Black Magic Scam. तंत्रमंत्र द्वारा लोगों की समस्याओं को दूर करने का दावा करने वाले तथाकथित तांत्रिकों की आए दिन पोल खुलती रहती है. इस के बावजूद भी लोग उन की ठगी का शिकार कैसे हो जाते हैं.
हर रोज किसी न किसी तांत्रिक की पोल खुलती रहती है. इस के बावजूद भी अच्छेअच्छे पढ़ेलिखे लोग उन के चंगुल में फंस जाते हैं. ग्वालियर क्षेत्र के लश्कर क्षेत्र में कुछ सालों पहले एक तांत्रिक ने पासा बाबा के नाम से अपना डेरा जमाया था. उस ने लोगों को यह बताया था कि उस पर किसी पीर बाबा की सवारी आती है. इस के बाद अपनी समस्याएं ले कर अनेक लोग उस की शरण में पहुंचने लगे. इस तरह वह लोगों को अपने झांसे में ले कर मोटी कमाई करने लगा.
कुछ ही समय में तंत्रमंत्र के नाम पर लोगों से लाखों रुपए ऐंठ कर एक दिन वह फरार हो गया. काफी भागदौड़ के बाद भी जब वह नहीं मिला तो पुलिस ने उस के ऊपर 10 हजार रुपए का इनाम रख दिया. उसे गायब हुए करीब 16 साल बीत चुके थे.
14 दिसंबर, 2016 की बात है. ग्वालियर कोतवाली के थानाप्रभारी विजय सिंह तोमर को एक मुखबिर ने तांत्रिक पासा बाबा के बारे में एक गोपनीय जानकारी दी. जानकारी मिलते ही थानाप्रभारी तोमर एएसआई वीरेंद्र सिंह कुशवाह, हैडकांस्टेबल शैलेंद्र सिंह चौहान आदि को ले कर ग्वालियर शहर के रौक्सी सिनेमा के नजदीक पहुंच गए. कुछ देर बाद रौक्सी सिनेमा के पास जो पान की दुकान थी. उस के पास तांत्रिक पासा बाबा दिखाई दिया. मुखबिर के इशारे पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.






