कर पैसों का इंतजाम हो जाने की खबर दी तो प्रीति के पर फड़फड़ाने लगे कि अब मकसद पूरा हो गया. रकम देने रायपुर की जगह कंचना रेलवे क्रौसिंग तय हुई. बातचीत में प्रीति ने बताया भी कि वह पैसे लेने अकेली आएगी और चेतन चाहेगा तो उसे आखिरी बार वह शारीरिक सुख भी देगी जो पहली बार बिलासपुर में दिया था.

प्रफुल्ल ठाकुर ने आननफानन में महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में कंचना रेलवे क्रौसिंग के आसपास तैनात किया और चेतन को एक सूटकेस में नोटों के आकार के कागज के टुकड़े भर कर दे दिए.

शाम को जैसे ही प्रीति ने चेतन से रुपयों का सूटकेस लिया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. इस पर प्रीति सकपका उठी, जिसे सपने में भी चेतन के पुलिस के पास जाने की उम्मीद नहीं थी. लेकिन जो भी था, वह सामने था. पंडरी थाने में पहले तो वह ब्लैकमेलिंग की बात से मुकर गई लेकिन जल्द ही टूट भी गई. उस ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

ताबड़तोड़ काररवाई हुई और प्रीति के फ्लैट पर छापा मार कर पुलिस ने नकदी और वे जेवरात भी बरामद किए जो वक्तवक्त पर चेतन उसे उपहार में देते रहे थे.

प्रीति के कंप्यूटर, मोबाइल और लैपटौप भी जब्त कर फोरैंसिक जांच के लिए भेज दिए गए. फिर पुलिस रिंकू के पीछे पड़ गई जो प्रीति की गिरफ्तारी की खबर सुन कर फरार हो गया था. इस कहानी के लिखे जाने तक रिंकू गिरफ्तार नहीं हो पाया था.

मांबाप भी थे शामिल  छानबीन आगे बढ़ी तो यह भी स्पष्ट हुआ कि ऐसा होना मुमकिन ही नहीं था कि मांबाप को यह न मालूम हो कि प्रीति यह पैसा कैसे कमा रही थी. जब चेतन का उन के फ्लैट पर आनाजाना था और इस के बाद रिंकू का भी तो पुलिस को यकीन हो गया कि प्रीति के पिता रमाकांत तिवारी भी इस ब्लैकमेलिंग में शामिल हैं और वह भी बेहद शर्मनाक तरीके से.

अब तक पुलिस का अंदाजा था कि प्रीति के तार मध्य प्रदेश के सैक्स स्कैंडल से जुड़े होंगे, लिहाजा पुलिस प्रीति और रमाकांत को ले कर इंदौर आई जहां सैक्स स्कैंडल का खुलासा हुआ था. लेकिन धीरेधीरे यह स्पष्ट हो गया कि इन दोनों मामलों का सीधे कोई लेनादेना नहीं था. हां, इतना जरूर है कि रमाकांत तिवारी को ठेकेदारी में जबरदस्त घाटा हुआ था इसलिए प्रीति ने मांबाप को रायपुर बुला कर कपड़े की दुकान खुलवा दी थी, जोकि एक कांग्रेसी नेता की थी.

छानबीन में यह भी पता चला कि रमाकांत तिवारी की अनूपपुर और मनेंद्रगढ़ में खासी इज्जत है और उन के परिवार के एक दिग्गज भाजपाई नेता से भी संबंध हैं. लेकिन इन सब बातों का ब्लैकमेलिंग से संबंधित होना नहीं पाया गया.

इधर प्रीति की मां मीडिया के सामने बेटी के बेगुनाह होने की बात यह कहते हुए करती रहीं कि वह बेकसूर है उसे फंसाया गया है और जो पैसा था वह प्रीति के मंगेतर रिंकू का दिया हुआ था. इस बात में कोई दम नहीं था क्योंकि चेतन प्रीति को दिए गए पैसों का ब्यौरा मय सबूत के पुलिस को दे चुके थे. (देखें बॉक्स)

यानी रिंकू के साथसाथ प्रीति के मातापिता भी चेतन को ब्लैकमेलिंग में शामिल थे. फिर अकेली प्रीति को कैसे गुनहगार ठहराया जा सकता है. अब प्रीति और रमाकांत ब्लैकमेलिंग के आरोप में जेल में हैं और चेतन ने मुकम्मल बदनामी झेलने के बाद चैन की सांस ली है कि चलो पिंड छूटा.

शायद वे इकलौते शख्स होंगे जो मध्य प्रदेश के सैक्स स्कैंडल के आभारी होंगे, जिस के चलते वे पुलिस के पास जा कर ब्लैकमेलर्स गैंग से टकराने और निपटने की हिम्मत जुटा पाए.

लेकिन एक बात जिस से वे भी मुकर नहीं सकते, वह यह है कि शुरुआत में वे अपनी बेवकूफी और हवस के चलते प्रीति की प्रीत में फंसे थे. तब प्रीति की मंशा भी उन्हें ब्लैकमेल करने की नहीं, बल्कि सिर्फ मौजमस्ती की थी. लेकिन बाद में हालात ऐसे बनते गए कि उसे ब्लैकमेलिंग पर उतारू होना पड़ा. पिता को ठेकेदारी में घाटा और रिंकू का साथ भी इस खेल में अहम रहा.

यह सैक्स स्कैंडल और ब्लैकमेलिंग कांड दिलफेंक मर्दों के लिए एक सबक है, जो देह की चिकनी सड़क पर पांव रखते ही फिसल जाते हैं और फिर गाढ़ी कमाई का बड़ा हिस्सा अपनी करतूतें ढंकने के लिए ब्लेकमेलर्स पर लुटाने को मजबूर हो जाते हैं.

किस्तों में कंगाल हुआ करोड़पति जिस नाजायज रिश्ते को छिपाने के लिए चेतन ने 2 करोड़ रुपए प्रीति पर लुटा डाले, उसे देख लगता है कि अगर उन के पास और पैसा होता तो वे यूं ही लुटते रहते. लगता ऐसा भी है कि ब्लैकमेलिंग की घोषित शुरुआत 2015 से हुई, जिस का आभास चेतन को हो चला था, इसलिए वे प्रीति को दी जाने वाली रकम का हिसाबकिताब रखते थे और उन की हर मुमकिन कोशिश डिजिटल पेमेंट की होती थी, जिस से सनद रहे और वक्तबेवक्त काम आए और ऐसा हुआ भी.

प्रीति बाद में इतनी जबरदस्ती पर उतारू हो गई थी कि उस ने चेतन की 3 कारें उड़ा ली थीं. इसी साल जनवरी में चेतन ने शंकर नगर स्थित अपना आलीशान मकान 1 करोड़ 42 लाख रुपए में प्रीति मारवाह को बेचा था, जिस में से अधिकतर पैसा उस उधारी को चुकाने में चला गया जो उन्होंने दोस्तों और रिश्तेदारों से प्रीति को देने के लिए ली थी.

चेतन ने पुलिस को 46 लाख रुपए के ट्रांजैक्शन के सबूत दिए जो उन्होंने प्रीति के खाते में ट्रांसफर किए थे. इस के अलावा लगभग 30 लाख रुपए की ज्वैलरी वे उसे ब्लैकमेलिंग में दे चुके थे, जिसे पुलिस ने प्रीति के फ्लैट से जब्त भी किया.

घूमनेफिरने और होटलबाजी पर भी चेतन ने तबियत से पैसा फूंका था, जिस के चलते वे कंगाली के कगार पर आ गए थे. अगर यह मान भी लिया जाए कि 5 साल में उन्होंने अपनी अय्याशी पर करीब 2 करोड़ रुपए लुटाए, साथ ही वह ब्लैकमेलिंग के चक्कर में प्रीति पर सालाना 40 लाख रुपए खर्च कर रहे थे.

इस के बाद भी यह नाजायज रिश्ता छुपा नहीं रह सका, उलटे खुद चेतन को ही इसे उजागर करना पड़ा.

पुलिस के अलावा आम लोगों का भी यह अंदाजा सही लगता है कि कई पैसे वाले मर्द इस तरह की ब्लैकमेलिंग का शिकार हैं, लेकिन डर के चलते खामोश रहने मजबूर रहते हैं.