Bangalore Crime News: प्यार करने वाले रिश्तों में तकरार होना आम बात है, लेकिन कभीकभी यही तकरार इतना खतरनाक रूप ले लेती है कि इंसान बदले की आग में कुछ भी कर बैठता है. एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जिस ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया. यहां एक प्रेमिका ने प्यार के नाम पर ऐसा खौफनाक खेल खेला, जिस की कल्पना करना भी नमुमकिन है. प्रपोजल के बहाने उसने अपने ही प्रेमी को जिंदा जला दिया.
यह सनसनीखेज घटना कर्नाटक के बेंगलुरु शहर से जुड़ी बताई जा रही है. 27 साल की प्रेरणा ने अपने प्रेमी किरण को एक खास सरप्राइज देने के बहाने घर बुलाया. घर में उस समय कोई और मौजूद नहीं था, जिस का फायदा उठाते हुए उस ने पूरी साजिश को अंजाम दिया. शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन धीरेधीरे हालात डरावने होते चले गए.
बताया जाता है कि प्रेरणा ने किरण की आंखों पर पट्टी बांध दी और उस के हाथपैर कुरसी से कस कर बांध दिए. जब किरण ने इस का विरोध किया तो उस ने इसे ‘फारेन स्टाइल प्रपोजल’ कहकर उसे भरोसे में लिया. प्यार में भरोसा करने वाले किरण को जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल उसकी जिंदगी खत्म होने वाली है.
कुछ ही देर बाद प्रेरणा ने उस पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी. बंधे होने की वजह से किरण खुद को बचा नहीं सका और मौके पर ही उस की दर्दनाक मौत हो गई. यह पूरी घटना इतनी भयावह थी कि जिस ने भी सुना, उस की रूह कांप उठी. जांच में सामने आया कि दोनों करीब एक साल से रिलेशनशिप में थे और एक ही टेलीकाम कंपनी में काम करते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से उन के रिश्ते में खटास आ गई थी.
प्रेरणा इस बात से नाराज थी कि किरण उसे नजरअंदाज कर रहा था और शादी से बच रहा था. यही नाराजगी धीरेधीरे खतरनाक साजिश में बदल गई. घटना के बाद प्रेरणा ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि वह बाथरूम में थी, बाहर आ कर उस ने किरण को आग में जलता हुआ पाया. लेकिन जांच के दौरान यह कहानी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों ने सच्चाई उजागर कर दी.
पुलिस के मुताबिक, घर में पहले से पेट्रोल मौजूद था, जिस से साफ है कि हत्या की योजना पहले ही बना ली गई थी. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकौर्ड किया. जब किरण आग में जल रहा था, तब भी वह वीडियो बनाती रही, जो इस अपराध की निर्दयता को साफ दिखाता है.
फिलहाल पुलिस ने प्रेरणा को हिरासत में ले कर पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हो चुका है कि हत्या उसी ने की है. अब पुलिस इस मामले के हर पहलू को खंगाल रही है, ताकि इस खौफनाक वारदात के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके. Bangalore Crime News






