Delhi Suicide Case. एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली. वीडियो में उस ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, “पापा, मैं जा रही हूं… मेरी बेटी का खयाल रखना,” और इस के बाद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में, जो आप को ऐसे अपराधों और घरेलू हिंसा के प्रति सतर्क रहने का संदेश देती है.
आप को बता दें कि यह मामला देश की राजधानी दिल्ली के नांगलोई एक्सटेंशन का है. यहां रहने वाली टीना ने आत्महत्या कर ली. सुसाइड से पहले उस ने 2 वीडियो रिकौर्ड किए. एक वीडियो में वह अपने पापा से कहती है, “पापा, मैं जा रही हूं. मेरी डेढ़ साल की बेटी का खयाल रखना.”
पश्चिमी दिल्ली की 24 साल की टीना अपने पति रोहित और डेढ़ साल की बेटी के साथ नांगलोई एक्सटेंशन स्थित किराए के मकान में पहली मंजिल पर रहती थी. परिवार करीब 3-4 महीने पहले ही यहां रहने आया था.
आत्महत्या से पहले रिकौर्ड किए गए टीना के 2 वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. एक वीडियो में वह अपने पापा से भावुक हो कर कहती दिखाई देती है, “पापा, मैं जा रही हूं. मेरी बेटी का खयाल रखना.”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नांगलोई (दिल्ली) पुलिस ने पति रोहित के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और पत्नी के साथ क्रूरता करने का मामला दर्ज किया है.
मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे घटना की सूचना मिली. जब रोहित घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उस ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा. अंदर टीना मृत अवस्था में मिली. वहीं उस की डेढ़ साल की बेटी अपनी मम्मी के पास खड़ी हो कर उसे जगाने की कोशिश कर रही थी.
एसडीएम के सामने दर्ज बयान में टीना की मम्मी ने आरोप लगाया कि रोहित शराब के नशे में अकसर उन की बेटी के साथ मारपीट करता था. जांच के दौरान परिवार ने पुलिस को टीना के दोनों वीडियो भी सौंपे.
पुलिस का कहना है कि इन वीडियो में महिला की गहरी मानसिक पीड़ा साफ दिखाई देती है.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कुछ महीने पहले रोहित की सड़क दुर्घटना हुई थी, जिस में उस के सिर पर गंभीर चोट लगी थी और उस का इलाज अभी भी चल रहा है.






