Sheena Bora Murder Case. इस केस से पहले कोई भी इंद्राणी मुखर्जी की हकीकत नहीं जानता था. लेकिन जांच के बाद जब उस की हकीकत सामने आई तो सभी चौंक गए. कह सकते हैं कि बड़े लोगों के पाप भी बड़े ही होते हैं.
मुंबई के धनाढ्य इलाके वरली की एक बड़ी कोठी में रहने वाले लोगों के लिए निहायत सुहानी सी सुबह थी वह. लौन में बिछी आकर्षक गोल मेज पर नौकर चाय बनाने का सामान, गर्म पानी और 2 खाली कप रख गया था. मेज के दोनों तरफ कुर्सियां पड़ी थीं. इन में से एक पर इंद्राणी मुखर्जी बैठी थीं. उन्होंने चाय बनानी शुरू की, साथ ही पति को भी आवाज दी.
आवाज सुन कर इंद्राणी के पति पीटर मुखर्जी आ गए. वह हाथ में उस दिन के कई अखबार लिए हुए थे.
चाय की चुस्कियों के साथ मुखर्जी दंपत्ति अखबारों पर सरसरी नजर डालते हुए आपस में बातें करने लगे. अभी 15 मिनट ही गुजरे थे कि डोरबेल बजने की आवाज सुनाई दी. 2-3 मिनट बाद नौकर ने आ कर बताया, ‘‘बाहर पुलिस वाले आए हैं.’’
‘‘उन्हें भीतर बुला लो.’’ इंद्राणी ने अखबार पर से बिना नजरें हटाए कहा.
‘‘मैं ने बोला था, मगर वह जल्दी में होने की बात कह रहे हैं. उन का कहना है कि इंद्राणी मैडम से कोई जरूरी बात करनी है, उन्हें गेट पर ही भेज दो.’’ नौकर ने बताया.
‘‘ऐसी क्या जरूरी बात करनी है उन्हें, वह भी घर के गेट पर.’’ इंद्राणी ने पति की ओर देखते हुए कहा.
पीटर ने कोई जवाब नहीं दिया, वह पूर्ववत अखबार पढ़ने में लीन रहे. उन के लिए जैसे यह निहायत आम सी बात थी. वैसे इस तरह की बातों का इंद्राणी के लिए भी कोई महत्व नहीं था. चाय की प्याली और अखबार वहीं मेज पर रख कर वह बाहर की ओर चल दीं. कोठी के मेन गेट पर कई पुलिस वाले मौजूद थे. मुंबई पुलिस की एक गाड़ी भी पास ही खड़ी थी.
पुलिस अलर्ट मुद्रा में आई
इंद्राणी मुखर्जी को आते देख एक महिला सबइंसपेक्टर ने गेट के पास आ कर पहले उन्हें गुडमौनिंग कहा, फिर निहायत सलीके से कहा, ‘‘मैडम, हमारे अफसरों को किसी केस के सिलसिले में आप से बात करनी है. कृपया आप हमारे साथ थाने चलें. सभी अफसर वहीं बैठे हैं.’’
इंद्राणी मुखर्जी मीडिया जगत से जुड़ी एक बड़ी हस्ती थीं. कितने ही पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से वह अकसर मिलती रहती थीं. तमाम अधिकारी उन्हें निजी रूप से जानते थे. इसलिए इंद्राणी के लिए आम लोगों की तरह पुलिस से भयभीत होने जैसा कुछ नहीं था, वह बेझिझक पुलिस की गाड़ी में बैठ कर उन के साथ चली गईं. इस बारे में उन्होंने अपने पति को भी बताने की जरूरत नहीं समझी. यह 26 अगस्त, 2015 की बात है. वरली में पीटर मुखर्जी के निवास से पुलिस की यह गाड़ी थाना खार में जा कर रुकी.
वहां गाड़ी से उतरते ही इंद्राणी मुखर्जी को बताया गया कि उन्हें उन की बहन शीना बोरा के कत्ल और उस की लाश को खुर्दबुर्द करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इस संबंध में उन के खिलाफ भादंवि की धाराओं 302 (हत्या) व 201 सबूत नष्ट करने के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया जा चुका है. इस के साथ ही पुलिस ने इंद्राणी की गिरफ्तारी के बारे में फोन कर के उन के पति को भी सूचित कर दिया.
पीटर मुखर्जी यह सुन कर अचंभित रह गए कि शीना का कत्ल कर दिया गया है और इस का इलजाम इंद्राणी पर है. उन्होंने कहा कि अगर इंद्राणी ने वाकई ऐसा किया है तो उस ने बहुत घिनौना काम किया है. बावजूद इस के उन्होंने पत्नी की मदद के लिए वकीलों का इंतजाम कर दिया.
थाना खार में थोड़ीबहुत मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद पुलिस ने उसी दिन इंद्राणी को कस्टडी रिमांड के लिए बांद्रा स्थित मेट्रोपौलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया. इंद्राणी की ओर से 2 जानेमाने वकील अदालत में पेश हुए. उन्होंने अपनी दलील में कहा कि उन की मुवक्किला को झूठे केस में फंसाया जा रहा है. किसी ने अगर शीना का कत्ल कर भी दिया है तो इस में इंद्राणी मुखर्जी का क्या कसूर?
वकीलों का कहना था कि इस मामले में पुलिस के पास इंद्राणी मुखर्जी की संलिप्तता का कोई प्रमाण नहीं है. वैसे भी वह मीडिया जगत की एक सम्मानित महिला हैं, न कि कोई पेशेवर अपराधी. इसलिए अदालत को उन्हें पुलिस रिमांड में न दे कर तुरंत जमानत पर रिहा कर देना चाहिए.
माननीय दंडाधिकारी ने इंद्राणी के वकीलों की दलील सुनने के साथसाथ पुलिस का पक्ष भी सुना और उन के द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों को भी जांचापरखा. इस के बाद अदालत ने पुलिस को इंद्राणी का 5 दिनों का रिमांड दे दिया. कस्टडी रिमांड के दौरान उन से शीना बोरा की हत्या के बारे में पूछताछ की गई.
इंद्राणी भी कम नहीं थी. पुलिस के तमाम हथकंडों के आगे न तो वह झुकीं, न ही डरीं. उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को मानने से साफ इनकार कर दिया. वह पुलिस को यही समझाने की प्रयास करती रहीं कि शीना मरी नहीं है, बल्कि अमेरिका में नौकरी कर रही है. हां, पिछले कुछ अरसे से वह उस के संपर्क में नहीं हैं, न ही उस के पास उस का कोई कौंटैक्ट नंबर या पता वगैरह है.
बकौल इंद्राणी किसी बात पर शीना से उन की बहस हो गई थी, जिस से नाराज हो कर वह 3 साल पहले अमेरिका चली गई थी. वहीं से उस ने एक बार फोन कर के बताया था कि अमेरिका में उसे बहुत अच्छी नौकरी मिल गई है. इसलिए अब वह दोबारा कभी उन के पास इंडिया नहीं आएंगी.
पुलिस ने बदला पैंतरा
इंद्राणी किसी भी तरह काबू में नहीं आ रही थीं. वह एक ही रट लगाए हुए थीं कि इस झूठे केस में उन के किसी दुश्मन के कहने पर उसे गलत तरीके से फंसाया जा रहा है. इंद्राणी से उन का अपराध कबूल करवाना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा था.
दूसरा कोई चारा न देख पुलिस ने ड्राइवर श्यामवर राय को ला कर उन के सामने खड़ा कर दिया. वह पहले ही से कस्टडी रिमांड में चल रहा था. उसे सामने देख कर इंद्राणी को कंपकंपी छूट गई. इस के बाद इंद्राणी ने शीना की हत्या करने की बात कबूल करते हुए कई राज खोले. इन में सब से बड़ा राज यही था कि शीना असल में इंद्राणी की बहन न हो कर बेटी थी. अपनी ही बेटी के कत्ल का तानाबाना इंद्राणी ने खुद ही बुना था.
पुलिस के तमाम हथकंडों से भी न टूटने वाली इंद्राणी ड्राइवर श्यामवर के सामने आते ही अपराध स्वीकृति का अपना बयान दर्ज कराने को तैयार हो गई थीं. असल में इस कहानी की शुरुआत ही ड्राइवर श्यामवर राय से होती है.
घरेलू नौकर और ड्राइवर जानते हैं राज
दरअसल, कुछ दिनों पहले मुंबई पुलिस को अवैध हथियारों की खरीदफरोख्त से जुड़ी एक गुप्त सूचना मिली थी. इस संबंध में अपराधियों की धरपकड़ करतेकरते एक ऐसा कार ड्राइवर पुलिस के हत्थे चढ़ा, जिस से 7.66 एमएम की एक पिस्टल बरामद हुई. बरामद पिस्टल की मिल्कीयत की बाबत वह कोई सबूत पेश नहीं कर सका, न ही उस के पास हथियार रखने का कोई लाइसेंस था. उस का कहना था कि वह पिस्टल उसे एक जगह लावारिस पड़ी मिली थी. पुलिस ने उस से सघन पूछताछ की.
इस पूछताछ में की गई सख्ती उस से बरदाश्त नहीं हुई. तब उस ने एक ऐसे सनसनीखेज अपराध का खुलासा कर दिया, जिस के बारे में सुनते ही पुलिस वालों के पैरों तले से जमीन खिसक गई. इस के बाद उस से और भी गहन पूछताछ की गई. लेकिन वह अपने उसी लोमहर्षक मामले वाले पर कायम रहा, जिस का रहस्योदघाटन वह पुलिस की पहली पूछताछ में कर चुका था, यही ड्राइवर श्यामवर राय था.
पुलिस द्वारा उस के अन्य अपराधों के बारे में पूछे जाने पर उस ने बताया था कि उस ने अपनी जिंदगी में कभी कोई अपराध नहीं किया. अलबत्ता कत्ल के एक मामले में उस ने अपनी मालकिन की मदद जरूर की थी.
इस के बाद श्यामवर राय ने पूछताछ में जो कुछ बताया, उसे सुन कर पुलिस दुविधा में पड़ गई. वजह यह थी कि वह एक निहायत संगीन अपराध था और एक जानीमानी हस्ती से जुड़ा था. उस ने जिस कत्ल के बारे में पुलिस को बताया था, उस में शामिल महिला न केवल मीडिया जगत की जानीमानी हस्ती थी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खासा रुतबा रखती थी. सन 2008 में उस का नाम दुनिया की 50 पावरफुल महिलाओं की सूची में शामिल किया गया था. इस के अलावा भी उस के नाम के साथ अन्य कई उपाधियां जुड़ी थीं.
श्यामवर बना सबूत
पूछताछ में ड्राइवर श्यामवर राय ने बताया था कि उस की मालकिन ने एक आदमी के साथ मिल कर अपनी छोटी बहन को मौत के घाट उतार दिया था और उस का शव रायगढ़ के जंगल में ले जा कर जला दिया था. बाद में उसे वहीं दफन कर दिया गया था.
श्यामवर के अनुसार, इस वारदात को करीब 3 साल पहले अंजाम दिया गया था. अब समस्या यह थी कि इस मामले को ले कर न तो पुलिस के पास पर्याप्त सबूत थे और न ही श्यामवर ऐसा कोई सबूत जुटा कर देने की हामी भर रहा था. लेकिन इस केस में वह मुख्य अपराधी के रूप में जिस महिला का नाम ले रहा था, बिना पर्याप्त सबूतों के उस पर हाथ डालना संभव नहीं था. क्योंकि उच्चवर्गीय समाज में उस का कद बहुत बड़ा था. उच्चवर्ग की उस महिला का नाम था इंद्राणी मुखर्जी.
उन दिनों मुंबई के पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया थे और उस जिले के डीसीपी थे धनंजय कुलकर्णी. इन 2 बड़े पुलिस अधिकारियों ने मुंबई पुलिस के काबिल अफसरों व कर्मियों की एक टीम तैयार कर के इस केस पर लगा दिया. इस काम में 3 महीने का वक्त तो लग गया, लेकिन इस टीम ने केस के वांछित सबूत जुटा लिए.
इस के बाद इंद्राणी के खिलाफ भादंवि की धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज कर के 26 अगस्त, 2015 की सुबह उन्हें चतुराई से गिरफ्तार कर लिया गया. कस्टडी रिमांड में ले कर पुलिस ने उन से हर तरीके से पूछताछ की, मगर उन्होंने पुलिस के सामने हार तब मानी, जब उन के सामने उन के ड्राइवर रह चुके श्यामवर राय को ला कर खड़ा किया गया. ड्राइवर को भी इस केस में नामजद कर के हिरासत में ले लिया गया था.
इस के बाद बिना पुलिस की व्यापक पूछताछ के ही इंद्राणी मुखर्जी ने अपना अपराध स्वीकार कर के सारे रहस्य से पर्दा उठना शुरू कर दिया. सब से पहले उन्होंने यह बता कर सब को चौंका दिया कि शीना बोरा उन की छोटी बहन न हो कर बेटी थी.
अपराध आया सामने
हालांकि इंद्राणी मुखर्जी ने शीना बोरा की हत्या कर के उस की लाश खुर्दबर्द करने का अपराध मुंबई पुलिस के समक्ष स्वीकार कर लिया था. लेकिन सितंबर, 2015 में यह केस सीबीआई के हवाले कर दिया गया. सीबीआई ने इंद्राणी मुखर्जी और ड्राइवर श्यामवर राय के अलावा इंद्राणी के पूर्वपति संजीव खन्ना और वर्तमान पति पीटर मुखर्जी को भी हिरासत में ले कर पूछताछ की थी.
इस के बाद इन लोगों को विधिवत गिरफ्तार कर के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था. इन लोगों और इंद्राणी से पूछताछ के बाद तथाकथित बडे़ लोगों के बड़़ेबड़े राज खोलने वाली यह कहानी कुछ इस तरह सामने आई.
इंद्राणी का मूल नाम था परी. वह उपेंद्र कुमार बोस एवं दुर्गा रानी वोरा की एकलौती संतान थी, जिस का जन्म 22 नवंबर 1972 को हुआ था. उस के पिता का पहले अच्छाभला कारोबार था, जिस के घाटे में चले जाने की वजह से वह कुंठित हो गए थे. साथ ही उन की अपनी पत्नी से भी अनबन रहने लगी थी. वह अकसर अपना गुस्सा परी पर उतारते हुए उस की पिटाई कर दिया करते थे.
कई बार तो मारपीट के बाद परी को कमरे में बंद कर दिया जाता था. एक बार परेशानी की हालत में वह घर से भाग गई. लेकिन स्टेशन पर गाड़ी में बैठने से पहले ही वह पिता द्वारा पकड़ ली गई. उस दिन उस की इतनी पिटाई हुई कि वह 2 बार बेहोश हो गई.
खैर, जैसेतैसे परी ने स्कूली शिक्षा पूरी की. आगे की पढ़ाई के लिए उसे शिलांग भेज दिया गया, जहां उस के कदम बहके और सन 1988 में उस ने महज 16 साल की उम्र में कुंवारी मां के रूप में मिखाइल को जन्म दिया. फिर सन 1989 में शीना पैदा हो गई. इस के बाद दोनों को अपने मांबाप की गोद में डाल कर वह अपनी खुद की बनाई राह पर निकल पड़ी. इस नई राह पर चलने के लिए उस ने अपना नाम परी से बदल कर इंद्राणी रख लिया था.
इंद्राणी ने सब से पहले शादी की अपने से दोगुनी उम्र के वकील से, जो ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाई. इस के बाद शिलांग में उस की मुलाकात सिद्धार्थ दास से हुई. दोनों ने विवाह भी किया, लेकिन कुछ ही दिनों में तलाक हो गया. फिर उस ने गुवाहाटी वापस पहुंच कर साहिल नाम के युवक से प्रेम विवाह किया. लेकिन उस के साथ भी इंद्राणी का रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाया. उस ने मामूली सी अनबन पर उसे भी तलाक दे दिया.
बहरहाल, गुवाहाटी से कोलकाता आ कर इंद्राणी ने एक निजी फर्म में काम किया, जहां उस की मुलाकात केबल नेटवर्क चलाने वाले संजीव खन्ना से हुई. खन्ना को अपने प्रेमजाल में फंसा कर इंद्राणी ने उस से शादी कर ली, जिस से उसे बेटी विधि पैदा हुई.
खन्ना के साथ भी उस की शादी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाई. अंतत: उस ने संजीव खन्ना को भी तलाक दे दिया और नन्हीं विधि को ले कर मुंबई चली गई. मुंबई में छिटपुट नौकरियां करने के बाद इंद्राणी को मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज में एचआर कंसल्टेंट का काम मिल गया. खूबसूरत तो वह थी ही, खूब बनठन कर भी रहती थी, सो यह काम उस के हिसाब से ठीक था.
रुतबे वाले थे पीटर मुखर्जी
मीडिया जगत की जानीमानी हस्ती पीटर मुखर्जी ने सन 1993 से 2007 तक स्टार इंडिया के साथ काम किया था. ‘कौन बनेगा करोड़पति’ और ‘सास भी कभी बहू थी’ जैसे सीरियल्स को अस्तित्व में लाने का श्रेय उन्हें ही दिया जाता था. सन 1975 में पीटर की शादी देहरादून की शबनम से हुई थी. लेकिन सन 1994 में दोनों का तलाक हो गया था. पीटर मुखर्जी के 2 बेटे थे रौबिन और राहुल.
1954 की पैदाइश पीटर मुखर्जी का असल नाम था प्रतिम मुखर्जी. उन्होंने देहरादून के प्रसिद्ध दून स्कूल से शिक्षा प्राप्त की थी. इस के बाद वह अमेरिका चले गए थे और वहीं की नागरिकता ले ली थी. पीटर मुखर्जी ने खूब तरक्की भी की और कमाई भी. वहीं रहते वह स्टार ग्रुप से जुड़े थे और फिर मुंबई आ गए थे.
पेज थ्री की महफिलों में उन की अलग ही शान हुआ करती थी. मुंबई में रहते हुए ही एक कौकटेल पार्टी में किसी ने पीटर और इंद्राणी का परिचय करवाया तो इंद्राणी ने पूरी बेतकल्लुफी से पीटर के गले लगते हुए कहा कि वह न केवल उन्हें पहले से जानती है, बल्कि एक सफल आदमी के रूप में उन्हें पसंद भी करती है.
इंद्राणी के बात करने के खुले लहजे और उस की खूबसूरती ने पीटर का मन कुछ इस तरह मोह लिया कि वह उसे पाने के लिए लालायित हो उठे. पीटर किसी अन्य औरत के साथ पार्टी में आए थे, जिसे वहीं छोड़ कर वह इंद्राणी के साथ चले गए. इस के बाद दोनों लिवइन रिलेशनशिप में रहने लगे. बाद में नवंबर, 2002 में दोनों ने शादी कर ली. उस समय पीटर 46 साल के तलाकशुदा अधेड़ थे, जबकि इंद्राणी 30 साल की थी यानी पीटर से 16 साल छोटी.
इंद्राणी का झूठ
इंद्राणी ने पीटर से खुद को सिंगल मदर बता कर कहा था कि उस ने अपने आत्मसम्मान की वजह से अपने अभिभावकों से रिश्ता तोड़ रखा है. पीटर के कहने पर इंद्राणी अपनी 5 साल की बेटी विधि को भी घर ले आई, जिसे पीटर ने विधिवत अपनी दत्तक पुत्री बना लिया. सन 2007 में जब पीटर ने स्टार को छोड़ा तो यह कंपनी स्टार इंडिया, स्टार ग्रुप और स्टार इंटरटेन इंडिया नाम की 3 कंपनियों में बंट गई. पीटर मुखर्जी को स्टार ग्रुप का सीईओ बनाया गया.
इस बीच पीटर व इंद्राणी ने मिल कर आईएनएक्स मीडिया नाम की कंपनी बना ली थी. दरअसल, पीटर ने यह कदम इंद्राणी के लिए उठाया था. वह इस की चेयरपर्सन थी. इस कंपनी के नाम पर कई चैनल शुरू करने की योजना थी. इसी सिलसिले में दोनों ने देशविदेश की कंपनियों से 800 करोड़ रुपए जुटाए. हकीकत में शादी के बाद इंद्राणी धीरेधीरे पीटर मुखर्जी की जिंदगी पर पूरी तरह हावी हो गई थी. उस की जिस्मानी मादकता में खोए पीटर भी उसी के इशारों पर नाच रहे थे. पीटर के स्टार ग्रुप छोड़ने से पहले ही इंद्राणी ने आईएनएक्स कंपनी की चेयरपर्सन का काम संभाल लिया था.
साथ ही उस ने अन्य कई चैनल भी लांच करने की योजना बनानी शुरू कर दी थी. पीटर के साथसाथ अब इंद्राणी का भी मीडिया जगत में काफी रुतबा हो गया था.
चेयरपर्सन होने के नाते चूंकि इंद्राणी ही कंपनी का सारा काम देख रही थी, इसलिए उसे तमाम अवार्ड भी मिले और उस की पर्सनैलिटी पर लेख फीचर भी छपने लगे. कई बार टीवी पर भी उस के इंटरव्यू आए. वह कुछ तो कुदरती रूप से खूबसूरत थी, कुछ वह बन ठनकर रहती थी, जिस से पार्टियों में उस के व्यक्तित्व का अलग ही आकर्षण होता था.
इंद्राणी की खासियत यह थी कि वह सब से खुल कर बात कर लेती थी, साथ ही वह डांस भी अच्छा कर लेती थी. कई बार तो वह कुछ अलग किस्म की शायरी सुना कर लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर लेती थी. स्थिति यह थी कि कभी इत्तफाक से वह किसी पार्टी में नहीं पहुंच पाती थी तो लोग सब से ज्यादा उसी के बारे में पूछताछ करते थे. उस के बारे में मशहूर था कि जीने का सही गुर सीखना है तो इंद्राणी से सीखो.
मुखर्जी परिवार हर तरह से संपन्न था. उन के यहां किसी चीज की कमी नहीं थी. पैसा तो जैसे इस परिवार के आंगन में बरसता था. सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा था. तभी अचानक एक दिन एक लड़की शीना बोरा व लड़का मिखाइल पूछतेपूछते उन के घर आ पहुंचे. उन दोनों को देख कर इंद्राणी पहले तो चौंकी, फिर उस ने पीटर को बताया कि ये दोनों उस के छोटे भाईबहन हैं. पीटर ने उन की आवभगत करते हुए उन से अपने साथ ही रहने को कहा. लेकिन इंद्राणी ने उन के अलग रहने की व्यवस्था करवा दी.
सन 2010 में पीटर व इंद्राणी कुछ समय के लिए इंगलैंड चले गए. वापस लौट कर वे फिर से अपनी खुशहाल जिंदगी में रम गए. इंद्राणी ने अपने कथित भाईबहन के बारे में बात करना पहले ही बंद कर दिया था. पीटर मुखर्जी ने एकाध बार पूछा तो उस ने बताया कि मिखाइल अपना कारोबार जमाने में व्यस्त हो गया है, जबकि शीना को अमेरिका में अच्छी नौकरी मिल गई है.
पीटर पत्नी की हर बात पर आंख मूंद कर विश्वास कर लेते थे. इस बार भी उन्हें इंद्राणी पर कोई संदेह नहीं हुआ. लेकिन बाद में पता चला कि मिखाइल और शीना इंद्राणी के भाईबहन न हो कर उस की अपनी औलादें थीं, जिन में से शीना को मार डालने का आरोप इंद्राणी पर था.
रिश्तों को बनाती थी सीढ़ी
दरअसल, इंद्राणी के लिए हर रिश्ता एक सीढ़ी था, जिस के सहारे वह आसमान की ऊंचाइयां छूना चाहती थी. सामने वाले को धोखे में रखना जैसे उस की फितरत थी. दिल से तो वह किसी को भी पसंद नहीं करती थी, न अपने किसी प्रेमी या पति को और न ही अपनी औलादों को. उसे तो अपना मतलब निकालना आता था.
शायद इसीलिए संजीव खन्ना को तलाक देने के बावजूद उस ने उस से रिश्ता खत्म नहीं किया था. बकौल इंद्राणी अगर वह तेजतर्रार थी तो शीना भी कम नहीं थी. दोनों जब भी मिलतीं, आपस में झगड़ा होना मामूली बात थी. मिखाइल भी हमेशा अपनी बहन का ही साथ देता था.
इंद्राणी ने सीबीआई को बताया कि शीना उस के कई राज जानती थी, जिन के आधार पर वह उसे ब्लैकमेल किया करती थी. इस के बदले में वह उस से बड़ा फ्लैट लेना चाहती थी. इंद्राणी चूंकि उस से नफरत करती थी, इसलिए वह उस से छुटकारा पाने की सोचने लगी. यह नफरत तब और बढ़ गई, जब शीना ने पीटर के बेटे राहुल से ताल्लुकात बना कर उस से शादी की घोषणा कर दी.
इंद्राणी ने बताया, ‘‘मैं ने शीना को खत्म करने की सोची. फिर मेरे दिमाग में आया कि इस सूरत में मिखाइल आसमान सिर पर उठा लेगा. सो मैं ने उसे भी मौत की नींद सुलाने का फैसला कर लिया.
‘‘इस के लिए मैं ने संजीव खन्ना से मिल कर अपनी खूनी योजना तैयार की. फिर हम लोगों ने मिखाइल को मेरे वरली वाले फ्लैट पर बुला कर उसे अपने साथ एक पार्टी में चलने को कहा.
‘‘साथ ही बताया कि रास्ते में शीना के कालेज से उसे भी साथ ले लेंगे. इसी बीच हम ने उसे जहर मिला कोल्डड्रिंक का गिलास दिया.
‘‘मिखाइल ने हम से कहा कि जब तक वह कोल्डड्रिंक पिए, तब तक जा कर शीना को ले आएं. वह पार्टी में कालेज से सीधे न जा कर पहले घर आ कर तैयार होगी. हम उस की बातों में आ कर शीना को लेने चले गए. वापस लौटे तो देखा मिखाइल गायब था. कोल्डड्रिंक ज्यों का त्यों रखा था. हमारे पास सोचने का वक्त नहीं था. हम ने वह कोल्डड्रिंक शीना को पिला कर उस का गला घोंट दिया.’’
इंद्राणी के बताए अनुसार, इस के बाद शीना के शव को अच्छे कपड़े पहना कर उस का मेकअप कर दिया गया. होठों पर चटकीली रैड लिपस्टिक लगा कर आंखों पर गहरे रंग का चश्मा चढ़ा दिया गया. फिर उस ने कार की पीछे वाली सीट पर बैठ कर शीना के शव को अपनी बगल में बैठी अवस्था में रख लिया और उस का सिर अपने कंधे पर इस तरह टिका लिया, मानो वह थक कर सो गई हो.
उस के दूसरी ओर संजीव खन्ना बैठा था. ड्राइवर श्यामवर राय कार ड्राइव कर रहा था. इस तरह इन लोगों ने फिल्मी अंदाज में मुंबई से 85 किलोमीटर दूर रायगढ़ के जंगल में जा कर शीना के शव के टुकड़े किए, तत्पश्चात उन टुकड़ों को साथ लाई खाली अटैची में भर कर एक गड्ढे में डाल कर जला दिया.
वादामाफ गवाह बना ड्राइवर
अपनी काररवाई पूरी कर के सीबीआई ने नवंबर, 2015 में इस केस का चालान तैयार कर के भादंवि की धाराओं 302, 201, 34, 420, 364 एवं 120 बी के तहत सीबीआई की विशेष कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया.
बाद में ड्राइवर श्यामवर राय को इस केस में वादामाफ गवाह बना लिया गया. समयसमय पर अन्य अभियुक्तों की जमानतें भी हो गईं. मगर सितंबर, 2015 से अब तक इंद्राणी मुखर्जी न्यायिक हिरासत के अंतर्गत लगातार मुंबई की एकलौती महिला भायखला जेल में है. इस बीच 20 दिसंबर, 2016 को उस ने ट्रायल कोर्ट में अपनी अर्जी लगाते हुए कहा कि उस ने जेल में रहते भगवद गीता के 700 श्लोकों का अंग्रेजी में अनुवाद किया है, जिसे वह पुस्तक के रूप में प्रकाशित करवाना चाहती है.
यह मामला अभी बीच में था कि जेल में एक कैदी की रहस्यमय मौत के बाद 26 जून, 2017 को हुए बलवे के 2 सौ आरोपियों की सूची में इंद्राणी मुखर्जी का भी नाम आ गया. अब यह एक अलग मुकदमा खड़ा हो गया है, जो उस के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में चल रहा है.
संदर्भवश बता दें कि जनवरी, 2017 में इंद्राणी ने पीटर मुखर्जी से तलाक लेने के लिए एक याचिका मुंबई की एक कोर्ट में दाखिल की थी. लेकिन इस सुझाव के साथ याचिका अस्वीकार कर दी गई थी कि इस के लिए उसे फैमिली कोर्ट को अप्रोच करना होगा. उस ने ऐसा ही किया.
पीटर मुखर्जी ने इस याचिका का जवाबनामा अदालत में प्रस्तुत करने के अलावा खुद की जमानत की याचिका भी अदालत में लगाई.
पीटर मुखर्जी की भूमिका नहीं है साफ
गुहारनुमा जमानत की इस अर्जी में पीटर के वकील ए. पोंडा ने अदालत में दावा किया कि उन के मुवक्किल का शीना बोरा हत्याकांड से कुछ लेनादेना नहीं है. इंद्राणी मुखर्जी ही इस मामले में मुख्य आरोपी है. सीबीआई ने गवाहों के बयानों से पंक्तियां उठा कर यह दावा किया है कि पीटर ने शीना को मारने की योजना बनाई थी.
पीटर के वकील ने कहा, ‘पीटर शीना और राहुल के बीच रिश्ते के खिलाफ नहीं थे, बल्कि उन्होंने इस जोड़े की शुभकामनाएं दी थीं. इस के विपरीत इंद्राणी इस रिश्ते के खिलाफ थी. यह पीटर की किस्मत और कर्म की बात है कि उन्हें इंद्राणी जैसी पत्नी मिली थी, जिस ने ऐसा किया.’
लेकिन इस मुद्दे पर सीबीआई का पक्ष जानने के बाद न्यायाधीश ने पीटर मुखर्जी की जमानत याचिका खारिज कर दी.
सीबीआई का कहना है कि शीना बोरा का मर्डर इंद्राणी मुखर्जी, संजीव खन्ना और पीटर मुखर्जी ने षडयंत्र रच कर किया. हत्या के इस मामले में तीनों बराबर के भागीदार हैं. फिलहाल यह केस सीबीआई के स्पैशल जज जे.सी. जगदाले की कोर्ट में चल रहा है.
पीटर मुखर्जी व इंद्राणी मुखर्जी का तलाक हो चुका है. अगस्त, 2017 में पड़ीं तारीखों के दौरान गवाह श्यामवर राय का विस्तृत बयान चलता रहा.
बहरहाल, इस शातिराना खूनी खेल के भागीदारों के नाम तो आने वाला वक्त ही बताएगा. मगर अधिकांश लोग इसे इंद्राणी मुखर्जी के साथ जोड़ कर ही देख रहे हैं. ऐसा शायद इसलिए भी है कि इंद्राणी का आचरण प्राय: रहस्यों से घिरा रहा है. उस के नग्न चित्र तक आज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. Sheena Bora Murder Case
— 2017 में प्रकाशित






