Delhi News: तथाकथित तांत्रिक कमरुद्दीन भले ही 72 साल का हो गया था, लेकिन वह अपनी प्रभावशाली बातों से लोगों को बड़ी आसानी से बेवकूफ बना कर न सिर्फ लाखों रुपए ऐंठ लेता था, बल्कि मर्डर तक करने से नहीं हिचकता था. हाल ही में उस ने 'धनवर्षा’ का लालच दे कर दिल्ली के 3 लोगों से न सिर्फ लाखों रुपए की ठगी की, बल्कि उन्हें इस तरह मौत की नींद सुलाया कि...
शाम को करीब 4 बजे आउटर दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाई ओवर के पास से एक राहगीर साइकिल द्वारा वहां से गुजर रहा था कि उस की नजर फ्लाईओवर के नीचे खड़ी एक सफेद रंग की कार पर पड़ गई. उसे गहरा आश्चर्य हुआ. वह दोपहर को यहां से साइकिल द्वारा सुलतानपुरी अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए गया था, तब भी यह कार उस ने यहां खड़ी देखी थी, लौटने पर उसे वही कार वहां पर फिर खड़ी दिखाई दी तो उसे कौतूहल हुआ.
वह अपनी साइकिल खड़ी कर के कार की तरफ बढ़ते हुए बुदबुदाया, 'यहां कोई पार्किंग नहीं है, ऐसी व्यस्त सड़क पर कौन बेवकूफ अपनी कार दोपहर से यहां खड़ी कर के चला गया है, कहीं वह इसी में पड़ा सो तो नहीं रहा है? देखता हूं माजरा क्या है?’
वह व्यक्ति कार के पास आ गया. उस ने जैसे ही कार के भीतर झांक कर देखा, उस के होश उड़ गए. कार में एक नहीं, 3 लोग सीटों पर आड़ेतिरछे पड़े हुए थे. इन में 2 पुरुष और एक महिला थी. तीनों के चेहरों पर मुंह से निकला झाग फैल कर सूख गया था. उन के शरीर में कोई हरकत नहीं थी. इसी से उस व्यक्ति ने अनुमान लगा लिया था कि इन तीनों के साथ जरूर कुछ हुआ है.






