Fake IAS Officer. बरेली में एक युवती ने न केवल आईएएस अफसर बनकर अपनी शादी रचाई, बल्कि पति से 40 लाख की डिमांड भी कर डाली. इतना ही नहीं, उस ने पति की हत्या की कोशिश तक की. इस का खुलासा तब हुआ, जब उस की गिरफ्तारी हुई.

हैरान करने वाले इस मामले में एक महिला पर खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी बता कर एक युवक से शादी करने और बाद में ठगी करने के आरोप लगे हैं. पीडि़त पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की गिरफ्तारी हुई.

बरेली के फरीदपुर क्षेत्र के रहने वाले अभिषेक की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए बदायूं जिले की रहने वाली साधना से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में दोनों ने शादी कर ली.

शादी से पहले युवती ने खुद को आईएएस अधिकारी बताया था. उस ने कहा था कि उस की नियुक्ति केवल एक कानूनी मामले के कारण रुकी हुई है और फैसला आते ही वह सरकारी सेवा में शामिल हो जाएगी.

शिकायत के मुताबिक, महिला के परिवार ने भी इस दावे को सही बताया और अभिषेक के परिवार को भरोसा दिलाया कि भविष्य में वह नौकरी जौइन कर लेगी. इतना ही नहीं, यह भी कहा गया कि युवती अपने प्रभाव से अभिषेक को सरकारी नौकरी दिलाने में मदद करेगी. इन्हीं बातों पर विश्वास कर के दोनों की शादी फरवरी 2025 में हुई.

शादी होने के कुछ समय बाद युवती का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. उस ने परिवार के सोनेचांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान अपने पास रखने शुरू कर दिए. महिला ने पति की सोने की चेन, अंगूठी, सास के गहने, करीब 15 तोला सोना, डेढ़ किलोग्राम चांदी और शादी में मिले अन्य कीमती सामान पर कब्जा कर लिया.

बाद में महिला ने परिवार पर जमीन बेच कर अस्पताल बनाने का दबाव भी बनाया.  साथ ही उस ने 40 लाख रुपए की मांग की. जब परिवार ने पैसे देने से इंकार किया तो उस ने खुद को प्रभावशाली अधिकारी बताते हुए झूठे मुकदमों में फंसाने और पूरे परिवार को परेशान करने की धमकी दे डाली.

इस से भी बात बनती नजर नहीं आई, तब अभिषेक के आरोप के मुताबिक साधना ने  मार्च 2026 की एक रात उस का गला दबा कर जान से मारने की कोशिश की. किसी तरह वह वहां से बच निकला और तुरंत पुलिस को सूचना दी.

इस के बाद गांव में पंचायत की गई. शिकायत में दावा किया गया है कि पंचायत के दौरान साधना ने कुछ जेवर अपने पास होने की बात स्वीकार कर ली.

पीडि़त ने महिला के अलावा उस के फादर, भाई और एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करवाई है.

पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. Fake IAS Officer

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...