Blackmail Case: आजकल प्यार से जुड़े मामले आप को मिल जाएंगे. जहां प्रेमी प्रेमिका का कत्ल कर देता है तो कहीं प्रेमिका प्रेमी का कत्ल कर देती है, लेकिन यह मामला थोड़ा अलग है. इस में एक शख्स लड़कियों को प्यार के जाल में फंसाता था. अगर आप ने ऐसा नहीं सुना है तो बता दें कि एक आरोपी ने 20 लड़कियों को अपने झांसे में ले कर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. आइए जानते हैं इस अपराधी की पूरी कहानी, जिस ने प्यार को ही हथियार बना लिया.

यह सनसनीखेज मामला हैदराबाद से सामने आया है. यहां चंद्रशेखर आज़ाद उर्फ अर्जुन नाम के युवक ने प्यार का झांसा दे कर 20 से ज्यादा नाबालिग लड़कियों को फंसा लिया और उन से पैसे भी ठग लिए.
वह गुंटूर जिले के वट्टिचेरुकुरु मंडल के चामल्लामुडी गांव का रहने वाला है और फिलहाल हैदराबाद के मियांपुर इलाके में रह रहा था. चंद्रशेखर अमीर परिवारों के घरों में काम करने वाले चौकीदारों और मालियों से दोस्ती करता था. उन्हीं के जरिए घरों की जानकारी ले कर वह वहां रहने वाली लड़कियों को निशाना बनाता और फिर अपनी ठगी की साजिश को अंजाम देता था.

आरोपी सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था. वह खासतौर पर अमीर परिवारों की लड़कियों को चुनता और उन से चैटिंग शुरू करता. खुद को अमीर दिखाने के लिए वह महंगी कारों और आलीशान जगहों की तसवीरें भेजता था. धीरेधीरे लड़कियां उस के करीब आ जातीं और उस के झूठे प्यार पर भरोसा कर बैठतीं.

इस के बाद वह उन की निजी तसवीरें और वीडियो हासिल कर लेता और उन्हीं के सहारे उन्हें ब्लैकमेल करके पैसे ऐंठता था. डर के कारण कई लड़कियों ने घर से नकदी और गहने तक उसे दे दिए.

जब कोई लड़की उस के जाल में फंस जाती तो वह चोरीछिपे उस की निजी तसवीरें और वीडियो बना लेता था. फिर इन्हीं के जरिए दबाव बनाकर पैसे वसूलता था.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 2 साल में तेलंगाना राज्य की 20 से ज्यादा लड़कियों को अपना शिकार बनाया. आखिरकार एक पीड़िता की शिकायत के बाद जुबली हिल्स पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ. परिवार वालों ने बताया कि आरोपी की धमकियों से परेशान हो कर एक लड़की ने घर में रखे 29 लाख रुपए चुरा लिए. उस ने उस में से 13 लाख रुपए आरोपी को और 10 लाख रुपए सरस्वती नाम की महिला को दे दिए.

आगे की जांच में पता चला कि आरोपी ने नरसिंगी इलाके की एक और युवती को भी इसी तरह फंसाया था. वह उसे होटल में ले गया और संबंध बनाए. बाद में उन्हीं पलों की तसवीरों और वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करता रहा और उस से सोने की चेन तक ले ली. Blackmail Case

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...