Kannauj Honour Killing. मम्मी के गुजर जाने और पापा चंद्रप्रकाश के दिल्ली में नौकरी पर जाने की वजह से 17 वर्षीय शिवानी बेलगाम हो गई थी. भाईबहनों के कहने का उस पर कोई असर नहीं होता था. गांव में उस के कई प्रेमी बन चुके थे. रोजरोज की बदनामी से आजिज आ कर एक दिन चंद्रप्रकाश ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि…

चंद्रप्रकाश ने घर के बाहर कदम रखा तो उस का सामना पड़ोस में रहने वाले बुजुर्ग राघव चाचा से हुआ. वह चबूतरे पर पड़ी चारपाई पर बैठा खैनी हथेली पर रगड़ रहा था. उस ने चंद्रप्रकाश से कहा, ”बेटा, मैं तुम से एक जरूरी बात कहना चाहता हूं. मेरी बात का तुम बुरा तो नहीं मानोगे?’’

”चाचा, आप बुजुर्ग हैं. जो भी बात कहेंगे, हमारी भलाई के लिए ही कहेंगे. आप एक नहीं, 2 बात कहिए. मैं आप की बात का कतई बुरा नहीं मानूंगा.’’

”लेकिन बेटा, हमारी बात करेले के समान कड़वी है. तुम्हें बुरी लग गई और तुम आपा खो बैठे तो..?’’ राघव ने आशंका जताई.

”आप की कड़वी बात, यदि नसीहत भरी है तो मैं जरा भी बुरा नहीं मानूंगा, न ही आपा खोऊंगा. आप जो भी कहना चाहते हैं, निस्संकोच कहें.’’

राघव ने दाएंबाएं नजर दौड़ाई फिर बोला, ”चंद्रप्रकाश, तुम दिल्ली में नौकरी में बिजी रहते हो और यहां गांव में तुम्हारी छोटी बेटी शिवानी तुम्हारी पीठ में छुरा घोप रही है. उस की आवारागर्दी दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है. तुम उसे या तो अपने साथ ले जाओ या फिर उस के हाथ पीले कर दो. समय रहते तुम नहीं चेते तो कहीं ऐसा न हो कि शिवानी तुम्हारे मुंह पर कालिख पोत कर किसी के साथ भाग जाए.’’

चंद्रप्रकाश उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद के गांव कपूरापुर का रहने वाला था. परिवार में 3 बेटियां व एक बेटा था. वह दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था. जबकि बेटा गांव में रह कर सब्जी बेचने का काम करता था. शिवानी उस की सब से छोटी बेटी थी.

चंद्रप्रकाश को राघव चाचा की बात दिल में चुभ गई, लेकिन वह उस चुभन को सह गया. उस ने कहा, ”चाचा, आप की बात सोलह आना सच है. मैं भी शिवानी की हरकतों  से परेशान रहता हूं. बहुत समझाया, लेकिन वह मनमानी करती है.’’

राघव चाचा की नसीहत से चंद्रप्रकाश की उलझन बढ़ गई थी. इसी उलझन में वह अपने खेत पर पहुंचा. वहां उस की मुलाकात खेत की सिंचाई कर रहे भोला यादव से हुई.

चंद्रप्रकाश को देखते ही वह बोला, ”शिवानी घर में है या फिर किसी के साथ भाग गई? आजकल उस की रंगीनमिजाजी के चर्चे गांव में ही नहीं, आसपड़ोस के गांवों में भी हो रहे हैं. उस पर सख्ती करो. बेशरम मत बनो. तुम्हारी जगह मैं होता तो उस की अय्याशी का भूत उस का टेटुआ दबा कर उतार देता.’’

भोला के ताने से चंद्रप्रकाश का माथा गरम हो गया और उलझन भी बढ़ गई. इसी उलझन में वह गांव के बाहर स्थित देशी शराब के ठेके पर जा पहुंचा. वहां उस ने शराब पी, फिर बड़बड़ाता हुआ घर पहुंचा. शिवानी घर पर ही थी. वह पानी ले कर आई तो चंद्रप्रकाश ने गिलास दूर फेंक दिया और शिवानी को पीटने लगा.

शिवानी चीखने लगी तो उस का भाई रजत आ गया. उस ने पापा से पूछा कि वह उसे क्यों पीट रहे हैं?

”क्यों पीट रहा हूं, यह इस बेशरम, बेहया, बदजात अपनी बहन से पूछो. जिस ने हमारा गांव में सिर उठा कर चलना दूभर कर दिया है. इस की यारी ने हमारी इज्जत तारतार कर दी है. गांव के लोग ताना मारते हैं. हंसी उड़ाते हैं. आज पहले राघव चाचा ने फिर भोला ने ताना मारा, जिस से मैं बेहद आहत हुआ और शराब का सहारा लेना पड़ा.’’

चंद्रप्रकाश कुछ देर बड़बड़ाता रहा, उस के बाद चारपाई पर जा कर लुढ़क गया. सुबह वह जल्दी उठा. उस की उलझन अब भी कम नहीं हुई थी. इसी उलझन में वह अपनी बहन के घर जा पहुंचा. औरैया जिले के दलपपुर गांव में उस की बहन रहती थी.

बहन के बेटे (भांजे) दीपक ने मामा चंद्रप्रकाश को उदास देखा तो उस ने पूछा, ”मामा, क्या बात है? तुम कुछ परेशान लगते हो. मुझे बताओ, शायद मैं कुछ मदद कर सकूं.’’

मामा का मूड ठीक करने के लिए दीपक शाम को मामा के साथ बेला पहुंचा. वहां शराब ठेके पर दोनों ने शराब पी.

शराब पीने के दौरान दीपक ने मामा से उलझन के बारे में पूछा तो चंद्रप्रकाश ने बताया कि शिवानी उस की इज्जत पर दाग लगा रही है. उस का कहीं चक्कर चल रहा है. वह अकसर घर से गायब हो जाती है. उस के एक नहीं, कई यार हैं. उन के साथ वह गुलछर्रे उड़ाती है. बहुत समझाया, लेकिन वह अपनी मनमानी करती है.

शिवानी की आवारागर्दी से उस की हर तरफ बदनामी हो रही है. गांव के लोग ताने मारते हैं. मजाक उड़ाते है. गांव में उस का सिर उठा कर चलना दूभर हो गया है. अब वह शिवानी को सबक सिखाना चाहता है. न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी. भांजे, हमें तुम्हारा साथ चाहिए.

दीपक बोला, ”मामा, आप परेशान मत होइए. हम आप की पूरी मदद करेंगे, लेकिन मामा, मेरी एक शर्त है?’’

”वह क्या?’’ चंद्रप्रकाश ने दीपक से अचकचा कर पूछा.

”शर्त यह है कि इस बार आप शिवानी को माफ कर दो. शिवानी हमारी ममेरी बहन है. कई बार कलाई पर राखी बांध चुकी है, अगर दोबारा वह घर से भागी तो उस को जरूर सबक सिखाएंगे. उस के साथ कतई हमदर्दी नहीं होगी.’’

”ठीक है दीपक, मुझे तुम्हारी शर्त मंजूर है. उसे एक मौका और देता हूं.’’

इस के बाद चंद्रप्रकाश अपने गांव आ गया. उस ने शिवानी को प्यार से समझाया कि वह मर्यादा में रहे. ऐसी कोई हरकत न करे, जिस से गांव मे उस की बदनामी हो. उस ने अपने बेटे रजत व बड़ी बेटी से भी कहा कि वह शिवानी पर नजर रखे. इस के बाद वह वापस दिल्ली चला गया और अपनी ड्यूटी करने लगा.

चंद्रप्रकाश के दिल्ली चले जाने के बाद शिवानी कुछ दिनों तक घर में ठीक से रही. उस के बाद वह फिर से पुराने ढर्रे पर आ गई. वह घर से कभी 2 घंटे तो कभी 4 घंटे गायब रहने लगी. कभीकभी तो पूरा दिन ही गायब रहती और देर शाम घर लौटती. बहनभाई उसे टोकते तो कोई न कोई बहाना बना देती. कभी कहती कि मंदिर गई थी तो कभी कहती कि सहेली के घर गई थी. हालांकि गांव वालों की जो शिकायतें आ रही थीं, वह कुछ और ही बयां करती थीं.

कोई कहता कि शिवानी झाडिय़ों में छिप कर फलां लड़के के साथ चोंच लड़ा रही थी, कोई कहता फलां लड़के के साथ बाइक पर घूम रही थी.

कोई कहता मैं ने शिवानी को गांव के बाहर बगीचे में दूसरे गांव के लड़के के साथ चिपके बैठे देखा था. शिवानी पर लगाम लगाओ. वरना तुम लोगों के मुंह पर कालिख पुत जाएगी.

2 सितंबर, 2026 को शिवानी अपने किसी दोस्त के साथ घर से गायब हो गई. रजत ने इस की जानकारी अपने पापा चंद्रप्रकाश को दी. इस के बाद चंद्रप्रकाश दिल्ली से अपने गांव आ गया. दूसरे रोज वह बेला पहुंचा. वहां उस ने भांजे दीपक को भी बुला लिया. पहले दोनों ने शराब पी, फिर शिवानी के घर से भाग जाने की जानकारी चंद्रप्रकाश ने दीपक को दी.

इस के बाद दीपक और चंद्रप्रकाश ने मिल कर शिवानी की हत्या करने व शव दफनाने की पूरी योजना बनाई. दीपक ने अपने मामा को गांव के बाहर वह सुनसान जगह भी दिखाई, जहां हत्या कर शव दफनाना था.

चंद्रप्रकाश व दीपक बाइक से 2-3 दिनों तक शिवानी को खोजते रहे, लेकिन जब उस का पता नहीं चला तो चंद्रप्रकाश अपने गांव लौट आया. लोगों के तानों से बचने के लिए उस ने घर से निकलना बंद कर दिया. रातदिन शराब में डूबा रहता.

7 सितंबर, 2026 की देर शाम शिवानी घर वापस आ गई, लेकिन पापा के डर से वह घर के अंदर नहीं गई. दोनों बड़ी बहनों को पता चला कि शिवानी घर के बाहर बैठी है तो वे दोनों उसे घर के अंदर ले आईं.

शिवानी को डर था कि पापा उस के साथ गालीगलौज व मारपीट करेंगे, लेकिन वैसा कुछ नहीं हुआ. चंद्रप्रकाश ने शिवानी के साथ सामान्य व्यवहार किया और उस के साथ बैठ कर खाना खाया. उस ने शिवानी को आभास तक नहीं होने दिया कि वह उस से नाराज है.

दूसरे रोज चंद्रप्रकाश ने शिवानी से सहानुभूति जताई फिर बोला, ”शिवानी, तुम मेरे साथ दिल्ली चलो, वहां रहोगी तो उन गांव वालों के मुंह पर ताला लग जाएगा, जो आए दिन तुम्हारी अफवाहें उड़ाते रहते हैं. हर रविवार हमारी छुट्टी रहती है. हम तुम्हें पूरी दिल्ली घुमाएंगे. दिल्ली की चकाचौंध में तुम ऐसे खो जाओगी कि गांव आना ही भूल जाओगी.’’

”ठीक है पापा, जैसा तुम उचित समझो. मैं आप के साथ दिल्ली चलने को तैयार हूं.’’

शिवानी दिल्ली चलने को राजी हो गई तो चंद्रप्रकाश ने इस की जानकारी भांजे दीपक को दी.

इस के बाद एक बार फिर शिवानी की हत्या की पूरी योजना बनी. कहां मिलना है और फिर कैसे और कहां शिवानी का काम तमाम करना है, यह भी तय हो गया.

9 सितंबर, 2026 की शाम 5 बजे चंद्रप्रकाश बाइक पर शिवानी को बिठा कर अपने घर से निकला. शिवानी को शक न हो इसलिए उस ने अपने बेटे रजत को भी साथ ले लिया. दरअसल, यह तय हुआ था कि फफूंद रेलवे स्टेशन तक तीनों बाइक से चलेंगे. उस के बाद रजत उन दोनों को ट्रेन में बिठा कर वापस घर आ जाएगा.

रात 8 बजे चंद्रप्रकाश तिर्वा मोड़ पर नायरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचा. प्लान के मुताबिक यहां दीपक पहले से मौजूद था. भांजे को देख कर चंद्रप्रकाश अपने बेटे से बोला,” रजत, दीपक मिल गया है. अब तुम बस पकड़ कर वापस घर लौट जाओ. हम और शिवानी आज रात दीपक के घर दलपपुर रुक जाएंगे. फिर सुबह की ट्रेन से दिल्ली चले जाएंगे.’’

इस के बाद रजत वापस गांव लौट गया.

इधर दीपक, शिवानी और चंद्रप्रकाश बेला पहुंचे. यहां तीनों ने कोल्ड ड्रिंक पी. उस के बाद बेलाबिधूना मार्ग पर स्थित दलपपुर गांव की ओर चल पड़े. गांव पहुंचने से पहले दीपक ने कहा, ”मामा, जरा बाइक रोको.’’

चंद्रप्रकाश दीपक का इशारा समझ गया, अत: उस ने बाइक सड़क किनारे रोक दी.

अब तक रात के 9 बज चुके थे. सड़क पर सन्नाटा पसरा था. सुनसान जगह पर बाइक रोकने से शिवानी को कुछ शक हुआ. अत: उस ने विरोध किया. इस पर चंद्रप्रकाश ने शिवानी का हाथ मरोड़ दिया. इस के बाद दीपक व चंद्रप्रकाश शिवानी को खींचते हुए सड़क से करीब 50 मीटर दूर ले गए.

यह भदौरियन पुरवा और दलपपुर गांव के बीच वन विभाग की जमीन थी, जिस पर बबूल के पेड़ खड़े थे और गड्ढे थे. दीपक और चंद्रप्रकाश ने पानी भरे गड्ढे के पास शिवानी को ढकेल दिया और दीपक उस का गला कसने लगा. शिवानी छटपटाने लगी तो चंद्रप्रकाश ने उस की गरदन पर पैर रख दिया. फिर तब तक पैर से गला दबाता रहा, जब तक शिवानी की सांसें नहीं थम गईं.

शिवानी का शव गड्ढे के पास छोड़ कर दीपक अपने मामा चंद्रप्रकाश के साथ अपने घर आ गया.

दीपक ने अपनी मम्मी व पत्नी से शिवानी की हत्या की बात छिपा ली. कुछ देर बाद मामाभांजे ने साथ बैठ कर खाना खाया, फिर चारपाई पर जा कर लेट गए, लेकिन उन की आंखों से नींद कोसों दूर थी. उन्हें तो लाश ठिकाने लगाने की चिंता सता रही थी.

रात करीब 12 बजे जब गांव के लोग सो गए, तब दीपक और चंद्रप्रकाश रात के सन्नाटे में फावड़ा ले कर जंगल पहुंचे. वहां उन दोनों ने फावड़े से गहरा गड्ढा खोदा और शिवानी के शव को गड्ढे में दफन कर दिया. इस के बाद वे दोनों वापस घर आ कर चैन की नींद सो गए.

दूसरे रोज चंद्रप्रकाश दलपपुर गांव में भांजे दीपक के घर ही रहा और सुरागसी करता रहा कि किसी को हत्या की जानकारी तो नहीं हुई. 2 दिन गांव मे रुकने के बाद 12 सितंबर को चंद्रप्रकाश दिल्ली चला गया.

लगभग एक सप्ताह तक किसी गांव वाले को भनक न लगी कि जंगल में कोई शव दफन है, लेकिन कहावत है कि अपराध कभी छिपता नहीं है. वैसा ही हुआ. एक शाम दीपक शराब पी कर घर पहुंचा तो उस का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ. इसी झगड़े में दीपक ने पत्नी को धमकी दी कि ज्यादा रोकटोक करेगी तो उसे भी उसी तरह गांव के बाहर जंगल में दफन कर देगा, जैसे चंद रोज पहले उसे दफन किया था.

पति की बात सुन कर वह सन्न रह गई. उस ने शव दफन की बात पड़ोस की हमउम्र औरतों को बताई तो गांव में कानाफूसी शुरू हो गई. गांव के बाहर वन विभाग की जमीन पर शव दफन की बात जब ग्राम प्रधान राघवेंद्र सिंह को पता चली तो वह थाना बेला जा पहुंचे.

थाने में उस समय एसएचओ अमर बहादुर सिंह मौजूद थे. उन्होंने राघवेंद्र सिंह से पूछा, ”कहिए प्रधानजी, कैसे आना हुआ? गांव में सब खैरियत तो है?’’

” सर, खैरियत ही तो नहीं है, तभी तो हांफता हुआ थाने आया हूं.’’ ग्राम प्रधान राघवेंद्र सिंह सीरियस होते हुए बोला.

”तो फिर बताओ, तुम्हारे गांव में क्या हुआ?’’ एसएचओ अमर बहादुर सिंह ने पूछा.

”सर, हमारे गांव दलपपुर के बाहर वन विभाग की भूमि है, जहां बबूल के पेड़ हैं. गांव में कानाफूसी हो रही है कि वहां कोई शव दफन है. आप सच्चाई का पता करने गांव चलें.’’

इस सूचना पर एसएचओ अमर बहादुर सिंह सहयोगियों के साथ सूचना में बताई गई जगह पर पहुंच गए. पुलिस ने वन विभाग की जमीन का निरीक्षण किया तो एक जगह गड्ढा खुदा दिखा, जिसे मिट्टी से भरा गया था. शक होने पर उन्होंने उस गड्ढे को खुदवाया तो गड्ढे के अंदर एक लड़की का शव दफन था.

उन्होंने सावधानीपूर्वक शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया. शव पुराना था और उस से तेज दुर्गंध आ रही थी.

एसएचओ ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया. उस की उम्र 16-17 साल थी. वह सलवार कुरता पहने थी. गड्ढे से ही एक जोड़ी चप्पलें भी बरामद हुईं, जो शायद मृतका की ही थीं. सबूत के तौर पर उन्हें सुरक्षित कर लिया गया.

एसएचओ अमर बहादुर सिंह ने किसी लड़की का शव बरामद होने की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी तो औरैया एसपी अभिषेक भारती व सीओ (बिधूना) पुनीत मिश्रा मौका ए वारदात पर आ गए. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जानकारी जुटाई.

कुछ ही देर में घटनास्थल पर दलपपुर, भदौरियन पुरवा आदि गांवों के सैकड़ों लोग वहां आ चुके थे. लेकिन कोई भी उस लड़की के शव को पहचान नहीं पाया.

इस से पुलिस अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि मृत लड़की आसपास के क्षेत्र की नहीं है. अत: उन्होंने जरूरी काररवाई पूरी करा कर शव को पोस्टमार्टम हेतु औरैया के जिला अस्पताल भिजवा दिया.

एसपी अभिषेक भारती ने युवती की हत्या को बड़ी गंभीरता से लिया. उन्होंने इस ब्लाइंड मर्डर केस का परदाफाश करने के लिए डीएसपी पुनीत मिश्रा की निगरानी में एक पुलिस टीम का गठन किया.

इस टीम में एसएचओ (बेला) अमर बहादुर सिंह,  एसआई संदीप यादव, बृजभूषण तिवारी, कांस्टेबल अंकुश चौधरी, विशाल तंवर व महिला कांस्टेबल संगीता व गुंजन को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने मृत लड़की की खोज में खूबपसीना बहाया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इस के बाद अमर बहादुर सिंह ने अपने स्तर से खोजबीन शुरू की.

उन्होंने मृत लड़की की फोटो व हुलिया सहित जानकारी सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित की. साथ ही औरैया व इस से सटे जिलों के थानों में भी लड़की की फोटो भेजी तथा जानकारी जुटाने का अनुरोध किया. 15 दिन बीत गए, लेकिन कहीं से कोई खबर नहीं मिली.

एक रोज कपूरापुर (कन्नौज) का रहने वाला रजत कुमार मोबाइल की स्क्रीन स्क्रोल कर रहा था. तभी उस की नजर एक फोटो पर पड़ी. उस फोटो को देख कर रजत चौंक पड़ा, क्योंकि फोटो में जिस लड़की का शव दिख रहा था. वह उस की बहन शिवानी का था. जबकि उसे पता था कि शिवानी पापा चंद्रप्रकाश के साथ दिल्ली गई है.

उस के पापा ने फोन पर बताया भी था कि शिवानी दिल्ली में उस के साथ रह रही है. रजत का माथा ठनका, ”तो क्या पापा झूठ बोल रहे हैं? क्या नाराजगी के चलते उन्होंने बहन के साथ घात कर दिया है?’’

10 अक्तूबर, 2026 को रजत थाना बेला पहुंचा. उस ने एसएचओ अमर बहादुर सिंह को बताया कि वह कन्नौज जनपद के गांव कपूरापुर का रहने वाला है. सोशल मीडिया पर शव की जो फोटो डाली गई है. वह उस की 17 वर्षीया बहन शिवानी की है.

9 सितंबर को उस के पापा चंद्रप्रकाश शिवानी को दिल्ली ले जाने के लिए बाइक पर सवार हो कर गांव से निकले थे. वह भी उन के साथ था. लेकिन तिर्वा मोड़ पर हमारी बुआ का बेटा दीपक मिल गया. तब पापा ने उसे गांव वापस भेज दिया था.

रजत ने शव की पहचान कर ली तो एसएचओ ने चैन की सांस ली. उन्हें लगा कि अब शिवानी हत्याकांड का परदाफाश हो जाएगा. अत: उन्होंने रजत से पूछा,” क्या तुम बता सकते हो कि तुम्हारी बहन की हत्या किस ने और क्यों की होगी?’’

”सर, मुझे शक है कि शिवानी की हत्या मेरे पापा ने अपने भांजे दीपक के साथ मिल कर की है.’’

”वह क्यों?’’ एसएचओ ने रजत से पूछा.

”सर, मेरी बहन शिवानी रंगीनमिजाज थी. वह अकसर घर से गायब रहती थी. उस की आवारागर्दी से गांव में हमारी थूथू होती थी. पापा बहन की आवारागर्दी से परेशान थे. इसलिए उन्होंने यह किया होगा.’’

चूंकि रजत ने बहन की हत्या का खुलासा कर दिया था और आरोपियों के नाम भी बता दिए थे, इसलिए पुलिस ने रजत की तहरीर पर बीएनएस की धारा 103(1), 238(ए) व 61(2) के तहत चंद्रप्रकाश व उस के भांजे दीपक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली तथा उन की खोज में जुट गए.

एसएचओ ने रजत से चंद्रप्रकाश व दीपक के मोबाइल नंबर लिए. उन्होंने दोनों फोन नंबरों पर कौल की तो दोनों ही स्विच्ड औफ थे. दीपक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम ने दलपपुर गांव में उस के घर पर दबिश दी तो पता चला कि वह घर से फरार है.

दरअसल, दीपक को पता चल गया था कि रजत ने बेला थाने में उस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है, अत: वह फरार हो गया था.

चंद्रप्रकाश व दीपक की गिरफ्तारी के लिए एसएचओ अमर बहादुर सिंह ने उन दोनों के फोन नंबर सर्विलांस पर लगवाने के साथ ही क्षेत्र में अपने मुखबिरों को भी अलर्ट कर दिया. इस के अलावा वह टीम के साथ स्वयं भी सक्रिय रहे.

13 अक्तूबर, 2026 की सुबह अमर बहादुर सिंह को सर्विलांस व मुखबिर के जरिए पता चला कि चंद्रप्रकाश अपने भांजे दीपक के साथ कैंथावा मोड़ पर मौजूद है.

यह पता चलते ही वह पुलिस टीम के साथ कैथावा मोड़ पर पहुंचे. पुलिस टीम को देख कर वह दोनों तेज गति से भागे, किंतु पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया. दोनों को हिरासत में ले कर थाना बेला लाया गया.

थाने में जब उन दोनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने सहज ही हत्या कर साक्ष्य मिटाने का जुर्म कुबूल कर लिया. यही नहीं, उन दोनों ने हत्या में प्रयुक्त बाइक व आला कत्ल फावड़ा भी बरामद करा दिया, जिसे उन्होंने घर में छिपा दिया था.

पुलिस पूछताछ में चंद्रप्रकाश ने बताया कि उस की बेटी शिवानी आवारा थी. वह अपने प्रेमियों के साथ घर से गायब हो जाती थी. उस की आवारागर्दी से गांव में उस की बदनामी हो रही थी. इसलिए उस ने भांजे दीपक के साथ शिवानी की हत्या का प्लान बनाया.

एसएचओ अमर बहादुर सिंह ने ब्लाइंड मर्डर का परदाफाश करने तथा हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी तो एसपी अभिषेक भारती ने डीएसपी पुनीत मिश्रा के साथ पुलिस सभागार में प्रैस कौंफ्रेंस कर शिवानी की हत्या का खुलासा किया.

उत्तर प्रदेश राज्य का एक बहुचर्चित शहर है कन्नौज. यह इत्र की नगरी के नाम से भी जाना जाता है. इसी कन्नौज जिले के कपूरापुर गांव में चंद्रप्रकाश सपरिवार रहता था. उस के परिवार में पत्नी गौरी के अलावा एक बेटा रजत था. चंद्रप्रकाश सब्जी का कारोबार करता था. इस व्यापार से होने वाली आमदनी से ही वह घर खर्च चलाता था.

चंद्रप्रकाश की पत्नी गौरी मनचली व फैशनपरस्त थी. वह उस की फैशनपरस्ती से परेशान रहता था. गौरी खर्च के लिए पैसे मांगती थी, जबकि चंद्रप्रकाश उसे सीमित खर्च ही देता था. इस बात को ले कर दोनों में खूब झगड़ा होता था.

आखिर आजिज आ कर एक रोज गौरी मासूम बेटे रजत को पति के हवाले कर मायके चली गई और फिर वापस नहीं आई. बाद में उस ने किसी दूसरे युवक से शादी कर ली.

चंद्रप्रकाश को मासूम बेटे रजत के पालनपोषण में दिक्कत हुई तो उस ने भी सुनीता नाम की दूसरी युवती से शादी रचा ली.

समय बीतते सुनीता ने 3 बेटियों को जन्म दिया, जिन में सब से छोटी शिवानी थी. तीनों बेटियों के साथ सुनीता रजत का भी पूरा खयाल रखती थी. चंद्रप्रकाश का परिवार बढ़ा तो खर्च भी बढ़ा. गांव में रह कर वह इतना नहीं कमा पाता था कि वह परिवार का खर्चा चला सके, अत: वह बाहर जा कर कमाने की सोचने लगा. किंतु इन्हीं दिनों उस की पत्नी सुनीता बीमार पड़ गई. चंद्रप्रकाश ने पत्नी का इलाज कर्ज ले कर कराया, फिर भी वह सुनीता को बचा नहीं पाया.

सुनीता की मौत के बाद चंद्रप्रकाश ने सब्जी का कारोबार रजत को सौंपा और स्वयं नौकरी के लिए दिल्ली चला गया. दिल्ली में वह एक निजी कंपनी में काम करने लगा. घर और बहनों की देखभाल की जिम्मेदारी रजत पर आ गई थी. चंद्रप्रकाश को जब छुट्टी मिलती तो वह भी गांव आ जाता. और बेटाबेटियों से मिल कर चला जाता था.

चंद्रप्रकाश की 2 बेटियां तो सरल स्वभाव की थीं और मानमर्यादा के साथ घर की दहलीज में रहती थीं, लेकिन सब से छोटी बेटी शिवानी रंगीनमिजाज थी.

शिवानी सयानी हुई तो उस के हुस्न में भी निखार आ गया. वह मनचलों के आकर्षण का केंद्र बन गई. शिवानी को अपने रूप का अहसास था, इसलिए वह बेहद नफासत व नजाकत से जब गलियों से गुजरती तो मनचले दिल थाम लेते.

इन्हीं मनचलों में एक था शिवा. शिवा का फिल्मी स्टाइल शिवानी को भाता था तो शिवानी का चंचल स्वभाव शिवा के मन में ख्वाहिशें जगाता था. शिवा पड़ोस के गांव का रहने वाला था. मिडिल क्लास तक दोनों साथसाथ पढ़े थे. दोनों एकदूसरे को चाहते थे और छिपछिप कर मिलते थे. धीरेधीरे उन का प्यार परवान चढऩे लगा.

एक रोज शिवा ने प्यार का इजहार किया तो शिवानी ने उसे कुबूल कर लिया. इस के बाद दोनों इश्क में डूबते चले गए. उन के बीच शारीरिक संबंध भी बनने लगे.

ग्रामीण परिवेश में प्यारमोहब्बत की बातें कहां छिपती हैं. कुछ ही दिनों में दोनों का प्रेम जगजाहिर हो गया. फिर तो जितने मुंह उतनी बातें होने लगीं.

कुछ दिनो बाद चंद्रप्रकाश गांव आया तो उसे शिवा और शिवानी के लव अफेयर के बारे में पता चला. उस ने शिवानी को खूब डांटाफटकारा और पिटाई भी की. उस ने शिवा को भी आड़े हाथों लिया और उस पर सवार प्यार का भूत उतारा. सख्ती के कारण शिवा ने शिवानी से किनारा कर लिया.

शिवानी को देह सुख का चस्का लग गया था, अत: जब शिवा ने उस से किनारा किया तो शिवानी ने दूसरा प्रेमी खोज लिया और उस के साथ मौजमस्ती करने लगी. इस के बाद तो यह रवैया ही बन गया. शिवानी एक का साथ छोड़ती तो दूसरे का हाथ थाम लेती. इस तरह उस के एक नहीं कई प्रेमी बन गए, जिन के साथ वह मौजमस्ती करती. वह अकसर घर से गायब रहने लगी.

शिवानी के रंगीनमिजाजी के किस्से अब आम हो गए थे. चंद्रप्रकाश जब दिल्ली से गांव आता तो उसे उलाहना मिलता. ताने सुनने को मिलते, जिस से वह तिलमिला उठता था.

आखिर आजिज आ कर उस ने शिवानी की हत्या की योजना अपने भांजे दीपक के साथ मिल कर बनाई. योजना के तहत 9 सितंबर, 2026 को वह शिवानी को दिल्ली ले जाने के बहाने साथ ले गया और दीपक के साथ मिल कर उस की हत्या कर शव जमीन में दफन कर दिया.

चंद्रप्रकाश और दीपक को यकीन था कि वे साफ बच जाएंगे, लेकिन वह पुलिस व कानून के हाथों बच न सके और गिरफ्तार कर लिएगए.

14 अक्तूबर, 2026 को पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश व दीपक को औरैया की कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जिला जेल भेज दिया गया. Kannauj Honour Killing

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...