Honor Killing. भाईबहन का रिश्ता भरोसे, अपनेपन और सुरक्षा की पहचान माना जाता है, लेकिन जब इसी रिश्ते में शक और डर जगह बना लें तो अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है, इस का एक दर्दनाक मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से सामने आया है.

एक भाई पर अपनी ही शादीशुदा बहन की हत्या करने का आरोप लगा है. मृतका की पहचान 22 वर्षीय रम्मी देवी के रूप में हुई है, जिस की शादी करीब डेढ़ महीने पहले हुई थी. बताया जा रहा है कि संदीप यादव को शक था कि शादी के बाद भी उस की बहन किसी युवक से फोन पर बातचीत करती थी. इसी बात को ले कर उस के मन में लगातार डर और गुस्सा बढ़ता गया.

जानकारी के अनुसार, आरोपी बहन को ससुराल से मायके लाने के बहाने अपने साथ ले कर निकला, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उस ने रास्ते में कथित तौर पर उस का गला दबाकर हत्या कर दी. वारदात को छिपाने के लिए शव को पास के एक कुएं में फेंक दिया गया.

घटना के बाद आरोपी खुद हसवां पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस के सामने पूरी बात स्वीकार करने का दावा किया. आरोपी की जानकारी के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से शव को बाहर निकलवाया.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि परिवार में बहन के फोन पर बातचीत को ले कर पहले से तनाव बना हुआ था. इसी शक ने आखिरकार रिश्ते को ऐसी त्रासदी में बदल दिया, जिस ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया.

घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. परिजनों के मुताबिक, बेटा बहन को ससुराल से ले कर आया था, लेकिन काफी देर तक घर नहीं पहुंचा. बाद में पता चला कि वह पुलिस चौकी में मौजूद है और बहन की हत्या की बात सामने आई है. यह सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी काररवाई जारी है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...