Sheena Bora Murder Case. इस केस से पहले कोई भी इंद्राणी मुखर्जी की हकीकत नहीं जानता था. लेकिन जांच के बाद जब उस की हकीकत सामने आई तो सभी चौंक गए. कह सकते हैं कि बड़े लोगों के पाप भी बड़े ही होते हैं.
मुंबई के धनाढ्य इलाके वरली की एक बड़ी कोठी में रहने वाले लोगों के लिए निहायत सुहानी सी सुबह थी वह. लौन में बिछी आकर्षक गोल मेज पर नौकर चाय बनाने का सामान, गर्म पानी और 2 खाली कप रख गया था. मेज के दोनों तरफ कुर्सियां पड़ी थीं. इन में से एक पर इंद्राणी मुखर्जी बैठी थीं. उन्होंने चाय बनानी शुरू की, साथ ही पति को भी आवाज दी.
आवाज सुन कर इंद्राणी के पति पीटर मुखर्जी आ गए. वह हाथ में उस दिन के कई अखबार लिए हुए थे.
चाय की चुस्कियों के साथ मुखर्जी दंपत्ति अखबारों पर सरसरी नजर डालते हुए आपस में बातें करने लगे. अभी 15 मिनट ही गुजरे थे कि डोरबेल बजने की आवाज सुनाई दी. 2-3 मिनट बाद नौकर ने आ कर बताया, ‘‘बाहर पुलिस वाले आए हैं.’’
‘‘उन्हें भीतर बुला लो.’’ इंद्राणी ने अखबार पर से बिना नजरें हटाए कहा.
‘‘मैं ने बोला था, मगर वह जल्दी में होने की बात कह रहे हैं. उन का कहना है कि इंद्राणी मैडम से कोई जरूरी बात करनी है, उन्हें गेट पर ही भेज दो.’’ नौकर ने बताया.
‘‘ऐसी क्या जरूरी बात करनी है उन्हें, वह भी घर के गेट पर.’’ इंद्राणी ने पति की ओर देखते हुए कहा.
पीटर ने कोई जवाब नहीं दिया, वह पूर्ववत अखबार पढ़ने में लीन रहे. उन के लिए जैसे यह निहायत आम सी बात थी. वैसे इस तरह की बातों का इंद्राणी के लिए भी कोई महत्व नहीं था. चाय की प्याली और अखबार वहीं मेज पर रख कर वह बाहर की ओर चल दीं. कोठी के मेन गेट पर कई पुलिस वाले मौजूद थे. मुंबई पुलिस की एक गाड़ी भी पास ही खड़ी थी.






