Hindi Crime Story: कोई बहन गलतियों का पिटारा बनने के बावजूद इतनी खुदगर्ज हो सकती है कि लालच में अपने ही एकलौते भाई की जान ले ले, सोचा भी नहीं जा सकता. लेकिन रचना तो ऐसी ही निकली. उसे क्या सजा मिलेगी, यह अलग बात है, लेकिन उस ने अपनी मां का आंचल तो सूना कर ही दिया. काले रंग की वह लेंसर कार बड़ी तेजी से लुधियानाअमृतसर मार्ग पर जालंधर बाईपास की ओर भागी चली जा रही थी. कार में करीब 60 साल की एक औरत और 26-27 साल का एक लड़का सवार थे. दोनों बहुत घबराए हुए लग रहे थे. लड़का कार चलाते हुए बारबार पीछे मुड़ कर देख रहा था. इस की वजह यह थी 3 मोटर साइकिलों पर सवार लोग कार का पीछा कर रहे थे और उसे लगातार ललकारते हुए रुकने को कह रहे थे.
जिस तरह कार भाग रही थी, उस से यही लग रहा था कि कार चलाने वाला लड़का काफी होशियार है, लेकिन जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही काफी थी, जिस की वजह से उसे कार भगाने में परेशानी हो रही थी. कई बार उस की कार दुर्घटनाग्रस्त होतेहोते बची थी. लेकिन उस कार चालक लड़के को संभवत: दुर्घटना की उतनी चिंता नहीं थी, जितनी पीछा करने वालों की थी. शायद इसीलिए वह किसी भी तरह उन की पकड़ से दूर निकल जाना चाहता था.
बगल वाली सीट पर बैठी औरत लड़के के कंधे पर अपना हाथ रख कर बारबार उसे सांत्वना दे रही थी. तभी कार अचानक झटका खा कर हिचकौले लेने लगी. इस से लड़के के चेहरे पर घबराहट झलकने लगी. उस ने फ्यूल गेज पर नजर डाली. सुई एकदम नीचे बैठ चुकी थी. उस ने बगल में बैठी औरत से कहा, ‘‘अब क्या होगा? कार का पैट्रोल खत्म हो गया है?’’
यह सुन कर महिला घबरा गई. अचानक चालक लड़के के दिमाग में न जाने क्या आया कि उस ने बड़ा खतरा उठाते हुए बगल में चल रहे ट्रक को एकदम से ओवरटेक किया और कार बाईं ओर वाले पेट्रौल पंप में घुसा दी. इस तरह वह मोटरसाइकिल सवारों को चकमा देने में सफल हो गया, क्योंकि ट्रक की वजह से मोटरसाइकिल सवार यह नहीं देख पाए कि कार किधर गई.
कारचालक लड़के ने जल्दीबाजी में पेट्रौल भरवाया. लेकिन जैसे ही वह पेट्रौल पंप से बाहर निकल कर कुछ दूर आगे सब्जी मंडी के पास पहुंचा, मोटरसाइकिल सवारों ने रास्ता रोक कर कार रुकवा ली. कार रुक गई तो मोटरसाइकिलों से आए लोग उसे घेर कर दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगे. लेकिन लौक होने की वजह से दरवाजे नहीं खुले. तब उन्होंने बाहर से ही कार पर धावा बोल दिया. वे लोग इतने उत्तेजित थे कि राहगीरों की परवाह किए बगैर कार पर अंधाधुंध ईंटपत्थर बरसाने लगे. लड़के और महिला ने मदद के लिए शोर भी मचाया, लेकिन हमलावर जिस तरह उत्तेजित और गुस्से में थे, उसे देख कर किसी की भी बचाव के लिए आगे आने की हिम्मत नहीं हुई.
कार के शीशे टूट गए तो हमलावरों द्वारा फेंके जाने वाली ईंटें चालक और महिला को लगने लगीं. हमलावरों में एक औरत भी थी, जो सब से ज्यादा पत्थर फेंक रही थी. उसे उस तरह पत्थर फेंकते देख कार में बैठी औरत हाथ जोड़ कर चीखचीख कर कहने लगी, ‘‘यह क्या कर रही है बेटी, यह तेरा भाई है.’’
लेकिन इस बात का न तो उस औरत पर कोई असर हुआ, न ही उस के साथी हमलावरों पर. तभी उस औरत द्वारा फेंकी एक ईंट ड्राइविंग सीट पर बैठे लड़के के माथे पर आ लगी. ईंट लगते ही खून का फव्वारा फूट पड़ा. चालक लड़का कार की सीट पर बैठेबैठे ही छटपटाने लगा. इस के बावजूद ईंटपत्थर फेंकने वालों के हाथ नहीं रुके. उन के हाथ तभी रुके, जब उस लड़के की गरदन सीट पर ही एक ओर लुढ़क गई. इस के बाद वे सब मोटरसाइकिलों पर बैठ कर भाग निकले.
इस बीच किसी ने फोन कर के इस घटना की सूचना थाना सलेम टाबरी को दे दी थी. खबर मिलते ही थानाप्रभारी इंसपेक्टर मनिंदर सिंह बेदी, सबइंसपेक्टर दलबीर सिंह, एएसआई सुखपाल सिंह, कमलजीत सिंह, परमजीत सिंह, हेडकांस्टेबल अमरीक सिंह, बलविंदर राम और गुरजीत सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए थे. हमलावर चूंकि भाग चुके थे, इसलिए उन के बारे में बाद में भी पता किया जा सकता था. पहले घायलों का इलाज कराना जरूरी था. इसलिए मनिंदर सिंह औरत और लड़के को अविलंब अस्पताल ले गए.
डाक्टरों ने लड़के को तो देखते ही मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला को इलाज के लिए भरती कर लिया. यह घटना 9 मई, 2015 दोपहर 2 बजे की थी. मनिंदर सिंह बेदी के आदेश पर सबइंसपेक्टर दलबीर सिंह ने इलाज के दौरान औरत का बयान लिया तो पता चला कि उस का नाम रेनू अरोड़ा है और मृतक उस का एकलौता बेटा हरीश अरोड़ा था. हमलावरों में जो औरत शामिल थी, वह उस की बेटी रचना थी. उसी ने अपने प्रेमी मनोज कुमार और उस के घर वालों के साथ मिल कर मां और भाई पर हमला किया था.
रेनू अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि वह विधवा है और अपने बेटे हरीश के साथ लुधियाना के दुगेड़ी में धांधरा रोड पर मानकपाल गेट के पास जीएसवी में रहती है. उस के 3 बच्चों में 2 बेटियां थीं रचना और ज्योति तथा एक बेटा था हरीश. दोनों बेटियों की शादियां हो चुकी थीं. रेनू की बड़ी बेटी रचना प्रौपर्टी में हिस्सा मांग रही थी. इस के लिए रेनू ने कुछ शर्तें रख दी थीं, जिस की वजह से विवाद हो गया था. उस के बाद रचना ने अपने प्रेमी मनोज कुमार, उस की मां बलराज कौर, ह्यूमन राइट्स संस्था के प्रधान नवनीत सिंह, प्रवीन कुमार, दीपू, राकेश, करन और शमी के साथ उन पर हमल कर दिया था.
रेनू अरोड़ा के इस बयान के आधार पर सबइंसपेक्टर दलबीर सिंह ने उसी दिन यानी 9 मई, 2015 को भादंसं की धारा 302/323, 342, 327, 149, 120बी के तहत 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर के उसी दिन ह्यूमन राइट्स के प्रधान नवनीत सिंह, करन और शमी को गिरफ्तार कर लिया. प्राथमिक उपचार के बाद रेनू अरोड़ा को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी. हरीश की लाश का पोस्टमार्टम हो गया तो उसे रिश्तेदारों को सौंप दिया गया. इंसपेक्टर मनिंदर सिंह बेदी ने एसआई दलबीर सिंह, एएसआई सुखपाल सिंह, परमजीत सिंह और कमलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीमें बना कर नामजद लोगों की तलाश में लगा दिया था.
दिनदहाड़े शहर के बीचोबीच मुख्यमार्ग पर घटी इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत भी थी और पुलिस के प्रति आक्रोश भी. कोई अनहोनी न हो, इस के लिए पुलिस टीमें अभियुक्तों की तलाश में दिनरात एक किए हुए थीं. आखिर उन की मेहनत रंग लाई और 12 मई, 2015 को एसआई दलबीर सिंह ने 3 अभियुक्तों दीपू, राकेश कुमार उर्फ गोगी को गिरफ्तार कर लिया. इस के बाद 24 मई को रचना और मनोज कुमार को भी बड़े नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया गया. इस पूरे मामले में अहम भूमिका निभाने वाली मनोज कुमार की मां बलराज कौर को एसआई दलबीर सिंह ने बड़ी मुश्किल से काफी दिनों बाद 23 जुलाई को गिरफ्तार किया.
लगभग 2, ढाई महीने चली भागदौड़ और गिरफ्तारियों के बाद अभियुक्तों से सिलसिले वार की गई पूछताछ में जो कानी प्रकाश में आई, वह एक ऐसी खुदगर्ज औरत की कहानी थी, जिस ने अपनी मौजमस्ती के लिए अपने ही सगे भाई को मौत के घाट उतार दिया था. लुधियाना के दुगड़ी में रहते थे अशोक कुमार अरोड़ा. उन के परिवार में पत्नी रेनू अरोड़ा के अलावा 2 बेटियां रचना, ज्योति और एकलौता बेटा हरीश था. अशोक अरोड़ा टैक्सियां चलवाते थे. वह कोई बड़े आदमी तो नहीं थे, लेकिन घर में किसी चीज की कमी नहीं थी.
अशोक कुमार ने अपने तीनों बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाई थी. बड़ी बेटी रचना पढ़लिख तो जरूर गई थी, लेकिन उस में वे संस्कार नहीं आ पाए थे, जिन से घरपरिवार की मानमर्यादा बनती है. वह बचपन से ही हठी और महत्त्वकांक्षी प्रवृत्ति की थी. उम्र के साथसाथ उस का हठ और महत्त्वाकांक्षा बढ़ती गई. समय रहते ही अशोक कुमार ने रचना की शादी हैबोवाल निवासी विनय कुमार से कर दी. शादी के बाद जल्दी ही वह एक बेटी की मां भी बन गई. इसी बीच अशोक कुमार की मौत हो गई. उन की मौत के बाद घरपरिवार की पूरी जिम्मेदारी रेनू और हरीश पर आ गई. पिता की मौत के बाद टैक्सियां चलवाने का काम हरीश करने लगा. उस ने छोटी बहन ज्योति की भी शादी कर दी. अब घर में सिर्फ मांबेटे रह गए. सब ठीकठाक चल रहा था.
हरीश ने ड्राइवर तो रख ही रखे थे, खुद भी टैक्सी चलाता था. उस का एक ड्राइवर था मनोज, जिस से उस की कुछ ज्यादा ही पटती थी. इसी वजह से वह उस के घर भी आताजाता था. हरीश की बड़ी बहन रचना की ससुराल ठीकठाक थी. वहां उसे किसी चीज की कमी नहीं थी. पति भी प्यार करने वाला था. इस के बावजूद उस का मन ससुराल में नहीं लगता था. वह अकसर मायके आ जाया करती थी. वह जब भी मायके आती, महीनों रहती.
मायके में रहते हुए ही उस की मुलाकात ड्राइवर मनोज कुमार से हुई. उस ने उस में न जाने ऐसा क्या देखा कि वह उस पर मर मिटी. एक तरह से वह मनोज की दीवानी सी हो गई. मनोज भी उसे अपनी ओर आकर्षित होते देख उस के गदराए शरीर पर फिदा हो गया. हालांकि वह शादीशुदा और एक बेटी का बाप था. उस की शादी सन 2012 में चंडीगढ़ के रहने वाले रामदेव की बेटी मोनिका से हुई थी. लेकिन वह उतनी सुंदर नहीं थी, जितनी सुंदर रचना थी.
इस बीच रचना की शादी को 12 साल हो गए थे और उस की बेटी भी 11 साल की हो गई थी. इतनी बड़ी बेटी की मां होने के बावजूद उस ने मनोज से नाजायज संबंध बना लिए. कुछ दिनों तक तो यह सब चोरीछिपे चला, लेकिन रचना को चोरीछिपे मिलना अच्छा नहीं लगा तो वह मां और पति का घर छोड़ कर मनोज के साथ रहने लगी. रेनू अरोड़ा को इस बात की भी जानकारी कई दिनों बाद मिली.
दरअसल, उस समय रचना मायके में थी. उस ने मां और भाई से कहा कि वह ससुराल जा रही है लेकिन वह ससुराल जाने के बजाय मनोज के घर चली गई. कई दिनों बाद जब विनय ने आ कर बताया कि रचना उस के घर पहुंची ही नहीं है तो उस की तलाश शुरू हुई. उस समय तो उस का पता नहीं चला, लेकिन इस बात की जानकारी जरूर हो गई है कि जाते समय रचना अपने साथ मां के करीब डेढ़ लाख रुपए, 5 तोला सोने के गहने और कुछ अन्य कीमती सामान ले गई है. यह जानकारी होने पर रेनू अरोड़ा ने थाना दुगड़ी में रचना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी.
इस के पहले भी हरीश और मनोज के बीच रचना को ले कर झगड़ा हुआ था. हरीश ने इस झगड़े की रिपोर्ट थाना डिवीजन नंबर 4 में दर्ज कराई थी. रचना मनोज के साथ छावनी क्षेत्र में किराए का मकान ले कर रह रही थी. इस बात का पता चलने पर हरीश और रेनू ने वहां जा कर उसे समझाया कि जो हुआ, वह उसे भूल जाए और अपनी ससुराल में जा कर शांति से रहे. लेकिन रचना ने उन की सलाह मानने से साफ मना करते हुए कहा कि अब वह मनोज को छोड़ कर कहीं नहीं जाएगी. तब रेनू और हरीश ने उसे उस के हाल पर छोड़ दिया.
इस बीच हरीश ने टैक्सियां चलवाने का काम बंद कर के जालंधर बाईपास पर मोटर गैराज खोल लिया. इस के बाद रेनू ने हरीश की सगाई कर दी थी और उस के विवाह की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं. जब इस बात की जानकारी रचना को हुई तो वह तिलमिला उठी. वह मायके पहुंची और मां तथा भाई से अपना हिस्सा मांगने लगी. वैसे तो उस स्थिति में उस का कोई हिस्सा नहीं बनता था, इस के बावजूद रेनू और हरीश उसे हिस्सा देने को तैयार हो गए. लेकिन उन्होंने शर्त रख दी कि वे उसे हिस्सा तभी देंगे, जब वह मनोज को छोड़ कर ससुराल चली जाएगी.
रचना मनोज को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी. इस बात को ले कर उस का मां और भाई से आए दिन झगड़ा होने लगा. मनोज और उस के घर वाले भी रचना का साथ दे रहे थे. एक तरह से उस ने मां और भाई का जीना हराम कर दिया था. 8 मई को 2 लोग रेनू के घर आए और उन्होंने कहा कि रचना और मनोज से उन का जो विवाद चल रहा है, अगर वह उन के औफिस आ जाएं तो वे इस विवाद को खत्म करा देंगे. आने वालों ने अपना नाम करन और शमी बताया था. वे छावनी मोहल्ला स्थिति डेमोके्रटिव ह्यूमन राइट्स औफिस से आए थे.
अगले दिन यानी 9 मई की दोपहर को समझौते की गरज से रेनू बेटे हरीश को ले कर छावनी स्थित डेमोके्रटिव ह्यूमन राइट्स के औफिस पहुंची तो वहां करन और शमी के अलावा उन की मुलाकात डेमोके्रटिव ह्यूमन राइट्स के प्रधान नवनीत सिंह से हुई, उन्होंने जिन शर्तों के तहत रचना और मनोज से उन का समझौता कराना चाहा, वे रेनू और हरीश को मंजूर नहीं थीं. रेनू और हरीश ने समझौता करने से मना किया तो वे बहस कर के दबाव में समझौता कराने की कोशिश करने लगे. जब रेनू और हरीश ने समझौता करने से मना कर दिया तो वे लड़ाईझगड़े और मारपीट पर उतारू हो गए. किसी तरह वे दोनों बाहर आए तो वहां रचना अपने प्रेमी मनोज कुमार, मनोज की मां बलराज कौर के साथ खड़ी थी.
उन दोनों के साथ और भी कई लोग थे. सभी ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करने लगे. रेनू और हरीश किसी तरह अपनी कार तक पहुंचे और जान बचाने के लिए कार में बैठ कर वहां से भाग निकले. बाद में रचना और उस के साथियों ने मोटरसाइकिलों से पीछा कर के उन्हें पकड़ लिया और ईंटपत्थरों से उन पर हमला कर दिया. इस हमले में रेनू जहां घायल हो गई, वहीं उस के बेटे हरीश की मौत हो गई. पुलिस ने जैसेजैसे जिस को पकड़ा था, पूछताछ कर के अदालत में पेश कर के जेल भेज दिया था. कथा लिखे जाने तक किसी भी अभियुक्त की जमानत नहीं हुई थी. Hindi Crime Story
—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित






