आखिर कब तक और क्यों

‘‘क्या बात है लक्ष्मी, आज तो बड़ी देर हो गई आने में?’’ सुधा ने खीज कर अपनी कामवाली से पूछा.

‘‘क्या बताऊं मेमसाहब आप को कि मुझे क्यों देरी हो गई आने में… आप तो अपने कामों में ही लगी रहती हैं. पता भी है मनोज साहब के घर में कैसी आफत आ गई है? उन की बेटी रिचा के साथ कुछ ऐसावैसा हो गया है… बड़ी शांत, बड़े अच्छे तौरतरीकों वाली है.’’

लक्ष्मी से रिचा के बारे में जान कर सुधा का मन खराब हो गया. बारबार उस का मासूम चेहरा उस के जेहन में उभर कर मन को बेधने लगा कि पता नहीं लड़की के साथ क्या हुआ? फिर भी अपनेआप पर काबू पाते हुए लक्ष्मी के धाराप्रवाह बोलने पर विराम लगाती हुई वह बोली, ‘‘अरे कुछ नहीं हुआ है. खेलते वक्त चोट लग गई होगी… दौड़ती भी तो कितनी तेज है,’’ कह कर सुधा ने लक्ष्मी को चुप करा दिया, पर उस के मन में शांति कहां थी…

कालेज से अवकाश प्राप्त कर लेने के बाद सुधा बिल्डिंग के बच्चों की मैथ्स और साइंस की कठिनाइयों को सुलझाने में मदद करती रही है. हिंदी में भी मदद कर उन्हें अचंभित कर देती है. किस के लिए कौन सी लाइन ठीक रहेगी. बच्चे ही नहीं उन के मातापिता भी उसी के निर्णय को मान्यता देते हैं. फिर रिचा तो उस की सब से होनहार विद्यार्थी है.

‘‘आंटी, मैं भी भैया लोगों की तरह कंप्यूटर इंजीनियर बनना चाहती हूं. उन की तरह आप मेरा मार्गदर्शन करेंगी न?’’

सुधा के हां कहते ही वह बच्चों की तरह उस के गले लग जाती थी. लक्ष्मी के जाते ही सारे कामों को जल्दी से निबटा कर वह अनामिका के पास गई. उस ने रिचा के बारे में जो कुछ भी बताया उसे सुन कर सुधा कांप उठी. कल सुबह रिचा अपने सहपाठियों के साथ पिकनिक मनाने गंगा पार गई थी. खानेपीने के बाद जब सभी गानेबजाने में लग गए तो वह गंगा किनारे घूमती हुई अपने साथियों से दूर निकल गई. बड़ी देर तक जब रिचा नहीं लौटी तो उस के साथी उसे ढूंढ़ने निकले. कुछ ही दूरी पर झाडि़यों की ओट में बेहोश रिचा को देख सभी के होश गुम हो गए. किसी तरह उसे नर्सिंगहोम में भरती करा कर उस के घर वालों को खबर की. घर वाले तुरंत नर्सिंगहोम पहुंचे.

अनामिका ने जो कुछ भी बताया उसे सुन कर सुधा स्तब्ध रह गई. अब वह असमंजस में थी कि वह रिचा को देखने जाए या नहीं. फिर अनमनी सी हो कर उस ने गाड़ी निकाली और नर्सिंगहोम चल पड़ी, जहां रिचा भरती थी. वहां पहुंच तो गई पर मारे आशंका के उस के कदम आगे बढ़ ही नहीं रहे थे. किसी तरह अपने पैरों को घिसटती हुई उस के वार्ड की ओर चल पड़ी. वहां पहुंचते ही रिचा के पिता से उस का सामना हुआ. इस हादसे ने रात भर में ही उन की उम्र को10 साल बढ़ा दिया था. उसे देखते ही वे रो पड़े तो सुधा भी अपने आंसुओं को नहीं रोक पाई. ऐसी घटनाएं पूरे परिवार को झुलसा देती हैं. बड़ी हिम्मत कर वह कमरे में अभी जा ही पाई थी कि रिचा की मां उस से लिपट कर बेतहासा रोने लगीं. पथराई आंखों से जैसे आंसू नहीं खून गिर रहा हो.

रिचा को नींद का इंजैक्शन दे कर सुला दिया गया था. उस के नुचे चेहरे को देखते ही सुधा ने आंखों से छलकते आंसुओं को पी लिया. फिर रिचा की मां अरुणा के हाथों को सहलाते हुए अपने धड़कते दिल पर काबू पाते हुए कल की दुर्घटना के बारे में पूछा, ‘‘क्या कहूं सुधा, कल घर से तो खुशीखुशी सभी के साथ निकली थी. हम ने भी नहीं रोका जब इतने बच्चे जा रहे हैं तो फिर डर किस बात का… गंगा के उस पार जाने की न जाने कब से उस की इच्छा थी. इतने बड़े सर्वनाश की कल्पना हम ने कभी नहीं की थी.’’

‘‘मैं अभी आई,’’ कह कर सुधा उस लेडी डाक्टर के पास गई, जो रिचा का इलाज कर रही थी. सुधा ने उन से आग्रह किया कि इस घटना की जानकारी वे किसी भी तरह मीडिया को न दें, क्योंकि इस से कुछ होगा नहीं, उलटे रिचा बदनाम हो जाएगी. फिर पुलिस के जो अधिकारी इस की घटना जांचपड़ताल कर रहे हैं, उन की जानकारी डाक्टर से लेते हुए सुधा उन से मिलने के लिए निकल गई. यह भी एक तरह से अच्छा संयोग रहा कि वे घर पर थे और उस से अच्छी तरह मिले. धैर्यपूर्वक उस की सारी बातें सुनीं वरना आज के समय में इतनी सज्जनता दुर्लभ है.

‘‘सर, हमारे समाज में बलात्कार पीडि़ता को बदनामी एवं जिल्लत की किनकिन गलियों से गुजरना पड़ता है, उस से तो आप वाकिफ ही होंगे… इतने बड़े शहर में किस की हैवानियत है यह, यह तो पता लगने से रहा… मान लीजिए अगर पता लग जाने पर अपराधी पकड़ा भी जाता है तो जरा सोचिए रिचा को क्या पहले वाला जीवन वापस मिल जाएगा? उसे जिल्लत और बदनामी के कटघरों में खड़ा कर के बारंबार मानसिक रूप से बलात्कार किया जाएगा, जो उस के जीवन को बद से बदतर कर देगा. कृपया इसे दुर्घटना का रूप दे कर इस केस को यहीं खारिज कर के उसे जीने का एक अवसर दीजिए.’’

सुधा की बातों की गहराई को समझते हुए पुलिस अधिकारी ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया. वहां से आश्वस्त हो कर सुधा फिर नर्सिंगहोम पहुंची और रिचा के परिवार से भी रोनाधोना बंद कर इस आघात से उबरने का आग्रह किया.

शायद रिचा को होश आ चुका था. सुधा की आवाज सुनते ही उस ने आंखें खोल दीं. किसी हलाल होते मेमने की तरह चीख कर वह सुधा से लिपट गई. सुधा ने किसी तरह स्वयं पर काबू पाते हुए रिचा को अपने सीने से लगा लिया. फिर उस की पीठ को सहलाते हुए कहा, ‘‘धैर्य रख मेरी बच्ची… जो हुआ उस से बुरा तो कुछ और हो ही नहीं सकता, लेकिन इस से जीवन समाप्त थोड़े हो जाता है? इस से उबरने के लिए तुम्हें बहुत बड़ी शक्ति की आवश्यकता है मेरी बच्ची… उसे यों बेहाल हो कर चीखने में जाया नहीं करना है… जितना रोओगी, चीखोगी, चिल्लाओगी उतना ही यह निर्दयी दुनिया तुम्हें रुलाएगी, व्यंग्यवाणों से तुझे बेध कर जीने नहीं देगी.’’

‘‘आंटी, मेरा मर जाना ठीक है… अब मैं किसी से भी नजरें नहीं मिला सकती… सारा दोष मेरा है. मैं गई ही क्यों? सभी मिल कर मुझ पर हसेंगे… मेरा शरीर इतना दूषित हो गया है कि इसे ढोते हुए मैं जिंदा नहीं रह सकती.’’

फिर चैकअप के लिए आई लेडी डाक्टर से गिड़गिड़ा कर कहने लगी, ‘‘जहर दे कर मुझे मार डालिए डाक्टर… इस गंदे शरीर के साथ मैं नहीं जी सकती. अगर आप ने मुझे मौत नहीं दी तो मैं इसे स्वयं समाप्त कर दूंगी,’’ रिचा पागल की तरह चीखती हुई बैड पर छटपटा रही थी.

‘‘ऐसा नहीं कहते… तुम ने बहुत बहादुरी से सामना किया है… मैं कहती हूं तुम्हें कुछ नहीं हुआ है,’’ डाक्टर की इस बात पर रिचा ने पथराई आंखों से उन्हें घूरा.बड़ी देर तक सुधा रिचा के पास बैठी उसे ऊंचनीच समझाते हुए दिलाशा देती रही लेकिन वह यों ही रोतीचिल्लाती रही. उसे नींद का इंजैक्शन दे कर सुलाना पड़ा. रिचा के सो जाने के बाद सुधा अरुण को हर तरह से समझाते हुए धैर्य से काम लेने को कहते हुए चली गई. किसी तरह ड्राइव कर के घर पहुंची. रास्ते भर वह रिचा के बारे में ही सोचती रही. घर पहुंचते ही वह सोफे पर ढेर हो गई. उस में इतनी भी ताकत नहीं थी कि वह अपने लिए कुछ कर सके.

रिचा के साथ घटी दुर्घटना ने उसे 5 दशक पीछे धकेल दिया. अतीत की सारी खिड़कियां1-1 कर खुलती चली गईं…

12 साल की अबोध सुधा के साथ कुछ ऐसा हुआ था कि वह तत्काल उम्र की अनगिनत दहलीजें फांद गई थी. कितनी उमंग एवं उत्साह के साथ वह अपनी मौसेरी बहन की शादी में गई थी. तब शादी की रस्मों में सारी रात गुजर जाती थी. उसे नींद आ रही थी तो उस की मां ने उसे कमरे में ले जा कर सुला दिया. अचानक नींद में ही उस का दम घुटने लगा तो उस की आंखें खुल गईं. अपने ऊपर किसी को देख उस ने चीखना चाहा पर चीख नहीं सकी. वह वहशी अपनी हथेली से उस के मुंह को दबा कर बड़ी निर्ममता से उसे क्षतविक्षत करता रहा.

अर्धबेहोशी की हालत में न जाने वह कितनी देर तक कराहती रही और फिर बेहोश हो गई. जब होश आया तो दर्द से सारा बदन टूट रहा था. बगल में बैठी मां पर उस की नजर पड़ी तो पिछले दिन आए उस तूफान को याद कर किसी तरह उठ कर मां से लिपट कर चीख पड़ी. मां ने उस के मुंह पर हाथ रख कर गले के अंदर ही उस की आवाज को रोक दिया और आंसुओं के समंदर को पीती रही. बेटी की बिदाई के बाद ही उस की मौसी उस के सर्वनाश की गाथा से अवगत हुई तो अपने माथे को पीट लिया. जब शक की उंगली उन की ननद के 18 वर्षीय बेटे की ओर उठी तो उन्होंने घबरा कर मां के पैर पकड़ लिए. उन्होंने भी मां को यही समझाया कि चुप रहना ही उस के भविष्य के लिए हितकर होगा.

हफ्ते भर बाद जब वह अपने घर लौटी तो बाबूजी के बारबार पूछने के बावजूद भी अपनी उदासी एवं डर का कारण उन्हें बताने का साहस नहीं कर सकी. हर पल नाचने, गाने, चहकने वाली सुधा कहीं खो गई थी. हमेशा डरीसहमी रहती थी.

आखिर उस की बड़ी बहन ने एक दिन पूछ ही लिया, ‘‘बताओ न मां, वहां सुधा के साथ हुआ क्या जो इस की ऐसी हालत हो गई है? आप हम से कुछ छिपा रही हैं?’’

सुधा उस समय बाथरूम में थी. अत: मां उस रात की हैवानियत की सारी व्यथा बताते हुए फूट पड़ी. बाहर का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था. बाबूजी भैया के साथ बाजार से लौट आए थे. मां को इस का आभास तक नहीं हुआ. सारी वारदात से बाबूजी और भैया दोनों अवगत हो चुके थे और मारे क्रोध के दोनों लाल हो रहे थे. सब कुछ अपने तक छिपा कर रख लेने के लिए बाबूजी ने मां को बहुत धिक्कारा. सुधा बाथरूम से निकली तो बाबूजी ने उसे सीने से लगा लिया.

बलात्कार किसी एक के साथ होता है पर मानसिक रूप से इस जघन्य कुकृत्य का शिकार पूरा परिवार होता है. अपनी तेजस्विनी बेटी की बरबादी पर वे अंदर से टूट चुके थे, लेकिन उस के मनोबल को बनाए रखने का प्रयास करते रहे.

सुधा ने बाहर वालों से मिलना या कहीं जाना एकदम छोड़ दिया था. लेकिन पढ़ाई को अपना जनून बना लिया था. भौतिकशास्त्र में बीएसी औनर्स में टौप करने के 2 साल बाद एमएससी में जब उस ने टौप किया तो मारे खुशी के बाबूजी के पैर जमीन पर नहीं पड़ रहे थे. 2 महीने बाद उसी यूनिवर्सिटी में लैक्चरर बन गई. सभी कुछ ठीक चल रहा था. लेकिन शादी से उस के इनकार ने बाबूजी को तोड़ दिया था. एक से बढ़ कर एक रिश्ते आ रहे थे, लेकिन सुधा शादी न करने के फैसले पर अटल रही. भैया और दीदी की शादी किसी तरह देख सकी अन्यथा किसी की बारात जाते देख कर उसे कंपकंपी होने लगती थी.

सुधा के लिए जैसा घरवर बाबूजी सोच रहे थे वे सारी बातें उन के परम दोस्त के बेटे रवि में थी. उस से शादी कर लेने में अपनी इच्छा जाहिर करते हुए वे गिड़गिड़ा उठे तो फिर सुधा मना नहीं कर सकी. खूब धूमधाम से उस की शादी हुई पर वह कई वर्षों बाद भी बच्चे का सुख रवि को दे सकी. वह तो रवि की महानता थी कि इतने दिनों तक उसे सहन करते रहे अन्यथा उन की जगह कोई और होता तो कब का खोटे सिक्के की तरह उसे मायके फेंक आया होता.

रवि के जरा सा स्पर्श करते ही मारे डर के उस का सारा बदन कांपने लगता था. उस की ऐसी हालत का सबब जब कहीं से भी नहीं जान सके तो मनोचिकित्सकों के पास उस का लंबा इलाज चला. तब कहीं जा कर वह सामान्य हो सकी थी. रवि कोई वेवकूफ नहीं थे जो कुछ नहीं समझते. बिना बताए ही उस के अतीत को वे जान चुके थे. यह बात और थी कि उन्होंने उस के जख्म को कुरेदने की कभी कोशिश नहीं की.

2 बेटों की मां बनी सुधा ने उन्हें इस तरह संस्कारित किया कि बड़े हो कर वे सदा ही मर्यादित रहे. अपने ढंग से उन की शादी की और समय के साथ 2 पोते एवं 2 पोतियों की दादी बनी.

जीवन से गुजरा वह दर्दनाक मोड़ भूले नहीं भूलता. अतीत भयावह समंदर में डूबतेउतराते वह 12 वर्षीय सुधा बन कर विलख उठी. मन ही मन उस ने एक निर्णय लिया, लेकिन आंसुओं को बहने दिया. दूसरे दिन रिचा की पसंद का खाना ले कर कुछ जल्दी ही नर्सिंगहोम जा पहुंची. समझाबुझा कर मनोज दंपती को घर भेज दिया. 2 दिन से वहीं बैठे बेटी की दशा देख कर पागल हो रहे थे. किसी से भी कुछ नहीं कहने को सुधा ने उन्हें हिदायत भी दे दी. फिर एक दृढ़ निश्चय के साथ रिचा के सिरहाने जा बैठी.

सुधा को देखते ही रिचा का प्रलाप शुरू हो गया, ‘‘अब मैं जीना नहीं चाहती. किसी को कैसे मुंह दिखाऊंगी?’’

सुधा ने उसे पुचकारते हुए कहा, ‘‘तुम्हारे साथ जो कुछ भी हुआ वह कोई नई बात नहीं है. सदियों से स्त्रियां पुरुषों की आदम भूख की शिकार होती रही हैं और होती रहेंगी. कोई स्त्री दावे से कह तो दे कि जिंदगी में वह कभी यौनिक छेड़छाड़ की शिकार नहीं हुई है. अगर कोई कहती है तो वह झूठ होगा. यह पुरुष नाम का भयानक जीव तो अपनी आंखों से ही बलात्कार कर देता है. आज तुम्हें मैं अपने जीवन के उस भयानक सत्य से अवगत कराने जा रही हूं, जिस से आज तक मेरा परिवार अनजान है, जिसे सुन कर शायद तुम्हारी जिजिविषा जाग उठे,’’ कहते हुए सुधा ने रिचा के समक्ष अपने काले अतीत को खोल दिया. रिचा अवाक टकटकी बांधे सुधा को निहारती रह गई. उस के चेहरे पर अनेक रंग बिखर गए, बोली, ‘‘तो क्या आंटी मैं पहले जैसा जी सकूंगी?’’

‘‘एकदम मेरी बच्ची… ऐसी घटनाओं से हमारे सारे धार्मिक ग्रंथ भरे पड़े हैं… पुरुषों की बात कौन करे… अपना वंश चलाने के लिए स्वयं स्त्रियों ने स्त्रियों का बलात्कार करवाया है. कोई शरीर गंदा नहीं होता. जब इन सारे कुकर्मों के बाद भी पुरुषों का कौमार्य अक्षत रह जाता है तो फिर स्त्रियां क्यों जूठी हो जाती हैं.

‘‘इस दोहरी मानसिकता के बल पर ही तो धर्म और समाज स्त्रियों पर हर तरह का अत्याचार करता है. सारी वर्जनाएं केवल लड़कियों के लिए ही क्यों? लड़के छुट्टे सांड़ की तरह होेंगे तो ऐसी वारदातें होती रहेंगी. अगर हर मां अपने बेटों को संस्कारी बना कर रखे तो ऐसी घटनाएं समाज में घटित ही न हों. पापपुण्य के लेखेजोखे को छोड़ते हुए हमें आगे बढ़ कर समाज को ऐसी घृणित सोच को बदलने के लिए बाध्य करना है. जो हुआ उसे बुरा सपना समझ कर भूल जाओ और कल तुम यहां से अपने घर जा रही हो. सभी की नजरों का सामना इस तरह से करना है मानो कुछ भी अनिष्ट घटित नहीं हुआ है. देखो मैं ने कितनी खूबसूरती से जीवन जीया है.’’

रिचा के चेहरे पर जीवन की लाली बिखरते देख सुधा संतुष्ट हो उठी. उस के अंतर्मन में जमा वर्षों की असीम वेदना का हिम रिचा के चेहरे की लाली के ताप से पिघल कर आंखों में मचल रहा था. अतीत के गरल को उलीच कर वह भी तो फूल सी हलकी हो गई थी.

कड़वा घूंट : जिंदगी बनी जोखिम – भाग 3

‘‘जनाब उस वक्त 12 बजे थे. अफजल मेरी दुकान के सामने से निकल कर उस के घर वाली गली में गया था.’’

मैं जज से मुखातिब हुआ, ‘‘सर, पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मौत का टाइम 10 से 11 बजे है, मुलजिम 12 बजे उस तरफ जाते देखा गया, इसलिए कातिल कोई और है.’’

वकील इस्तगासा जल्दी से बोला, ‘‘हो सकता है उस दिन खुरशीद भाई ने दुकान जल्दी खोल ली हो.’’

‘‘होने को तो बहुत कुछ हो सकता है. खुरशीद भाई झूठ क्यों बोलेंगे? और फिर उन्होंने मुलजिम को गली की तरफ जाते देखा है, घर में घुसते हुए नहीं देखा.’’

इस के बाद पड़ोसन जकिया आपा की गवाही हुई. जकिया आपा को हर आएगए पर निगाह रखने का शौक था. जकिया आपा से पूछताछ में वकीले इस्तगासा नहीं मिसेज रूमाना का तलाक का मामला भी उठा. उस की गवाही से यह साबित हुआ कि अफजल 15 मई को 12 बजे के आसपास मिसेज रूमाना के घर गया था.

मेरी बारी आने पर मैं ने कहा, ‘‘जकिया, आप की क्या हर आनेजाने वाले पर नजर रहती है?’’

‘‘मेरा घर रूमाना के घर के सामने है. गली का रास्ता साफ दिखता है. मैं ने अफजल को जाते देखा था. तलाक के पहले फरीद को भी आतेजाते देखती थी. उसे मैं ने समझाया भी था कि पराए मर्द से मेलजोल रखना गलत है पर उस पर असर नहीं हुआ. मैं ने तो तलाक के बाद भी रूमाना को समझाने का फैसला किया था, पर एक ऐसी बात सुनने में आई कि मैं पीछे हट गई.’’

‘‘आप ने ऐसी क्या बात सुन ली कि रूमाना को सही राह पर लाने का इरादा ही छोड़ दिया?’’

जकिया आपा मायूसी से बोली, ‘‘मैं ने सुना कि रूमाना ने फरीद से निकाह कर लिया है, अब समझाने को कुछ नहीं बचा था.’’

‘‘दैट्स आल योर औनर,’’ कह कर मैं ने जिरह खत्म कर दी.

अगली पेशी पर मेरे सामने मिसेज रूमाना खड़ी थी. मैं ने इस पेशी के लिए अच्छाखासा होमवर्क किया था. यह खास गवाह थी. उसे पछाड़ने के लिए मैं ने 2-3 लोग तैयार कर रखे थे. रूमाना 35-40 साल की होगी. काफी खूबसूरत, कपड़े भी मौडर्न और कीमती पहने थी. मैं ने एक खास अंदाज में अपनी जिरह शुरू की, ‘‘मिसेज रूमाना, मैं आप की नाखुश जिंदगी के बारे में कुछ नहीं पूछूंगा, वह सब को मालूम है पर इतना जरूर कहूंगा कि अफजल बदकिस्मत है कि उस ने आप जैसा नायाब हीरा खो दिया.’’

मेरी बात सुन कर वह गुरूर से मुसकराई, फिर कहा, ‘‘मैं यह सोच कर परेशान थी कि माज़ी व अफजल की बातें कर के मुझे बोर किया जाएगा.’’

‘‘जहां जरूरी है वहां तो कहना पड़ेगा. आप ये बताइए कि मेरे क्लायंट अफजल का दावा है कि आप ने उसे 15 मई को 12 बजे फरजाना से मिलने अपने घर बुलाया था. आप का इस बारे में क्या कहना है?’’

‘‘फरजाना 8 बजे स्कूल जाती है और 2 बजे वापस आती है. क्या मैं पागल हूं जो खाली घर में उसे बेटी से मिलने बुलाऊंगी. मैं ने उसे नहीं बुलाया था.’’

‘‘यानी आप ने 14 मई को उसे कोई मैसेज नहीं भेजा था?’’

‘‘जी हां, मैं ने उसे कोई मैसेज नहीं भेजा था. उसे अदाकारी का बहुत शौक है, ये सारी ड्रामेबाजी है.’’

मैं ने आलाए कत्ल उठा लिया और उस से पूछा, ‘‘क्या आप इसे पहचानती हैं?’’

लोहे की रौड को देखते हुए वह ऐतेमाद से बोली, ‘‘ये वही रौड है, जिस से आप के क्लायंट ने फरीद का खून किया था. इस के एक सिरे पर खून व बाल चिपके हुए हैं. दूसरे सिरे पर अफजल के फिंगरप्रिंट्स हैं. स्टोरी इज वेरी क्लियर.. आप अपने क्लायंट को बहुत मासूम समझते हैं. एम आई राइट?’’

‘‘राइट. पर अगर मेरी नजर में क्लायंट खूनी होता तो मैं ये केस ही नहीं लेता. खैर, ये बताइए आप ने ये खतरनाक रौड अपने घर में क्यों रख रखा था?’’

‘‘इस रौड से मेरा कोई ताल्लुक नहीं है. हो सकता है आप का क्लायंट ही इसे छिपा कर साथ लाया हो.’’

‘‘क्या वह मकतूल को भी अपने साथ लाया था?’’

‘‘हो सकता है लाया हो, बहलानेफुसलाने में वह एक्सपर्ट है. संभव है, ड्रामेबाजी कर के ले आया हो.’’

‘‘पर मुझे तो पता लगा है कि फरीद आप से मिलने आप के घर आता था.’’

‘‘सौ फीसदी सच. वह मुझ से मिलने आता था.’’

‘‘मैं ने सुना है आप ने उस से निकाह कर लिया था,’’ मैं ने उस के सिर पर बम गिराते हुए पूछा.

वह टस से मस न हुई. ऐतमाद से बोली, ‘‘ये गंदे जहनों की गंदी सोच है. दरअसल मैं घर बदलना चाहती थी. फरीद की एस्टेट एजेंसी थी. मैं उस से सलाह कर के डिफेंस में एक फ्लैट लेना चाह रही थी, इसलिए वह मेरे पास आता रहता था. यह बात इसलिए बता रही हूं कि गंदे जहनों की गंदगी भी साफ हो जाए.’’ वह ताने के अंदाज में बोली.

‘‘यह भी तो हकीकत है कि वह हमेशा आप की बेटी की गैरमौजूदगी में आता था. जब आप अकेली होती थीं.’’

‘‘ये सच है. उसे मैं फरजाना की गैरमौजूदगी में बुलाती थी, क्योंकि उसे फरीद का घर आना कतई पसंद न था और वह अपने घर से बहुत मोहब्बत करती थी.

‘‘इसे बेचने के लिए राजी नहीं थी. इसलिए फरीद को मैं उस की गैरमौजूदगी में ही बुलाती थी. मैं ने सोचा था कि उस की जानकारी में लाए बिना डिफेंस में घर फाइनल कर लूं, बाद में उसे मना लूंगी. अब तो आप को व अदालत दोनों को तसल्ली हो गई होगी.’’

वह अल्लाह की बंदी मेरे हर बाउंसर को बड़ी खूबसूरती से हुक कर के बाउंडरी के बाहर फेंक रही थी. पर मैं भी हथियार फेंकने को राजी न था, मैं ने पूछा, ‘‘क्या 15 मई को सुबह भी मकतूल को आप से मिलने आना था?’’

‘‘नहीं, ऐसा कोई प्रोग्राम नहीं था. अगर उसे आना होता तो मैं घर पर होती.’’

‘‘वाकए के दिन आप कितने बजे घर से निकली थीं?’’

‘‘मैं करीब साढ़े 9 बजे घर से रवाना हुई थी और करीब साढ़े 12 बजे वापसी हुई थी. उस दिन मुझे टेलर के पास जाना था और किचन के लिए ग्रोसरी लेनी थी.’’ उस ने तीखे लहजे में कहा.

‘‘अगर मैं गलत नहीं हूं तो आप के टेलर का नाम तारिक है. उस की दुकान मेन रोड पर है जबकि आप ग्रोसरी बड़े बाजार के अलीबख्श से खरीदती हैं.’’

‘‘हां, आप सही फरमा रहे हैं.’’ वह अचरज से बोली. पहली बार उस के चेहरे पर उलझन नजर आई. पर लहजे का ऐतमाद वैसा ही था.

‘‘मिसेज रूमाना, वारदात के दिन पहले आप टेलर के पास गई थीं फिर ग्रोसरी लेने गई थीं?’’

‘‘मैं पहले टेलर के पास गई थी,’’ वह सोच कर बोली.

‘‘मैडम, पहले आप सामान लेने गई थीं, आप भूल रही हैं.’’ मैं ने सिक्सर मारते हुए कहा.

वह चौंक कर बोली, ‘‘आप यह बात इतने विश्वास से कैसे कह सकते हैं?’’

‘‘मेनरोड की कोई भी दुकान 12-साढे़ 12 बजे से पहले नहीं खुलती, जबकि बड़ा बाजार में 9 बजे से रौनक लग जाती है.’’

‘‘वकील साहब, आप काफी स्मार्ट और इंटेलिजेंट हैं. मैं आप की इस बात को मानती हूं कि मैं पहले बड़ा बाजार अलीबख्श की दुकान पर गई थी, उस के बाद टेलर के पास गई थी.’’

‘‘मैडम, आखिरी सवाल. क्या 15 मई को आप अलीबख्श से ग्रोसरी से ले कर अपने टेलर से अपना काम करवाने में कामयाब हो गई थीं?’’

‘‘हां, हंडरेड परसेंट.’’ वह ढिठाई से बोली.

‘‘एकदम बकवास. एकदम गलत. तुम झूठ बोल रही हो. अदालत की आंख में धूल झोंक रही हो.’’ मैं ने तेज लहजे में कहा.

‘‘योर ओनर,’’ इस्तगासा के वकील ने आवाज उठाई, ‘‘वकील साहब मेरे क्लायंट से बदतमीजी कर रहे हैं. ये ज्यादती है.’’

जज ने मुझ से कहा, ‘‘ये क्या है बेग साहब?’’

मैं ने ठहरे हुए लहजे में कहा, ‘‘जनाबे आली, ये तो कुछ भी नहीं है. असल माल तो बाहर इंतजार कर रहा है. मैं अदालत की इजाजत से 2 गवाह किराना मर्चेंट अलीबख्श और टेलर तारिक को गवाही के लिए बुलाना चाहता हूं.

‘‘टेलर तारिक आप को बताएंगे कि 15 मई के दिन उन की शौप सारा दिन बंद रही थी, क्योंकि किसी की मौत की वजह से वह अपने गांव गए थे. दूसरे दिन आए और अलीबख्श सबूत के साथ अदालत को हकीकत बताएंगे कि मैडम रूमाना ने 14 मई को उन की दुकान से ग्रोसरी खरीदी थी. बिल बुक में रसीद मौजूद है.’’

मेरे दोनों गवाहों ने सबूत के साथ गवाही दे कर यह साबित कर दिया कि रूमाना सरासर झूठ बोल रही थी. इस के बाद अदालत में जो कुछ हुआ, आप अंदाजा नहीं लगा सकते. इस गवाही से रूमाना बुरी तरह बौखला गई होगी, पर ऐसा नहीं हुआ. वह आराम से विटनेस बौक्स में खड़ी रही. जज ने कड़े लहजे में रूमाना से कहा, ‘‘मिसेज रूमाना आप ने अदालत से झूठ क्यों बोला?’’

रूमाना के बजाए अफजल ने हथकड़ी वाला हाथ ऊपर कर के कहा, ‘‘जनाबेआली, मैं कुछ कहना चाहता हूं.’’

जज ने इजाजत दे दी. मेरा क्लायंट बोला और ऐसा बोला कि उस ने मेरी मेहनत की धज्जियां बिखेर दीं. मैं उस कलाकार की अदाकारी देखता रह गया. वह बड़े भावुक अंदाज में बोल रहा था, ‘‘जनाबेआली, मेरा जमीर मुझ पर थूक रहा था, अब मैं खामोश नहीं रह सकता. मैं लगातार अदालत से, वकील साहब से और अपने दोस्त बशीर भाई से झूठ बोलता रहा. हकीकत यह है कि मैं काफी दिनों से मकतूल का पीछा कर रहा था.

‘‘वारदात के दिन मैं उसे बहलाफुसला कर अपनी एक्स वाइफ के घर ले कर गया. उस दिन रूमाना घर पर मौजूद नहीं थी. मकतूल मेरी चाल में आ गया. ड्राइंग रूम में मैं ने उसे मौत के घाट उतारा लेकिन मेरे जाने के पहले रूमाना आ गई.

‘‘फिर हम ने मिल कर एक स्कीम बनाई, जिस में फरीद के कत्ल का इलजाम मुझ पर आए. रूमाना पर किसी का शक न जाए, फिर सब कुछ वैसा ही होता चला गया जैसा हम ने चाहा था. पर मेरे होशियार वकील ने मुझे शक के दायरे से निकाल कर रूमाना के लिए फांसी का फंदा तैयार कर दिया. हालांकि मैं ने अपने वकील साहब से कहा था कि भले ही अगर बाइजज्जत बरी न करा सकें तो कोई बात नहीं, मुझे थोड़ी सजा दिलवा दें, पर जहीन वकील ने हकीकत खोल दी. जैसा मैं ने सोचा था उस का उलटा हो गया.

‘‘मजबूरन अपने जमीर की आवाज पर मुझे अपनी जुबान खोलनी पड़ी. मैं खुदा को हाजिरनाजिर जान कर इस बात का इकरार करता हूं कि मैं मुजरिम हूं, खून मैं ने किया है. उम्मीद है मेरे इकबाली बयान के एवज में अदालत मुझ पर रहम खा कर कम से कम सजा देगी. फरीद ने मेरा घर उजाड़ दिया था, मुझे दरबदर कर दिया था.’’

जज ने मेरी तरफ देखते हुए पूछा, ‘‘बेग साहब, अब आप क्या कहते हैं?’’

मेरे क्लायंट ने मुझे कुछ कहने लायक नहीं छोड़ा था. मैं तल्खी से बोला, ‘‘सबूतों के व गवाहों के बयान की रोशनी में मैं ने अपनी पेशेवराना जिम्मेदारी बहुत अच्छे से निभाई. आगे जो इस का नसीब. मेरे क्लायंट के इकबाले बयान के बाद और जुर्म मान लेने के बाद जाहिर है इस केस से मेरा कोई ताल्लुक नहीं रहा. मैं इसे एक कड़वा घूंट समझ कर हलक से उतार लूंगा.’’

जज हां में गरदन हिला कर रह गया.

लेकिन कहानी यहां खत्म नहीं होती. अफजल ने अपने फन की जो अदाकारी दिखाई थी, उसे मैं भूल न सका.

लगभग 6 साल बाद अफजल और रूमाना मेरे पास आए और एक कार्ड मेरी तरफ बढ़ाते हुए कहा, ‘‘अगले थर्सडे को हमारी बेटी फरजाना की शादी है. आप जरूर तशरीफ लाएं, हमें बहुत खुशी होगी.’’

‘‘क्या मैं ये समझूं कि आप दोनों फिर से एक बंधन में बंधन गए हैं? अफजल से शादी कर के एक नई जिंदगी शुरू कर दी है? शायद मैं गलत कह गया…’’

‘‘आप बिलकुल ठीक समझे, वकील साहब.’’

‘‘फिर तो मैडम रूमाना फरीद की बेवा कहने के बजाए फरीद की कातिल कहना ज्यादा ठीक है. है न?’’

वह सिर झुका कर बोली, ‘‘बेग साहब, इस के अलावा मेरे पास कोई और रास्ता नहीं था. मैं ने फरीद की खातिर अफजल की जिंदगी खराब की. अपनी बेटी का दिल दुखाया और फरीद से शादी कर ली. पर वह कमीना बेहद घटिया इंसान था. उस की नीयत मेरी मासूम बच्ची पर खराब हो गई, उस की इज्जत लूटने की फिराक में रहने लगा था. उस का यही इलाज था.’’

पता नहीं रूमाना और क्या कहती रही, पर मैं सोच रहा था, ‘रूमाना ने मेरे मुकाबले कहीं बड़ा कड़वा घूंट हलक से उतारा था.

कड़वा घूंट : जिंदगी बनी जोखिम – भाग 2

रिमांड पूरी होने पर पुलिस ने अदालत में चालान पेश कर दिया. इस मौके पर मैं ने जमानत की कोशिश की पर मंजूर नहीं हुई. उसे जेल भेज दिया गया.

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के मुताबिक कत्ल 15 मई को दिन के 11 बजे हुआ था. एक लोहे की रौड फरीद के सिर पर मारी गई थी, जिस से खोपड़ी चटक गई थी. मौत की जगह रूमाना का ड्राइंगरूम था.

दूसरी पेशी 15 दिन बाद थी. मेरे पास तैयारी के लिए काफी टाइम था. बशीर जानकारी जुटाने में लगा था. वह अफजल का पक्का दोस्त था.

जब अदालत शुरू हुई तो जज ने अफजल को उस का जुर्म बताया. उस ने कत्ल से साफ इनकार कर दिया. इस्तगासा की तरफ से 6 गवाहों को पेश किया गया था, जिस में अफजल की एक्स वाइफ रूमाना भी थी.

अफजल का बयान नोट कराया गया जो काफी सटीक था. अदालत की इजाजत से इस्तगासा के वकील ने पूछताछ शुरू की. उस ने पूछा, ‘‘क्या तुम इस बात से इनकार करते हो कि तुम मकतूल से नफरत करते थे और उसी नफरत में तुम ने फरीद का खून कर दिया?’’

‘‘मैं ने फरीद का कत्ल नहीं किया.’’ उस ने दोटूक कहा.

‘‘आलाए कत्ल पर तुम्हारे फिंगरप्रिंट्स मिले हैं.’’

‘‘मुझे नहीं मालूम रौड पर मेरे फिंगरप्रिंट्स कैसे आए?’’

‘‘क्या फरीद तुम्हारा किराएदार रहा था?’’

‘‘नहीं, वह मेरा नहीं मेरी एक्स वाइफ का किराएदार था.’’

‘‘क्या तुम ने फरीद की वजह से रूमाना को तलाक नहीं दी थी, तुम उस पर झूठा शक करते थे?’’

‘‘मैं ने कोई झूठा शक नहीं किया, जो हकीकत थी वह बरदाश्त से बाहर थी. मुझे तलाक देनी पड़ी.’’

वकील इस्तगासा कोई खास बात मालूम नहीं कर सका. बारी आने पर मैं ने बौक्स में खड़े हो कर पूछा, ‘‘इस्तगासा के 3 गवाहों ने दावा किया है कि तुम्हें कत्ल के दिन मौकाएवारदात पर देखा गया. तुम 15 मई को वहां क्या कर रहे थे?’’

वह मुझे हवालात में बता चुका था. बात मेरे पक्ष में थी, इसलिए मैं ने पूछा तो अफजल ने जवाब दिया, ‘‘मैं अपनी बेटी फरजाना से मिलने गया था.’’

‘‘तुम्हारी मुलाकात पार्क या बाहर होती थी, उस दिन तुम घर क्यों गए थे?’’

‘‘यह चेंज रूमाना के कहने पर हुआ था. हर महीने की 15 तारीख को मैं अपनी बेटी से पार्क में मिलता था. रूमाना उसे ले कर आती थी. पर इस बार 14 मई की शाम उस ने मुझे कहलवाया कि फरजाना की तबीयत ठीक नहीं है. वह पार्क नहीं आएगी. इस बार साढ़े 11 बजे उस से मिलने घर आ जाओ. फरजाना घर पर अकेली होगी, मुझे शौपिंग के लिए बाहर जाना है. वापसी लगभग एक बजे होगी. इस बीच मैं अपनी बेटी से मिल सकता हूं. मेरी कोई गलती नहीं, उस के कहने पर मैं घर गया था.’’

‘‘अच्छा, सोच कर बताओ, तुम कितने बजे रूमाना के घर पहुंचे थे?’’

‘‘मैं ठीक 12 बजे उस के घर पहुंचा था.’’

मैं ने जज से कहा, ‘‘जनाबेआली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कत्ल 10 से 11 बजे के बीच हुआ. मुलजिम वहां 12 बजे पहुंचा था. यह पौइंट नोट किया जाए.’’

जज ने सिर हिला कर सहमति जताई.

वकील इस्तगासा बोला, ‘‘टाइम गलत भी बताया जा सकता है, जान बचाने की खातिर. मिसेज रूमाना ने भी इस बात से इनकार किया है कि उस ने अफजल को ऐसा कोई मैसेज दे कर 12 बजे घर बुलाया था. ये बनाई हुई कहानी है.’’

‘‘यह बात मिसेज रूमाना से गवाही के समय पूछी जा सकती है.’’

‘‘जनाबेआली सब से बड़ा सबूत यह है कि आलाए कत्ल पर मुलजिम की अंगुलियों के निशान पाए गए. जब 12 बजे पहुंचा था तो आलाए कत्ल पर उस की अंगुलियों के निशान क्यों पाए गए?’’

‘‘आप परेशान न हों, इस का जवाब भी मिल जाएगा. हां, अफजल जब तुम रूमाना के घर पहुंचे तो तुम ने वहां क्या देखा?’’

‘‘मुझ से कहा गया था कि फरजाना घर पर अकेली होगी.’’

‘‘तो क्या फरजाना से तुम्हारी मुलाकात हुई?’’

‘‘दरवाजे के दोनों पट भिड़े हुए थे. मैं अंदर पहुंचा तो फरजाना नहीं, वहां फरीद की लाश पड़ी थी. वह सोफे पर उलटा पड़ा था और उस की खोपड़ी चटकी हुई थी. खून से कपड़े व सोफा गीला हो गया था. मैं वहां से उलटे पांव निकल गया, पर दोपहर को मुझे पुलिस ने होटल के कमरे से गिरफ्तार कर लिया. बशीर भाई ने लाख दलीलें दीं पर कुछ नहीं हुआ.’’

‘‘क्या तुम ने मौकाएवारदात पर लोहे की रौड को पकड़ा था?’’

‘‘वकील साहब, मैं ने किसी चीज को हाथ नहीं लगाया. इतना भी बेवकूफ नहीं हूं मैं.’’

‘‘पर आलाए कत्ल पर तुम्हारी अंगुलियों के निशान हैं.’’

‘‘यह बात मेरी समझ से बाहर है, ये कैसे हुआ?’’

‘‘उस आदमी का नाम क्या है जो 14 मई को रूमाना का संदेश ले कर तुम्हारे पास आया था?’’

‘‘वकील साहब, मैं उस बंदे के नाम से वाकिफ नहीं हूं. उस दिन मैं ने उसे पहली बार देखा था.’’

फिर उस दिन अदालत का वक्त खत्म हो गया. जिस तरह अफजल ने अदालत में जवाब दिए, उस से वह जरा भी नर्वस नहीं लग रहा था. ऐेसे केस लड़ने का एक अलग ही मजा है.

अगली 2 पेशियों में इस्तगासा के 5 गवाह पेश हुए, उन में से एक खुरशीद था, अख्तर कालोनी में रहता था. उस ने हलफ ले कर अपना बयान दिया. वकील ने उस से अफजल के बारे में पूछा तो उस ने कहा, ‘‘जब अफजल और रूमाना का तलाक नहीं हुआ था, मैं भी उन का किराएदार था. अफजल अकसर दुकान पर आता था पर तलाक के बाद उसे घर छोड़ना पड़ा.’’

‘‘उस के बाद तुम्हारी उस से कभी मुलाकात हुई थी?’’

‘‘एकदो बार राह चलते सलामदुआ हुई. 15 मई को वाकए के दिन वह मेरी दुकान के सामने वाली गली में गया था, जिस के अंदर रूमाना का घर है.’’

‘‘अफजल तुम से रूमाना के बारे में क्या कहता था?’’

‘‘वह रूमाना के बारे में कुछ नहीं कहता था, इधरउधर की बातें होती थीं. उस की बातों से पता लगता था कि वह फरीद को पसंद नहीं करता. वह बहुत चालाक व फितना आदमी था, जो हुआ अच्छा हुआ. अफजल उस से परेशान था.’’

‘‘अफजल उस से किस वजह से नफरत करता था कि उस की बातें सुन कर तुम भी फरीद को नापसंद करने लगे.’’

‘‘जनाब, उस ने एक हंसताखेलता घर तोड़ डाला. दोनों के बीच फरीद ने ही आग लगाई थी.’’

‘‘क्या आप को लगता है कि तलाक का जिम्मेदार फरीद था? क्या अफजल का रूमाना पर शक सही था?’’

‘‘ये मुझे नहीं मालूम पर अफजल ने जो कुछ कहा, उस से यही लगता है कि वह फरीद से नफरत करता था.’’

वकील ने कहा, ‘‘जनाबेआली, 15 मई को उसे अपनी नफरत निकालने का मौका मिल गया. उस ने फरीद को ठिकाने लगा दिया.’’

उस की जिरह खत्म होने पर मैं खड़ा हुआ, ‘‘खुरशीद साहब, आप किस चीज का बिजनैस करते हैं? आप की टाइमिंग क्या है?’’

‘‘मैं कपड़े का कारोबार करता हूं. साढ़े 12 बजे तक अपनी दुकान खोलता हूं. 15 मई को मैं ने 12 बजे दुकान खोली थी.’’

‘‘आप ने 15 मई को मुलजिम को रूमाना के घर वाली गली में जाते देखा था?’’

कड़वा घूंट : जिंदगी बनी जोखिम – भाग 1

शकीला एस. हुसैन

रास दिन जो क्लाइंट मुझ से मिला, वह कुछ अजब किस्म का था. उस ने अपना नाम अफजल बताया. वह फ्रूट का धंधा करता था. उस की परेशानी यह थी कि वह अपनी बीवी रूमाना को तलाक दे चुका था और उस की एकलौती बेटी को उस की बीवी रूमाना साथ ले गई थी. वह अपनी बेटी को वापस लेना चाहता था.

मांबेटी अपने घर में रह रहे थे. अफजल को घर से निकलना पड़ा, क्योंकि घर रूमाना के नाम पर था. यह मकान महमूदाबाद बाजार के सिरे पर था. मकान के बाहरी हिस्से में एक दुकान थी, मकान का रास्ता बाजू वाली गली से था. 3 कमरों के इस घर में अफजल की छोटी सी फैमिली आराम से रह रही थी कि फरीद की नजर लग गई.

फरीद हसन 45 साल का हैंडसम आदमी था, लेकिन बेहद चालाक. वह इन लोगों का किराएदार था. बाहरी हिस्से वाली दुकान में उस ने एस्टेट एजेंसी खोल रखी थी. मकान रूमाना के नाम था इसलिए उस ने फरीद को अपनी मरजी से दुकान दी थी, जबकि अफजल इस के खिलाफ था. रूमाना सरकारी नौकरी में थी, ऊपर की आमदनी भी अच्छी थी. यह घर उसी ने बनाया था. थोड़ा पैसा अफजल का भी लगा था.

वैसे उस की ज्यादा आमदनी नहीं थी. वह मंडी से माल उठाता और घरों में पहुंचा देता. ज्यादातर ग्राहक फिल्म इंडस्ट्री के थे और अफजल को जुनून की हद तक फिल्मों में काम करने का शौक था. कोई छोटा एक्टर भी उसे फिल्मों में काम दिलाने की उम्मीद दिखाता तो उसे वह फ्री में फल सब्जी पहुंचा कर फिल्म में काम मिलने की उम्मीद में खिदमत करता रहता. अभी तक उसे कोई चांस नहीं मिला था, क्योंकि अफजल के पास न हुनर था न कोई सोर्स और न किसी डायरेक्टर से पहचान.

अफजल के इस शौक से उस की बीवी रूमाना नाराज रहती थी क्योंकि फायदा कुछ नहीं था, उलटा नुकसान होता था. इस बात पर दोनों में तकरार भी होती. वह समझाता, ‘‘देखना रूमाना, मैं जल्द टीवी के ड्रामों में नजर आऊंगा. फिर मेरे पास कार बंगला सब कुछ होगा.’’

इस लड़ाई में कभी बेटी फरजाना मां का साथ देती थी. 16-17 साल की फरजाना मैट्रिक की स्टूडेंट थी. कभी झुंझला कर कह देती, ‘‘आप दोनों कभी नहीं सुधरेंगे. इसी तरह लड़तेलड़ते जिंदगी गुजर जाएगी.’’

बेटी को बहलाने के लिए अफजल ने वादा किया, ‘‘अब ये सब छोड़ कर मैं काम में दिल लगाऊंगा.’’

कुछ दिन तो सुकून से गुजरे. फिर एक नया किस्सा शुरू हो गया. दुकान का किराएदार फरीद अकसर रूमाना से मिलने आने लगा. पहले तो वह महीने में 2-4 बार आता था, अब उस की आमद बढ़ गई थी. अफजल को उस का आनाजाना पसंद नहीं था. उस की आवाजाही बढ़ी तो अफजल ने ऐतराज किया, जिस से मेलमुलाकात रुक गई थी, फिर वह अफजल की गैरमौजूदगी में भी आने लगा.

अब रूमाना ने बाहर मिलना भी शुरू कर दिया. यह बात भी अफजल को पता चल गई. अभी तकरार चल ही रही थी कि अचानक एक दिन अफजल बेटाइम घर पहुंच गया, उस ने दोनों को घर में ही रंगेहाथों पकड़ लिया.

अफजल गुस्से से पागल हो गया. फरीद भाग निकला. पतिपत्नी की जोरदार लड़ाई हुई. अफजल बोला, ‘‘बेगैरती और बेशर्मी की हद हो गई, एक जवान लड़की के होते हुए पराए मर्द से ताल्लुक रखती हो. ये मैं बरदाश्त नहीं कर सकता.’’

रूमाना भी चीख कर बोली, ‘‘बेगैरत तुम हो, तुम अपनी बीवी पर इलजाम लगा रहे हो मेरी उस की दोस्ती है, हम अपना दुखसुख बांट लेते हैं.’’

तकरार गालीगलौज पर पहुंच गई और तलाक पर खत्म हुई.

घर रूमाना के नाम पर था. अफजल को बोरियाबिस्तर बांध कर घर छोड़ना पड़ा. बेटी फरजाना मां के पास रह गई.

अब अफजल कोर्ट में केस करने के लिए मेरे पास आया था कि मैं मुकदमा लड़ कर उस की बेटी उस के हवाले कर दूं. मैं ने उसे कहा, ‘‘देखो अफजल, तुम ने रूमाना को तलाक दे दी है. अगर तुम तलाक न देते तो वह खुला (औरत तलाक मांग लेती है) ले लेती. तुम्हारे साथ हरगिज न रहती. अब तुम चाहते हो कि कोर्ट के जरिए फरजाना को रूमाना की कस्टडी से निकाल कर तुम्हारे हवाले कर दूं.’’

‘‘हां वकील साहब, मैं हर कीमत पर अपनी बेटी को अपने पास लाना चाहता हूं. उस बेशर्म औरत की संगत में वह बिगड़ जाएगी. आप सारी बातें छोड़ें और मुकदमा लड़ कर मुझे मेरी बेटी दिला दें, मैं उस से बहुत प्यार करता हूं. मैं महीने में एक बार मिलने पर तसल्ली नहीं कर सकता. आप केस लड़ें.’’

‘‘केस लड़ने के लिए 3 बातों पर गौर करना जरूरी है, तभी मैं आप का केस ले सकता हूं.’’

‘‘कौन सी 3 बातें…जल्द बताइए.’’

‘‘पहली बात तो यह कि क्या आप के पास अपना घर है?’’

‘‘नहीं, मेरे पास अपनी रिहाइश नहीं है. मेरे दोस्त बशीर का एक होटल है, उस की ऊपरी मंजिल पर स्टाफ की रिहाइश के लिए कुछ कमरे बने हैं, उन्हीं में से एक में मैं रहता हूं.’’

‘‘अगर आप के पास घर नहीं है तो यह पौइंट आप के मुखालिफ जाता है. कोर्ट लड़की को होटल में स्टाफ के लिए बने कमरों में रखने की इजाजत नहीं देगी, जबकि मां के पास खुद का घर है. दूसरा मुद्दा यह है कि क्या आप इतना कमा लेते हैं कि बेटी व उस के महंगे स्कूल का खर्च उठा सकें?’’

‘‘मैं कमा तो लेता हूं पर आमदनी रेग्युलर नहीं है. उस का स्कूल काफी महंगा है.’’

‘‘तीसरा सवाल जो सब से जरूरी है, आप की बेटी मैट्रिक में पढ़ रही है, समझदार है. क्या वह आप के पास रहने को राजी है या मां के पास रहना चाहती है?’’

‘‘ये तो जाहिर सी बात है कि वह अपनी मां के साथ रहना पसंद करती है.’’

‘‘देखिए अफजल साहब, कोर्ट औलाद की कस्टडी के लिए इन्हीं 3 बातों पर गौर करती है. इन 3 खास मुद्दों पर आप का जवाब नेगेटिव है, कोर्ट कभी भी आप को लड़की की कस्टडी नहीं देगी और आप को साफ बात बता दूं, मैं भी आप का केस नहीं लड़ सकता. मैं बेवजह आप से पैसे झटकना नहीं चाहता. हकीकत में आप का केस बहुत कमजोर है. जीतने का कोई चांस नहीं है.’’

उस दिन अफजल मेरे पास से बेहद मायूस हो कर गया. अब दोबारा आने की उम्मीद नहीं थी, पर कुछ दिनों बाद होटल के मालिक बशीर भाई मेरे सामने आ खड़े हुए. पहले मैं उन का एक केस लड़ चुका था और वह मुकदमा जीत गए थे. उन्होंने ही अफजल को मेरे पास भेजा था. आज वह फिर मेरे सामने खड़े थे. बोले, ‘‘बेग साहब, अफजल बड़ी मुसीबत में फंस गया है. वह जेल में बंद है. पुलिस ने उसे फरीद के कत्ल के इलजाम में गिरफ्तार किया है.’’

‘‘फरीद वही न, एस्टेट एजेंट, जिस की वजह से अफजल ने अपनी बीवी को तलाक दी थी.’’

‘‘जी हां, वही अफजल और वही एस्टेट एजेंट फरीद. उसी के कत्ल के इलजाम में पुलिस ने कल सुबह उसे अदालत में पेश किया और 7 दिन का रिमांड हासिल कर लिया.’’

‘‘कब हुआ ये कत्ल?’’

‘‘कत्ल 15 मई को हुआ था. उसी दिन दोपहर को मेरे होटल से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. वह सीधा, कुछ बेवकूफ जरूर है पर वह कत्ल नहीं कर सकता. बहुत डरपोक आदमी है. मैं उसे सालों से जानता हूं, उस के खिलाफ साजिश की गई है. मेरा शक तो रूमाना पर जाता है.’’

‘‘ठीक है, मैं आज थाने जा कर अफजल से मिलता हूं. आप को पक्का यकीन है न कि वह बेकुसूर है? आप केस के बारे में और मालूमात करें. उस ने मेरी फीस अदा कर दी.’’

उसी दिन शाम को मैं उस थाने पहुंच गया, जहां अफजल बंद था. मुझे देख कर उस के चेहरे पर रौनक आ गई. वह दुखी हो कर बोला, ‘‘देखिए सर, मुझे बेवजह इस केस में फंसा दिया गया है.’’

‘‘इसीलिए तो मैं ने तुम्हारा केस हाथ में लिया है. चलो, मुझे सब कुछ सचसच बता दो.’’

वह बोला, ‘‘आप पूरी कोशिश कर के मुझे मौत से बचा लीजिए, भले ही मुझे थोड़ी सजा हो जाए. मैं फरजाना की शादी अपने हाथों से करना चाहता हूं.’’

मुझे थोड़ा ताज्जुब हुआ. मैं ने उसे तसल्ली दी, ‘‘तुम जल्द रिहा हो जाओगे, पर सच बोलना.’’

उस ने जो किस्सा सुनाया, उस का खुलासा यह है कि वह मेरा पहला मुलजिम था, जो थोड़ी सजा पर राजी था. जेहन में खयाल भी आया कि कहीं ये मुजरिम तो नहीं है जो कुछ उस ने कहा, मैं आप को बताता रहूंगा.

गहरी चाल : क्या थी सुनयना की चाल

सुनयना दोनों हाथों में पोटली लिए खेत में काम कर रहे पति और देवर को खाना देने जा रही थी. उसे जब भी समय मिलता, तो वह पति और देवर के साथ खेत के काम में जुट जाती थी.

अपनी धुन में वह पगडंडी पर तेज कदमों से चली जा रही थी, तभी सामने से आ रहे सरपंच के लड़के अवधू और मुनीम गंगादीन पर उस की नजर पड़ी. वह ठिठक कर पगडंडी से उतर कर खेत में खड़ी हो गई और उन दोनों को जाने का रास्ता दे दिया.

अवधू और मुनीम गंगादीन की नजर सुनयना की इस हरकत और उस के गदराए जिस्म के उतारचढ़ावों पर पड़ी. वे दोनों उसे गिद्ध की तरह ताकते हुए आगे बढ़ गए.

कुछ दूर जाने के बाद अवधू ने गंगादीन से पूछा, ‘‘क्यों मुनीमजी, यह ‘सोनचिरैया’ किस के घर की है?’’

‘‘यह तो सुखिया की बहू है. जा रही होगी खेत पर अपने पति को खाना पहुंचाने. सुखिया अभी 2 महीने पहले ही तो मरा था. 3 साल पहले उस ने सरपंचजी से 8 हजार रुपए उधार लिए थे. अब तक तो ब्याज जोड़ कर 17 हजार रुपए हो गए होंगे,’’ अवधू की आदतों से परिचित मुनीम गंगादीन ने मसकेबाजी करते हुए कहा.

‘लाखों का हीरा, फिर भी इतना कर्ज. आखिर हीरे की परख तो जौहरी ही कर सकता है न,’ अवधू ने कुछ सोचते हुए पूछा, ‘‘और मुनीमजी, कैसी है तुम्हारी वसूली?’’

‘‘तकाजा चालू है बेटा. जब तक सरपंचजी तीर्थयात्रा से वापस नहीं आते, तब तक इस हीरे से थोड़ीबहुत वसूली आप को ही करा देते हैं.’’

‘‘मुनीमजी, जब हमें फायदा होगा, तभी तो आप की तरक्की होगी.’’

दूसरे दिन मुनीम गंगादीन सुबहसुबह ही सुनयना के घर जा पहुंचा. उस समय सुखिया के दोनों लड़के श्यामू और हरिया दालान में बैठे चाय पी रहे थे.

गंगादीन को सामने देख श्यामू ने चाय छोड़ कर दालान में रखे तख्त पर चादर बिछाते हुए कहा, ‘‘रामराम मुनीमजी… बैठो. मैं चाय ले कर आता हूं.’’

‘‘चाय तो लूंगा ही, लेकिन बेटा श्यामू, धीरेधीरे आजकल पर टालते हुए 8 हजार के 17 हजार रुपए हो गए. तू ने महीनेभर की मुहलत मांगी थी, वह भी पूरी हो गई. मूल तो मूल, तू तो ब्याज तक नहीं देता.’’

‘‘मुनीमजी, आप तो घर की हालत देख ही रहे हैं. कुछ ही दिनों पहले हरिया का घर बसाया है और अभीअभी पिताजी भी गुजरे हैं,’’ श्यामू की आंखों में आंसू भर आए.

‘‘मैं तो समझ रहा हूं, लेकिन जब वह समझे, जिस की पूंजी फंसी है, तब न. वैसे, तू ने महीनेभर की मुहलत लेने के बाद भी फूटी कौड़ी तक नहीं लौटाई,’’ मुनीम गंगादीन ने कहा.

तब तक सुनयना गंगादीन के लिए चाय ले कर आ गई. गंगादीन उस की नाजुक उंगलियों को छूता हुआ चाय ले कर सुड़कने लगा और हरिया चुपचाप बुत बना सामने खड़ा रहा.

‘‘देख हरिया, मुझ से जितना बन सका, उतनी मुहलत दिलाता गया. अब मुझ से कुछ मत कहना. वैसे भी सरपंचजी तुझ से कितना नाराज हुए थे. मुझे एक रास्ता और नजर आ रहा है, अगर तू कहे तो…’’ कह कर गंगादीन रुक गया.

‘कौन सा रास्ता?’ श्यामू व हरिया ने एकसाथ पूछा.

‘‘तुम्हें तो मालूम ही है कि इन दिनों सरपंचजी तीर्थयात्रा करने चले गए हैं. आजकल उन का कामकाज उन का बेटा अवधू ही देखता है.

‘‘वह बहुत ही सज्जन और सुलझे विचारों वाला है. तुम उस से मिल लो. मैं सिफारिश कर दूंगा.

‘‘वैसे, तेरे वहां जाने से अच्छा है कि तू अपनी बीवी को भेज दे. औरतों का असर उन पर जल्दी पड़ता है. किसी बात की चिंता न करना. मैं वहां रहूंगा ही. आखिर इस घर से भी मेरा पुराना नाता है,’’ मुनीम गंगादीन ने चाय पीतेपीते श्यामू व हरिया को भरोसे में लेते हुए कहा.

सुनयना ने दरवाजे की ओट से मुनीम की सारी बातें सुन ली थीं. श्यामू सुनयना को अवधू की कोठी पर अकेली नहीं भेजना चाहता था. पर सुनयना सोच रही थी कि कैसे भी हो, वह अपने परिवार के सिर से सरपंच का कर्ज उतार फेंके.

दूसरे दिन सुनयना सरपंच की कोठी के दरवाजे पर जा पहुंची. उसे देख कर मुनीफ गंगादीन ने कहा, ‘‘बेटी, अंदर आ जाओ.’’

सुनयना वहां जाते समय मन ही मन डर रही थी, लेकिन बेटी जैसे शब्द को सुन कर उस का डर जाता रहा. वह अंदर चली गई.

‘‘मालिक, यह है सुखिया की बहू. 3 साल पहले इस के ससुर ने हम से 8 हजार रुपए कर्ज लिए थे, जो अब ब्याज समेत 17 हजार रुपए हो गए हैं. बेचारी कुछ और मुहलत चाहती है,’’ मुनीम गंगादीन ने सुनयना की ओर इशारा करते हुए अवधू से कहा.

‘‘जब 3 साल में कुछ भी नहीं चुका पाया, तो और कितना समय दिया जाए? नहींनहीं, अब और कोई मुहलत नहीं मिलेगी,’’ अवधू अपनी कुरसी से उठते हुए बोला.

‘‘देख, ऐसा कर. ये कान के बुंदे बेच कर कुछ पैसा चुका दे,’’ अवधू सुनयना के गालों और कानों को छूते हुए बोला.

‘‘और हां, तेरा यह मंगलसूत्र भी तो सोने का है,’’ अवधू उस के उभारों को छूता हुआ मंगलसूत्र को हाथ में पकड़ कर बोला.

सुनयना इस छुअन से अंदर तक सहम गई, फिर भी हिम्मत बटोर कर उस ने कहा, ‘‘यह क्या कर रहे हो छोटे ठाकुर?’’

‘‘तुम्हारे गहनों का वजन देख रहा हूं. तुम्हारे इन गहनों से शायद मेरे ब्याज का एक हिस्सा भी न पूरा हो,’’ कह कर अवधू ने सुनयना की दोनों बाजुओं को पकड़ कर हिला दिया.

‘‘अगर पूरा कर्ज उतारना है, तो कुछ और गहने ले कर थोड़ी देर के लिए मेरी कोठी पर चली आना…’’ अवधू ने बड़ी बेशर्मी से कहा, ‘‘हां, फैसला जल्दी से कर लेना कि तुझे कर्ज उतारना है या नहीं. कहीं ऐसा न हो कि तेरे ससुर के हाथों लिखा कर्ज का कागज कोर्ट में पहुंच जाए.

‘‘फिर भेजना अपने पति को जेल. खेतघर सब नीलाम करा कर सरकार मेरी रकम मुझे वापस कर देगी और तू सड़क पर आ जाएगी.’’

सुनयना इसी उधेड़बुन में डूबी पगडंडियों पर चली जा रही थी. अगर वह छोटे ठाकुर की बात मानती है, तो पति के साथ विश्वासघात होगा. अगर वह उस की बात नहीं मानती, तो पूरे परिवार को दरदर की ठोकरें मिलेंगी.

कुछ दिनों बाद मुनीम गंगादीन फिर सुनयना के घर जा पहुंचा और बोला, ‘‘बेटी सुनयना, कर लिया फैसला? क्या अपने गहने दे कर ठाकुर का कर्ज चुकाएगी?’’

‘‘हां, मैं ने फैसला कर लिया है. बोल देना छोटे ठाकुर को कि मैं जल्दी ही अपने कुछ और गहने ले कर आ जाऊंगी कर्जा उतारने. उस से यह भी कह देना कि पहले कर्ज का कागज लूंगी, फिर गहने दूंगी.’’

‘‘ठीक है, वैसे भी छोटे ठाकुर सौदे में बेईमानी नहीं करते. पहले अपना कागज ले लेना, फिर…’’

वहीं खड़े सुनयना के पति और देवर यही सोच रहे थे कि शायद सुनयना ने अपने सोने और चांदी के गहनों के बदले पूरा कर्ज चुकता करने के लिए छोटे ठाकुर को राजी कर लिया है. उन्हें इस बात का जरा भी गुमान न हुआ कि सोनेचांदी के गहनों की आड़ में वह अपनी इज्जत को दांव पर लगा कर के परिवार को कर्ज से छुटकारा दिलाने जा रही है.

‘‘और देख गंगादीन, अब मुझे बेटीबेटी न कहा कर. तुझे बेटी और बाप का रिश्ता नहीं मालूम है. बाप अपनी बेटी को सोनेचांदी के गहनों से लादता है, उस के गहने को उतरवाता नहीं है,’’ सुनयना की आवाज में गुस्सा था.

दूसरे दिन सुनयना एक रूमाल में कुछ गहने बांध कर अवधू की कोठी पर पहुंच गई.

‘‘आज अंदर कमरे में तेरा कागज निकाल कर इंतजार कर रहे हैं छोटे ठाकुर,’’ सुनयना को देखते ही मुनीम गंगादीन बोला.

सुनयना झटपट कमरे में जा पहुंची और बोली, ‘‘देख लो छोटे ठाकुर, ये हैं मेरे गहने. लेकिन पहले कर्ज का कागज मुझे दे दो.’’

‘‘ठीक है, यह लो अपना कागज,’’ अवधू ने कहा.

सुनयना ने उस कागज पर सरसरी निगाह डाली और उसे अपने ब्लाउज के अंदर रख लिया.

‘‘ये गहने तो लोगों की आंखों में परदा डालने के लिए हैं. तेरे पास तो ऐसा गहना है, जिसे तू जब चाहे मुझे दे कर और जितनी चाहे रकम ले ले,’’ अवधू कुटिल मुसकान लाते हुए बोला.

‘‘यह क्या कह रहे हो छोटे ठाकुर?’’ सुनयना की आवाज में शेरनी जैसी दहाड़ थी.

अवधू को इस की जरा भी उम्मीद नहीं थी. सुनयना बिजली की रफ्तार से अहाते में चली गई. तब तक गांव की कुछ औरतें और आदमी भी कोठी के सामने आ कर खड़े हो गए थे. वहां से अहाते के भीतर का नजारा साफ दिखाई दे रहा था.

लोगों को देख कर नौकरों की भी हिम्मत जाती रही कि वे सुनयना को भीतर कर के दरवाजा बंद कर लें. अवधू और गंगादीन भी समझ रहे थे कि अब वे दिन नहीं रहे, जब बड़ी जाति वाले नीची जाति वालों से खुलेआम जबरदस्ती कर लेते थे.

सुनयना बाहर आ कर बोली, ‘‘छोटे ठाकुर और गंगादीन, देख लो पूरे गहने हैं पोटली में. उतर गया न मेरे परिवार का सारा कर्ज. सब के सामने कह दो.’’

‘‘हांहां, ठीक है,’’ अवधू ने घायल सांप की तरह फुंफकार कर कहा.

सभी लोगों के जाने के बाद अवधू और गंगादीन ने जब पोटली खोल कर देखी, तो वे हारे हुए जुआरी की तरह बैठ गए. उस में सुनयना के गहनों के साथसाथ गंगादीन की बेटी के भी कुछ गहने थे, जो सुनयना की अच्छी सहेलियों में से एक थी.

‘अब मैं अपनी बेटी के सामने कौन सा मुंह ले कर जाऊंगा. क्या सुनयना उस से मेरी सब करतूतें बता कर ये गहने ले आई है?’ सोच कर गंगादीन का सिर घूम रहा था.

अवधू और गंगादीन दोनों समझ गए कि सुनयना एक माहिर खिलाड़ी की तरह बहुत अच्छा खेल खिला कर गई है.

सोने के वरक के पीछे छिपा भेड़िया – भाग 3

‘‘दीदी, क्या हुआ आप को? डाक्टर कह रहे थे कोई गहरा सदमा पहुंचा है आप को?’’ निहारिका परेशानी से पूछ रही थी.

सारिका ने प्यार से उस का हाथ थाम लिया. उस की आंखों से फिर आंसू बहने लगे थे. उस के कारण ही उस की प्यारी छोटी बहन घर के भेडि़ए का निशाना बनी थी. सारिका को रोता देख निहारिका भी उस के कंधे से लग कर रोने लगी. तभी मोहित अंदर आ गए और निहारिका को कंधे से पकड़ कर उठाते हुए पूछने लगे, ‘‘क्या हुआ बच्चे?’’

तभी सारिका ने नफरत के साथ मोहित के हाथ झटक दिए और जलती आंखों से मोहित को देखा. वह उसे उस हिंसक जानवर की तरह लग रहा था, जो अपने शिकार की तरफ घात लगाए बैठा रहता है और अवसर मिलते ही वार कर के अपनी भूख मिटा लेता है. सारिका के इस व्यवहार से मोहित सिर झुकाए बाहर निकल गए और निहारिका हैरानी से सारिका से पूछने लगी, ‘‘दीदी, क्या हो गया? आप ने ऐसा क्यों किया?’’

सारिका शून्य में देख कर बोली, ‘‘शुक्र करो अभी कुछ नहीं हुआ. बस अपना सामान समेट लो, तुम्हें वापस घर जाना है.’’

‘‘पर दीदी, अभी तो आप की तबीयत भी ठीक नहीं है. क्या मुझ से कोई गलती हो गई है?’’ निहारिका ने इतने भोलेपन से पूछा कि सारिका मन ही मन रो उठी. ‘गलती तुम से नहीं मुझ से हुई है, जो एक शैतान को इंसान समझ बैठी.’ पर प्रत्यक्ष में बोली, ‘‘अब मुझे तुम्हारी नहीं किसी बड़े की जरूरत है. अगर कल फिर मेरी तबीयत खराब हो गई तो तुम कैसे संभालोगी?’’ एक बेजान सी मुसकराहट लिए सारिका ने बहन को समझाना चाहा.

‘‘दीदी, आज तो जीजू मुझे घुमाने ले जाएंगे और आइसक्रीम भी खिलाने का प्रोग्राम है,’’ निहारिका बच्चों की तरह ठुनक रही थी.

‘‘नहीं, आज ही चलना है,’’ सारिका सख्ती से बोली और सामान समेटने लगी. फिर पहली बार वह मोहित को बिना बताए मायके आ गई.

उस के आने से सब खुश थे पर अकेले आने के कारण कुछ चिंतित भी. फिर भी सारिका की चुप्पी को बीमारी का कारण जान कर कोई कुछ नहीं बोला.

रात में, अपने कमरे में पहुंचते ही उस के सब्र का बांध फिर से टूट गया. मोहित की बातें उस के मनमस्तिष्क में तूफान उठा रही थीं. यह ऐसा दुख था जिसे वह आसानी से किसी से कह भी नहीं सकती थी. खुद से ही लड़तेलड़ते न जाने कब उस की आंख लग गई पता ही नहीं चला. सुबह उठी तो उस का चेहरा उतरा हुआ था और आंखें सूजी हुई थीं.

मां की अनुभवी आंखें बहुत कुछ समझ रही थीं. उन्होंने सारिका से जानने की कोशिश भी की पर उस ने तबीयत का बहाना बना कर बात टाल दी, तो मां ने फिर कहा, ‘‘बेटा, मोहित आए हैं. बहुत परेशान हैं. तुम उन से कह कर भी नहीं आईं.’’

सारिका का पूरा अस्तित्व जैसे नफरत से भर गया, ‘‘क्या जरूरी है हर सांस उन की मरजी से ली जाए?’’

मां ने गौर से सारिका के चेहरे को देखा, ‘‘मुझे लग रहा है बेटा जैसे कुछ ठीक नहीं है. तुम कुछ अपसैट सी हो. क्या बात है मुझे बताओ?’’

सारिका सिर झुकाए बैठी रही. मां का अपनापन उस की चुप्पी तोड़ने को तैयार था.

‘‘बेटा, अगर मोहित से कुछ नाराजगी है, तो मिलबैठ कर गिलेशिकवे दूर कर लो. मियांबीवी में खटपट तो हो ही जाती है. ऐसे में मायके आ बैठना ठीक नहीं है.’’

‘‘तो क्या मैं कुछ दिन भी मायके में नहीं रह सकती?’’ सारिका की आवाज में तीखापन आ गया था.

‘‘क्यों नहीं रह सकतीं. यह भी तुम्हारा घर है. चाहे जब आओ, पर ऐसे झगड़ा कर के रूठ कर नहीं, राजीखुशी से,’’ मां प्यार से समझा रही थीं.

उन के ममता भरे स्पर्श से सारिका रोने को हो आई, ‘‘नहीं मां, बस मन एकदम से उचट गया. अकेले दिल घबराता है. मोहित बाहर रहते हैं और मेरा अकसर ब्लडप्रैशर लो हो जाता है, जैसे अभी हो गया था. अगर फिर से ऐसा ही हो गया तो मुझे कौन संभालेगा? बस इसीलिए ही. आप पूछ लो मोहित से, हमारा कोई झगड़ा नहीं हुआ?’’ सारिका मां के सीने से लग कर रो दी थी. अब हलकापन महसूस कर रही थी.

‘‘ओहो, इतनी सी बात है. कोई बात नहीं, पहली बार है न इसलिए ऐसा कभीकभी हो जाता है. तुम चिंता न करो, मैं मोहित से बात कर लूंगी. चलो, अब फ्रैश हो कर बाहर आ जाओ.’’

मोहित अकसर उस से मिलने आते थे. लेकिन सारिका दिल की नफरत और चेहरे की उदासीनता को कम नहीं कर पाती थी.

‘‘ओह दीदी, कितनी प्यारी गुडि़या है,’’ प्रसव के बाद जब निहारिका की चहकती आवाज उस के कानों में पड़ी तो उस के अंदर संतोष सा उतर आया. थोड़ी देर बाद वह मासूम आंखें बंद किए उस की बांहों में थी. तभी मोहित ने भी अंदर आ कर मम्मीपापा के पैर छुए तो सारिका ने आंखें बंद कर लीं.

‘‘लीजिए अपनी प्यारी गुडि़या को,’’ निहारिका ने गुडि़या को मोहित की ओर बढ़ाया तो उन्होंने झिझक कर मम्मीपापा को देखा. वे मुसकरा कर बाहर चले गए.

‘‘अब आप हमें नया सूट दिलवाएंगे और आइसक्रीम भी खिलाएंगे,’’ निहारिका मोहित के बहुत करीब खड़ी फरमाइश कर रही थी.

यह देख सारिका के तनबदन में आग लग गई. वह जोर से बोल पड़ी, ‘‘निहारिका, इतनी बड़ी हो गई है तू, अक्ल नाम की चीज नहीं है. दूर हट कर तमीज से बात कर.’’

‘‘तुम्हें क्या हो गया है?’’ मोहित ने धीमे से पूछा.

‘‘जाओ बस, मुझे आराम करना है,’’ रूखाई से कह कर सारिका ने आंखें बंद कर लीं, तो मोहित कुछ पल उसे देखते रहे फिर होंठ भींच कर बाहर निकल आए.

अस्पताल से सारिका मां के घर आ गई थी. 1 महीने बाद जब वह अपने घर वापस गई, तो उस के बदन में खून की जगह नफरत का जहर भर चुका था. अब वह अपने जहर भरे शब्दों का प्रयोग बिना हिचक करती थी. मोहित उस की हालत से दुखी थे. उस को बहुत प्यार करते थे, हर जरूरत का खयाल रखते थे पर सारिका उस दिल का क्या करती जिस में मोहित के लिए कोई नर्म कोना नहीं बचा था. वह उस इंसान को, जो उस का पति था सिर्फ अपनी बेटी की खातिर बरदाश्त कर रही थी.

अब मोहित किसी से बात करते तो वह मोहित को कुछ नहीं कहती थी, लेकिन उस औरत को जरूर तीखी बातें सुना देती थी. लड़कियां मोहित की लच्छेदार बातों से प्रभावित हो कर चहकतीं, तो सारिका की तीखी नजरें उन्हें ऐसा एहसास दिलातीं कि वे उस से दोबारा बात करने की हिम्मत न करतीं.

मोहित को वह अपनी चुप्पी से मारती थी. मोहित धीरेधीरे गुमसुम हो रहे थे और वह लड़ाका के रूप में मशहूर हो रही थी. इसी कारण मोहित ने लड़कियों, महिलाओं से घुलनामिलना बंद कर दिया था. पर सारिका जानती थी कि बीमार मस्तिष्क वाला इंसान इतनी आसानी से नहीं सुधर सकता. उसे समय चाहिए.

आज इन लड़कियों की बातें सुन कर उस के जख्म फिर से हरे हो गए थे. पर कोई नहीं जानता था कि शोख हंसतीखिलखिलाती सारिका में यह बदलाव क्यों आया था.

सारिका ने बच्ची का नाम किरण रखा था. उसे यकीन था कि उस की बेटी उस की अंधेरी जिंदगी में उजाले की किरण बन कर आएगी, जो मोहित की काली सोच के अंधेरे को भी मिटाएगी.  मोहित को एहसास दिलाएगी कि लड़कियां सिर्फ मन बहलाने का सामान नहीं होतीं. उन्हें एहसास होगा कि वे भी एक बेटी के पिता हैं, जिसे पुरुष खिलौना समझते हैं. जिन लड़कियों की नादानी और मासूमियत का मोहित ने फायदा उठाया वे भी किसी की बेटियां हैं. फिर शायद वे रिश्तों की, स्त्रीजाति की इज्जत करना सीख जाएंगे.

बेटी का अस्तित्व उन्हें उजली राह दिखाएगा, जिस से सारिका के मन की कड़वाहट भी घुल जाएगी. सारिका को पूरी उम्मीद थी कि एक दिन ऐसा अवश्य होगा.

सोने के वरक के पीछे छिपा भेड़िया – भाग 2

सारिका का दिल धड़क सा उठा. उस ने एकदम से स्वीटी को आवाज दी, तो मोहित ने अचकचा कर उसे एकदम छोड़ दिया. उस 12 साल की कमसिन लड़की को समझ ही नहीं आया कि उस के अंकल को अचानक क्या हुआ.

‘‘तुम्हें दीदी बुला रही हैं,’’ कह कर सारिका ने एक नजर मोहित पर डाली. वे कुछ घबराए से थे, जैसे चोरी करते पकड़े गए हों.

पर खाने के समय सारिका ने ध्यान दिया कि मोहित सामान्य ढंग से ही बात कर रहे थे, जबकि स्वीटी अंकलअंकल कहती उन के आगेपीछे घूम रही थी. मोहित के चेहरे पर कोई भाव नहीं था. सारिका को अपनी सोच पर शर्मिंदगी सी होने लगी थी.

धीरेधीरे मोहित की बातों का जादू सारिका के पूरे परिवार पर चल गया. शब्दों की मिठास और अपनेपन से हर कोई उन से प्रभावित हो उठता. मां तो मोहित पर निछावर थीं. उन्हें लगता था कि उन का दामाद नखरों और अकड़ से दूर बेटे जैसा है और सारिका की बहन निहारिका तो उन के आगेपीछे ही घूमती रहती. मोहित निहारिका के लिए आइसक्रीम, चौकलेट, बर्गर जैसी ढेरों चीजें ले जाते तो वह खिल उठती. दोनों जीजासाली की खूब छेड़छाड़ चलती. सारिका खुश थी कि मोहित उस के परिवार को अपना मानते हैं और खूब घुलमिल गए हैं.

पर कुछ ही समय बीता था कि मोहित की सचाई सारिका के सामने खुलने लगी. वे जबान से जितने मीठे थे, उन की सोच उतनी ही जहरीली थी. औरत उन के लिए ऐसा खिलौना थी, जो मर्दों के खेलने के लिए बनाई गई थी. उन के दिल में रिश्तों की कोई इज्जत नहीं थी. उन की मां की लापरवाही के कारण उन के पिता के मुंह से निकले अपशब्दों ने इस रिश्ते की इज्जत भी खत्म कर दी थी. फिर उन की कोई बहन भी नहीं थी. नौकरों की संगत और आजाद माहौल ने उन की सोच को गलत दिशा दे दी थी.

एक बार किसी गर्भवती स्त्री को देख उन्होंने इतना भद्दा मजाक किया कि सारिका शर्म से गड़ गई. पर उस के बाद तो जैसे मोहित की सारी झिझक खत्म हो गई. वे राह चलती लड़कियों व फिल्मी हीरोइनों पर ऐसीऐसी बातें कहते कि सारिका का खून खौल उठता, उस की नाराजगी देख कर वे बात को मजाक में टाल देते. मोहित को देख कर कोई भी यह अंदाजा नहीं लगा सकता था कि ऊपर से इतना शानदार व्यक्तित्व रखने वाला इंसान अंदर से इतनी घटिया सोच रखने वाला है. लेकिन सारिका जानती थी कि औरतों से बाहरी तौर पर बहुत सलीके से बात करने वाला यह इंसान जब सारिका से बात करने वाली महिलाओं को छिपछिप कर घूरता है, तो उस की निगाहों में क्या होता है.

वह नहीं चाहती कि ऐसी अप्रिय स्थिति कभी भूले से भी किसी के सामने आए. इसीलिए वह महल्लेपड़ोस की औरतों से ज्यादा मतलब नहीं रखना चाहती थी. न खुद किसी के घर जाती थी, न किसी का आना पसंद करती थी और लोग उसे शक्की, घमंडी व बदमिजाज कहने लगे थे.

सारिका मन से तो उदास रहती ही पर कुछ दिनों से उस का तन भी शिथिल सा होने लगा था. आखिर एक दिन चक्कर खा कर गिर ही गई, तो मोहित उसे डाक्टर के पास ले गए. चैकअप के बाद डाक्टर ने खुशखबरी होने की बधाई दी तो मोहित खुश हो गए और उस के नाजनखरे उठाने लगे. यह मत करो, वह मत करना, वजन मत उठाना जैसी ढेरों बातें. कभीकभी सारिका झुंझला भी जाती पर मोहित उस का जरूरत से ज्यादा ही खयाल रखते. लेकिन सारिका के मन में मोहित के लिए जहर भरता जा रहा था, क्योंकि मोहित ने उसे अपने दोस्तों के सामने आने से मना कर रखा था. उन के हिसाब से उन के दोस्त ऐसी स्त्रियों का मजाक बनाते हैं. दूसरों की पत्नियों को ऐसी गंदी नजर से देखने वाले को अब अपनी पत्नी की चिंता सताने लगी थी. पतिपत्नी के रिश्ते का कितना घिनौना रूप था उन के मन में. सारिका का मन कसैला हो उठता था.

पर धीरेधीरे सारिका की तबीयत ज्यादा खराब रहने लगी, तो मोहित ने निहारिका को घर के कामों में मदद के लिए बुला लिया. निहारिका चंचल लड़की थी. घर आते ही उस ने सारे काम संभाल लिए.

सारिका और मोहित दोनों के काम वह पूरे मन से करती थी. उस के आने से सारिका कुछ निश्चिंत सी हो गई थी. निहारिका अकेले में डरती थी इसलिए वह सारिका के पास ही सोती थी. काम कर के थक कर वह ऐसी बेसुध हो कर सोती कि उसे अपना ही होश नहीं रहता था कि उस के कपड़े कैसे अस्तव्यस्त हो रहे हैं. सारिका ही उस की चादर ठीक करती रहती.

मोहित बराबर वाले कमरे में सोते थे पर बाहर निकलने का रास्ता सारिका के कमरे में से ही था, इसलिए सारिका निहारिका का विशेष ध्यान रखती थी.

एक दिन मोहित किसी दोस्त के साथ घर आए और सारिका से बोले, ‘‘निहारिका से कहो चायनाश्ता ले आए. मेरा दोस्त आया है और हां, तुम मत आना.’’

सारिका निहारिका को बुलाने गई, तो देखा वह गहरी नींद में सो रही थी. उसे देख सारिका का स्नेह उमड़ आया. उस ने निहारिका को उठाने का इरादा छोड़ दिया और उसे धीरे से चूम कर रसोई में आ कर चाय बनाने लगी. चाय की ट्रे ले कर वह ड्राइंगरूम का दरवाजा खटखटाने जा ही रही थी कि अंदर से आती आवाज को सुन कर उस के हाथ थम गए.

‘‘हां, साली आई हुई है. इतनी खूबसूरत है कि मैं तो मदहोश होने लगता हूं. कभीकभी इतने करीब होती है कि सांसें रुकने लगती हैं. कयामत है यार वह भी.’’

सारिका के हाथ कांप गए, उस के कानों में धमाके होने लगे. यह आवाज तो वह लाखों में पहचान सकती थी. यह आवाज निहारिका के प्यारे जीजू की थी, जो उन्हें अपने बड़े भाई की तरह मानती थी और मोहित भी उसे बच्ची, गुडि़या कह कर बात करते थे. मोहित की स्त्रीजाति के प्रति घटिया सोच को सारिका समझती थी, लेकिन उस ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि अपनों के प्रति भी वे ऐसी ही सोच रखते हैं. यह उन की घटिया सोच का हद से गुजरना था.

‘‘क्या वह सच में बहुत हसीन है?’’ दोस्त पूछ रहा था.

‘‘हां, कच्ची कली है,’’ मोहित आह भर रहा था.

‘‘वाह यार, सामने अप्सरा है और तू तरस रहा है,’’ दोस्त बेहूदगी से हंस रहा था.

‘‘नहीं यार, मैं ऐसा कुछ नहीं कर सकता. वैसे भी वह अभी बहुत छोटी है,’’ मोहित जैसे अपनी मजबूरी पर दुखी था.

सारिका के तनमन में जैसे अंगारे सुलग उठे थे. भ्रम के सारे शीशे चूरचूर हो गए थे. वह अपने बैडरूम में आ कर पलंग पर ढह गई. उस की नजर सोती हुई मासूम बहन पर पड़ी, जो शायद सपने में भी रिश्तों के सुनहरे फ्रेम में कैद उस शैतान की असली सूरत कभी नहीं देख सकती थी. सारिका की आंखों से झरझर आंसू बह रहे थे. शर्मिंदगी से सिर झुका था और वे सारी शर्मनाक बातें उस के दिमाग पर हथौड़े की तरह चोट कर रही थीं. उसे अपना होश नहीं रहा.

‘‘क्या हुआ, क्या हुआ? आंखें खोलो,’’ मोहित उस का कंधा पकड़े हुए थे. सारिका ने आंखें खोलीं तो मोहित को देख कर उसे लगा जैसे उस के सामने भेडि़या अपनी लाल जबान बाहर निकाले लार टपकाते हुए खड़ा है. उस के मुंह से जोर की चीख निकली और फिर वह बेहोश हो गई. न जाने कितनी देर में उसे होश आया. निहारिका उस के पास ही बैठी थी. उस की आंखों में आंसू भरे थे. सारिका ने मुश्किल से खुद को संभाला. उस का सिर अभी भी दर्द से फटा जा रहा था.

आगे पढ़ें- सारिका ने प्यार से उस का हाथ थाम लिया. उस की…

सोने के वरक के पीछे छिपा भेड़िया – भाग 1

सारिका ने कभी सोचा भी न था कि शादी के बाद उस की जिंदगी इतनी बदल जाएगी. शादी से पहले वह कितनी हंसमुख व मिलनसार थी. उस की न जाने कितनी सहेलियां थीं. किसी भी उत्सव, पार्टी वगैरह में उस के जाते ही जैसे जान आ जाती थी. उस के गीत, चुटकुले, कहकहे और खूबसूरती हरेक को उस के आसपास रहने को मजबूर कर देती थी.

लेकिन अब तो वह ऐसी पार्टियों में जाने से कतराती थी. पर समाज से कट कर भी तो नहीं रहा जा सकता, इसलिए जब कभी मजबूरी में जाती भी तो ऐसी कुछ बातें उस के कानों से टकरा ही जातीं, जो उसे विचलित कर देतीं. जैसे, ‘‘मोहितजी कितने अच्छे और हंसमुख हैं और उन की बीवी… नाक पर मक्खी तक नहीं बैठने देती, हर समय उस के तेवर चढ़े रहते हैं.’’

‘‘भई, खूबसूरत भी तो बहुत है. इसी का घमंड होगा,’’ कोई कहती.

‘‘अरे मोहितजी भी किसी से कम हैं क्या? जरा भी घमंड नहीं करते,’’ तुरंत कोई उन की तरफदारी के लिए खड़ा हो जाता.

‘‘मोहितजी किसी से भी हंसतेबोलते नजर आ जाएं तो ऐसे देखती है, जैसे अभी निगाहों से ही भस्म कर देगी और सामने वाले की भी ऐसी बेइज्जती कर देती है कि वह उसे देखता ही रह जाता है,’’ एक और आवाज सारिका की बुराई में उभरी.

‘‘सुना है मोहितजी ने कालेज के किसी मेले में उसे देखा था और फिर ऐसे फिदा हुए कि उस की तलाश में जमीनआसमान एक कर दिए और फिर उसे अपनी दुलहन बना कर ही माने. फिर उस की खूबसूरती के आगे ऐसे झुके कि आज तक सिर झुकाए हुए हैं. वे कहीं फिर से किसी की खूबसूरती के आगे न झुक जाएं, यही सोच कर सारिका सैलाब आने से पहले ही उसे रोक देती है,’’ ऐसी शोख बात पर हर कोई मुसकरा उठता और सारिका मन ही मन कट कर रह जाती.

‘‘बेचारे मोहितजी, कितने शरीफ हैं. हलकी सी मुसकराहट के साथ कितनी शराफत से बात करते हैं. कभी गलत निगाह से नहीं देखते और उन की बीवी… काश, वे मुझे पहले मिल जाते तो इतने शानदार इंसान को मैं अपना बना लेती.’’

‘‘अच्छा, तो अब कोशिश कर लो. तुम भी कम खूबसूरत नहीं हो.’’

‘‘अच्छा… उन की बीवी को देखा है? जान से ही मार डालेगी मुझ को…’’

‘‘हां भई, यह तो ठीक कहती हो तुम. फिर तो हम यही शुभकामनाएं दे सकते हैं कि तुम्हें भी ऐसा ही कोई इंसान मिल जाए.’’

‘‘हां भई, हमारी भी यही कामना है,’’ शरारत भरी आवाज आती.

सारिका धीरे से गरदन मोड़ कर उन की तरफ देखती. फिर मन ही मन उन से कहती, ‘उफ यह कैसी शुभकामनाएं दे रही हो नादान लड़कियों. तुम्हारा भला तो इसी में है कि तुम्हें मोहित जैसा इंसान न मिले.’

मोहित की तारीफ सुन कर सारिका का मुंह कड़वा हो जाता. दोस्त, पड़ोसियों व रिश्तेदारों सभी की यही राय थी कि मोहित अपने नाम के अनुसार हैं. सब को अपने हंसमुख, सरल स्वभाव से आकर्षित करने वाले और सारिका हद से ज्यादा घमंडी, शक्की और बुरा व्यवहार करने वाली महिला है. इस तरह की बातें सारिका के लिए नई नहीं थीं. उसे अकसर इसी तरह की बातें किसी न किसी रूप में सुनने को मिल ही जाती थीं. सब का यही सोचना था कि मोहित एक शरीफ, जिंदादिल इंसान हैं और अपने प्यार के हाथों मजबूर हो कर पत्नी से रिश्ता निभा रहे हैं, वरना सारिका जैसी पत्नी को तो तलाक दे देना चाहिए था. हरेक की हमदर्दी मोहित के साथ थी.

मोहित का बाहरी रूप सारी दुनिया के सामने बहुत प्रभावशाली था पर पत्नी होने के नाते सारिका अच्छी तरह जानती थी कि वे किस तरह के इंसान हैं. अगर बुराई, धोखा, मन के छल और हवस का इंसानी रूप दिया जा सकता तो उस की सूरत मोहित से अलग न होती. हां, यही सोच थी सारिका की अपने पति के बारे में. वह मोहित से नफरत करती थी फिर भी अपनी बेटी के कारण ही उस के साथ रहती थी, क्योंकि वह जानती थी कि मांबाप का अलगाव बच्चों के लिए बहुत दुखदायी होता है. इस से उन का सही विकास नहीं हो पाता. वह अपनी बेटी को सशक्त और सफल इंसान के रूप में देखना चाहती थी.

सारिका के मन में, बातों में कड़वाहट का कारण मोहित ही थे. पहले सारिका उन्हें बहुत अच्छा इंसान मानती थी. उसे याद था कि जब मोहित की तरफ से उस के लिए रिश्ता आया था, तो वह हैरान रह गई थी. उन के दोस्त की बीवी ने जब उस के प्रति मोहित की दीवानगी का बखान किया था तब सारिका ने हैरानी से आईने से पूछा था कि क्या मैं सच में इतनी सुंदर हूं?

मोहित अकेले रहते थे. अपना घर, शानदार नौकरी, कंपनी से मिली गाड़ी. उन के बारे में सारिका के पापा ने अच्छी तरह जानकारी लेने के बाद संतुष्ट हो कर रिश्ते के लिए हां कर दी थी.

और जब बरात सारिका के दरवाजे पर आई तो देखने वाले ‘वाह’ कर उठे. कामदार शेरवानी में मोहित चांद की तरह चमक रहे थे. महिलाओं और लड़कियों में मोहित की स्मार्टनैस के ही चर्चे थे. खूबसूरती में तो सारिका भी कम नहीं थी. इस लुभावनी जोड़ी पर से लोगों की आंखें नहीं हट रही थीं.

शादी के बाद सारिका ने जाना कि वाकई मोहित कमाल के इंसान हैं. वे देखने में तो खूबसूरत थे ही, उन की बातें भी बहुत खूबसूरत होती थीं. यों भी मोहित से पहले सारिका के मन में किसी और का खयाल नहीं आया था, इसलिए जल्दी ही मोहित के प्यार में रचबस कर वह खुद को दुनिया की सब से सुखी पत्नी समझने लगी थी.

घर में ज्यादा काम तो था नहीं. सफाई, बरतन, कपड़ों का काम नौकरानी ही कर जाती थी. मोहित ने तो कहा था कि खाना बनाने वाली भी रख लो, तुम्हें कोई काम करने की जरूरत नहीं, पर सारिका ने रसोई का काम खुद ही संभाल लिया था. मोहित का ध्यान रखना उसे अच्छा लगता था. इस से उस का समय भी आसानी से गुजर जाता, वरना घर में और था ही कौन?

मोहित के मातापिता में जल्दी ही अलगाव हो गया था. उस की मां उसे बचपन में ही पिता के हवाले कर कर किसी पूर्व प्रेमी के साथ चली गई थीं. फिर मोहित की देखभाल नौकरों के हवाले कर दी गई. पत्नी की बेवफाई के दुख ने उस के पिता को नशे का आदी बना दिया, जिस के चलते वे बहुत ही कम समय में दुनिया से चल बसे थे. पर सारिका जानती थी कि मोहित की परवरिश सही तरीके से न होने का प्रभाव उस की जिंदगी में उथलपुथल मचा देगा.

एक बार मोहित के रिश्ते की बहन मिलने आईं, तो सारिका को बहुत अच्छा लगा था. उस ने जोर डाल कर उन्हें रात के खाने तक रोक लिया था. दीदी की 12 साल की बेटी बहुत चुलबुली थी. सारे घर में चहकती फिर रही थी. घर में रौनक सी हो गई थी. मोहित भी दीदी से बातों में व्यस्त थे. फिर दीदी सारिका के पास रसोई में आ गईं और बेटी स्वीटी के कहने पर मोहित उसे छत पर ले गए. उन की हंसी की आवाजें रसोई तक आ रही थीं. कुछ देर बाद सारिका उन्हें बुलाने सीढि़यों पर चढ़ी तो देखा मोहित स्वीटी की कमर में हाथ डाले उस से सट कर खड़े थे. स्वीटी इधरउधर हाथ से इशारा कर के अपनी बात कहने में लगी थी, पर मोहित की आंखें भूखे भेडि़ए की तरह उसे देख रही थीं.

आगे पढ़ें – सारिका का दिल धड़क सा उठा. उस ने एकदम से