True Story in Hindi. अगर किसी कपल को शादी के कई सालों बाद अचानक पता चले कि वे दोनों सगे भाईबहन हैं तो कल्पना कीजिए उन पर क्या बीतेगी?
ब्राजील के एक कपल को आपस में सगे भाईबहन होने की बात शादी के 7 सालों बाद उस समय पता लगी, जब वे एक बेटी के मांबाप बन चुके थे. दोनों को पता लगा कि उन की मां एक ही थी.
करीब 10 साल पहले की बात है. ब्राजील के रहने वाले लींड्रो की मुलाकात एड्रियाना नाम की युवती से हुई. दोनों के विचार ऐसे मिले कि उन के बीच गहरी दोस्ती हो गई. यह दोस्ती प्यार में कब बदल गई, उन्हें पता ही नहीं चला. चूंकि दोनों ही एकदूसरे को चाहते थे, इसलिए उन्होंने तकरीबन 7 साल पहले शादी भी कर ली. शादी के एक साल बाद एड्रियाना एक बेटी की मां बन गई.
एड्रियाना ने एक दिन पति लींड्रो को बताया कि उस की मां उसे बचपन में ही छोड़ कर चली गई थी. पिता ने उस की परवरिश की थी. इत्तफाक से यही वाकया लींड्रो के साथ भी हुआ था. उस ने भी बताया कि जब वह 8 साल का था, तभी उस की मां मारिया उसे सौतेले पिता के पास छोड़ गई थी. सौतेले पिता ने ही उसे पालापोसा था.
दोनों ही मां से बिछड़े हुए थे, उन के दिमाग में पता नहीं क्या फितूर उठा कि उन्होंने तय कर लिया कि वे अपनीअपनी मां को ढूंढ कर रहेंगे.
यह प्रयास आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मां को ढूंढने में लगे रहे. इसी बीच एड्रियाना के दिमाग में एक आइडिया आया. इस के लिए उस ने एक रेडियो स्टेशन की मदद ली. उस ने मां के बारे में सूचना रेडियो स्टेशन से प्रसारित करा दी.
रेडियो स्टेशन की मार्फत एड्रियाना की मां मारिया का पता लग गया. रेडियो स्टेशन वालों ने औन एयर मारिया और एड्रियाना की बात भी करा दी. उस मार्मिक बातचीत में मारिया ने एड्रियाना को यह भी बताया कि उस का लींड्रो नाम का एक बेटा भी था, जिस के बारे में उसे आज तक पता नहीं चला है.
इतना सुनते ही एड्रियाना को झटका लगा. क्योंकि लींड्रो तो उस का पति था. लींड्रो ने उसे बताया था कि उस की मां का नाम भी मारिया ही था. एड्रियाना इमोशनल हो कर बोली, ‘‘मां, यह आप क्या कह रही हैं? लींड्रो तो मेरे पति हैं. अब मुझे घर जाने पर भी डर लग रहा है कि वह मुझे चाहेंगे या नहीं.’’
यह बात मारिया को भी पता नहीं थी कि उस की बेटी और बेटे ने आपस में शादी कर रखी है. यह शादी उन्होंने जानबूझ कर नहीं की थी, बल्कि हुआ यह था कि मारिया जब एक साल की एड्रियाना को छोड़ कर चली गई थी तो पिता ने उस का लालनपालन कर के एक शख्स से उस की शादी कर दी थी.
तब मारिया ने एक और आदमी से शादी कर ली थी, उस से उस ने लींड्रो नाम के बेटे को जन्म दिया था. फिर 8 साल बाद मारिया उस आदमी को छोड़ कर कहीं और चली गई. लींड्रो को उस की सौतेली मां ने पाला था.
उधर शादी के 15 सालों बाद एड्रियाना पति को छोड़ आई. उसी दौरान उस की मुलाकात लींड्रो से हुई. मुलाकात के दौरान उन्होंने सोचा भी नहीं होगा कि वे सगे भाईबहन हैं, वरना वे शायद शादी ही न करते. बहरहाल, 39 साल की एड्रियाना और 37 साल के लींड्रो को जब पता लगा कि वे भाईबहन हैं तो यह खुलासा उन के लिए किसी त्रासदी से कम नहीं था.
हकीकत जानने के बाद भी लींड्रो और एड्रियाना एकदूसरे को बहुत प्यार करते हैं, इसलिए उन्होंने तय कर लिया है कि वे अलग नहीं होंगे और अब पतिपत्नी के रूप में ही रहेंगे. True Story in Hindi
— 2014 में प्रकाशित






