Rajasthan Camel Festival. राजस्थान में ऊंट महोत्सव काफी पुरानी परंपरा है, जो बड़ेबड़े शहरों में आयोजित की जाती हैं. ऊंट महोत्सव के दौरान सजेधजे ऊंट ऐसेऐसे करतब दिखाते हैं कि देखने वाले भी हैरत में रह जाते हैं.
राजस्थान के कोटा शहर में इसी साल 24 से 26 मई तक 3 दिनों का किसानों का मेला था. यह मेला ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) के दौरान लगाया गया. 3 दिनों के इस मेले में कोटा संभाग के हजारों किसानों ने हिस्सा लिया. मेले में खेती के आधुनिक तरीकों पर चर्चाएं हुईं. विभिन्न जगहों से आए पशुपालकों ने 3 दिनों तक इस मेले में अपने ऊंटों और घोड़ेघोडि़यों के करतब दिखाए. रोमांचक करतब देख कर दर्शकों ने दांतों तले अंगुलियां दबा लीं. मेले में 21 करोड़ रुपए की कीमत का भैंसा सुलतान और 9 करोड़ रुपए की कीमत का भैंसा युवराज भी आकर्षण का केंद्र रहे.
मेले के पहले दिन राजस्थान के ऊंट पालकों ने अपनेअपने ऊंटों के करतब दिखाए. झुंझनू जिले के सांवतसरी गांव के रहने वाले धरमा उर्फ धर्मेंद्र अपने जिगरी दोस्त हंसराज के साथ इस मेले में आए थे. हंसराज इंसान नहीं, बल्कि करीब 17 साल का ऊंट है. हंसराज पिछले करीब 9 सालों से धरमा के साथ है. हंसराज ने चारपाई पर चढ़ कर जो करतब दिखाए, उन्हें देख कर लोग हैरान रह गए. हंसराज कभी पैर उठा कर लोगों का अभिवादन करता तो कभी ठुमके लगाता. हंसराज अपने मालिक की छाती पर पैर टिकाता और हलके से छू कर हटा लेता.
उस वक्त मेले में आए लोगों की सांसें थम गईं, जब हंसराज ने अचानक धरमा की गरदन अपने जबड़ों में भींच ली. एक तरफ धरमा का पूरा शरीर व गरदन ऊंट के जबड़ों में थी और दूसरी ओर धरमा का सिर और कनपटी से गाल तक की नसें खिंची हुई थीं. चेहरा तमतमाया हुआ लग रहा था. अगर ऊंट के दांतों का दबाव जरा सा भी बढ़ जाता तो धरमा की जिंदगी का काम तमाम होना तय था.
एकबारगी तो सब कुछ ठहर सा गया. लोग खड़े हो गए. लगा, कोई अनहोनी न हो जाए. अचानक ढोल बजा और हंसराज अपने मालिक की गरदन छोड़ कर ठुमकने लगा. धरमा ने ठहाका लगाया तो हंसराज ने भी थुलथुला कर अपने मुंह से झाग निकाले. मानो वह भी मालिक से ऐसी अठखेली कर खिलखिला रहा हो.
मेले में झुंझनू से आए ऊंट हंसराज व मोती तथा घोड़ी गौरी और काजल के नृत्य ने अलग ही समां बांध दिया. चारपाई पर बैठे ऊंट की पीठ और गरदन पर खड़े हो कर नृत्यांगनाओं ने लोकधुनों पर नृत्य किया तो ऊंट व नृत्यांगना की जुगलबंदी देख कर लोग रोमांचित हो उठे. ऐसा ही रोमांच तब नजर आया, जब सजीसंवरी नृत्यांगनाओं ने जमीन पर लेटी घोड़ी की पीठ पर खड़ी हो कर लोकधुनों पर नृत्य किया. मेले के बीचबीच में यह सिलसिला 3 दिनों तक चलता रहा.
द्दरियाणा के कैथल जिले के रहने वाले नरेश बेनीवाल इस मेले में मुर्रा नस्ल के अपने भैंसे सुलतान को ले कर आए थे. पुष्कर के पशु मेले में एक विदेशी कंपनी की ओर से सुलतान की कीमत 21 करोड़ रुपए लगाई गई थी. सुलतान का वजन करीब 17 क्विंटल है. लगभग 7 साल के सुलतान का सालभर में करीब 90 लाख रुपए का सीमन बिकता है. देश भर में सुलतान के सीमन से अब तक करीबकरीब 2 लाख बच्चे पैदा हो चुके हैं. सुलतान का रोजाना का खर्च 3-साढ़े 3 हजार रुपए है.
नरेश बेनीवाल का कहना है कि सुलतान को सुबह के नाश्ते में देशी घी का मलीदा यानी चूरमा और दूध दिया जाता है. दिन में उसे 10 किलोग्राम दाना व 10 किलोग्राम दूध दिया जाता है. इस के अलावा सुलतान को 30-35 किलोग्राम हरा और सूखा चारा भी देना होता है. सुलतान की खुराक में सेब व गाजर भी शामिल हैं. गर्मियों में उसे रोजाना 15 किलोग्राम सेब और सर्दियों में 20 किलोग्राम गाजर खिलाई जाती हैं.
नरेश का दावा है कि उस के पास कई बार विदेशों से सुलतान का डिसप्ले करने और सीमन भेजने के औफर आ चुके हैं, लेकिन उन्हें देश की नस्ल को विदेश में भेजना मंजूर नहीं है. वह नहीं चाहते कि दूसरे देश हमारी संपत्ति का फायदा उठाएं. कोटा के किसान मेले में हरियाणा के कुरुक्षेत्र का भैंसा युवराज आया था.
युवराज के मालिक कुरुक्षेत्र निवासी कर्मवीर सिंह का कहना है कि युवराज का डिसप्ले वह देश भर में कर चुके हैं. युवराज 24 बार आल इंडिया चैंपियन रह चुका है.
करनाल में युवराज की अंतिम बोली साउथ अफ्रीका की एक कंपनी ने 9 करोड़ 15 लाख रुपए की लगाई थी. युवराज के सीमन से देश भर में करीब डेढ़ लाख बच्चे पैदा हुए हैं. युवराज के सीमन से इस के मालिक कर्मवीर सिंह को साल भर में करीब 80 लाख रुपए की आमदनी होती है. युवराज का ढाई साल का बेटा रामू भी इस मेले में आया था.
इस मेले में 26 लाख रुपए कीमत का घोड़ा बादल भी आया था. 5 लाख रुपए की घोड़ी गणगौर अपने कान 180 डिग्री में घुमाती है. इस के अलावा मालानी घोड़े, गिर नस्ल की गाएं व सांड, मालवी नस्ल की गाय व बैल, कांकरेज गाय, कड़कनाथ मुर्गा भी मेले में प्रदर्शित किए गए.
क्षेत्रफल के लिहाज से देश के सब से बड़े प्रदेश राजस्थान में पशुधन की अपनी अलग पहचान है. ऊंट सदियों से राजस्थान की शान रहे हैं. बीकानेर और पुष्कर में हर साल अंतरराष्ट्रीय ऊंट महोत्सव आयोजित किए जाते हैं. इन में बड़ी संख्या में देसी व विदेशी पर्यटक भाग लेते हैं. इन महोत्सवों में ऊंट नृत्य, साजसज्जा सहित कई तरह की प्रतियोगिताएं होती हैं. राजस्थान में ऊंटों को सजाने की पुरानी परंपरा है.
माना जाता है कि जिस की ऊंटनी जितनी सजीधजी हसीना सी होगी, उस का मालिक उतना ही धनवान होगा. बीकानेर के ऊंट महोत्सव, पुष्कर मेले, बाड़मेर व जैसलमेर में होने वाले ऊंटों के उत्सवों में ऊंट ऊंटनियों को सजानेसंवारने और उन के नृत्य की काफी डिमांड रहती है.
राजस्थान में ऊंटों को सजानेसंवारने का काम भी बड़े पैमाने पर होता है. यहां के लोग अपनी दुकान को ऊंटनी का ब्यूटीपार्लर कहते हैं. इन पार्लरों में ऊंटऊंटनी के सोलह शृंगार किए जाते हैं. सब से पहले ऊंट के गले का शृंगार होता है. इस में गोरबंद का इस्तेमाल किया जाता है. गले में ही चांदी और जरी की कशीदाकारी वाली पट्टियां लगाई जाती हैं. पैरों में नेवरी बांधी जाती है. घुंघरू पहनाए जाते हैं.
ऊंट की पीठ पर भी शृंगार किया जाता है. पहले काठी पहनाई जाती है. इस में 2 लोगों के बैठने की जगह होती है. इस के नीचे गद्दी व ऊपर छेवटी रखी जाती है. काठी के सब से ऊपर गादी रखी जाती है, जो बैठने वालों के लिए आरामदायक होती है.
ऊंट को गले से पांवों तक दोनों ओर लुंबाझुंबा पहनाया जाता है. मुंह, नाक व कान को ढकते हुए चांदी की कशीदाकारी वाला मोहरा पहनाया जाता है.
राजस्थान में आज भी पशुधन का बहुत महत्त्व है. हालांकि प्रदेश में ऊंटों की तादाद दिन पर दिन घटती जा रही है, फिर भी गांवदेहात में ऊंट आज भी ग्रामीणों की रोजीरोटी का जरिया हैं. राजस्थान में सन 1997 की पशुगणना में 6 लाख 68 हजार ऊंट गिने गए थे.
सन 2012 में राज्य में ऊंटों की संख्या घट कर केवल 3 लाख 25 हजार 713 रह गई थी. इसे विडंबना ही कहेंगे कि ऊंट धीरेधीरे लुप्त होते जा रहे हैं. ऐसी स्थिति में ऊंटों का अस्तित्व बचाए रखने के लिए राजस्थान सरकार ने इसे स्टेट एनिमल घोषित किया है. Rajasthan Camel Festival
— मनोहर कहानियां, 2017 में प्रकाशित






