Bihar Crime News. एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिस ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया. एक शोरूम के अंदर बैठे मैनेजर पर अचानक हमला कर उस की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपी ने पहले लोहे की रौड से लगातार वार किए और फिर कैंची से हमला कर घटना को अंजाम दिया.पूरी घटना कैमरे में रिकौर्ड हो गई.

यह मामला बिहार के दरभंगा जिले के अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी स्थित यामाहा शोरूम की है. मृतक की पहचान 30 वर्षीय मोहम्मद फैज अहमद के रूप में हुई है, जो वहां मैनेजर के तौर पर काम कर रहे थे.

बताया जा रहा है कि घटना के समय फैज शोरूम के अंदर कंप्यूटर पर काम कर रहे थे, तभी एक युवक हाथ में लोहे की रौड ले कर अंदर पहुंचा और बिना कुछ कहे उन पर हमला शुरू कर दिया. अचानक हुए हमले के कारण फैज को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि पहले उन के सिर पर कई वार किए गए. इस के बाद आरोपी कुछ सेकंड के लिए बाहर गया और फिर हाथ में कैंची ले कर वापस लौटा. वापस आने के बाद उस ने फैज के सीने पर भी लगातार कई वार किए. हमले के बाद फैज गंभीर रूप से घायल हो कर वहीं गिर पड़े.

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से स्कूटी ले कर फरार हो गया.

शोरूम के आसपास मौजूद लोग अंदर पहुंचे और घायल हालत में फैज को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से सबूत जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकौर्डिंग खंगाली गई. जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सोनू पासवान के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार वह पहले उसी एजेंसी में काम करता था. पूछताछ में सामने आया कि नौकरी से हटाए जाने के बाद उस के मन में नाराजगी थी. इस के अलावा पैसों के लेनदेन को ले कर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था.

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी घटना से करीब एक घंटे पहले ही एजेंसी पहुंच गया था और मौका मिलते ही उस ने हमला कर दिया. वारदात के बाद वह मृतक की स्कूटी ले कर वहां से निकल गया.

मोहम्मद फैज अहमद अपने परिवार में सबसे बड़े थे. उन की शादी साल 2016 में हुई थी और वह एक बेटी के पिता थे. उन के पिता एक स्कूल में शिक्षक रह चुके हैं.

फिलहाल पुलिस आरोपी के पुराने रिकौर्ड और मामले से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच कर रही है. अभी तक उस के खिलाफ किसी पुराने आपराधिक मामले की जानकारी सामने नहीं आई है.Bihar Crime News

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...