Kanpur Chemist Murder Case. कानपुर का चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड महज एक जुर्म नहीं, बल्कि रिश्तों के कत्ल की खौफनाक दास्तान है. घर संभालने की जिम्मेदारी के लिए शालिनी उर्फ शालू नाम की जिस बहू को विनीत मिनोचा अपने घर लाए थे, उसी की खौफनाक साजिश का वह शिकार हो गए. लालच, बेवफाई में अंधी और स्वच्छंद विचारों वाली बहू शालू ने अपने ससुर की मौत की प्लानिंग तो फुलप्रूफ की थी, लेकिन पुलिस जांच में वह ऐसी फंसी कि उस ने हत्या की पूरी कहानी बयां कर दी. इस केस की हर परत ने रूह कंपा देने वाला ऐसा सच उजागर किया कि...
शालिनी उर्फ शालू करोड़पति दवा व्यापारी विनीत मिनोचा की बहू थी. आलीशान फ्लैट में रहती थी. घर में सभी भौतिक सुखसुविधाएं भी थीं. इस के बावजूद वह खुश नहीं थी. वह जिस तरह की खुशहाल जिंदगी जीना चाहती थी, वैसी जी नहीं पा रही थी. उस की खुशहाल जिंदगी में बाधक थे उस के ससुर विनीत मिनोचा. वह शालू को आर्थिक व मानसिक रूप से टौर्चर करते रहते थे. ससुर की टोकाटाकी से शालू परेशान रहती थी. कभी कहते यह मत पहनो, कभी कहते पार्टी में मत जाया करो. ससुर के कमेंट्स से शालू तिलमिला उठती थी.
दरअसल, शालू खुले विचारों की महिला थी. उसे बंदिशों में रहना पसंद न था. पति सुब्रत के साथ किटी पार्टी में जाना, वहां डांस करना, शराब पीना तथा देर रात घर वापस आना उस के शौक में शामिल था, जबकि विनीत मिनोचा को यह सब पसंद न था. वह चाहते थे कि बहू मर्यादा में रहे.






