One Sided Love. मरियम ने शादी से मना क्या किया, इमरान की मानो दुनिया ही लुट गई. उस ने प्यार का वास्ता दे कर मरियम को बहुत समझाया, पर जब मरियम नहीं मानी तो उस ने जो निर्णय लिया, क्या वह उचित था?  

31 जुलाई, 2017 की सुबह के यही कोई 10 बजे के आसपास नवी मुंबई के मेरुल इलाके के गांव कारावे के रहने वाले महेंद्र ताडे़ल पामबीच मार्ग से सटे बामणदेव रोड से अपने खेतों की ओर जा रहे थे तो उन्हें सड़क के किनारे झाडि़यों के बीच एक प्लास्टिक की एक बड़ी सी थैली पड़ी दिखाई दी, जिस में एक बैग भरा हुआ था. चिंता की बात यह थी कि उस बैग से खून रिस रहा था, जो वहां जमे पानी में घुल रहा था.

खून देख कर महेंद्र को समझते देर नहीं लगी कि इस में लाश है. वह खेतों पर जाने के बजाय थाना एनआरआई सागरी पहुंचे. जिस समय वह थाना एनआरआई सागरी पहुंचे थे, उस समय ड्यूटी पर महिला एसआई सरिता आपके थीं. उन्होंने महेंद्र ताड़ेल से मिली जानकारी की डायरी बनाई और इस घटना की सूचना तत्कालीन थानाप्रभारी इंसपेक्टर रवींद्र पाटील को देने के साथ पुलिस कंट्रोल रूम तथा पुलिस अधिकारियों को भी दे दी.

इंसपेक्टर रवींद्र पाटील ने एआई अशोक पल्ले, एसआई भूषण कापड़णीस, हैडकांस्टेबल विष्णु नरवाड़े, दीपक सावंत, कांस्टेबल प्रवीण वानखेड़े, तुषार चव्हाण आदि को साथ लिया और घटनास्थल पर पहुंच गए.

पुलिस के पहुंचतेपहुंचते ही वहां गांव वालों की भीड़ लग गई थी. भीड़ को हटा कर रवींद्र पाटील ने बैग झाडि़यों से बाहर निकलवा कर खोला तो उस में से एक महिला की लाश निकली. लाश को बड़ी बेरहमी से तोड़मरोड़ कर बैग में ठूंसा गया था. उस का सिर भी काट कर धड़ से अलग किया हुआ था. मृतका पंजाबी सूट पहने थी. उस की उम्र 22-24 साल रही होगी.

रवींद्र पाटील लाश और घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे थे कि नवी मुंबई के सीपी हेमंत नगराले, एडीशनल सीपी प्रशांत बुरडे, डीसीपी सुधाकर पाठारे और एसीपी किरन पाटील भी घटनास्थल पर आ पहुंची. इन्हीं के साथ फोरैंसिक टीम भी आई थी.

फोरैंसिक टीम का काम खत्म हो गया तो पुलिस ने एक बार फिर लाश और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने बैग और मृतका के कपड़ों की तलाशी भी ली कि शायद ऐसी कोई चीज मिल जाए, जिस से मृतका की शिनाख्त हो सके.

जब बैग और मृतका के कपड़ों से ऐसी कोई चीज नहीं मिली, जिस से उस की शिनाख्त हो सकती तो थानाप्रभारी ने वहां इकट्ठा लोगों से उस की शिनाख्त कराने की कोशिश की, पर इस से भी कोई लाभ नहीं हुआ. इस से साफ हो गया कि हत्या कहीं और कर के सबूत मिटाने की गरज से लाश यहां ला कर फेंकी गई थी.

शिनाख्त नहीं हो सकी तो रवींद्र पाटील ने घटनास्थल की औपचारिक काररवाई पूरी कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिया. इस के बाद थाने आ कर थानाप्रभारी ने महेंद्र ताड़ेल की ओर से मुकदमा दर्ज करा कर आगे क्या किया जाए, इस बात पर विचार करने लगे.

जांच तभी आगे बढ़ सकती थी, जब मृतका की शिनाख्त हो जाती. बिना शिनाख्त के जांच आगे नहीं बढ़ सकती थी. मृतका की शिनाख्त के लिए जैसा पुलिस करती है, उसी के अनुसार, थाना एनआरआई सागरी पुलिस ने मुंबई, नवी मुंबई और आसपास के सभी जिलों के थानों को मृतका का फोटो भेज कर यह जानने की कोशिश की कि किसी थाने में इस तरह की युवती की गुमशुदगी तो नहीं दर्ज कराई गई है.

थाना एनआरआई सागरी पुलिस की यह युक्ति काम कर गई. 30 जुलाई की रात नवी मुंबई के ही थाना शिवाजीनगर पुलिस से थानाप्रभारी रवींद्र पाटील को जानकारी मिली कि मृतका का नाम मरियम अब्दुल रहीम शेख है. वह नवी मुंबई के सी वुड परिसर स्थित 44 मोरेश्वर अपार्टमेंट की दुकान नंबर 3 के ग्रेसफुल हेयर कटिंग सैलून व ब्यूटीपार्लर में ब्यूटीशियन का काम करती थी.

यह जानकारी मिलते ही थाना एनआरआई सागरी पुलिस ग्रेसफुल हेयर कटिंग सैलून पहुंच गई. वहां के कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि उस दिन मरियम न तो काम पर आई थी और न ही उस से फोन पर ही बात हो सकी थी, क्योंकि उस का फोन बंद था. वह घर में भी नहीं थी. उस के भाई का फोन आया था. वह रात में भी घर नहीं पहुंची थी.

उन्हें जब पता चला कि मरियम की हत्या हो गई है तो सब सकते में आ गए. अब तक साफ हो गया था कि वह लाश मरियम की ही थी. रवींद्र पाटील सैलून में पूछताछ कर रहे थे कि तभी उन की नजर कोने वाली कुरसी के नीचे गई तो वहां उन्हें खून के नजर आए. वे सूख कर काले पड़ चुके थे. इस से रवींद्र पाटील को लगा कि मृतका मरियम की हत्या रात में सैलून में ही की गई है. इस के बाद सभी कर्मचारी संदेह के घेरे में आ गए.

पुलिस ने जब इस बाबत पूछताछ की तो सभी ने एक सुर में कहा कि इस संबंध में उन्हें कुछ नहीं मालूम. वे सुबह काम पर आए थे तो इमरान सलमानी सैलून की सफाई कर रहा था. अगर कुछ बता सकता है तो वही बता सकता है. जब पुलिस ने इमरान के बारे में पूछा तो पता चला कि कुछ देर पहले ही वह बिना किसी को कुछ बताए चला गया है.

पुलिस ने सैलून में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चैक की तो साफ हो गया कि मरियम शेख की हत्या इमरान ने ही की थी. मृतका की भी शिनाख्त हो गई थी और हत्यारे का भी पता चल चुका था. रवींद्र पाटील को जब पता चला कि हत्यारा इमरान उत्तर प्रदेश का रहने वाला है तो उन्होंने तुरंत उन स्टेशनों पर पुलिस टीमें भेज दीं, जहां से वह ट्रेन पकड़ कर भाग सकता था.

रवींद्र पाटील का सोचना सही निकला. पुलिस को इमरान रेलवे स्टेशन पर ही मिल गया. वह उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था. उसे हिरासत में ले कर थाने लाया गया. थाने में की गई पूछताछ में पहले तो वह मरियम की हत्या से मना करता रहा, लेकिन जब उसे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाई गई तो उस ने मरियम की हत्या का अपना अपराध स्वीकार कर लिया. इस के बाद उस ने मरियम की हत्या की जो कहानी सुनाई, वह इस प्रकार थी—

20 साल का इमरान सलमानी उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा के गांव इरिया का रहने वाला था. उस के घर के सभी लोग बाल काटने का काम करते थे, इसलिए उस ने भी यही काम सीख लिया. लेकिन गांव में इतना काम नहीं होता था, जितने से उस का काम चलता. क्योंकि गांव में बाल काटने का उतना पैसा नहीं मिलता, जितना शहरों में मिलता है.

गांव में ढंग की कमाई न होने से इमरान ठीकठाक कमाई की उम्मीद में सन 2014 में मुंबई चला गया. मुंबई में कुछ दिनों तक वह इधरउधर छोटेमोटे काम करता रहा. सन 2015 में उसे नवी मुंबई के ग्रेसफुल हेयर कटिंग ऐंड ब्यूटीपार्लर में काम मिल गया. उस के पास रहने की जगह नहीं थी, इसलिए वह सैलून में ही रहने लगा था. इमरान को रहने की जगह मिल गई थी तो सैलून मालिक के लिए भी फायदे की बात यह थी कि वह उस की देखभाल के साथसाथ उस की साफसफाई भी करता था.

22 साल की मरियम शेख उपनगर चैंबूर गोवंडी के मोहम्मद रफीकनगर स्थित फैजुल रसूल जामा मसजिद के पास बैठी चाल में अपने परिवार के साथ रहती थी. उस के परिवार में पिता अब्दुल रहीम शेख और मां मुनीरा थी. भाईबहन की शादी हो चुकी थी, इसलिए वे अपनेअपने परिवारों के साथ अलग रहते थे.

भाई अलग रहने लगा था, मांबाप बूढ़े हो चुके थे, इसलिए कमाने वाला कोई नहीं रहा. तब 10वीं तक पढ़ी मरियम ने घर का खर्च चलाने के लिए ग्रेसफुल हेयर कटिंग सैलून ऐंड ब्यूटीपार्लर में नौकरी कर ली. अब वही मांबाप का सहारा थी, इसलिए मांबाप उसे जान से ज्यादा प्यार करते थे.

इसी साल 30 जून को मरियम शेख ने ग्रेसफुल हेयर कटिंग सैलून ऐंड ब्यूटीपार्लर की नौकरी शुरू की थी और 30 जुलाई की रात अचानक वह गायब हो गई. रोज की तरह अपने समय पर मरियम घर नहीं पहुंची तो घर वालों को चिंता हुई. घर वालों ने उस के बारे में पता लगाना शुरू किया. सैलून तथा उस के साथ काम करने वालों से पूछने के बाद रिश्तेदारों से पता किया गया कि कहीं वह किसी रिश्तेदार के यहां तो नहीं गई.

जब कहीं से मरियम के बारे में पता नहीं चला तो उसी दिन यानी 30 जुलाई की रात थाना शिवाजीनगर में उस का फोटो दे कर उस की गुमशुदगी दर्ज करवा दी गई.

मरियम तन से ही नहीं, मन से भी खूबसूरत थी. चंचल, स्वस्थ, सौंदर्यमयी, शोख, आधुनिक विचारों वाली मरियम हर किसी से बिना झिझक बात ही नहीं कर लेती थी, बल्कि मौका पड़ने पर हंसीमजाक भी कर लेती थी. साथ काम करने वाले सैलून के सभी कर्मचारियों को तो वह बातबात में हंसाती रहती थी. यही नहीं, वह अपने काम के प्रति भी काफी जिम्मेदार थी. यही वजह थी कि हर कोई उस से खुश ही नहीं रहता था, बल्कि उस से लगाव भी महसूस करता था.

ऐसे ही लोगों में उस के साथ काम करने वाला इमरान सलमानी भी था. वह मरियम से लगाव ही नहीं महसूस करता था, बल्कि वह उसे अपना दिल दे बैठा था. वह उस की अदाओं पर मर मिटा था, जिस से वह उसे जीवनसाथी के रूप में देखने लगा था और उसे ले कर भविष्य के सपने बुनने लगा था, जबकि मरियम उस से लगभग 2 साल बड़ी थी. इस के बावजूद वह मरियम से प्रेम करने लगा था. जबकि उस के इरादे से अनजान मरियम उसे छोटा भाई मानती थी.

शायद इसी वजह से वह अपने घरपरिवार की ही नहीं, बताई जा सकने वाली व्यक्तिगत बातें भी उसे बता देती थी. खाली समय में वह अन्य लोगों की तरह उस से हंसीमजाक भी कर लेती थी. उस की इन्हीं सब बातों का इमरान ने गलत अर्थ लगा लिया और उसे लगने लगा कि मरियम भी उसे चाहती है.

ऐसे में कभी मौका मिलने पर उस ने मरियम से शादी का जिक्र भी कर दिया तो मरियम ने अपनी आदत के अनुसार उस की बात को हंसी में उड़ा दिया. जबकि इमरान पूरी तरह से गंभीर था. मरियम को झटका तब लगा, जब एक दिन मौका मिलने पर इमरान ने उसे बांहों में भर लिया. उस की इस हरकत पर मरियम नाराज हुई तो उस ने कहा, ‘‘अब बहुत हो गया हंसीमजाक मरियम, मेरी समझ से अब हमें गंभीरता से सोचना चाहिए.’’

‘‘तुम कहना क्या चाहते हो?’’ मरियम ने झिड़कते हुए पूछा, ‘‘किस बात के लिए गंभीरता से सोचना चाहिए?’’

‘‘अरे मैं तुम से प्यार करता हूं और तुम से शादी करना चाहता हूं. मैं तुम्हारे बिना जी नहीं सकता मरियम. मैं तुम्हारे साथ जिंदगी बिताने के सपने देख रहा हूं और तुम्हारे साथ अपना नया संसार बसाना चाहता हूं.’’ भावनाओं में बह कर इमरान ने कहा.

‘‘तुम पागल तो नहीं हो गए हो. तुम्हें पता होना चाहिए कि मैं ने कभी तुम्हें इस भावना से नहीं देखा. तुम समझने की कोशिश करो इमरान, मैं लड़की हूं, मेरा घरपरिवार है. बिना घर वालों की मरजी के मैं कुछ नहीं कर सकती. फिर मेरी तो सगाई हो चुकी है. अगले महीने शादी होने वाली है. रही बात तुम्हारी तो मैं तुम्हें छोटा भाई मानती हूं.’’ मरियम ने इमरान को समझाया.

‘‘तुम कुछ भी कहो मरियम, शादी तो अब तुम्हें मुझ से ही करनी होगी.’’ इमरान ने गिड़गिड़ाते हुए कहा, ‘‘क्योंकि अब मैं तुम्हारे बिना जी नहीं सकता.’’

‘‘यह तुम्हारी समस्या है, तुम जानो. मैं तुम से किसी भी कीमत पर शादी नहीं कर सकती.’’ मरियम ने शादी से साफ मना कर दिया.

मरियम के मना करने से इमरान सलमानी को काफी दुख हुआ. दुख होता भी क्यों न, उस के तो सारे सपने ही बिखर गए थे. उसे लग रहा था कि मरियम के बिना उस का कोई अस्तित्व ही नहीं है. वह मरियम को अपनी बांहों के अलावा किसी दूसरे की बांहों में नहीं देखना चाहता था. वह उस के दिलोदिमाग में कुछ इस तरह बस चुकी थी कि उसे लगता था कि उस के बिना उस की जिंदगी बेकार है.

ये बातें उस के दिमाग में कुछ इस कदर बैठ गई थीं कि जैसे उस की सोचनेसमझने की शक्ति ही खत्म हो गई थी. उसे लगता था कि उस के रहते मरियम किसी दूसरे से भला कैसे शादी कर सकती है? अगर उस ने दूसरे से शादी कर ली तो वह दूसरे की हो जाएगी. इसी बात पर उस के दिमाग में आया कि अगर मरियम उस की नहीं हो सकती तो वह उसे किसी दूसरे की भी नहीं होने देगा.

इमरान के मन में क्या है, यह मरियम को कैसे पता चलता? इसलिए वह हमेशा की तरह अपने काम पर आतीजाती रही और उस से हमेशा की तरह बातें भी करती रही.

30 जुलाई को इमरान अपने एक दोस्त की एक्टिवा स्कूटर किसी काम के बहाने मांग कर सैलून के बाहर खड़ी कर दी. शाम को काम खत्म होने के बाद सैलून के कर्मचारी जाने लगे तो इमरान ने मरियम को यह कह कर रोक लिया कि उस की एक महिला खास ग्राहक रात 9 बजे तक आने वाली है. वह रुक कर उस का काम कर के घर चली जाएगी.

इमरान सलमानी के इरादों से बेखबर मरियम उस की बातों पर विश्वास कर के रुक गई. रात 10 बजे तक भी जब कोई नहीं आया तो मरियम किसी अज्ञात भय से घबराने लगी. उस ने इमरान से ग्राहक के बारे में पूछा तो कुटिलता से मुसकराते हुए उस ने कहा, ‘‘इतनी रात को भला कौन ग्राहक आएगा? मैं ने तो तुम्हें आज फैसला करने के लिए झूठ बोल कर रोका है. मरियम, मैं तुम्हें कितना प्यार करता हूं, शायद उस का तुम्हें अंदाजा नहीं है. तुम सगाई तोड़ कर मुझ से शादी कर लो. मैं वादा करता हूं कि तुम्हें रानी बना कर रखूंगा. तुम्हें किसी चीज की तकलीफ नहीं होने दूंगा.’’

‘‘मैं ने तुम्हें पहले ही समझा दिया है, फिर भी मेरी बात तुम्हारी समझ में नहीं आई. जब मैं तुम्हें प्यार ही नहीं करती तो तुम्हारे कहने से सगाई क्यों तोड़ दूं?’’ मरियम ने डांटते हुए कहा.

‘‘यह तुम्हारा आखिरी फैसला है मरियम?’’ इमरान ने गुस्से में पूछा.

‘‘हां, यह मेरा आखिरी फैसला है. मैं कल ही तुम्हारी शिकायत पुलिस से करती हूं.’’ कह कर मरियम सैलून के बाहर जाने लगी.

इमरान ने लपक कर बाहर जा रही मरियम का हाथ पकड़ कर अंदर खींच कर कहा, ‘‘पुलिस से मेरी शिकायत तो तुम तब करोगी, जब पुलिस तक पहुंच पाओगी. तुम मेरी भी बात सुन लो, अगर तुम मेरी नहीं हो सकी तो मैं तुम्हें किसी और की भी नहीं होने दूंगा.’’

इतना कह कर इमरान ने मरियम का गला पकड़ कर दबाते हुए कहा, ‘‘मोहब्बत और जंग में सब जायज है.’’

इस के बाद पूरी ताकत से मरियम का गला दबाने लगा. खुद को बचाने के लिए मरियम ने उस के चेहरे पर झपट्टा मारा, लेकिन तब तक उस का शरीर ढीला पड़ चुका था. इस के बावजूद उस के नाखूनों से इमरान के चेहरे पर खरोंच आ गई.

मरियम की सांस की डोर टूटी तो वह लाश बन कर जमीन पर गिर पड़ी. उसे इस हालत में देख कर इमरान घबरा गया. वह परेशान हो उठा कि अब क्या करे? उस ने गुस्से में मरियम को मार तो दिया, लेकिन अब उस की लाश का क्या करे? वह लाश को ठिकाने लगाने के बारे में सोचने लगा.

लाश को वह वहां छोड़ कर भाग भी नहीं सकता था. उस ने सोचा कि क्यों न वह लाश  को ले जा कर कहीं दूर फेंक आए, जहां कोई उसे पहचान न सके. अगर पहचान भी लेगा तो जब तक पुलिस उस के पास आएगी, तब तक वह अपने गांव पहुंच चुका होगा. लेकिन वह भाग पाता, पुलिस ने उस के पहले ही उसे पकड़ कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

लाश को ठिकाने लगाने के लिए इमरान ने अपना बैग खाली किया और उसी में लाश को भरने लगा. काफी कोशिश के बाद भी लाश उस में नहीं आई तो उस ने लाश को 2 टुकड़ों में बांट दिया. सिर को धड़ से अलग कर और धड़ के हाथपैर तोड़ कर लाश को बैग में भर दिया. इस के बाद उसे प्लास्टिक की बड़ी थैली में डाल कर दोस्त की एक्टिवा स्कूटर से आधी रात के बाद ले जा कर पामबीच के पास करावे गांव के पास सड़क किनारे खेत में झाडि़यों के बीच फेंक आया.

मरियम शेख की लाश को ठिकाने लगा कर इमरान लौटा तो सैलून में खून ही खून फैला था. उस ने उसे साफ किया, पर कोने वाली कुरसी के पास कुछ छींटे पड़े रह गए. सुबह जब सैलून में काम करने वाले कर्मचारी आए तो वह किसी को कुछ बताए बगैर ही चला गया. दोस्त को उस का स्कूटर दे कर वह गांव जाने की फिराक में लग गया, लेकिन वह भाग पाता, पुलिस ने उसे पकड़ लिया.

पूछताछ के बाद पुलिस ने अज्ञात की जगह इमरान को नामजद कर भादंवि की धारा 302, 201 के तहत उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. कथा लिखे जाने तक वह जेल में बंद था. मामले की जांच इंसपेक्टर रवींद्र पाटील कर रहे थे. One Sided Love

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.

— मनोहर कहानियां, 2017 में प्रकाशित

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...