True Crime Story. रिचा मशहूर मौडल ही नहीं बल्कि फिल्म अदाकारा भी थी. पर कांस्टेबल संदीप से उसे ऐसी मोहब्बत हुई कि वह अपने कैरियर तक से समझौता करने को तैयार थी. उसी दौरान ऐसा क्या हुआ कि उसे अपनी जिंदगी से हारने के लिए मजबूर होना पड़ा.
मौडलिंग और क्षेत्रीय फिल्मों की दुनिया में अनगिनत लड़कियां कदम रखती हैं. अपवाद को छोड़ दिया जाए तो किस्मत के सितारे उन्हीं के चमकते हैं, जो प्रतिभा के साथ मेहनत करती हैं. खूबसूरती के अपने मायने होते हैं. आकर्षक नैननक्श वाले चेहरों को लोग पसंद करते हैं. रिचा खूबसूरत थी तो उस के भी कद्रदानों की कोई कमी नहीं थी. सैकड़ों लोग उस के दीवाने थे. वह एक बेहद हसीन मौडल और अदाकारा थी. कई साल पहले उस के कदम सफलता की सीढि़यों पर पड़ने शुरू हुए तो उस की खुशियों को जैसे पंख लग गए थे.
उस ने सालों से अपनी आंखों में बसे सपनों को साकार किया था. ऐसी कई मौडल थीं जो वक्त के साथ गुमनामी के अंधेरे में खो गई थीं, लेकिन रिचा का जादू लोगों के सिर पर चढ़ कर बोलता था. वह लगातार ऊंचाइयों को छू रही थी.
रिचा हिमाचल प्रदेश के सुंदर उपजाऊ पहाडि़यों वाले कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध शहर धर्मशाला से लगे उपनगर नगरोटाबंगवां की रहने वाली थी. पहाड़ी वादियों में उस की फिल्में और म्यूजिक वीडियो एलबम धूम मचाती थीं. वह कई दरजन हिमाचली फिल्मों और एलबमों में काम कर चुकी थी. उस ने कुछ तमिल व पंजाबी फिल्मों में भी काम किया था.
इतना ही नहीं वह साउथ के चर्चित अभिनेता नागार्जुन के साथ भी फिल्म कर चुकी थी. रिचा मिस नगरोटा भी रह चुकी थी. इसके बाद वह मिस हिमाचल बनी. उस की गिनती हिमाचल की सब से खूबसूरत मौडलों में होती थी. लोग उस के इस कदर दीवाने थे कि वह जहां भी शूटिंग के लिए जाती थी, वहां लोगों की भीड़ लग जाती थी.






