मैं ने गाड़ी उस की कार के आगे रोकी. हम दोनों अपनी कार से बाहर आ गए. हम ने अपने हथियार निकाल लिए और उन का रुख कार की तरफ कर दिया. वह कार में अपनी सीट पर बैठी रही.
‘‘अपने हाथ ऊपर उठाओ और कार से बाहर आओ.’’ मैं ने सख्ती से कहा, तो वह हैरान सी कार के बाहर आ गई. मोंक की पिस्तौल उस पर तनी हुई थी, इसलिए मैं ने अपनी पिस्तौल होलस्टर में रख ली और उसे हथकड़ी डालते हुए कहा, ‘‘तुम्हें कत्ल के इलजाम में गिरफ्तार किया जा रहा है.’’
‘‘मैं नहीं मानती, तुम यह कैसे कह सकते हो कि मैं ने कत्ल किया है?’’
‘‘हम पुलिस वाले हैं, सोचसमझ कर हाथ डालते हैं.’’ मोंक ने कहा.
सूचना पा कर रेमंड 20 मिनट में वहां पहुंच गए. जबकि फोरेंसिक टीम और पैरामैडिकल स्टाफ उन से पहले ही वहां पहुंच गए थे. इन्हें मैं ने बुलवाया था. ऊंचे ओहदे पर होने के बावजूद रेमंड का रवैया बड़ा दोस्ताना था. उन्होंने दोनों कारों को देखा. दोनों में काफी टूटफूट हो चुकी थी. कीसले को एंबुलेंस में बैठा लिया गया था.
रेमंड ने एंबुलेंस में बैठी कीसले पर नजर डाली. फिर वह मोंक से मुखातिब हुआ. ‘‘कमाल हो गया, किसी को मालूम भी नहीं कि कोई कत्ल हुआ है और तुम ने कातिल को पकड़ लिया. यह काम सिर्फ तुम ही कर सकते हो.’’
‘‘शुक्रिया चीफ.’’ मोंक ने उस के व्यंग्य पर ध्यान नहीं दिया.
‘‘लेकिन मोंक तुम्हारे पास कोई सुबूत नहीं है. अगर लाश मिल जाती तो गिरफ्तारी हो सकती है, ऐसे नहीं.’’ रेमंड ने कहा.
‘‘उस का इस तरह गाड़ी ले कर भागना उस का जुर्म साबित करता है.’’ मैं ने कहा, तो रेमंड बोले, ‘‘नहीं गाड़ी ले कर भागने के कई कारण हो सकते हैं. तुम इसे इकबाले जुर्म नहीं कह सकते.’’
‘‘चीफ जब हम ने उस पर कत्ल का इल्जाम लगाया, तो उस ने हैरान हो कर कहा था, ‘तुम्हें कैसे पता चला?’
रेमंड ने बात काटी, ‘‘अगर यह इकबाले जुर्म है तो क्या उस ने तुम्हें बताया कि लाश कहां दफन है?’’
‘‘नहीं, न तो उस ने जुर्म कुबूल किया और न ही यह बताया कि उस के शौहर की लाश कहां दफन है?’’ मैं ने कहा, तो मोंक ने दखल दिया, ‘‘मैं साबित कर सकता हूं कि इस औरत ने अपने शौहर का कत्ल किया है.’’
मोंक ने डिटेल में बताया, ‘‘औरत की हथेली पर छाला, शादी की अंगूठी का न होना, सिरके की बोतल, काले बैग का टुकड़ा और गाड़ी के बंपर पर लगा कीचड़, ये सारे सुबूत हैं.’’
मोंक की बातें सुनने के बाद रेमंड सोच में पड़ गए. पलभर बाद बोले, ‘‘मोंक मैं तुम से सहमत हूं. पर इन सब तथ्यों पर न तो हम कत्ल का केस बना सकते हैं और न कत्ल की बात साबित कर सकते हैं. अच्छा यह बताओ, जब कीसले की गाड़ी की रफ्तार ज्यादा नहीं थी तो तुम ने गाड़ी क्यों रोकी?’’
‘‘उस की कार बहुत गंदी थी.’’ मोंक ने जवाब दिया, तो रेमंड अपना सिर पीटते हुए बोले, ‘‘मोंक गाड़ी गंदी होना गैरकानूनी नहीं है, इस के लिए हम कोई एक्शन नहीं ले सकते. मुझे लगता है कि तुम मेरी नौकरी खत्म करवा कर दम लोगे. यह बहुत अमीर औरत है और हम पर दावा दायर कर सकती है. वैसे भी उसे कातिल साबित करने के लिए हमारे पास कोई सुबूत नहीं हैं.’’
‘‘मि. रेमंड, क्या लाश मिलने पर आप की तसल्ली हो सकती है?’’ मोंक ने पूछा.
‘‘हां मोंक, लाश मिलने से हमारी पोजीशन मजबूत हो जाएगी.’’ रेमंड ने कहा, तो मोंक बोला, ‘‘मुमकिन है, इस सिलसिले में कीसले मुंह न खोले, लेकिन उस की कार सब बता देगी.’’
मोंक कुछ सोचते हुए कीसले की कार की तरफ बढ़ा. मैं और रेमंड उस के पीछे थे. रेमंड ने जल्दी से कहा, ‘‘बिना वारंट के हम उस की गाड़ी का जीपीएस सिस्टम नहीं देख सकते मि. मोंक.’’
‘‘मुझे यह जानने की जरूरत नहीं है कि कार कहां से आ रही है.’’ मोंक ने पूरे विश्वास से कहा. फिर वह घूमघूम कर बारीकी से गाड़ी की जांच करने लगा.
गाड़ी पर निगाह जमाएजमाए उस ने कहा, ‘‘गाड़ी के निचले हिस्से और टायरों पर जो कीचड़ लगा है, उस पर पत्ते भी हैं. इस का मतलब यह कि गाड़ी जंगल की तरफ गई थी. जब हम ने कार रोकी थी तो उस पर लगा कीचड़ गीला थी. हवा, मौसम और गर्मी को देखते हुए यह अंदाज लगाना मुश्किल नहीं है कि कब्र यहां से 5-6 मिनट की ड्राइव के फासले पर होगी.’’
‘‘चलो मान लिया कि लाश यहां से 5 मिनट के फासले पर है, पर उस तक पहुंचा कैसे जाएगा?’’ मैं ने पूछा.
‘‘स्नेक की तलाश करने के बाद हम वहां तक पहुंच सकते हैं.’’
‘‘बीच में यह स्नेक कहां से आ गया?’’ रेमंड ने जल्दबाजी में पूछा.
‘‘कीसले ने स्नेक पर गाड़ी चढ़ा दी थी और वह टायरों के नीचे कुचल कर मर गया. मुझे इस की अगलीपिछली साइड के पहियों पर स्नेक के टुकड़े नजर आ रहे हैं. शायद वह गाड़ी के नीचे आने के पहले मर चुका था.’’
‘‘पर तुम यह कैसे कह सकते हो कि स्नेक लाश दफन कर के वापस लौटते समय कीसले की गाड़ी से कुचला गया?’’
‘‘स्नेक के गोश्त के पीस कीचड़ के ऊपर लगे हैं, नीचे नहीं. इस का मतलब पहले कीचड़ लगा फिर स्नेक कुचला गया. अगर हम मरे हुए स्नेक को तलाश लें, तो मालूम हो जाएगा कि हम सही दिशा की तरफ जा रहे हैं.’’
‘‘लेकिन इस से यह कैसे जान सकेंगे कि वहां से आगे कहां जाना है?’’ रेमंड ने पूछा तो मोंक ने कार के पहिए की तरफ इशारा कर के कहा, ‘‘इस से अंदाजा होता है कि कीसले कार बहुत तेज रफ्तार से चला रही थी. जब वह एक तंग और कच्चे रास्ते पर मुड़ी, तो उस की कार किसी झाड़ या खंभे से टकरा गई, जिस से दाईं ओर की लाइट टूट गई.
‘‘इस टूटी हुई लाइट के अंदर भी कीचड़ लगा है. इस का मतलब लाइट कीचड़ में जाने के पहले टूटी थी. अब हमें बस, यह करना है कि हाईवे पर 5 किलोमीटर वापस जा कर एक मरे हुए स्नेक, कच्ची धूल भरी सड़क और किसी ऐसे खंभे या झाड़ को तलाशना है, जिस पर कार के रंग के लाल निशान हो. हमें अपनी सही दिशा मिल जाएगी. वहां हमें लाइट के टुकड़े और कीचड़ पर गाड़ी के टायरों के निशान भी मिल जाएंगे.’’
इस पर रेमंड बोले, ‘‘फिर तुम लोग यहां क्या कर रहे हो? लाश की तलाश क्यों नहीं शुरू करते? जब मिल जाए तो मुझे खबर कर देना.’’



