Rajasthan Crime News: अब आप को हर जगह प्यार करने वाले युवकयुवतियों की प्रेम कहानियां तो मिल ही जाती हैं और इन्हीं प्रेम कहानियों की वजह से कई लोगों की जान भी चली जाती है. ऐसा ही एक और प्रेम से जुड़ा मामला सामने आया है, जहां अपनी 23 साल की बेटी की उस के पापा ने हत्या कर दी. आखिर क्यों एक प्रेम के चक्कर में पापा ने यह खौफनाक कदम उठाया. क्या है इस हत्या का पूरा सच, जानने के लिए पढ़ते हैं पूरी कहानी को विस्तार से.
यह सनसनीखेज मामला राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी क्षेत्र के घूमनसर कलां गांव से सामने आया है, जहां बेटी प्रियंका के प्रेम प्रसंग को ले कर उस के पापा ने निर्मम हत्या कर दी. उस ने इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की और शव के अंतिम संस्कार की तैयारी भी कर ली थी. लेकिन प्रियंका की मौसी को इस की भनक लग गई. मौसी की सतर्कता और पुलिस की त्वरित काररवाई से पूरा राज खुल गया.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब एक बजे प्रियंका कमरे से बाहर निकली थी. इसी दौरान उस के पापा सुरेंद्र कुमार नेहरा ने गुस्से में आ कर उस पर हथौड़ी से हमला कर दिया. कनपटी पर किए गए ताबड़तोड़ हमलों से वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उस की मौत हो गई. इस के बाद सुरेंद्र कुमार घर से फरार हो गया. हालांकि फेमिली वालों ने शुरुआत में इसे हादसा बताने की कोशिश की. जन्होने अपने रिश्तेदारों को इसे हादसा बताया.
लेकिन युवती की मौसी को मामले में कुछ संदेह हुआ. उस ने अपने बेटे को इस की जानकारी दी और बेटे ने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार को रुकवा दिया. शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. प्रारंभिक जांच में युवती के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले, जो किसी भारी वस्तु से किए गए वार की ओर इशारा कर रहे थे, जिस से मामला संदिग्ध हो गया.
पुलिस की गहन पूछताछ में सामने आया कि प्रियंका का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उस से विवाह करना चाहती थी. प्रियंका के पापा यानी सुरेंद्र कुमार इस रिश्ते से बेहद नाराज था. घर में कई दिनों से इस मुद्दे को ले कर तीखी बहस और विवाद चल रहा था. शुक्रवार को झगड़ा और बढ़ गया, जिस के बाद उस ने गुस्से में अपना नियंत्रण खो दिया और बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया.
पिलानी पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए काररवाई शुरू की. पुलिस ने सुरेंद्र कुमार नेहरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. उसे हिरासत में ले कर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अन्य परिजनों से भी पूछताछ कर रही है कि क्या इस हत्या में कोई और शामिल था या यह उस ने अकेले ही किया था. एसएचओ चंद्रभान सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है. Rajasthan Crime News






