Land Dispute Crime. यह सनसनी घटना मध्य प्रदेश के भिंड जिले से सामने आई है, जहां महज 3 बीघा जमीन के विवाद ने रिश्तों को खून से रंग दिया. जमीन के एक छोटे से टुकड़े को ले कर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक चचेरे भाई ने सेना में तैनात अपने ही रिश्तेदार को गोली मार दी. आइए जानते हैं इस सनसनीखेज घटना की पूरी कहानी.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, परसराम भदौरिया और उन के चचेरे भाई पृथ्वी सिंह भदौरिया के बीच कई वर्षों से 3 बीघा जमीन को ले कर विवाद चल रहा था. यह जमीन पहले परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य ने लला कुशवाह को दान में दे दी थी. बाद में परिवार के कुछ लोगों ने उसे वापस लेने की कोशिश शुरू कर दी.

बताया जाता है कि जमीन वापस कराने के लिए दोनों पक्षों ने लला कुशवाह को 20-20 हजार रुपए भी दिए थे. हालांकि, लला कुशवाह की मृत्यु के बाद उन के परिजनों ने जमीन लौटाने से साफ इनकार कर दिया.
इसी बीच पृथ्वी सिंह ने जमीन पर अपना कब्जा जमा लिया, जबकि परसराम कुशवाह परिवार के समर्थन में खड़े हो गए. यहीं से दोनों पक्षों के बीच तनाव और गहरा होता चला गया.

शनिवार को विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. दोनों पक्ष आमनेसामने आ गए और पहले कहासुनी हुई. इस के बाद मामला गालीगलौज तक पहुंच गया. देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं. इसी दौरान चली एक गोली परसराम भदौरिया की पीठ पर जा लगी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो कर जमीन पर गिर पड़े.

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. घायल परसराम को तुरंत मेहगांव अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया. फिलहाल उन का इलाज जारी है और वे जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं.

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है, जो उस के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है. Land Dispute Crime

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...