Rajasthan Camel Festival. राजस्थान में ऊंट महोत्सव काफी पुरानी परंपरा है, जो बड़ेबड़े शहरों में आयोजित की जाती हैं. ऊंट महोत्सव के दौरान सजेधजे ऊंट ऐसेऐसे करतब दिखाते हैं कि देखने वाले भी हैरत में रह जाते हैं.
राजस्थान के कोटा शहर में इसी साल 24 से 26 मई तक 3 दिनों का किसानों का मेला था. यह मेला ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) के दौरान लगाया गया. 3 दिनों के इस मेले में कोटा संभाग के हजारों किसानों ने हिस्सा लिया. मेले में खेती के आधुनिक तरीकों पर चर्चाएं हुईं. विभिन्न जगहों से आए पशुपालकों ने 3 दिनों तक इस मेले में अपने ऊंटों और घोड़ेघोडि़यों के करतब दिखाए. रोमांचक करतब देख कर दर्शकों ने दांतों तले अंगुलियां दबा लीं. मेले में 21 करोड़ रुपए की कीमत का भैंसा सुलतान और 9 करोड़ रुपए की कीमत का भैंसा युवराज भी आकर्षण का केंद्र रहे.
मेले के पहले दिन राजस्थान के ऊंट पालकों ने अपनेअपने ऊंटों के करतब दिखाए. झुंझनू जिले के सांवतसरी गांव के रहने वाले धरमा उर्फ धर्मेंद्र अपने जिगरी दोस्त हंसराज के साथ इस मेले में आए थे. हंसराज इंसान नहीं, बल्कि करीब 17 साल का ऊंट है. हंसराज पिछले करीब 9 सालों से धरमा के साथ है. हंसराज ने चारपाई पर चढ़ कर जो करतब दिखाए, उन्हें देख कर लोग हैरान रह गए. हंसराज कभी पैर उठा कर लोगों का अभिवादन करता तो कभी ठुमके लगाता. हंसराज अपने मालिक की छाती पर पैर टिकाता और हलके से छू कर हटा लेता.
उस वक्त मेले में आए लोगों की सांसें थम गईं, जब हंसराज ने अचानक धरमा की गरदन अपने जबड़ों में भींच ली. एक तरफ धरमा का पूरा शरीर व गरदन ऊंट के जबड़ों में थी और दूसरी ओर धरमा का सिर और कनपटी से गाल तक की नसें खिंची हुई थीं. चेहरा तमतमाया हुआ लग रहा था. अगर ऊंट के दांतों का दबाव जरा सा भी बढ़ जाता तो धरमा की जिंदगी का काम तमाम होना तय था.






