Blind Faith Tragedy : धर्म और आस्था के नाम पर लगभग अनपढ़ हो चुके लोगों को बेवकूफ बनाना और ठगना पंडेपुजारियों का आसान काम है. नालंदा के शीतला माता मंदिर के पुजारियों ने खास दिन और समय पर मंदिर में पूजा करने की ऐसी महत्त्व की कहानियां सुनाईं कि मंदिर में श्रद्धालुओं की बेतहाशा भीड़ बढ़ गई. बेकाबू भीड़ की भगदड़ में 9 जनों को जान गंवानी पड़ी. आखिर आस्था से कैसे निकली मौत

 बात 31 मार्च, 2026 की है. सुबह की पहली किरण अभी धरती पर उतरी भी नहीं थी कि नालंदा के शीतला मंदिर के बाहर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. हाथों में पूजा की थालियां, माथे पर सिंदूर, होंठों पर मंत्र और दिल में एक ही उम्मीद. आज माता के दर्शन होंगे, सब कष्ट दूर हो जाएंगे, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में यही आस्था चीखों में बदल जाएगी. यही भीड़ मौत का मंजर बन जाएगी और श्रद्धा की इस राह पर 9 जिंदगियां हमेशा के लिए थम जाएंगी.पहले हम, पहले हम की अदृश्य होड़ में जब इंसान इंसान को धक्का देने लगा. तब न मंदिर दिखा, न आस्था का देव. सिर्फ एक बेकाबू भीड़ थी, जो अपने ही लोगों को रौंदती चली जा रही थी.

कुछ ही मिनटों में बिहार के नालंदा जिले के शीतला मंदिर का वह पवित्र आंगन मातम में बदल गया और पीछे छूट गईं टूटी हुई चूडिय़ों की खनक, बिखरी हुई चप्पलें और उन परिवारों की सिसकियां, जिन की दुनिया उसी सुबह उजड़ गई. यह सिर्फ एक हादसा नहीं था.यह आस्था के नाम पर पनपते अंधविश्वास, अव्यवस्था और लापरवाही की वह भयावह सच्चाई थी, जिस ने 9 जिंदगियां छीन लीं.

वह सुबह किसी आम दिन की तरह ही शुरू हुई थी. लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद वही सुबह एक ऐसी त्रासदी में बदल जाएगी. जिसे याद कर के वर्षों तक लोगों की रूह कांपती रहेगी. मघड़ा गांव का शीतला माता मंदिर जहां हर मंगलवार और खासकर चैत्र मास में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. उस दिन आस्था का नहीं, बल्कि मौत का मेला बन गया.

लोग घरों से निकले थे पूजा की थाली ले कर, मन में विश्वास और चेहरे पर उम्मीद के साथ कि माता के दर्शन होंगे, कष्ट दूर होंगे, मनोकामनाएं पूरी होंगी. लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि उसी भीड़ में उन की सांसें भी थम सकती हैं.

नालंदा के शीतला मंदिर में उमड़ी भीड़

सुबह से ही मंदिर के बाहर भीड़ बढऩे लगी थी. महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे हर वर्ग के लोग वहां मौजूद थे. लेकिन संख्या सब से ज्यादा महिलाओं की थी. वे समूह में आई थीं, जैसे हमेशा आती हैं. हंसीठिठोली करते हुए, भजन गाते हुए, और मन में यह विश्वास लिए कि आज का दिन खास है. भीड़ बढ़ती गई, कतार लंबी होती गई, लेकिन धीरेधीरे कतार का अनुशासन टूटने लगा.

लोग लाइन में खड़े जरूर थे, लेकिन मन में अधीरता साफ दिखाई दे रही थी. हर किसी को जल्दी थी. हर किसी को लग रहा था कि अगर वह पीछे रह गया तो शायद उसे दर्शन का मौका नहीं मिलेगा. यहीं से उस खतरनाक मानसिकता ने जन्म लिया ‘पहले हम’ यह शब्द कोई बोल कर नहीं कह रहा था, लेकिन हर किसी के व्यवहार में यह साफ झलक रहा था. लोग धीरेधीरे धक्का देने लगे. पीछे से दबाव बढ़ता गया. आगे खड़े लोग असहज होने लगे. किसी ने बैरिकेड पकड़ा, किसी ने साइड से घुसने की कोशिश की. और फिर एक ऐसा क्षण आया, जिस ने सब कुछ बदल दिया.

गूंजने लगीं चीखें

एक बैरिकेड अचानक टूट गया. शायद वह पहले से ही कमजोर था या भीड़ के दबाव को सह नहीं पाया. जैसे ही बैरिकेड गिरा, भीड़ का संतुलन बिगड़ गया. पीछे से आ रहे लोगों को कुछ समझ में नहीं आया. वे उसी रफ्तार से आगे बढ़ते रहे. आगे खड़े लोग गिरने लगे. एक गिरा, फिर दूसरा, फिर तीसरा और कुछ ही सेकेंड में जमीन पर लोगों का ढेर लग गया. जो गिर गए, वे उठ नहीं पाए, क्योंकि उन के ऊपर लोग गिरते चले गए. किसी के पैर किसी के सीने पर, किसी का हाथ किसी के चेहरे पर. एक भयावह दृश्य, जिसे शब्दों में पूरी तरह बयान करना संभव नहीं.

चीखें गूंजने लगीं. बचाओ… बचाओ… लेकिन उस समय कोई किसी को बचाने की स्थिति में नहीं था. हर कोई खुद को बचाने की जद्दोजहद में लगा था. जो खड़े थे, वे गिरने से डर रहे थे और जो गिर गए थे, वे उठने के लिए जूझ रहे थे, लेकिन उन के ऊपर इतने लोग थे कि सांस लेना भी मुश्किल हो गया था. कुछ ही मिनटों में दम घुटने लगा. जो लोग कुछ देर पहले शीतला माता का नाम ले रहे थे, वे अब जिंदगी के लिए जूझ रहे थे.

जब तक भीड़ को नियंत्रित किया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. जमीन पर कई लोग बेहोश पड़े थे. कुछ की सांसें थम चुकी थीं. कुछ अभी भी तड़प रहे थे. आसपास के लोग उन्हें उठाने की कोशिश कर रहे थे. कोई पानी ला रहा था. कोई रो रहा था. कोई अपने परिजन को ढूंढ रहा था. मंदिर का वह परिसर, जहां कुछ समय पहले भक्ति का माहौल था, अब चीखों और सिसकियों से भर चुका था.

इस भीषण भगदड़ में कुल 9 लोगों की मौत हुई, जिन में 8 महिलाएं शामिल थीं. यह आंकड़ा सिर्फ एक संख्या नहीं है, यह 9 परिवारों का उजडऩा है, 9 जिंदगियों का अचानक खत्म हो जाना है. एक महिला अपनी बहन को उठाने की कोशिश कर रही थी. उठो, चलो घर चलते हैं. लेकिन उस की बहन अब कभी नहीं उठने वाली थी. एक बच्चा अपनी मम्मी के पास बैठा था, उसे समझ नहीं आ रहा था कि उस की मम्मी क्यों नहीं बोल रही. एक बुजुर्ग आदमी अपने हाथों से जमीन पीट रहा था, ”हाय! यह क्या हो गया.’’

अगर हम इस घटना को सिर्फ एक हादसा कह कर छोड़ दें तो हम सच्चाई से आंखें चुरा रहे होंगे. यह हादसा नहीं, बल्कि कई स्तरों पर हुई विफलताओं का परिणाम था. सब से बड़ा कारण था अंधविश्वास. लोगों के मन में यह बात बैठा दी गई है कि विशेष दिन पर, विशेष समय पर, जल्दी दर्शन करने से ज्यादा पुण्य मिलता है. यही सोच उन्हें अधीर बनाती है, उन्हें नियम तोडऩे के लिए मजबूर करती है.

जब आस्था में समझ का अभाव हो जाता है तो वह अंधविश्वास बन जाती है और अंधविश्वास हमेशा खतरनाक होता है.इस के साथ ही, धार्मिक स्थलों पर पंडेपुजारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आती है. कई बार वे भीड़ को नियंत्रित करने के बजाए उसे बढ़ावा देते हैं. आज का दिन बहुत खास है. आज दर्शन नहीं किया तो मौका चला जाएगा. ऐसी बातें लोगों को और ज्यादा बेचैन कर देती हैं.

पैसे ले कर जल्दी दर्शन करवाने का खेल भी चलता है, जिस से बाकी लोगों में असंतोष और अधीरता बढ़ती है. जब धर्म व्यापार का रूप ले लेता है तो उस में संवेदनशीलता कम हो जाती है और लालच हावी हो जाता है.

धार्मिक न्यास बोर्ड अध्यक्ष प्रो. रविनंदन

प्रशासन की भूमिका भी इस घटना में कम जिम्मेदार नहीं है. इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था नहीं थी. बैरिकेड कमजोर थे. कोई ठोस भीड़ प्रबंधन योजना नहीं थी. प्रशासन की यह बड़ी लापरवाही थी. हर साल ऐसे आयोजनों में भीड़ जुटती है, फिर भी हर बार प्रशासन तैयार नहीं होता. हादसे के बाद जांच और काररवाई की बातें होती हैं, लेकिन हादसे को रोकने के लिए पहले से तैयारी क्यों नहीं की जाती?

इस घटना में महिलाओं की अधिक संख्या में मौत होना भी एक गंभीर सामाजिक पहलू को उजागर करता है. महिलाएं अकसर समूह में मंदिर जाती हैं, लेकिन भीड़ में उन की सुरक्षा सब से कम होती है. गिरने के बाद उन के उठने की संभावना कम होती है और भीड़ में उन्हें प्राथमिकता नहीं मिलती. यह हमारे समाज की उस सच्चाई को दिखाता है, जहां महिलाओं की सुरक्षा अब भी एक बड़ी चुनौती है.

भीड़ का मनोविज्ञान भी इस त्रासदी का एक महत्त्वपूर्ण कारण है. जब लोग भीड़ में होते हैं तो वे अपनी व्यक्तिगत सोच खो देते हैं. वे दूसरों को देख कर प्रतिक्रिया करते हैं. अगर एक व्यक्ति धक्का देता है तो बाकी भी धक्का देने लगते हैं. अगर एक व्यक्ति दौड़ता है तो बाकी भी दौडऩे लगते हैं. यह एक ऐसी स्थिति होती है, जहां तर्क और संवेदना दोनों पीछे छूट जाते हैं.

लालच बनी वजह

यह भगदड़ केवल भीड़ का हादसा नहीं, बल्कि लालच और कुप्रबंधन का नतीजा साबित हुई, जिस में 8 महिलाओं की जान चली गई. जांच में सामने आया कि मेले का ठेका महज 90 हजार रुपए में दिया गया था, जबकि आयोजकों का लक्ष्य लगभग 3 लाख रुपए की कमाई करना था. इसी लालच में क्षमता से कहीं अधिक श्रद्धालुओं को बिना समुचित व्यवस्था के मंदिर परिसर में प्रवेश दे दिया गया.

न तो पर्याप्त पुलिस बल मौजूद था. न ही प्रवेश और निकास की सही व्यवस्था, जिस से अचानक बढ़ी भीड़ के दबाव में बैरिकेड्स टूट गए और अफरातफरी मच गई. कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गए और लोग एकदूसरे पर गिरते चले गए.

यह हादसा साफ तौर पर दिखाता है कि आस्था के नाम पर आयोजित कार्यक्रमों में जब सुरक्षा की जगह मुनाफे को प्राथमिकता दी जाती है तो उस का अंजाम बेहद दर्दनाक हो सकता है. धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन ने शीतला मंदिर में हुए हादसे के बाद कहा कि मंदिरों का पंजीकरण और उन का व्यवस्थित प्रबंधन अब अत्यंत आवश्यक हो गया है.

उन्होंने माना कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के अनुरूप पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा सकी, जिस के कारण प्रबंधन स्तर पर गंभीर चूक सामने आई. उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंदिरों में भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास की सुव्यवस्थित व्यवस्था, सुरक्षा मानकों का पालन और प्रशासनिक निगरानी को सख्ती से लागू किया जाएगा. साथ ही स्थानीय प्रबंधन समितियों को अधिक जिम्मेदार और सक्रिय बनाते हुए धार्मिक न्यास बोर्ड के साथ समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित की जा सके.

इस घटना पर बिहार सरकार प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि यह हादसा प्राकृतिक नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता है. क्योंकि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था नहीं की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की सुरक्षा को ले कर गंभीर नहीं है और उस का पूरा ध्यान सिर्फ सत्ता बचाने पर है.

Blind Faith Tragedy
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार और प्रसाशन पर गंभीर सवाल खड़े किए

तेजस्वी ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त काररवाई और पीडि़त परिवारों को उचित मुआवजा देने की बात कही. नालंदा की यह घटना हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि अगर हम ने इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से नहीं लिया तो ऐसी और घटनाएं बारबार दोहराई जाती रहेंगी और हर बार हम सिर्फ यही कह पाएंगे.

काश! हम ने पहले कुछ ढंग का पढ़ लिया होता.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...