Delhi Crime News. शादी के मंडप में 3 साल पहले दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल मनीष भाटी ने प्रियंका से शादी कर ‘साथ जिएंगे, साथ मरेंगे’ की कसमें खाई थीं. दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो पाया. सालों साथ निभाना तो दूर की बात रही, वे साथसाथ चंद कदम भी नहीं चल पाए, दोनों पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी में रहते थे. बात 13 जुलाई, 2026 की है. सुबहसुबह घर से निकले थे. वे स्कूटी पर थे. स्कूटी चलाते हुए भाटी की पत्नी प्रियंका से किसी बात को ले कर भाटी की कहासुनी होने लगी थी. एलबीएस अस्पताल के पास पहुंचने पर दोनों के बीच साधारण कहासुनी तीखी बहस में बदल गई. गालीगलौज तक होने लगी.
स्कूटी से उतर कर दोनों बहस करने लगे. उन के बीच विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि मनीष भाटी आगबबूला हो गया. अपनी ड्यूटी की पिस्टल प्रियंका पर तान दी. पत्नी कुछ विरोध करती, इस से पहले ही भाटी ने उस की छाती में गोली उतार दी. प्रियंका वहीं जमीन पर धड़ाम से गिर गई, जबकि भाटी स्कूटी ले कर मौके से फरार हो गया.
वहां मौजूद राहगीरों में एक औटो चालक ने घायल प्रियंका को तुरंत एलबीएस अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल की सीसीटीवी के जरिए जांच की. जांच में कांस्टेबल मनीष भाटी की पहचान हो गई. उस की पोस्टिंग पूर्वी दिल्ली में एएटीएस (एंटी औटो थेफ्ट स्क्वायड) में थी.
उस की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया. मामले की सभी पहलुओं से जांच शुरू की गई. पड़ोसियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि पतिपत्नी के बीच अकसर विवाद होता रहता था.
जन्मदिन के दिन प्रियंका की हत्या हुई. हत्या के बाद सामने आए दस्तावेज से पता चला कि प्रियंका ने करीब 2 साल पहले ही अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ, मारपीट और जान से मारने की धमकियां देने की शिकायत दर्ज कराई थी.
महिला अपराध शाखा को दी गई शिकायत में प्रियंका ने आरोप लगाया था कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही उस से दहेज और कार की मांग की जाने लगी थी.
प्रियंका ने अपनी शिकायत में कहा था कि उस की शादी 8 फरवरी, 2023 को मनीष भाटी से हुई थी. आरोप है कि शादी से पहले ही ससुराल पक्ष ने 25 लाख रुपए नकद और एक बड़ी कार की मांग की थी.
भाटी के खिलाफ मिली शिकायत के मुताबिक, शादी के दूसरे दिन से ही मनीष शराब पी कर घर आने लगा और छोटीछोटी बातों पर मारपीट करता था. प्रियंका ने यह भी आरोप लगाया था कि उस के पति का किसी दूसरी महिला से संबंध था.
उस ने दावा किया था कि एक दिन पति के मोबाइल पर एक युवती का फोन आया था. इस के बाद जब उस ने इस बारे में सवाल किया तो उस के साथ मारपीट की गई और कथित तौर पर हथियार दिखा कर धमकाया गया.
प्रियंका ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि मनीष ने उस से कहा था, ”मैं पहले से ही किसी और को चाहता हूं और उसी के साथ रहूंगा.’’
आरोप है कि इस के बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया था. प्रियंका की शिकायत के अनुसार, जून 2024 में मनीष शराब के नशे में घर पहुंचा और कथित तौर पर देसी कट्टा उस के माथे पर रख दिया. प्रियंका ने आरोप लगाया था कि उस दौरान मनीष ने कहा था कि वह अपनी जिंदगी से परेशान है और दूसरी शादी करना चाहता है.
उस ने प्रियंका से कहा था, ”तू यहां से निकलेगी तभी वो आएगी, मैं दूसरी शादी कर लूंगा.’’
प्रियंका का यह भी आरोप था कि घटना के दौरान उस का फोन तोड़ दिया गया और उसे कमरे में बंद कर दिया गया था.
प्रियंका ने अपने बयान में यह भी कहा था कि कई मौकों पर पति ने कट्टा उस के माथे पर रख कर जान से मारने की धमकी दी थी. उस ने आरोप लगाया था कि ससुराल वाले उसे नौकरानी की तरह रखते थे और दहेज को ले कर ताने देते थे.
महिला ने जून 2024 में दर्ज शिकायत में यह भी कहा था कि उसे और उस के परिवार को मनीष से जान का खतरा है. उस ने पुलिस से सुरक्षा और कानूनी काररवाई की मांग की थी. शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया था कि उस के जेवर और अन्य सामान ससुराल वालों के कब्जे में हैं. Delhi Crime News






