Bihar shocking murder case: एक ऐसी शर्मनाक घटना सामने आई है, जिस ने मां और बेटे के रिश्ते को ही सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया. जिस मां ने अपने बेटे को पालपोस कर बड़ा किया, उस की हर जरूरत पूरी की और फिर उस की शादी कर घर बसाया, उसी मां को आखिर में मौत मिली.
आरोप है कि बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर साड़ी से मां का गला घोंट दिया. आखिर ऐसी क्या नौबत आ गई कि एक बेटा अपनी ही मां का कातिल बन बैठा? क्या इस के पीछे पत्नी का दबाव था या फिर कोई और वजह इस खौफनाक हत्या की जड़ बनी? आइए जानते हैं, इस पूरे मामले की कहानी विस्तार से.
यह सनसनीखेज वारदात बिहार के सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र स्थित हसनपुरवा गांव से सामने आई है. यहां पारिवारिक विवाद के चलते बेटे बबलू यादव पर अपनी पत्नी रिंकू देवी के साथ मिलकर मां पनपती देवी की हत्या करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने साड़ी से गला दबाकर महिला को मौत के घाट उतार दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसडीपीओ गौरी कुमारी ने सदर अस्पताल पहुंचकर मृतका के पति कन्हैया यादव से पूरे मामले की जानकारी ली. कन्हैया यादव के मुताबिक करीब एक महीने पहले उन की पत्नी और बहू के बीच किसी बात को ले कर विवाद हुआ था. आरोप है कि उसी विवाद के बाद विदेश में काम कर रहे बेटे बबलू यादव ने फोन पर अपनी मां को जान से मारने की धमकी दी थी.






