Rajasthan Crime News: राजस्थान में उदयपुर जिले के कानोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डौक्टर के आवास पर महिला एएनएम यानी नर्स की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई. लाश 15 अप्रैल, 2026 की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मिली थी. मृतका नर्स स्वास्थ्य केंद्र पर नौकरी करती थी. रात 11 बजे के करीब, जहां उस की लाश मिली, वह डा. सुरेंद्र बिजारणिया का सरकारी आवास है. इस संबंध में पुलिस ने छानबीन की, तब अन्य कई संदिग्ध बातों का खुलासा हुआ, जिस में फांसी का फंदा पंखे से झूलता पाया गया.
इस मामले की जांच में जुटी पुलिस ने बताया कि एएनएम डा. सुरेंद्र बिजारणिया पर शादी करने का दबाव बना रही थी. दिसंबर में डौक्टर की शादी होने के बाद से वह उस से नाराज चल रही थी. बताते हैं कि घटना की रात 11 बजे के करीब डौक्टर और नर्स के बीच बहस हो गई थी. उन के बीच चल रही बहस के दौरान ही डौक्टर के मोबाइल पर उन की पत्नी का फोन आ गया था, जिस से नर्स और नाराज हो कर बहस करने लगी थी. इस तरह दोनों के बीच काफी समय तक झगड़ा होने लगा था.
बताते हैं डौक्टर फोन पर पत्नी से बात करते हुए नीचे आवास से बाहर चला आया था, जबकि नर्स कमरे में रह गई थी. तभी नर्स अपनी चुन्नी का फंदा बना कर पंख से झूल गई थी. पत्नी से बात पूरी होने पर जब डौक्टर आवास पर गया, तब कमरे का मेनगेट बंद मिला. डौक्टर ने खिड़की से कमरे में झांक कर देखा. कमरे में नर्स फंदे से लटकी दिखाई दी.
इस वारदात की सूचना कनोड़ के थाना अधिकारी हुकम सिंह को रात करीब सवा 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए मिली. मौके पर पहुंचने पर पुलिस को महिला का शव सीढिय़ों पर पढ़ा मिला, जबकि पंखे पर फंदा लटका था. मृतका की पहचान 30 वर्षीय अनीता मीणा के रूप में हुई. घटना के बाद आरोपित डौक्टर शव को सीढिय़ों पर लावारिस छोड़ कर मौके से फरार हो गया था.
हालांकि डौक्टर को चित्तौढग़ढ़ के मंगलवाड़ चौराहे पर नाकेबंदी में पकड़ लिया गया था. हिरासत में लेने के बाद उस के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई. इस बारे में जब डौक्टर से सख्ती के साथ पूछताछ की गई, तब पता चला कि नर्स 4 दिनों से डौक्टर के आवास पर ही थी. डा. सुरेंद्र बिजारणिया ने भी स्वीकार कर लिया कि उस के मृतका के साथ अवैध संबंध थे.
डौक्टर सुरेंद्र बिजारणिया सीकर में श्रीमाधोपुर का निवासी हैं और कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नियुक्त है. उस से नर्स की मुलाकात मीटिंग और दूसरे कारणों से होती रही है. इन का अकसर मिलना होता रहा. इसी दौरान उन के बीच दोस्ती शुरू हो गई थी. उन की दोस्ती जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई. इस घटना ने विभागीय जिम्मेदारियों पर भी लोगों ने अंगुली उठाई.
डा. बिजारणिया पर शराब पी कर अस्पताल में उत्पात मचाने और वरिष्ठ डौक्टर के साथ मारपीट करने का आरोप लग चुका है. इस के बावजूद विभाग ने कोई काररवाई नहीं की. स्थानीय लोगों और महिला डौक्टर ने भी आरोप लगाया कि अस्पताल में ब्लैकमेलिंग और फील्ड पोस्टिंग के लिए दबाव बनाया जाता है. उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. Rajasthan Crime News






