Bihar shocking murder case: एक ऐसी शर्मनाक घटना सामने आई है, जिस ने मां और बेटे के रिश्ते को ही सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया. जिस मां ने अपने बेटे को पालपोस कर बड़ा किया, उस की हर जरूरत पूरी की और फिर उस की शादी कर घर बसाया, उसी मां को आखिर में मौत मिली.
आरोप है कि बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर साड़ी से मां का गला घोंट दिया. आखिर ऐसी क्या नौबत आ गई कि एक बेटा अपनी ही मां का कातिल बन बैठा? क्या इस के पीछे पत्नी का दबाव था या फिर कोई और वजह इस खौफनाक हत्या की जड़ बनी? आइए जानते हैं, इस पूरे मामले की कहानी विस्तार से.
यह सनसनीखेज वारदात बिहार के सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र स्थित हसनपुरवा गांव से सामने आई है. यहां पारिवारिक विवाद के चलते बेटे बबलू यादव पर अपनी पत्नी रिंकू देवी के साथ मिलकर मां पनपती देवी की हत्या करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने साड़ी से गला दबाकर महिला को मौत के घाट उतार दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसडीपीओ गौरी कुमारी ने सदर अस्पताल पहुंचकर मृतका के पति कन्हैया यादव से पूरे मामले की जानकारी ली. कन्हैया यादव के मुताबिक करीब एक महीने पहले उन की पत्नी और बहू के बीच किसी बात को ले कर विवाद हुआ था. आरोप है कि उसी विवाद के बाद विदेश में काम कर रहे बेटे बबलू यादव ने फोन पर अपनी मां को जान से मारने की धमकी दी थी.
परिजनों के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले बबलू यादव विदेश से गांव लौटा था. आरोप है कि गांव आने के बाद उस ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. दोनों ने कथित तौर पर पनपती देवी की साड़ी से ही उन का गला दबा दिया, जिस से उन की मौत हो गई.
कन्हैया यादव ने यह भी दावा किया कि उन्हें पहले से किसी अनहोनी की आशंका थी. इसी वजह से उन्होंने 11 मई को थाने में दरख्वास्त दे कर सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से काररवाई करते हुए आरोपी बेटे बबलू यादव और बहू रिंकू देवी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. वहीं इस निर्मम वारदात ने लोगों को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है. Bihar shocking murder case






