एक और युग का अंत

एक और युग का अंत – भाग 3

राजेश की ऊपर की कमाई तो पहले ही बंद हो चुकी थी, अब नौकरी भी चली गई. दूसरी नौकरी के लिए उस ने बहुत कोशिश की, लेकिन कहीं जुगाड़ नहीं बन सका. कहीं कोई उम्मीद भी नजर नहीं आ रही थी. मौजमजे की जिंदगी जी रहा राजेश दवरे एक एक पैसे के लिए मोहताज हो गया. उस का अपना और घर का खर्च कैसे चले, इस बात को ले कर वह परेशान रहने लगा.

अपनी इस स्थिति के लिए राजेश डा. मुकेश चांडक और उन के बेटे युग को जिम्मेदार मान रहा था. उसे लगता था कि यह सब युग की वजह से हुआ है. वह इस बात को हजम नहीं कर पा रहा था. उसे डा. मुकेश चांडक और युग से पहले ही नफरत थी. कहीं कामधाम न मिलने की वजह से धीरेधीरे वह बढ़ती ही गई और हालात यह हो गए कि वह डा. मुकेश चांडक से अपमान का बदला लेने और युग को उस के किए की कठोर से कठोर सजा देने के बारे में सोचने लगा.

इसी सोचनेविचारने में उस के दिमाग में युग के अपहरण की बात आ गई. उस ने सोचा कि युग का अपहरण कर के वह उसे खत्म कर देगा. उस के बाद फिरौती के रूप में डाक्टर से मोटी रकम वसूल करेगा. इस से बाप बेटे दोनों को सबक मिल जाएगा.

राजेश दवरे की यह योजना खतरनाक तो थी ही, उस के अकेले के वश की भी नहीं थी. इस के लिए उसे एक साथी की जरूरत थी. उस ने साथी की तलाश शुरू की तो उस की नजर अपने दोस्त अरविंद सिंह पर टिक गई. उस ने उसे अपनी योजना समझा कर मोटी रकम का लालच दिया तो वह उस का साथ देने को तैयार हो गया.

राजेश दवरे ने अरविंद से कहा था कि युग का अपहरण कर के वह डा. मुकेश चांडक से 15 करोड़ रुपए फिरौती में वसूल करेगा. इस से उस का बदला भी पूरा हो जाएगा और मिली हुई रकम से दोनों पार्टनशिप में एक अच्छा सा होटल खरीदेंगे, जिस में बीयर बार खोल कर दोनों मौजमस्ती करेंगे.

25 वर्षीय अरविंद सिंह राजेश दवरे के पड़ोस में ही रहता था. उस का परिवार काफी संपन्न था, लेकिन आवारा दोस्तों के साथ रहने की वजह से वह बिगड़ गया था. राजेश के साथ रहते हुए उसे भी मौजमस्ती का शौक लग गया था. इसीलिए वह राजेश के बहकावे में आ गया था. राजेश को डा. मुकेश चांडक के बारे में सब पता था. वह जानता था कि डा. चांडक अपने लाडले बेटे युग के लिए आसानी से 10-15 करोड़ रुपए दे देगा.

अरविंद तैयार हो गया तो युग को उठाने की जिम्मेदारी राजेश ने उसे ही सौंपी. क्योंकि उसे युग और सोसायटी के गार्ड पहचानते थे. वह यह भी जानता था कि युग उस के साथ कभी नहीं जाएगा. इसलिए उस ने अरविंद को युग के बारे में सब कुछ समझा कर उसे धोखा देने के लिए अपनी वह शर्ट दे दी, जो उसे क्लिनिक में काम करते समय पहनने को दी गई थी.

1 सितंबर को अरविंद सिंह पूरी तैयारी कर के अपनी स्कूटी से उस सोसायटी में जा पहुंचा, जिस में डा. चांडक परिवार के साथ रहते थे. उस समय दिन के पौने 4 बज रहे थे. उस ने सोसायटी के गार्ड से युग के बारे में पूछा. तब तक युग स्कूल से आया नहीं था. अरविंद की यही गलती गिरफ्तारी की वजह बनी. गार्ड ने उसे बताया था कि युग 4 बजे आएगा. 4 बजे युग की स्कूल बस आई तो वह स्कूटी ले कर उस के पास जा पहुंचा.

बस से उतर कर युग घर की ओर बढ़ा तो अरविंद ने उस के सामने आ कर कहा, ‘‘युग जल्दी चलो, तुम्हारे पापा ने तुम्हें बुलाया है.’’

चूंकि अरविंद डा. मुकेश चांडक की क्लिनिक में पहनी जाने वाली शर्ट पहने था, इसलिए युग को उस पर सहज ही विश्वास हो गया. उस ने अपना स्कूल बैग सिक्योरिटी गार्ड की खाली पड़ी कुर्सी पर फेंका और अरविंद सिंह की स्कूटी पर कूद कर बैठ गया. अरविंद उसे ले कर सोसायटी के बाहर रास्ते में खड़े राजेश के पास जा पहुंचा. युग कुछ समझ पाता, उस के पहले ही राजेश दवरे ने क्लोरोफार्म में भीगी रूमाल उस की नाक पर रख दी, जिस से वह बेहोश हो गया. इस के बाद वह पीछे बैठ गया.

राजेश दवरे और अरविंद सिंह ने युग का अपहरण तो आसानी से कर लिया, लेकिन अब उसे वे छिपा कर रखे कहां, इस की उन के पास कोई व्यवस्था नहीं थी. इसलिए उन्होंने उसे तुरंत ठिकाने लगाने यानी खत्म करने की योजना बना डाली. वे उस की हत्या करने के इरादे से उसे शहर से बाहर खापरघेड़ा की ओर ले कर चल पड़े.

शहर से 20 किलोमीटर दूर लोणखेरी पहुंचतेपहुंचते अंधेरा हो चुका था. उन्हें इस बात का भी डर सता रहा था कि अगर युग को होश आ गया तो संभालना मुश्किल हो जाएगा. इसलिए वे जल्द से जल्द युग को ठिकाने लगा देना चाहते थे.

लोणखेरी के पास सड़क पर उन्हें एक पुल दिखाई दिया तो उन्होंने स्कूटी रोक दी. वह स्थान सुनसान था. युग को उठा कर दोनों पुल के नीचे ले गए. अब तक युग को होश आ गया था. वह समझ गया कि वे उसे वहां क्यों ले आए हैं. वह रोते हुए प्राणों की भीख मांगने लगा. लेकिन नफरत की आग में जल रहे राजेश दवरे को उस मासूम पर बिलकुल दया नहीं आई और गला दबा कर उस ने उसे मार डाला.

युग को मौत के घाट उतार कर उन्होंने स्कूटी में रखे पेचकस से एक गड्ढा खोदा और शव को उसी में रख कर ढंक दिया. युग की हत्या करने के बाद उन्होंने डा. चांडक को फोन कर के 15 करोड़ की फिरौती मांगी, लेकिन वे रकम लेने की जगह तय कर पाते, उस के पहले ही पकड़ लिए गए.

पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि फिल्म इनकार में जिस तरह फिरौती की रकम ली गई थी, उसी तरह वे फिरौती की रकम लेना चाहते थे. फिल्म में फिरौती की रकम बैग में भर कर चलती ट्रेन से फेंकने की बात दिखाई गई थी. पुलिस ने दोनों को साथ ले जा कर पुल के नीचे से युग का शव बरामद कर लिया था, जिसे पोस्टमार्टम के बाद घर वालों की सौंप दिया गया था.

पूछताछ के बाद इंसपेक्टर सुधीर नंदनवार ने राजेश दवरे और अरविंद सिंह को थाना लकड़गंज पुलिस के हवाले कर दिया. थाना लकड़गंज के थानाप्रभारी एस.के. जैसवाल ने वह स्कूटी भी बरामद कर ली थी, जिस से उन्होंने युग का अपहरण किया था.

इस के बाद दोनों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कर के अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. नागपुर के पुलिस कमिश्नर ने थाना गणेशपेढ की पुलिस टीम को 5 हजार रुपए का नकद इनाम दे कर सम्मानित किया था, क्योंकि इस टीम ने मात्र 12 घंटे में इस मामले को सुलझा लिया था.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

एक और युग का अंत – भाग 2

उन्होंने अपनी टीम के साथ डा. मुकेश चांडक के घर और डेंटल क्लिनिक से अपहर्त्ता की खोज शुरू की. उन्हें लग रहा था कि युग के अपहरण में निश्चित रूप से ऐसा कोई आदमी शामिल है, जो इस परिवार के बारे में सब कुछ अच्छी तरह से जानतापहचानता है.

इसी बात को ध्यान में रख कर इंसपेक्टर सुधीर नंदनवार ने डा. मुकेश चांडक के घर और क्लिनिक में काम करने वाले सभी नौकरों के अलावा सोसायटी के सभी सिक्योरिटी गार्डों से भी लंबी पूछताछ की. इसी पूछताछ में उन्हें एक ऐसा सुराग मिला, जिस ने उन्हें युग के अपहर्त्ताओं तक पहुंचा दिया.

सोसायटी के एक सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें बताया, ‘‘सर, पौने चार बजे के आसपास सोसायटी के अंदर एक लड़का आया था, जो युग के बारे में पूछ रहा था. वह डा. मुकेश चांडक की क्लिनिक की शर्ट पहने था, इसीलिए उस पर किसी तरह का संदेह नहीं किया जा सका था.’’ इंसपेक्टर सुधीर नंदनवार को इस तरह एक अहम सुराग मिल गया था.

उन्होंने तुरंत डा. मुकेश चांडक की क्लिनिक पर काम करने वाले सभी लड़कों को बुला कर उस गार्ड के सामने खड़ा किया तो वह युवक उन में नहीं था. इस से साफ हो गया कि युग के अपहरण में उसी युवक का हाथ था, जो उन की क्लिनिक की शर्ट पहन कर आया था.

अब पुलिस को यह पता करना था कि उस युवक को डा. मुकेश चांडक की क्लिनिक में काम करने वाले लड़के जो शर्ट पहनते हैं, वह उसे कहां से मिली. या तो वह पहले उन की क्लिनिक में काम कर चुका था या फिर क्लिनिक में काम करने वाले किसी लड़के ने उसे वह शर्ट दी थी?

थानाप्रभारी सुधीर नंदनवार ने डा. मुकेश चांडक की क्लिनिक पर काम करने वाले सभी नौकरों से पूछताछ की. उन में से उन्हें कोई संदिग्ध नजर नहीं आया. इस का मतलब वह कोई बाहरी आदमी था. निश्चित ही उस की डाक्टर साहब से कोई दुश्मनी रही होगी. पुलिस चक्कर में पड़ गई कि डा. मुकेश चांडक का ऐसा कौन दुश्मन हो सकता है, जिस ने उन के बेटे का अपहरण किया है.

थानाप्रभारी सुधीर नंदनवार ने डा. मुकेश चांडक से इस बारे में पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने राजेश दवरे नामक युवक को डांटफटकार कर नौकरी से निकाल दिया था. उस का पता डा. मुकेश चांडक के पास था ही, थानाप्रभारी सुधीर नंदनवार ने देर किए बगैर राजेश दवरे के घर पर छापा मार कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

थाने ला कर राजेश दवरे से पूछताछ शुरू हुई तो काफी देर तक वह स्वयं को निर्दोष बताता रहा. उस का कहना था कि वह युग का अपहरण क्यों करेगा? लेकिन पुलिस को पूरा विश्वास था कि यह काम उसी ने किया है, इसलिए जब पुलिस ने उस के साथ थोड़ी सख्ती की तो उस ने युग के अपहरण और हत्या की सच्चाई उगल दी.

राजेश दवरे ने डा. मुकेश चांडक द्वारा किए गए अपमान का बदला लेने के लिए अपने दोस्त अरविंद सिंह की मदद से उन के बेटे युग का अपहरण कर के हत्या कर दी थी. हत्या के बाद उस ने डाक्टर से एक मोटी रकम वसूल करने की साजिश भी रची थी. इस के बाद पुलिस ने उस के साथी अरविंद सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया था. लेकिन फिरौती की रकम वसूलने के पहले ही पकड़ा गया था. पुलिस पूछताछ में राजेश दवरे ने युग के अपहरण और हत्या के पीछे जो कहानी सुनाई, वह कुछ इस प्रकार थी.

22 वर्षीय राजेश दवरे अपने भाईबहनों के साथ नागपुर वांजरी लेक आउट में रहता था. घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से वह 12वीं तक ही पढ़ सका था. पैसे के की वजह से वह आगे की पढ़ाई नहीं कर सका तो कंप्यूटर सीख लिया और गुजरबसर के लिए छोटीमोटी नौकरी ढूंढ़ने लगा.

राजेश को कहीं से पता चला कि दंत चिकित्सक डा. मुकेश चांडक की डेंटल क्लिनिक में कंप्यूटर औपरेटर की जरूरत है तो वह उन के यहां जा पहुंचा. बातचीत से वह तेजतर्रार और व्यवहारकुशल लगा तो डा. मुकेश चांडक ने उसे अपने यहां रख लिया. क्लिनिक में उस का काम मरीजों से फीस लेना और उन्हें टोकन देना था. डा. साहब के यहां से उसे इतना वेतन मिल जाता था कि उस का खर्च आराम से चल जाता था. अपनी इस नौकरी से वह खुश भी था.

कुछ दिनों तक तो राजेश दवरे ने अपना काम पूरी ईमानदारी के साथ किया. इस बीच उस ने डा. मुकेश चांडक के दिल में अपने लिए जगह भी बना ली. लेकिन जब उस ने देखा कि डाक्टर साहब उस पर कुछ ज्यादा ही विश्वास करने लगे हैं तो वह पैसों की हेराफेरी करने लगा.

क्लिनिक में मरीजों की भीड़भाड़ और उन से बरसती दौलत देख कर राजेश के मन में बेईमानी करने की बात आने लगी. वह क्लिनिक में आने वाले मरीजों के बिलों में हेराफेरी कर के अधिक पैसे वसूल करने लगा. इस के अलावा वह कुछ लोगों से फीस के अलावा भी कुछ पैसे ले कर उन्हें बिना नंबर के ही एंट्री दे देता. यही नहीं, वह कुछ मरीजों से फीस तो ले लेता था, लेकिन उसे चढ़ाता नहीं था.

इस तरह हेराफेरी कर के राजेश रोजाना 3-4 सौ रुपए अलग से कमाने लगा था. इन पैसों को वह घर में देने के बजाय दोस्तों के साथ बीयर बारों में जा कर अय्याशी करता था. बार डांसरों पर उड़ाता, उन के साथ मौजमस्ती करता. इस ऊपर की कमाई से राजेश और उस के दोस्तों की बल्लेबल्ले थी.

लेकिन यह भी सच है कि बुराई कोई भी हो, वह अधिक दिनों तक छिपी नहीं रहती. यही राजेश दवरे के साथ हुआ. युग देखने में भले छोटा था, लेकिन दिमाग का काफी तेज था. कंप्यूटर पर उस का दिमाग कंप्यूटर की ही तरह चलता था. स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह अकसर क्लिनिक आ जाता और कंप्यूटर पर गेम खेलता रहता. गेम खेलने के दौरान ही उस ने राजेश की हेराफेरी पकड़ ली थी और डा. मुकेश चांडक से पूरी बात बता दी थी.

जब राजेश दवरे की हेराफेरी की जानकारी डा. मुकेश चांडक को हुई तो उन्होंने उसे पूरे स्टाफ के सामने काफी डांटा फटकारा. लेकिन नौकरी से नहीं निकाला, सिर्फ चेतावनी दे कर छोड़ दिया. डा. मुकेश चांडक तो इस बात को भूल गए. लेकिन राजेश नहीं भूला, क्योंकि एक तो उस की कमाई बंद हो गई थी, दूसरे पूरे स्टाफ के सामने उस की काफी बेइज्जती हुई थी. इसलिए वह इस बात को भुला नहीं पा रहा था. इस सब की वजह युग था, इसलिए उसे युग से नफरत हो गई थी.

धीरेधीरे नफरत की यह आग इतनी तेज होती गई कि वह युग को सबक सिखाने के बारे में सोचने लगा. शायद इसी वजह से एक दिन उस ने किसी बात पर नाराज हो कर युग को एक तमाचा भी मार दिया. जब इस बात की जानकारी डा. मुकेश चांडक को हुई तो उन्होंने पहले तो राजेश को खूब खरीखोटी सुना कर अपमानित किया, उस के बाद नौकरी से निकाल दिया. यह इसी साल अगस्त महीने की बात थी.

एक और युग का अंत – भाग 1

महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर के थाना खकड़गंज के अंतर्गत आने वाली गुरुवंदन सोसायटी में रहने वाले डा. मुकेश चांडक के परिवार में पत्नी डा. प्रेमल चांडक के अलावा 2 बेटे ध्रुव और युग थे.

11 साल का ध्रुव छठवीं कक्षा में पढ़ता था तो 8 साल का युग तीसरी कक्षा में. मुकेश चांडक और प्रेमल चांडक दोनों ही दांतों के अच्छे डाक्टर थे, इसलिए उन की क्लिनिक भी बहुत अच्छी चलती थी.

उन की क्लिनिक भले ही सोसायटी से मात्र 5 मिनट की दूरी पर सैंट्रल एवन्यू रोड पर स्थित दोसर भवन चौराहे पर थी, लेकिन पतिपत्नी इतने व्यस्त रहते थे कि डा. मुकेश चांडक तो सुबह के गए देर रात को ही घर आ पाते थे, जबकि डा. प्रेमल को बच्चों को भी देखना होता था, इसलिए उन्हें बच्चों के लिए समय निकालना ही पड़ता था.

पति के अति व्यस्त होने की वजह से घरपरिवार की सारी जिम्मेदारी डा. प्रेमल चांडक को ही निभानी पड़ती थी, जिसे वह बखूबी निभा भी रही थीं. पत्नी की ही वजह से डा. मुकेश चांडक निश्चिंत हो कर सुबह से ले कर देर रात तक अपनी क्लिनिक पर बैठे रहते थे. उन का भरापूरा परिवार तो था ही, ठीकठाक आमदनी होने की वजह से वह सुखी और संपन्न भी थे.

पढ़ालिखा परिवार था, इसलिए बच्चे भी अपनी उम्र के हिसाब से कुछ ज्यादा ही होशियार और समझदार थे. दोनों भाई वाठोड़ा के सैंट्रल प्वाइंट इंगलिश स्कूल में पढ़ते थे. डा. प्रेमल चांडक को भले ही दोगुनी मेहनत करनी पड़ती थी, लेकिन वह भी खुश थीं. घर की जिम्मेदारी निभाने के साथसाथ वह क्लिनिक की जिम्मेदारी निभा रही थीं.

उस दिन डा. प्रेमल चांडक बच्चों के स्कूल से आने के समय क्लिनिक से घर लौट रही थीं तो सोसायटी के गेट पर खड़े सिक्योरिटी गार्ड ने जब उन्हें युग का स्कूल बैग थमाया तो उन्होंने गार्ड से पूछा, ‘‘युग कहां है?’’

‘‘शायद वह क्लिनिक पर गया होगा, क्योंकि बैग देते समय उस ने कहा था कि वह पापा के पास जा रहा है.’’ गार्ड ने कहा.

यह कोई नई बात नहीं थी. अक्सर वह सिक्योरिटी गार्ड को बैग दे कर क्लिनिक पर चला जाता था और वहां कंप्यूटर पर गेम खेलता रहता था. इसलिए डा. प्रेमल ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया और यह सोच कर घर के कामों में लग गईं कि गेम खेल कर युग स्वयं ही समय पर घर आ जाएगा.

लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी युग घर नहीं आया तो डा. प्रेमल को हैरानी हुई. क्योंकि अब उन के भी क्लिनिक जाने का समय हो रहा था. युग जब क्लिनिक पर जाता था, उन के जाने के पहले ही आ जाता था. उन्होंने बड़े बेटे ध्रुव से उस के बारे में पूछा तो वह भी कुछ नहीं बता सका. बच्चा छोटा था, इसलिए प्रेमल घबरा गईं. उन्होंने पति को फोन किया तो पता चला कि युग वहां नहीं है.

डा. प्रेमल को लगा कि वह सोसायटी के अपने किसी दोस्त के यहां चला गया होगा. उन्होंने उस की तलाश सोसायटी में की. वह सोसायटी में भी नहीं मिला तो सोसायटी के गेट पर ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्डों से एक बार फिर उन्होंने उस के बारे में पूछा. वे भी युग के बारे में कुछ नहीं बता सके. जब युग का कहीं कुछ पता नहीं चला तो उन्हें घबराहट होने लगी.

बेटे के इस तरह अचानक गायब हो जाने से डा. प्रेमल रोने लगीं. यही हाल ध्रुव का भी था. बेटे के गायब होने की सूचना पा कर डा. मुकेश चांडक भी घर आ गए थे. उन्होंने सांत्वना दे कर पत्नी तथा बेटे को चुप कराया और खुद युग की तलाश में लग गए. उन का सोचना था कि छोटा सा बच्चा सोसायटी और क्लिनिक के अलावा और कहां जा सकता है.

डा. मुकेश चांडक के साथ घर के नौकर चाकर और सोसायटी के कुछ लोग भी युग की तलाश में लगे थे. जैसेजैसे समय बीत रहा था, सब की घबराहट बढ़ती जा रही थी. लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी जब युग के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो डा. मुकेश चांडक भी रो पड़े.

पूरी रात डा. मुकेश चांडक और उन के शुभचिंतक युग की तलाश करते रहे. जब इस तलाश का कोई लाभ नहीं मिला तो सलाह कर के तय किया गया कि अब पुलिस की मदद लेनी चाहिए. इस के बाद डा. मुकेश पत्नी और अपने कुछ शुभचिंतकों के साथ थाना लकड़गंज पहुंचे. थानाप्रभारी इंसपेक्टर एस.के. जैसवाल को युग का सारा विवरण दे कर उस की गुमशुदगी दर्ज करा दी गई.

मामला हाईप्रोफाइल परिवार से जुड़ा था, इसलिए थानाप्रभारी इंसपेक्टर एस.के. जैसवाल ने तुरंत इस बात की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के साथसाथ पुलिस कंट्रोल रूम को भी दे दी. बच्चे की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर के.के. पाठक और एडिशनल पुलिस कमिश्नर निर्मला देवी थाना लकड़गंज पहुंच गईं.

दोनों ही पुलिस अधिकारियों ने तत्काल नागपुर शहर के सभी थानों के थानाप्रभारियों को बुला कर मीटिंग की और जांच की एक रूपरेखा तैयार की. सिर्फ रूपरेखा ही नहीं तैयार की गई, बल्कि बच्चे की तलाश की जिम्मेदारी शहर के सभी थानों की पुलिस को सौंप दी गई. इस की वजह यह थी कि इस के पहले कुश कटारिया और हरेकृष्ण ठकराल की अपहरण कर के हत्या कर दी गई थी.

इस के बाद शहर में जिस तरह हंगामा होने के साथ पुलिस की किरकिरी हुई थी, वैसा कुछ पुलिस युग चांडक के मामले में नहीं होने देना चाहती थी. इसी वजह से शहर के सभी थानों की पुलिस, पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में युग चांडक की तलाश में सरगर्मी से लग गई.

डा. मुकेश चांडक संभ्रांत और प्रतिष्ठित आदमी थे. उन की आर्थिक स्थिति भी काफी मजबूत थी. इस बात की जानकारी उन के नौकरोंचाकरों को ही नहीं, सोसायटी में काम करने वाले अन्य नौकरों तथा सिक्योरिटी गार्डों को भी थी. इस से पुलिस को यही लगा कि डा. मुकेश के बेटे युग का अपहरण या तो फिरौती के लिए किया गया है या फिर किसी ने दुश्मनी निकालने के लिए उसे उठा लिया है.

वैसे ज्यादा संभावना यही थी कि किसी ने मोटी रकम वसूलने के लिए युग का अपहरण किया है. लेकिन जब तक फिरौती के लिए कोई फोन न आ जाए, तब तक इस बात पर भी विश्वास नहीं किया जा सकता था. पुलिस इस बात पर विचार कर ही रही थी कि अपहर्त्ता का फोन आ गया. उस ने युग को सकुशल रिहा करने के लिए डा. मुकेश चांडक से 15 करोड़ रुपए मांगे थे.

अपहरण का मामला सामने आते ही पुलिस अधिकारियों के कान खड़े हो गए. इस के बाद सभी पुलिस अधिकारी अपनेअपने अनुभव के अनुसार अपने सहयोगियों के साथ मिल कर अपहर्त्ताओं के बारे में जानकारी जुटाने में लगे. लेकिन इस मामले में कामयाबी मिली थाना गणेशपेठ के थानाप्रभारी सुधीर नंदनवार को. उन्होंने मात्र 12 घंटे में अपहर्त्ताओं को दबोच लिया था.

अपहर्त्ता का फोन आते ही थाना गणेशपेठ के थानाप्रभारी इंसपेक्टर सुधीर नंदनवार सतर्क हो गए थे. उन्होंने अपने सहायक असिस्टैंट इंसपेक्टर अनिल ताकसंदे, प्रदीप नागरे, योगेश छापेकर, मधुकर शिर्कें, प्रवीण गोरटे, राजेश ताप्रे, नीलेश धैवट और किशोर ताकरे को मिला कर अपनी एक टीम बनाई और अपहर्त्ता की तलाश में निकल पड़े.