भाई के बसेरे में सेंध – भाग 3

20 दिसंबर, 2013 को अरुण अपने भाई से मिलने के लिए लखनऊ आया. उस समय घर पर रितिका और प्रभात दोनों मौजूद थे. अरुण सीधा अपने भाई के पास जा कर बोला, ‘‘भैया, मां ने आप के लिए आप की पसंद की सब्जी बनाई थी. साथ में खाने के लिए बेसन का चिल्ला भी दिया है.’’ अरुण ने खाने का डिब्बा उस के हाथ पर रख दिया.

इस से पहले कि प्रभात वह डिब्बा खोलता, रितिका ने डिब्बा छीन कर पूरा खाना कूड़े के डिब्बे में फेंक दिया. फिर वह गुस्से से बोली, ‘‘जब हम कह चुके हैं कि प्रभात का आप सब से कोई संबंध नहीं है तो आप को समझ नहीं आता. बारबार यहां क्यों आते हैं. प्रभात केवल मेरा है और मेरा ही रहेगा.’’ अरुण और उस के साथ आया ड्राइवर यह सब देखते रह गए.

प्रभात ने रितिका से कुछ नहीं कहा, वह भी चुपचाप देखता रहा. भाभी की इस बात पर अरुण को गुस्सा आ गया. उस ने कुछ कहने की कोशिश की तो रितिका ने उस के बाल पकड़ कर उस के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया. इस पर अरुण गुस्से में वहां से चला गया.

उसे अपने थप्पड़ से ज्यादा इस बात का दुख था कि बीमार होने के बावजूद मां ने भैया की पसंद का खाना बना कर भेजा था, जिसे रितिका ने फेंक दिया था. अपमान सहन कर के अरुण उस समय तो वहां से चला गया लेकिन मां की बेइज्जती उस के दिल को टीस दे गई. प्रभात को भी रितिका की बात अच्छी नहीं लगी थी. लेकिन बाद में रितिका ने अपने प्रभाव से पति को मना लिया था.

अरुण अपना यह अपमान सहन नहीं कर पा रहा था. उस ने रितिका को सबक सिखाने की योजना बना ली. 24 दिसंबर को सुबह ही अरुण ने अपने साथ देवकाली, फैजाबाद के रहने वाले शुभम यादव और ड्राइवर सूरजलाल से अपने अपमान का बदला लेने के लिए मदद मांगी. सूरज और शुभम दोनों ही अपराधी किस्म के थे.

फैजाबाद में दोनों के खिलाफ अलगअलग थानों में कई मामले दर्ज थे. योजना बना कर ये तीनों 24 दिसंबर, 2013 की सुबह ही 2 चाकू और एक चापड़ का इंतजाम कर के अपनी इंडिगो कार से लखनऊ आ गए. इन लोगों ने अपने साथ एकएक जोड़ी कपड़े भी रख लिए थे. ताकि खून सने कपड़े उतार कर उन्हें पहन सकें. पुलिस के सर्विलांस से बचने के लिए सभी ने अपने मोबाइल फोन बंद कर के फैजाबाद में ही रख दिए थे.

पहले ये लोग दिन में ही घटना को अंजाम देना चाहते थे लेकिन रितिका के साथ प्रभात के होने की वजह से उन्हें मौका नहीं मिल पाया था. प्रभात की मोटरसाइकिल घर के बाहर देख कर उन्हें पता चल गया था कि वह घर पर है. ये लोग दूर खड़े हो कर मौका तलाशते रहे. शाम को 7 बजे के बाद जब प्रभात मोटरसाइकिल ले कर बीयर पीने निकला तो इन लोगों ने उसे जाते हुए देख लिया. फिर वे तुरंत दरवाजे पर पहुंच गए. अरुण ने दरवाजे पर लगी कालबेल बजाई.

रितिका ने दरवाजा खोला तो वह अरुण को देखते ही बोली, ‘‘तुम फिर आ गए.’’ वह दरवाजा खोलना नहीं चाहती थी. जब अरुण ने यह देखा तो उस ने कहा, ‘‘भाभी मुझे बाथरूम जा कर फ्रेश होना है. फ्रेश हो कर मैं वापस चला जाऊंगा.’’

यह सुन कर रितिका पीछे हट गई. वह प्रभात को फोन कर के जल्दी घर आने के लिए कहने वाली थी. इसी बीच अरुण के साथ आए शुभम और सूरज भी अंदर आ गए. उसी दौरान अरुण ने रितिका से उस का फोन छीन लिया. फिर दोनों साथियों ने रितिका को चाकू दिखाते हुए चुप रहने की धमकी दी. रितिका बुरी तरह डर गई. कुत्ता न भौंके इसलिए अरुण ने उसे जाली में बंद कर दिया था.

इस के बाद तीनों ने रितिका को दबोच लिया. रितिका पर चाकू से पहला वार ड्राइवर सूरज ने किया. फिर उस ने उस का गला रेत कर उस के पेट पर चाकू के कई वार किए. कुछ ही देर में उस की मौत हो गई. इस से पहले रितिका ने उन के चंगुल से खुद को बचाने के लिए नाकाम कोशिश की थी. इसी दौरान सूरज की अंगुली में चाकू लग गया था जिस से वह घायल हो गया था. सूरज के हाथ का खून ही बाहर दरवाजे पर पड़ा मिला था.

रितिका की हत्या के बाद सूरज, अरुण और शुभम ने बाथरूम में जा कर सब से पहले अपने खून से सने हाथपैर धो कर कपडे़े बदले. खून से सने कपड़े उन्होंने अलग बैग में रख लिए और फिर कार से फैजाबाद वापस चले गए. खून से सने कपड़े उन्होंने सरयू नदी में फेंक दिए थे.

प्रभात ने रितिका की हत्या की खबर जब अपने पिता को दी थी तो तब अरुण घर पर ही था. पुलिस ने रितिका और प्रभात से जुड़े 25 मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगा दिया था. प्रभात के साथ बातचीत में पुलिस को रितिका और अरुण के बीच हुई तकरार का भी पता चल गया था.

पुलिस ने अरुण से जब पूछताछ की तो वह इधरउधर की बातें करने लगा और फिर बाद में अपनी ही बातों में फंसने के बाद उसे पुलिस के सामने सच्चाई उगलनी पड़ी.

पुलिस ने अरुण से पूछताछ के बाद शुभम यादव और ड्राइवर सूरज से भी पूछताछ की. उन्होंने भी रितिका की हत्या की बात कुबूल कर ली. पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को रितिका की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर के न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

एसएसपी जे. रवींद्र गौड ने इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में शामिल थानाप्रभारी उमेश बहादुर सिंह, एसएसआई सत्येंद्र प्रकाश सिंह, एसआई अवध किशोर शुक्ला, कांस्टेबल रामानंद, मुश्ताक, आनंद कुमार सिंह की तारीफ की.

पति प्रभात को खोने के डर से रितिका ने उसे उस के घर से दूर रखने की जो कोशिश की थी वो उसी पर भारी पड़ी. पतिपत्नी के बीच रिश्तों की मजबूती आपसी प्यार और विश्वास से होती है. 6 साल के प्रेमविवाह के बाद भी रितिका और प्रभात के बीच यह भरोसा नहीं बन पाया था. इसी की वजह से देवर अरुण की हिम्मत बढ़ गई और रितिका को अपनी जान गंवानी पड़ी.

पति की आशिकी का अंजाम

भाई के बसेरे में सेंध – भाग 2

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि रितिका के पेट पर धारदार हथियार से वार किया गया था. वार इतना गहरा था कि उस का असर रीढ़ की हड्डी तक पहुंचा था. उस के शरीर में 8 घाव सहित चोट के 32 निशान पाए गए. डाक्टरों ने रिपोर्ट में बताया कि रितिका की हत्या 25 दिसंबर की रात करीब 8 बजे की गई थी. खबर सुन कर वाराणसी से रितिका के परिवार वाले कुछ अन्य लोगों के साथ लखनऊ आ गए थे. रितिका के पिता के.के. श्रीवास्तव के साथ सभी की आंखों में हत्यारों के प्रति गुस्सा साफ नजर आ रहा था.

पुलिस ने रितिका के मायके वालों से मालूमात की तो वे लोग इस मामले में रितिका के पति प्रभात को ही जिम्मेदार ठहराने लगे. कुत्ते का न भौंकना आदि से पुलिस को भी यही लग रहा था कि हत्या में उस के किसी जानने वाले का ही हाथ है. जबकि प्रभात पूछताछ में खुद को बेकुसूर बता रहा था. पुलिस की अपनी छानबीन के हिसाब से भी रितिका की हत्या में प्रभात का हाथ नजर नहीं आ रहा था.

जिस मकान में हत्या हुई थी उस के आसपास के मकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे थे. पुलिस को लगा कि उन कैमरों में हत्यारे फोटो आ गई होगी. लेकिन जब उन कैमरों की जांच की गई तो पता चला कि वे सब पहले से ही बंद पड़े थे. आखिर 4 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड से परदा उठा ही दिया. हत्याकांड में शामिल लोगों के नाम जान कर पुलिस भी हैरान रह गई और लोग भी.

वाराणसी की रहने वाली रितिका अपने सपनों को पूरा करने 22 साल की उम्र में लखनऊ आ गई थी. इस के लिए उसे अपने परिवार के पुरजोर विरोध का सामना भी करना पड़ा था. लखनऊ आने के बाद जब उसे पैसों की समस्या हुई तो उस ने लखनऊ में प्राइवेट नौकरी की. इस के बाद उस ने वीएलसीसी से डाइटीशियन और ब्यूटीशियन का कोर्स किया. यहीं पर उस की मुलाकात प्रभात श्रीवास्तव से हुई.

प्रभात लखनऊ में प्राइवेट नौकरी करता था. जल्दी ही उन दोनों की दोस्ती इस मुकाम तक पहुंच गई कि अकेलापन झेल रही रितिका प्रभात के साथ जिंदगी गुजरबसर करने का सपना देखने लगी. प्रभात फैजाबाद शहर का रहने वाला था. फैजाबाद के बेगमगंज मकबरा में उस के छोटे भाई अरुण की काफी बड़ी गिफ्ट शौप थी.

प्रभात के पिता बलदेव अनाज के बड़े व्यापारी थे. संबंध गहराने के बाद रितिका और प्रभात ने तय कर लिया कि वे दोनों शादी कर के साथसाथ रहेंगे. इस बारे में दोनों ने अपने घर वालों से बात की तो दोनों के घर वालों ने उन्हें इस की इजाजत नहीं दी. इस के बावजूद दोनों ने शादी कर ली और इंदिरानगर में किराए का मकान ले कर रहने लगे.

रितिका ने पढ़ाई पूरी करने के बाद वहीं वीएलसीसी में ही नौकरी कर ली. मिलजुल कर अच्छा कमाने लगे तो कुछ दिनों के बाद दोनों गोमतीनगर में 15 हजार रुपए किराए के मकान में रहने लगे. प्रभात ने रितिका से शादी जरूर कर ली थी लेकिन उस ने यह बात अपने परिवार वालों को नहीं बताई थी. प्रभात अपने भाई अरुण से कोई बात नहीं छिपाता था. उस ने रितिका से शादी वाली बात भी उसे बता दी थी.

अरुण कभीकभी अपनी दुकान का सामान खरीदने लखनऊ आता तो वह प्रभात से मिलने उस के घर चला जाता था. अरुण उसे मां के बारे में बताता तो प्रभात मां और परिवार के दूसरे लोगों को याद करने लगता था. जबकि यह बात रितिका को अच्छी नहीं लगती थी.

प्रभात से शादी के बाद रितिका अपना कैरियर बनाने में लग गई थी. उस ने अपना फेसबुक एकाउंट भी खोल रखा था. जिस के जरिए वह बहुत सारे लोगों के संपर्क में रहती थी. घर पर वह अपना ज्यादातर समय फेसबुक और इंटरनेट पर बिताती थी. उस ने कई नामों से फेसबुक एकाउंट खोल रखे थे. उस का पहला फेसबुक एकाउंट रिट्ज रितिका के नाम से और दूसरा अनामिका श्रीवास्तव के नाम से था. उस का इस तरह अकसर दोस्तों से बात करना प्रभात को अच्छा नहीं लगता था.

इसी वजह से उस ने वीएलसीसी से रितिका की नौकरी भी छुड़वा दी थी. उस के नौकरी छोड़ने के बाद घर के खर्च प्रभावित होने लगे तो प्रभात ने उसे दोबारा नौकरी करने की इजाजत दे दी. तब रितिका ने विकासनगर में मामा चौराहे के पास आर्यटन रेस्त्रां के ऊपर खुले निक्की बाबा के ब्यूटी पार्लर में काम करना शुरू कर दिया था.

कुछ दिनों बाद रितिका ने महसूस किया कि प्रभात अब उस से पहले की तरह प्यार नहीं करता. उस ने इस बात की शिकायत प्रभात से की तो उस ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया. परेशान हो कर रितिका समयसमय पर अपनी मां गायत्री से बात करने लगी. गायत्री बेटी की परेशानी को समझती थी पर चाह कर भी उस की मदद नहीं कर पा रही थी. इधर रितिका महसूस कर रही थी कि अरुण जब भी उस के यहां आता था तो उस की नजरें रितिका के प्रति अच्छी नहीं होती थी. वह उसे ललचाई नजरों से देखता था.

अरुण नशा भी करता था. कई बार वह प्रभात की गैरमौजूदगी में उस के घर आता था तो वहीं पर दोस्तों के साथ शराब पीता था. रितिका को यह बात पसंद नहीं थी लेकिन पति का छोटा भाई होने की वजह से वह उसे रोक नहीं पाती थी.

घटना से करीब 6 महीने पहले की बात है. 26 जून को गरमी के दिन थे. उस दिन भी कुछ ऐसा ही हुआ था. अरुण अपने एक दोस्त के साथ प्रभात के यहां पहुंच गया और वे दोनों शराब पीने लगे. आखिर उस दिन रितिका ने उसे टोक ही दिया, ‘‘अरुण, तुम्हारा इस तरह यहां आ कर शराब पीना मुझे पसंद नहीं है. जब तुम्हारे भैया यहां हों तुम तभी आया करो.’’

‘‘भाभी, तुम हम से इतना नाराज क्यों रहती हो? आखिर मैं तुम्हारा देवर हूं और तुम शायद यह जानती होगी कि देवर का भाभी पर आधा हक होता है.’’ कह कर नशे में बहकते अरुण ने रितिका का हाथ पकड़ लिया.

अचानक आई इस स्थिति से रितिका घबरा गई. वह झट से अपना हाथ छुड़ा कर बोली, ‘‘आज प्रभात को आने दो, मैं उन से तुम्हारी शिकायत करती हूं.’’

रितिका हाथ छुड़ा कर दूसरे कमरे में चली गई थी. अरुण और उस का दोस्त भी चले गए. इस के बाद कुछ दिनों तक अरुण ने रितिका के घर आना कम कर दिया था.

सुहाग का गहना – भाग 4

जैतून बंगले से निकल कर अस्पताल के उस कमरे में जा पहुंची, जहां शाहिद गहरी नींद सो रहा था. नींद की गोली की गिरफ्त में जकड़ा वह दुनिया से बेखबर था. जैतून कुछ देर तक उसे खालीखाली नजरों से देखती रही. फिर जब वह अपने क्वार्टर में आई तो उस ने अपनी बच्चियों को गहरी नींद में डूबी पाया.

वे नरम नाजुक कलियां सी लग रही थीं. उसे ऐसा लग रहा था कि वे कलियां जमाने की सर्दीगर्मी नहीं सह सकेंगी और कुम्हला जाएंगी. वक्त के बेरहम हाथ उन से सब कुछ छीन लेंगे. शाहिद तो उन्हें पेट भर दो वक्त की रोटी भी नहीं खिला सकेगा.

जैतून जब सोने के लिए बिस्तर पर लेटी तो उस की आंखों के सामने नवेद का चेहरा उभर आया. उस ने महसूस किया कि उस के दिल के किसी कोने में नवेद की मोहब्बत जाग रही है. नवेद की बदौलत ही उस के शौहर को नई जिंदगी मिली थी. वह उस से आज मोहब्बत की भीख मांग रहा था. जैतून ने नवेद से पहली मोहब्बत की थी और फिर उस ने शाहिद को पाने के बाद अपने दिल का दरवाजा हमेशाहमेशा के लिए बंद कर कर लिया था.

इस के बाद उस के दिल में बसी नवेद की तसवीर धुंधली होती चली गई थी. मगर आज फिर से वह दरवाजा खुल गया था. सोई हुई मोहब्बत धीरेधीरे जाग रही थी और नवेद उस के वजूद में रचबस गया था. वह आज अपने आप को दोराहे पर खड़ी महसूस कर रही थी. उस के दिमाग में बहुत से उलझेउलझे और अजीबोगरीब खयाल पैदा हो रहे थे. दिल जैसे डूबता जा रहा था.

जैतून ने हैरत से उस शीशी को देखा. उस के बाद प्रश्नवाचक दृष्टि से नवेद को देखने लगी, ‘‘इस में क्या है नवेद?’’

‘‘जहर है.’’ नवेद ने जैतून की कमर में हाथ डाल कर उसे अपने करीब कर लिया.

जैतून के हाथ से शीशी छूटतेछूटते बची. आवाज कंपकंपा सी गई, ‘‘क्या मेरा जुर्म छिप जाएगा?’’

‘‘तुम पर कोई शक नहीं करेगा. इसलिए कि इस तरह का जहर आम आदमी की पहुंच से बाहर की चीज है. यह जहर खाते ही आदमी कुछ ही लमहों में मौत की गोद में समा जाता है. तुम्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि शाहिद की मौत से शक नहीं होगा कि उसे जहर दिया गया है. यह दिल की धड़कन बंद कर देता है. तुम दूध में जहर मिला कर पिलाने के बाद गिलास को कपड़े से अच्छी तरह साफ कर देना. फिर उस के हाथ में गिलास थमा देना, ताकि उस पर उस की अंगुलियों के निशान बन जाएं.

emotional-crime-kahaniyan-suhag

अगर किसी शक की बिना पर गिलास का परीक्षण भी किया जाए तो उस पर शाहिद की अंगुलियों के निशान हों, जिस से यही समझा जाएगा कि उस ने आत्महत्या की है. तुम्हें मौका मिले तो उस गिलास को कपड़े से पकड़ कर जरा सा धो देना और उस में बिना जहर मिला थोड़ा सा दूध डाल देना… फिर तो तुम पर कोई आंच नहीं आएगी. पुलिस यही समझेगी कि उस की मौत किसी सदमे से हो गई है.’’

‘‘खुदकुशी की बुनियाद क्या होगी?’’ जैतून ने डरे हुए लहजे में पूछा, ‘‘हार्ट फेल भी किसलिए हो सकता है?’’

‘‘टांग का कट जाना… कुछ मर्द अपाहिजपन और दूसरों पर बोझ बन कर जिंदगी गुजारने से बेजार हो कर मर जाना पसंद करते हैं. यह सदमा जानलेवा भी साबित हो सकता है. तुम तसल्ली रखो, बात पुलिस तक नहीं पहुंचेगी, क्योंकि इस मौत का सर्टीफिकेट तो मैं ही जारी करूंगा.’’

‘‘पुलिस यह भी तो सोच सकती है कि शाहिद को जहर दिया गया है और यह जहर एक मामूली मरीज के पास कैसे और कहां से आया?’’

‘‘तुम किसी फिक्र में मत पड़ो और ज्यादा गहराई में मत जाओ. यह भी कहा जा सकता है कि किसी नर्स को लालच दे कर मरीज ने जहर हासिल कर लिया होगा,’’ नवेद ने उस का हौसला बढ़ा दिया, ‘‘मैं ने तुम्हें जितना बताया, बस तुम उतना ही करो.’’

‘‘ठीक है, मैं जा रही हूं.’’ जैतून बोली.

‘‘कोशिश करना कि तुम किसी की नजर में न आओ. वहां से तुम सीधी मेरे पास चली आना और कौफी तैयार कर के रखना.’’ नवेद ने जैतून का बाजू पकड़ कर अपने करीब कर लिया.

‘‘तुम्हारे लिए कौफी तैयार कर के अपनी कोठरी में क्यों न चली जाऊं,’’ जैतून कुछ सोचते हुए बोली, ‘‘तुम्हारे पास आ कर मैं क्या करूंगी?’’

‘‘इसलिए कि तुम्हारी मौजूदगी मैं अपने यहां साबित कर सकूं?’’

‘‘लेकिन इस में भी तो खतरा है,’’ जैतून बोली, ‘‘सारे अस्पताल वालों को पता है कि मैं तुम्हारे घर पर काम करती हूं. कल मुझ पर यह इलजाम लग सकता है कि मैं ने तुम्हारी मोहब्बत में अपने शौहर की जान ले ली. लिहाजा, मैं उसे जहर दे कर क्यों न अपनी कोठरी में चली जाऊं. मैं अपने शौहर को जहर दे कर बाथरूम के पिछले दरवाजे से निकल जाऊंगी.’’

‘‘मगर तुम मुझे इस की खबर कैसे दोगी? मेरा तुम्हारी कोठरी की तरफ आना मुनासिब नहीं है.’’ नवेद ने कहा.

‘‘मैं तुम्हारे पास भी पिछले दरवाजे से ही आऊंगी, ताकि तुम्हारे चौकीदार की मुझ पर नजर न पड़ सके. इस तरह हम दोनों पर ही शक नहीं किया जाएगा.’’

‘‘तुम इतनी अक्लमंद और होशियार होगी, मुझे अंदाजा नहीं था.’’ नवेद खुश हो कर बोला.

जैतून जब पिछले रास्ते से बाहर निकल गई तो डा. नवेद ने चैन की सांस ली. थोड़ी ही देर बाद वह अस्पताल के राउंड पर जाने के लिए निकल पड़ा. गेट पर चौकीदार मौजूद था. जिस वक्त जैतून अंदर आई थी, वह नमाज के लिए गया हुआ था, इसलिए गेट खाली था.

डा. नवेद अस्पताल में 20-25 मिनट तक राउंड पर रहा. उस के लिए वक्त काटना दूभर हो गया था. जब वह घर वापस आ कर अपने बेडरूम में पहुंचा तो उस ने जैतून को देखा, जो उस के बेडरूम में कौफी लिए बैठी थी. डा. नवेद ने जैतून का शांत चेहरा देखा तो उसे यकीन नहीं आया.

जैसे वह शाहिद को जहर नहीं, अमृत पिला कर आई हो. आखिर जैतून ने उस की मोहब्बत के आगे हथियार डाल ही दिए. नवेद ने जब उसे बाजुओं में भर लिया तो वह उस के गले में बांहें डाल कर उस की आंखों में झांकने लगी. फिर धीरे से बोली, ‘‘मुझे जल्दी से जाने दो, कहीं बच्चे जाग न जाएं. वे रोने लगेंगे तो पड़ोस में खबर हो जाएगी.’’

चंद लमहों बाद नवेद कुर्सी पर बैठ गया. कौफी का कप उठा कर उस ने एक घूंट लिया और पूछा, ‘‘काम हो गया?’’

‘‘तुम ने तो मुझे बहुत सख्त इम्तिहान में डाल दिया था नवेद.’’ जैतून धीरे से बोली.

‘‘मोहब्बत का इम्तिहान तो हमेशा ही सख्त होता है जैतून.’’ उस की तरफ मोहब्बत भरी नजरों से देखते हुए नवेद ने दूसरा घूंट लिया.

‘‘यह मोहब्बत का नहीं, बल्कि एक औरत का इम्तिहान था. औरत कभी मोहब्बत के इम्तिहान में नहीं डगमगाती.’’

‘‘औरत का इम्तिहान,’’ नवेद के चेहरे पर आश्चर्य उभर आया, ‘‘वह कैसे?’’ उस ने तीसरे घूंट में सारी काफी हलक में उतार ली.

‘‘मैं जब शाहिद के कमरे में पहुंची तो मेरे दिमाग में यह खयाल बिजली की तरह आया कि मैं शाहिद को नहीं, बल्कि एक औरत, बीवी और मां को जहर दे रही हूं.’’

‘‘क्या मतलब?’’ नवेद की आंखों में हैरानी भर गई. उस ने अपनी पलकें झपकाईं, ‘‘मैं तुम्हारी बात समझा नहीं?’’

‘‘मतलब यह है कि मैं एक वफादार बीवी, शौहरपरस्त औरत और जिम्मेदार मां की पवित्रता पर बदनुमा दाग बन रही हूं, इस अहसास ने मेरा सीना चीर दिया था.’’

‘‘तो क्या तुम ने शाहिद को जहर नहीं दिया?’’ नवेद ने वहशतभरे लहजे में पूछा.

‘‘जहर तो मैं ने दे दिया, लेकिन शाहिद को नहीं, औरत की मजबूरी यही है कि वह अपनी फितरत और सोच पर काबू नहीं पा सकती.’’

‘‘फिर तुम ने जहर किसे दिया? क्या तुम ने जहर की शीशी कहीं फेंक दी?’’

‘‘अपनी उस मोहब्बत को, जो नागिन बन कर बीवी, औरत और मां को डसना चाहती थी, मैं ने उसे अर्थात तुम्हें जहर दे दिया. वह जहर उस वक्त मैं ने कौफी के कप में घोल दिया था, जब मैं ने तुम्हारे कदमों की आहट सुनी थी. अब तुम और तुम्हारी मोहब्बत बस कुछ ही लमहों की मेहमान है,’’

नवेद का घबराया हुआ चेहरा देख कर जैतून मुसकरा दी, ‘‘तुम शायद भूल गए थे कि मेरे वजूद के किसी कोने में एक बीवी, मां और ईमानदार औरत अभी जिंदा है, जो अपनी मोहब्बत को तो जहर दे सकती है, मगर उन तीनों को नहीं, जो उस की सुनहरी दुनिया है.’’

नवेद ने चीख कर चौकीदार को आवाज देनी चाही, लेकिन आवाज उस के हलक से नहीं निकल सकी. उस ने अपनी जिंदगी के आखिरी लमहों में जैतून को यह कहते सुना, ‘‘मुझे माफ कर देना नवेद. कभीकभी औरत को अपने हाथों ही अपनी मोहब्बत की कब्र खोदनी पड़ती है.’’

नवेद ने जैतून को जो तरकीब बताई थी, वह उसी पर इस्तेमाल कर के अपनी कोठरी में जा पहुंची. उस ने अंदर आते ही अपनी सोती हुई बच्चियों को चूमा और उन के बगल में लेट कर सुकून से आंखें बंद कर लीं.

भाई के बसेरे में सेंध – भाग 1

‘‘प्रभात, कई बार मुझे लगता है कि तुम अब मुझे पहले की तरह से प्यार नहीं करते. हमारे प्यार में अब वह गरमाहट भी नजर नहीं आती, जो 6 साल पहले दिखती थी.’’  रितिका ने पति प्रभात से शिकायत भरे लहजे में कहा.

‘‘रितिका, ऐसा कुछ नहीं है. तुम अच्छी तरह जानती हो कि प्राइवेट जौब में काम का ज्यादा प्रेशर रहता है इसलिए मैं तुम्हारी तरफ ज्यादा ध्यान नहीं दे पा रहा हूं. कोई बात नहीं कल तुम्हारा वीकली औफ है, मैं भी छुट्टी ले लेता हूं. कल का पूरा दिन तुम्हारे नाम ही रहेगा.’’ प्रभात ने कहा तो रितिका के चेहरे पर मुसकान तैर गई.

प्रभात जेएमआर मूवीलिंक कंपनी में मैनेजर था. जबकि रितिका एक फेमस ब्यूटी पार्लर में नौकरी करती थी. रितिका की मंगलवार को छुट्टी रहती थी इसलिए प्रभात ने उस से मंगलवार को छुट्टी करने की बात कही थी. ताकि दोनों छुट्टी एंजौय कर सकें. काफी देर तक इसी मुद्दे पर बातचीत के बाद दोनों सो गए. यह बात 23 दिसंबर, 2013 की है.

प्रभात और रितिका लखनऊ की सब से पौश कालोनी गोमती नगर के विवेकखंड में रहते थे. नीलकंठ चौराहा गोमतीनगर का सब से मशहूर चौराहा है. इन का मकान इसी चौराहे के पास था. 3 मंजिल के इस मकान में प्रभात और रितिका पहली मंजिल पर रहते थे. सुरक्षा के नजर से यहां के ज्यादातर लोगों ने मकानों में सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं.

अगले दिन यानी 24 दिसंबर को चूंकि पतिपत्नी दोनों ही छुट्टी पर थे. इसलिए वे सुबह देर से सो कर उठे. उस दिन रितिका बहुत खुश थी. वह दिन उसे बहुत प्यारा लग रहा था. क्योंकि प्रभात ने उसी के लिए छुट्टी की थी.

फ्रेश हो ने के बाद रितिका ने बड़े प्यार से पति के लिए चाय बनाई. चाय का एक ही कप देख कर प्रभात बोला, ‘‘एक ही कप! तुम नहीं पिओगी क्या?’’

‘‘वाह, चाय मैं ने बनाई और मैं ही नहीं पीऊंगी. भला ऐसा कैसे हो सकता है?’’ रितिका ने कहा.

‘‘पर चाय का तो एक ही कप है.’’

‘‘तो क्या हुआ, आज हम दोनों एक ही कप से चाय पी लेंगे. एक घूंट तुम पीना फिर एक घूंट मैं.’’ रितिका ने एक कप का राज खोलते हुए कहा.

रितिका और प्रभात का वह पूरा दिन ऐसे ही हंसीखुशी में बीत गया. दोपहर बाद रितिका ने प्रभात के करीब आ कर कहा, ‘‘प्रभात मेरी छुट्टी इतनी अच्छी बीती कि मैं सोच भी नहीं सकती. आज का दिन ऐसा लगा जैसे हमारे हनीमून के दिन थे.’’

प्रभात ने रितिका को प्यार से बांहों में समेटते हुए कहा, ‘‘तुम ऐसे ही सुंदर और सेक्सी दिखती रहो तो सारी जिंदगी हनीमून सी गुजर जाएगी.’’

‘‘प्रभात मुझे केवल एक बात की चिंता होती है कि तुम कहीं मुझ से दूर न चले जाओ. हमारा कोई बच्चा नहीं है. मुझे डर लगता है कि कहीं तुम्हारे घर वाले तुम्हारी दूसरी शादी न कर दें.’’

‘‘रितिका, ऐसा कुछ नहीं होगा. ऐसी बातें सोच कर आज के दिन की खुशियां खराब मत करो. अच्छा, अभी मैं पत्रकारपुरम चौराहे तक जा रहा हूं. आज रात को खाने में कुछ स्पेशल बनाने के लिए ले आता हूं.’’ कह कर प्रभात पत्रकारपुरम चौराहे की ओर चला गया. वहां से वह शाम करीब 7 बजे वापस आया. सामान रख कर वह रितिका से बोला, ‘‘जानू कल 25 दिसंबर है. हम लोग क्रिसमस रात को घर में ही एंजौय करेंगे. अब अगर तुम्हारी इजाजत हो तो मैं बीयर पी आऊं.’’

रितिका जानती थी कि प्रभात को बीयर बहुत पसंद है. आज वह मना कर के पूरे दिन का मजा खराब नहीं करना चाहती थी. उस ने प्रभात के गालों को थपथपाते हुए कहा, ‘‘ऐज यू विश माई लव.’’

प्रभात मोटरसाइकिल ले कर घर से निकल गया. रात करीब पौने 10 बजे जब वह वापस आया तो उसे घर का बाहरी दरवाजा खुला मिला. प्रभात को थोड़ा अजीब लगा क्योंकि रितिका इस तरह कभी भी घर का दरवाजा खुला नहीं रखती थी. वह सीधा बेडरूम की ओर गया. वहां की स्थिति देख कर उस की आंखों के आगे अंधेरा छा गया. बेडरूम में रितिका की खून से लथपथ लाश पड़ी थी.

पत्नी को इस हाल में देख कर प्रभात चीख पड़ा. उस की चीख सुन कर पड़ोस में रहने वाले मनीष और उस का भाई आशीष वहां आ गए. कमरे में रितिका की लाश देख कर उन्हें मामला समझते देर नहीं लगी. मनीष ने गोमतीनगर थाने का नंबर मिलाया. लेकिन वह नंबर व्यस्त था. गोमतीनगर थाना वहां से गरीब 400 मीटर दूर था, इसलिए दोनों भाई गोमतीनगर थाने की ओर भागे. थाने पहुंच कर मनीष ने थानाप्रभारी उमेश बहादुर सिंह को रितिका की हत्या की बात बताई. थानाप्रभारी उन के साथ तुरंत घटनास्थल की ओर चल दिए.

थानाप्रभारी ने घटनास्थल पर पहुंच कर लाश का मुआयना किया तो पता चला कि हत्यारों ने रितिका का गला किसी धारदार हथियार से काटा था. इस के अलावा उस के पेट पर भी कई वार किए गए थे जिस से उस की आतें तक बाहर निकल आई थीं. कमरे की दीवारों पर भी खून के छींटे थे. ड्राइंगरूम के बाहर 2 कुरसियों पर भी खून के निशान थे. वहीं पास पड़े दीवान पर टूटे हुए बाल पड़े थे. बाल चूंकि लंबे थे इसलिए अनुमान लगाया कि वे रितिका के ही रहे होंगे.

गद्दे पर जगहजगह खून लगा था. बेडरूम से ड्राइंगरूम तक जाने वाली गैलरी में भी खून से सने जूते के निशान मिले. तकिया भी जमीन पर पड़ा था. कमरे में चारों ओर खून ही खून फैला था. खून के निशान घर के बाहर तक गए थे. जिस से पता चल रहा था कि चोट शायद हत्यारे को भी लगी थी.

थानाप्रभारी ने यह खबर अपने आला अधिकारियों को दे दी. कुछ ही देर में डीआईजी नवनीत सिकेरा, एसएसपी  जे. रवींद्र गौड़, एसपी (ट्रांसगोमती) हबीबुल हसन और सीओ (गोमतीनगर) विद्यासागर मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंच गए. सभी अधिकारियों ने मौका मुआयना किया. डीआईजी ने प्रभात से बात की और एसपी को शीघ्र ही मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए. पुलिस ने डौग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट  एक्सपर्ट की टीम को भी बुला लिया था. टीम ने वहां से कुछ सुबूत अपने कब्जे में लिए.

पुलिस ने पड़ोसियों से बात की तो पता चला कि उन्होंने न तो रितिका के चीखने की आवाज सुनी थी और न ही कुत्ते के भौंकने की. प्रभात ने चूंकि एक कुत्ता पाल रखा था, इसलिए कुत्ते के न भौंकने वाली बात पुलिस को चौंकाने वाली लगी. इस से पुलिस को लगा कि हत्यारे पहले से घर में आतेजाते रहे होंगे.

बहरहाल पुलिस ने घटनास्थल पर जरूरी काररवाई निपटाने के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. चूंकि मामला पौश कालोनी में रहने वाली एक ब्यूटीशियन का था इसलिए उस की लाश का पोस्टमार्टम 5 डाक्टरों के पैनल ने किया. पुलिस ने भी अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली.

सुहाग का गहना – भाग 3

जैतून गुमसुम सी बैठी रही. जैसे वह बहुत शर्मिंदा हो रही हो. उस का दिमाग जैसे भूतकाल की गहराइयों में जा पहुंचा. वह कुछ देर बाद बोली तो उस की आवाज रुंधी हुई थी, ‘‘तुम्हारे जाने के एक साल बाद अम्मी पर अचानक दिल का जबरदस्त दौरा पड़ा. वह उस दौरे से संभल नहीं सकीं.  एक तो उन्हें वक्त पर सही मेडिकल एड नहीं मिली और डाक्टरों की लापरवाही या मौत के बहाने ने उन्हें मुझ से छीन लिया. उन की इस अचानक मौत से मैं इतनी बड़ी दुनिया में अकेली रह गई.

‘‘तुम तो जानते ही हो कि इस दुनिया में मां के अलावा मेरा कोई भी नहीं था. तुम उस वक्त लंदन में थे. मेरे पास तुम्हारा पता भी नहीं था. मैं तुम्हारा पता लेने तुम्हारे घर कैसे जा सकती थी. इतने बड़े घर में जाती तो जलील और रुसवा हो कर आती.

‘‘तुम ने अपनी मोहब्बत को राज रखा था. फिर मैं ने सोचा कि इंतजार के 4 साल काट लूंगी. लेकिन मुझे मालूम हुआ कि जिंदगी बहुत कठिन है. खासतौर पर एक जवान, हसीन और बेसहारा लड़की के लिए तो हर तरफ भेडि़ए ही भेडि़ए मौजूद होते हैं. दुनिया वालों ने मुझे भी लूट का माल समझ लिया था. न जाने कैसे कैसे लोग मेरा हाथ थामने को तैयार थे.

अगर मैं तुम्हारा इंतजार करती रहती तो किसी न किसी भेडि़ए का शिकार हो जाती. मुझे उठा ले जाने की कोशिश की गई. 2 बार मेरी आबरू लुटतेलुटते बची. फिर मैं ने शाहिद का हाथ थाम लिया. वह एक स्कूल टीचर था और उस के पास इल्म की दौलत थी.’’

जैतून सांस लेने के लिए रुकी. उस के बाद उस की आवाज फिजा में लहराई, ‘‘सांसारिक दौलत उस के पास नहीं थी. लेकिन जिस दिन शाहिद से मेरी शादी हुई, उसी दिन से मैं ने दिल का वह कोना बंद कर दिया, जिस में तुम्हारी तसवीर छिपी थी. इसलिए कि अब शाहिद ही मेरा सब कुछ था. शाहिद ने मुझे इतनी मोहब्बत दी कि तुम्हारी तसवीर धुंधली पड़ गई. फिर मैं शाहिद की ही दुनिया में खो गई. मैं उस का वजूद बन गई. मैं अगर ऐसा नहीं करती तो फिर क्या करती?’’

‘‘तुम ने बहुत अच्छा किया. एक औरत का ऐसा रूप होना चाहिए,’’ नवेद ने कहा, ‘‘मैं ने तुम्हारी हर याद को मिटाने के लिए शादी की थी. मेरा खयाल था कि एक औरत ही मेरा दुख बांट सकती है और वह मुझे तुम्हारी ही तरह से चाहेगी. मगर हम दोनों में 6-7 माह से ज्यादा निबाह न हो सका और हम दोनों सदा के लिए अलग हो गए.’’

‘‘वह क्यों,’’ जैतून ने हैरत से पूछा, ‘‘मुझे यकीन नहीं आ रहा है.’’

वह भी डाक्टर थी. मैं ने सोचा था कि इस तरह हम जिंदगी के सफर में एकदूसरे के बेहतरीन साथी साबित होंगे, मगर ऐसा नहीं हो सका. वह सिर्फ और सिर्फ लेडी डाक्टर रहना चाहती थी. मुझे तो ऐसी बीवी की जरूरत थी, जिस के वजूद से सारा घर महकता.

‘‘हैरत की बात है. क्या एक औरत भी इस अंदाज में सोच सकती है?’’ जैतून हैरानी से बोली, ‘‘हर औरत तो एक जैसी नहीं होती. अब तुम बस जल्दी से अपना घर बसा लो.’’

‘‘अब तुम आ ही गई हो तो मेरे लिए भी अपनी जैसी ही औरत ढूंढ देना,’’ नवेद ने कहा, ‘‘ऐसी औरत, जो घर की चारदीवारी में रह कर तुम्हारी ही तरह चाहे.’’

शाहिद की अभी ज्यादा देखभाल की जरूरत थी. कोई और मरीज होता तो डाक्टर नवेद उसे छुट्टी दे देता. मगर शाहिद जैतून का शौहर था और इस नाते नवेद शाहिद को उस वक्त तक अस्पताल में रखना चाहता था, जब तक वह पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो जाता. उस ने जैतून से कह दिया था कि उसे दो-एक महीने तक यहीं रहना होगा. जैतून ने इस शर्त पर वहां रह कर शाहिद का इलाज मंजूर किया था कि वह अस्पताल में कोई नौकरी कर लेगी.

डा. नवेद के लिए जैतून को नौकरी देना कोई बड़ी समस्या नहीं थी. असली मसला तो जैतून के बच्चे थे. वह बच्चों से 8-10 घंटे अलग रह कर कोई काम नहीं कर सकती थी. इन सारी बातों को ध्यान में रखते हुए नवेद ने जैतून को यह काम सौंपा कि वह उस के बंगले पर आ कर उस के लिए नाश्ता और दोनों वक्त का खाना बना दे.

जैतून को नवेद की अमीरी का पहले से कुछ अंदाजा नहीं था. शादी से पहले जब वह नवेद की मोहब्बत में गिरफ्तार हुई थी, तब भी वह सिर्फ यही जानती थी कि वह एक बड़े बाप का बेटा है. वह यही समझती थी कि नवेद इस अस्पताल में नौकर है, पर जब उस ने देखा और सुना कि नवेद ही इस अस्पताल का मालिक है तो वह हैरान भी हुई और खुश भी.

जब उस ने नवेद के घर में कदम रखा तो घर को अंदर से देख कर उस के दिल में कांच की किरच सी चुभ गई. उस ने कभी ऐसे ही घर का ख्वाब देखा था, मगर वे ख्वाब दगाबाज निकले थे. फिर एक आवारा सा खयाल जैतून के दिमाग में आया कि काश! वह नवेद की बीवी होती तो इस घर में राज कर रही होती. फिर उस ने इस बेहूदा खयाल को अपने दिमाग से निकाल फेंका. अब वापसी संभव नहीं थी.फिर ऐसी हालत में शाहिद को मंझधार में छोड़ देना औरत की जात पर बदनुमा धब्बा था.

उधर न जाने क्यों नवेद महसूस कर रहा था कि जैतून फिर से उस के दिमाग पर किसी बदली की तरह छा रही है और वह उस के जादू में कैद हो रहा है. 8-10 दिनों में ही जैतून में अजीब सा निखार आ गया था. बेफिक्री, अच्छे खानपान और मानसिक शांति ने उसे फिर से जवान कर दिया था. उस के गालों पर सुर्खी झलकने लगी थी. जैतून सुबह जब उस के लिए नाश्ता तैयार करने आती थी तो उस का रूप नया होता था और जब वह उस के सामने से गुजरती थी तो जिस्म की खुशबू सुरूर दे जाती थी.

नवेद अपनी पहली बीवी के बारे में सोचता और उस का जैतून से मिलान करता. पहली बीवी खूबसूरत थी, लेकिन नवेद की जिंदगी और घर में कभी उस ने खुशी महसूस नहीं की थी. नवेद को वह हमेशा ठंडी लाश जैसी महसूस होती थी. उस के रहते घर में अजीब सी मुर्दनी और वहशत का एहसास होता था.

लेकिन जब से जैतून ने इस घर में कदम रखा था, सारा घर और उस की जिंदगी जैसे जगमगाने लगी थी. नवेद ने महसूस किया था कि उसे जैतून जैसी सुघड़, सलीकेदार और पुरशबाब औरत कहीं नहीं मिल सकती. वह उस की कमजोरी बनती जा रही थी और अब उसे जैतून के बिना जिंदगी गुजारना मुश्किल नजर आ रहा था.

घर की तनहाई डा. नवेद को किसी सांप की तरह डसती महसूस होती थी. वैसे तो जैतून कभीकभी किसी एक बच्ची को ले आती थी, पर अकसर वह अकेली ही आती थी. उस का अकेले आना नवेद की रगों में खून का बहाव तेज कर देता था. फिर भी उस ने कभी जैतून के भरोसे को ठेस पहुंचाने की कोशिश नहीं की. एक दिन रात के खाने पर जैतून भी थी. वह बच्चों को खिलापिला कर सुला कर आई थी. खाने से फुरसत पा कर वे दोनों बैठे कौफी पी रहे थे कि नवेद ने जैतून की तरफ देखा.

वह उसे परेशान और चिंतित दिखाई दी. नवेद ने पूछा, ‘‘जैतून क्या सोच रही हो तुम?’’

‘‘मैं सोच रही हूं कि अब वापस जा कर अपनी जिंदगी की शुरुआत कैसे और किस अंदाज में करूं? मुझे अपनी और शाहिद की फिक्र नहीं है. फिक्र मुझे अपने बच्चों की है. शाहिद ट्यूशन कर के कितना कमा सकेगा? उस आमदनी से तो पेट भरना ही मुश्किल पड़ेगा. मैं अगर घर से काम करने के लिए निकलूं तो घर चौपट हो जाएगा. मालूम नहीं, मुझे कोई काम देगा भी या नहीं.’’

‘‘जैतून, मैं एक बात कहूं, बुरा तो नहीं मानोगी?’’ नवेद की आवाज में अजीब सी कंपकंपाहट थी.

जैतून ने उस के आवाज के कंपन पर चौंक कर उस की तरफ देखा, ‘‘मैं और तुम्हारी किसी बात का बुरा मानूं, यह कैसे हो सकता है.’’

‘‘जैतून,’’ नवेद को अपनी आवाज कहीं दूर से आती महसूस हो रही थी, ‘‘मैं आज भी तुम से उतनी ही मोहब्बत करता हूं, जितनी कल करता था. न जाने क्यों यह जानते हुए भी तुम्हें फिर से पाने की चाह पैदा हो रही है कि तुम किसी और की बीवी हो, अमानत हो किसी गैर की. मुझे महसूस होने लगा है कि अब मैं तुम्हारे बिना जिंदगी का एक लम्हा भी नहीं गुजार सकूंगा. अगर तुम मेरी बन गईं तो फिर तुम्हारे लिए कोई समस्या नहीं रहेगी.’’

‘‘नवेद,’’ जैतून इस तरह से उछल पड़ी, जैसे नवेद के शब्द जहरीले डंक बन कर उस के वजूद में गड़ गए हों, ‘‘तुम ने यह क्यों नहीं सोचा कि मैं एक औरत हूं और शाहिद से मुझे जो इज्जत हासिल है, वह किसी और मर्द को अपनाने में नहीं है.

‘‘अब उसे मेरी जरूरत है. वह मेरा वजूद बन गया है.’’ जैतून सांस लेने के लिए रुकी, फिर बोली, ‘‘तुम ही बताओ, क्या औरत अपने शौहर के होते हुए किसी और की भी हो सकती है?’’

‘‘तुम ने मेरी बात का गलत मतलब समझा है,’’ नवेद ने जल्दी से कहा, ‘‘तुम शाहिद से तलाक ले लो. शाहिद का क्या है, वह किसी न किसी तरह जी लेगा.’’

‘‘तो तुम यह चाहते हो कि मैं शाहिद को हालात के रहमोकरम की चक्की में पिसने के लिए छोड़ दूं? क्या तुम मुझ से इस बात की उम्मीद रखते हो?’’ जैतून तेजी से बोली.

‘‘अगर तुम ने मेरी बात पर गंभीरता से गौर नहीं किया और नहीं मानी तो सारी जिंदगी पछताओगी, क्योंकि तुम्हारी बेटियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा. आज के जमाने में एक लड़की की शादी करना कितना मुश्किल काम है, तुम अच्छी तरह जानती हो. कल तो और भी मुश्किल होगी. तुम शाहिद को छोड़ कर मेरे पास आ जाओगी तो मेरा फर्ज बनता है कि मैं तुम्हें खुश रखूं और तुम्हारी लड़कियों की शादी खूब धूमधाम से करूं. अब मुझ से जुदाई बरदाश्त नहीं हो रही.’’

जैतून झटके से कुरसी से उठ खड़ी हुई. वह उस से गिड़गिड़ा कर बोली, ‘‘नवेद, खुदा के लिए मुझे यूं इम्तिहान में मत डालो.’’

‘‘तुम जज्बाती बन कर मत सोचो. कहीं ऐसा न हो कि तुम्हारा जज्बाती फैसला कल नाउम्मीदी की नजर हो जाए.’’

‘‘शायद तुम ठीक कहते हो,’’ जैतून दरवाजे की तरफ बढ़ी और फिर रुक गई. उस ने नवेद की आंखों में अजीब सी चमक देखी थी. वह बड़े मजबूत लहजे में बोलती चली गई, ‘‘शाहिद से तलाक लेने और तुम से शादी करने पर सारी जिंदगी के लिए मुझ पर दाग लग जाएगा. मुझे मर जाना मंजूर है, लेकिन बदनामी कुबूल नहीं. तुम मुझे मेरे हाल पर ही छोड़ दो.’’

आशिक ससुर की कातिल बहू – भाग 3

अगले दिन मनोज ने नौकरी छोड़ दी और हिसाबकिताब ले कर गांव आ गया. कुछ दिनों गांव में रह कर मनोज अकेला ही दिल्ली चला गया, जहां किसी कंस्ट्रक्शन कंपनी में नौकरी करने लगा. उस के जाते ही गीता फिर आजाद हो गई. अब वह वही करने लगी, जो उस के मन में आता.

शेखर और मनोज उस से मिलने उस की ससुराल भी आने लगे. मनोज के पास मोटरसाइकिल थी, गीता का जब मन होता, मोटरसाइकिल ले कर अकेली ही बरेली से रुद्रपुर चली जाती और अपने प्रेमियों से मिल कर वापस आ जाती.

रामचंद्र से गीता को विशेष लगाव था. वह उसी के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताती थी. जब इस सब की जानकारी परमानंद को हुई तो उस ने गीता को रोका. लेकिन वह मानने वाली कहां थी. उस ने एक दिन गीता को रामचंद्र के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया तो उस ने सरेआम रामचंद्र की पिटाई कर दी. रामचंद्र को यह बुरा तो बहुत लगा, लेकिन वह उस समय कुछ करने की स्थिति में नहीं था.

गीता को भी ससुर की यह हरकत पसंद नहीं आई. क्योंकि वह नहीं चाहती थी कि कोई उसे अपनी जागीर समझे और उस की बेलगाम जिंदगी पर अंकुश लगाए. जब उस ने अपने पति मनोज की बात नहीं मानी तो परमानंद की बात कैसे मानती. यही वजह थी कि परमानंद बारबार उस के रास्ते में रोड़ा बनने लगा तो उस ने इस रोड़े को हमेशा के लिए हटाने की तैयारी कर ली. इस के लिए उस ने रामचंद्र को भी राजी कर लिया. वह राजी भी हो गया, क्योंकि वह भी उस से अपनी बेइज्जती का बदला लेना चाहता था.

गीता ने ससुर को ठिकाने लगाने की जो योजना बनाई थी, उसी के अनुसार 27 जुलाई को वह परमानंद को मोटरसाइकिल से रुद्रपुर रामचंद्र के कमरे पर ले गई. देर रात तक गीता, रामचंद्र और परमानंद बैठ कर शराब पीते रहे. गीता और रामचंद्र ने तो खुद कम पी, जबकि परमानंद को जम कर पिलाई. यही नहीं, उस की शराब में नींद की गोलियां भी मिला दी थीं, जिस से कुछ ही देर में वह बेहोश हो कर लुढ़क गया. उस के बाद गीता और रामचंद्र ने उसी के अंगौछे से उस का गला घोंट दिया.

इस के बाद गीता ने मोटरसाइकिल स्टार्ट की तो रामचंद परमानंद की लाश को बीच में बैठा कर पीछे स्वयं बैठ गया. गीता मोटरसाइकिल ले कर काला डूंगी रोड पर भाखड़ा नदी के किनारे पहुंची, जहां दोनों ने परमानंद की लाश को बोरी में कुछ ईंटों के साथ डाल कर नदी के पानी में फेंक दिया. इस के बाद गीता रुद्रपुर में ही रामचंद्र के कमरे पर कई दिनों तक रुकी रही.

11 अगस्त को गीता मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल लावाखेड़ा पहुंची तो परमानंद के छोटे बेटे चैतन्य स्वरूप ने पिता के बारे में पूछा. तब गीता ने किसी रिश्तेदारी में जाने की बात कह कर बात खत्म कर दी. 2 दिन ससुराल में रह कर गीता फिर चली गई. गीता के जाने के बाद कई दिनों तक परमानंद नहीं लौटा तो घर वालों को चिंता हुई.

उन्हें गीता पर शक हुआ कि कहीं उस ने अपने प्रेमियों शेखर और मनोज के साथ मिल कर उस की हत्या तो नहीं करा दी. चैतन्य स्वरूप ने कोतवाली नवाबगंज जा कर अपने पिता के गायब होने की सूचना दी. उस समय इंसपेक्टर अशोक कुमार के पास कोतवाली का भी चार्ज था. उन्हें लगा कि बहू ससुर को क्यों गायब करेगी? यही सोच कर उन्होंने चैतन्य को लौटा दिया.

परमानंद का परिवार उस की तलाश में लगा रहा. उसी बीच 21 अगस्त को इंसपेक्टर अशोक कुमार का तबादला हो गया तो उन की जगह आए इंसपेक्टर जे.पी. तिवारी. चैतन्य स्वरूप उन से मिला तो उन्होंने उस से तहरीर ले कर शेखर और मनोज भटनागर के खिलाफ अपराध संख्या-827/13 पर भादंवि की धारा 364 के तहत मुकदमा दर्ज करा कर गीता के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगवा दिया.

सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मियों की गीता से कई बार बात हुई. गीता उन से कभी गुजरात में होने की बात कहती तो कभी हरियाणा में होने की बात बताती, जबकि उस की लोकेशन बरेली के आसपास की ही थी. पुलिस समझ गई कि गीता बहुत ही शातिर है.

गीता के नंबर की काल डिटेल्स निकलवाई गई तो पता चला कि वह सब से अधिक अपनी बड़ी बहन ललिता से बात करती थी. इंसपेक्टर जे.पी. तिवारी ने ललिता और उस के पति प्रमोद को थाने ला कर पूछताछ की तो उन्होंने गीता का ठिकाना बता दिया. गीता उस समय बरेली के थाना मीरगंज के सामने राजेंद्र सेठ के मकान में किराए का कमरा ले कर रह रही थी. उसी के साथ रामचंद्र मौर्य भी था. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. यह 23 दिसंबर, 2013 की बात है.

पूछताछ में गीता और रामचंद्र ने परमानंद की हत्या का अपराध स्वीकार कर के उस की हत्या की पूरी कहानी सिलसिलेवार बता दी. पुलिस ने दोनों को रुद्रपुर ले जा कर उन की निशानदेही पर भाखड़ा नदी से परमानंद की लाश बरामद करने की कोशिश की, लेकिन लाश बरामद नहीं हो सकी. इस के बाद पुलिस ने दोनों को सीजेएम की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. लाश की बरामदगी के लिए एक बार फिर पुलिस दोनों को रिमांड पर लेने का प्रयास कर रही थी. लेकिन कथा लिखे जाने तक दोनों का रिमांड मिला नहीं था.

— कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

मां की राह पर बेटी : मां के प्यार पर डाला डाका – भाग 3

श्यामबाबू की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने इस मामले की जांच शिकायत प्रकोष्ठ के अधिकारी राजेंद्रपाल सिंह को सौंप दी. उन्होंने घटनास्थल पर जा कर गांव वालों से गहन पूछताछ की. इस पूछताछ में उन्हें पता चला कि गुडि़या ने अपने प्रेमी गोलू श्रीवास्तव के साथ मिल कर कंचन की गला दबा कर हत्या की थी. इस के बाद गोलू ,पड़ोसी बाबूराम निषाद और सोनम की मदद से गुडि़या कंचन की लाश को मारुति वैन से घोंघी रऊतापुर के जंगलों में ले गई और पेट्रोल डाल कर आग लगा दी. जिस मारुति वैन से लाश ले जाई गई थी, उसे गंगाघाट की ही मिश्रा कालोनी का रहने वाला रवि पांडेय चला कर ले गया था.

इस जानकारी के बाद राजेंद्रपाल सिंह ने सच्चाई का पता लगाने के लिए रवि पांडेय की तलाश शुरू कर दी. संयोग से जल्दी ही वह उन के हाथ लग गया. थाना गंगाघाट ला कर उस से पूछताछ की गई तो पहले उस ने पुलिस को बरगलाने की कोशिश की. लेकिन पुलिस अपनी पर आ गई तो उसे सच्चाई बतानी ही पड़ी.

रवि के बताए अनुसार, गुडि़या का प्रेमी गोलू श्रीवास्तव उस का गहरा दोस्त था. 14 नवंबर की रात गोलू ने उसे फोन कर के कहा कि उस की बेटी की तबीयत खराब हो गई है, इसलिए उसे डाक्टर को दिखाने के लिए अस्पताल ले जाना है. वह मारुति वैन ले कर उस के घर आ जाए.

गोलू के बुलाने पर रवि मारुति वैन यूपी 78एक्स 2585 ले कर गोलू के घर पहुंचा. गोलू ने सोनम और अपने पड़ोसी बाबूराम निषाद को बुला कर वैन में बैठने को कहा. इस के बाद वह एक लड़की को उठा कर ले आया. देखने से ही लग रहा था कि वह जिंदा नहीं है. गोलू के कहने पर वह वैन ले कर कानपुर लखनऊ हाईवे पर चल पड़ा. रास्ते में उस ने एक पेट्रोल पंप से 2 सौ रुपए में एक केन पेट्रोल खरीदा और आजाद मार्ग पर लौट आया.

कुछ दूर जाने के बाद गोलू ने रवि से वैन को घोंघी रऊतापुर जाने वाली कच्ची सड़क पर ले चलने को कहा. रवि को शक हुआ तो उस ने उस ओर जाने से मना कर दिया. उस का कहना था कि उधर तो खेत हैं, अस्पताल कहां है. तब गोलू ने उसे धमकी दे कर उधर चलने को कहा. मजबूरन रवि को आगे बढ़ना पड़ा. काफी दूर सुनसान में जा कर गोलू ने वैन रुकवाई और लाइट बंद करा दी.

गोलू ने लड़की को नीचे उतारा और खेत के किनारे डाल कर उस पर साथ लाया पेट्रोल उड़ेल कर आग लगा दी. लपटें उठीं तो गांव वालों ने समझा कि खेत में आग लग गई है. वे शोर मचाते हुए दौड़े. स्थिति बिगड़ते देख सभी जल्दीजल्दी वैन में सवार हुए और दूसरे रास्ते से हाईवे की ओर भागे. वापस आ कर उस ने सभी को आजाद मार्ग पर उतार दिया और खुद अपने घर चला गया.

रवि के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उस की निशानदेही पर कंचन की लाश ले जाने वाली वैन बरामद कर ली. अब पुलिस को अन्य लोगों को गिरफ्तार करना था. पुलिस ने गुडि़या के घर छापा मारा, जहां गुडि़या और गोलू तो नहीं मिले, लेकिन सोनम मिल गई.

पुलिस ने उसे थाने ला कर पूछताछ की तो पहले सोनम ने यह कह कर इस अपराध में शामिल होने से मना कर दिया कि उसे किसी के इशारे पर फंसाया जा रहा है. लेकिन जब पुलिस ने उस के सामने सुबूत पेश किए तो उस ने कंचन की हत्या में शामिल होने का अपना अपराध स्वीकार कर लिया. इस के बाद पुलिस ने कंचन की हत्या का मुकदमा दर्ज कर के सोनम और रवि को 14 जनवरी, 2014 को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

अब पुलिस को गोलू श्रीवास्तव, गुडि़या और बाबूराम निषाद की तलाश थी. लगातार छापे मार कर 17 जनवरी, 2014 को पुलिस ने गोलू और गुडि़या को भी गिरफ्तार कर लिया. थाना गंगाघाट ला कर दोनों से पूछताछ की गई. उन के पास झूठ बोलने का कोई बहाना नहीं था, इसलिए गोलू और गुडि़या ने  कंचन की हत्या का अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि पहले पति श्यामबाबू से  पैदा 3 बेटियों में कंचन और मोना उसी के साथ रहती थीं.

साथ रहते हुए ही कंचन के संबंध गुडि़या के प्रेमी गोलू से हो गए. जब इस बात की जानकारी गुडि़या को हुई तो उस ने कंचन को डांटा. इस के बाद कंचन, गोलू और गुडि़या में खूब लड़ाई हुई. इस बात से नाराज हो कर कंचन ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली.

कंचन के आत्महत्या कर लेने के बाद गुडि़या और गोलू को जेल जाने का डर सताने लगा. उन्होंने सोचा, इस से बचने का एक ही तरीका है कि लाश गायब कर के उस की गुमशुदगी दर्ज करा दी जाए. जब लाश बरामद होगी तो उस की हत्या का आरोप उस के पिता श्यामबाबू पर लगा दिया जाएगा. यही सोच कर गुडि़या ने अपने पड़ोसी बाबूराम निषाद से सलाह ली. उस ने भी इसे उचित ठहराया. इस के बाद उन्होंने कंचन की लाश को रात के अंधेरे में ले जा कर घोंघी रऊतापुर के जंगल में जला दी.

पुलिस ने गुडि़या और गोलू के बयानों के आधार पर इन्हीं दोनों को कंचन की हत्या का मुख्य आरोपी माना. पूछताछ के बाद उन्हें भी जेल भेज दिया गया. कथा लिखे जाने तक बाबूराम निषाद पुलिस के हाथ नहीं लगा था.

गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज कर राजेंद्र पाल सिंह घोंघी रऊतापुर में मिली लाश की शिनाख्त डीएनए जांच से कराना चाहते हैं, जिस से यह साबित हो सके कि मृतका कंचन ही थी. इस के लिए उन्होंने काररवाई भी शुरू कर दी थी.

— कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

सुहाग का गहना – भाग 2

डाक्टर नवेद बहुत थक चुका था. उस ने लगातार 5 बड़े औपरेशन किए थे. वह अपने कमरे में आ कर बैठा तो उसे बहुत तेजी से कौफी की तलब लगी. उस ने इंटरकाम पर नर्स से कौफी के लिए कह कर अपने आप को एक सोफे पर गिरा दिया और आंखें बंद कर के टांगें पसार दीं. कुछ ही देर में आंख भी लग गई. अचानक किसी शोर से उस की आंख खुली तो वह हड़बड़ा कर उठ बैठा.

कमरे के बाहर एक औरत चीखचीख कर कह रही थी, ‘‘मुझे अंदर जाने दो, डाक्टर से बात करने दो, मेरे शौहर की हालत बहुत नाजुक है.’’

‘‘इस वक्त डाक्टर साहब मरीज नहीं देखते. तुम कल शाम को मरीज को ले कर आना.’’ नर्स उसे समझा रही थी.

‘‘मेरे शौहर की जान खतरे में है और तुम कल आने के लिए कह रही हो,’’ उस औरत ने पूरी ताकत से चीख कर कहा, ‘‘तुम औरत हो या जानवर, चलो हटो सामने से.’’

फिर अगले ही लम्हे दरवाजा एक धमाके से खुला और एक औरत पागलों की तरह अंदर दाखिल हो गई. उस के पीछे नर्स थी, जो उसे अंदर जाने से रोक रही थी. जैसे ही उस औरत की नजर डा. नवेद पर पड़ी, वह उस की तरफ बिजली की तरह लपकी. लेकिन नवेद के पास पहुंच कर वह ठिठक गई. उस ने नवेद को देखा तो आंखें हैरत से फैल गईं. वक्त की नब्ज रुक सी गई. वह कुछ लमहे तक सकते के आलम में खड़ी रही, फिर उस के होंठों में जुंबिश हुई, ‘‘नवेद… तुम…!’’

‘‘जैतून!’’ नवेद झटके से उठ खड़ा हुआ.

जैतून की आंखों के सामने अंधेरा सा छा गया. वह किसी नाजुक सी शाख की तरह लहराई, ‘‘मेरा सुहाग बचा लो नवेद… नहीं तो मैं…’’ इस के आगे वह एक भी लफ्ज नहीं बोल सकी. अगर नवेद तेजी से आगे बढ़ कर उसे संभाल न लेता तो वह फर्श पर गिर चुकी होती.

जैतून पलंग पर बेहोशी के आलम में पड़ी थी. नवेद पलंग के पास कुर्सी पर बैठा कौफी की चुस्की ले रहा था. उस की नजरें जैतून के हसीन चेहरे पर जमी थीं. यह वही चेहरा था, जो आज भी उस के दिल पर नक्श था. उसे देखते देखते वह बहुत दूर चला गया. उस के दिमाग की खिड़कियां खुलने लगीं. उस ने सोचा, जैतून जो कभी उस की मोहब्बत थी, उन दोनों में बेइंतहा प्यार था. उस की जिंदगी का हर लम्हा जैतून की याद में जकड़ा हुआ था. क्या आज भी जैतून के दिल के किसी कोने में उस की याद बसी होगी?

जैतून तो उस की मोहब्बत में पागल थी. फिर बेवफा कौन था? वह वक्त, जिस पर किसी का अख्तियार नहीं होता है, जो किसी का नहीं होता है. वायदों की जंजीर को किस ने तोड़ा था, उस ने या जैतून ने? जैतून ही तो बेवफा निकली थी. कहा था, ‘मैं तुम्हारा इंतजार करूंगी.’ उस ने जैतून से सिर्फ 5 साल इंतजार करने के लिए कहा था. वे 5 साल पलक झपकते गुजर गए थे. लेकिन जब वह वापस आया तो सुना कि जैतून की शादी हो चुकी है.

जब जैतून किसी की हो चुकी थी तो उस की तलाश बेकार थी. उस ने अपने सीने में एक गहरा जख्म ले लिया था, जिस की दवा खुद उस के पास नहीं थी. जिस के पास दवा थी, वह किसी और की हो चुकी थी. अब अचानक जैतून उस की राह में आ कर खड़ी हो गई थी और आज देख कर कि वाकई वह किसी और की बन चुकी है.

नवेद को महसूस हो रहा था, जैसे उस के दिल में बर्छियां उतरती जा रही हों. वह सीने में किसी जख्मी परिंदे की तरह फड़फड़ाता हुआ दिल थामे सोचने लगा, आखिर जैतून और उस के शौहर का क्या जोड़ है? शाहिद जैतून के किसी लायक भी तो नहीं है.

नवेद ने जैतून के जिस्म पर परखने वाली एक नजर दौड़ाई. 3 बच्चों की मां बन कर भी वह नहीं ढली थी, बल्कि और भी नशीली हो गई थी. तकदीर ने एक शहजादी को एक मामूली से गुलाम की झोली में डाल दिया था. सोचतेसोचते नवेद का दिमाग अचानक बहकने लगा. वह एक खयाल से अचानक यूं उछल पड़ा, जैसे उसे करंट लगा हो. उस ने सोचा, जैतून को हासिल करने का उसे सुनहरा मौका मिल रहा है.

सांप भी मर जाएगा और लाठी भी नहीं टूटेगी. वह बड़ी आसानी से जैतून के शौहर को मौत की नींद सुला सकता है. कोई जैतून के शौहर की मौत को चैलेंज भी नहीं कर सकेगा. पर जैतून को क्या वह अपना बना पाएगा? क्या वह यह सदमा सह सकेगी? पर दुनिया की न जाने कितनी औरतें यह सदमा सह जाती हैं. वे मर तो नहीं जातीं, जैतून भी नहीं मरेगी. वह खुद ही नहीं, वक्त भी जैतून के जख्मों को सुखा देगा. दुनिया में वक्त से बड़ा कोई मरहम नहीं है. जैतून बच्चों के लिए उस का सहारा पा कर अपने शौहर की मौत को जल्द ही भुला देगी.

मगर जैतून अपने शौहर की मौत की सूरत में उस पर शक भी तो कर सकती है. नवेद के दिमाग में यह खयाल बिजली की तरह आते ही उस का सारा जिस्म पसीने में डूब गया. नवेद ने इस खयाल को जेहन से झटक दिया. उस का काम किसी की जान लेना नहीं है. बरसों से बसेबसाए घर को उजाड़ना दरिंदगी है, कत्ल है. एक डाक्टर होने के नाते खुदगर्जी के अंधे जुनून में डूब जाना उस के लिए बहुत ही शर्मनाक होगा. नवेद एक नई सोच, नए हौसले के साथ सिर्फ और सिर्फ एक डाक्टर बन कर जैतून के शौहर को देखने के लिए उठ खड़ा हुआ.

चेक करने पर नवेद ने जाना कि औपरेशन के सिवा और कोई चारा नहीं है. वह शाहिद के औपरेशन से फुरसत पाने के बाद जब औपरेशन थिएटर से निकला तो उस ने अपने आप को बेहद हल्काफुल्का और शांत महसूस किया. उस ने जैतून को बेचैनी से इंतजार करते पाया. उस ने बेताबी से उस के पास आ कर पूछा, ‘‘शाहिद कैसे हैं?’’

‘‘वह अब खतरे से बाहर हैं.’’ नवेद ने मुसकराते हुए उसे तसल्ली दी.

‘‘नवेद,’’ जैतून की आंखें आंसुओं से भर गईं, ‘‘मैं तुम्हारा यह एहसान जिंदगी भर नहीं भूलूंगी.’’

‘‘मगर जैतून, हमें तुम्हारे शौहर की जान बचाने के लिए उन की टांग काटनी पड़ी.’’ नवेद ने ठहरठहर कर धीमे लहजे में बताया.

जैतून की आंखों में अंधेरा सा छा गया. उस ने सदमे से भर कर अपना सीना दबा लिया, ‘‘मेरे अल्लाह! यह क्या हुआ.’’

‘‘इस के सिवा और कोई चारा नहीं था,’’ नवेद ने कहा, ‘‘टांग में जहर फैल गया था. अगर पहले ही इलाज पर पूरी मेहनत की गई होती तो यह नौबत न आती.’’

नवेद अपनत्व से आगे बोला, ‘‘जैतून, इस क्वार्टर में तुम अपने बच्चों के साथ रह सकती हो. जब तक शाहिद पूरी तरह से सेहतमंद नहीं हो जाते, तुम्हें किसी तरह की फिक्र करने की कोई जरूरत नहीं है. अलबत्ता शाहिद अस्पताल के कमरे में ही रहेंगे, क्योंकि उन्हें जल्दी ठीक होने के लिए आराम की सख्त जरूरत है. इस क्वार्टर में रहने पर बच्चों की वजह से उन्हें आराम नहीं मिल पाएगा.’’

जैतून ने एक पोटली नवेद के सामने रखी तो हैरत से उस ने जैतून की तरफ देखा, ‘‘यह क्या है जैतून?’’

‘‘गहने,’’ वह नवेद से नजरें नहीं मिला सकी, इसलिए नीची कर के बोली, ‘‘यह तुम्हारी और औपरेशन की फीस है. शाहिद के कमरे, खानेपीने और दूसरे मेडिकल खर्चे के लिए मेरे पास कुल पूंजी यही है. अगर इन गहनों को बेचने के बाद भी रकम कम पड़े तो मैं बाद में थोड़ाथोड़ा कर के अदा कर दूंगी.’’

‘‘जैतून!’’ नवेद की आवाज में दुख भर गया, ‘‘क्या तुम मुझे अपनी नजरों में जलील करना चाहती हो? क्या तुम मेरे जज्बात और हमदर्दी की कीमत लगा रही हो?’’

‘‘नहीं नवेद,’’ वह झुकी पलकों से फर्श को घूरती रही, ‘‘मैं आज खुद ही अपनी नजरों में जलील हो रही हूं. मैं खुद भी नहीं जानती कि तुम्हारे एहसानों का बदला कब और कैसे अदा करूं.’’

‘‘मैं इन गहनों को हाथ लगाना तो दूर, इन की तरफ देखना भी पसंद नहीं करूंगा,’’ नवेद ने उस के चेहरे पर नजरें जमा कर कहा, ‘‘ये गहने तुम्हारे सुहाग, प्यार और मोहब्बत भरी जिंदगी की निशानियां हैं. बस, मैं तुम से आज सिर्फ एक ही सवाल करना चाहता हूं.’’

‘‘मगर आज तुम अपने सवाल का जवाब पा कर क्या पाओगे नवेद? मैं ने अतीत को, और अपने आप को भुला दिया है.’’

‘‘मुझे क्या पाना है जैतून,’’ नवेद ने गहरी सांस ली, ‘‘तुम्हारे जवाब से मेरे दिल में जो बरसों से फांस गड़ी है, वह निकल जाएगी.’’

‘‘तुम मुझ से यही पूछना चाहते हो न कि मैं ने जब तुम से इंतजार करने का वायदा किया था तो तुम्हारा इंतजार क्यों नहीं किया? झूठ क्यों बोला?’’

‘‘हां जैतून,’’ नवेद ने सिर हिला दिया, ‘‘जब मैं ने वापस आ कर सुना कि तुम ने शादी कर ली है तो मेरे दिल पर कयामत सी टूट पड़ी.’’

आशिक ससुर की कातिल बहू – भाग 2

परमानंद देखने में ही जवान नहीं था, बल्कि शरीर से भी हृष्टपुष्ट था. इस की वजह यह थी कि वह अपने शरीर और खानपान का विशेष ध्यान रखता था. बच्चे सयाने हो गए हैं, यह कह कर पत्नी उर्मिला उसे पास नहीं फटकने देती थी. जबकि परमानंद अभी खुद को जवान समझता था और स्त्रीसुख की लालसा रखता था.

परमानंद को इस बात की जरा भी चिंता नहीं थी कि गीता उस की बेटी की उम्र की तो है ही, उस की बहू भी है. वह वासना में इस कदर अंधा हो गया था कि मर्यादा ही नहीं, रिश्ते नाते भी भूल गया. गीता अब उसे सिर्फ एक औरत नजर आ रही थी, जो उस की शारीरिक भूख शांत कर सकती थी. यहां परमानंद ही नहीं, गीता भी अपनी मर्यादा भुला चुकी थी. यही वजह थी कि वह परमानंद की किसी अशोभनीय हरकत का विरोध नहीं कर रही थी, जिस से उस की हिम्मत और हसरतें बढ़ती जा रही थीं. फिर तो एक स्थिति यह आ गई कि परमानंद की रात की नींद गायब हो गई. अब वह मौके की तलाश में रहने लगा.

आखिर उसे एक दिन तब मौका मिल गया, जब पत्नी मायके गई हुई थी. गरमी के दिन होने की वजह से बाकी बच्चे अंदर सो रहे थे. गीता घर के काम निपटा कर बाहर दालान में आई तो ससुर को बेचैन हालत में करवट बदलते देखा. उसे लगा ससुर की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए उस ने उस के पास आ कर पूछा, ‘‘लगता है, आप की तबीयत ठीक नहीं है?’’

परमानंद हसरत भरी निगाहों से गीता को ताकते हुए बोला, ‘‘तुम इतनी दूरदूर रहोगी तो तबीयत ठीक कैसे रहेगी.’’

गीता को परमानंद की बीमारी का पहले से ही पता था. बीमार तो वह खुद भी थी. इसीलिए तो मौका देख कर उस के पास आई थी. उस ने चाहतभरी नजरों से परमानंद को ताकते हुए कहा, ‘‘यह आप का भ्रम है. मैं आप से दूर कहां हूं बाबूजी. आप के आगेपीछे ही तो घूमती रहती हूं.’’

अब गीता इस से ज्यादा क्या कहती. परमानंद ने उस का हाथ पकड़ कर अपनी ओर खींचा तो वह खुद ही उस के ऊपर गिर पड़ी. इस तरह एक बार मर्यादा की दीवार गिरी तो उस पर रोजरोज वासना की इमारत खड़ी होने लगी. गीता का तो मर्यादा से कभी कोई नाता ही नहीं रहा था, उसी में उस ने ससुर को भी शामिल कर लिया. परमानंद की संगत में आ कर वह शराब भी पीने लगी. अब वह शराब पी कर ससुर के साथ आनंद उठाने लगी. कुछ दिनों बाद उस ने अपने चचिया ससुर से भी संबंध बना लिए.

ये ऐसा रिश्ता है, जिसे कितना भी छिपाया जाए, छिपता नहीं है. किसी दिन उर्मिला ने गीता को परमानंद के साथ रंगरलियां मनाते रंगेहाथों पकड़ लिया. लेकिन उन दोनों पर इस का कोई असर नहीं पड़ा. जब घर का मुखिया ही पतन के रास्ते पर चल रहा हो तो घर के अन्य लोग चाह कर भी कुछ नहीं कर सकते. उर्मिला भी जब ससुरबहू के इस मिलन को नहीं रोक पाई तो उस ने यह बात अपने बेटे मनोज को बताई.

मनोज जानता था कि उस का बाप और पत्नी बरबादी की राह पर चल रहे हैं, इसलिए वह भाग कर गांव आया. बाप से वह कुछ कह नहीं सकता था, उस ने गीता को समझाने की कोशिश की. लेकिन गीता अब कहां मानने वाली थी. हार कर मनोज उसे अपने साथ ले गया. मनोज का विचार था कि गीता साथ रहेगी तो ठीक रहेगी. लेकिन जिस की आदत बिगड़ चुकी हो, वह कैसे सुधर सकती है. बहुत कम लोग ऐसे मिलेंगे, जो ऐसे मामलों में सुधरने के बारे में सोचते हैं.

मनोज के नौकरी पर जाते ही गीता आजाद हो जाती. वह कमरे में ताला डाल कर घूमने निकल जाती. उस ने वहां भी अपने रंगढ़ंग दिखाने शुरू किए तो वहां भी रंगीनमिजाज लोग उस के पीछे पड़ गए. उन्हीं में रुद्रपुर की आदर्श कालोनी का रहने वाला शेखर और जगतपुरा का रहने वाला मनोज भटनागर भी था.

गीता के दोनों से ही प्रेमसंबंध बन गए. शेखर ने बातें करने के लिए गीता को एक मोबाइल फोन भी खरीद कर दे दिया था. यही नहीं, दोनों गीता की हर जरूरत पूरी करने को तैयार रहते थे. गीता उन के साथ घूमतीफिरती, सिनेमा देखती, होटलों और रेस्तरांओं में खाना खाती. बदले में वह उन्हें खुश करती और खुद भी खुश रहती.

मनोज जागरलाल के जिस मकान में किराए पर रहता था, उसी में उस के बगल वाले कमरे में रामचंद्र मौर्य रहता था. वह जिला बरेली के थाना मीरगंज के अंतर्गत आने वाले गांव गौनेरा का रहने वाला था. था तो वह शादीशुदा, लेकिन वहां वह अकेला ही रहता था. वह वहां एक फैक्ट्री में ठेकेदारी करता था.

अगलबगल रहने की वजह से मनोज और रामचंद्र के बीच परिचय हुआ तो दोनों एक ही जिले के रहने वाले थे, इसलिए उन में आपस में खास लगाव हो गया था. जल्दी ही रामचंद्र गीता के बारे में सब कुछ जान गया था. मनोज के काम पर जाते ही वह उस के कमरे पर पहुंच जाता और गीता से घंटों बातें करता रहता.

पुरुषों को अपनी ओर आकर्षित करने में माहिर गीता समझ गई कि रामचंद्र उस के कमरे पर क्यों आता है. वह जान गई कि पत्नी से दूर औरत सुख के लिए बेचैन रामचंद्र उसी के लिए उस के आगेपीछे घूमता है. रामचंद्र गीता से दोगुनी उम्र का था. लेकिन गीता के लिए इस का कोई मतलब नहीं था. उसे मतलब था तो सिर्फ देहसुख और पैसों से, जो चाहने वाले उस पर लुटा रहे थे. तरहतरह के मर्दों के साथ मजा लेने वाली गीता को रामचंद्र का आना अच्छा ही लगा. इसलिए गीता उस का मुसकरा कर स्वागत करने लगी.

फिर तो रामचंद्र को उस के करीब आने में देर नहीं लगी. जल्दी ही दोनों के मन ही नहीं, तन भी एक हो गए. लेकिन जितनी जल्दी वे एक हुए, उतनी ही जल्दी उन की पोल भी खुल गई. एक दिन मनोज फैक्ट्री से जल्दी आ गया तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. उस ने दरवाजा खटखटाया तो गीता ने दरवाजा काफी देर बाद खोला. वह मनोज को देख कर चौंकी. उस के कपड़े अस्तव्यस्त थे, इसलिए मनोज को लगा, वह सो रही थी. गीता ने सहमे स्वर में पूछा, ‘‘आज तुम इतनी जल्दी कैसे आ गए?’’

‘‘फैक्ट्री का जनरेटर खराब था, इसलिए काम नहीं हुआ.’’ कह कर मनोज कमरे में दाखिल हुआ तो सामने पलंग पर रामचंद्र को बैठे देख कर उसे माजरा समझते देर नहीं लगी. मनोज को देख कर वह तेजी बाहर निकल गया. मनोज ने गुस्से से पूछा, ‘‘यह यहां क्या कर रहा था?’’

‘‘पानी पीने आया था.’’ गीता ने हकलाते हुए कहा.

‘‘कमरा बंद कर के पानी पिला रही थी या उस के साथ गुलछर्रे उड़ा रही थी?’’

‘‘तुम्हें यह कहते शरम नहीं आती?’’ गीता चीखी.

‘‘शरम तो तुम्हें आनी चाहिए, जो एक के बाद एक गलत हरकतें करती आ रही हो. अपने मर्द के होते हुए पराए मर्द के साथ गुलछर्रे उड़ा रही हो. तुम्हें तो शरम से डूब मरना चाहिए.’’

‘‘तुम में है ही क्या? तुम न तो पत्नी को संतुष्ट कर सकते हो, न ही उस के खर्चे उठा सकते हो. अगर तुम को इस सब से परेशानी हो रही है तो मुझे छोड़ दो.’’ गीता ने अपना फैसला सुना दिया.

‘‘तू तो चाहती ही है कि मैं तुझे छोड़ दूं तो तू घूमघूम कर गुलछर्रे उड़ाए. तुझे तो अपनी इज्जत की पड़ी नहीं है, लेकिन मुझे तो अपनी इज्जत की फिक्र है. इसलिए सामान बांध लो और अब हम गांव चलते हैं.’’