Gold Tea. भारत में एक चाय की कीमत सड़क के किनारे चाय की दुकानों में ज्यादा से ज्यादा 15-20 रुपए की हो सकती है. किंतु यह जान कर किसी को भी हैरानी हो सकती है कि दुबई के एक कैफे में एक कप चाय एक लाख रुपए में परोसी जाती है. इस का नाम 'गोल्ड कड़क टी’ है, वहां की मुद्रा में करीब 5,000 एईडी है (लगभग एक लाख रुपए) है. यह लग्जरी टी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. इसे दुनिया की सब से महंगी चाय बताया जाता है.
इस चाय को भारतीय ओरिजिन के एक कैफे में तैयार किया जाता है. इस की सब से बड़ी खासियत यह है कि चाय के ऊपर 24 कैरेट खाने के काबिल सोने की परत लगाई जाती है. साथ ही इसे असली चांदी के कप में दिया जाता है, जिस से इस का तजुर्बा और भी लग्जरी बन जाता है.
वैसे इस चाय में इस्तेमाल होने वाली चीजें, इस की सजावट और सर्व करने का तरीका इसे आम चाय से बिलकुल अलग बनाता है. यही वजह है कि यह चाय दुबई के अमीर ग्राहक और लग्जरी पसंद करने वालों के बीच काफी पसंदीदा हो रही है.
इस चाय की चर्चा सिर्फ दुबई तक सीमित नहीं है, सोशल मीडिया के जरिए दुनिया के कई देशों तक पहुंच चुकी है. यही वजह है कि कई लोग इसे दुनिया की सब से अनोखी और महंगी चाय में से एक मान रहे हैं.
इस महंगी चाय के बारे में कैफे के मालिक का कहना है कि दुनिया भर में महंगे आहार और पेय का चलन लगातार बढ़ रहा है. लोग सिर्फ टेस्ट ही नहीं, बल्कि एक अलग और यादगार तजुर्बे के लिए भी बड़ी रकम खर्च करना अपनी शान समाझते हैं. ऐसा कर वे अपने रुतबे का भी प्रदर्शन करते हैं.Gold Tea






