Delhi Crime Story. नीलम बेवफा तो पहले ही हो गई थी. अब वह पति की मारपीट से परेशान हो कर उस से छुटकारा पाना चाहती थी. यह बात उस ने अपने प्रेमी अनुज से कही तो वह प्रेमिका के लिए हत्या जैसा अपराध करने को भी राजी हो गया.
दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम को 18 फरवरी, 2016 की सुबह सूचना मिली कि गोकलपुरी में भागीरथ पुलिया के पास झाडि़यों में एक आदमी की लाश पड़ी है. सूचना में जो जगह बताई गई थी, वह थाना गोकलपुरी के अंतर्गत आती थी. इसलिए पुलिस कंट्रोल रूम ने यह सूचना थाना गोकुलपुरी की पुलिस को दे दी.
कुछ ही देर में पुलिस कंट्रोल रूम की वैन भागीरथ पुलिया के पास उस जगह पहुंच गई, जहां लाश पड़ी थी. सूचना पा कर बीट अफसर एएसआई हुकुम सिंह भी हैडकांस्टेबल कालूराम, अजय कुमार और महिला कांस्टेबल रेनू के साथ वहां पहुंच गए.
मरने वाले युवक की उम्र 24-25 साल थी. उस का सिर फटा था और चेहरा कुचला हुआ था. वहीं खून से सना एक पत्थर पड़ा था, जिसे देख कर यही लग रहा था कि हत्यारे ने उसी पत्थर से मृतक के सिर और चेहरे पर वार किए थे.
वहां मौजूद लोगों से मृतक के बारे में पूछा गया तो सभी ने उसे पहचानने से मना कर दिया. थानाप्रभारी धर्मदेव भी आ गए थे. उन्होंने मृतक के कपड़ों की जेबों की तलाशी ली तो पैंट की जेब से एक पर्स मिला. पर्स से एक हजार रुपए नकद, कुछ विजिटिंग कार्ड्स और एक कपल का फोटो मिला.
धर्मदेव ने लाश मिलने की सूचना डीसीपी अजीत कुमार सिंगला को भी दे दी थी. पर्स से मिले विजिटिंग कार्ड्स पर जो फोन नंबर लिखे थे, उन नंबरों पर फोन कर के उन्हें मृतक का हुलिया बताया गया. साथ ही लाश की शिनाख्त के लिए घटनास्थल पर आने को भी कहा गया.






